विवाह की पूर्व संध्या पर दुल्हन के पिता की हत्या...!, चार गिरफ्तार
तिरुवनंतपुरम. केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के कल्लमबलम के पास मंगलवार रात चार व्यक्तियों ने एक लड़की के विवाह से एक दिन पहले उसके पिता की हत्या कर दी। लड़की का विवाह बुधवार को होने वाला था लेकिन शादी के स्थान पर उसके पिता का अंतिम संस्कार किया गया। लड़की के पिता राजू (61) की कथित तौर पर चार आरोपी जिष्णु, उसके भाई जिजिन और उनके दो दोस्तों ने मंगलवार रात उसके घर के परिसर में तब कथित तौर पर हत्या कर दी, जब विवाह से पहले की रस्में समाप्त हो गई थीं और सभी मेहमान चले गए थे। राजू के एक नजदीकी रिश्तेदार ने बताया कि आरोपी जिष्णु और आरोपी जिजिन का परिवार पीड़ित का पड़ोसी है और वे कुछ साल पहले राजू की बेटी के विवाह का प्रस्ताव लेकर आए थे, लेकिन परिवार ने दोनों के कथित आपराधिक इतिहास के कारण उसे अस्वीकार कर दिया था। विवाह यहां शिवगिरि में पूर्वाह्न 11.10 बजे होने वाला था। बुधवार को जब सजावट हटाई जा रही थी, पीड़ित राजू के चचेरे भाई ने मीडिया को बताया कि सभी मेहमानों के जाने के बाद चार लोग हंगामा उत्पन्न करने के इरादे से आए थे। उन्होंने कहा, ''हमलावरों ने सबसे पहले दुल्हन पर हमला किया। जब उसकी मां बचाने आई तो हमलावरों ने उस पर भी हमला किया। इस दौरान मेरे भाई ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने उसके सिर पर बेचले से प्रहार कर दिया।'' पीड़ित के चचेरे भाई ने कहा, ‘‘हमलावरों ने पास में रहने वाले हमारे एक रिश्तेदार के सिर पर भी हमला किया जो पीड़ित की मदद के लिए आगे आया था। उसके सिर पर छह-सात टांके लगे हैं।'' उन्होंने कहा कि पीड़ित को अस्पताल ले जाने के दौरान हमलावरों ने उस वाहन का पीछा किया जिसमें उन्हें ले जाया जा रहा था और यह जानने के बाद वहां से फरार हो गए कि उनकी मौत हो गई है। उन्होंने कहा, ''बाद में उन्हें इलाके के लोगों ने पकड़ लिया।'' बाद में पुलिस ने कहा कि आरोपियों ने राजू और उनके परिवार के सदस्यों पर हमला करने और उनकी पिटाई करने की बात स्वीकार की है। जिला पुलिस प्रमुख (ग्रामीण) डी. शिल्पा ने अपराध स्थल का निरीक्षण करने और पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘असली मकसद और क्या यह पूर्व नियोजित था, यह आरोपियों से आगे की पूछताछ के दौरान पता चलेगा। आरोपियों में से एक का दावा है कि वह दुल्हन के करीब था, लेकिन उसके परिवार के इसके खिलाफ होने के कारण, उसका विवाह किसी और के साथ तय हो गया था।'' उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए वह नाखुश था और परेशानी पैदा करने के लिए पीड़ित के घर आया। इसकी शुरुआत तीखी बहस से हुई और फिर पीड़ित और उसके परिवार के सदस्यों पर हमला हुआ।'' राज्य के शिक्षा मंत्री वी शिवनकुट्टी ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि यह एक "चौंकाने वाली" घटना है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार हर संभव कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आरोपियों द्वारा कथित तौर पर नशीली दवाओं का उपयोग भी एक कारक हो सकता है जिसके चलते उन्होंने राजू पर हमला किया। दोपहर में राजू का शव परिवार को सौंपे जाने के बाद, उसे रिश्तेदारों, दोस्तों और पड़ोसियों के अंतिम दर्शन के लिए घर के सामने रखा गया। लोगों के विवाह से संबंधित समारोह के लिए इकट्ठा होने के बजाय, सैकड़ों लोग मृतक को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए जुटे। इसके बाद घर के परिसर में ही हिंदू रीति-रिवाज से शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इससे पहले दिन में पीड़ित की एक महिला रिश्तेदार ने कहा कि दुल्हन एम. एससी. तक की पढ़ाई की है जबकि आरोपी ने स्नातक भी नहीं किया। उन्होंने कहा कि विवाह का प्रस्ताव अस्वीकार किये जाने के बाद आरोपियों ने परिवार को धमकी दी थी।







.jpg)

.jpg)
Leave A Comment