ब्रेकिंग न्यूज़

गंगा-जमुनी तहज़ीब के बीच लोगों ने किया थैंक्यू भिलाई का उद्घोष

-टी सहदेव
भिलाई नगर। लघु भारत भिलाई के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने के लिए गंगा-जमुनी तहज़ीब के बीच सोमवार को शपथ फाउंडेशन के बैनर तले पायोनियर मॉन्यूमेंट, सिविक सेंटर में थैंक्यू भिलाई का भव्य और शानदार कार्यक्रम आयोजित किया गया। 2 फरवरी, 1955 को तत्कालीन सोवियत संघ द्वारा भिलाई में स्टील प्लांट की स्थापना के ऐतिहासिक दिवस की वर्षगांठ पर यह कार्यक्रम सैकड़ों भिलाइन्स के जोश, जज्बे और जुनून के बीच आयोजित किया गया। इस अवसर पर शहर की विशिष्ट हस्तियों और सर्वधर्म गुरुओं की उपस्थिति में रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर थैंक्यू भिलाई का उद्घोष किया गया। शहर की सांस्कृतिक विरासत, इतिहास और धरोहर को लेकर प्रश्नोत्तर भी आयोजित किए गए, सही उत्तर देने वालों को पुरस्कार प्रदान किए गए। इससे पहले अतिथियों आईपी मिश्रा, राकेश पांडेय, श्रुति यादव, राजेश चौहान, एएसपी सुखनंदन राठौर एवं दिव्या भसीन ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की।
पंथी नृत्य ने लोगों को किया रोमांचित 
इंद्रधनुषी छटा के बीच हुए इस कार्यक्रम में कलाकारों ने घुंघरू पहनकर मांदर व झांझ की तेज थाप पर पंथी नृत्य प्रस्तुत किया। उनके द्वारा तेज गति से बनाए गए मानव पिरामिड ने लोगों को रोमांचित कर दिया। वहीं रजनी रजक एवं टीम ने मधुर स्वर में राज्य गीत अरपा पैरी के धार गाकर समां बांधा। एक ओर जहां इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध विरासत की झलक देखने को मिली, वहीं दूसरी ओर देश भक्ति गीतों और थैंक्यू भिलाई के टाइटल गाने ने लोगों में जोश भर दिया। स्वागत भाषण शपथ फाउंडेशन के अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने तथा प्रतिवेदन संरक्षक वीरेंद्र सतपथी ने प्रस्तुत किया। सतपथी ने भिलाई की समरसता की तारीफ में कसीदे भी गढ़े। कार्यक्रम का संचालन विकास जायसवाल और गीतांजलि कौशिक ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जितेंद्र हासवानी ने किया।
नौ हस्तियों को भिलाई नवरत्न सम्मान 
इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों की नौ हस्तियों को भिलाई नवरत्न सम्मान और तीन शख्सियतों को विशिष्ट सेवा सम्मान प्रदान किया गया। नवरत्न सम्मान पाने वालों में चिकित्सा क्षेत्र के डॉ प्रमोद बिनायके, साहित्य क्षेत्र के विनोद साव, शिक्षा क्षेत्र की के शारदा, समाजसेवा क्षेत्र के बंशी अग्रवाल, कला एवं संस्कृति क्षेत्र की रितु वर्मा, उद्योग जगत के जितेंद्र प्रसाद गुप्ता, महिला सशक्तीकरण के लिए निधि चंद्राकर, खेल जगत के दलजीत सिंह थिंड और पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका निभाने वाले मुकेश कुमार पांडेय शामिल हैं। वहीं चतुर्भुज राठी को राम की रसोई- सेवा एवं मानवता, भूपेंद्र नेमा को व्यापार, नेतृत्व एवं सामाजिक समन्वय तथा दीक्षा नागदेवे को शिक्षा एवं समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए विशिष्ट सेवा सम्मान से नवाजा गया।
दो दर्जन संस्थाओं को समाज श्री सम्मान 
इनके अलावा भिलाई के लगभग दो दर्जन सामाजिक संस्थाओं को समाज श्री सम्मान भी दिया गया। ये हैं- गुजराती समाज, सिख महिला समाज, बंगाली समाज, जोहरा कमेटी, उम्मीद फाउंडेशन, यादव समाज, बेंतो उड़िया समाज, आंध्र साहित्य समिति, बौद्ध समाज, सर्व धर्म सेवा संस्था, राष्ट्रीय करणी सेना, महाराज राजेश्वरी महिला समूह, उत्कल सांस्कृतिक मंच, तेलुगु माला समाज, मां कर्मा महिला मानस मंडली, आंध्र महिला मंडली, तेलगा महिला समाज, साईं बाबा महिला भजन मंडली, दिव्य जीवन संघ, पवार क्षत्रिय राजा भोज समाज, साव समाज, नेल्सन आर्ट स्टूडियो एवं बुद्धिस्ट्स सोसाइटी ऑफ इंडिया को समाज श्री सम्मान प्रदान किया गया। सम्मानित होते समय लोग अपने-अपने राज्य की संस्कृति को दर्शाते हुए पारंपरिक परिधान में नजर आए। 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english