जनवरी 2020 से अक्टूबर 2024 के बीच कोई भी पुरातत्व स्थल ‘लापता' या ‘नष्ट' नहीं हुआ: सरकार
नयी दिल्ली. सरकार ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में कहा कि जनवरी 2020 से अक्टूबर 2024 के बीच कोई भी पुरातत्व स्थल ‘लापता' या ‘नष्ट' नहीं हुआ। संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र शेखावत ने एक सवाल के लिखित जवाब में उच्च सदन को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा, ‘‘जनवरी 2020 से अक्टूबर 2024 के बीच कोई भी पुरातत्व स्थल लापता या नष्ट नहीं हुआ है। जनवरी 2020 से अक्टूबर 2024 के बीच किसी भी स्थल को सूची से नहीं हटाया गया है।'' शेखावत ने एक अन्य प्रश्न के उत्तर में कहा कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने 2020 से 2024 के बीच वडक्कुपट्टू और आदिचनल्लूर में पुरातात्विक खुदाई की है। उन्होंने कहा कि कांचीपुरम जिले के वडक्कुपट्टू का स्थल मध्य पुरापाषाण काल से लेकर आरंभिक मध्यकाल तक का है। वहां खुदाई के दौरान प्राप्त पुरावशेषों में मध्य पुरापाषाण काल के पत्थर के औजार तथा आरंभिक ऐतिहासिक काल के अन्य पुरावशेष शामिल हैं। शेखावत ने कहा कि आदिचनल्लूर, जिला थूथुकुडी का स्थल महापाषण काल का है।
Leave A Comment