- Home
- देश
-
देहरादून. उत्तराखंड सरकार ने सातवें वेतन आयोग के तहत अपने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (डीए) 42 प्रतिशत प्रतिमाह से बढ़ाकर 46 प्रतिशत कर दिया है। यहां जारी एक आदेश में यह जानकारी दी गई। संशोधित महंगाई भत्ता एक जुलाई 2023 से प्रभावी होगा, और लाभार्थियों को बकाये का भुगतान नकदी में किया जाएगा। आदेश के अनुसार, एक जनवरी 2024 से संशोधित महंगाई भत्ता कर्मचारियों को उनके प्रति माह के वेतन के साथ अदा किया जाएगा। इसमें कहा गया है कि यह राज्य सरकार के कर्मचारियों और सरकार से सहायता प्राप्त शैक्षणिक एवं तकनीकी शैक्षणिक संस्थानों के नियमित एवं पूर्णकालिक कर्मचारियों पर लागू होगा।
-
नई दिल्ली। राजपथ पर इस साल गणतंत्र दिवस की परेड में मेड इन इंडिया हथियार आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगे। परेड के दौरान स्वदेशी हथियार जैसे एलसीएच प्रचंड हेलीकॉप्टर, पिनाका मल्टी बैरल रॉकेट लॉन्चर और एंटी टैंक मिसाइल नाग का प्रदर्शन किया जाएगा। एलसीएच प्रचंड हेलीकॉप्टर देश का पहला स्वदेशी मल्टी रोल कॉम्बैट हेलीकॉप्टर है, जिसे हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड द्वारा डिजाइन किया गया है।
एलसीएच प्रचंड ग्राउंड अटैक और हवाई हमले में सक्षम है। यह हेलीकॉप्टर आधुनिक स्टील्थ तकनीक से लैस है, जिसमें आर्मर प्रोटेक्शन और रात में हमला करने की भी क्षमता मौजूद है। इसमें आधुनिक नेविगेशन सिस्टम, और हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलें लगाई गई हैं। नाग मिसाइल सिस्टम को डीआरडीओ द्वारा विकसित किया गया है। दुश्मनों के टैंकों को तबाह करने में यह मिसाइल काफी कारगर है और खास बात ये है कि यह मिसाइल सिस्टम दिन और रात दोनों समय हमले करने में सक्षम है। यह मिसाइल टॉप अटैक क्षमताओं और ऑटोमैटिक तरीके से अपने लक्ष्य को भेदने में सक्षम है। नाग मिसाइल का कैरियर NAMICA बीएमपी-2 पर आधारित सिस्टम है और इसे जमीन के साथ ही पानी की सतह से भी फायर किया जा सकता है।गणतंत्र दिवस की परेड के दौरान आधुनिक बख्तरबंद गाड़ियां और अन्य विशेषज्ञ वाहन भी प्रदर्शित किए जाएंगे। इस साल गणतंत्र दिवस की परेड में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रां मुख्य अतिथि होंगे। मेड इन इंडिया हथियारों में टी-90 टैंक, बीएमपी-2 इंफेंट्री कॉम्बैट वाहन, ड्रोन जैमर्स, एडवांस्ड सर्वत्र ब्रिज, सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें और मल्टी फंक्शन रडार आदि का भी प्रदर्शन किया जाएगा। file photo -
नई दिल्ली। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सीमा सड़क संगठन अथवा जनरल रिजर्व इंजीनियर फोर्स के लिए कार्यरत अस्थायी मजदूरों के लिए समूह बीमा योजना शुरू करने को मंजूरी दे दी है। इस योजना में , मजदूर की मृत्यु होने पर परिवार या निकटतम परिजन को दस लाख रुपये की राशि देने का प्रावधान है।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह योजना खतरनाक कार्यस्थलों, खराब मौसम, दुर्गम इलाकों और व्यवसायजन्य स्वास्थ्य खतरों को ध्यान में रखते हुए लागू की जा रही है।मंत्रालय ने कहा कि यह योजना देश के दूरदराज के इलाकों में काम करने वाले अस्थायी मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करेगी। हाल ही में, रक्षा मंत्री ने अस्थायी मजदूरों के लिए कुछ अन्य कल्याणकारी उपायों को भी मंजूरी दी है। इनमें शव को संरक्षित रखने और उसे गंतव्य तक पहुंचाने, अटेंडेंट को परिवहन भत्ता देने, अंत्येष्टि के लिए दस हजार रुपये प्रदान करने और मृत्यु के मामले में तत्काल सहायता के रूप में पचास हजार रुपये की अनुग्रह राशि का अग्रिम भुगतान करना शामिल हैं। - नयी दिल्ली. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि 22 जनवरी को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन अयोध्या हवाई अड्डे पर 100 चार्टर्ड उड़ानों के उतरने की उम्मीद है। अयोध्या में महर्षि वाल्मिकी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन 30 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। आदित्यनाथ ने कहा कि 22 जनवरी को करीब 100 चार्टर्ड उड़ानों के अयोध्या हवाई अड्डे पर उतरने का अनुमान है। अयोध्या से अहमदाबाद के लिए एयरलाइन इंडिगो की उड़ान सेवा के उद्घाटन के लिए ऑनलाइन आयोजित समारोह में उन्होंने यह बात कही। कार्यक्रम में आदित्यनाथ ने लखनऊ से और नागरिक विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राष्ट्रीय राजधानी से ऑनलाइन हिस्सा लिया।
- गांधीनगर. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष एस सोमनाथ ने बृहस्पतिवार को यहां कहा कि भारत अपनी मौजूदा क्षमताओं का इस्तेमाल करते हुए 2028 तक पहला भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करना चाहेगा। वह 10वें ‘वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट' के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के संदर्भ में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘हम अपनी मौजूदा प्रक्षेपण क्षमताओं का इस्तेमाल करते हुए 2028 तक पहला भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करना चाहेंगे। और हम इसे प्रयोगशाला में तब्दील करना चाहेंगे जहां आप आएं और प्रयोग करें।'' इसरो प्रमुख ने कहा इसकी स्थापना के बाद इसरो ऐसी कंपनियों और संस्थाओं का पता लगाएगा जो भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन का उपयोग कर सकेंगे और इसके माध्यम से आर्थिक गतिविधियां कर सकेंगे। सोमनाथ ने कहा कि उनका मानना है कि यह संभव है। सोमनाथ ने कहा कि चंद्रमा पर मानव के पहुंचने का भी आर्थिक प्रभाव होगा क्योंकि भविष्य में केवल पृथ्वी के इर्दगिर्द ही रणनीतिक गतिविधियां नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि उद्योगों को पृथ्वी पर अनेक कार्यों के लिए अगले 5 से 10 साल में सैकड़ों अंतरिक्षयान बनाने होंगे।
- नई दिल्ली। भारत ने शुक्रवार को ओडिशा के चांदीपुर अपतटीय क्षेत्र स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज (आईटीआर) से नयी पीढ़ी की ‘आकाश’ मिसाइल का सफल परीक्षण किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि यह परीक्षण रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा बहुत कम ऊंचाई पर उच्च गति वाले मानवरहित हवाई लक्ष्य को निशाना बनाकर किया गया। अधिकारियों ने कहा कि परीक्षण के दौरान अस्त्र प्रणाली ने लक्ष्य को सफलतापूर्वक रोका और नष्ट कर दिया। अधिकारियों ने कहा, “स्वदेशी रूप से विकसित रेडियो फ्रीक्वेंसी सीकर, लॉन्चर, बहु कार्य रडार और कमान, नियंत्रण एवं संचार प्रणाली के साथ मिसाइल से युक्त संपूर्ण अस्त्र प्रणाली का कामकाज सटीक साबित हुआ।”प्रणाली का प्रदर्शन आईटीआर, चांदीपुर द्वारा स्थापित कई रडार, टेलीमेट्री और इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल ट्रैकिंग सिस्टम द्वारा प्राप्त डेटा के अनुसार भी सटीक माना गया। परीक्षण को डीआरडीओ, भारतीय वायुसेना (आईएएफ), भारत डायनेमिक्स लिमिटेड (बीडीएल) और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के वरिष्ठ अधिकारियों ने देखा।आकाश-एनजी प्रणाली एक अत्याधुनिक मिसाइल प्रणाली है जो त्वरित गति से आने वाले हवाई लक्ष्यों को रोकने में सक्षम है। इस सफल उड़ान परीक्षण ने अब अस्त्र प्रणाली के उपयोग के लिए परीक्षणों का मार्ग प्रशस्त कर दिया है।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने परीक्षण के लिए डीआरडीओ, आईएएफ, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और उद्यम की सराहना की है। उन्होंने कहा कि प्रणाली के सफल विकास से देश की वायु रक्षा क्षमताओं में और वृद्धि होगी। रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत ने भी आकाश-एनजी के सफल परीक्षण से जुड़ी टीम को बधाई दी।
- नयी दिल्ली ।राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए अयोध्या में जैविक प्रक्रिया से नष्ट होने वाले खाने के बर्तनों का उपयोग किया जाएगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।राम मंदिर ट्रस्ट ने इसके लिए स्थानीय स्तर पर प्राप्त गन्ने की खोई से बनी एवं जैविक प्रक्रिया से नष्ट होने वाली पैकेजिंग सामग्री में विशेषज्ञता रखने वाली कंपनी पक्का लिमिटेड का सहयोग लिया है।पक्का लिमिटेड के भारत में कारोबार प्रमुख जगदीप हीरा ने कहा, ‘‘हमारा ब्रांड ‘चक’ जैविक प्रक्रिया से नष्ट होने वाले बर्तनों के लिए जाना जाता है। इसे राम मंदिर ट्रस्ट ने उद्घाटन कार्यक्रम के लिए चयनित किया है। अयोध्या जब राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए लाखों श्रद्धालुओं का स्वागत करने की तैयारी कर रहा है, हम एक पर्यावरण अनुकूल विरासत को प्रोत्साहित करने के लिए अपनी भूमिका निभाने को लेकर आशान्वित हैं।’’उन्होंने कहा, ‘‘राम मंदिर ट्रस्ट के साथ इस सहयोग में, हमने मंदिर को जैविक प्रक्रिया से नष्ट होने वाले खाने के बर्तनों की पेशकश की है, जो इस पवित्र अवसर के मूल्यों के अनुरूप है। पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी, प्रकृति का सम्मान, और हमारे आसपास के पवित्र वातावरण के संरक्षण के जरिये हमारा लक्ष्य हरित अयोध्या में योगदान देना है।’’इस साझेदारी का लक्ष्य राम मंदिर परिसर के आसपास अयोध्या में कार्यक्रम के बाद पर्यावरण हितैषी व्यवहारों को बढ़ावा देना है।सहयोग का लक्ष्य उत्तर प्रदेश सरकार की पहल, ‘अयोध्या को प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र बनाएं’ के अनुरूप सकारात्मक पर्यावरण प्रभाव पैदा करना है।हीरा ने कहा कि जैविक प्रक्रिया से नष्ट होने वाले इन बर्तनों का उपयोग कर, राम मंदिर ट्रस्ट मंदिर के उद्घाटन के पहले और बाद में पर्यावरण हितैषी व्यवहारों का उदाहरण स्थापित करना और अन्य को व्यावहारिक विकल्पों को अपनाने के लिए प्रेरित करना चाहता है।उन्होंने कहा, ‘‘हमारी योजना जैविक प्रक्रिया से नष्ट होने वाले एवं खाने के लिए उपयोग किये जाने वाले 10 लाख बर्तन उपब्लध कराने की है।’’समारोह में 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भाग लेने का कार्यक्रम है।
-
नई दिल्ली। इंदौर और सूरत को आज एक लाख से अधिक जनसंख्या वाले शहरों की श्रेणी में स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 में स्वच्छ नगरों के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इंदौर ने लगातार सातवीं बार यह पुरस्कार प्राप्त किया है। इसी श्रेणी में नवी मुंबई को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 पुरस्कार प्रदान किए।
एक लाख से कम जनसंख्या वाली श्रेणी में महाराष्ट्र में सास्वाद, छत्तीसगढ़ में पाटन तथा महाराष्ट्र में लोनावाला ने स्वच्छ शहरों में तीन शीर्ष स्थान प्राप्त किए। इस बीच महाराष्ट्र को राज्यों की श्रेणी में स्वच्छता के लिए पहला पुरस्कार, मध्य प्रदेश को द्वितीय पुरस्कार और छत्तीसगढ़ को तीसरा स्वच्छ राज्य पुरस्कार दिया गया। उत्तर प्रदेश से वाराणसी और प्रयागराज ने स्वच्छ गंगा नगरों में से दो शीर्ष स्थान प्राप्त किए।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार तथा अन्य संगठनों ने देश में स्वच्छ भारत मिशन को महत्वपूर्ण आंदोलन बनाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन, इससे जुडे लाखों लोगों को आजीविका प्रदान करता है। राष्ट्रपति ने स्वच्छ भारत मिशन में योगदान के लिए सफाईमित्रों का धन्यवाद भी किया और कहा कि इस मिशन में उनका योगदान अत्यन्त उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने देश के युवा वर्ग से भारत को विश्व में स्वच्छ देश बनाने की दिशा में योगदान देने की अपील की।इस अवसर पर आवासन और शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा 4,447 शहरों में एक लाख स्थल स्वच्छ सर्वेक्षण के काम के लिए दिए गए है और 12 करोड़ नागरिकों की प्रतिक्रिया प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि 2014 में केवल 15 से 16 प्रतिशत कचरा वैज्ञानिक रूप से संसाधित किया गया और वर्तमान में कचरे के 76 प्रतिशत भाग को संसाधित किया जा रहा है।मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लगातार सातवीं बार इंदौर को स्वच्छ नगर पुरस्कार दिये जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि 2017 में स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार की शुरूआत के बाद राज्य को 67 पुरस्कार मिले हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्यों की श्रेणी में छत्तीसगढ़ को तीसरा स्थान हासिल करना एक बहुत अधिक महत्वपूर्ण क्षण है। -
मुंबई. एक स्थानीय क्रिकेट मैच के दौरान एक 52 वर्षीय पुरूष की फील्डिंग के दौरान मौत हो गई जब उसी मैदान पर चल रहे दूसरे मैच से गेंद आकर उनके सिर पर लगी । पुलिस ने बुधवार को बताया कि यह हादसा सोमवार को दोपहर में माटुंगा के दाडकर क्रिकेट मैदान पर हुआ । उस समय जयेश चुन्नीलाल सावला अपनी टीम के लिये फील्डिंग कर रहे थे। मैदान पर एक साथ दो मैच चल रहे थे । दूसरे मैच से बल्लेबाज ने शॉट लगाया तो गेंद सावला के सिर के पिछले हिस्से में लगी । वह मैदान पर अचेत होकर गिर गए । उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया । अधिकारी ने बताया कि सावला की मौत सिर में लगी चोट के कारण हुई और माटुंगा थाने में हादसे में मौत की रिपोर्ट दर्ज कराई गई । कच्छी समुदाय द्वारा आयोजित टूर्नामेंट में मैदान पर मैच खेले जा रहे थे ।
-
नयी दिल्ली. राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने बुधवार को यहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की और उन्हें 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया। इस समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और देश भर से हजारों साधु-संतों को आमंत्रित किया गया है। प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर अयोध्या में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है।
-
नयी दिल्ली.अयोध्या में 22 जनवरी को ‘प्राण प्रतिष्ठा' समारोह से पहले राम मंदिर के लिए भेजे गये विशेष उपहारों में 108 फुट लंबी अगरबत्ती, 2,100 किलोग्राम का घंटा, 1,100 किलोग्राम वजन का एक विशाल दीपक, सोने के खड़ाऊं, 10 फुट ऊंचा ताला तथा चाबी और आठ देशों का समय एक साथ बताने वाली घड़ी शामिल हैं। इन अनोखे उपहारों को बनाने वाले कलाकारों को उम्मीद है कि इनका इस्तेमाल भव्य मंदिर में किया जाएगा। देश के सभी हिस्सों और यहां तक कि विदेशों से भी उपहार प्राप्त हो रहे हैं।
नेपाल के जनकपुर में सीताजी की जन्मभूमि से भगवान राम के लिए 3,000 से अधिक उपहार अयोध्या पहुंचे हैं। आभूषण और कपड़ों सहित उपहारों को इस सप्ताह नेपाल के जनकपुर धाम रामजानकी मंदिर से लगभग 30 वाहनों के जरिये अयोध्या ले जाया गया। श्रीलंका का एक प्रतिनिधिमंडल भी अशोक वाटिका से एक विशेष उपहार के साथ अयोध्या पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने महाकाव्य रामायण में वर्णित अशोक वाटिका से लाई गई एक शिला भेंट की। रामायण के अनुसार अशोक वाटिका वही जगह है, जहां रावण ने माता सीता का अपहरण करने के बाद उन्हें रखा था। राम मंदिर का पहला चरण पूरा होने वाला है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 22 जनवरी को मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह में हिस्सा लेंगे। भव्य समारोह से पहले, मंदिर के अधिकारियों को कई उपहार मिल रहे हैं।
गुजरात के वडोदरा में छह महीने की अवधि में 108 फुट लंबी अगरबत्ती तैयार की गई है, जिसका वजन 3,610 किलोग्राम है और यह लगभग 3.5 फुट चौड़ी है। अगरबत्ती तैयार करने वाले वडोदरा निवासी विहा भरवाड ने बताया, ‘‘यह अगरबत्ती पर्यावरण के अनुकूल है और लगभग डेढ़ महीने तक जलेगी और कई किलोमीटर तक अपनी सुंगध फैलाएगी।'' उन्होंने कहा कि इस अगरबत्ती के लिए 376 किलोग्राम गुग्गुल, 376 किलोग्राम नारियल गोला, 190 किलोग्राम घी, 1,470 किलोग्राम गाय का गोबर, 420 किलोग्राम जड़ी-बूटियों का इस्तेमाल किया गया है। भरवाड और 25 अन्य भक्त एक जनवरी को विशाल अगरबत्ती के साथ वडोदरा से रवाना हुए और उनका काफिला 18 जनवरी को अयोध्या पहुंचेगा। गुजरात ने दरियापुर में अखिल भारतीय दबगर समाज द्वारा तैयार किया गया एक नगारू (मंदिर का वाद्ययंत्र) भी भेजा है। मंदिर के प्रांगण में यह नगारू स्थापित किया जायेगा। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी ताला बनाने वाले सत्य प्रकाश शर्मा ने 10 फुट ऊंचाई, 4.6 फुट चौड़ाई और 9.5 इंच मोटाई वाला 400 किलोग्राम वजन का ताला और चाबी तैयार की है। उन्होंने कहा, ‘‘यह दुनिया का सबसे बड़ा ताला और चाबी है। मैंने इसे ट्रस्ट को उपहार में दिया है ताकि इसे मंदिर में प्रतीकात्मक ताले के रूप में इस्तेमाल किया जा सके।'' उत्तर प्रदेश में एटा के जलेसर में अष्टधातु से बना 2,100 किलोग्राम वजन का घंटा तैयार किया गया है।
घंटा तैयार करने में शामिल एक कारीगर ने कहा, ‘इसे तैयार करने में दो साल लग गए। सभी अनुष्ठानों को करने के बाद धूमधाम के साथ घंटे को अयोध्या भेजा जा रहा है।'' लखनऊ के एक सब्जी विक्रेता ने विशेष रूप से एक ऐसी घड़ी तैयार की है जो एक ही समय में आठ देशों का समय बताती है। अनिल कुमार साहू (52) ने कहा कि उन्होंने 75 सेमी व्यास वाली घड़ी मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को उपहार में दी है। साहू ने कहा कि उन्होंने पहली बार 2018 में घड़ी बनाई थी, और इसे भारत सरकार के पेटेंट कार्यालय द्वारा प्रमाण पत्र दिया गया था। उन्होंने बताया कि यह घड़ी भारत, टोक्यो (जापान), मॉस्को (रूस), दुबई (यूएई), बीजिंग (चीन), सिंगापुर, मेक्सिको सिटी (मेक्सिको), वाशिंगटन डीसी और न्यूयॉर्क (अमेरिका) का समय दर्शाती है। नागपुर के शेफ विष्णु मनोहर ने घोषणा की है कि वह प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने वाले भक्तों के लिए 7,000 किलोग्राम ‘‘राम हलवा'' तैयार करेंगे। मथुरा का श्री कृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान अयोध्या में ‘यज्ञ' के लिए 200 किलोग्राम लड्डू भेजने की तैयारी कर रहा है। तिरूपति में श्री वेंकटेश्वर मंदिर के संरक्षक, तिरुमला तिरूपति देवस्थानम (टीटीडी) ने भी घोषणा की है कि वह इस खास दिन के लिए भक्तों को वितरण के वास्ते एक लाख लड्डू भेजेगा। सूरत के एक हीरा व्यापारी ने 5,000 अमेरिकी हीरे और दो किलोग्राम चांदी का उपयोग करके राम मंदिर की थीम पर एक हार बनाया है। चालीस कारीगरों ने 35 दिन में इसे तैयार किया और हार को राम मंदिर ट्रस्ट को उपहार में दिया गया है। वडोदरा के रहने वाले किसान अरविंदभाई मंगलभाई पटेल ने 1,100 किलोग्राम वजन का एक विशाल दीपक तैयार किया है। पटेल ने कहा, ‘‘दीपक 9.25 फुट ऊंचा और आठ फुट चौड़ा है। दीपक ‘पंचधातु' (सोना, चांदी, तांबा, जस्ता और लोहा) से बना है। -
नयी दिल्ली. गणतंत्र दिवस परेड और बीटिंग द रिट्रीट समारोह के कारण राष्ट्रपति भवन (सर्किट-1) 23 से 29 जनवरी तक आगंतुकों के लिए बंद रहेगा। यह जानकारी बुधवार को एक आधिकारिक बयान में दी गयी। राष्ट्रपति भवन के सर्किट-1 के भ्रमण के तहत आगंतुकों को मुख्य भवन, प्रांगण, स्वागत कक्ष, नवाचारा, बैंक्वेट हॉल, ऊपरी 'बरामदा', भवन की भव्य सीढ़ियां, अतिथि कक्ष, अशोक हॉल, उत्तरी ड्राइंग रूम, लंबे ड्राइंग रूम, पुस्तकालय, दरबार हॉल और भगवान बुद्ध की मूर्ति दिखाई जाती है। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ''गणतंत्र दिवस परेड और बीटिंग द रिट्रीट समारोह-2024 के कारण राष्ट्रपति भवन (सर्किट-1) 23 से 29 जनवरी, 2024 तक आम जनता के लिए बंद रहेगा।'' राष्ट्रपति भवन वास्तुकारों- सर एडविन लुटियंस और हर्बर्ट बेकर की कृति है। लुटियंस ने ही 330 एकड़ की संपत्ति पर पांच एकड़ क्षेत्र को कवर करने वाली एच-आकार की इमारत की कल्पना की थी। इस हवेली में कुल 340 कमरे हैं, जो चार मंजिलों, 2.5 किलोमीटर के गलियारे और 190 एकड़ के बाग क्षेत्र में फैले हुए हैं।
-
नयी दिल्ली. आयुर्वेद, यूनानी और सिद्ध चिकित्सा पर आधारित रोगों को परिभाषित करने वाली शब्दावली को विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के रोग अंतरराष्ट्रीय वर्गीकरण (आईसीडी) के 11वें संशोधन में शामिल किया गया है। आयुष मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि आयुर्वेद, यूनानी और सिद्ध चिकित्सा में रोगों को परिभाषित करने वाली शब्दावली को एक कोड के रूप में अनुक्रमित किया गया है। आयुष मंत्रालय ने विश्व स्वास्थ्य संगठन के सहयोग से आईसीडी-11 श्रृंखला के टीएम-2 मॉड्यूल के अंतर्गत आयुर्वेद, सिद्ध और यूनानी प्रणालियों में उपयोग की जाने वाली बीमारियों का वर्गीकरण तैयार किया है। मंत्रालय ने कहा कि आईसीडी 11, पारंपरिक चिकित्सा मॉड्यूल 2 के जारी होने के साथ ही इसके कार्यान्वयन की तैयारी शुरू हो गई है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘आयुर्वेद, सिद्ध और यूनानी चिकित्सा पर आधारित रोगों से संबंधित डेटा और शब्दावली को डब्ल्यूएचओ आईसीडी-11 वर्गीकरण में शामिल किया गया है।'' बयान के अनुसार इस वर्गीकरण के लिए पहले डब्ल्यूएचओ और आयुष मंत्रालय के बीच एक समझौते पर भी हस्ताक्षर किए गए थे। इसमें कहा गया है कि यह प्रयास भारत की स्वास्थ्य सेवा वितरण प्रणाली, अनुसंधान, आयुष बीमा कवरेज, अनुसंधान एवं विकास, नीति निर्माण प्रणाली को और मजबूत और विस्तारित करेगा। बयान के अनुसार इसके अलावा, इन कोड का उपयोग समाज में विभिन्न बीमारियों को नियंत्रित करने के लिए भविष्य की रणनीति बनाने के लिए भी किया जा सकता है। इसके अनुसार केंद्रीय आयुष और महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री डॉ. मुंजापारा महेंद्रभाई ने ‘इंडिया हैबिटेट सेंटर' में आईसीडी-11, टीएम मॉड्यूल-2 को जारी करते हुए कहा कि भारत और साथ ही दुनियाभर में आयुष चिकित्सा को वैश्विक मानकों के साथ एकीकृत करके आधुनिकीकरण करने की आवश्यकता है। भारत में डब्ल्यूएचओ के प्रतिनिधि डॉ. राडारिको एच. ऑफ्रिन ने कहा कि आईसीडी-11 में पारंपरिक चिकित्सा शब्दावली का समावेश पारंपरिक चिकित्सा और वैश्विक मानकों के बीच एक संबंध स्थापित करता है।
-
नयी दिल्ली. देश में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 605 नए मामले सामने आए और चार संक्रमितों की मौत हो गई। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 3,643 हो गयी है। मंत्रालय के अद्यतन आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे के दौरान कर्नाटक और केरल में कोविड-19 के दो-दो मरीजों की मौत हो गई। पिछले साल पांच दिसंबर तक दैनिक मामलों की संख्या घटकर दोहरे अंक में पहुंच गई थी, लेकिन ठंड और वायरस के नए उपस्वरूप ‘जेएन.1' के कारण संक्रमण के मामलों में तेजी आई है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक पांच दिसंबर के बाद एक दिन में कोविड-19 के सर्वाधिक नए मामलों की संख्या 31 दिसंबर 2023 को 841 दर्ज की गयी, जो मई 2021 में दर्ज सर्वाधिक मामलों का 0.2 प्रतिशत था। कोविड-19 के उपचाराधीन कुल 3,643 मरीजों में से 92 प्रतिशत मरीज घर पर ही रहकर अपना इलाज करवा रहे हैं। इस संबंध में एक आधिकारिक सूत्र ने कहा, ‘‘मौजूदा आंकड़ों से पता चलता है कि ‘जेएन.1' उपस्वरूप की वजह से न तो नए मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है और न ही अस्पताल में भर्ती होने वालों की संख्या तथा मृत्यु दर में वृद्धि हो रही है। '' देश में कोरोना वायरस के डेल्टा स्वरूप के कारण अप्रैल-जून 2021 में महामारी की स्थिति भयावह हो गई थी और सात मई 2021 को देश में एक दिन में संक्रमण के 4,14,188 नए मामले सामने आए थे और 3,915 मरीजों की मौत हुई थी। वर्ष 2020 की शुरुआत से अब तक लगभग चार वर्ष में देश भर में कोरोना वायरस से लगभग साढ़े चार करोड़ से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं तथा इससे 5.30 लाख से अधिक लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, अब तक संक्रमण से उबरने वाले लोगों की संख्या 4.4 करोड़ से अधिक हो गई है और इस संक्रमण से ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.81 प्रतिशत है। मंत्रालय ने कहा कि देश में कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 220.67 करोड़ खुराकें दी जा चुकी हैं।
-
लखनऊ (उप्र).अयोध्या में राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के दिन सरकार द्वारा छुट्टी घोषित किये जाने के कारण 22 जनवरी को होने वाली लखनऊ विश्वविद्यालय (एलयू) की विभिन्न विषयों की परीक्षाओं को स्थगित कर नया परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया गया है। एलयू के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सभी शिक्षण संस्थाओं में छुट्टी का ऐलान किया गया है। उन्होंने बताया कि इसके मद्देनजर विश्वविद्यालय में उस दिन होने वाली सभी परीक्षाओं को स्थगित कर संशोधित कार्यक्रम घोषित किया गया है। उन्होंने बताया कि वाणिज्य, भौतिकी, रसायन विज्ञान, साफ्टवेयर डेवलपमेंट, बायोकेमेस्ट्री, अंग्रेजी समेत विभिन्न विषयों की परीक्षाओं का संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी किया गया है, जिसे एलयू की वेबसाइट पर देखा जा सकता है। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिये अधिकारियों के साथ हुई बैठक में आगामी 22 जनवरी को सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी रखने के आदेश दिये थे।
-
नोएडा (उत्तर प्रदेश). गौतमबुद्ध नगर जिले की एक सोसाइटी में एक महिला ने अपनी छह माह की बच्ची के साथ 16वीं मंजिल से कथित तौर पर कूदकर जान दे दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार देर रात बिसरख थाना क्षेत्र में ‘ला रेजिडेंसिया सोसाइटी' की है।
बिसरख थाना के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने कहा, ‘‘हमें सोसाइटी में एक महिला अपनी छह माह की बच्ची के साथ 16वीं मंजिल से कूदने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची।'' उन्होंने बताया कि मृतका की पहचान सारिका (33) के रूप में हुई है और आत्महत्या के कारण का पता नहीं चला है। हालांकि, उन्होंने बच्ची का नाम नहीं बताया।
कुमार के अनुसार महिला के भाई ने बताया कि वह काफी समय से बीमारी थी और संभवत: इससे परेशान होकर उसने ऐसा कदम उठाया। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच की जा रही है।
एक अन्य घटना में, थाना बिसरख क्षेत्र की ऐस सिटी सोसाइटी में अपने मालिक के यहां रहने वाली एक घरेलू सहायिका ने कथित तौर पर पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका की पहचान स्वामी (20) के रूप में हुई है और मामले की जांच की जा रही है। -
मुंबई। नवी मुंबई में एक निजी बैंक की महिला प्रबंधक की उसके प्रेमी ने कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी को संदेह था कि महिला का किसी अन्य पुरुष के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है।
पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक खुफिया सूचना के आधार पर मुंबई पुलिस ने आरोपी शोएब शेख (24) को तड़के उपनगरीय साकी नाका स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया, इससे पहले कि वह उत्तर प्रदेश में अपने गृहनगर के लिए भाग जाता। उन्होंने बताया कि पूछताछ करने पर आरोपी शोएब ने खुलासा किया कि वह सोमवार को अपनी प्रेमिका एमी उर्फ अमित रवींद्र कौर (35) के साथ नवी मुंबई के एक होटल में रुका था। आरोपी शोएब को संदेह था कि रवींद्र कौर का किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध है और उसने गुस्से में उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह अपराध तब सामने आया जब मुंबई पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी शोएब कुछ अवैध गतिविधियों में शामिल है। जिसके बाद पुलिस की टीम साकी नाका स्थित उसके घर पहुंची। पूछताछ के दौरान आरोपी शोएब ने पुलिस को हत्या के बारे में बताया। इसके बाद मुंबई पुलिस ने नवी मुंबई के तुर्भे इलाके में अपने समकक्षों को इस बारे में सूचित किया। पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘तुर्भे में पुलिस की एक टीम होटल पहुंची जहां उन्हें एक कमरे के अंदर महिला का शव मिला। '' उन्होंने कहा कि महिला आईडीएफसी बैंक की नवी मुंबई शाखा में प्रबंधक के रूप में कार्यरत थी। वह मुंबई के सायन कोलीवाड़ा इलाके की रहने वाली थी। अधिकारी ने बताया कि शव की बरामदगी के बाद आरोपी शोएब को 302 (हत्या की सजा) सहित भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। - पणजी | गोवा के एक सर्विस अपार्टमेंट में अपने चार साल के बेटे की हत्या के आरोप में गिरफ्तार एक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) स्टार्ट-अप की मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने इस जघन्य अपराध को अंजाम देने के बाद आत्महत्या का प्रयास किया था। पुलिस ने प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए मंगलवार को यह जानकारी दी। इस बीच सर्विस अपार्टमेंट की इमारत में बाहरी लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।गोवा पुलिस ने आरोपी सूचना सेठ को सोमवार रात कर्नाटक से सटे चित्रदुर्ग से गिरफ्तार किया था। एक अधिकारी ने कहा कि उसे मंगलवार को गोवा लाया गया और मापुसा शहर की एक अदालत ने छह दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 39 वर्षीय उद्यमी ने कैंडोलिम में सर्विस अपार्टमेंट के एक कमरे में अपने बेटे की गला दबाकर हत्या की थी, जहां वे दोनों छह जनवरी को पहुंचे थे। अधिकारी ने कहा कि फिर अपनी बाईं कलाई को किसी धारदार चीज से काटकर महिला ने आत्महत्या की कोशिश की थी। अधिकारी ने कहा कि हत्या का मकसद तत्काल पता नहीं चला, लेकिन सेठ ने पुलिस को बताया कि वह और उसका पति अलग हो चुके थे और उनकी तलाक की कार्यवाही जारी है। उन्होंने कहा, “सर्विस अपार्टमेंट में एक तौलिए पर खून के जो धब्बे पाए गए, वे कलाई काटने के बाद निकले खून के थे।” पुलिस के मुताबिक बेटे की हत्या करने के बाद स्टार्ट-अप सीईओ ने शव को एक बैग में भर दिया और सोमवार को टैक्सी से बेंगलुरु के लिए रवाना हो गई। पुलिस ने बताया कि हत्या का पता उस समय चला जब अपार्टमेंट का सफाई कर्मचारी उस कमरे की सफाई करने गया जिसमें वह ठहरी थी और उसे तौलिए पर खून के धब्बे दिखे। सर्विस अपार्टमेंट प्रबंधन ने कालंगुट पुलिस को सूचित किया। एक पुलिस निरीक्षक ने कर्नाटक के बेंगलुरू जा रहे और राज्य के चित्रदुर्ग पहुंच चुके टैक्सी ड्राइवर से फोन पर बात की और आरोपी को नजदीकी थाने ले जाने के लिए कहा। कालंगुट पुलिस की एक टीम चित्रदुर्ग पहुंची और आरोपी की ट्रांजिट रिमांड हासिल की, जिसके बाद उसे गोवा लाया गया। सेठ के ‘लिंक्डइन' पेज के अनुसार, वह स्टार्ट-अप ‘माइंडफुल एआई लैब' की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) है और 2021 के लिए ‘एआई एथिक्स' में शीर्ष 100 प्रतिभाशाली महिलाओं में शामिल थी। अधिकारी ने कहा, “हत्या का मकसद अभी तक पता नहीं चला है। हमें आरोपी की छह दिन की हिरासत मिली है और हम उससे गहन पूछताछ करेंगे।" उन्होंने बताया कि निरीक्षक परेश नाइक के नेतृत्व में कालंगुट पुलिस की एक टीम फिलहाल चित्रदुर्ग में है और बच्चे के शव के पोस्टमॉर्टम का इंतजार कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि 'सोल बैन्यान ग्रांड' नामक इस इमारत के मालिक ने सुरक्षा गार्डों को निर्देश दिया है कि वे किसी को भी, खासकर मीडियाकर्मियों को, अंदर न जाने दें। उन्होंने कहा कि परिसर के अंदर मौजूद अन्य मेहमान वहां ठहरे रह सकेंगे।एक स्थानीय कैब संचालक ने कहा, “सेठ ने जो टैक्सी किराए पर ली थी, वह सर्विस अपार्टमेंट के आसपास के इलाके से नहीं थी। वह कहीं और से आई थी।” पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद फॉरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम ने सोमवार को सर्विस अपार्टमेंट का निरीक्षण किया।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘प्रवासी भारतीय दिवस' पर भारतीय प्रवासियों को बधाई देते हुए मंगलवार को कहा कि देश की समृद्ध विरासत को संरक्षित करने और वैश्विक संबंधों को मजबूत करने के प्रति उनका समर्पण सराहनीय है। भारत के विकास में प्रवासी भारतीय समुदाय के योगदान के सम्मान में हर साल नौ जनवरी को ‘प्रवासी भारतीय दिवस' मनाया जाता है। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रवासी भारतीय दिवस की शुभकामनाएं। यह दुनिया भर में भारतीय प्रवासियों के योगदान और उपलब्धियों का जश्न मनाने का दिन है।'' उन्होंने कहा, ‘‘हमारी समृद्ध विरासत को संरक्षित करने और वैश्विक संबंधों को मजबूत करने के प्रति उनका समर्पण सराहनीय है। वे दुनिया भर में भारत की भावना को मूर्त रूप देते हैं, एकता और विविधता की भावना को बढ़ावा देते हैं।
-
कोलकाता. हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत को अनगिनत श्रोताओं तक अपनी मशहूर आवाज में पहुंचाने वाले संगीत के सरताज उस्ताद राशिद खान का मंगलवार की दोपहर यहां के एक अस्पताल में प्रोस्टेट कैंसर के कारण निधन हो गया। खान पिछले चार साल से प्रोस्टेट कैंसर से पीड़ित थे और उपचार के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह 55 साल के थे । उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और एक बेटी है । अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘हमने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की, लेकिन हम असफल रहे। दोपहर करीब 3:45 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।'' रामपुर-सहसवान घराने से ताल्लुक रखने वाले खान, घराने के संस्थापक इनायत हुसैन खान के पड़पोते थे ।
खान के परिजनो के साथ खड़ी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, ‘‘मैने उनके निधन के बारे में सुना । यह पूरे देश और पूरे संगीत जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। मुझे बेहद दुख है, क्योंकि मुझे अब भी विश्वास नहीं हो रहा है कि राशिद खान अब नहीं रहे।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि खान का अंतिम संस्कार बुधवार को होगा और इससे पहले उन्हें बंदूक से सलामी दी जायेगी और राजकीय सम्मान दिया जायेगा। उन्होंने कहा, ‘‘उनका पार्थिव शरीर आज मुर्दाघर में रखा जायेगा । खान के पार्थिव शरीर को कल रवींद्र सदन ले जाया जायेगा जहां उनके अनुयायी उन्हें श्रद्धांजलि दे सकते हैं ।'' पिछले महीने सेरेब्रल अटैक के बाद संगीतकार की स्वास्थ्य स्थिति बिगड़ गई थी, इसके बाद उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था और वह ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे । -
गांधीनगर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को दुनिया की प्रमुख कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की। उनकी यह मुलाकात ‘वाइब्रेंट' गुजरात शिखर सम्मेलन से पहले अर्थव्यवस्था को गति देने तथा रोजगार सृजित करने के लिये विभिन्न क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने के इरादे से हुई है। दस जनवरी को शुरू हो रहे ‘वाइब्रेंट' गुजरात शिखर सम्मेलन से एक दिन पहले प्रधानमंत्री ने सुजुकी मोटर कॉर्प, माइक्रोन टेक्नोलॉजी और एपी मोलर के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की और उद्योग से जुड़े मुद्दों तथा निवेश अवसरों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर लिखा है, ‘‘मोदी और सुजुकी मोटर कॉर्प के प्रतिनिधि निदेशक और अध्यक्ष तोशिहीरो सुजुकी ने भारत में विनिर्मित वाहनों का निर्यात करके देश को वैश्विक वाहन बाजार में एक मजबूत इकाई बनाने की मारुति सुजुकी की योजनाओं पर चर्चा की। साथ ही दोनों ने वाहनों को कबाड़ में बदलने और वाहन पुनर्चक्रण से संबंधित वैश्विक स्तर की बेहतर गतिविधियों को लागू करने को लेकर भी बातचीत की।'' मारुति सुजुकी गुजरात में कार बनाने का दूसरा कारखाना लगाने पर विचार कर रही है। यह कंपनी का देश में पांचवा कारखाना होगा। प्रधानमंत्री कार्यालय ने लिखा है, ‘‘माइक्रोन टेक्नोलॉजी के अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजय मेहरोत्रा ने प्रधानमंत्री मोदी से गांधीनगर में मुलाकात की। उन्होंने भारत में सेमीकंडक्टर विनिर्माण परिवेश को बढ़ाने के लिए माइक्रोन के प्रयासों पर चर्चा की।'' अमेरिकी चिप बनाने वाली प्रमुख कंपनी माइक्रोन ने अहमदाबाद से लगभग 40 किलोमीटर दूर साणंद में 2.75 अरब डॉलर के सेमीकंडक्टर कारखाने का निर्माण शुरू कर दिया है। कारखाने के इस साल दिसंबर तक तैयार होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री ने डीपी वर्ल्ड के समूह चेयरमैन और सीईओ अहमद बिन सुलायेम से भी मुलाकात की। उन्होंने भारत में निवेश को आगे बढ़ाने के लिए डीपी वर्ल्ड की योजनाओं पर चर्चा की। विशेष रूप से टिकाऊ, हरित और ऊर्जा दक्ष बंदरगाहों और विश्वस्तरीय पर्यावरण अनुकूल लॉजिस्टिक बुनियादी ढांचे के निर्माण से संबंधित मामलों पर चर्चा हुई। डीपी वर्ल्ड ने पिछले साल गुजरात के कांडला में एक नए 21.9 लाख टन टीईयू (टीईयू बराबर 20 फुट समतुल्य इकाई) प्रतिवर्ष मेगा-कंटेनर टर्मिनल के विकास, परिचालन और रखरखाव के लिए दीनदयाल बंदरगाह प्राधिकरण के साथ एक रियायती समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। दुबई की लॉजिस्टिक कंपनी वर्तमान में भारत में पांच कंटेनर टर्मिनल का परिचालन करती है। इसमें से दो मुंबई में, एक-एक मुंद्रा, कोचीन और चेन्नई में हैं। इनकी कुल क्षमता लगभग 60 लाख टीईयू है। मोदी ने एपी मोलर के सीईओ कीथ स्वेंडसेन से भी मुलाकात की।
पीएमओ ने कहा, प्रधानमंत्री ने गिफ्ट सिटी में उनकी विस्तार योजनाओं का स्वागत किया। दोनों ने हरित हाइड्रोजन और लॉजिस्टिक बुनियादी ढांचे के विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।'' उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के डीकिन यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर इयान मार्टिन से भी मुलाकात की.
पीएमओ ने ‘एक्स' पर लिखा है, उनके बीच साइबर सुरक्षा पर सरकार और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ाने को लेकर सार्थक बातचीत हुई। प्रधानमंत्री ने अनुसंधान और नवोन्मेष को बढ़ावा देने के लिए भारतीय विश्वविद्यालयों के साथ सहयोग के लिए भी डीकिन विश्वविद्यालय का स्वागत किया।'' ‘वाइब्रेंट' गुजरात शिखर सम्मेलन का आयोजन 10-12 जनवरी को होगा। इसमें 133 देशों के 1,00,000 प्रतिनिधियों के आने की उम्मीद है। इनमें कंपनियों के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, उद्योगपति, मंत्री और राजनयिक शामिल हैं। - गाजियाबाद । इलाहाबाद और फैजाबाद के बाद अब गाजियाबाद के नाम बदलने को लेकर कवायद चल रही है। पिछले कुछ समय से हिंदू संगठनों द्वारा गाजियाबाद जिले के नाम बदलने की मांग की जा रही है। गाजियाबाद नगर निगम की बैठक में मंगलवार को पहली बार बोर्ड बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुई। गाजियाबाद नगर निगम की बैठक में दो नए नाम ‘गजनगर’ और ‘हरनंदी नगर’ सुझाए गए हैं।खबरों के मुताबिक, एनसीआर जिले का नाम बदलने का प्रस्ताव सोमवार को एक भाजपा पार्षद द्वारा पेश किया। जिले के नए नाम के प्रस्ताव पर गाजियाबाद की मेयर सुनीता दयाल ने कहा कि उन्हें पिछले कुछ समय से गाजियाबाद का नाम बदलने के लिए अनुरोध मिल रहे थे।गाजियाबाद का नाम बदलने को लेकर दूधेश्वर नाथ मंदिर के मुख्य पुजारी महंत नारायण गिरि ने साल 2022 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक ज्ञापन सौंपा था। इसे लेकर महंत ने कहा था कि मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि वह हमारी मांगों पर गौर करेंगे।जानें गाजियाबाद के नाम का इतिहासगिरि ने इन दो नामों के महत्व को समझाया, गाजियाबाद के इतिहास को हस्तिनापुर से जोड़ा (जो कि केवल 40 किमी दूर है), और साथ ही क्षेत्र में हाथियों की उपस्थिति के कारण सुझाव दिया कि गजपुरा या गजनगर नाम उपयुक्त हो सकते हैं। गिरि ने यह भी बताया कि ‘हरनंदी नगर’ हिंडन नदी को संदर्भित करता है, जो शहर से होकर बहती है। गाजियाबाद के नाम की उत्पत्ति 1739 में हुई जब नादिर शाह ने आक्रमण किया और इस क्षेत्र को बाधित कर दिया, जिसके परिणामस्वरूप 1740 में गाजी-उद-दीन ने गाजीउद्दीननगर की स्थापना की। बाद में ब्रिटिश शासन के दौरान 1864 में रेलवे के आगमन के साथ इसका नाम छोटा करके गाजियाबाद कर दिया गया।
- प्रयागराज. अयोध्या में रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व संगम नगरी में 14 से 22 जनवरी तक रामोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसके तहत अध्यात्मिक स्थलों और मंदिरों में भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। एक बयान में इसकी जानकारी दी गयी है। सूचना विभाग की विज्ञप्ति के मुताबिक, जिले के मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि रामोत्सव कार्यक्रम के तहत 14 से 22 जनवरी तक आध्यात्मिक स्थलों और मंदिरों में भजन-कीर्तन आदि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। इसमें कहा गया है कि इसके साथ ही मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन और दीप दान के साथ-साथ रामकथा, अखंड रामायण/रामचरित मानस का पाठ/सुन्दरकांड आदि कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि साथ ही नगर निकायों में नगर संकीर्तनों के आयोजन के साथ ही स्थानीय भजन एवं कीर्तन मंडलियों को शामिल करते हुए राम मंदिर रथ एवं कलश यात्राओं का आयोजन भी किया जायेगा। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद में आठ तहसीलों में मंदिरों का चिन्हीकरण कर लिया गया है, जिसके अंतर्गत सदर तहसील में छह, सोरांव में तीन, मेजा में दो, बारा में तीन, फूलपुर में दो, करछना में पांच, कोरांव में दो और हंडिया में दो मंदिरों को चिन्हित किया गया है। उन्होंने बताया कि राम मंदिर, वाल्मीकि मंदिर और हनुमान मंदिरों में इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
- इंदौर. इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सोमवार को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अयोध्या में नवननिर्मित राम मंदिर में 22 जनवरी को होने वाली प्राण-प्रतिष्ठा के उत्सव में स्थानीय स्तर पर किसी व्यक्ति ने ‘‘अकारण असहयोग'' किया, तो जनता ऐसे लोगों को जवाब देना जानती है। महापौर ने पिछले महीने बाकायदा पत्र लिखकर संबंधित लोगों से आग्रह किया था कि वे 15 जनवरी से 22 जनवरी तक शहर के शॉपिंग मॉल, प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर अयोध्या के राम मंदिर की प्रतिकृति लगाएं। भार्गव ने महापौर परिषद की बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा,‘‘यदि शहर में 25 दिसंबर से अब तक कई जगहों पर सांता क्लॉज के पुतले और क्रिसमस ट्री लगे हैं और अगर आपको ये चीजें लगाने पर आपत्ति नहीं है, तो राम मंदिर की प्रतिकृति लगाने में भी किसी व्यक्ति को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।'' उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के समारोह को लेकर इंदौर में मनाए जाने वाले उत्सव के बारे में कहा,‘‘यदि किसी व्यक्ति ने इस राममय उत्सव में अकारण असहयोग किया, तो इंदौर की जनता ऐसे लोगों को जवाब देना भी जानती है।'' भार्गव ने राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा उत्सव को ‘राम राज्य का काम' करार दिया और कहा कि उन्हें नहीं लगता कि इसमें किसी भी व्यक्ति को आपत्ति होगी।
- कटक (ओडिशा) .उड़ीसा उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार को एक परिपत्र जारी करने का निर्देश दिया है जिसमें डॉक्टरों से सभी नुस्खे और मेडिको-लीगल रिपोर्ट को सुपाठ्य लिखावट में, यदि संभव हो तो बड़े अक्षरों में या टाइप किए गए रूप में लिखने के लिए कहा जाए। आदेश के अनुसार ऐसा करने से न्यायपालिका को इन दस्तावेजों को पढ़ने में ‘अनावश्यक थकावट' का सामना नहीं करना होगा। यह निर्देश उच्च न्यायालय से पिछले सप्ताह तब आया जब न्यायमूर्ति एस के पाणिग्रही को एक मामले का फैसला करना मुश्किल हो गया, क्योंकि याचिका में संलग्न पोस्टमार्टम रिपोर्ट ठीक से पढ़ी नहीं जा रही थी और समझ में नहीं आ रही थी। एक याचिकाकर्ता ने अदालत से गुहार लगाई थी कि सरकार को अनुग्रह राशि के लिए उसके ज्ञापन पर विचार करने का निर्देश दिया जाए क्योंकि उसके बड़े बेटे की सर्पदंश से मौत हो गई थी।


.jpg)

.jpeg)
.jpeg)
.jpg)
.jpg)









.jpg)
.jpg)



.jpg)
.jpeg)
.jpeg)



