- Home
- विदेश
-
कोलंबों । श्रीलंका के राष्ट्रपति गोताबाया राजपक्ष ने त्यागपत्र देने की घोषणा की है। आर्थिक कुप्रबंधन के मुद्दे पर महीनों से जारी प्रदर्शनों के बाद लाखों लोग श्री राजपक्ष से त्यागपत्र की मांग करते हुए राजधानी कोलंबो में एकत्र हुए। प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति के सरकारी निवास में घुस गए और देर रात प्रधानमंत्री आवास में आग लगा दी। उस समय प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति वहां मौजूद नहीं थे।
श्री राजपक्ष 13 जुलाई को त्यागपत्र देंगे। प्रधानमंत्री विक्रमसिंघे भी त्यागपत्र देने के लिए तैयार हो गए हैं। संसद अध्यक्ष महिंदा अभयवर्धने ने कहा कि राष्ट्रपति ने सत्ता का शांतिपूर्ण अंतरण सुनिश्चित करने के लिए त्यागपत्र देने का फैसला किया है। उन्होंने लोगों से कानून का सम्मान करने और शांति बनाये रखने का आग्रह किया। राष्ट्रपति आवास पर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से छुटकारा पाने और श्रीलंका के लिए नया युग सुनिश्चित करने का समय आ गया है।श्रीलंका जबरदस्त मंहगाई के साथ 70 वर्ष के सबसे भीषण आर्थिक संकट से जूझ रहा है। खाने-पीने की चीज़ों, ईंधन और दवाओं के आयात के लिए भी परेशानी हो रही है। विदेशी मुद्रा भंडार खत्म हो गया है और निजी वाहनों के लिए पेट्रोल -डीजल की बिक्री पर प्रतिबंध लगाना पड़ा है। - नयी दिल्ली। स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी कंपनी फोर्टिस हेल्थकेयर ने मौजूदा स्थानों में अपनी उपस्थिति बढ़ाने के लिए अगले पांच साल में अस्पतालों में बिस्तरों की संख्या लगभग 1,500 बढ़ाने का लक्ष्य रखा है। फोर्टिस हेल्थकेयर के वर्ष 2021-22 की वार्षिक रिपोर्ट में यह कहा गया है। फोर्टिस हेल्थकेयर के अस्पतालों में वर्तमान में 4,300 से अधिक बिस्तर हैं।कंपनी ने वार्षिक रिपोर्ट में अपने शेयरधारकों को सूचित किया, ‘‘हम विकास और विस्तार के प्रति प्रतिबद्ध हैं। हमने पुरानी परियोजनाओं के विस्तार के जरिये वित्त वर्ष 2022-23 में लगभग 225 बिस्तर जोड़ने की योजना बनाई है। इसके तहत चुनिंदा अस्पतालों में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने की योजना है।'' इसमें कहा गया है कि अधिकतर नए बिस्तर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली, महाराष्ट्र, बेंगलुरु और कोलकाता में बढ़ाये जाएंगे।
- दुबई। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में रहने वाले एक भारतीय उद्यमी ने शुक्रवार को याद किया कि कैसे जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने 2015 में वाराणसी की अपनी यात्रा के दौरान उनके दिए उपहार गोल्डन बेज जैकेट की सराहना की थी और उसे स्वीकार किया था। आबे (67) की शुक्रवार को पश्चिमी जापान में एक बंदूकधारी ने हत्या कर दी। हमलावर ने आबे पर तब गोलियां चलायी जब वह चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
बुर्जील होल्डिंग्स के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शमशीर वायलिल ने बताया कि आबे के बारे में खबरें सामने आने के बाद उन्हें 2015 की नयी दिल्ली की अपनी यात्रा की याद आ गई, जो भारत-जापान द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए आबे की आधिकारिक तीन दिवसीय भारत यात्रा के साथ हुई थी। शमशीर को जापान के साथ चिकित्सा प्रौद्योगिकी सहयोग के अवसरों पर चर्चा करने के लिए अपनी यात्रा के पहले दिन आबे से मिलने का मौका मिला था। शमशीर ने कहा, ‘‘गोल्डन बेज रंग की जैकेट देखकर वह रोमांचित हो गए और कहा कि अब इसे आजमाते हैं। उन्होंने मुझे सफेद कमीज के ऊपर जैकेट डालने में मदद करने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने खुशी-खुशी जैकेट पहने एक फोटो भी खिंचवाई। मेरे जाने के बाद भी उन्होंने जैकेट नहीं उतारी, यह भारत और जापान के बीच दोस्ती का प्रतीक लग रही थी ।'' अगले दिन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ आबे ने वाराणसी का दौरा किया। वाराणसी में दोनों नेताओं ने दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में एक साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान आबे ने काली कमीज के ऊपर गोल्डन बेज रंग की जैकेट पहनी थी। जब आबे की समारोह के लिए घाट की ओर जाने की तस्वीरें टीवी पर दिखाई दीं, तब शमशीर को एहसास हुआ कि उनका उपहार कितना पसंद आया। शमसीर ने कहा, ‘‘हमारे यहां मेहमानों को उपहार देने की परंपरा है, यह हमारे दिलों को छू लेता है जब वे उपहारों को पूरे दिल से स्वीकार करते हैं। मैं उन्हें इस महत्वपूर्ण यात्रा के दौरान भारत-जापान संबंधों के प्रतीक के रूप में जैकेट पहने हुए देखकर खुश और गौरवान्वित महसूस कर रहा था।'' - वाशिंगटन। अमेरिका के नियोक्ताओं ने बढ़ती मुद्रास्फीति और कमजोर पड़ती आर्थिक वृद्धि से उपजी चिंताओं को दरकिनार करते हुए जून के महीने में 3.72 लाख नई नौकरियां दीं। अमेरिकी सरकार ने शुक्रवार को जून के रोजगार आंकड़े जारी करते हुए कहा कि बेरोजगारी दर लगातार चौथे महीने 3.6 प्रतिशत पर बनी हुई है। नए रोजगार देने की रफ्तार में मजबूती दर्शाती है कि तमाम कारोबारों को अपनी बढ़ती मांग पूरी करने के लिए नए कामगारों की जरूरत है। जून के महीने में अमेरिकी अर्थव्यवस्था के कई क्षेत्रों में मजबूत रोजगार वृद्धि दर्ज की गई। स्वास्थ्य देखभाल में 78,000 नई नौकरियां पैदा हुईं जबकि परिवहन एवं भंडारण क्षेत्र में 36,000 नए लोगों को रोजगार मिले। वहीं पेशेवर सेवाओं से जुड़े 74,000 नई नौकरियां भी इस दौरान पैदा हुईं। खास बात यह है कि जून में औसत पारिश्रमिक में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। औसत प्रति घंटा पारिश्रमिक 5.1 प्रतिशत बढ़कर 32 डॉलर से ऊपर पहुंच गया। इतने बड़े पैमाने पर नए रोजगार पैदा होने से अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व नीतिगत दर में बढ़ोतरी को लेकर नया नजरिया अपना सकता है।
- नारा (जापान) । जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार को गोली मारे जाने के बाद निधन हो गया। सरकारी प्रसारणकर्ता ‘एनएचके’ ने यह जानकारी दी एनएचके ने बताया कि आबे (67) को पश्चिमी जापान के नारा में शुक्रवार को भाषण शुरू करने के कुछ मिनटों बाद ही पीछे से गोली मार दी गयी थी। आबे को विमान से एक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी सांस नहीं चल रही थी और उनकी हृदय गति रुक गयी थी। अस्पताल में बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।पुलिस ने घटनास्थल पर ही संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा और उनके कैबिनेट मंत्री देशभर में अन्य प्रचार अभियानों को बीच में रोक कर तोक्यो लौट आए। किशिदा ने इस हमले को ‘‘कायराना और बर्बर’’ बताया और कहा कि चुनावी अभियान के दौरान हुआ यह अपराध पूरी तरह अक्षम्य है। आबे 2020 में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण इस्तीफा देने से पहले, देश के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे। दुनिया के सबसे सुरक्षित देशों में से एक माने जाने वाले जापान में इस घटना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है।एनएचके’ ने घटना का एक फुटेज प्रसारित किया है, जिसमें नारा में एक मुख्य ट्रेन स्टेशन के बाहर आबे को भाषण देते हुए देखा गया। जब गोली चलने की आवाज सुनी गयी तो आबे खड़े थे, उन्होंने गहरे नीले रंग के कपड़े पहने हुए थे और अपनी मुठ्ठी उठा रहे थे। इसके बाद फुटेज में आबे को सड़क पर गिरते हुए देखा गया और कई सुरक्षाकर्मी उनकी ओर भाग रहे थे। उन्होंने अपने सीने पर हाथ रखा हुआ था और उनकी कमीज पर खून लगा हुआ था। फुटेज में नजर आता है कि इसके अगले क्षण ही सुरक्षाकर्मी भूरे रंग की कमीज पहने एक व्यक्ति को दबोच लेते हैं। जमीन पर एक बंदूक गिरी हुई दिखायी देती है। नारा की पुलिस ने हत्या की कोशिश के लिए एक संदिग्ध को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की और उसकी पहचान तेत्सुया यामागामी (41) के तौर पर की। ‘एनएचके’ ने बताया कि संदिग्ध 2000 में तीन साल के लिए समुद्री आत्म-रक्षा बल में सेवाएं दे चुका है।एक अन्य फुटेज में चुनाव प्रचार अधिकारियों को अपने लोकप्रिय नेता के आसपास इकट्ठा होते देखा गया। आबे सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रभावशाली नेता थे और वह उसके सबसे बड़े धड़े सेइवकाई का नेतृत्व करते थे। जापानी संसद के ऊपरी सदन के लिए मतदान रविवार को होना है। आबे पर हमले से भावुक किशिदा ने कहा, ‘‘मैं कड़े से कड़े शब्दों में इस कृत्य की निंदा करता हूं।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेगी लेकिन साथ ही कहा कि आबे को शीर्ष स्तर की सुरक्षा मिली हुई थी। विपक्षी दलों के नेताओं ने हमले की निंदा करते हुए इसे जापान के लोकतंत्र के लिए चुनौती बताया। घटना के बाद तोक्यो में, लोग अख़बारों के अतिरिक्त संस्करण लेने या टीवी कवरेज देखने के लिए सड़क पर रुक गए। आबे ने यह कहते हुए प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था कि उनमें एक पुरानी बीमारी ‘अल्सरेटिव कोलाइटिस’ फिर से उभर आयी है। आबे ने उस समय पत्रकारों से कहा था कि अपने कई लक्ष्यों को अधूरा छोड़ना उनके लिए ‘‘परेशान करने वाली बात’’ है। उन्होंने वर्षों पहले उत्तर कोरिया द्वारा अगवा किए गए जापानी नागरिकों के मुद्दे, रूस के साथ क्षेत्रीय विवाद और जापान के युद्ध त्यागने वाले संविधान के संशोधन के मुद्दों को हल करने में अपनी नाकामी की बात की थी।दुनिया भर के नेताओं ने इस हमले की निंदा की है। आबे 2006 में 52 साल की उम्र में जापान के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बने थे, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से उनका पहला कार्यकाल एक साल बाद अचानक समाप्त हो गया। आबे जब 2012 में फिर से प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने, राजकोषीय प्रोत्साहन, मौद्रिक सुगमता और ढांचागत सुधारों पर जोर दिया। आबे ने छह राष्ट्रीय चुनाव जीते और जापान की रक्षा भूमिका और क्षमता तथा अमेरिका के साथ इसके सुरक्षा गठबंधन को मजबूत करते हुए सत्ता पर मजबूत पकड़ बनाई।
-
नई दिल्ली। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। उन्होंने कंजर्वेटिव पार्टी के नेता के रूप में अपने इस्तीफे की घोषणा की। सरकार के कई विवादों से घिरे होने के बाद उनके निकट सहयोगियों ने उनका साथ छोड़ दिया था। श्री जॉनसन ने कहा कि कंजर्वेटिव पार्टी के उनका उत्तराधिकारी चुनने तक वे प्रधानमंत्री के रूप में काम करते रहेंगे।
श्री जॉनसन के इस्तीफे के बाद कंजर्वेटिव पार्टी में नेतृत्व संघर्ष शुरू हो गया है। कई सांसद प्रधानमंत्री पद की दौड़ में आने का प्रयास कर रहे हैं।भारत ने कहा है कि श्री जॉनसन के इस्तीफे से दोनों देशों के संबंधों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि ब्रिटेन एक महत्वपूर्ण कार्यनीतिक साझेदार है, वहां के प्रधानमंत्री का त्याग पत्र आंतरिक मामला है और भारत इसपर बारीकी से नजर रख रहा है। - संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट जनरल मोहन सुब्रमण्यम को दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन (यूएनएमआईएसएस) का अपना नया ‘फोर्स कमांडर’ नियुक्त किया है।वह भारतीय सेना से ही नाता रखने वाले लेफ्टिनेंट जनरल शैलेश तिनाइकर की जगह लेंगे।एजेंसी से मंगलवार को जारी एक बयान में कहा गया, ‘‘ यूएनएमआईएसएस फोर्स कमांडर के रूप में उनके (तिनाइकर के) अथक समर्पण, अमूल्य सेवा और प्रभावी नेतृत्व के लिए महासचिव उनके आभारी हैं।’’लेफ्टिनेंट जनरल शैलेश तिनाइकर को गुतारेस ने मई 2019 में यूएनएमआईएसएस का ‘फोर्स कमांडर’ नियुक्त किया था।लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमण्यम ने 36 वर्ष तक भारतीय सेना में सेवाएं दीं। हाल ही में, उन्होंने मध्य भारत में मिलिट्री रीज़न (ऑपरेशनल एंड लॉजिस्टिक रेडीनेस ज़ोन) के जनरल ऑफिसर कमांडिंग के रूप में अपनी सेवाएं दीं।इससे पहले, उन्होंने 2019 से 2021 तक रक्षा मंत्रालय (सेना) के एकीकृत मुख्यालय में खरीद एवं उपकरण प्रबंधन के लिए अतिरिक्त महानिदेशक और 2018 से 2019 तक ‘स्ट्राइक इन्फैंट्री डिवीज़न’ में डिप्टी जनरल ऑफिसर कमांडिंग के रूप में कार्य किया। 2015 से 2016 तक ‘इन्फैंट्री डिवीज़न’ के डिप्टी जनरल ऑफिसर कमांडिंग और 2013 से 2014 तक ‘माउंटेन ब्रिगेड’ के कमांडर के रूप में भी उन्होंने अपनी सेवाएं दीं।उन्होंने 2008 से 2012 के बीच वियतनाम, लाओस और कंबोडिया में भारत के रक्षा प्रभारी के रूप में और 2000 में सिएरा लियोन में संयुक्त राष्ट्र मिशन के साथ एक ‘स्टाफ ऑफिसर’ के रूप में कार्य किया था।लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमण्यम के पास रक्षा एवं प्रबंधन अध्ययन और सामाजिक विज्ञान में ‘मास्टर ऑफ फिलॉसफी’ की डिग्री है।गौरतलब है कि भारत, संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में सबसे अधिक योगदान देने वाले देशों में से एक है। दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन में नवंबर 2021 तक 17,982 कर्मी तैनात थे। भारत, यूएनएमआईएसएस में दूसरा सबसे बड़ा सैन्य-योगदान करने वाला देश है। मिशन में 2385 शांतिरक्षकों के साथ भारत दूसरे स्थान पर है। सबसे अधिक शांतिरक्षक रवांडा के हैं। भारत के वर्तमान में यूएनएमआईएसएस में 30 पुलिस कर्मी तैनात हैं।
- काठमांडू । भारत ने रविवार को नेपाल को 75 एम्बुलेंस और 17 स्कूल बसें उपहार में दीं। दोनों देशों के बीच “मजबूत एवं लंबे समय से” चली आ रही विकास साझेदारी तथा नेपाल को स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्रों में अपने बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में मदद करने के प्रयासों के तहत भारत ने पड़ोसी देश को यह उपहार दिया। भारत के नवनियुक्त राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने नेपाल के शिक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री देवेंद्र पौडेल की उपस्थिति में वाहनों की चाबी सौंपी। भारतीय दूतावास ने कहा कि 75 एम्बुलेंस का उपहार भारत की आजादी के 75 साल का भी प्रतीक है। श्रीवास्तव ने कहा, “एम्बुलेंस और स्कूल बसों को उपहार में देना दोनों देशों के बीच मजबूत विकास साझेदारी का हिस्सा है।” उन्होंने कहा कि यह पहल नेपाल-भारत विकास भागीदारी कार्यक्रम के तहत भारत सरकार की लंबे समय से चली आ रही परंपराओं में से एक रही है, ताकि स्वास्थ्य और शिक्षा में अपने बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए नेपाल सरकार के प्रयासों को बढ़ावा दिया जा सके। पौडेल ने नेपाल में जारी भारत की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सराहना की और कहा कि यह पहल लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करने और दोनों देशों के बीच संबंधों को बेहतर बनाने के लिए जारी रहेगी। भारतीय दूतावास ने बताया कि 75 एम्बुलेंस और 17 स्कूल बसें नेपाल के विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में काम करने वाले विभिन्न सरकारी विभागों और गैर-सरकारी संगठनों को सौंपी जाएंगी। भारत ने 2021 में कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए नेपाल की मदद करने के अपने प्रयासों के तहत वेंटिलेटर से लैस 39 एम्बुलेंस उपहार में दिये थे। इसी तरह, 2020 में, भारत ने महात्मा गांधी की 151वीं जयंती के अवसर पर नेपाल को 41 एम्बुलेंस और छह स्कूल बसें उपहार में दिये थे।
- रोम। इटली में अल्पाइन ग्लेशियर का एक बड़ा हिस्सा रविवार दोपहर को टूट कर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और आठ घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इटली के सरकारी टेलीविजन चैनल ‘राय' के मुताबिक बर्फ और चट्टानों के मलबे की चपेट में आने से छह लोग हताहत हुए हैं, लेकिन मृतकों की संख्या की पुष्टि नहीं हो पाई है। यह भी पता नहीं चला है कि कितने लोग लापता हैं। ‘नेशनल अल्पाइन एंड केव रेसक्यू कोर' ने ट्वीट किया कि मरमोलाडा चोटी इलाके में जारी बचाव में पांच हेलीकॉप्टर और खोजी कुत्तों की मदद ली जा रही। आपात सेवा ने ट्वीट में कहा, ‘‘ग्लेशियर टूटने से इसकी चपेट में आकर पांच लोगों की मौत हो गई। घटना में आठ लोग घायल हुए जिनमें से दो की हालत गंभीर है।'' वेनेटो क्षेत्र में स्थित एसयूईएम डिस्पैच सर्विस ने बताया कि 18 लोग बर्फ और चट्टानों के मलबे के बीच फंसे हैं, जिन्हें अल्पाइन रेसक्यू कोर के कर्मी निकालने में जुटे हैं। पूर्वी डोलोमाइट्स में मरमोलाडा सबसे ऊंची चोटी है जिसकी ऊंचाई लगभग 11,000 फुट है। अल्पाइन बचाव सेवा के प्रवक्ता वाल्टर मिलान ने ‘राय चैनल' से कहा कि यह पता नहीं चल पाया है कि ग्लेशियर का बड़ा हिस्सा किन कारणों से टूटा। उन्होंने कहा कि जून से इटली भीषण गर्मी का सामना कर रहा है। ग्लेशियर टूटने की वजह गर्मी भी हो सकती है। file photo
- बीजिंग। दक्षिण चीन के ग्वांगडोंग प्रांत के तट पर चाबा तूफान की चपेट में आने के बाद एक क्रेन डूब गई और उसमें सवार कम से कम 27 लोगों के लापता होने की सूचना है। प्रांतीय समुद्री खोज एवं बचाव केंद्र ने रविवार को यह जानकारी दी। बचाव के लिए भेजे गए 38 विमानों ने लापता लोगों की तलाश के लिए 14 चक्कर लगाए हैं।यांगजियांग शहर के पास चाबा तूफान से बचाव करते समय इसकी लंगर की चेन टूट गई थी और निगरानी प्रणाली के माध्यम से क्रेन को खतरे में पाया गया था। इसके बाद शनिवार को क्रेन पानी में डूब गई। सरकारी समाचार एजेंसी 'शिन्हुआ' ने बचाव केंद्र के हवाले से कहा कि तीन लोगों को बचाया गया और 27 अन्य पानी में गिर गए और लापता हो गए। साल के तीसरे तूफान चाबा ने शनिवार को ग्वांगडोंग के माओमिंग शहर के तटीय इलाके में दस्तक दी। हालांकि, लापता लोगों के लिए खोज और बचाव के प्रयास अब भी जारी हैं।
-
न्यूयॉर्क (अमेरिका). अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में मशहूर गायिका-गीतकार टेलर स्विफ्ट के घर में अवैध रूप से घुसने के आरोप में 35 वर्षीय शख्स को गिरफ्तार किया गया है। प्राधिकारियों ने बताया कि वह स्विफ्ट के न्यूयॉर्क शहर में स्थित दो आवासों में घुसा था और उस पर अनधिकृत रूप से घर में घुसने और पीछा करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया संदिग्ध शहर के त्रिबेका इलाके में स्थित एक रिहायशी इमारत में 26 मार्च को घुसा था। घर का दरवाजा खुला होने के कारण वह अंदर घुस गया और ‘‘गैरकानूनी रूप से वहां रहा''। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उसे जाने के लिए कहा, जिसके बाद वह भाग गया। जन सूचना, उपायुक्त के कार्यालय के प्रवक्ता के अनुसार, 12 जून को फिर से न्यूयॉर्क का यह व्यक्ति स्विफ्ट की एक अन्य रिहायशी इमारत में घुसा, जो उसी गली में स्थित है और उसने ‘‘32 वर्षीय गायिका को इंटरकॉम के जरिए धमकियां दीं।'' स्विफ्ट पहले भी पीछा करने वाले लोगों से परेशान रही हैं। पुलिस ने बताया कि 2018 में एक व्यक्ति उनके त्रिबेका स्थित घर में घुस गया था और वह वहां सोया भी था। उसी साल कोलोराडो के एक शख्स को स्विफ्ट के बेवेर्ली हिल्स स्थित घर के बाहर गिरफ्तार किया गया था और उसके पास से एक चाकू, रस्सी और हथियार बरामद किए गए थे।
- कोच्चि,। कोचीन अंतरराष्ट्रीय विमानतल लिमिटेड (सीआईएएल) ने शनिवार को कहा कि उसने नजदीकी अंतरराष्ट्रीय वायु मार्ग में उडऩे वाले विमानों में दोबारा ईंधन भरने के लिए तकनीकी लैंडिंग की सुविधा देना शुरू किया है। सीआईएएल की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि भारतीय उपमहाद्वीप में खुद को एक बड़े हवाई अड्डे के रूप में स्थापित करने और 'कोड ई' श्रेणी तक के विमानों की तकनीकी जरूरतों को पूरा करने में सक्षम कोचीन हवाई अड्डे पर लगी 'हाईड्रेन्ट फ्यूलिंग' प्रणाली अंतरराष्ट्रीय उड़ान वाले विमानों की आवश्यकताओं को तत्काल पूरा करती है। कोच्चि हवाई अड्डे के इतिहास में तकनीकी लैंडिंग की सुविधा पहली बार दी गई है। बयान में कहा गया कि पिछले तीन दिन में कोलंबो-यूरोप या कोलंबो-पश्चिम एशिया में उडऩे वाले नौ विमानों ने कोचीन हवाई अड्डे की तकनीकी लैंडिंग सुविधा का लाभ उठाया और 4,75,000 लीटर ईंधन भरा।
- वेलिंगटन। न्यूजीलैंड सरकार ने घोषणा की है कि अमेरिका के घोर दक्षिणपंथी समूह ‘प्राउड ब्वॉयज’ और ‘द बेस’ आतंकवादी संगठन हैं। ये दो समूह इस्लामिक स्टेट समेत उन 18 समूहों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्हें आधिकारिक रूप से आतंकवादी संगठन घोषित किया गया है। इसके साथ ही अब न्यूजीलैंड में इन्हें वित्त पोषण देना, इस समूहों में शामिल होना या इनसे जुड़ना गैरकानूनी हो गया है और प्राधिकारी ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।हालांकि, अमेरिकी समूह न्यूजीलैंड में इतने सक्रिय नहीं माने जाते है लेकिन दक्षिण प्रशांत देश 2019 में क्राइस्टचर्च की दो मस्जिदों में एक श्वेत वर्चस्ववादी द्वारा 51 मुसलमानों की हत्या के बाद से घोर दक्षिणपंथ से खतरों को लेकर ज्यादा सतर्क है।अमेरिका में विदेश मंत्रालय केवल विदेशी समूहों को आतंकवादी संगठन घोषित करता है, लेकिन प्राउड ब्वॉयज को पिछले साल कनाडा में आतंकवादी समूह घोषित किया गया जबकि द बेस को ब्रिटेन, कनाडा तथा ऑस्ट्रेलिया में आतंकवादी समूह घोषित किया जा चुका है।प्राउड ब्वॉयज को आतंकवादी सूची में डालने के लिए दिए स्पष्टीकरण में न्यूजीलैंड प्राधिकारियों ने कहा कि इस समूह की यूएस कैपिटल में छह जनवरी 2021 को हुए हिंसक हमले में संलिप्तता आतंकवाद का कृत्य है। वहीं, द बेस के लिए उन्होंने कहा कि इस समूह का मुख्य लक्ष्य ‘‘हिंसा को बढ़ाने में सक्षम चरमपंथियों के काडर को प्रशिक्षण’’ देना है।
-
लंदन. ब्रिटिश सरकार ने भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर ब्रिटेन में भारतीय छात्रों के अध्ययन के लिए 75 पूर्ण रूप से वित्तपोषित छात्रवृत्तियों की भारत स्थित प्रमुख कारोबारी संस्थानों के साथ साझेदारी में शुरूआत करने की बुधवार को घोषणा की। ब्रिटेन ने जिन पाठ्यक्रमों के लिए छात्रवृत्ति के लिए पेशकश की है उनमें एक साल का स्नात्कोत्तर पाठ्यक्रम सहित ब्रिटेन के किसी विश्वविद्यालय में किसी विषय में अध्ययन का अवसर प्रदान करना शामिल है। साथ ही भारत में ब्रिटिश काउंसिल विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित में महिलाओं को 150 से अधिक ब्रिटिश विश्वविद्यालयों में करीब 18 छात्रवृत्तियां प्रदान कर रहा है। इसके अलावा ब्रिटिश काउंसिल छह अंग्रेजी छात्रवृत्ति भी उपलब्ध करा रहा है।
भारत में नियुक्त ब्रिटिश उच्चायुक्त ने कहा, ‘‘भारत की आजादी के 75वें वर्ष में यह दोनों देशों के लिए एक बड़ा अवसर है। मैं भारतीय छात्रों के लिए 75 छात्रवृत्तियों की घोषणा को लेकर खुश हूं...। -
सैन फ्रांसिस्को (अमेरिका। अमेरिकी कंपनी ‘एयरबैंड' ने उसकी वेबसाइट पर कम अवधि के वास्ते किराये के लिए सूचीबद्ध घरों में पार्टी करने पर लगी अस्थायी रोक को स्थायी करने का फैसला किया है। सैन फ्रांसिस्को स्थित कंपनी का मानना है कि इस प्रतिबंध ने काम किया है और मंगलवार को कहा कि सूचीबद्ध संपत्तियों पर होने वाली पार्टी की संख्या में एक साल पहले की तुलना में 44 फीसदी की गिरावट आई है। ‘एयरबैंड' ने कहा कि नियमों को उल्लंघन करने को लेकर 6600 से ज्यादा मेहमानों को पिछले साल निलंबित किया गया था। ‘एयरबैंड' ने कैलिफोर्निया में एक घर में पार्टी के दौरान गोलीबारी की घटना होने के बाद 2019 में पार्टी पर लगाम लगाना शुरू किया था। उस वक्त कंपनी ने एयरबैंड से जुड़े स्थानों पर पार्टी करने के विज्ञापन सोशल मीडिया पर प्रकाशित करने पर रोक लगाई थी। ‘एयरबैंड' ने बताया कि महामारी के दौरान उससे जुड़े स्थानों पर पार्टी किए जाने की संख्या में इजाफा हुआ था, क्योंकि लोग बार और क्लब की बजाए किराये के घरों में पार्टी करना पसंद कर रहे थे। इस वजह से 2020 में अस्थायी प्रतिबंध लगाया था।
- डेट्रॉयट (अमेरिका) । अमेरिका के डेट्रॉयट में एक महिला के खिलाफ उसके तीन साल के बेटे की मौत के मामले में आरोप तय किए गए हैं। पुलिस को बच्चे का शव एक ‘फ्रीजर’ से बरामद हुआ था। ‘डेट्रॉयट न्यूज’ की खबर के अनुसार, वेन काउंटी के अभियोजक किम वर्थी ने रविवार को बताया कि 31 वर्षीय महिला पर हत्या, बाल उत्पीड़न, प्रताड़ना और मौत को छिपाने के आरोप लगाए गए हैं। उसे रविवार को जेल भेज दिया गया। वर्थी ने कहा, ‘‘हमारे बच्चों पर न केवल बंदूकों का खतरा मंडरा रहा है, बल्कि वे अपने ही घर में रहने वाले कथित हत्यारों की वजह से भी सुरक्षित नहीं हैं।’’पुलिस प्रमुख जेम्स व्हाइट ने बताया कि डेट्रॉयट के पुलिस अधिकारी और ‘चाइल्ड प्रोटेक्टिव सर्विसेज’ के सदस्य शुक्रवार तड़के घर पर एक नियमित जांच के लिए गए थे, जब उन्हें बच्चे का शव बरामद हुआ। अभी तत्काल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चे की मौत कब और कैसी हुई तथा उसका शव कब से ‘फ्रीजर’ में था। व्हाइट के मुताबिक, घर पर पांच और बच्चे भी थे, जिन्हें ‘चाइल्ड प्रोटेक्टिव सर्विसेज’ के हवाले कर दिया गया है। महिला के खिलाफ तय आरोपों पर आठ जुलाई को सुनवाई होगी।
-
कोलंबो. आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका में पेट्रोल की कीमत में 50 श्रीलंकाई रुपये और डीजल की कीमतों में 60 श्रीलंकाई रुपये की बढ़ोतरी हुई है। पड़ोसी देश में पिछले दो महीनों में तीसरी बार ईंधन की कीमतें बढ़ाई गई हैं। सार्वजनिक क्षेत्र के ईंधन विक्रेता सीलोन पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (सीपीसी) ने कहा कि कीमतों में बढ़ोतरी रविवार रात दो बजे से लागू हो गई है। लंका आईओसी ने भी इसी अनुपात में कीमतों में बढ़ोतरी की है। इस बढ़ोतरी के साथ पेट्रोल की कीमत 470 श्रीलंकाई रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 460 श्रीलंकाई रुपये प्रति लीटर हो गई है।
- कोलंबो। विदेशी मुद्रा के गहरे संकट से जूझ रहे श्रीलंका में एक व्यक्ति के पास रखी जाने वाली विदेशी मुद्रा की सीमा घटा दी गई है। अब एक व्यक्ति के पास अधिकतम 10,000 डॉलर की विदेशी मुद्रा ही रह सकती है। श्रीलंका सरकार ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि श्रीलंका में रहने वाले या वहां के किसी व्यक्ति द्वारा अपने कब्जे में रखी गई विदेशी मुद्रा की मात्रा को 15,000 अमेरिकी डॉलर से घटाकर 10,000 अमेरिकी डॉलर कर दिया गया है। श्रीलंका सरकार ने खाद्य और ईंधन सहित जरूरी वस्तुओं के आयात के लिए जरूरी विदेशी मुद्रा भंडार बनाए रखने के मकसद से यह सीमा लागू की है। गंभीर विदेशी मुद्रा संकट का सामना कर रहे श्रीलंका को अप्रैल में अपने अंतरराष्ट्रीय ऋण की चूक के लिए मजबूर होना पड़ा था। वित्त मंत्रालय का भी दायित्व संभालने वाले प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे की तरफ से जारी इस आदेश में कहा गया है कि औपचारिक बैंकिंग प्रणाली में विदेशी मुद्रा को आकर्षित करने के इरादे से विदेशी मुद्रा अधिनियम के तहत विदेशी मुद्रा रखने की सीमा घटाई जा रही है। अतिरिक्त विदेशी मुद्रा जमा करने या अधिकृत डीलर को बेचने के लिए 16 जून, 2022 से 14 कार्य दिवसों की मोहलत दी गई है। पर्याप्त विदेशी मुद्रा नहीं होने से श्रीलंका को ईंधन एवं अन्य जरूरी सामान की खरीद के लिए विदेशी मदद का इंतजार करना पड़ रहा है। इस दौरान देश भर में हिंसक प्रदर्शन भी हुए।
-
वाशिंगटन. ब्रिटेन की बायोमेडिकल छात्रा खुशी पटेल को सौंदर्य प्रतियोगिता मिस इंडिया वर्ल्डवाइड 2022 का विजेता घोषित किया गया है। यह भारत के बाहर सबसे लंबे समय से आयोजित हो रही सौंदर्य प्रतियोगिता है। शुक्रवार रात अमेरिका की वैदेही डोंगरे को ‘प्रथम उपविजेता' घोषित किया गया, जबकि श्रुतिका माने को ‘द्वितीय उपविजेता' घोषित किया गया। सौंदर्य प्रतियोगिता में शीर्ष 12 प्रतियोगी विश्व स्तर पर विभिन्न अन्य प्रतियोगिताओं की विजेता थीं। पटेल बायोमेडिकल साइंस की छात्रा हैं। उन्होंने कहा कि वह मिस इंडिया वर्ल्डवाइड 2022 प्रतियोगिता जीतकर खुश हैं। मॉडल कपड़ों की दुकान की भी मालिक है। वह अगले एक साल में बहुत सारे परमार्थ कार्यक्रम करने और तीसरी दुनिया के देशों की मदद करने की योजना बना रही हैं। इंडिया फेस्टिवल कमेटी (आईएफसी) के अनुसार, गुयाना की रोशनी रजाक को ‘मिस टीन इंडिया वर्ल्डवाइड 2022' घोषित किया गया। आईएफसी के अनुसार, अमेरिका की नव्या पेंगोल ‘प्रथम उपविजेता' रहीं, जबकि सूरीनाम की चिक्विता मलाहा ‘द्वितीय उपविजेता' रहीं। आईएफसी पिछले 29 साल से यह प्रतियोगिता आयोजित कर रहा है। इस साल की सौंदर्य प्रतियोगिता तीन साल के अंतराल के बाद आयोजित की गई थी, जिसका आखिरी आयोजन सितंबर 2019 में मुंबई के लीला होटल में हुआ था। आईएफसी के अध्यक्ष धर्मात्मा सरन ने कहा, ‘‘महामारी ने हमारे सोचने और जीने के तरीके को बदल दिया है।''
- लाहौर। पाकिस्तान की एक आतंकवाद निरोधक अदालत ने 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमले के साजिशकर्ता साजिद मजीद मीर को आतंकवाद के वित्त पोषण मामले में 15 साल से अधिक की जेल की सजा सुनाई है।साजिद मजीद मीर 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमलों में अपनी भूमिका के लिए भारत के सबसे वांछित आतंकवादियों की सूची में शामिल है। उस पर अमेरिका ने भी 50 लाख डॉलर का इनाम घोषित कर रखा है।मीर को सजा ऐसे समय में सुनाई गई है, जब पाकिस्तान वित्तीय कार्रवाई कार्यबल (एफएटीएफ) की ग्रे सूची से बाहर निकलने के लिए संघर्ष कर रहा है।पंजाब पुलिस का आतंकवाद निरोधी विभाग (सीटीडी), जो अक्सर मीडिया को ऐसे मामलों में संदिग्धों के दोषी करार दिए जाने की जानकारी देता है, उसने साजिद मजीद मीर की दोषसिद्धि की सूचना नहीं दी।दरअसल, धनशोधन और आतंकवाद के वित्त पोषण के खिलाफ इस्लामाबाद की ओर से उठाए गए कदमों और इस संबंध में किए गए सुधारों के क्रियान्वयन की समीक्षा करने के लिए आतंकी फंडिंग पर नजर रखने वाली वैश्विक संस्था एफएटीएफ के अधिकारी जल्द ही पाकिस्तान का दौरा करने वाले हैं।आतंकवाद के वित्त पोषण मामले में लश्कर-ए-तैयबा और जमात-उद-दवा के नेताओं का पक्ष रखने वाले एक वरिष्ठ वकील ने कहा, "इस महीने की शुरुआत में लाहौर की एक आतंकवाद निरोधक अदालत ने आतंकवाद के वित्त पोषण मामले में प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा के एक कार्यकर्ता साजिद मजीद मीर को साढ़े 15 साल की जेल की सजा सुनाई थी।"वकील ने बताया कि साजिद मजीद मीर अप्रैल में अपनी गिरफ्तारी के बाद से ही लाहौर की कोट लखपत जेल में बंद है। उन्होंने कहा कि अदालत ने साजिद मजीद मीर पर चार लाख रुपये से अधिक का जुर्माना भी लगाया है। पाकिस्तानी अधिकारियों ने अतीत में दावा किया था कि साजिद मजीद मीर की मौत हो चुकी है, लेकिन पश्चिमी देशों को इस पर शक था। उन्होंने मीर की मौत का प्रमाण देने मांग की थी।
-
जिनेवा। फीफा ने कोविड-19 महामारी के दौरान खिलाड़ियों और कोचों की मदद के लिये फुटबॉल के नियमों में छूट को बढ़ाते हुए गुरूवार को 26 सदस्यीय बड़े दल को कतर में होने वाले विश्व कप में भाग लेने की अनुमति दी। फीफा ब्यूरो (फीफा अध्यक्ष और फुटबॉल के छह परिसंघ) से इस कदम की उम्मीद थी क्योंकि हाल में महाद्वीपीय चैम्पियनशिप में 23 खिलाड़ियों को अनुमति दी गयी थी। विश्व कप के लिये टीम में तीन और खिलाड़ियों को बढ़ा दिया गया है। यूएफा ने पिछले साल यूरोपीय चैम्पियनशिप में यही फैसला किया था। पिछले साल दक्षिण अमेरिका में कोपा अमेरिका टूर्नामेंट और जनवरी में अफ्रीकन कप ऑफ नेशन्स के लिये 28 खिलाड़ियों की टीम को मंजूरी दी गयी थी। खिलाड़ियों की अतिरिक्त संख्या से 32 टीम के कोच को वायरस संक्रमण की स्थिति से निपटने में मदद मिलेगी।
-
संयुक्त राष्ट्र. ओडिशा स्थित एक सार्वजनिक परिवहन सेवा उन 10 वैश्विक पहलों में शामिल है, जिन्हें दुनिया को कोविड-19 से बेहतर तरीके से उबरने में उनकी भूमिका और प्रयासों के लिए बुधवार को प्रतिष्ठित संयुक्त राष्ट्र पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वैश्विक संगठन ने घोषणा की कि मो बस, कैपिटल रीजन अर्बन ट्रांसपोर्ट इंडिया को प्रतिष्ठित यूएन पब्लिक सर्विस अवार्ड्स दिया गया है। संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक और सामाजिक मामलों के विभाग द्वारा बुधवार को आयोजित एक डिजिटल समारोह में ब्राजील, कनाडा, भारत, आयरलैंड, पनामा, फिलीपींस, पोलैंड, सऊदी अरब, थाईलैंड और यूक्रेन की दस पहलों को प्रतिष्ठित संयुक्त राष्ट्र लोक सेवा पुरस्कारों के साथ उनके अभिनव सार्वजनिक सेवा वितरण के लिए मान्यता दी गई है। पुरस्कार दुनिया को कोविड-19 से बेहतर तरीके से उबरने में मदद करने के लिए 10 नवाचारों को मान्यता देते हैं और जीत हासिल करने वाली पहल बच्चों को सुरक्षित रखने, लैंगिक समानता को आगे बढ़ाने और पानी के नीचे जीवन की रक्षा करने में मदद करती है। संयुक्त राष्ट्र लोक सेवा दिवस के उपलक्ष्य में एक कार्यक्रम के दौरान, 2022 के संयुक्त राष्ट्र लोक सेवा पुरस्कार विजेताओं की घोषणा संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक और सामाजिक मामलों के अवर महासचिव लियू जेनमिन द्वारा की गई । -
नई दिल्ली। अफगानिस्तान में तालिबान शासन ने भूकंप की आपदा से निपटने में अंतरराष्ट्रीय सहयोग की अपील की है। अफगानिस्तान में कल खोस्त के निकट आये 6 दशमलव एक तीव्रता के भूकंप में एक हजार से अधिक लोग मारे गए हैं और डेढ़ हजार से अधिक घायल हुए हैं। दक्षिण पूर्व में पक्तिका प्रांत पर सबसे ज्यादा असर हुआ है। भूकंप के झटके पाकिस्तान और भारत में भी महसूस किए गए।
संयुक्त राष्ट्र इस आपदा से ग्रस्त लोगों को आपात शरण और खाद्य सामग्री उपलब्ध करा रहा है। तेज वर्षा और ओलावृष्टि से राहत उपायों में बाधा आ रही है। पिछले दो दशक का यह सबसे विनाशकारी भूकंप पिछले वर्ष सत्ता हथियाने वाले तालिबान शासन के लिए बड़ी चुनौती है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अफगानिस्तान में विनाशकारी भूकंप पर गहरा दुख व्यक्त किया है। एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने जनहानि पर गहरी संवेदना वयक्त की है। श्री मोदी ने कहा कि भारत इस मुश्किल घड़ी में अफगानिस्तान के लोगों के साथ है और जल्द से जल्द हर संभव आपदा राहत सामग्री उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है। -
काबुल। अफगानिस्तान के पूर्वी पक्तिका प्रांत में आए शक्तिशाली भूकंप में कम से कम 255 लोगों की जान चली गई। देश की सरकारी समाचार एजेंसी ने यह जानकारी दी। सरकारी समाचार एजेंसी 'बख्तरÓ ने बुधवार को मृतक संख्या के संबंध में जानकारी दी और बताया कि बचाव कर्मी हेलीकॉप्टर से मौके पर पहुंच रहे हैं।
पक्तिका प्रांत में आए 6 तीव्रता के भूकंप के संबंध में अधिक जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। तालिबान सरकार के उप प्रवक्ता बिलाल करीमी ने ट्वीट किया, पक्तिका प्रांत के चार जिलों में भीषण भूकंप में, हमारे देश के सैकड़ों लोग हताहत हुए हैं और कई मकान तबाह हो गए।
यूरोपीय भूमध्य भूकंपीय केंद्र (ईएमएससी) के अनुसार, भूकंप के झटके अफगानिस्तान, पाकिस्तान और भारत में महसूस किए गए। पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में खोस्त से 44 किलोमीटर दूर दक्षिण-पश्चिम में 50.8 किलोमीटर की गहराई पर था। -
बैंकॉक। कंबोडिया की मेकांग नदी में दुनिया की सबसे बड़ी मीठे पानी (फ्रेश वॉटर) की मछली ‘स्टिंगरे' मिली है। कंबोडिया और अमेरिका के वैज्ञानिकों ने यह जानकारी दी। कंबोडिया और अमेरिका की एक संयुक्त अनुसंधान परियोजना ‘वंडर्स ऑफ द मेकांग' की ओर से सोमवार को जारी किए गए एक बयान के अनुसार, 13 जून को एक ‘स्टिंगरे' पकड़ी गई, जो लगभग चार मीटर लंबी है और उसका वजन 300 किलोग्राम से थोड़ा कम था। इस समूह ने बताया कि इससे पहले, 2005 में थाईलैंड में मीठे पानी की 293 किलोग्राम की ‘कैटफ़िश' पकड़ी गई थी। बयान के अनुसार, पूर्वोत्तर कंबोडिया में स्टंग ट्रेंग के दक्षिण में एक स्थानीय मछुआरे ने ‘स्टिंगरे' को पकड़ा। इसके बाद उसने ‘वंडर्स ऑफ द मेकांग‘ परियोजना के वैज्ञानिकों के एक दल को इसकी सूचना दी। ‘वंडर्स ऑफ द मेकांग' परियोजना के प्रमुख जेब होगन ने कहा, ‘‘जब आप खासकर मीठे पानी में इतने बड़े आकार की मछली देखते हैं, तो आप कुछ समझ ही नहीं पाते, इसलिए मैं और मेरा दल काफी चौंक गया था।'' मीठे पानी की मछलियां, उन मछलियों को कहा जाता है जो अपना पूरा जीवन मीठे पानी में बिताती हैं।