- Home
- देश
-
चंडीगढ़। हरियाणा के सफाई कर्मचारियों ने सरकार से बातचीत के बाद शनिवार शाम को अपनी हड़ताल वापस ले ली। सफाई कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले 11 दिनों से हड़ताल पर थे।नगर कर्मचारी संघ, हरियाणा के एक प्रतिनिधिमंडल ने यहां शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कमल गुप्ता के नेतृत्व में राज्य सरकार के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। यूनियन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि मांगों पर सहमति बनी जिसके बाद हड़ताल वापस ले ली गई। पत्रकारों से बात करते हुए गुप्ता ने कहा कि रविवार सुबह से सफाई कर्मचारी काम पर लौट आएंगे।उन्होंने कहा कि बैठक का ब्योरा छह नवंबर के बाद साझा किया जाएगा क्योंकि राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू है। हरियाणा में उपचुनाव तीन नवंबर को होंगे और नतीजे तीन दिन बाद घोषित किए जाएंगे।हड़ताल दिवाली त्योहार और आदमपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव तथा पंचायत चुनावों से कुछ दिन पहले शुरू हुई थी।
-
नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने चीनी के निर्यात पर प्रतिबंध और एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया है। यह निर्णय इस महीने की 31 तारीख से लागू होगा। घरेलू बाज़ारों में चीनी की उपलब्धता बढ़ाने और कीमतों पर नियंत्रण के लिए यह निर्णय लिया गया है। विदेश व्यापार महानिदेशालय ने एक अधिसूचना में कहा कि चीनी के निर्यात पर प्रतिबंध अगले वर्ष 31 अक्तूबर तक लागू रहेगा। अधिसूचना के अनुसार यूरोपीय संघ और अमरीका को चीनी निर्यात पर यह पाबंदी लागू नहीं होगी।
-
जयपुर. राजस्थान में राजसमंद जिले के नाथद्वारा कस्बे में निर्मित 369 फुट ऊंची शिव प्रतिमा ‘विश्वास स्वरूपम' का लोकार्पण शनिवार शाम हुआ। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व कथावाचक मुरारी बापू ने प्रतिमा का लोकार्पण किया। इस अवसर पर योग गुरु बाबा रामदेव, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी पी जोशी, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया सहित अनेक नेता मौजूद थे। इस अवसर आयोजित होने वाली रामकथा का जिक्र करते हुए गहलोत ने कहा, 'रामकथा का हर प्रसंग प्रेम, भाइचारे व सद्भवाना का संदेश देता है जिसकी आज सबसे अधिक आवश्यकता है देश में। ऐसी कथाएं देश में होनी चाहिएं और हो भी रही हैं।' प्रतिमा का निर्माण तत पदम संस्थान द्वारा किया गया है। संस्थान के ट्रस्टी, उद्योगपति मदन पालीवाल ने कहा कि प्रतिमा के उद्घाटन के बाद 29 अक्टूबर से छह नवंबर तक धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जो नौ दिनों तक चलेगा । इस दौरान मुरारी बापू राम कथा का पाठ भी करेंगे। कार्यक्रम के प्रवक्ता जयप्रकाश माली ने कहा कि नाथद्वारा की गणेश टेकरी पर 51 बीघा की पहाड़ी पर बनी इस प्रतिमा में भगवान शिव ध्यान एवं अल्लड़ की मुद्रा में हैं। माली ने दावा किया, ‘‘विश्व की सबसे ऊंची शिव प्रतिमा की अपनी एक अलग ही विशेषता है। 369 फुट ऊंची यह प्रतिमा विश्व की अकेली ऐसी प्रतिमा होगी, जिसमें लिफ्ट, सीढ़ियां, श्रद्धालुओं के लिए हॉल बनाया गया है।'' उन्होंने कहा, ‘‘प्रतिमा के अंदर सबसे ऊपरी हिस्से में जाने के लिए चार लिफ्ट और तीन सीढ़ियां बनी हैं। प्रतिमा के निर्माण में 10 वर्षों का समय और 3000 टन स्टील और लोहा, 2.5 लाख क्यूबिक टन कंक्रीट और रेत का इस्तेमाल हुआ है। -
नयी दिल्ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को कहा कि छठ पूजा मानव और प्रकृति के बीच आपसी सद्भाव का एक अनूठा उदाहरण है। उन्होंने इस त्योहार की पूर्व संध्या पर नागरिकों को बधाई दी। राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘छठ पूजा एक ऐसा अवसर है जब हम प्रकृति मां के प्रति अपनी श्रद्धा, स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।'' उन्होंने कहा कि सूर्य देवता को अर्घ्य देते हुए भक्त अपने दिन की शुरुआत कठिन उपवास के साथ करते हैं और सूर्य और नदियों की पूजा करते हैं। छठ पूजा की पूर्व संध्या पर मुर्मू ने अपने संदेश में कहा, ‘‘जल निकायों में पवित्र स्नान और पूजा के साथ उपवास का समापन होता है। यह त्योहार मानव और प्रकृति के बीच आपसी सद्भाव का एक अनूठा उदाहरण है।'' उन्होंने कहा कि इस साल छठ पूजा पर लोगों की मनोकामनाएं पूरी हों और सभी स्वस्थ और खुश रहें।राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक बयान में राष्ट्रपति के हवाले से कहा गया, ‘‘आइए हम इस अवसर का संकल्प लें कि हम अपने जल संसाधन और पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त बनाएंगे।
- गांधीनगर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार दस लाख नौकरियां देने पर काम कर रही है। गुजरात सरकार द्वारा यहां आयोजित ‘रोजगार मेला' के लिए एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों की संख्या में वृद्धि होगी। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आने वाले महीनों में राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर इस तरह के रोजगार मेलों का आयोजन जारी रहेगा।'' उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र सरकार दस लाख नौकरियां देने पर काम कर रही है, राज्य और केंद्र शासित प्रदेश भी अभियान से जुड़ रहे हैं।'' मोदी ने कहा कि युवाओं को दी जाने वाली सरकारी नौकरियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
-
नई दिल्ली। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय को इंडिगो कंपनी के विमान में तकनीकी खराबी की जांच के आदेश दिये हैं। दिल्ली हवाई अड्डे पर उड़ान भरने के दौरान इंडिगो की दिल्ली- बेंगलरू उड़ान में तकनीकी खऱाबी आई थी। कंपनी का कहना है कि खराबी आऩे के बाद पायलट ने विमान को सुरक्षित वापस कर लिया। सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल सुबह 11 बजे आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे। यह मासिक रेडियो कार्यक्रम की 94वीं कडी होगी।
कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार की वेबसाइट और न्यूज ऑन ए आई आर मोबाइल एप पर किया जाएगा। आकाशवाणी समाचार, दूरदर्शन समाचार, प्रधानमंत्री कार्यालय तथा सूचना और प्रसारण मंत्रालय के यू-ट्यूब चैनलों पर भी कार्यक्रम सीधा प्रसारित होगा। आकाशवाणी से हिंदी प्रसारण के तुरंत बाद क्षेत्रीय भाषाओं में भी मन की बात कार्यक्रम प्रसारित किया जाएगा। -
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्व मॉनसून के आज देश के दक्षिण-पूर्व प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु में तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। अगले कुछ दिनों में पुद्दुचेरी, केरल और आंध्र प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश हो सकती है। सोमवार और मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्तिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में वर्षा होने का अनुमान है। देश के बाकी हिस्सों में अगले पांच दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
-
जींद (हरियाणा)। सफीदों के भागो देवी धर्मार्थ अस्पताल के निकट धान से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली ने मोटरसाइकिल तथा दो राहगीरों को चपेट में ले लिया। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार महिला की मौत हो गई जबकि मोटरसाइकिल चालक तथा राहगीर दादी-पोती गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना में गांव मुआना निवासी ओमी देवी की मौत हो गई जबकि मोटरसाइकिल चालक रामकुमार (65) तथा गांव मुआना निवासी सतबीरी (60) और उसकी पोती समीना घायल हो गए। शहर थाना सफीदों प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को छोडकर फरार हो गया। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। -
भोपाल । मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने शुक्रवार को डॉ अरविंद कुमार शुक्ला को ग्वालियर स्थित राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। शुक्ला वर्तमान में भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान, भोपाल में परियोजना समन्वयक के पद पर तैनात हैं। सूत्रों ने बताया कि शुक्ला का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से पांच वर्ष का होगा।
-
नयी दिल्ली। वायु गुणवत्ता पर केंद्रीय आयोग ने चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना (जीआरएपी) के पहले चरण को लागू करने के बाद से वायु प्रदूषण से संबंधित कानूनों और दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में 24 औद्योगिक इकाइयों को बंद करने का आदेश जारी किया है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) द्वारा छह अक्टूबर को एनसीआर में जीआरएपी के इन उपायों को लागू किया गया था। सीएक्यूएम ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि तब से एनसीआर में औद्योगिक क्षेत्रों और निर्माण परियोजनाओं में आयोग द्वारा गुप्त तरीके से कुल 472 निरीक्षण किए गए और 52 घोर उल्लंघन करने वाली इकाइयों और परियोजनाओं को बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। सीएक्यूएम ने कहा, ‘‘घोर उल्लंघन करने वाली 24 औद्योगिक इकाइयों को बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। इनमें से पांच औद्योगिक इकाइयां अभी भी कोयले और अन्य अस्वीकृत प्रदूषणकारी ईंधन का उपयोग करती पाई गईं।'' सर्दियों और खेतों में पराली जलाने के कारण एनसीआर में प्रतिकूल जलवायु और मौसम संबंधी परिस्थितियों ने क्षेत्र में हवा की गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव डालना शुरू कर दिया है। सप्ताहांत तक हवा की गुणवत्ता खराब होने का पूर्वानुमान जताते हुए सीएक्यूएम ने बुधवार को प्राधिकारों को जीआरएपी के ‘दूसरे चरण' को लागू करने का निर्देश दिया था। इसमें स्थिति की गंभीरता के हिसाब से राष्ट्रीय राजधानी और इसके आसपास के क्षेत्रों में वायु प्रदूषण रोधी उपायों की सूची है। दूसरे चरण की योजना में होटल, रेस्तरां और भोजनालयों में ईंधन के लिए कोयले और लकड़ी के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाना शामिल है। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर डीजल जनरेटर के उपयोग पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। दिल्ली में वायु गुणवत्ता के आधार पर जीआरएपी को चार चरणों में वर्गीकृत किया गया है। चरण एक को ‘खराब' वायु गुणवत्ता (वायु गुणवत्ता सूचकांक 201-300) के मामले में लागू किया जाता है। ‘बहुत खराब' (एक्यूआई 301-400) के लिए चरण दो, चरण तीन ‘गंभीर' (एक्यूआई 401-450) के लिए और चरण चार ‘गंभीर प्लस' (एक्यूआई 450 से अधिक) के लिए लागू किया जाता है।
-
हैदराबाद। केंद्रीय खाद्य मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत 80 करोड़ गरीबों को हर साल 10 किलो चावल या गेहूं देने के लिए भारत को सालाना 10.8 करोड़ टन खाद्यान्न की जरूरत है। गोयल ने फेडरेशन ऑफ तेलंगाना चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के एक संवाद सत्र में आशंका जताई कि उत्तर प्रदेश और बिहार में खाद्यान्न उत्पादन घट सकता है, हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि 80 करोड़ लोगों को पहले ही प्रति व्यक्ति पांच किलो खाद्यान्न मिल रहा है। इसके अलावा अंत्योदय परिवारों को 35 किलो खाद्यान्न दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत यह कोटा बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे अतिरिक्त खाद्यान्न के लिए हर महीने 40 लाख टन की जरूरत है। इसके अलावा हमें पहले से ही 50 लाख टन की जरूरत है। इसका मतलब है कि हमें हर महीने 90 लाख टन अनाज-गेहूं और चावल की जरूरत है। यानी एक साल में करीब 10.80 करोड़ टन। यह गरीब लोगों को लगभग मुफ्त मिलता है।'' उन्होंने कहा कि पिछले महीने तक भारत ने जिंसों के निर्यात को प्रोत्साहित किया, लेकिन सरकार को अपने लोगों के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करनी है। गोयल ने चावल के निर्यात पर लगाए गए 20 प्रतिशत के कर को भी सही ठहराया।
-
खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के एक गांव में कपास चोरी करने के संदेह में एक व्यक्ति को खंभे से बांधकर पीटा गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि उन थाना क्षेत्र के जमन्या गांव में हुई घटना का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद बृहस्पतिवार को मामला दर्ज किया गया। अधिकारी के मुताबिक, घटना 24 और 25 अक्टूबर की दरमियानी रात की है, जब आरोपी किसान और उसके आरोपी साथियों ने एक व्यक्ति को उसके खेत से कथित तौर पर कपास चुराते हुए पकड़ा। अधिकारी के अनुसार, आरोपी किसान और उसके आरोपी साथियों ने युवक को एक खंभे से बांध दिया और कथित तौर पर डंडों से उसकी पिटाई की। खरगोन अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) राकेश मोहन शुक्ला ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने आरोपी किसान और उसके छह आरोपी साथियों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है। शुक्ला के मुताबिक, कपास चोरी करने के आरोपी व्यक्ति के खिलाफ भी चोरी का मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
- मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री जान्हवी कपूर इन दिनों अपनी फिल्म 'मिली' को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं। अभिनेत्री हाल ही में अपनी फिल्म को प्रमोट करने के लिए 'झलक दिखला जा 10' के मंच पर पहुंची थीं। इस दौरान माधुरी दीक्षित दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी को याद करती हैं और फिर जान्हवी के साथ देवदास के गाने पर डांस करती नजर आती हैं। कर्लस की ओर से इसका प्रोमो शेयर किया गया है।वीडियो में दिखाई दे रहा है कि माधुरी दीक्षित डांस करने से पहले जान्हवी कपूर से कहती हैं, इसी मंच पर मैंने आपके मम्मी के साथ डांस किया था। और वो पहली बार हम दोनों ने एक साथ मिल कर डांस किया था। इसके बाद माधुरी और जान्हवी ने देवदास के गाने कहे छेड़ मोहे पर डांस कर अपनी अदाओं से लोगों का दिल जीत लेती हैं। इस दौरान जान्हवी रेड कलर की ड्रेस में काफी हॉट लग रही हैं।जान्हवी कपूर और माधुरी दीक्षित के डांस को देखकर जज की कुर्सी पर बैठे करण जौहर व नोरा फतेही भी मंत्रमुग्ध नजर आते हैं। बात दें कि श्रीदेवी 2012 में 'झलक दिखला जा' के फिनाले एपिसोड में अतिथि बनकर आई थीं। उन्होंने और माधुरी ने तब अपनी फिल्मों के कई गानों पर डांस किया था। वहीं, फरवरी 2018 में दुबई के जुमेराह एमिरेट्स टावर्स होटल में श्रीदेवी का निधन हो गया था।जान्हवी कपूर के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह जल्द ही 'मिली' में नजर आने वाली हैं। यह एक सस्पेंस थ्रिलर फिल्म है, जो एक रियल लाइफ कहानी पर आधारित है। इस फिल्म में वह एक फ्रीजर में बंद हो जाती हैं और अपनी जिंदगी को बचाने के लिए लड़ती हैं। वहीं, इसके बाद वह वरुण धवन के साथ 'बवाल' और राजकुमार राव के साथ 'मिस्टर एंड मिसेज माही' में नजर आएंगी। इससे पहले जान्हवी कपूर की फिल्म 'गुडलक जेरी' रिलीज हुई थी।
-
नयी दिल्ली । फसल वर्ष 2022-23 के चालू रबी सत्र में अब तक 54,000 हेक्टेयर रकबे में गेहूं बोया गया है, जो एक साल पहले की समान अवधि के 34,000 हेक्टेयर के रकबे से 59 प्रतिशत अधिक है। रबी सत्र की मुख्य फसल गेहूं की बुवाई अक्टूबर में शुरू होती है और मार्च-अप्रैल में इसकी कटाई होती है। इसके अलावा चना और सरसों रबी मौसम (जुलाई-जून) के दौरान उगाई जाने वाली अन्य प्रमुख फसलें हैं। बुवाई के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में गेहूं की बुवाई का काम तेजी से चल रहा है। आंकड़ों से पता चलता है कि 28 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश में लगभग 39,000 हेक्टेयर, उत्तराखंड में 9,000 हेक्टेयर, राजस्थान में 2,000 हेक्टेयर और जम्मू-कश्मीर में 1,000 हेक्टेयर में गेहूं की बुवाई की जा चुकी है। दलहन की बुवाई का रकबा इस रबी सत्र में अब तक 8.82 लाख हेक्टेयर हो गया है, जो एक साल पहले की समान अवधि में 5.91 लाख हेक्टेयर था। दलहन में चने की बुवाई एक साल पहले के 5.91 लाख हेक्टेयर के मुकाबले 6.96 लाख हेक्टेयर में की गई है। तिलहन के मामले में लगभग 19.69 लाख हेक्टेयर में छह प्रकार के तिलहन बोए गए हैं जो रकबा एक साल पहले की अवधि के 15.13 लाख हेक्टेयर से अधिक है। इसमें से अधिकांश रकबे में रेपसीड और सरसों की 18.99 लाख हेक्टेयर में बुवाई की गई है जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह रकबा 14.21 लाख हेक्टेयर ही था। आंकड़ों से पता चलता है कि पहले के 2.31 लाख हेक्टेयर के मुकाबले इस बार रबी सत्र के दौरान 4.68 लाख हेक्टेयर में मोटे अनाजों की बुवाई हुई है जो एक साल पहले 2.31 लाख हेक्टेयर में बोया गया था। धान की बुवाई 4.02 लाख हेक्टेयर में की गई है जो रकबा पहले 3.54 लाख हेक्टेयर था। इस रबी सत्र में 28 अक्टूबर तक सभी रबी फसलों का कुल रकबा 37.75 लाख हेक्टेयर रहा, जो एक साल पहले की समान अवधि के 27.24 लाख हेक्टेयर से अधिक है। खरीफ फसलों की कटाई के उपरांत जमीन साफ होने के बाद आने वाले हफ्तों में बुवाई में और तेजी आने की उम्मीद है।
-
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के खाईखेड़ी स्थित एक चीनी मिल में तैनात एक आबकारी निरीक्षक ने कथित तौर पर अपने कमरे में फांसी के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, खाईखेड़ी स्थित चीनी मिल में तैनात आबकारी निरीक्षक अशोक कुमार (45) ने अपने कमरे की छत से कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। थानाध्यक्ष ज्ञानेश्वर बौद्ध ने बताया कि अशोक कुमार का शव उनके कमरे की छत से लटका हुआ मिला। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। आगरा निवासी अशोक कुमार की इस साल जुलाई में चीनी मिल में तैनाती हुई थी। उनकी मौत के पीछे की वजह अभी पता नहीं चल सकी है।
-
पटना। भोजपुर में सड़क हादसे में दो बीएमपी जवान की मौत हो गई। दोनों छठ महापर्व को लेकर बाइक से घर आ रहे थे। शाहपुर थाना क्षेत्र आरा-बक्सर नेशनल हाईवे पर बिलौटी गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस दोनों की लाशों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों जवान पूर्वी चंपारण और पश्चिम चंपारण रहने वाले थे। दोनों जवान बक्सर में बीएमपी में पोस्टेड थे। छठ महापर्व को लेकर आज सुबह बाइक से घर आ रहे थे। इसी दौरान हादसा हुआ। दोनों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है। -
मथुरा। मथुरा में दूसरे ब्रज रज उत्सव का शुभारंभ 1 नवंबर को होगा। रेलवे ग्राउंड में आयोजित होने वाले ब्रज रज उत्सव में संगीत,साहित्य और कला से जुड़े नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। 11 दिवसीय इस ब्रज रज उत्सव का आयोजन उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद,उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन करा रहा है। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद,उत्तर प्रदेश पर्यटन विकास विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में 1 नवंबर से ब्रज रज उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 11 नवंबर तक चलने वाले इस उत्सव का आयोजन मथुरा के धौली प्याऊ क्षेत्र स्थित रेलवे ग्राउंड में किया जाएगा। इस उत्सव में देश के नामचीन कलाकार प्रस्तुति देंगे तो स्थानीय कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
-
सहारनपुर। सहारनपुर में शनिवार तड़के एक युवक ने अपनी पत्नी और सास पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना में सास की मौत हो गई। जबकि पत्नी की हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि पत्नी को घर ले जाने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी का नाम नितिन है। वह शामली का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक थाना जनकपुरी के जनता रोड स्थित कृष्णाधाम कॉलोनी है। महिला एक महीने पहले मायके आई थी। उसका पति भी 10 दिन पहले पहुंचा था। आरोपी इस बात अड़ा था कि पत्नी को साथ लेकर ही जाएगा। जबकि पत्नी उसकी मारपीट-विवाद के कारण ससुराल जाने को तैयार नहीं थी।
पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 5 बजे आरोपी ने पत्नी से घर चलने के लिए कहा। पत्नी से फिर इनकार कर दिया। इसे लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। सास ने भी पत्नी का पक्ष लिया। इससे गुस्साए आरोपी ने कार से पेट्रोल निकालकर दोनों पर छिड़ककर आग लगा दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गया। -
लखनऊ। अलीगढ़ में झूला झूलते समय एक बच्ची के गले में रस्सी का फंदा कस गया। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के समय बच्ची घर में अकेली थी। परिजनों बच्ची को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना टप्पला थाना क्षेत्र के जतरौली मोड़ की है।
पुलिस ने बताया कि जतरौली मोड़ के रहने वाले रन सिंह का घर से ही लगभग 200 मीटर दूरी पर जनरल स्टोर है। परिवार में उनकी पत्नी नीलम, बेटा (15) और 11 साल की बेटी अदिति थी। हर दिन की तरह शुक्रवार को भी रन सिंह अपनी दुकान पर थे। बेटा किसी काम से घर से कहीं गया हुआ था और बेटी छत पर खेल रही थी। नीलम भी पशुओं को चारा देने के लिए घर से निकल गई। इसी दौरान छत पर खेलने और झूला झूलने के दौरान झूले की रस्सी मासूम के गले में फंस गई और उसका दम घुट गया। पशुओं को चारा देने के बाद जब नीलम वापस लौटी तो अपने घर के दूसरे काम में लग गई। लेकिन, काफी देर तक जब उन्हें अदिति नजर नहीं आई तो उन्होंने छत पर जाकर देखा। छत पर जाते ही उनके होश उड़ गए और घर में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। - लेह। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज लेह में देश के आखिरी गांव श्योक से सीमा सड़क संगठन की 75 परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं। इन परियोजनाओं में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और राजस्थान सहित अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे राज्यों में 45 पुल, 27 सड़कें और दो हेलीपैड शामिल हैं। रक्षा मंत्री ने लद्दाख में एक कार्बन न्यूट्रल आवासीय परिसर और दो हेलीपैड का उद्घाटन भी किया।रक्षा मंत्री ने सीमा सड़क संगठन को अंतिम मील संपर्क प्रदान करने और सीमावर्ती राज्यों तथा सशस्त्र बलों के लिए रणनीतिक आवश्यकताओं को पूरा करने में समर्पण के साथ नई ऊंचाइयां छूने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिए हर गांव को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दी है। श्री सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद और अलगाववादियों की मौजूदगी के कारण देश के इस हिस्से में विकास नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि ये केंद्रशासित प्रदेश अब विकास के पथ पर हैं।120 मीटर श्योक पुल को दुरबुक-श्योक गांव को दौलत बेग ओल्डी, डीएसडीबीओ से जोड़ने वाले बारह हजार फीट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित पहले के 20 मीटर बेली पुल के स्थान पर बनाया गया है। चुनौतीपूर्ण जलवायु और प्रतिकूल परिस्थितियों में पुल को बारह महीने के रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया है। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल राजीव चौधरी और कई संसद सदस्य भी मौजूद थे।
-
नयी दिल्ली। जुलाई, 2022 में समाप्त हुए फसल वर्ष के दौरान आलू और टमाटर के उत्पादन में 4-5 प्रतिशत की गिरावट आने का अनुमान है। वहीं प्याज का उत्पादन पिछले वर्ष की तुलना में अधिक रहा है। कृषि मंत्रालय के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। बागवानी फसलों के उत्पादन का तीसरा अग्रिम अनुमान जारी करते हुए, मंत्रालय ने कहा कि आलू का उत्पादन वर्ष 2021-22 में पांच प्रतिशत कम यानी पांच करोड़ 33.9 लाख टन होने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष पांच करोड़ 61.7 लाख टन का हुआ था। इसी तरह टमाटर का उत्पादन चार प्रतिशत घटकर दो करोड़ 3.3 लाख टन रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष दो करोड़ 11.8 लाख टन का हुआ था। हालांकि, फसल वर्ष 2021-22 के दौरान प्याज का उत्पादन अधिक यानी तीन करोड़ 12.7 लाख टन होने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष दो करोड़ 66.4 लाख टन था। उक्त अवधि में, कुल सब्जियों का उत्पादन पिछले वर्ष के 20 करोड़ 4.5 लाख टन की तुलना में अधिक यानी 20 करोड़ 48.4 लाख टन होने का अनुमान है। फसल वर्ष 2021-22 के दौरान फलों का उत्पादन भी अधिक यानी 10 करोड़ 72.4 लाख टन होने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष 10 करोड़ 24.8 लाख टन का रहा था। आंकड़ों से पता चलता है कि वर्ष 2021-22 में कुल बागवानी फसलों का उत्पादन 2.31 प्रतिशत बढ़कर 34 करोड़ 23.3 लाख टन होने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष 33 करोड़ 46 लाख टन का हुआ था। सरकार पौधों की वृद्धि और कटाई के विभिन्न चरणों में उत्पादन अनुमान जारी करती है। अंतिम अनुमान से पहले कुल चार अनुमान जारी किए जाते हैं। -
नयी दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) अगले साल फरवरी से भारत के पहले मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन के लिए कई परीक्षण उड़ानें शुरू करेगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। इसरो के मानव अंतरिक्ष उड़ान केंद्र के निदेशक आर उमामहेश्वरन ने बताया कि अंतरिक्ष एजेंसी ने चालक दल के मॉड्यूल के परीक्षण के लिए वजनी चिनूक हेलीकॉप्टर और सी-17 ग्लोबमास्टर परिवहन विमान को तैनात करने की भी योजना बनाई है। मॉड्यूल के जरिए गगनयान मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन के तहत अंतरिक्ष यात्रियों को तीन दिनों के लिए कक्षा में ले जाएगा। यहां भारतीय अंतरिक्ष कांग्रेस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इसरो के वैज्ञानिकों ने पर्यावरण नियंत्रण प्रणाली के डिजाइन को पूरा कर लिया है, जो अंतरिक्ष यात्रियों के लिए पृथ्वी की परिक्रमा करते समय क्रू सर्विस मॉड्यूल में रहने की स्थिति सुनिश्चित करेगा। अगले साल दिसंबर में मानव रहित अंतरिक्ष उड़ान को अंजाम देने से पहले इसरो द्वारा अगले साल कम से कम 17 अलग-अलग परीक्षणों की योजना बनाई गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2018 में स्वतंत्रता दिवस के अपने संबोधन में गगनयान मिशन की घोषणा करते हुए 2022 में देश के औपनिवेशिक शासन से आजादी के 75 साल पूरे होने पर अभियान को अंजाम देने की दिशा में एक अस्थायी लक्ष्य का जिक्र किया था। हालांकि, कोविड महामारी के कारण अभियान में देरी हुई और भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों के 2024 के अंत या 2025 की शुरुआत में अपनी पहली अंतरिक्ष उड़ान शुरू करने की संभावना है। उमामहेश्वरन ने कहा कि क्रू मॉड्यूल और पर्यावरण नियंत्रण प्रणाली को डिजाइन करने का काम चुनौतीपूर्ण था क्योंकि अंतरिक्ष यात्रियों को पुन: प्रवेश चरण के दौरान भी सहज महसूस करना चाहिए, जब अंतरिक्ष कैप्सूल के बाहर का तापमान 2000 डिग्री सेल्सियस से अधिक तक हो सकता है। ‘सैटकॉम इंडस्ट्री एसोसिएशन' द्वारा आयोजित कार्यक्रम के इतर उमामहेश्वरन ने कहा, ‘‘क्रू मॉड्यूल पूरा हो गया है जहां अंतरिक्ष यात्रियों को बैठना और उड़ना है, और निर्माण का काम जारी है। छह महीने के भीतर, हमें क्रू मॉड्यूल मिल जाएगा। उमामहेश्वरन ने कहा कि ‘शॉर्टलिस्ट' किए गए अंतरिक्ष यात्री वर्तमान में बेंगलुरु में अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण सुविधा में आगे के प्रशिक्षण से गुजर रहे हैं। -
जमीन के टुकड़े की खातिर की पिता की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या !
शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश)। शाहजहांपुर जिले में गुरुवार को जमीन के एक टुकड़े के लिए एक व्यक्ति ने अपने बुजुर्ग पिता की कथित रूप से कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। प्राप्त तहरीर के आधार पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) संजीव बाजपेई ने बताया कि जलालाबाद थाना क्षेत्र के धियरपुरा गांव में शरीफ (80) गुरुवार को सुबह अपने खेत में बने ट्यूबवेल परिसर में बैठे थे तभी उनके आरोपी बेटे बशीर ने उन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बाजपेई ने बताया कि छह महीने पहले शरीफ के एक बेटे की मौत हो गयी थी, जिसके बाद उसने अपनी एक बीघा जमीन छोटे बेटे की पत्नी के नाम कर दी थी। इसे लेकर आरोपी बशीर काफी नाराज था और इसी वजह से उसने पिता की हत्या की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के आरोपी की तलाश की जा रही है। -
बत्तखों में एवियन फ्लू बीमारी की पुष्टि; 20 हजार पक्षियों को मारा जाएगा
अलाप्पुझा (केरल)। अलाप्पुझा जिले में बत्तखों में एवियन फ्लू बीमारी फैलने की पुष्टि होने के साथ ही अधिकारियों ने गुरुवार को को इस रोग के प्रसार पर काबू के लिए यहां हरिपद नगरपालिका के वझुथनम वार्ड में 20 से अधिक पक्षियों को मारने के लिए अभियान शुरू किया। भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान में हाल ही में नमूनों की जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। जिला अधिकारियों ने यहां एक बयान में कहा कि 28 अक्टूबर शनिवार से इस बीमारी के केंद्र के एक किलोमीटर के घेरे में स्थित घरों के सभी पक्षियों को मारा जाएगा। बयान में कहा गया है कि 20,471 बत्तखों को मारा जाएगा और आठ त्वरित प्रतिक्रिया दल (आरआरटी) इस संबंध में केंद्रीय मानदंडों का पालन करते हुए ऑपरेशन में लगे हुए हैं। बयान के अनुसार पक्षियों के मारे जाने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी हरिपद नगरपालिका, पल्लीपाड़ पंचायत और आसपास के इलाकों में एक सप्ताह तक स्वास्थ्य एवं पशु कल्याण विभाग द्वारा निगरानी की जाती रहेगी। बीमारी फैलने के स्थान से एक किलोमीटर के घेरे में पक्षियों के परिवहन पर पहले ही प्रतिबंध लगा दिया गया है।