- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी सरकार ने पिछले नौ साल में भारत में वृद्धि व विकास की जड़ों को पोषित किया है और बुनियादी ढांचे को आकार दिया है, जो अद्वितीय है। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति हुई है, जिसने विकसित भारत के लिए मंच तैयार किया है।
प्रधानमंत्री की ट्विटर पर हैशटैग ‘गति और प्रगति के नौ साल' के साथ यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपनी अगुवाई वाली नरेन्द्र मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। मोदी ने कहा, ‘‘गति और प्रगति के नौ साल में, हमने भारत में वृद्धि और विकास की जड़ों को पोषित किया, एक बुनियादी ढांचे के परिदृश्य को आकार दिया जो अद्वितीय है। हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति हुई है, जिसने विकसित भारत के लिए मंच तैयार किया है।'' प्रधानमंत्री ने बुनियादी ढांचा क्षेत्र में अपनी सरकार की उपलब्धियों पर लेख भी साझा किये। - मुंबई. मुंबई में एक व्यक्ति को सेंट्रल लाइन पर चलती लोकल ट्रेन में एक छात्रा का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह घटना बुधवार को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) और मस्जिद स्टेशन के बीच उस समय हुई, जब छात्रा लोकल ट्रेन से अपने घर जा रही थी। अधिकारी के मुताबिक, छात्रा जब डिब्बे में अकेली थी, तब आरोपी ने कथित तौर पर उसका यौन उत्पीड़न किया।उन्होंने बताया कि छात्रा की शिकायत के आधार पर सीएसएमटी रेलवे पुलिस थाना में उक्त व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा-376 (दुष्कर्म) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी के अनुसार, राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की कई टीमों ने तकनीकी इनपुट पर काम करने के साथ ही निगरानी कैमरों में कैद फुटेज का विश्लेषण कर आरोपी का पता लगाया। उन्होंने बताया कि आरोपी को बुधवार रात गिरफ्तार कर लिया गया।
-
नीमच. लूट के एक मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों ने मध्य प्रदेश से राजस्थान ले जाते समय एक पुलिसकर्मी की रिवॉल्वर छीन ली और उसकी जांघ में गोली मारकर फरार हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के निंबाहेड़ा सदर थाने के उपनिरीक्षक नानूराम गहलोत का उदयपुर के एक अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। मध्य प्रदेश के रतलाम रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के अनुसार, राजस्थान पुलिस ने डकैती के एक मामले में वांछित तीन आरोपियों को बुधवार को मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से गिरफ्तार किया था। सिंह ने बताया कि राजस्थान पुलिस तीनों आरोपियों को जीप में लेकर बुधवार रात अपने गृह राज्य की ओर रवाना हो गई। उन्होंने बताया कि जब वाहन राजस्थान की सीमा के पास नीमच शहर पुलिस थाना क्षेत्र से गुजर रहा था, तो तीनों आरोपियों ने गहलोत पर काबू पा लिया और उनकी सर्विस रिवॉल्वर छीन ली। सिंह के मुताबिक, आरोपियों ने अंधेरे में भागने से पहले गेहलोत की जांघ में गोली मार दी।
उन्होंने कहा कि तीनों आरोपियों को फिर से गिरफ्तार करने के लिए कई पुलिस दल गठित किए गए हैं और इनकी सूचना देने वाले व्यक्ति को तीस हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। -
नयी दिल्ली. टीटागढ़ रेल सिस्टम्स लिमिटेड (टीआरएसएल) और सार्वजनिक क्षेत्र की भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) के गठजोड़ को भारतीय रेलवे से 80 वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के विनिर्माण का ठेका मिला है। इन कंपनियों ने बृहस्पतिवार को संयुक्त बयान में कहा, ‘‘टीटागढ़ रेल सिस्टम्स लिमिटेड और बीएचईएल गठजोड़ ने 2029 तक 80 वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सेट बनाने के लिए भारतीय रेलवे के साथ अनुबंध किया है। अनुबंध का मूल्य करीब 24,000 करोड़ रुपये है।'' यह पहली बार है जब भारतीय रेलवे ने 35 साल के लिए पूर्ण ट्रेन सेट के डिजाइन, निर्माण और रखरखाव का इतना बड़ा ठेका एक भारतीय गठजोड़ को दिया है। टीआरएसएल-बीएचईएल एकमात्र आत्मनिर्भर गठजोड़ था जिसने निविदा प्रक्रिया में भाग लिया था।
टीआरएसएल के वाइस चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक उमेश चौधरी ने कहा, ‘‘हम प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर दृष्टिकोण में कुछ योगदान देना चाहते हैं। वंदे भारत ट्रेन ने हमारे यात्रा करने के तरीके में क्रांति ला दी है और हमें सरकार की ‘मेक इन इंडिया' पहल का हिस्सा बनने पर गर्व है।'' उन्होंने कहा कि इस ऑर्डर को छह साल में पूरा किया जाएगा। इसका पहला प्रोटोटाइप दो साल की समयसीमा में दिया जाएगा। - नयी दिल्ली. दिल्ली के सरकारी स्कूलों के 1,000 से अधिक छात्रों के इस साल मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी में उत्तीर्ण होने पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को छात्रों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी और कहा कि कुछ साल पहले तक इस उपलब्धि की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। केजरीवाल ने पिछले कुछ वर्षों में नीट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले दिल्ली के सरकारी स्कूलों के छात्रों की एक सूची ट्विटर पर साझा की। दिल्ली के सरकारी स्कूलों से नीट-यूजी में सफल होने वाले छात्रों की संख्या में इस साल 40 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि देखी गई, और 1,074 छात्रों ने परीक्षा उत्तीर्ण की। वहीं, 2022 में, दिल्ली सरकार के स्कूलों के 648 छात्रों ने नीट पास किया जबकि 2021 और 2020 में यह संख्या क्रमशः 496 और 569 रही। केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘वाह। दिल्ली के सरकारी स्कूलों के 1000 से अधिक छात्रों ने नीट परीक्षा में सफलता पाई। कुछ साल पहले इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। सभी छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई।'' राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने मंगलवार को इस साल की राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (स्नातक) के परिणाम घोषित किए, जिसमें तमिलनाडु के प्रबंजन जे और आंध्र प्रदेश के बोरा वरुण चक्रवर्ती ने 720 के स्कोर के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। देश भर में लगभग 20.38 लाख में से कुल 11.45 लाख परीक्षार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। नीट-यूजी के अंकों के आधार पर चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है। देश में 540 से अधिक मेडिकल कॉलेजों में 80,000 से अधिक एमबीबीएस सीटें हैं।एनटीए ने सात मई को भारत के 499 शहरों और दूसरे देशों के 14 शहरों में स्थित 4,097 केंद्रों पर राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (स्नातक) आयोजित की थी। परीक्षा 13 भाषाओं असमिया, बांग्ला, अंग्रेजी, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओडिया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू में आयोजित की गई थी।
- नयी दिल्ली ।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 20 से 25 जून तक अमेरिका और मिस्र की राजकीय यात्राओं पर जाएंगे। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।मोदी की अमेरिका की यात्रा न्यूयॉर्क से शुरू होगी, जहां वह 21 जून को न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह की अगुवाई करेंगे।संयुक्त राष्ट्र महासभा ने दिसंबर 2014 में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया था।विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘इसके बाद प्रधानमंत्री वाशिंगटन डी.सी. जाएंगे, जहां 22 जून को व्हाइट हाउस में उनका पारंपरिक स्वागत किया जाएगा और वह अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ अपनी उच्च स्तरीय वार्ता के क्रम को आगे बढ़ाते हुए उनसे मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन इसी शाम प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में राजकीय रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे।’’मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी प्रतिनिधि सभा के स्पीकर केविन मैकार्थी और सीनेट के स्पीकर चार्ल्स शूमर समेत कई सांसदों के निमंत्रण पर 22 जून को अमेरिकी कांग्रेस की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे।उसने बताया कि इसके एक दिन बाद यानी 23 जून को अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन, मोदी के सम्मान में दोपहर भोज की मेजबानी करेंगे।मंत्रालय ने कहा, ‘‘आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लेने के अलावा प्रधानमंत्री कई प्रमुख कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ), पेशेवरों और अन्य हितधारकों के साथ भी बातचीत करेंगे। वह भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे।’’अपनी दो देशों की यात्रा के दूसरे चरण के तहत प्रधानमंत्री मोदी 24 से 25 जून तक मिस्र की राजकीय यात्रा पर काहिरा जाएंगे।मोदी मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी के निमंत्रण पर यह यात्रा कर रहे हैं। अल-सीसी ने भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की थी और उसी समय उन्होंने प्रधानमंत्री को मिस्र यात्रा के लिए आमंत्रित किया था।यह प्रधानमंत्री के तौर पर मोदी की मिस्र की पहली यात्रा होगी।विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति सीसी के साथ बातचीत के अलावा सरकार के वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों, मिस्र की कुछ प्रमुख हस्तियों और मिस्र में भारतीय समुदाय के साथ भी संभवत: बातचीत करेंगे।’इसमें कहा गया है, ‘‘भारत और मिस्र के संबंध प्राचीन व्यापारिक और आर्थिक संबंधों के साथ-साथ सांस्कृतिक और लोगों के बीच गहरे आपसी संबंधों पर आधारित हैं।’’मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने जनवरी में भारत की यात्रा की थी और इस दौरान दोनों देशों के आपसी संबंधों को सामरिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाने पर सहमति बनी थी।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस महीने की 21 तारीख को न्यूयॉर्क के संयुक्त राष्ट्र मुख्यालयों में नौवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भागीदारी करेंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर योग सत्र का नेतृत्व करेंगे। एक ट्वीट में 77वें संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष साबा कोरोसी ने श्री मोदी के अलावा इस कार्यक्रम में शामिल होने के प्रति अपनी खुशी भी जाहिर की है।
-
नई दिल्ली। चक्रवात बिपरजॉय लगातार कमजोर होकर उत्तर पूर्व की ओर बढ़ रहा है। इससे अगले 24 से 48 घंटों में स्थानीय मौसम पर असर पड़ेगा। इसके कारण उत्तरी गुजरात और दक्षिणी राजस्थान के कई इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। भारतीय मौसम के अनुसार अगले कुछ घंटे में कच्छ, देवभूमि द्वारका, जामनगर और मोरबी जिलों में 41 से 61 किलोमीटर प्रतिघंटा के गति से हवा चलेगी। इसके साथ तूफान और भारी बारिश होने की संभावना है।
भुज SP करण सिंह वघेला के अनुसार मुंद्रा, मांडवी, नलिया, जखाऊ आदि जगह पर भारी बारिश के साथ तेज़ हवाएं चल रही हैं। पुलिस की टीम हर जगह तैनात हैं। पुलिस पूरे ज़िले में तैनात है जिससे कहीं भी कुछ जरूरत हो वहां पहुंच सके। जहां भी रोड ब्लॉक है उसे जल्द से जल्द साफ कराया जा रहा है। किसी भी जनहानि की सूचना अभी तक नहीं आई है। हम लोगों से अपील करते हैं चक्रवात का पूरी तरह से शांत हो जाने के बाद ही वे अपने घर से बाहर निकलें।
गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी के अनुसार बीती रात बहुत चुनौतीपूर्ण थी। आज फिर टीम गुजरात उसी साहस के साथ ग्राउंड जीरो पर काम कर रही है। सरकार के प्रो एक्टिव काम के कारण आज सुबह 8 बजे तक किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। कुछ लोग घायल हुए हैं जिनका इलाज चल रहा है। तेज हवाओं के कारण कई जगह पर बिजली के खंभे और पेड़ गिरे जिसे पुलिस, NDRF, SDRF की टीम ने साथ मिलकर तुरंत हटाया।
अमित अरोड़ा, कलेक्टर, कच्छ, गुजरात के अनुसार गुजरात-कई जगहों पर तेज हवा के कारण एहतियातन बिजली आपूर्ति नहीं की जा रही है। नुकसान का सर्वे जारी है सही आंकड़े सर्वे के बाद आएंगे। बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर को ज्यादा नुकसान हुआ है। काफी पेड़ गिरे हैं। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हम चीजें सामान्य करने की जल्द से जल्द कोशिश करेंगे। 2 हाईवे बंद हैं जिस पर से पेड़ हटाने का काम जारी है:।
- कालामाटा (यूनान). दक्षिण यूनान में समुद्र में हुई भीषण नौका दुर्घटना में लापता सैंकड़ों लोगों की तलाश का अभियान बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। प्रवासियों को लेकर जा रही मछली पकड़ने वाली एक नौका यूनान के तट पर मंगलवार देर रात को पलटने के बाद डूब गई थी, जिससे कम से कम 78 लोगों की मौत हो गई जबकि सैंकड़ों अन्य लापता हैं। अधिकारियों ने पहले 79 लोगों के मारे जाने की जानकारी दी थी। अधिकारियों ने बताया कि कम से कम 78 शव बरामद किए गए हैं। बचावकर्ताओं ने 104 यात्रियों को बचाया है, जिनमें मिस्र, सीरिया, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और फलस्तीन के नागरिक शामिल हैं। ये सभी प्रवासी यूरोप जाने की कोशिश कर रहे थे। तटरक्षक बल, नौसेना और विमानों ने रात भर व्यापक स्तर पर खोज एवं बचाव अभियान चलाया। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कितने यात्री लापता हैं। लेकिन तटरक्षक बल के प्रवक्ता निकोस अलेक्सियो ने सरकारी ‘ईआरटी टीवी' को बताया कि यात्रियों की संख्या का सटीक अनुमान लगाना असंभव है। ऐसा प्रतीत होता है कि 80-100 फुट का जहाज लोगों के अचानक एक तरफ चले जाने के बाद पलट गया और कुछ देर बाद डूब गया। कालामाटा के दक्षिणी बंदरगाह शहर के डिप्टी मेयर आयोनिस ज़ाफ़िरोपोलोस ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी से संकेत मिले हैं कि नौका में ‘‘500 से अधिक लोग'' सवार थे। तटरक्षक के एक बयान के अनुसार, जब उनके जहाजों और वाणिज्यिक जहाजों ने नौका को बचाने का बार बार प्रयास किया तो उन्हें ऐसा करने से रोका गया। नौका पर सवार लोग लगातार यह कह रहे थे कि वे इटली जाना चाहते हैं। तटरक्षक अधिकारियों ने कहा कि मंगलवार देर रात करीब एक बजकर 40 मिनट पर नौका का इंजन खराब हो गया, जिसके बाद नौका डूबने लगी। बयान के अनुसार नौका 10 से 15 मिनट बाद डूब गई। अधिकारियों ने बताया कि नौका यूनान के दक्षिणी पेलोपोनिसे प्रायद्वीप से करीब 75 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में डूबी।
- जम्मू. आगामी अमरनाथ यात्रा में 40 से अधिक खाद्य पदार्थों पर प्रतिबंध लगाया गया है और तीर्थयात्रियों को प्रतिदिन कम से कम पांच किलोमीटर पैदल चलकर शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर करने की सलाह दी गई है। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने बृहस्पतिवार को जारी अपने स्वास्थ्य परामर्श में यह जानकारी दी। प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों में ‘कोल्ड ड्रिंक' और ‘फास्ट फूड' भी शामिल हैं। स्वास्थ्य परामर्श में दक्षिण कश्मीर में स्थित हिमालय के तीर्थस्थल की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं से कहा गया है कि वे प्रतिदिन सुबह और शाम लगभग चार से पांच किलोमीटर की सैर करना शुरू करें ताकि उनका शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर रहे। अमरनाथ यात्रा एक जुलाई से शुरू होगी। इसके लिए दो रास्ते हैं, जिनमें अनंतनाग जिले में 48 किलोमीटर लंबा नुंवान-पहलगाम का मार्ग है और गांदरबल जिले में दुर्गम चढ़ाई वाला 14 किलोमीटर लंबा रास्ता शामिल है। अधिकारियों ने कहा, ‘‘अमरनाथ यात्रा शुरू करने से पहले प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों और ऐसे खाद्य पदार्थों की सूची पर नजर डालें, जिन्हें आप यात्रा के दौरान ले जा सकते हैं।'' श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की सलाह के अनुसार जिन खाद्य पदार्थों पर प्रतिबंध लगाया गया है, उनमें पुलाव, तला चावल, पूड़ी, पिज्जा, बर्गर, भरवां परांठा, डोसा, मक्खन-ब्रेड, अचार, चटनी, तला पापड़, चाउमीन सहित अन्य तले हुए खाद्य पदार्थ शामिल हैं। श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने चावल के कुछ व्यंजनों के साथ अनाज, दालों, हरी सब्जियों और सलाद जैसे स्वस्थ खाद्य पदार्थों की सिफारिश की है। बोर्ड के मुताबिक, गांदरबल और अनंतनाग जिलों के जिलाधिकारी प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के उल्लंघन के लिए लगाए जाने वाले दंड को निर्दिष्ट करते हुए रणबीर दंड संहिता के तहत उचित आदेश जारी करेंगे।
-
मुंबई. अमेरिका और यूरोप के विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (एफपीआई) भारत को लेकर आशान्वित हैं। इसका अनुमान भारतीय शेयरों में उनके निवेश से लगाया जा सकता है। मार्च, 2023 से शेयरों में उनका निवेश सुधरकर 9.5 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। एक विदेशी ब्रोकरेज कंपनी की रिपोर्ट में यह बात कही गई है। स्विस ब्रोकरेज कंपनी यूबीएस सिक्योरिटीज की यह रिपोर्ट लगभग 50 अमेरिकी और यूरोपीय एफपीआई से बातचीत पर आधारित है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ज्यादातर विदेशी निवेशक भारत को लेकर आशान्वित हैं। मार्च, 2023 से शेयरों में उनका निवेश सुधरकर 9.5 अरब डॉलर हो गया है, जबकि इससे पिछले तीन माह के दौरान उन्होंने शेयरों से चार अरब डॉलर निकाले थे। भारत को लेकर उम्मीद की एक और वजह वृहद आर्थिक जोखिमों का नरम पड़ना है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि ज्यादातर वैश्विक निवेशक अगली गर्मियों में होने वाले आम चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सत्ता में वापसी की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने पहले ही दिसंबर तिमाही में होने वाले विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनाव को ‘नजरअंदाज' कर दिया है। यूएसबी इंडिया की अर्थशास्त्री तन्वी गुप्ता जैन ने कहा कि इस साल अब तक घरेलू बाजारों का प्रदर्शन उभरते बाजारों की तुलना में 4.6 प्रतिशत कम रहने के बावजूद निवेशक आशान्वित हैं। यूबीएस सिक्योरिटीज इंडिया के रणनीतिकार सुनील तिरुमलाई के अनुसार, इस उम्मीद की वजह बेहतर आर्थिक, राजनीतिक और भू-राजनीतिक परिदृश्य है। हालांकि, यूबीएस ने बैंकों की बढ़ती ब्याज दरों को जोखिम बताया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इसकी वजह से भारतीय परिवार अपना पैसा शेयरों के बजाय अन्य विकल्पों में लगा सकते हैं। यूबीएस ने चालू साल के लिए निफ्टी के लक्ष्य को घटाकर 18,000 अंक कर दिया है। निफ्टी अभी 18,000 अंक से ऊपर है। -
जखौ/अहमदाबाद. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ‘बिपारजॉय' के बृहस्पतिवार देर रात तक गुजरात के कच्छ जिला स्थित जखौ बंदरगाह के नजदीक ‘बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान' के रूप में टकराने का अनुमान जताया है जिसके चलते राहत एवं बचाव कार्य को लेकर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के अलावा सेना, वायुसेना, नौसेना और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने भी कमर कस ली है। आशंका है और इस दौरान हवा की अधिकतम गति 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
इस क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की आशंका के मद्देनजर आठ तटीय जिलों से 94,000 से अधिक लोगों को निकाला गया है। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘सेना ने भुज, जामनगर, गांधीधाम के साथ-साथ नलिया, द्वारका और मांडवी में अग्रिम स्थानों पर 27 राहत टुकड़ियां तैनात की हैं। वायुसेना ने वड़ोदरा, अहमदाबाद और दिल्ली में एक-एक हेलीकॉप्टर को तैयार रखा है। नौसेना ने बचाव और राहत के लिए ओखा, पोरबंदर और बकासुर में 10-15 टीम को तैनात किया है, जिनमें से प्रत्येक में पांच गोताखोर और अच्छे तैराक शामिल हैं।'' अधिकारी ने कहा कि सीमा सुरक्षा बल ने बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन जुटाए हैं और स्थानीय निवासियों को सहायता प्रदान करने के लिए नागरिक प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया है। आईएमडी ने अपने ताजा बुलेटिन में कहा कि चक्रवात के पहुंचने की प्रक्रिया शाम को शुरू होगी और आधी रात तक जारी रहेगी। आईएमडी ने कहा कि चक्रवात अत्यधिक भारी वर्षा लाएगा और ‘‘खगोलीय ज्वार'' पैदा होने के चलते 2-3 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं, जिसके चलते चक्रवात के टकराने के दौरान कच्छ, देवभूमि द्वारका, पोरबंदर, जामनगर और मोरबी जिलों के निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका है। अधिकारियों ने कहा कि चक्रवात के कारण ऊंची लहरें उठने के मद्देनजर लोगों को समुद्र के पास जाने से रोक दिया गया है और सभी समुद्र तटों पर जीवनरक्षक तैनात किए जा रहे हैं। राज्य सरकार की एक विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘अब तक निकाले गए 94,427 लोगों में से कच्छ जिले में 46,800, देवभूमि द्वारका में 10,749, जामनगर में 9,942, मोरबी में 9,243, राजकोट में 6,822, जूनागढ़ में 4,864, पोरबंदर में 4,379 और गिर सोमनाथ जिले में 1,605 लोगों को निकाला गया है।'' इसमें कहा गया, ‘‘जिन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, उनमें 8,900 बच्चे, 1,131 गर्भवती महिलाएं और 4,697 बुजुर्ग शामिल हैं। इन आठ जिलों में कुल 1,521 आश्रय गृह बनाए गए हैं। चिकित्सा दल नियमित अंतराल पर इन आश्रयों का दौरा कर रहे हैं।'' आईएमडी की अहमदाबाद इकाई की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि चक्रवात जखौ से करीब 180 किलोमीटर की दूरी पर है और शाम को इसके गुजरने के चलते कच्छ, देवभूमि द्वारका और जामनगर में बेहद भारी बारिश की संभावना है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को चक्रवात की तीव्रता कम होने के बावजूद तेज हवाएं चलेंगी। इस बीच, चक्रवात के टकराने से पहले कच्छ, जामनगर, राजकोट, पोरबंदर, देवभूमि द्वारका और अमरेली के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार दोपहर तक छह घंटे में 10-20 मिलीमीटर तक भारी बारिश दर्ज की हुई। आईएमडी अधिकारियों ने कहा कि सौराष्ट्र-कच्छ के अलावा, गुजरात के अन्य जिलों में भी 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ ही हल्की बारिश हो सकती है। अधिकारियों ने कहा कि चक्रवात के कारण होने वाली क्षति के मद्देनजर प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारी कर रहा है कि बिजली और पानी की आपूर्ति में कोई व्यवधान न हो। इस बीच, देवभूमि द्वारका के प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर और गिर सोमनाथ के सोमनाथ मंदिर को बृहस्पतिवार को दर्शनार्थियों के लिए बंद रखने का फैसला किया गया है। पश्चिम रेलवे ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियात के तौर पर 76 ट्रेन को रद्द कर दिया गया है, जबकि 36 को बीच रास्ते में रोक दिया गया है और 31 ट्रेन को केवल चुनिंदा स्टेशन पर संचालित करने का फैसला लिया गया है।
-
-
नयी दिल्ली। पूर्वी पाकिस्तान (आज के बांग्लादेश) के समुद्र तट से 12 नवंबर 1970 को एक तूफान टकराया था, जिसे बाद में विश्व मौसम विज्ञान संगठन द्वारा विश्व का सबसे विनाशकारी उष्ण कटिबंधीय चक्रवात घोषित करना पड़ा। इससे मची तबाही ने पूर्वी पाकिस्तान में एक गृह युद्ध छेड़ दिया और आखिरकार विदेशी सैन्य हस्तक्षेप का मार्ग प्रशस्त किया, जिसने उसे बांग्लादेश के रूप में एक नये राष्ट्र में तब्दील कर दिया। यह तूफान के राजनीतिक और सामाजिक परिणाम और इतिहास की धारा बदलने का एक उदाहरण है।
चक्रवात ‘भोला' ने 300,000 से 500,000 लोगों की जान ली, जिनमें से ज्यादातर की मौत बंगाल की खाड़ी के तट पर स्थित निचले इलाकों में हुई। लाखों लोग रातों-रात इसके शिकार हो गये और विद्वानों ने लिखा कि अपर्याप्त राहत कोशिशों ने असंतोष बढ़ाया, जिसका अत्यधिक राजनीतिक प्रभाव पड़ा, सामाजिक अशांति पैदा हुई और गृह युद्ध हुआ तथा नया राष्ट्र सृजित हुआ। विशेषज्ञों का कहना है कि यह रिकार्ड में उपलब्ध सर्वाधिक विनाशकारी प्राकृतिक आपदाओं में शामिल है और 20वीं सदी का सबसे भयावह प्राकृतिक आपदा है। तूफान के तट से टकराने से ठीक पहले, रेडियो पर बार-बार विवरण के साथ ‘रेड-4, रेड-4' चेतावनी जारी की गई। हालांकि, लोग चक्रवात शब्द से परिचित थे, लेकिन उन्हें यह नहीं पता था कि रेड-4 का मतलब ‘रेड अलर्ट' है। वहां 10 अंकों वाली चेतावनी प्रणाली का इस्तेमाल किया जाता था, जिसमें तूफान की भयावहता को बताया जाता था। पश्चिमी पाकिस्तान (आज के पाकिस्तान) में जनरल याहया खान के नेतृत्व वाली तत्कालीन सरकार ने दावा किया था कि करीब 191,951 शव बरामद किये गये और करीब 150,000 लोग लापता हैं। उनके आंकड़ों में वे हजारों लोग शामिल नहीं किये गये हैं जो समुद्र में बह गये, मिट्टी के नीचे दब गये या वे लोग जो दूर-दराज के द्वीपों पर थे, जो फिर कभी नहीं पाये गये। ग्रामीण बह गये, फसलें नष्ट हो गईं। सर्वाधिक प्रभावित उपजिला ताजुमुद्दीन में 45 प्रतिशत से अधिक आबादी (1,67,000 लोगों) की मौत हो गई। असहाय लोग जान बचाने के लिए पेड़ों पर चढ़ गये, लेकिन तेज हवा से पेड़ उखड़ गये और वे उच्च ज्वार में समुद्र में बह गये। इसके बाद, उनके शव तटों पर पड़े पाये गये थे। पूर्वी पाकिस्तान का राजनीतिक नेतृत्व खतरा संभावित तटीय क्षेत्र के प्रति प्रदर्शित की गई उदासीनता से नाराज हो गया। राहत कार्य के लिए अपर्याप्त मशीनरी को लेकर भी चिंता जताई गई। विश्लेषकों ने दलील दी कि राजनीतिक उथल-पुथल और अलगाव के लिए 1970 के चक्रवात को श्रेय दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘भोला' ने पूर्वी पाकिस्तान में मौजूद सामाजिक-राजनीतिक और आर्थिक तनाव को बढ़ाया। 1970 के चक्रवात ने पूर्वी पाकिस्तान की राजनीतिक संरचना को नहीं बदला, बल्कि इसने पूर्वी पाकिस्तान की स्वायत्ता की मांग को हवा दी। नेशनल अवामी पार्टी के नेता अब्दुल हामिद भासनी ने कहा कि संघीय प्रशासन का निकम्मापन तटीय क्षेत्रों में लाखों लोगों की जान बचाने के लिए बहुत जरूरी कदम उठाने के प्रति उनकी उदासीनता को प्रदर्शित करता है। वह लंबी यात्रा कर तूफान प्रभावित क्षेत्र पहुंचने वाले पहले नेता थे। सुबह की नमाज में उन्होंने नोआखली जिले में जिहाद का आह्वान किया था। उन्होंने कहा था कि अन्याय के खिलाफ संघर्ष करना पड़ता है और उनका एक स्वतंत्र पूर्वी पाकिस्तान होना चाहिए। उनके बाद, अवामी लीग के नेता शेख मुजिब ने चक्रवात भोला के पीड़ितों के लिए आवाज उठाई। इस तरह, प्राकृतिक आपदा को राजनीतिक रंग दे दिया गया।-file photo
-
भोपाल. मध्यप्रदेश सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि अगर किसी गांव में पिछले एक साल में कोई बाल विवाह नहीं होता है और कुछ अन्य शर्तें भी पूरी की जाती है तो उस ग्राम को ‘लाड़ली लक्ष्मी मित्र' गांव घोषित किया जाएगा। एक अधिकारी ने बताया कि इस टैग को प्राप्त करने के लिए ग्राम पंचायत को यह सुनिश्चित करना होगा कि लड़कियों का 100 प्रतिशत प्राथमिक विद्यालय में प्रवेश हो, लड़कियों में किसी प्रकार का कुपोषण न हो और पिछले एक साल में उनके खिलाफ कोई अपराध न हुआ हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की लाड़ली लक्ष्मी योजना के लाभार्थियों को समाज में बदलाव लाने के लिए सबसे आगे रखा जाएगा, बाल विवाह और हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरुकता पैदा करने के लिए उनके क्लब बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा एक अप्रैल 2007 को शुरु की गई लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत इस वर्ष स्नातक / व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश करने वाली 1,477 बालिकाओं को मप्र सरकार ने 1.85 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की है। अधिकारी ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य लड़कियों के प्रति लोगों की सोच को बदलना, बाल विवाह रोकना, लिंगानुपात में सुधार करना, लड़कियों के लिए उचित पोषण, लड़कियों की शिक्षा सुनिश्चित करना और प्राथमिक विद्यालयों में लड़कियों को शत प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा, ‘‘ प्रदेश सरकार उनकी उच्च शिक्षा की जिम्मेदारी लेती है और प्रत्येक लाभार्थी को दो किस्तों में 25 हजार रुपये देती है। मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत अब तक 44.82 लाख लड़कियों का पंजीकरण किया गया है और 13.20 लाख लड़कियों को 366.21 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई है।
-
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने कुछ पहलवानों द्वारा कथित यौन उत्पीड़न मामले में डब्ल्यूएफआई प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ चार्जशीट दर्ज की है। मीडिया से बातचीत करते हुए दिल्ली पुलिस की जन संपर्क अधिकारी सुमन नालवा ने बताया कि धारा 354, 354डी और 354ए के तहत कुश्ती महासंघ के पूर्व प्रमुख बृज भूषण शरण सिंह के विरुद्ध चार्जशीट दर्ज की गई हैं। उन्होंने कहा कि पॉक्सो मामले में पुलिस ने कथित पीड़िता के पिता और पीड़िता के बयान के आधार पर मामला निरस्त करने की रिपोर्ट दर्ज की है।
- बांदा (उप्र)। जिले के नरैनी कोतवाली क्षेत्र के बरसड़ा मानपुर गांव में एक व्यक्ति ने मंगलवार की रात धारदार हथियार से अपने बेटे और बहू की कथित रूप से हत्या कर दी और फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि नरैनी कोतवाली क्षेत्र के बरसड़ा मानपुर गांव में मंगलवार की रात आरोपी देशराज ने धारदार हथियार से अपने बेटे मनुवा (35) और बहू चुन्नी (30) की कथित तौर पर हत्या कर दी और फरार हो गया। उन्होंने बताया कि दोनों शव अलग-अलग जगहों पर चारपाई पर पड़े पाए गए, जिससे प्रतीत होता है कि सोते समय दोनों की हत्या की गई होगी। मृत दंपति के बेटे की तहरीर पर आरोपी देशराज के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया जाता है कि आरोपी देशराज के नाम 13 बीघा कृषि भूमि है जिसे वह बेचना चाहता था, लेकिन मनुवा इसका विरोध करता था। पिता जमीन ना बेच पाए, इसलिए उसने अदालत में मुकदमा भी दायर किया था।
- नयी दिल्ली,। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि भारत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के नौ साल के कार्यकाल में लालफीताशाही से ‘रेड कार्पेट' तक का सफर पूरा किया है और कारोबार के अनुकूल माहौल बनाकर देश को प्रत्यक्ष विदेश निवेश (एफडीआई) का सबसे पसंदीदा केंद्र बनाया है। शाह ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘कारोबार सुगमता के नौ साल' में वृद्धि को गति देने की भारत की आकांक्षाओं को पूरा किया है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत ने काराबारी सुगमता के नौ साल के दौरान लालफीताशाही से रेड कार्पेट तक का सफर पूरा किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक कुशल कर प्रणाली, निवेशक अनुकूल नीति और मंजूरी की आसान प्रक्रिया की शुरुआत की ताकि परेशानी मुक्त कारोबारी माहौल और भारत को एफडीआई का पसंदीदा केंद्र बनाया जा सके।'' केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि चाहे ‘स्टार्ट अप इंडिया', ‘स्टैंड अप इंडिया', उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना (पीएलआई) हो या डिजिटल परिवर्तन हो, सरकार के समग्र दृष्टिकोण ने नवाचार और विकास को बढ़ावा दिया है और सुविधानुसार तरीके से विकास सुनिश्चित किया है।
- नयी दिल्ली। वैज्ञानिकों ने मिजोरम में उड़ने वाली छिपकली की एक नयी प्रजाति का पता लगाया है। यह छिपकली मिजोरम में पाई गई है, इसलिए इसका नाम राज्य के नाम पर ‘मिज़ोरम पैराशूट गेको' या ‘गेको मिज़ोरामेन्सिस' रखा गया है। हालांकि, नयी प्रजातियों का एक नमूना 20 साल से अधिक समय पहले एकत्र किया गया था, लेकिन इसके रिश्तेदारों के बीच अंतर का अब मूल्यांकन किया गया है। संबंधित रिपोर्ट पत्रिका ‘सलामंद्रा' में प्रकाशित हुई है जिसका सह-लेखन पीएचडी के छात्र जीशान मिर्जा ने किया है। मिर्जा ने एक बयान में कहा, ‘‘अतीत में अधिकतर खोजों में पक्षियों और स्तनधारियों जैसे करिश्माई जीवों पर ध्यान केंद्रित किया गया है, जिससे सरीसृप प्रजातियों की खोज नहीं हुई है। इस क्षेत्र के मेरे अपने सर्वेक्षणों ने कई नयी प्रजातियों का खुलासा किया है, जिसमें सालाज़ार का पिट वाइपर भी शामिल है, जिसका नाम बच्चों की पसंदीदा फंतासी उपन्यास श्रृंखला हैरी पॉटर के एक पात्र के नाम पर रखा गया है।''उन्होंने कहा, "घने जंगलों के कारण पूर्वोत्तर भारत के वन्यजीव उतने प्रसिद्ध नहीं हैं जितने कि हो सकते हैं। हालांकि हाल के घटनाक्रम ने पहुंच को खोल दिया है।" माना जाता है कि गेकोस (छिपकलियां) जल्द से जल्द विकसित होने वाले ‘स्क्वामेट्स' समूह में से एक हैं। इस समूह में सभी छिपकलियां, सांप और उनके करीबी रिश्तेदार शामिल हैं, जिनके पूर्वज सैकड़ों-लाखों साल पहले जीवाश्म रिकॉर्ड में पहली बार दिखाई दिए थे। शुरुआती ‘गेकोस' ने 10 करोड़ साल पहले ही अपनी कुछ प्रमुख विशेषताओं को विकसित कर लिया था। आनुवांशिक अध्ययन और संरक्षित अवशेषों से पता चलता है कि उन्होंने अपने पैरों पर चिपकने वाले पैड विकसित किए थे जो उन्हें सूक्ष्म बालों के नेटवर्क के उपयोग के माध्यम से लगभग किसी भी सतह पर चढ़ने की क्षमता प्रदान करते थे। वैज्ञानिकों ने कहा कि अन्य अनुकूलन, जैसे शिकारियों को विचलित करने या अंधेरे में अच्छी तरह से देखने के लिए अपनी पूंछ को छोड़ने जैसी विशिष्टताओं ने उन्हें सबसे सफल छिपकली समूहों में से एक बनने में मदद की है। उन्होंने कहा कि आज ‘गेको' की 1,200 से अधिक प्रजातियां हैं, जो सभी ज्ञात छिपकलियों का लगभग पांचवां हिस्सा हैं। उड़ने के लिए अपनी हड्डी का उपयोग करने वाले अन्य सरीसृपों के विपरीत उड़ने वाली संबंधित छिपकलियों की त्वचा में कंपन करने वाले तंतु होते हैं जिससे उन्हें उड़ने में मदद मिलती है।
- नोएडा । खुद को सीआईएसएफ का अधिकारी बताकर एक साइबर ठग ने मकान किराये पर लेने की आड़ में एक महिला से करीब ढाई लाख रूपये ठग लिए। एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर 30 में रहने वाली एक महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अपने आप को सीआईएसएफ का अधिकारी बताकर एक व्यक्ति ने उनका मकान किराए लेने के लिए बातचीत की तथा उनके खाते में पेमेंट भेजने के लिए एक लिंक भेजा । जैसे ही महिला ने लिंक को टच किया उसके खाते से 2 लाख 48 हजार 804 रूपए निकल गए। थाना सेक्टर 20 के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि इस संबंध में पीड़िता शिल्पी गोयल ने थाने में बुधवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है । रिपोर्ट के अनुसार, मकान किराए पर देने के लिए उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाला था। महिला ने बताया कि एक व्यक्ति ने उनसे तथा उनके पिता से संपर्क किया तथा अपने आपको सीआईएसएफ का अधिकारी बताया। उसने किराया तय करने के बाद उनके खाते में 50 हजार रुपए भेजने की बात की। उसने कुछ देर बाद कहा कि उनके खाते में पैसा नहीं जा रहा है। उसने एक लिंक भेजा तथा कहा कि इसे ओके कर दो, उसके बाद आपके खाते में पैसा आ जाएगा। सिंह ने बताया कि जैसे ही पीड़िता ने लिंक को टच किया उनका मोबाइल फोन हैंग हो गया, तथा उनके खाते से 2 लाख 48 हजार 804 रूपए निकल गए। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- नयी दिल्ली। उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस के कर्मचारियों और बिचौलियों ने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों को कथित तौर पर लीक किया और उन्हें लगभग 10-15 लाख रुपये प्रति प्रश्नपत्र की दर से कई उम्मीदवारों को बेचा गया। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को यह जानकारी दी। संघीय एजेंसी ने कहा कि इस कथित परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में धनशोधन की जांच के तहत उसने मंगलवार को कई स्थानों पर छापेमारी की। ईडी ने एक बयान में कहा कि उसने इन छापों के बाद लगभग 1.14 करोड़ रुपये की नकदी और बैंक जमा सहित विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेज तथा संपत्ति के कागजात जब्त किये हैं। ईडी ने आरोप लगाया कि लखनऊ स्थित आरएमएस टेक्नो सॉल्यूशंस (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड में यूकेएसएसएससी द्वारा आयोजित परीक्षाओं के प्रश्नपत्र मुद्रित किए जा रहे थे और इसने ‘‘प्रश्नपत्र लीक में प्रमुख भूमिका निभाई थी।'' एजेंसी ने दावा किया कि कंपनी के कर्मचारियों और बिचौलियों ने लगभग 10-15 लाख रुपये प्रति प्रश्नपत्र की दर से कई उम्मीदवारों को प्रश्नपत्र बेचे थे।
- देवरिया (उत्तर प्रदेश)। जिले के तरकुलवा क्षेत्र में बुधवार को छोटी गंडक नदी में डूबने से तीन महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। देवरिया के जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि बुधवार की दोपहर तरकुलवा थाना क्षेत्र स्थित रतनपुरा गांव के पास छोटी गंडक नदी में कुछ लोग नहाने गए थे। इस दौरान एक व्यक्ति डूबने लगा। उन्होंने बताया कि डूब रहे व्यक्ति को बचाने की कोशिश में कई अन्य लोग भी नदी में उतर गए इस दौरान नदी में डूबने से तीन महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
- भोपाल,। मध्य प्रदेश मंत्रिपरिषद ने बुधवार को सरकारी स्कूलों में 12वीं की परीक्षा में अव्वल आने वाले लड़के-लड़कियों को ई-स्कूटर उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। गौरतलब है कि प्रदेश की भाजपा नीत सरकार का फैसला इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आया है। इस फैसले के बाद मध्य प्रदेश में कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को ''फर्जी घोषणाओं का उस्ताद'' करार दिया। चौहान नीत मंत्रिपरिषद ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों के वास्ते छात्रवृत्ति के लिए परिवार की आय सीमा छह लाख रुपये से बढ़ाकर आठ लाख रुपये सालाना करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। मध्य प्रदेश के गृह मंत्री एवं सरकार के प्रवक्ता नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मंत्रिपरिषद ने प्रत्येक सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों (पुरुष और महिला श्रेणी दोनों) को एक-एक ई-स्कूटर देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि इस योजना से करीब नौ हजार विद्यार्थियों को लाभ होगा।मिश्रा ने कहा कि इसके क्रियान्वयन के लिए 2023-24 के बजट में 135 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में ई-स्कूटर उपलब्ध नहीं है वहां पेट्रोल से चलने वाला स्कूटर उपलब्ध कराया जाएगा। यदि एक से अधिक छात्र किसी स्कूल में शीर्ष स्थान प्राप्त करते हैं तो उन सभी को ई-स्कूटर दिया जाएगा। उनके अनुसार मंत्रिपरिषद ने बुधवार को राज्य की सहकारिता नीति 2023 को भी मंजूरी दे दी।इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा, ‘‘शिवराज जी झूठी घोषणाओं के उस्ताद हैं, स्कूटर के बाद दूसरी बार हेलीकॉप्टर देने की घोषणा करेंगे।'
- नोएडा (उप्र) । उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्ध नगर जनपद के ग्रेटर नोएडा स्थित हिमसागर अपार्टमेंट सोसाइटी ने लुंगी और नाइटी पहनकर सार्वजनिक रूप से न घूमने का अपना चार दिन पुराना निर्देश बुधवार को वापस ले लिया। सोसाइटी ने 10 जून को एक नोटिस जारी कर वहां के निवासियों से अपील की थी कि पुरुष लुंगी और महिलाएं नाइटी पहन कर सोसाइटी में सार्वजनिक रूप से न घूमें। सोसाइटी के आरडब्लूए अध्यक्ष पीके कालरा ने बताया कि काफी दिनों से शिकायतें आ रही थी कि लोग घर के अंदर पहनने वाले कपड़ों में ही बाहर घूमने लगते हैं, जिससे सोसाइटी का माहौल खराब हो रहा है। उन्होंने कहा कि निवासियों से अनुरोध किया गया था कि वे सोसाइटी के वातावरण को ध्यान में रखते हुए संबंधित निर्देश का पालन करें। कालरा के अनुसार, किसी के ऊपर यह आदेश जबरन नहीं सौंपा गया था। सोशल मीडिया पर आरडब्ल्यूएल का संबंधित नोटिस काफी प्रचारित होने के बाद लोगों ने अलग-अलग मत जाहिर किये और सोसाइटी को चार दिन बाद बुधवार को यह निर्देश वापस लेना पड़ा। कालरा ने पुष्टि की कि 10 जून का नोटिस वापस ले लिया गया है।---
-
पुणे। पुणे-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को रसायन से भरे टैंकर में हुए विस्फोट की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि इस घटना में झुलसे 39-वर्षीय एक व्यक्ति की पुणे के एक अस्पताल में आज मौत हो गई। टैंकर में आग लगने और इसके कारण हुए विस्फोट में कुल चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जिनमें मां-बेटे सहित एक ही परिवार के तीन लोग शामिल हैं। घटना में तीन झुलस भी गए थे।
-
नयी दिल्ली। केरल में शुरुआती देरी के बाद दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून रविवार से दक्षिणी प्रायद्वीप और देश के पूर्वी हिस्सों में आगे बढ़ने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि चक्रवात ‘बिपारजॉय' का मॉनसून के आगे बढ़ने और मौसमी वर्षा प्रणाली की प्रगति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा, ‘‘यदि चक्रवात बिपारजॉय ओमान की तरफ उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ता, तो इससे मॉनसून का प्रवाह प्रभावित होता।'' महापात्र ने कहा कि चक्रवात ने भूमध्यरेखीय प्रवाह को मजबूत करके मॉनसून की प्रगति में मदद की है क्योंकि यह दक्षिण-पूर्वी अरब सागर के ऊपर बना हुआ है। उन्होंने कहा कि 18 से 21 जून के बीच दक्षिणी प्रायद्वीप के कुछ और हिस्सों तथा पूर्वी भारत और आसपास के क्षेत्रों में दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं। अरब सागर में चक्रवात बिपारजॉय की उपस्थिति के कारण शुरुआत में मॉनसून की प्रगति में देरी हुई। दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून ने भारत में आठ जून को दस्तक दी, जो आम तौर पर केरल में एक जून को पहुंचता है।

.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)



.jpeg)
.jpeg)






.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)