प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लक्षद्वीप में कृषि और कुक्कुट पालन परियोजनाओं की तारीफ की
कवरत्ती. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लक्षद्वीप में ‘आत्मनिर्भर भारत' पहल के तहत शुरू की गई दो कृषि परियोजनाओं-सब्जी की खेती और कुक्कुट पालन- की तारीफ की और कहा कि यह नयी चीजें सीखने और स्वीकार करने के प्रति इस द्वीपीय समूह के लोगों के उत्साह को दिखाता है। केंद्रशासित प्रदेश लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल्ल के. पटेल के ट्वीट के जवाब में प्रधानमंत्री ने यह तारीफ ट्विटर पर की। पटेल ने अपने ट्वीट में वर्ष 2022 में शुरू की गई ‘न्यूट्री गार्डन परियोजना' के सफल परिणाम का जिक्र किया था। पटेल ने शनिवार को अपने ट्वीट में कहा था कि इस परियोजना के तहत 1000 किसानों को सब्जी के बीज दिये गये थे और परियोजना के सफल रहने का परिणाम यह हुआ कि क्षेत्र में सब्जियों की आपूर्ति बढ़ गई। पटेल के ट्वीट के जवाब में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘अच्छा प्रयास, बेहतरीन परिणाम। इस पहल ने दिखा दिया कि नयी चीजों को सीखने और स्वीकार करने के प्रति लक्षद्वीप के लोग कितने उत्सुक हैं।'' लक्षद्वीप के प्रशासन की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण पर अमल और सब्जियों के उत्पादन और आपूर्ति के लिहाज से लक्षद्वीप को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ओकरा, टमाटर, बैगन, मिर्च, चौलाई आदि के बीज किसानों को दिये गये। इसमें कहा गया कि विभिन्न द्वीपों से चयनित किये गये 1000 किसानों को पौधे उगाने के बैग और ऑर्गेनिक खाद उपलब्ध कराई गई। इसी तरह फलों के 8000 पौधे दिये गये जिसमें पपीता, केला, नींबू, अमला, अमरूद आदि शामिल हैं।
विज्ञप्ति में घर पर कुक्कुट पालन योजना का भी ब्योरा दिया गया है, जिसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर 600 से अधिक परिवारों को कड़कनाथ और कावेरी जैसे 7,000 से अधिक देशी नस्ल के चूजे दिये गये और उन्हें पालने का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें कहा गया है कि इस परियोजना का परिणाम परिवारों को होने वाली अतिरिक्त आय, महिला सशक्तीकरण और स्थानीय आबादी द्वारा अधिक पौष्टिक भोजन खाने के रूप में सामने आया।


.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

.jpg)
Leave A Comment