- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. लगातार तीन बार ‘ला नीना' की दुर्लभ घटना के बाद, आगामी महीनों में भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर के गर्म होने की संभावना बढ़ रही है, जिसे ‘एल नीनो' गतिविधि कहा जाता है और इसका संबंध उच्च वैश्विक तापमान से है। इसके कारण भारत में मॉनसून पर असर पड़ सकता है। संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के विश्व मौसम विज्ञान संगठन (डब्ल्यूएमओ) के अनुसार, अल नीनो के अब जुलाई के अंत तक 60 प्रतिशत संभावना और सितंबर के अंत तक 80 प्रतिशत संभावना के साथ उभरने की भविष्यवाणी की गई है। डब्ल्यूएमओ के क्षेत्रीय जलवायु पूर्वानुमान सेवा प्रभाग के प्रमुख विल्फ्रान मौफौमा ओकिया ने स्विट्जरलैंड के जिनेवा में संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह दुनिया भर में मौसम और जलवायु की प्रणाली को बदल देगा।''' इसके साथ ही अब तक के सबसे लंबी ‘ला नीना' गतिविधि भी समाप्त हो जाएगी। वर्ष 1950 के बाद ऐसा तीसरी बार हुआ है, जब ‘ला नीना' गतिविधि लगातार तीसरे वर्ष देखी गई हो। ‘ला नीना' का अर्थ समुद्र की सतह के तापमान के सामान्य से अधिक ठंडा होने का चरण है।
अल नीनो के कारण दक्षिण अमेरिका के पास प्रशांत महासागर की सतह के जल का ताप सामान्य से अधिक हो जाता है और इसे मॉनसून की हवाओं के कमजोर पड़ने तथा भारत में कम बारिश के साथ जोड़ कर देखा जाता है। लगातार तीन बार ‘ला नीना' के प्रभाव के बाद इस साल अल नीनो की स्थिति बनेगी। ला नीना, अल नीनो की विपरीत स्थिति है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने पिछले सप्ताह कहा था कि मॉनसून के दौरान अल नीनो की स्थिति बन सकती है और इसका प्रभाव मॉनसून के दूसरे भाग में महसूस किया जा सकता है। महापात्रा ने कहा था कि 1951-2022 के बीच जितने साल भी अल नीनो सक्रिय रहा है, वे सभी वर्ष मॉनसून के लिहाज़ से खराब नहीं थे। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में अल नीनो के प्रभाव वाले 15 साल थे और उनमें से छह में ‘सामान्य' से लेकर ‘सामान्य से अधिक' बारिश हुई। -
जयपुर.राजस्थान के बाड़मेर जिले में एक महिला ने अपने दो बच्चों को कथित रूप से टांके (पानी की टंकी) में फेंक कर उनकी जान ले ली और फिर आत्मदाह कर लिया। पुलिस ने बताया कि यह घटना लीलसर गांव में बुधवार शाम को हुई। चोहटन थानाधिकारी भूताराम विश्नोई ने बताया कि आरोपी सोनी देवी (30) ने अपनी तीन साल की बेटी और डेढ़ साल के बेटे को पानी की टंकी में फेंक दिया जिसके बाद कुछ ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगा ली। उन्होंने बताया, “महिला 80 प्रतिशत जल गई थी और उसकी मौत हो गई। बच्चे भी डूब गए। शवों को जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखा गया है। ” अधिकारी ने बताया कि इस घटना के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है।
-
भुवनेश्वर. बंगाल की खाड़ी में नौ मई के आसपास एक ग्रीष्मकालीन चक्रवात आने का अनुमान है, हालांकि इसके मार्ग और तीव्रता के बारे में अभी आकलन नहीं किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को यह जानकारी दी। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि संख्यात्मक मॉडल के अनुसार नौ मई के आसपास चक्रवाती तूफान के लिए स्थिति अनुकूल होने का संकेत मिला है, लेकिन इसकी गति और तीव्रता सात मई को कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद निर्धारित की जा सकती है। उन्होंने कहा कि हालांकि अभी तक देश के तट पर इसके पहुंचने के संबंध में कोई पूर्वानुमान नहीं है। उन्होंने कहा कि लेकिन मछुआरों को सात मई से समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त सत्यव्रत साहू ने बुधवार को कहा कि मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने पहले ही 18 तटीय और आसपास के जिलों के जिलाधिकारियों और 11 विभागों के अधिकारियों को सतर्क कर दिया है। महापात्रा ने कहा कि मौसम प्रणाली के आठ मई को कम दबाव के क्षेत्र में केंद्रित होने और नौ मई को एक चक्रवात में बदलने की आशंका है। उन्होंने कहा कि चक्रवात के बंगाल की मध्य खाड़ी की ओर बढ़ने का अनुमान है। उन्होंने ने एक स्थानीय टीवी समाचार चैनल को बताया कि ग्रीष्मकालीन चक्रवातों के मार्ग का अनुमान लगाना बहुत कठिन है। उन्होंने कहा कि कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद इसके मार्ग और तीव्रता के बारे में जानकारी दी जायेगी। ओडिशा तट पर इसके संभावित प्रभाव के बारे में पूछे जाने पर महापात्रा ने कहा कि इसके लिए या पूर्वी तट पर किसी अन्य स्थान के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि चक्रवात के बारे में जानकारी का उद्देश्य मछुआरों और नौ-परिवहन से जुड़े लोगों को सतर्क करना है। उन्होंने कहा कि लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। महापात्रा ने कहा कि अप्रैल, मई और जून के महीने ग्रीष्मकालीन चक्रवात के लिए माने जाते है, जबकि सितंबर, अक्टूबर और नवंबर मानसून चक्रवात महीने हैं।
-
मुंबई. राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) हालिया कुछ वर्षों में “पिछड़ गया” है लेकिन यह जल्द ही यह फिर से फिल्मों को समर्थन देना शुरू कर देगा और इसकी खुद की ओटीटी सेवा होगी। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बुधवार को यह बात कही। सूचना एवं प्रसारण सचिव अपूर्व चंद्रा ने कहा कि “गांधी” और “जाने भी दो यारों” सरीखी फिल्मों को समर्थन देने वाले एनएफडीसी की जल्द ही नेटफ्लिक्स जैसी ओवर द टॉप (ओटीटी) सेवा भी होगी, जहां कोई भी इसकी फिल्में देख सकेगा। चंद्रा ने यहां वार्षिक ‘फिक्की फ्रेम्स' समारोह में कहा, “हमें लगता है कि एनएफडीसी पिछले 8-10 साल में पिछड़ गया है। हमें दोबारा वापसी करने की जरूरत है। हमें युवा फिल्मकारों को समर्थन देने की जरूरत है, जिन्हें बाजार में उस तरह पहुंच नहीं मिल पाई है। हम एनएफडीसी का ओटीटी प्लेटफॉर्म भी लेकर आएंगे।
-
नयी दिल्ली. सरकार को विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए वीजा प्रक्रिया को अधिक अनुकूल बनाने और भारत आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा चिंताएं दूर करने पर ध्यान देना चाहिए। पर्यटन पर केंद्रित एक रिपोर्ट में यह सुझाव दिया गया है। सलाहकार फर्म नांगिया एंडरसन ने उद्योग मंडल फिक्की के सौजन्य से जारी अपनी रिपोर्ट में कहा है कि विदेश से भारत आने वाले पर्यटकों की संख्या में 2022-27 के दौरान सालाना आधार पर 12 प्रतिशत की दर से बढ़ने की उम्मीद है। लोगों के पास खर्च लायक आय बढ़ने, मध्यम वर्ग की संख्या में बढ़ोतरी और एक आकर्षक पर्यटक स्थल के तौर पर भारत के बारे में बढ़ती जागरूकता इस वृद्धि में अहम योगदान निभाएगी। रिपोर्ट के मुताबिक, कोविड-19 महामारी की वजह से पैदा हुई चुनौतियों के बावजूद वर्ष 2022 में 62 लाख विदेशी पर्यटक भारत आए थे जो महामारी से बुरी तरह प्रभावित वर्ष 2021 के 15.2 लाख पर्यटकों की तुलना में 307.9 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा पर्यटन ने पिछले साल देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 9.2 प्रतिशत का योगदान दिया है और 4.46 करोड़ रोजगार भी पैदा किए हैं। रिपोर्ट में भारत के पर्यटन परिदृश्य को संभावनाओं से भरपूर बताते हुए कहा गया है कि विदेशी पर्यटकों को अधिक संख्या में आकर्षित करने के लिए सरकार को कई मोर्चों पर कदम उठाने होंगे। इनमें वीजा प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाना और सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को दूर करना शामिल हैं। नांगिया एंडरसन एलएलपी के प्रबंध साझेदार एवं सार्वजनिक क्षेत्र परामर्श प्रमुख सूरज नांगिया ने कहा कि यह रिपोर्ट भारत आने वाले पर्यटकों के लिए इसे यादगार अनुभव बनाने से जुड़े सुझाव देती है। इससे निवेशकों एवं डेवलपरों के लिए भी भावी अवसरों को पहचानने में मदद मिलेगी।
-
नयी दिल्ली. दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में चिकित्सकों के एक दल ने दुर्लभ अंतःस्रावी विकार ‘हाइपरपैराथायरायडिज्म' से जुड़े जबड़े के एक बड़े ट्यूमर से पीड़ित 14 वर्षीय किशोरी का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया। ‘‘हाइपरपैराथायरायडिज्म'' रक्त में पैराथायराइड हार्मोन के स्तर में वृद्धि के कारण होता है।
किशोरी का ऑपरेशन करने वाले चिकित्सकों के अनुसार, उनकी जानकारी में यह ‘‘हाइपरपैराथायरायडिज्म'' से जुड़ा जबड़े का अब तक का सबसे बड़ा ट्यूमर है। चिकित्सकों ने बताया कि किशोरी के जबड़े का कोशिका ट्यूमर 18 गुणा 15 सेंटीमीटर के विशाल आकार तक बढ़ गया था। इसके कारण उसका चेहरा विकृत हो गया था और उसे बोलने में कठिनाई हो रही थी। यह ऑपरेशन एम्स के सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. सुनील चंबर और डॉ. अजय रॉय चौधरी ने किया। मरीज ने खाना-पीना शुरू कर दिया है और वह एक स्वस्थ एवं सामान्य जीवन जी रही है। -
जयपुर/उदयपुर. राजस्थान के मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत बुधवार को अपने जन्मदिन के मौके पर उदयपुर के पास एक आदिवासी परिवार के घर पहुंचे और वहां नाश्ता किया। तीसरी बार राजस्थान का मुख्यमंत्री पद संभाल रहे गहलोत बुधवार को 72 वर्ष के हो गए। दिन भर सोशल मीडिया पर उन्हें जन्मदिन की बधाई देने वालों का तांता लगा रहा जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें शुभकामनाएं भेजीं। गहलोत बुधवार को उदयपुर संभाग के दौरे पर थे। उन्होंने घाटा गांव में एक आदिवासी परिवार के साथ अपना जन्मदिन मनाया। मुख्यमंत्री ने धर्माराम गरासिया आदिवासी परिवार के घर पर नाश्ता किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच आया देखकर यह परिवार उत्साहित था और उन्होंने मुख्यमंत्री को घर पर बनाए पकौड़े व लापसी परोसी। गहलोत ने इसका वीडियो साझा करते हुए लिखा,“यह सिर्फ पारंपरिक पकवान नहीं बल्कि राजस्थान के आतिथ्य भाव की मिठास भी है।” इससे पहले मुख्यमंत्री का पारंपरिक आदिवासी लोक संस्कृति के साथ स्वागत किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लोक कलाकारों के साथ समूह फोटो खिंचवा कर उन्हें प्रोत्साहित किया। वहीं प्रधानमंत्री मोदी, लोकसभा अध्यक्ष बिरला, राज्यपाल कलराज मिश्र व राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष सीपी जोशी, विपक्ष के नेता राजेंद्र राठौड़, विपक्ष के उप नेता सतीश पूनियां, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट समेत कई अन्य नेताओं ने गहलोत को जन्मदिन की बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट के जरिये अपने बधाई संदेश में कहा, "राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करें।" कई सांसदों और विधायकों ने भी मुख्यमंत्री को बधाई दी। इस अवसर पर राज्य में उनके समर्थकों द्वारा विभिन्न रक्तदान शिविरों और अन्य गतिविधियों का आयोजन किया गया।
-
नई दिल्ली। जम्मू - कश्मीर में श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड ने अनंतनाग में स्थित पवित्र गुफा मंदिर की ओर जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए 'लंगर' के लिए खाद्य पदार्थों की एक सूची जारी की है। लंगर संगठनों को तीर्थयात्रियों को केवल पौष्टिक भोजन प्रदान करने के लिए कहा गया है। पवित्र गुफा की ओर जाने वाले दोनों मार्गों पर तीर्थयात्रियों को लगभग 120 लंगरों में केवल पौष्टिक भोजन दिया जाएगा। श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड ने यात्रा अवधि के दौरान सभी लंगर संगठनों, खाने की दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों भी इन खाद्य पदार्थों की सूची जारी की है।
-
इंदौर. रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष अनिल कुमार लाहोटी ने बुधवार को कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन विकसित किए जाने की परियोजना पर काम जारी है और रेलवे नये जमाने के इस हरित ईंधन से दौड़ने वाली रेलगाड़ी का परीक्षण मौजूदा वित्त वर्ष में ही शुरू करना चाहता है। लाहोटी ने इंदौर में संवाददाताओं को बताया,‘‘उत्तर रेलवे ने हाइड्रोजन ट्रेन विकसित करने का ठेका पहले ही दे दिया है और इसपर काम चल रहा है।'' उन्होंने कहा कि चूंकि हाइड्रोजन ट्रेन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नयी तकनीकी है और देश में पहली बार ऐसी ट्रेन विकसित हो रही है, इसलिए रेलवे इसे तैयार करने के लिए बेहद सख्त समयसीमा तय करने के बजाय इस परियोजना को उम्दा तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से काम कर रहा है। लाहोटी ने कहा,‘‘हम चाहते हैं कि देश में इसी वित्त वर्ष में हाइड्रोजन ट्रेन का परीक्षण शुरू हो जाए।'' रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने यह भी कहा कि देश में हाइड्रोजन से ट्रेन चलाना बहुत बड़ी तकनीकी सफलता होगी। उन्होंने कहा,‘‘विश्वभर में हाइड्रोजन ट्रेन की तकनीक अभी विकास के क्रम में है। हम जैसे-जैसे इस नयी तकनीक को सीखेंगे, इसे वैसे-वैसे आगे बढ़ाएंगे।'' उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि देश में 75 वंदे भारत ट्रेन चलाई जाएंगी और इसे अमलीजामा पहनाने के लिए रेलवे हर महीने औसतन ऐसी तीन रेलगाड़ियां चला रहा है। लाहोटी, इंदौर और इसके आसपास चल रहीं रेल परियोजनाओं की समीक्षा के लिए आयोजित विभागीय बैठक में शामिल होने आए थे। रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने इंदौर रेलवे स्टेशन को नये सिरे से विकसित किए जाने, महू-खंडवा रेल मार्ग को मीटर गेज से ब्रॉड गेज में बदलने तथा अन्य परियोजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को काम की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए।
-
त्रिशूर. केरल के त्रिशूर जिले के पंथालूर में बुधवार को एक एंबुलेंस के पेड़ से टकरा कर पलटने से एक मरीज सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। कुन्नामकुलम पुलिस ने बताया कि फेमिना (20) नामक युवती को सांस लेने में तकलीफ के कारण एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में चालक का एंबुलेंस पर से नियंत्रण खो गया और वाहन पेड़ से टकरा गया। पुलिस के अनुसार इस घटना में युवती के साथ ही उसके पति आबिद (35) तथा रिश्तेदार रहमत (48) की भी मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ प्रारंभिक जांच के अनुसार एंबुलेंस के तेज गति से चलने के कारण यह दुर्घटना हुई।'' उन्होंने बताया कि एंबुलेंस चालक शुहैब (29) तथा उसके साथ मौजूद फारिस (20) और सादिक (21) इस दुर्घटना में बुरी तरह घायल हो गए, उन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
-
नयी दिल्ली. दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के एसईटी (कौशल, ई-लर्निंग और टेलीमेडिसिन केंद्र) में अत्याधुनिक सर्जिकल रोबोटिक्स प्रशिक्षण सुविधा का उद्घाटन किया गया है। यह सुविधा एम्स-नई दिल्ली और मेडट्रोनिक पीएलसी के पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी ‘इंडिया मेडट्रोनिक प्राइवेट लिमिटेड' के बीच सार्वजनिक-निजी साझेदारी है। एम्स के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि एम्स-नई दिल्ली के निदेशक डॉ एम श्रीनिवास के नेतृत्व और दूरदृष्टि के तहत स्थापित केंद्र विशेषज्ञ सर्जन को रोबोट-सहायता वाली सर्जरी में सर्वश्रेष्ठ गुणवत्ता वाला प्रशिक्षण प्रदान करेगा। अधिकारी ने बताया कि सुविधा का उद्घाटन संस्थान को एक बार फिर वैश्विक पटल पर ले आया है क्योंकि एम्स-नई दिल्ली एकमात्र सरकार द्वारा वित्त पोषित चिकित्सा संस्थान है, जो दुनिया के इस हिस्से में सिमुलेशन-आधारित रोबोटिक्स प्रशिक्षण प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि भागीदारी देशभर के सर्जन को प्रशिक्षित करने और के लिए एम्स-नई दिल्ली में नई तकनीक और दशकों की सर्जिकल विशेषज्ञता को एक साथ लाती है।
-
ठाणे. महाराष्ट्र के ठाणे में बुधवार को एक ऑटोरिक्शा के डिवाइडर से टकराने और इसमें आग लगने के बाद उसमें सवार महिला यात्री की जलकर मौत हो गई। नगर निगम के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में ऑटो चालक बुरी तरह से झुलस गया। यह घटना घोड़बंदर रोड के गैमुख इलाके में सुबह पांच बजकर 45 मिनट पर हुई। यह ऑटो ठाणे से भायंदर की ओर जा रहा था और तभी चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया।
ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) के प्रमुख अविनाश सावंत ने बताया कि वाहन डिवाइडर से टकरा गया और उसमें आग लग गई। अधिकारी ने बताया कि महिला वाहन के अंदर फंस गई और जलने से उसकी मौत हो गई। चालक की पहचान राजेश कुमार (45) के तौर पर की गई है और वह बुरी तरह से झुलस गया है। उन्होंने बताया कि वाहन जलकर खाक हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय दमकल तथा आरडीएमसी के दल मौके पर पहुंचे और आधे घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। अधिकारी ने बताया कि चालक को अस्पताल ले जाया गया जहां उसका उपचार चल रहा है। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है और शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कासारवडवली पुलिस घटना की जांच कर रही है। - नयी दिल्ली । भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि भारत अपनी जनसंख्या पर गर्मी के प्रभाव को मापने और विशिष्ट स्थानों के लिए चेतावनी जारी करने के लिहाज से अगले साल अपना खुद का समग्र सूचकांक जारी करेगा। आईएमडी ने पिछले सप्ताह देश के विभिन्न भागों के लिए प्रायोगिक गर्मी सूचकांक जारी करना शुरू किया है। इसके लिए तापमान और सापेक्षित आर्द्रता को मापा जा रहा है।आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा, ‘‘ग्रीष्म सूचकांक एक प्रायोगिक उत्पाद है। यह अभी विधिमान्य नहीं है और हमने (आईएमडी की वेबसाइट पर) इसका उल्लेख भी किया है। अब हम अपनी खुद की प्रणाली तैयार कर रहे हैं। यह एक बहु-मानकीय उत्पाद होगा जिसे ‘हीट हजार्ड स्कोर’ कहा जाएगा। हमें उम्मीद है कि यह अन्य प्रणालियों से बेहतर होगा।’’उन्होंने बताया कि इसमें तापमान और आर्द्रता के साथ ही हवा और अवधि जैसे अन्य मानदंडों का भी समाकलन किया जाएगा।महापात्र ने कहा कि यह जनता के लिए गर्मी के प्रकोप का प्रभावी संकेतक होगा।आईएमडी प्रमुख ने कहा कि ‘हजार्ड स्कोर’ करीब दो महीने में तैयार होगा और अगली गर्मी के मौसम तक यह परिचालन में आ जाएगा।क्या आईएमडी ने इसमें स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों को भी जोड़ा है, इस प्रश्न पर बताया गया कि इसे धीरे-धीरे शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा, “हम इस पर काम कर रहे हैं लेकिन कुछ जगहों पर स्वास्थ्य संबंधी आंकड़े आसानी से उपलब्ध नहीं हैं।”महापात्र और उनकी टीम ने अधिकतम तापमान, न्यूनतम तापमान, आर्द्रता, गर्म हवा और लू की अवधि को ध्यान में रखते हुए पिछले साल पूरे देश के लिए लू के खतरे का विश्लेषण किया।विश्लेषण से ‘हीट हजार्ड स्कोर’ तैयार करने में मदद मिलेगी जिसका उपयोग विशिष्ट स्थानों के लिए प्रभाव-आधारित लू संबंधी अलर्ट जारी करने के लिए शुरुआत के रूप में किया जाएगा। एक अन्य अधिकारी ने कहा, “गर्मी सूचकांक तापमान और आर्द्रता को ध्यान में रखते हुए स्पष्ट तापमान प्रदान करता है। ‘हीट हजार्ड स्कोर’ संख्याओं के संदर्भ में गंभीरता को दर्शाएगा, जैसे 1 से 10 के पैमाने पर।”उन्होंने कहा कि अमेरिका के गर्मी सूचकांक और भारत के ‘हीट हजार्ड स्कोर’ के बीच प्रमुख अंतर यह है कि भारतीय सूचकांक में गर्मी की स्थिति को बढ़ाने वाले अन्य मापदंडों पर भी विचार किया जाता है, जैसे न्यूनतम तापमान, हवा और जोखिम अवधि आदि।आईएमडी ने मई में देश के पूर्वी और मध्य-पूर्वी हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य स्तर से अधिक रहने और गर्मी के ज्यादा दिनों की भविष्यवाणी की है।
-
नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कृषि क्षेत्र में हो रही चुनौतियों से प्रभावी रूप से निपटने के लिये नये युग की प्रौदयोगिकी को अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया है। आज नई दिल्ली में कृषि खरीफ अभियान 2023 से संबंधित एक राष्ट्रीय सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में जल और उर्वरकों का दुरूपयोग प्रौदगिकियों के प्रभावी कार्यान्वयन से कम किया जा सकता है। श्री तोमर ने कहा कि सरकार के लगातार प्रयासों से पिछले आठ वर्षो में देश में उवर्रकों की उपलब्धता बढी है। उन्होंने कहा कि किसानों को करीब दो लाख 50 हजार करोड रूपये की उवर्रक सब्सिडी दी जा रही है। कृषि मंत्री ने राज्यों से नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के इस्तेमाल को बढावा देने के लिये कहा। उन्होंने भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए कृषि में अनुसंधान पर ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस अवसर पर श्री तोमर ने कार्यक्रमों के बेहतर कार्यान्वयन के लिये कृषि में भू-स्थानिक डाटा से संबंधित एक ऐप कृषि मैपर का शुभारंभ किया।
- लखनऊ। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में गत सोमवार को खेले गये आईपीएल मुकाबले में लखनऊ सुपरजायंट्स की हार के बाद टीम के मेंटॅर गौतम गम्भीर और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के बीच मैदान पर हुई तीखी बहस की चर्चा के बीच उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस घटना पर मजेदार मीम बनाकर अपनी डायल 112 सेवा का प्रमोशन किया है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से मंगलवार देर रात किये गये ट्वीट में कहा, ”कोई भी मसला हमारे लिए ‘विराट’ और ‘गंभीर’ नहीं। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में तुरंत 112 डायल करें।”करीब 15 लाख लोगों द्वारा देखी और 41 हजार लोगों द्वारा लाइक की गयी इस पोस्ट के साथ, इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपरजायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर के बीच सोमवार को मुकाबले के बाद गौतम गम्भीर और विराट कोहली के बीच हुई तीखी बहस-मुबाहिसे की घटना की तस्वीर भी डाली गई है।प्रदेश पुलिस ने इस पोस्ट के साथ एक संदेश भी डाला है, जिसमें लिखा है, ”बहस से परहेज करें, हमें कॉल करने में नहीं। किसी भी आपात स्थिति में 112 डायल करें।”गौरतलब है कि लखनऊ के इकाना स्टेडियम में सोमवार को आईपीएल की लखनऊ सुपरजायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर के बीच मुकाबला हुआ था। इस दौरान बेंगलूर के खिलाड़ी विराट कोहली और सुपरजायंट्स के नवीन उल हक के बीच मैदान पर कहासुनी हुई थी। मैच खत्म होने के बाद सुपरजायंट्स के मेंटॅर गौतम गम्भीर और कोहली के बीच भी तीखी झड़प हो गयी। इसकी फोटो सोशल मीडिया पर आ गई। इस मामले में कोहली और गम्भीर पर पूरी मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है।
-
नई दिल्ली। केन्द्रीय सूचना और प्रसारण सचिव अपूर्व चन्द्रा ने कहा है कि सरकार जल्द ही स्कूलों के पाठ्यक्रम में एनिमेशन, गेमिंग और वीएफएक्स विषय शुरू करेगी। उन्होंने आज मुंबई में फिक्की फ्रेम्स के उद्घाटन सत्र में कहा कि भारत को एनिमेशन वीएफएक्स और गेमिंग के क्षेत्र में विश्व स्तर पर आने की जरूरत है। श्री चन्द्रा ने भरोसा दिया कि सरकार एनिमेशन वीएफएक्स और गेमिंग उद्योग के लिए आवश्यक जनशक्ति का सृजन करने में मदद करेगी। श्री चन्द्रा ने यह भी घोषणा की, कि मुंबई के गोरेगांव फिल्म सिटी में राष्ट्रीय उत्कृष्टता केन्द्र स्थापित किया जाएगा। महाराष्ट्र सरकार ने इस केन्द्र के लिए तीस एकड भूमि आवंटित की है।
-
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने देश के उत्तर पश्चिमी इलाकों में तेज वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले दो दिनों में तेज वर्षा का अनुमान है। विभाग ने बताया है कि पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा के साथ पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में केंद्रित है, जिससे उत्तर पश्चिम भारत में वर्षा हो रही है। इसी कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी तेज वर्षा की आशंका है। इसी तरह पंजाब और हरियाणा में भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम कार्यालय ने कहा है कि मध्यप्रदेश में भी अगले तीन दिनों तक वर्षा का अनुमान है।
- पटना । पटना संग्रहालय के दो प्राचीन द्वारों में से एक द्वार जीर्णोंद्धार के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके कारण लोगों में रोष है। बिहार की राजधानी पटना में अंग्रेजों के जमाने का यह संग्रहालय 1928 में बन कर तैयार हुआ था और इसमें दो द्वार थे… ‘प्रवेश द्वार’ और ‘निकासी द्वार’। पुराने पटना गया मार्ग पर स्थित संग्रहालय की इमारत के जीर्णोद्धार तथा विस्तार का कार्य चल रहा है, जिसकी शुरुआत अगस्त 2020 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की थी। इसी निर्माण कार्य के दौरान ‘निकासी द्वार’ क्षतिग्रस्त हो गया है।संग्रहालय के सुरक्षाकर्मियों ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर बताया, ‘‘ इस द्वार से दिन रात ट्रक कच्चा माल लेकर आ जा रहे हैं। आशंका है कि ऐसे ही किसी ट्रक से टकरा कर द्वार पूर्व में क्षतिग्रस्त हुआ हो।’’द्वार के बाएं हिस्से को काफी नुकसान हुआ और द्वार के ऊपर का गुंबद अपने स्थान से हट गया है।
-
आगरा. पर्यटक अब चांदनी रात में विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का दीदार करने के लिए टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग करा सकेंगे। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधीक्षण व पुरातत्वविद डॉ.राजकुमार पटेल सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोमवार से टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग की सेवा शुरू की गई है। पटेल ने बताया कि इन पांच दिनों (पूर्णिमा और उसके दो दिन पहले व दिन बाद)में यदि शुक्रवार का दिन हुआ तो उस दिन ताजमहल बंद रहेगा।उन्होंने बताया कि टिकट बुक कराने के लिए पर्यटक को अपना पहचान पत्र देना होगा। गौरतलब है कि हर महीने पूर्णिमा और उसके पहले व बाद के दो दिन यानी कुल कुल पांच दिन ताजमहल को रात में देखने की सुविधा दी जाती है।
-
नयी दिल्ली. केंद्र सरकार अपने विभिन्न मंत्रालयों में रिक्त पदों को भरने के लिए 'मिशन मोड' में है और रोजगार मेले का अगला संस्करण 16 मई को 22 राज्यों में आयोजित किया जाएगा। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रोजगार अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए 70,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। प्रधानमंत्री ने पिछले साल अक्टूबर में रोजगार मेला योजना की शुरुआत की थी। इसी के तहत आगामी अभियान का 16 मई को 45 केंद्रों पर आयोजन किया जाएगा। इसी दिन भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने 2014 में आम चुनाव जीता था। अधिकारियों ने कहा कि आने वाले दिनों में भर्ती की प्रक्रिया में तेजी आने की संभावना है, क्योंकि 2019 में सत्ता में आई सरकार अपने कार्यकाल के अंतिम वर्ष में है। पहला रोजगार मेला 22 अक्टूबर, 2022 को आयोजित किया गया था और 75,000 लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए थे। दूसरा रोजगार मेला 22 नवंबर, 2022 को आयोजित किया गया था और लगभग 71,000 नियुक्ति पत्र सौंपे गए थे। 20 जनवरी को तीसरे संस्करण में और 13 अप्रैल को चौथे संस्करण में भी इतनी ही संख्या में नियुक्ति पत्र वितरित गए थे। अधिकारियों ने कहा कि सभी मंत्रालय और विभाग मौजूदा रिक्तियों को 'मिशन मोड' में भरने की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मंत्रालय में नियुक्तियों और रिक्तियों को भरने की निगरानी सभी केंद्रीय मंत्री खुद कर रहे हैं। मेलों में अब तक की गई नियुक्तियों में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के कर्मी, निरीक्षक, उप निरीक्षक, कांस्टेबल, क्लर्क, स्टेनोग्राफर, निजी सहायक, आयकर निरीक्षक, कर सहायक, कनिष्ठ अभियंता, लोको पायलट, तकनीशियन, डाक सहायक, सहायक प्रोफेसर, शिक्षक और लाइब्रेरियन शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि गृह मंत्रालय विभिन्न केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) में बड़ी संख्या में पदों को भर रहा है। ये भर्तियां यूपीएससी, एसएससी और रेलवे भर्ती बोर्ड जैसी भर्ती एजेंसियों के माध्यम से की जा रही हैं। शीघ्र भर्ती के लिए चयन प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया है।
-
नयी दिल्ली. देश में अभी तक गर्मियों की फसल का रकबा मामूली घटकर 65.29 लाख हेक्टेयर रह गया है। कृषि मंत्रालय के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। आंकड़ों से पता चलता है कि धान और तिलहन का रकबा कम है, जबकि दलहन और मोटे अनाज का रकबा बढ़ा है।
मंत्रालय ने सोमवार को 28 अप्रैल, 2023 तक ग्रीष्मकालीन फसलों के खेती के रकबे में हुई प्रगति का ब्योरा जारी किया। आंकड़ों के अनुसार, अभी तक धान का रकबा 27.45 लाख हेक्टेयर है, जो एक साल पहले की समान अवधि में 29.14 लाख हेक्टेयर था। दलहन का रकबा 16.23 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 17.57 लाख हेक्टेयर हो गया, जबकि मोटे अनाज का बुवाई क्षेत्र 10.19 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 10.86 लाख हेक्टेयर हो गया। गैर-खाद्यान्न श्रेणी में, तिलहन का रकबा 28 अप्रैल तक घटकर 9.40 लाख हेक्टेयर रह गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 10.46 लाख हेक्टेयर था। कुल मिलाकर, 28 अप्रैल तक गर्मियों की फसल का कुल रकबा 65.29 लाख हेक्टेयर था, जो एक साल पहले की समान अवधि के 66.02 लाख हेक्टेयर के आंकड़े से थोड़ा कम है। जायद व ग्रीष्मकालीन फसलों के उगाने का मौसम छोटा यानी -- मार्च-जून होता है। यह रबी (सर्दियों में बोई जाने वाली) और खरीफ (गर्मियों में बोई जाने वाली फसल) ऋतुओं के बीच होती है। जायद/गर्मी की फसलें वहां उगाई जाती हैं जहां सुनिश्चित सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध हों। -
नई दिल्ली। पद्म पुरस्कार 2024 के लिए ऑनलाइन नामांकन एक मई से शुरू हो गए हैं। इस साल पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन 15 सितंबर तक किये जा सकेंगें। गृह मंत्रालय ने कहा है कि पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन या सिफारिशें राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर ऑनलाइन प्राप्त की जाएंगी। पुरस्कार की घोषणा अगले साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाएगी।
पद्म पुरस्कार, यानी पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री, देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से हैं। 1954 में स्थापित, इन पुरस्कारों की घोषणा हर वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है। - पुणे । महाराष्ट्र के पुणे शहर में पुलिस ने ऑस्कर पुरस्कार विजेता संगीतकार ए. आर. रहमान के एक कार्यक्रम को बंद करा दिया, क्योंकि यह रात 10 बजे की समय सीमा के बाद भी जारी था। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। रविवार को यहां हुए कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर ‘वायरल’ हुआ, जिसमें एक पुलिस अधिकारी को मंच पर जाते और रहमान, अन्य कलाकारों तथा आयोजकों को संगीत कार्यक्रम बंद करने के लिए कहते देखा जा सकता है।पुणे में राजा बहादुर मिल्स परिसर में रहमान (56) के कार्यक्रम को देखने के लिए काफी संख्या में लोग एकत्र हुए थे। गार्डन पुलिस थाने के निरीक्षक संतोष पाटिल ने बताया, ‘‘रात 10 बजे की समय सीमा पार हो जाने के कारण हमने उन्हें (रहमान को) और अन्य कलाकारों को कार्यक्रम बंद करने को कहा।’’ वीडियो में देखा जा सकता है कि पाटिल घड़ी की ओर संकेत करते हुए रहमान और अन्य कलाकारों को कार्यक्रम बंद करने के लिए कह रहे हैं।पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस सिलसिले में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।रहमान ने सोमवार को एक ट्वीट में कहा कि कार्यक्रम के दौरान दिये गये प्यार और उत्साह प्रदर्शित करने के लिए पुणे का शुक्रिया। हालांकि, उन्होंने घटना का जिक्र नहीं किया।रहमान ने ट्वीट में कहा, ‘‘बीती रात दिये गये आपके प्यार और प्रदर्शित किये गये उत्साह के लिए आपका शुक्रिया, पुणे! क्या शानदार कार्यक्रम था! हम आपके साथ फिर से गाने के लिए जल्द ही दोबारा वापस आएंगे।’’हालांकि, रहमान के एक सहयोगी ने कहा कि पुलिस पद्म भूषण से नवाजे जा चुके रहमान की ओर इशारा करने के बजाय कार्यक्रम के आयोजकों से बात कर सकती थी।सहयोगी ने कहा, ‘‘रात दस बजे की समय सीमा थी, लेकिन उन्होंने कहा कि यह अंतिम गीत है और केवल एक मिनट बचा है। पुलिस अधिकारी मंच पर चढ़ गये और रहमान की ओर इशारा करते हुए इसे बंद करने को कहा। पुलिस आयोजकों से बात कर सकती थी।’’कार्यक्रम के आयोजक डॉ हेराम्ब शेल्के ने कहा कि इस तरीके से कार्यक्रम बंद कराना रहमान के लिए असम्मानजनक है और यह अच्छे व शिष्ट तरीके से कराया जा सकता था।उन्होंने कहा, ‘‘अंतिम क्षणों में ऐसा नहीं होना चाहिए था, क्योंकि पूरा कार्यक्रम सुव्यवस्थित था।’’
-
बाराबंकी . जिले के देवा क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि रविवार रात देवा कोतवाली क्षेत्र के चिनहट मार्ग स्थित इंदिरा नहर के पास शारदा प्रसाद रावत (45) और श्रीराज (35) नामक व्यक्ति सड़क के किनारे अपनी-अपनी मोटरसाइकिलें रोककर सामान खरीद रहे थे। उन्होंने बताया कि इसी बीच, एक तेज रफ्तार कार दोनों युवकों को रौंदते हुए आगे खड़ी दो कारों से जा टकराई। उन्होंने बताया कि इस घटना में रावत और श्रीराज गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि दोनों व्यक्तियों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हादसे का कारण बने वाहन को कब्जे में लेकर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
-
पटना. बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग ने पिछले एक साल में (30 अप्रैल तक) महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत जारी 1.2 करोड़ से अधिक ‘निष्क्रिय' जॉब कार्ड निरस्त कर दिये हैं। बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने सोमवार को कहा, “बिहार ग्रामीण विकास विभाग द्वारा चलाए गए अभियान के तहत (30 अप्रैल तक) पाया गया कि 3,85,69,626 में से कुल 1,23,13,927 जॉब कार्ड पिछले कई वर्षों से निष्क्रिय थे। उन्होंने कहा कि कुछ मामलों में जॉब कार्ड फर्जी थे या प्रदान किए गए आधार नंबर से लिंक (संबंद्ध) नहीं थे या फिर लाभार्थियों की मृत्यु हो गई थी। मंत्री ने कहा कि विभाग ने ऐसे सभी जॉब कॉर्ड को भौतिक सत्यापन करने के बाद निरस्त कर दिया। उन्होंने कहा कि इसके अलावा बड़ी संख्या में उन मजदूरों के जॉब कार्ड भी रद्द कर दिए गए जो जॉब कार्ड प्राप्त करने के बाद राज्य से पलायन कर गए थे और उनके कार्ड पिछले कई वर्षों से निष्क्रिय हैं। उन्होंने कहा, “विभाग ने पिछले एक साल में राज्य के विभिन्न जिलों में मजदूरों को कुल 23.07 लाख नये जॉब कार्ड प्रदान किए हैं। साथ ही मनरेगा के प्रावधानों के तहत मांग के 15 दिनों के भीतर नौकरी चाहने वालों को योजना के तहत नौकरी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गये हैं और ऐसा ना करने पर संबंद्धित सरकारी अधिकारियों पर जुर्माना लगाया जाएगा।'' मंत्री ने कहा कि सबसे अधिक जॉब कॉर्ड वैशाली (8,89,150) जिले में रद्द किये गये हैं और इसके बाद पटना (7,55,308), समस्तीपुर (6,30,654), अररिया (6,14,530), दरभंगा (5,79,778), औरंगाबाद (2,20,330), बेगूसराय (3,13,696) आदि जिलों का स्थान है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत सरकार ने वर्ष 2022-23 में 1.26 करोड़ जॉब कार्ड धारकों को रोजगार प्रदान किया। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम 2005 को पहले राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम या नरेगा के रूप में जाना जाता था। मनरेगा का उद्देश्य प्रत्येक वित्तीय वर्ष में कम से कम 100 दिनों के रोजगार की गारंटी प्रदान करके ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका की सुरक्षा को मजबूत करना है।













.jpg)





.jpeg)
.jpeg)





.jpg)
.jpg)