मप्र में चल रही परिवर्तन की प्रचंड लहर : प्रियंका गांधी
ग्वालियर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को कहा कि भाजपा शासित राज्य में परिवर्तन की व्यापक लहर है। वह केंद्रीय मंत्री और पूर्व कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के गृह क्षेत्र ग्वालियर में एक रैली को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने यहां स्वतंत्रता सेनानी रानी लक्ष्मीबाई को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि हाल में उन्होंने वरिष्ठ विपक्षी नेताओं को चोर बताकर उनका अपमान किया।
उन्होंने कहा, ‘‘मणिपुर में भयानक अत्याचार हुआ। हमारे प्रधानमंत्री ने 77 दिन तक कोई बयान नहीं दिया, एक लफ्ज नहीं कहा। एक भयानक वीडियो जारी होने के बाद कल मजबूरी में एक वाक्य बोला। इसमें भी राजनीति घोल दी और उन प्रदेशों का नाम लिया जहां विपक्ष की सरकार है।’’पिछले 40 दिन में प्रियंका का मप्र में यह दूसरा दौरा है। प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होना है।
पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि ग्वालियर पहुंचने पर कांग्रेस महासचिव का जोरदार स्वागत किया गया।इससे पहले, प्रियंका ने 12 जून को जबलपुर में एक रैली को संबोधित कर प्रदेश में अपनी पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत की थी।उन्होंने जबलपुर में कहा था कि अगर कांग्रेस प्रदेश में सत्ता में आती है तो वह पांच योजनाएं लागू करेगी जिनमें महिलाओं को प्रति माह 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता, 100 यूनिट मुफ्त बिजली और कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना की बहाली शामिल है।

.jpg)





.jpg)

.jpg)
Leave A Comment