- Home
- विदेश
- बीजिंग। चीन में संस्कृत भाषा करीब दो हजार साल पहले बौद्ध धर्म के साथ पहुंची थी और इसने चीन के सम्राटों और विद्वानों पर काफी असर डाला था और यह आज भी फल फूल रही है। चीन में जाने-माने संस्कृत विद्वान और पेकिंग विश्वविद्यालय में चीन-भारत बौद्ध अध्ययन, ओरिएंटल एवं भारतीय अध्ययन संस्थान के निदेशक वांग बैंगवई ने कहा कि संस्कृत जो भारतीय संस्कृति की जड़ है, चीन में लोकप्रिय बनी हुई है और यह आधुनिक भारत में इसकी मामूली प्रगति के विपरीत है। वांग ने कहा कि पेकिंग विश्वविद्यालय चीन के सबसे पुराने विश्वविद्यालयों में से एक है और इस साल विश्वविद्यालय में संस्कृत की पढ़ाई शुरू होने के 100 वर्ष पूरे हो रहे हैं। वांग ने चीन में संस्कृत का प्रसार करने का श्रेय चौथी सदी ईसा बाद के भारतीय विद्वान कुमारजीव को दिया है।कुमारजीव ने दो हजार साल पहले चीन में रहने के दौरान बौद्ध धर्म के सूत्रों को चीनी भाषा में अनुवाद करने में मदद की थी और ‘चीन के राष्ट्रीय शिक्षक' का शाही खिताब अर्जित किया था। वह उन अनेक विद्वानों में से एक हैं जिन्होंने दोनों देशों के बीच सभ्यता आधारित संबंधों की मजबूत आधारशीला रखी। कुमारजीव कश्मीरी ब्राह्मण परिवार से संबंधित थे और उन्होंने चौथी सदी में चीन में 23 साल बिताए थे। इस दौरान वह जेल में भी रहे थे। वांग ने यहां शुक्रवार को भारतीय दूतावास में भारतीय राजदूत विक्रम मिस्री के साथ संस्कृत सीखने की ऐप ‘ लिटिल गुरु' जारी करते हुए कहा कि संस्कृत, उससे संबंधित संस्कृति और उसका विकास फाह्यान और ह्वेनसांग जैसे अनेक चीनी विद्वानों ने जीवित रखा। वांग ने कहा कि पेकिंग विश्वविद्यालय में एक सदी पहले संस्कृत पढ़ाने का कार्यक्रम शुरू किया गया था लेकिन चीन में संस्कृत शोध और अध्ययन करीब दो हजार साल पहले ही शुरू हो गया था। उन्होंने कहा कि जब बौद्ध धर्म भारत से चीन पहुंचा तो चीन के बौद्ध भिक्षुओं ने भारतीय ग्रंथों को चीनी भाषा में अनूदित करना शुरू कर दिया। वांग ने बताया कि नालंदा विश्वविद्यालय में चीन के 100 से अधिक विद्वानों ने पढ़ाई की थी और इसमें 11वीं सदी से गिरावट आई। उन्होंने कहा, “संस्कृत भारतीय संस्कृति की एक प्रमुख भाषा है। चीन में अधिक से अधिक लोग भारतीय संस्कृति में रुचि रखते हैं और संस्कृत भारतीय संस्कृति के बारे में अधिक जानने का एक अच्छा तरीका है।” वांग ने ‘ कहा कि संस्कृत सबसे महत्वपूर्ण भाषा है जिसके माध्यम से चीन के लोगों ने हिंदू धर्म, बौद्ध धर्म, प्राचीन भारतीय चिकित्सा, खगोल विज्ञान और गणित को जाना है।
- बीजिंग । चीन के पश्चिमोत्तर क्षेत्र में एक कोयला खदान में बाढ़ का पानी भरने से 21 खनिक फंस गए। शिन्हुआ संवाद समिति ने बताया कि शिंजियांग क्षेत्र की हुतुबी काउंटी स्थित खदान में शनिवार शाम करीब छह बजकर 10 मिनट पर पानी भर गया, जिससे वहां काम कर रहे खनिक फंस गए। बचावकर्ता इन खनिकों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं और आठ लोगों को बचा लिया गया है। चीन की खदानों में सुरक्षा के अभाव के कारण विस्फोट और गैस लीक की घटनाएं भी अकसर होती रहती हैं।-File photo
- मलंग । इंडोनेशिया के मुख्य द्वीप जावा में आये जोरदार भूकंप में कम से कम सात व्यक्तियों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। साथ ही इससे जावा में 300 से अधिक इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई और भूकंप के झटके पर्यटक केंद्र बाली में भी महसूस किये गये। यह जानकारी अधिकारियों ने शनिव़ार को दी। हालांकि सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई। अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण ने बताया कि स्थानीय समयानुसार अपराह्न दो बजे आये भूकंप की तीव्रता 6.0 मापी गई। इसका केंद्र पूर्वी जावा प्रांत के मलंग जिले के सुम्बरपुकंग शहर से 45 किलोमीटर दक्षिण में 82 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। इंडोनेशिया के भूकंप एवं सुनामी केंद्र के प्रमुख रहमत त्रियोनो ने एक बयान में बताया कि भूकंप का केंद्र समुद्र के भीतर स्थित था, लेकिन इसके झटके में सुनामी उत्पन्न करने की क्षमता नहीं थी। उन्होंने इसके बावजूद लोगों से मिट्टी या चट्टानों के ऐसे ढलानों से दूर रहने का आग्रह किया जहां भूस्खलन का खतरा हो। इस सप्ताह इंडोनेशिया में आने वाली यह दूसरी घातक आपदा थी क्योंकि गत रविवार को हुई भीषण बारिश से कम से कम 174 लोगों की मौत हो गई थी और हजारों घरों को नुकसान पहुंचा था। इसमें 48 अभी भी लापता हैं। नेशनल डिजास्टर मिटिगेशन एजेंसी के प्रवक्ता रदिया जती ने बताया कि शनिवार को आये भूकंप से पूर्वी जावा के लुमाजैंग जिले में चट्टानों के गिरने से मोटरसाइकिल सवार एक महिला की मौत हो गई और उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि जिले में इससे दर्जनों मकान क्षतिग्रस्त हो गए और बचावकर्मियों ने काली उलिंग गांव में मलबे से दो शव निकाले। लुमाजांग और मलंग जिले की सीमा पर स्थित एक क्षेत्र में दो लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई। वहीं एक व्यक्ति मलंग में मलबे में मृत मिला। टेलीविजन की खबरों में पूर्वी जावा प्रांत के कई शहरों में मॉल और इमारतों से लोगों को दहशत में भागते हुए दिखाया गया। इंडोनेशिया की खोज एवं बचाव एजेंसी ने मलंग के पड़ोसी शहर ब्लीतर स्थित एक अस्पताल की क्षतिग्रस्त छत सहित क्षतिग्रस्त कुछ घरों एवं इमारतों के वीडियो एवं तस्वीरें जारी की। प्राधिकारी प्रभावित क्षेत्रों से हताहत हुए लोगों और क्षति की पूरी जानकारी एकत्रित कर रहे हैं। इंडोनेशिया अक्सर भूकंप के झटकों, ज्वालामुखी विस्फोट और सुनामी से प्रभावित होता है। गत जनवरी में पश्चिम सुलावेसी प्रांत स्थित मामुज़ू और माजिनी जिलों में आये 6.2 तीव्रता के भूकंप में कम से कम 105 लोगों की मौत हो गई थी और लगभग 6,500 अन्य लोग घायल हो गए थे। वहीं इसके चलते 92,000 से अधिक लोग विस्थापित हो गए थे।
- लंदन । यूनाइटेड किंगडम की सभी राजधानियों और नौसैनिक पोतों ने शनिवार को महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति और ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग दिवंगत प्रिंस फिलिप को तोपों की सलामी दी। प्रिंस फिलिप का 99 साल की उम्र में शुक्रवार को विंडसर कैसल में निधन हो गया। लंदन, कार्डिफ, बेलफास्ट और एडिनबर्ग में शनिवार दोपहर से प्रत्येक मिनट पर एक गोला दागे जाने की दर से 41 तोपों की सलामी के साथ देश में आठ दिन के राष्ट्रीय शोक की शुरुआत हुई। शाही परिवार की वेबसाइट पर पोस्ट बयान के अनुसार, ‘‘महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अवसरों पर देश भर में तोपों की सलामी देने की परंपरा कम से कम 18वीं सदी से शुरू हुई और कुछ ऐतिहासिक रिकॉर्ड के अनुसार 14वीं सदी में भी तोपों की सलामी दी गई है। उस दौरान बंदूकें, तोप और बारुद बड़े पैमाने पर बनना शुरू हुआ था।'' उसमें कहा गया है, ‘‘महारानी विक्टोरिया के निधन पर 1901 में भी ऐसे ही तोपों की सलामी दी गई थी।''उन्होंने सेना के साथ ड्यूक के संबंधों का भी सम्मान किया। ड्यूक ने दूसरे विश्व युद्ध के दौरान ब्रिटिश नौसेना के साथ काम किया था। ब्रिटेन के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल निक कार्टर ने कहा, ‘‘प्रिंस सशस्त्र बलों के लिए बहुत अच्छे मित्र, प्रेरक और आदर्श थे। हम उन्हें बहुत याद करेंगे।'' उन्होंने कहा, ‘‘ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग ने दूसरे विश्व युद्ध के दौरान हमारे (सेना के) साथ काम किया था और पूरी जिंदगी रॉयल नौसेना और सशस्त्र बलों के लिए समर्पित रहे। उन्होंने अच्छी जिंदगी जी, प्रिंस अपने पीछे समृद्ध विरासत छोड़कर जा रहे हैं। वर्तमान और पूर्व, सभी सैनिकों की ओर से उनको धन्यवाद।'' लोगों को तोपों की सलामी दूर से देखने की सलाह दी जा रही है और उनका टीवी पर तथा ऑनलाइन प्रसारण हो रहा है। कोरोना वायरस संक्रमण के मद्देनजर बकिंघम पैलेस ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे बड़ी संख्या में महल के बाहर एकत्र ना हों और ड्यूक की याद में फूल चढ़ाने की जगह जरुरतमंदों की मदद के लिए पैसे दान करें। पैलेस की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन ‘बुक ऑफ कंडोलेंस' जारी किया गया है।शुक्रवार को ड्यूक के निधन की घोषणा करते हुए बकिंघम पैलेस ने कहा था, ‘‘महारानी बेहद दुख के साथ अपने प्रिय पति के निधन की सूचना दे रही हैं। राजपरिवार और दुनिया भर के लोग उनके जाने का शोक मना रहे हैं।
- दुबई । अबू धाबी के बड़े शहजादे शेख मोहम्मद बिन जायेद अल नाहयान ने भारतीय मूल के उद्योगपति यूसुफअली एमए और 11 अन्य लोगों समुदायों में परमार्थ योगदान और अन्य अच्छे कार्यों के लिए अबू धाबी के शीर्ष नागरिक सम्मान से सम्मानित किया है। यूसुफअली (65) अबू धाबी के लुलु ग्रुप के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक हैं। यह समूह कई देशों में हाइपरमार्केट और खुदरा कंपनियों का परिचालन करता है। उन्हें शुक्रवार को सम्मानित किया गया। ‘द खलीज टाइम्स' की खबर के अनुसार, इन लोगों को विभिन्न क्षेत्रों मसलन स्वास्थ्य सेवा, सामुदायिक सेवा, मानवीय कार्यों के अलावा संस्कृति, धरोहर और पर्यावरण संरक्षण में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
- तेहरान । कोविड-19 महामारी की चौथी लहर के बीच ईरान ने शनिवार से 10 दिन का लॉकडाउन लागू करने की घोषणा की। सरकारी टीवी चैनल ने यह जानकारी दी। ईरान के कोरोना वायरस कार्यबल ने ''रेड जोन'' घोषित किए गए शहरों की अधिकतर दुकानों को बंद किए जाने के साथ ही कार्यालयों में एक तिहाई कर्मचारियों की उपस्थिति के आदेश दिए हैं। राजधानी तेहरान और देश के 250 अन्य शहरों एवं नगरों को ''रेड जोन'' घोषित किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि इन स्थानों पर कोरोना वायरस संक्रमण की दर अधिक है। ऐसे में सख्त प्रतिबंध लागू किए गए हैं। उन्होंने कहा कि देश का 85 फीसदी से अधिक भाग संक्रमण के स्तर के अनुसार ''रेड या ऑरेंज'' जोन में है।अधिकारियों ने कहा कि पारसी नववर्ष नवरोज के चलते दो सप्ताह तक चले उत्सवों के कारण बाजारों में भारी भीड़ देखी गई और सरकारी स्वास्थ्य नियमों का उल्लंघन कर समारोह आयोजित किए गए, जिसके बाद मामलों की संख्या में वृद्धि हुई। उन्होंने कहा कि सभी पार्क, रेस्तरां, बेकरी, ब्यूटी पार्लर और मॉल भी लॉकडाउन के दायरे में आएंगे। ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, शनिवार को देश में संक्रमण के 19,600 से अधिक नए मामले सामने आए, जबकि 193 मरीजों की मौत हुई।-File photo
- ह्यूस्टन। अमेरिका के ह्यूस्टन में शुक्रवार को आठ माह के बच्चे की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस का मानना है कि बच्चे के तीन साल के बड़े भाई के हाथ में घर में रखी बंदूक लग गई और उसी ने ही गोली चलाई।ह्यूस्टन पुलिस विभाग के सहायक प्रमुख वेंडी बैमब्रिज ने बताया कि बच्चे को शुक्रवार सुबह पेट में गोली लगी। परिवार के सदस्य घायल बच्चे को अस्पताल लेकर गए, जहां उसकी मौत हो गई। बैमब्रिज ने कहा, मैं सभी अभिभावकों से अपील करना चाहता हूं कि वे अपने हथियारों को घर में किसी की भी पहुंच से दूर रखें। आप हथियारों को सुरक्षित रखने के लिए कई चीजें कर सकते हैं। कृपया इस परिवार के लिए दुआ कीजिए। यह बहुत त्रासद घटना है। जांचकर्ताओं को शुरुआत में घटना में इस्तेमाल बंदूक नहीं मिली, लेकिन बाद में उस वाहन के अंदर से उसे बरामद कर लिया गया जिसमें परिवार के सदस्य बच्चे को अस्पताल लेकर गए थे। बैमब्रिज ने बताया कि जांचकर्ता और अभियोजक यह पता लगा रहे हैं कि इस मामले में कोई आरोप लगाया जाएगा या नहीं। file photo---
- बर्न। मिट्टी की गुणवत्ता जांचने के लिए वैज्ञानिक तरह-तरह के प्रयोग करते हैं। कभी मिट्टी को प्रयोगशाला में जांचा जाता है तो कभी खेत में। अब स्विट्जरलैंड में एक प्रयोग के तहत दो हजार अंडरवियर मिट्टी में गाड़े जा रहे हैं।स्विट्जरलैंड में खेत और बाग मालिक मिट्टी की गुणवत्ता के अध्ययन के लिए दो हजार सफेद अंडरवियर गाड़ रहे हैं। देश की अनुसंधान संस्थान एग्रोस्कोप स्वैच्छिक अध्ययन में शामिल लोगों को दो जोड़े सफेद अंडरवियर मिट्टी में दफनाने के लिए भेज रही है। बाद में इन अंडरवियरों की जांच की जाएगी, यह देखने के लिए कि छोटे जीवों द्वारा कपड़ा कितना नष्ट हुआ।इस प्रोजेक्ट के प्रमुख मार्सेल फॉन डेय हेइडन कहते हैं, "यह मिट्टी की गुणवत्ता का एक संकेतक है।" इकोलॉजिस्ट हेइडन बताते हैं कि इस तरह का प्रयोग कनाडा में किया जा चुका है लेकिन इस स्तर पर नहीं हुआ। यह पहले से ही मालूम है कि टी बैग्स को दफनाकर मिट्टी के स्वास्थ्य का पता लगाया जा सकता है। एग्रोस्कोप के इस प्रयोग में शामिल होने वाले किसान और बाग मालिक टी बैग्स को मिट्टी में गाड़ेंगे ताकि उनकी तुलना की जा सके। अंडरवियर वाले प्रयोग की विश्वसनीयता का परीक्षण करने के लिए वे बाद में मिट्टी के सैंपल भी अपने साथ ले जा सकेंगे।प्रयोग के तहत पहली बार एक अंडरवियर को मिट्टी से निकाला जाएगा और उसकी तस्वीर निकाली जाएगी। इसके एक महीने बाद दूसरा अंडरवियर निकाला जाएगा। अंडरवियर को घास के मैदान, खेत और पेड़-पौधों के नीचे गाड़ा जाएगा। मिट्टी से अंडरवियर को निकालने के बाद उसके प्राकृतिक रेशों के मिट्टी में मिलने का विश्लेषण डिजिटल तौर पर होगा, अंडरवियर में ज्यादा छेद होंगे तो इसका मतलब हुआ मिट्टी स्वस्थ है।इस प्रयोग से जुड़े एक सदस्य कहते हैं कि दुनिया भर में जमीन की स्थिति खराब है और लगातार और खराब होती जा रही है। जानकारों का कहना है जमीन की उर्वरा शक्ति कम हो रही है क्योंकि किसानों को जमीन से सावधानी से पेश आने के लिए पर्याप्त प्रोत्साहन नहीं मिल रहा है। (साभार-एए/सीके (डीपीए)
- नई दिल्ली। ब्रिटेन के प्रिंस फिलिप का शुक्रवार को निधन हो गया। वे 99 वर्ष के थे। प्रिंस ने 1947 में ब्रिटेन की राजकुमारी एलिजाबेथ से शादी की थी जो ब्रिटिश इतिहास में सबसे लंबे समय तक राज करने वाली महिला थीं।प्रिंस फिलिप और महारानी एलिजाबेथ की शादी 1947 में हुई थी। एडिनबर्ग के ड्यूक प्रिंस फिलिप का एक महीने तक अस्पताल में इलाज होने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रिंस फिलिप के निधन पर दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने ब्रिटेन की जनता तथा शाही परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। एक ट्वीट में श्री मोदी ने कहा कि उनका सैन्य सेवा में एक विशिष्ट स्थान था और उन्होंने कई सामुदायिक सेवा के लिए की गई पहल में अग्रणी भूमिका निभाई थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वे ब्रिटेन के नागरिकों और शाही परिवार के साथ हैं।
- संयुक्त राष्ट्र। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने बताया कि कोवैक्स कोविड-19 रोधी टीकों की उपलब्धतता कम होने और भारत में इसकी मांग बढऩे के बावजूद सभी देशों को टीके मुहैया करा सकता है।विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि कोवैक्स 2021 में कम से कम दो अरब टीकों की आपूर्ति कर सकता है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए कोवैक्स टीका निर्माताओं के साथ नए समझौतों की घोषणा करेगा। दुनिया भर में कोविड-19 रोधी टीके उपलब्ध कराने की वैश्विक पहल कोवैक्स अब तक 100 से अधिक देशों में जीवनरक्षक टीके उपलब्ध करा चुका है। इसने सबसे पहले 24 फरवरी 2021 को घाना को टीकों की आपूर्ति की थी। अभी तक तीन टीका निर्माताओं एस्ट्राजेनेका, फाइजर-बायोएनटेक और सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) ने छह महाद्वीपों पर 3.8 करोड़ से अधिक टीकों की आपूर्ति की है। जिन 100 देशों को टीके दिए गए हैं उनमें से 61 देश, 92 कम आय वर्ग वाली अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हैं।डब्ल्यूएचओ ने गुरुवार को कहा कि कोवैक्स का उद्देश्य उन सभी देशों को टीके उपलब्ध कराने का है जिन्होंने 2021 की पहली तिमाही में उससे टीकों की आपूर्ति करने का अनुरोध किया था। हालांकि मार्च और अप्रैल में टीकों की आपूर्ति में थोड़ी देर हुई।
- मेलबर्न/वेलिंगटन। न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न ने कोविड-19 के मामले बढऩे के कारण 11 अप्रैल से करीब दो हफ्तों के लिए भारत से आने वाले सभी यात्रियों के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगाने की गुरुवार को घोषणा की।भारत में कोरोना वायरस के मामले बढऩे के कारण न्यूजीलैंड के नागरिकों के भी देश में प्रवेश पर पाबंदी लगाई गई है। न्यूजीलैंड हेराल्ड की खबर के मुताबिक, अर्डर्न ने कहा कि यह प्रतिबंध रविवार को शुरू होगा और 28 अप्रैल तक जारी रहेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित अन्य देशों से भी पैदा हो रहे खतरे का आकलन करेगी। न्यूजीलैंड में कोरोना वायरस के 23 नए मामले आए हैं जिनमें से 17 संक्रमित लोग भारत से आए। इसके बाद यह यात्रा पाबंदी लगाई गई है। अर्डर्न ने कहा, यह स्थायी व्यवस्था नहीं है बल्कि अस्थायी कदम है। उन्होंने कहा कि कुछ देशों के यात्रियों पर पहले भी यात्रा पाबंदी रही है, लेकिन कभी भी न्यूजीलैंड के नागरिकों और निवासियों की यात्रा पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया। उन्होंने कहा कि वह भारत में न्यूजीलैंड वासियों के लिए इस अस्थायी निलंबन से पैदा होने वाली परेशानियों को अच्छे से समझती हैं। उन्होंने कहा, लेकिन मुझे जिम्मेदारी का भी अहसास है और यात्रियों के समक्ष पैदा हो रहे खतरों को कम करने के तरीके तलाश करने का दायित्व भी मुझ पर है।
- मेक्सिको सिटी। उत्तरी मेक्सिको के सोनोरा राज्य में दो बसों के टकरा जाने से 16 लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य लोग घायल हो गए। इन बसों में नोचे बुएना खदान के कर्मी सवार थे। दोनों बसों में मंगलवार को भोर से पहले आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में मारे गए सभी लोग मेक्सिको के नागरिक हैं। नोचे बुएना सोनोरा के काबोरका शहर से कुछ दूरी पर स्थित सोने की खदान है।
- वारी (नाइजीरिया)। दक्षिणपूर्वी नाइजीरिया में हमलावरों ने एक जेल पर निशाना साधते हुए मशीन गन और ग्रेनेड से रातभर हमले किए और इसी बीच 1800 से अधिक कैदी भागने में सफल रहे। प्राधिकारियों ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। स्थानीय निवासी उचे ओकाफोर ने बताया कि इमो राज्य के ओवेरी कस्बे में देर रात दो बजे हमले आरंभ हुए, जो दो घंटे चले। प्राधिकारियों ने बताया कि बंदूकधारियों ने अन्य अनेक पुलिस एवं सैन्य इमारतों पर भी हमले किए।नाइजीरिया जेल के प्रवक्ता फ्रांसिस एनोबोर ने कहा, ''भागे कैदियों को फिर से गिरफ्तार करने के प्रयास जोर-शोर से किए जा रहे हैं।'' पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने मशीन गन, ग्रेनेड और आईईडी से हमले किए।दक्षिण पूर्वी नाइजीरिया में दो सप्ताह पहले भी हिंसा हुई थी। उस समय चार पुलिस थानों, सुरक्षा चौकियों और जेल के वाहनों पर हमलों में कम से कम 12 सुरक्षा अधिकारी मारे गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली थी, लेकिन नाइजीरिया के पुलिस महानिरीक्षक ने क्षेत्र में सक्रिय अलगाववादी 'ईस्टर्न सिक्योरिटी नेटवर्क' को जिम्मेदार ठहराया था।
- ढाका। बांग्लादेश की शीतलाख्या नदी में 100 से अधिक लोगों को लेकर जा रही एक नौका के मालवाहक जहाज से टकरा जाने के कारण कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि घटना रविवार शाम नारायणगंज जिले में हुई जो राजधानी ढाका से करीब 16 किलोमीटर दक्षिण -पूर्व में स्थित है। राहत कार्य से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि पांच शव रविवार को बरामद कर लिये गए थे, जबकि 22 शवों को आज निकाला गया। राहत दल में नौसेना, तटरक्षक बल, दमकल सेवा और पुलिस के कर्मी शामिल थे। बांग्लादेश अंतर्देशीय जल परिवहन प्राधिकरकण (बीआईडब्ल्यूटीए) के अध्यक्ष कोमोडोर गुलाम सादेक ने यहां संवाददाताओं से कहा, “डुबी हुई नौका को निकालने का काम पूरा हो गया है।” वहीं टीवी पर सीधे प्रसारित किये जा रहे दृश्यों में घटनास्थल पर जुड़े पीड़ितों के परिजन व रिश्तेदार रोते-बिलखते नजर आ रहे थे। खबर के अनुसार मुंशीगंज स्थित शीतलाख्या नदी में सैयदपुर कोयला घाट के पास नौका ‘एमएल सबीत अल हसन' मालवाहक जहाज ‘एसकेएल-3' से टक्कर के बाद डूब गयी। ‘ढाका ट्रिब्यून' ने चश्मदीदों ने हवाले से बताया कि टक्कर के बाद मालवाहक जहाज वहां से फरार हो गया। नारायणगंज के उपायुक्त मुस्तैन बिला ने कहा कि अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) की अध्यक्षता में मामले की जांच के लिये सात सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, मृतकों के परिजनों को शवों के अंतिम संस्कार के लिए 25-25 हजार टका मुआवजे के रूप में देगा। जांच समिति को अगले पांच दिनों में अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा गया है।बीआईडब्ल्यूटीए ने भी घटना की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया है।नौका पर करीब 150 लोगों के सवार होने का अनुमान है। तटीय पुलिस प्रभारी दीपक चंद्र साहा ने पुष्टि की कि 50-60 लोग तैरकर नदी के किनारे पर आ गए जिनमें से तीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- नयी दिल्ली । फ्रांस ने छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के हमले में सुरक्षा बलों के 22 जवानों के शहीद होने की घटना पर शोक व्यक्त किया है। फ्रांस के राजदूत इमैनुएल लेनाइन ने ट्वीट किया, छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों की जान जाने के लिए गहरी संवेदनाएं। मृतकों के परिजनों के प्रति और घायलों के प्रति हमारी संवेदनाएं, हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना करते हैं।'' उन्होंने कहा,‘‘ फ्रांस आतंकवाद के किसी भी रूप के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ खड़ा है।
- जकार्ता। पूर्वी इंडोनेशिया में मूसलाधार वर्षाजनित हादसों में कम से कम 55 लोगों की मौत हो गई और हजारों लोग विस्थापित हो गए। देश की आपदा राहत एजेंसी ने बताया कि बारिश के कारण 40 से अधिक लोग लापता हैं। स्थानीय आपदा एजेंसी के प्रमुख लेनी ओला ने बताया कि ईस्ट नूसा टेंगारा प्रांत के एडोनारा द्वीप में आधी रात के बाद लामेनेले गांव में हजारों घरों पर आस-पास की पहाड़ियों से कीचड़ गिरा, जिसके कारण मारे गए 38 लोगों के शवों को बचावकर्ताओं ने बरामद कर लिया है और कम से कम पांच लोग घायल हैं। राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण एजेंसी ने बताया कि बाढ़ के कारण कम से कम 17 अन्य लोगों की मौत हो गई और कम से कम 42 लोग लापता हैं। एजेंसी प्रवक्ता रादित्या जती ने बताया कि बिजली आपूर्ति ठप होने और सड़कों पर कीचड़ एवं मलबा होने के कारण राहत कार्य बाधित हुआ। उन्होंने बताया कि रविवार रात तक सैकड़ों लोग राहत कार्य में जुटे रहे। बाढ़ और भूस्खलन के कारण कम से कम छह गांव प्रभावित हुए हैं। प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरान जान-माल के हुए नुकसान की सटीक जानकारी हासिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
- बीजिंग । पूर्वी चीन के जियांगशु प्रांत में रविवार तड़के एक ट्रक और यात्री बस की टक्कर में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए। शेनयांग-हाएकोउ एक्सप्रेस-वे पर ट्रक डिवाइडर तोड़कर बस से टकरा गया, जिससे बस पलट गई और दो अन्य ट्रकों से जा टकराई। सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ' की खबर के अनुसार घायलों को एक निकटवर्ती अस्पताल ले जाया गया है जिनकी सटीक संख्या की अभी पुष्टि नहीं हुई है। खबर में कहा गया है कि दुर्घटना संबंधी जांच जारी है।
- लॉस एंजिलिस। गायिका मारिया कैरी ने कोविड-19 रोधी टीके की पहली खुराक ली है। कैरी ने एक वीडियो साझा कर यह जानकारी दी। कई बार ग्रैमी पुरस्कार जीत चुकी गायिका ने इंस्ट्राग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह टीका लगवाते हुए दिख रही हैं। इस वीडियो में वह कह रही हैं कि वह टीका लगवाने के लिए ‘उत्साहित भी हैं और थोड़ी घबराई' हुई भी हैं। कैरी ने कहा कि कोविड-19 वैश्विक महामारी के खिलाफ लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। गायिका ने लोगों से टीका अवश्य लगवाने की अपील की।
- न्यूयॉर्क। हैकरों की एक वेबसाइट पर 50 करोड़ से अधिक फेसबुक यूजर (उपयोगकर्ताओं) के डेटा की जानकारी उपलब्ध है। यह सूचना कई साल पुरानी प्रतीत होती है, लेकिन यह फेसबुक एवं अन्य सोशल मीडिया साइट द्वारा एकत्र की जाने वाली विस्तृत जानकारी की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करती है।डेटा उपलब्ध होने की जानकारी बिजनेस इनसाइडरÓ वेबसाइट ने दी। इस वेबसाइट के अनुसार, 106 देशों के लोगों के फोन नंबर, फेसबुक आईडी, पूरे नाम, स्थान, जन्मतिथि और ईमेल पते ऑनलाइन उपलब्ध है।लोगों की जानकारी की सुरक्षा को लेकर फेसबुक पर कई साल से सवाल उठते रहे हैं। सोशल मीडिया कंपनी ने 2018 में फोन नंबर के जरिए यूजर के खातों को खोजने की सुविधा इस खुलासे के बाद बंद कर दी थी कि राजनीतिक कंपनी कैम्ब्रिज एनालिटिका ने आठ करोड़ 70 लाख फेसबुक यूजर की जानकारी उनकी जानकारी या सहमति के बिना प्राप्त कर ली। यूक्रेन के एक सुरक्षा अनुंसधानकर्ता ने दिसंबर 2019 में बताया था कि 26 करोड़ 70 लाख फेसबुक यूजर की जानकारी इंटरनेट पर उपलब्ध है। अभी यह अस्पष्ट है कि बिजनेस इनसाइडर ने जिस डेटा के उपलब्ध होने की जानकारी दी है, वह दिसंबर 2019 में मिले डेटा से संबंधित है या नहीं। फेसबुक ने एक बयान में कहा, यह पुराना डेटा है, जिसकी जानकारी 2019 में दी गई थी। हमने इस समस्या को अगस्त 2019 में ही दूर कर दिया था।
- लाहौर । पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बृहस्पतिवार को सड़क दुर्घटना में तीन बच्चों समेत एक ही परिवार के आठ सदस्यों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि बुरेवाला से लाहौर लौट रही कार की टक्कर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से हो गई। यह घटना वाहन के तेज रफ्तार की वजह से बुरेवाला के लुडान रोड पर हुई। यह घटना लाहौर से 140 किलोमीटर की दूरी पर हुई। उन्होंने बताया कि वाहन की गति तेज होने से चालक उसपर नियंत्रण खो बैठा और वह सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। अधिकारी ने बताया कि टक्कर इतनी खतरनाक थी कि सभी आठ यात्रियों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मृतकों में तीन बच्चे और कई महिलाएं हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री उस्मान बुजदार ने लोगों की मौत पर दुख प्रकट किया है।
- काठमांडू। नेपाल की राजधानी काठमांडू में रविवार को कोविड-19 संबंधी सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने और भीड़ एकत्र करने के आरोप में होली का उत्सव मनाने निकले 60 लोगों को हिरासत में ले लिया गया जबकि 400 से अधिक बाइक भी जब्त की गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी। शहर के मशहूर बसंतपुर दरबार चौराहे पर रविवार सुबह से होली का उत्सव मनाने हजारों की संख्या में युवक एवं युवतियां एकत्र हुए। पुलिस ने भीड़ एकत्र होने से रोकने के लिए काठमांडू में विभिन्न स्थानों पर यातायात चेकिंग भी बढ़ाई। नेपाल पुलिस के प्रवक्ता बसंत बहादुर कुंवर ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने समेत अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने को लेकर 1,000 से अधिक वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि इस दौरान 458 बाइक जब्त की गईं। नेपाल में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 89 नए मामले सामने आए, जिसके साथ ही देश में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 2,76,839 तक पहुंच गई।
- मेक्सिको सिटी ।एरिजोना जा रहा एक छोटा विमान उत्तरी मेक्सिको के सोनोरा में शनिवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में छह लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। विमान ने सोनोरा के हर्मोसिलो से उड़ान भरी थी और इसे एरिजोना जाना था। उड़ान भरने के तुरंत बाद ही विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मृतकों में सोनोरा राज्य के सरकारी आर्थिक विकास अधिकारी लियोनार्दो सिस्कोमानी शामिल हैं। हादसे में पायलट की भी मौत हो गई। राज्य अभियोजन कार्यालय ने बताया कि घटना के पीछे की वजहों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
- ढाका। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी दो दिवसीय बांग्लादेश यात्रा के दूसरे दिन की शुरुआत सत्खिरा स्थित प्राचीन जशोरेश्वरी काली मंदिर में देवी काली की पूजा अर्चना से की और इस दौरान समस्त मानव जाति के कल्याण की कामना की। कई शताब्दियों पुराना यह मंदिर 51 शक्तिपीठों में से एक है। मंदिर परिसर में पहुंचने पर प्रधानमंत्री का स्वागत शंख बजाकर, तिलक लगाकर और अन्य पारंपरिक तरीकों से किया गया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने विधि-विधान से मां काली की पूजा अर्चना की। उन्होंने मां काली को एक मुकुट, साड़ी व अन्य पूजन सामग्रियां भी अर्पित की और अंत में मंदिर की परिक्रमा भी की। बाद में उन्होंने कहा कि मंदिर में पूजा अर्चना कर उन्होंने पूरी मानव जाति के कल्याण की कामना की।उन्होंने कहा, ‘‘आज मुझे 51 शक्तिपीठों में से एक मां काली के चरणों में आने का सौभाग्य मिला। मेरी कोशिश रहती है कि मौका मिले तो 51 शक्तिपीठों में कभी ना कभी जाकर अपना मत्था टेकूं।'' मोदी ने कहा कि वर्ष 2015 में वह जब बांग्लादेश आए थे तो उन्हें मां ढाकेश्वरी के चरणों में शीश झुकाने का अवसर मिला था और आज मां काली के चरणों में आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘आज मानव जाति कोरोना के कारण अनेक संकटों से गुजर रही है, मां से यही प्रार्थना है कि पूरी मानव जाति को कोरोना के इस संकट से जल्द से जल्द मुक्ति दिलाएं।'' प्रधानमंत्री ने ‘‘सर्वे भवंतु सुखिन:'' के मंत्र का उल्लेख किया और ‘‘वसुधैव कुटुम्बकम'' को भारतीय संस्कृति की विरासत बताते हुए कहा, ‘‘हम पूरी मानव जाति के कल्याण के लिए प्रार्थना करते हैं।'' उन्होंने कहा कि जब यहां मां काली की पूजा का मेला लगता है तो बहुत बड़ी तादाद में भक्त आते हैं जिनमें सीमापार के श्रद्धालु भी शामिल होते हैं। उन्होंने यहां एक सामुदायिक केंद्र के निर्माण की आवश्यकता बताते हुए कहा कि भारत सरकार यहां इसके निर्माण का कार्य करेगी ताकि जब काली पूजा के समय लोग यहां आएं तो यह उनके उपयोग में आए। आपदा के समय भी यह काम आए। उन्होंने कहा, ‘‘भारत सरकार यहां पर निर्माण कार्य कराएगी। इसके लिए बांग्लादेश सरकार ने शुभकामनाएं प्रकट की है। इसके लिए मैं उनका आभार प्रकट करता हूं।प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को ढाका पहुंचे थे जहां उनकी अगवानी बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने की। हसीना के साथ उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी भी हजरत शाहजलाल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उपस्थिति थे। मोदी के सम्मान में 19 तोपों की सलामी और गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। कोविड-19 महामारी की शुरुआत के बाद प्रधानमंत्री की यह पहली विदेश यात्रा है। यह यात्रा शेख मुजीबुर रहमान की जन्मशताब्दी, भारत और बांग्लादेश के बीच राजनयिक संबंध स्थापित होने के पचास वर्ष पूरे होने और बांग्लादेश मुक्ति संग्राम के पचास वर्ष पूरे होने से संबंधित हैं। प्रधानमंत्री ने इससे पहले वर्ष 2015 में बांग्लादेश की यात्रा की थी।
- काहिरा । मिस्र की राजधानी काहिरा में शनिवार तड़के नौ मंजिला एक अपार्टमेंट की इमारत ढहने से पांच लोगों की मौत हो गई और तकरीबन 24 अन्य घायल हो गये। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। काहिरा शासन के प्रशासनिक प्रमुख खालिद अब्दुल-अल ने बताया कि बचावकर्मी अल-सलाम में इमारत के मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने एक बयान में बताया कि इस हादसे में 24 अन्य घायल हो गये, जिन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने क्षेत्र को घेर लिया है। कर्मचारी मलबे को हटाने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल करते देखे गए। अब्दुल-अल ने बताया कि इमारत ढहने के कारण का तत्काल पता नहीं चल सका है।गौरतलब है कि सरकार ने हाल ही में देशभर में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है और उल्लंघन करने वालों को जेल भेजा जा रहा है। सरकार ने कई मामलों में इमारतों को ढहाने की कार्रवाई भी शुरू की है।
- आयोवा सिटी (अमेरिका) । अमेरिका के आयोवा में एक कैदी ने जेल अधिकारियों पर हमला कर दिया जिसमें एक नर्स और एक अधिकारी की मौत हो गई। इस जेल में आयोवा के कुछ सबसे खतरनाक अपराधी कैद हैं। ‘आयोवा करेक्शन (सुधार) डिपार्टमेंट' की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, हमला मंगलवार सुबह करीब सवा 10 बजे पूर्वी अयोवा के अनामोसा शहर के ‘प्रिजन इंफरमरी' में किया गया। विभाग ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।विभाग ने बयान में कहा, ‘‘ विभाग इस बात की पुष्टि कर सकता है कि एक कैदी ने ‘प्रिजन इंफरमरी' में स्टाफ के कई सदस्यों और कैदियों पर हमला कर दिया। हमले में एक नर्स और एक अधिकारी की मौत हो गई।'' उसने बताया कि अतिरिक्त बल ने मौके पर पहुंच कैदी को काबू में किया। कैदी की पहचान अभी उजागर नहीं की गई है। घटना में घायल लोगों का इलाज चल रहा है। कितने लोग घायल हुए हैं, इस संबंध में भी अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।