जिस युवक की हत्या के आरोप में भाजपा नेता समेत चार गिरफ्तार हुए, वह जिंदा निकला
बरेली (उप्र) । बरेली जिले की मीरगंज थाने की पुलिस ने जिस युवक की कथित हत्या के आरोप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला पंचायत सदस्य समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया था, वह युवक जीवित बरामद किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने यह भी कहा कि युवक के जीवित मिलने के बाद आरोपी बनाए गए लोगों को रिहा कराने की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शनिवार को ‘कथित विकास सिंह अपहरण-हत्याकांड' मामले की गुत्थी सुलझाते हुए विकास को चंदौसी से बरामद कर लिया।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार-शनिवार की रात को विकास सिंह को मीरगंज पुलिस ने उसके तहेरे (ताऊ का बेटा) भाई चंदौसी निवासी अनुज के घर से सकुशल बरामद कर लिया। इससे पहले विकास सिंह मामले में पुलिस ने मंगलवार को मीरगंज के भाजपा के जिला पंचायत सदस्य निरंजन यदुवंशी, उनकी पत्नी मंजू यदुवंशी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से कथित तौर पर अपहृत विकास के मोबाइल फोन की डिस्प्ले, उसकी हवाई चप्पल और घटना में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार बरामद करने का दावा किया था। अग्रवाल ने बताया था कि विकास सिंह की मां मीरा सिंह ने आरोप लगाया था कि जिला पंचायत सदस्य निरंजन यदुवंशी ने साजिश के तहत उनके बेटे विकास सिंह (23) का अपहरण कर हत्या के बाद उसके शव को छुपा दिया है। उन्होंने बताया कि बीती तीन अप्रैल को विकास सिंह के मोबाइल पर फोन आया था। इस दौरान वह फोन पर बात करता हुआ घर के बाहर चला गया था, जिसके बाद से ही उसका अब तक कोई सुराग नहीं लगा है। अग्रवाल ने शनिवार को बताया कि पुलिस द्वारा बरामद किये जाने के बाद विकास ने पूछताछ में बताया कि मंजू ने उसे फोन किया था और उसके बुलावे पर वह ग्राम ठिरिया खुर्द गया था, जहां आरोपियों ने उससे मारपीट की, उसे गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके मोबाइल को तोड़ दिया। इसी दौरान वह मौका पाकर अपनी पहनी हुई चप्पल छोड़कर वहां से भाग निकला। अग्रवाल ने बताया कि मीरगंज पुलिस ने विकास से जुड़े मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद विज्ञप्ति जारी करके बताया था कि घटनास्थल ठिरिया खुर्द से विकास के अपहरण के संबंध में साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी निरंजन यदुवंशी सहित उसकी पत्नी नथपुरा निवासी मंजू यदुवंशी तथा मीरगंज थाना क्षेत्र के जाम निवासी समरपाल एवं विनोद को गिरफ्तार किया था। उन्होंने कहा कि विकास सिंह की बरामदगी के बाद आरोपी बनाए गए लोगों को रिहा कराने की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







.jpg)
.jpg)
Leave A Comment