सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत; तीन अन्य घायल
भुवनेश्वर. ओडिशा के गंजाम जिले में एक ट्रक ने तीन दोपहिया वाहनों को रौंद दिया, जिससे कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। दुर्घटना ब्रह्मपुर शहर से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर हल्दियापदर में हुई।
एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के अधीक्षक दुर्गा माधव सतपथी ने कहा, "दुर्घटना में मारे गए सभी पांच लोगों के शव यहां लाये गए।" पुलिस ने पहले बताया था कि दुर्घटना में छह लोग घायल हुए हैं, लेकिन बाद में पता चला कि केवल तीन लोग घायल हुए और वे सभी राहगीर थे। दक्षिणी रेंज की आईजी नीति शेखर ने कहा कि ट्रक राजमार्ग पर गलत दिशा में जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि दुर्घटना इतनी भीषण थी कि मृतकों के शव राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिखरे पड़े मिले।
दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर यातायात कई घंटों तक रुका रहा।
ब्रह्मपुर पुलिस अधीक्षक श्रवण विवेक एम ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने कहा, "दुर्घटना का सटीक कारण गहन जांच के बाद ही पता चलेगा।"
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान अयोध्या नगर के सुरय नारायण पांडा (41), गुंथुबांध के सिबाराम जेना (35), फुल्टा के जगा नाहक (20) और राकेश नाहक (22) और जराडा के पास खरियागुड़ा के सत्य नारायण बेज के रूप में हुई है। ओडिशा के मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा, ''गंजाम जिले के ब्रह्मपुर के पास हल्दियापादर में हुए सड़क हादसे में जानमाल की हानि पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शोक व्यक्त किया है।'' इसने कहा कि माझी ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों के लिए चार-चार लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की। विपक्ष के नेता और बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक तथा केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी अलग-अलग सोशल मीडिया पोस्ट में, दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया।

.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)
.jpg)
Leave A Comment