- Home
- देश
- नयी दिल्ली| कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में हुए नक्सली हमले में 10 जवानों की मौत पर बुधवार को दुख जताया और उनके परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में हुए कायरतापूर्ण नक्सली हमले में 10 डीआरजी जवानों और एक वाहन चालक की शहादत का समाचार दुखद है। इस कठिन वक्त में उनके शोकाकुल परिवारों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सभी वीर शहीदों को मेरा नमन और श्रद्धांजलि।'' छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में बारूदी सुरंग में हुए विस्फोट में सुरक्षाबल के 10 जवान शहीद हो गए हैं तथा एक वाहन चालक की भी मृत्यु हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया है। इस घटना में जिला रिजर्व गार्ड के 10 जवान शहीद हो गए हैं तथा एक वाहन चालक की मृत्यु हुई है।
- नोएडा । थाना बिसरख क्षेत्र में स्थित गौर सिटी के एक ब्लॉक की दूसरी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में बुधवार दोपहर को बालकनी में बनाए गए मंदिर की ज्योत से आग लग गई और कई अन्य फ्लैट तक फैल गई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियों ने तीसरी मंजिल तक पहुंच चुकी आग पर काबू पाया।मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि थाना बिसरख क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली गौर सिटी के गौर एवेन्यू 14 ब्लॉक की दूसरी मंजिल पर रहने वाले एक व्यक्ति के घर की बालकनी में बने मंदिर में दीपक जल रहा था। दीपक से मंदिर में लगे पर्दे में आग लग गई और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। चौबे ने बताया कि आग ऊपर तीसरी मंजिल पर रहने वाले तीन लोगों के फ्लैट तक जा पहुंची। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि इस घटना के चलते सोसाइटी में दहशत फैल गई। उन्होंने बताया कि आग से कोई हताहत नहीं हुआ।
- रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दंतेवाड़ा जिले में आज हुए नक्सली हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इस हमले में शहीद हुए जवानों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा- दंतेवाड़ा में छत्तीसगढ़ पुलिस पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता हूं। हमले में शहीद हुए बहादुर जवानों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनके बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं।
गौरतलब है कि दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र में आज हुए इस नक्सली हमले में डीआरजी के दस जवान शहीद हो गए हैं। वहीं एक वाहन चालक भी मारा गया है। -
बिजनौर . बिजनौर जिले में एक लड़की से छेड़छाड़ के आरोपी को पीड़िता के दोस्त ने अपने भाई की मदद से शराब पिलाकर उसकी कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को सुबह नजीबाबाद क्षेत्र में कोतवाली देहात मार्ग पर सरवनपुर नहर के पास 27 वर्षीय बिट्टू का शव पाया गया था। पुलिस ने विवेचना के आधार पर आरोपी विकास और उसके चचेरे भाई आरोपी अमन को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो आरोपी विकास ने बताया कि जिस लड़की से उसकी दोस्ती थी, बिट्टू उससे छेड़छाड़ करता था। जादौन के मुताबिक, आरोप है कि बिट्टू अपने खिलाफ शिकायत दर्ज होने के बाद भी लड़की को परेशान करता था। आरोपी विकास ने चचेरे भाई आरोपी अमन के साथ योजना बनाकर 23 अप्रैल की रात बिट्टू को घर बुलाया और उसे शराब पिलाकर धारदार हथियार से उसकी हत्या कर शव नहर के पास फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन, हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार और खून लगे कपड़े बरामद कर लिए हैं।
-
नोएडा उत्तर प्रदेश के एक्सप्रेस-वे थाना क्षेत्र स्थित एक स्कूल के बाहर से कार और कुत्ता चोरी करने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। थाना एक्सप्रेस-वे के प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि पांच अप्रैल को कुछ लोग स्थानीय निवासी भावना बिजन की कार और उसमें बैठा हुआ विदेशी नस्ल का एक कुत्ता चोरी करके फरार हो गए थे। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर रही पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर सोमवार रात तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे लोग ‘मास्टर की' की मदद से कार का दरवाजा खोल वाहन चोरी करते थे और बाद में उसे कबाड़ में बेच देते थे। वे कुत्ते को भी बेचने की फिराक में थे। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने कार मालिक को मौके पर बुलाया। मालिक ने आकर जैसे ही कुत्ते का नाम (ओरियो) पुकारा वह दोड़कर उनके पास चला गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में कई स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। इन सभी तथ्यों की जांच की जाएगी।
-
पुणे. महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना में एक व्यक्ति ने 15 महीने के बच्चे को कथित तौर पर उबलते पानी की बाल्टी में डालकर मार डाला। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। ऐसा बताया जा रहा है कि आरोपी के इस बच्चे की मां से कथित तौर पर अवैध संबंध थे।
पुलिस ने बताया कि यह घटना छह अप्रैल को चाकण के समीप शेत पिंपलगांव में हुई। बच्चा गर्म पानी से बुरी तरह झुलस गया और 18 अप्रैल को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। पुलिस निरीक्षक वैभव शिंगरे ने बताया कि आरोपी को दो दिन पहले गिरफ्तार किया गया है। वह बच्चे की मां से नाराज था क्योंकि वह उससे शादी करने के लिए तैयार नहीं थी। उन्होंने कहा, ‘‘जांच में पता चला कि जब महिला घर पर नहीं थी तब आरोपी ने बच्चे को कथित तौर पर उबलते पानी की बाल्टी में डाल दिया और बाद में कहानी गढ़ी कि बच्चा दुर्घटनावश बाल्टी से टकराया तथा गर्म पानी उस पर गिर गया।'' उन्होंने बताया कि महिला की बहन ने आरोपी को, बच्चे को गर्म पानी की बाल्टी में डालते हुए देख लिया था लेकिन आरोपी ने उसे चुप रहने के लिए धमकी दी थी। अधिकारी ने कहा, ‘‘बच्चे की मौत के बाद महिला की बहन ने उसे असलियत बतायी। इसके बाद बच्चे की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी और व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत एक मामला दर्ज किया गया।'' उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच की जा रही है। -
जयपुर. राजस्थान के झुंझुनू जिले के गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र में सोमवार रात को एक युवक ने अपने चचेरे भाई की कथित तौर पर तलवार से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। थानाधिकारी वीर सिंह गुर्जर ने बताया कि पौंख गांव में सोमवार रात को पुरानी रंजिश के चलते आरोपी किशोर मेघवाल (40) ने अपने चचेरे भाई शंकर (28) पर तलवार से हमला कर दिया। तलवार से शंकर की गर्दन कट गई। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस संबंध में आरोपी किशोर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
-
नयी दिल्ली. साठ की उम्र के बाद लोगों को वरिष्ठ नागरिक या बुजुर्ग कहा जाने लगता है, लेकिन जानेमाने लेखक रस्किन बांड अपनी अगली किताब में बताएंगे कि किस तरह इस आयु के बाद भी जिंदगी का अच्छे से अच्छा वक्त बिताया जा सकता है। विशेष रूप से बच्चों के बीच लोकप्रिय रस्किन बांड आगामी 19 मई को 89वां जन्मदिन मनाएंगे और इस मौके पर उनकी किताब ‘द गोल्डन ईयर्स' आएगी।
प्रकाशक हार्पर कॉलिन्स इंडिया ने यह घोषणा की। लेखक ने एक बयान में कहा, ‘‘यह किताब मैंने अपने जैसे उन लोगों के लिए लिखी है जो अब पेड़ों पर नहीं चढ़ सकते, आसमान में हैरतअंगेज कारनामे नहीं कर सकते। लेकिन ऐसी बहुत सारी चीजें हैं जो हम कर सकते हैं और यह किताब इनमें से कुछ के बारे में बताएगी।'' उन्होंने कहा कि थोड़ा ध्यान दिया जाए और समर्पण तथा प्यार से काम किया जाए तो ये साल कई बार जिंदगी के सबसे खूबसूरत साल होते हैं।
-
गुवाहाटी. असम का काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान मई से पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। यह उद्यान एक सींग वाले गैंडों के लिए मशहूर है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उद्यान आमतौर पर मानसून के कारण हर साल मई से अक्टूबर तक बंद रहता है। मानसून में यहां बाढ़ आती है। पूर्वी असम वन्यजीव मंडल वन अधिकारी रमेश गोगोई ने कहा कि हाथी सफारी एक मई से बंद हो जाएगी, जबकि जीप सफारी 16 मई से बंद हो जाएगी।
-
बरेली (उप्र) . जिले के फतेहगंज पश्चिमी में एक नवविवाहिता पर कथित रूप से रिश्तेदारों ने रासायनिक पदार्थ डाल दिया जो मंगलवार सुबह गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में सड़क पर पड़ी मिली। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने महिला को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने बताया कि महिला का चेहरा, गला और छाती तथा दोनों हाथ बुरी तरह से झुलस गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने बताया कि महिला पर कोई रासायनिक पदार्थ डाला गया गया है। उन्होंने कहा कि होश आने पर अस्पताल में महिला ने अपना नाम और गांव का नाम पुलिस को लिखकर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘महिला नवविवाहिता है जिसकी पहचान हो चुकी है और जांच में यह भी पता चला है कि हाल ही में उसकी शादी हुई थी। मायके पक्ष और ससुराल पक्ष के लोगों से संपर्क किया गया है।'' अधिकारी ने कहा, "प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि उसके रिश्तेदारों ने उस पर किसी रसायन से हमला किया था।" पुलिस के अनुसार, जिला अस्पताल के डॉक्टर महिला को लखनऊ के ट्रामा सेंटर में रेफर कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, सड़क पर आते-जाते राहगीरों ने जब महिला को देखा तो उन्होंने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। -
नयी दिल्ली. संदेश मंच व्हॉट्सएप ने ऐसा फीचर पेश किया है, जिसके तहत उसके उपभोक्ता एक खाते को एक साथ कई फोन पर चला सकेंगे। व्हॉट्सएप ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मेटा के स्वामित्व वाले मंच ने कहा, “यह फीचर पूरी दुनिया में चलाना शुरू कर दिया गया है और कुछ सप्ताह में यह सभी के लिए उपलब्ध हो जाएगा।” मंच ने कहा, “आज, हम एक व्हॉट्सएप खाते को कई फोन पर एक साथ चलाने की सुविधा शुरू कर रहे हैं।
उपभोक्ता लंबे समय से इस फीचर की मांग कर रहे थे। इससे वे अपने फोन को चार अतिरिक्त उपकरणों से जोड़ सकेंगे, जैसे आप व्हॉट्सएप को वेब ब्राउजर, टैबलेट और डेस्कटॉप पर जोड़ते हैं। मंच ने बताया, व्हॉट्सएप खाते से जुड़ा प्रत्येक फोन सुनिश्चित करेगा कि उपभोक्ता के निजी मैसेज, मीडिया और कॉल सिर्फ वह और उससे संपर्क करने वाला ही जान सके। व्हॉट्सएप ने एक बयान में कहा, “अगर आपका मूल उपकरण लंबे समय से सक्रिय नहीं है तो हम आपके व्हॉट्सएप को अन्य सभी उपकरणों से स्वत: ही लॉग आउट कर देंगे। -
नयी दिल्ली. भारत ने मंगलवार को हिंसाग्रस्त सूडान से अपने 278 नागरिकों के पहले जत्थे को नौसेना के जहाज आईएनएस सुमेधा के जरिये निकाल लिया और वहां फंसे शेष भारतीयों के लिए जरूरी राहत सामग्री पहुंचायी। वहीं, अधिकारियों ने बताया कि भारतीय नौसेना का दूसरा जहाज आईएनएस तेग भारतीयों को सूडान से निकालने के मिशन ‘ऑपरेशन कावेरी' के तहत वहां के बंदरगाह पर पहुंच गया है, ताकि और भारतीय नागरिकों को बाहर निकाला जा सके। ज्ञात हो कि सूडान में करीब 3000 भारतीयों को निकालने के लिए अभियान शुरू किया गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया, ‘‘ऑपरेशन कावेरी के तहत सूडान में फंसे भारतीयों का पहला जत्था रवाना हो गया। आईएनएस सुमेधा पर सवार होकर 278 लोग सूडान के बंदरगाह से जेद्दा के लिए रवाना हुए।'' बहरहाल, विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन निकासी अभियान पर नजर रखने के लिए जेद्दा पहुंच गए हैं।
एक अन्य ट्वीट में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बागची ने बताया कि सूडान से निकासी अभियान में भारतीय नौसेना का एक और जहाज आईएनएस तेग शामिल हो गया है। बागची ने कहा, ‘‘ आईएनएस तेग सूडान के बंदरगाह पर पहुंच गया है। इसमें और अधिकारी तथा वहां फंसे भारतीयों के लिए राहत सामग्री है। इससे सूडान के बंदरगाह पर दूतावास के कैम्प कार्यालय द्वारा किये जा रहे निकासी प्रयासों को बल मिलेगा।'' गौरतलब है कि भारत ने हिंसाग्रस्त सूडान से अपने नागरिकों को निकालने के लिए सोमवार को ‘‘ऑपरेशन कावेरी'' शुरू किया। सूडान में सेना और अर्द्धसैनिक समूह के बीच सत्ता हासिल करने के लिए भीषण संघर्ष जारी है। इस भीषण लड़ाई में पिछले 12 दिनों से जारी भीषण लड़ाई में 400 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, सूडान में दोनों पक्षों के 72 घंटे के संघर्ष विराम पर सहमत होने के बाद भारत ने वहां फंसे अपने नागरिकों को बाहर निकालने के प्रयास तेज कर दिये हैं। विदेश राज्य मंत्री मुरलीधरन ने निकासी अभियान के बारे में कहा कि सूडान के बंदरगाह और जेद्दा में जरूरी आधारभूत ढांचा तैयार किया गया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ सऊदी अरब के जेद्दा में आने के बाद ऑपरेशन कावेरी की टीम में शामिल हुआ, सूडान से भारतीयों को निकालने की व्यवस्था के लिए स्थापित नियंत्रण कक्ष गया।'' विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को कहा था कि सूडान में फंसे हमारे नागरिकों को वापस लाने के लिए ऑपरेशन कावेरी शुरू हो गया है। भारतीय जहाज और विमान भारतीयों को स्वदेश लाने के लिये तैयार हैं। ज्ञात हो कि रविवार को भारत ने कहा था कि हिंसा प्रभावित सूडान में फंसे भारतीयों को इस अफ्रीकी देश से सुरक्षित रूप से निकालने की अपनी आकस्मिक योजना के तहत जेद्दा में दो सी-130जे सैन्य परिवहन विमान उड़ान भरने के लिए तैयार रखे गए हैं। साथ ही, भारतीय नौसेना के एक जहाज आईएनएस सुमेधा को क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बंदरगाह पर रखा गया था। शुक्रवार को एक उच्च स्तरीय बैठक में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूडान से 3000 से अधिक भारतीयों को सुरक्षित रूप से निकालने की आकस्मिक योजनाओं की तैयारी के निर्देश दिये थे। -
देहरादून. उत्तराखंड के उच्च गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र में स्थित केदारनाथ धाम के कपाट छह माह बंद रहने के बाद मंगलवार को विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गये। इस मौके पर पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से की गयी। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बताया कि केदारनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी रावल भीमाशंकर लिंग द्वारा अन्य पुजारियों तथा धर्माचार्यों के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा अर्चना करने के बाद सुबह 06:20 बजे मंदिर के द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। उन्होंने बताया कि मंदिर में पहली पूजा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में लोक कल्याण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से की गयी। धामी ने भगवान शिव की आराधना करके देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत भी किया तथा मंदिर परिसर में आयोजित भंडारा कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। कपाट खुलने के अवसर पर प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) को भी केदारनाथ धाम में दर्शन के लिए पहुंचना था लेकिन खराब मौसम के कारण उनके हेलीकॉप्टर को गौरीकुंड से वापस लौटना पड़ा। पिछले कुछ दिनों से लगातार बर्फवारी और रूक-रूक कर हो रही बारिश के कारण भीषण ठंड के बावजूद हजारों की संख्या में देश-विदेश से आए श्रद्धालु मंदिर के कपाट खुलने के साक्षी बने। केदारनाथ धाम और उसके आसपास का पूरा इलाका बर्फ से ढ़का हुआ है। चारों तरफ एक फुट से ज्यादा ऊंची बर्फ की परत जमा है। हांलांकि, मंदिर परिसर और धाम के लिए जाने वाले पैदल रास्तों से बर्फ हटा दी गयी है। कपाट खोलने के मौके पर भगवान शिव के धाम को 35 क्विंटल फूलों से सजाया गया था। कपाट खुलते समय सेना के बैंड की धुनों के बीच भजन कीर्तन एवं शिवभक्तों के ‘जय श्री केदार', ‘बम-बम भोले' के उदघोष से केदारनाथ धाम गुंजायमान रहा। कपाट खुलने के अवसर पर तीर्थयात्रियों पर हैलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की गयी। इससे पहले, सोमवार को भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली पर भी पुष्प वर्षा की गयी थी। इस बीच, 29 अप्रैल तक बर्फवारी और बारिश का पूर्वानुमान होने के चलते ऋषिकेश तथा श्रीनगर सहित कुछ स्थानों पर सोमवार को आगे बढ़ने से रोके गए यात्रियों को अब केदारनाथ जाने दिया जा रहा है । प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने इस संबंध में ट्वीट करते हुए कहा, ‘‘केदारनाथ जी में मौसम में सुधार के कारण आज ऋषिकेश और श्रीनगर से रास्ते खोल दिए गए हैं।'' इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की चारधाम यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए हर संभव प्रयास किये गये हैं। उन्होंने बाबा केदार के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि मौसम की जानकारी लेकर ही आगे बढ़ें जिससे किसी को भी मौसम की वजह से कोई असुविधा न हो। बाइस अप्रैल को अक्षय तृतीया के पर्व पर गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुलने के साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा शुरू हुई थी। एक अन्य धाम बदरीनाथ के कपाट 27 अप्रैल को खुलेंगे।
-
सिलवासा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि वह अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात' की 100वीं कड़ी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं जिसका प्रसारण 30 अप्रैल को होना है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने मासिक रेडियो कार्यक्रम की शुरुआत की थी। दादरा और नगर हवेली के सिलवासा जिले में विभिन्न परियोजनाओं की शुरुआत करने के मौके पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘इस साल को ‘मिलेट्स वर्ष' के तौर पर मनाया जा रहा है। श्री अन्न लोगों में लोकप्रिय हो रहा है, चाहे रागी के मीठे व्यंजन हो या इडली हो। यह लोकप्रिय वस्तु के तौर पर बिक रहे हैं और इसकी वजह से किसानों की आय बढ़ रही है।'' उन्होंने कहा, ‘‘ मैंने मन की बात में श्री अन्न के बारे में कई बार उल्लेख किया है...आप सभी जानते हैं कि रविवार को मन की बात सेंचुरी पूरी करने जा रही है, यह इसकी 100वीं कड़ी होगी।
मोदी ने कहा, ‘‘मन की बात भारत के लोगों की विशेषताओं को रेखांकित करने और देश की विशिष्टता की प्रशंसा करने का बहुत अच्छा मंच है।'' उन्होंने कहा,‘‘आप की तरह मैं भी 100वीं कड़ी का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 29 अप्रैल को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आयोजित होने वाले काशी तेलुगू संगमम कार्यक्रम को डिजिटल माध्यम से संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम ऐसे समय में आयोजित किया जाएगा जब बड़ी संख्या में तेलुगु भाषी तीर्थयात्री 12 दिनों तक होने वाले धार्मिक समागम गंगा पुष्कर अलू के दौरान वाराणसी पहुंच रहे हैं। भाजपा सांसद जी वी एल नरसिम्हा राव ने कहा कि तेलुगू लोगों से जुड़े आश्रमों और धर्मशालाओं का संगठन श्री काशी तेलुगू समिति ‘संगमम' का आयोजन कर रहा है। राव इस कार्यक्रम के समन्वयक और श्री काशी तेलुगू समिति के अध्यक्ष भी है। गंगा नदी के मानसरोवर घाट पर आयोजित होने वाले इस एक दिवसीय कार्यक्रम में वाराणसी और तेलुगू भाषी लोगों की आबादी वाले दो राज्यों आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के बीच प्राचीन सभ्यतागत संबंधों को रेखंकित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। इस कवायद को दक्षिणी राज्यों में सत्तारूढ़ भाजपा की जड़ें मजबूत करने के मोदी के प्रयासों के हिस्से के रूप में भी देखा जा रहा है। वाराणसी ने एक महीने तक चलने वाले काशी तमिल संगमम की भी मेजबानी की थी। राव ने कहा, ‘‘गंगा पुष्कर अलू के दौरान लाखों लोग गंगा में पवित्र स्नान के लिए और विभिन्न अनुष्ठानों में भाग लेने के लिए वाराणसी पहुंच रहे हैं। यह बहुत पवित्र अवधि है। प्रधानमंत्री ऐसे हजारों तीर्थयात्रियों को संबोधित करेंगे।'' उन्होंने कहा कि मोदी दोनों क्षेत्रों के बीच प्राचीन सभ्यतागत जुड़ाव को रेखांकित करेंगे। उन्होंने वाराणसी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित करने के लिए प्रधानमंत्री की सराहना की। - धार . मध्य प्रदेश के धार जिले में एक शादी समारोह में मुंह से आतिशबाजी करने की कोशिश करने वाले 35 वर्ष के एक सैन्यकर्मी की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अमझेरा थाने के प्रभारी सी बी सिंह ने बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर अमझेरा थानाक्षेत्र अंतर्गत आने वाले जलोख्या गांव में सोमवार रात हुई। उन्होंने बताया कि जम्मू कश्मीर में सेना में तैनात निर्भय सिंह सिंगार एक महीने की छुट्टी पर शादी में शामिल होने के लिए गांव आया था। उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान सिंगार ने अपने मुंह में एक रॉकेट रखकर उसे छोड़ने का प्रयास किया लेकिन उक्त रॉकेट ऊपर जाने के बजाय उसके मुंह में ही फट गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
- पटना ।बिहार सरकार ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर बुधवार को दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा की।पंजाब के पांच बार मुख्यमंत्री रहे बादल का मंगलवार को मोहाली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था। वह 95 वर्ष के थे।बिहार सरकार द्वारा जारी एक परिपत्र के अनुसार, ‘‘ पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर राज्य सरकार ने 26 और 27 अप्रैल को दो दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है। इस दौरान पूरे राज्य में सभी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। इन दो दिन में कोई सरकारी समारोह या आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।’’बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को बादल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा था, ‘‘बादल ने अपने लंबे राजनीतिक करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। वह सिद्धांतों की राजनीति करने के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से सामाजिक-राजनीतिक क्षेत्र में एक अपूरणीय खालीपन उत्पन्न हो गया है। ’’कुमार ने ईश्वर से शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति व साहस देने की कामना भी की।
- चंडीगढ़। प्रकाश सिंह बादल को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए बुधवार सुबह से ही शिरोमणि अकाली दल के कार्यालय के बाहर लोगों की कतारें लग गईं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को चंडीगढ़ पहुंचे और उसके बाद पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को श्रद्धांजलि देने के लिए सीधे शिरोमणि अकाली दल (शिअद) कार्यालय गए। बादल के पार्थिव शरीर को यहां शिरोमणि अकाली दल के मुख्य कार्यालय में रखा गया है, जहां लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकते हैं।पंजाब सरकार ने पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री रहे बादल के सम्मान में गुरुवार को अवकाश घोषित किया है। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता को सांस लेने में तकलीफ होने की शिकायत के बाद करीब एक सप्ताह पहले मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने मंगलवार रात करीब आठ बजे अंतिम सांस ली। वह 95 साल के थे।एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, राज्य के सभी सरकारी कार्यालय, विभाग, बोर्ड, निगम और शैक्षणिक संस्थान गुरुवार को बंद रहेंगे।शिअद प्रमुख के पार्थिव शरीर को राजपुरा, पटियाला, संगरूर, बरनाला, रामपुरा फूल और बठिंडा होते हुए दोपहर 12 बजे मुक्तसर स्थित उनके पैतृक गांव बादल ले जाया जाएगा। पार्टी के एक नेता ने बताया कि गुरुवार को दोपहर एक बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। केंद्र सरकार पहले ही पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री के सम्मान में 26 और 27 अप्रैल को पूरे भारत में दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा कर चुकी है।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्रियों, पंजाब तथा हरियाणा के मुख्यमंत्रियों तथा कई नेताओं ने बादल के निधन पर शोक व्यक्त किया और राज्य के साथ-साथ देश के लिए उनके अपार योगदान की सराहना की।प्रकाश सिंह बादल का जन्म आठ दिसंबर 1927 को पंजाब के बठिंडा के अबुल खुराना गांव में हुआ था। बादल ने लाहौर के फॉरमैन क्रिश्चियन कॉलेज से स्नातक किया।बठिंडा जिले के बादल गांव के सरपंच बनने के साथ ही उन्होंने राजनीतिक करियर की शुरुआत की। वर्ष 1957 में कांग्रेस के टिकट पर वह मलोट से पंजाब विधानसभा के लिए चुने गए। वर्ष 1969 में उन्होंने अकाली दल के टिकट पर गिद्दड़बाहा विधानसभा सीट से जीत हासिल की।पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री गुरनाम सिंह के कांग्रेस का दामन थामने के बाद अकाली दल फिर से संगठित हो गया। अकाली दल ने 27 मार्च 1970 को बादल को अपना नेता चुना। इसके बाद अकाली दल ने जनसंघ के समर्थन से राज्य में सरकार बनाई। वह तब देश के सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री बने। हालांकि यह गठबंधन सरकार एक वर्ष से थोड़ा अधिक समय तक ही चल पाई। इसके बाद वह 1977-80, 1997-2002, 2007-12 और 2012-2017 में भी राज्य के मुख्यमंत्री रहे। अपने राजनीतिक जीवन के आखिरी पड़ाव में बादल ने अकाली दल की बागडोर बेटे सुखबीर सिंह बादल को सौंप दी थी।
-
चंडीगढ़। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के प्रमुख प्रकाश सिंह बादल (95) का मंगलवार को निधन हो गया। उन्हें करीब एक हफ्ते पहले मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सांस लेने में असुविधा की शिकायत के बाद उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल के निदेशक अभिजीत सिंह ने बताया, रात करीब आठ बजे बादल का निधन हो गया। अपने लंबे राजनीतिक जीवन के दौरान, बादल पांच बार (1970-71, 1977-80, 1997-2002, 2007-12 और 2012-17 में) राज्य के मुख्यमंत्री पद पर रहे। बादल 94 साल की उम्र में पिछले साल राज्य विधानसभा का चुनाव लड़ने वाले देश के सबसे उम्रदराज उम्मीदवार बने, जब वह 13वीं बार चुनावी मैदान में उतरे। वह, हालांकि मुक्तसर जिले के लांबी के अपने गढ़ को नहीं बचा सके।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बादल के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि बादल ने न सिर्फ पंजाब की प्रगति के लिए अथक प्रयास किये, बल्कि देश के विकास में भी बहुत योगदान दिया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी शोक जताते हुए कहा कि प्रकाश सिंह बादल का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी बादल के निधन पर दुख व्यक्त किया। -
तिरुवनंतपुरम. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कोच्चि वाटर मेट्रो सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया और कहा कि जैसे-जैसे राज्यों का विकास होगा, देश तेजी से विकास करेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सहकारी संघवाद पर जोर देती है और मानती है कि अगर राज्यों का विकास होता है तो इससे देश के विकास में मदद मिलेगी। मोदी ने यहां सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘जैसे-जैसे केरल का विकास होगा, भारत तेजी से विकास करेगा।'' इससे पहले, प्रधानमंत्री ने यहां मध्य रेलवे स्टेशन से राज्य की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। यह सेवा राज्य की राजधानी को कासरगोड से जोड़ेगी। केरल का पारंपरिक कसावु मुंडु, शॉल और कुर्ता पहने मोदी ने स्टेडियम में भारी भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि कई लोग दुनिया भर के देशों की आर्थिक स्थिति से वाकिफ हैं। दक्षिणी राज्य के दो दिवसीय दौरे पर आए मोदी ने कहा कि इन वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत को वैश्विक स्तर पर ‘विकास के चमकते केंद्र' के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोच्चि वाटर मेट्रो सहित देश में अधिकांश सार्वजनिक परिवहन प्रणालियां भारत में निर्मित हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के वैश्विक संपर्क कार्यक्रमों से विदेशों में रहने वाले भारतीयों को फायदा हुआ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में दुनिया के विश्वास के पीछे कई कारण हैं और इनमें केंद्र में एक निर्णायक सरकार का होना, इसके द्वारा बुनियादी ढांचे के विकास में अद्वितीय निवेश करना, जनसांख्यिकीय लाभांश प्राप्त करने के लिए निवेश करना, युवाओं को कुशल बनाना, ‘जीवन जीने की सुगमता' और ‘व्यवसाय की सुगमता' के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता शामिल है।
- -
तिरवनंतपुरम. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में मंगलवार को यहां आयोजित एक कार्यक्रम की शुरुआत आठ दशक से अधिक पुराने मलयालम देशभक्ति गीत से हुई, जिसे राज्य सरकार ने केरल का सांस्कृतिक गीत घोषित किया है। यह संभवत: पहली बार है जब 1938 में स्वतंत्रता सेनानी-कवि बोधेश्वरन द्वारा लिखित ‘केरलागानम' को पिछले साल राज्य सरकार के निर्देश के बावजूद विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी वाले किसी बड़े कार्यक्रम की शुरुआत में प्रस्तुत किया गया। गायकों के एक समूह ने सेंट्रल स्टेडियम में समारोह की शुरुआत करते हुए अपनी मधुर आवाज में यह कविता सुनाई। मोदी ने इसी कार्यक्रम में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई और कई प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। ‘‘जय जय कोमल केरल धरणी' से शुरू होने वाली 25 पंक्तियों की इस कविता को 2014 में केरल का सांस्कृतिक गीत घोषित किया गया था। आमतौर पर किसी भी सांस्कृतिक कार्यक्रम में यह गीत कभी नहीं गाया जाता। राज्य के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री साजी चेरियन ने जुलाई 2022 में घोषणा की थी कि कविता को दक्षिणी राज्य में आयोजित होने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के उद्घाटन गीत के रूप में गाया जाएगा। राज्य के गठन के बाद केरल विधानसभा की पहली बैठक में ‘केरलागानम' गाया गया था। फिर इसे आकाशवाणी के कलाकार शारदामणि और राधामणि द्वारा गाया गया, जिन्हें परवूर बहनों के नाम से जाना जाता है।
-
-
मुंबई. मुंबई में एक स्वीमिंग पूल में 72 वर्षीय व्यक्ति पर ऊंचाई से एक अन्य व्यक्ति ने छलांग लगा दी जिससे बुजुर्ग की मौत हो गयी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना गोरेगांव में ओजोन स्वीमिंग पूल में रविवार शाम को हुई। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान विष्णु सामंत के रूप में की गयी है। सामंत पूल में तैर रहे थे जब 20 वर्षीय व्यक्ति ने ऊंचाई से पूल में छलांग लगा दी। पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘सामंत को गर्दन तथा शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आयीं। उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाने के बाद मृत घोषित कर दिया गया। उनकी पत्नी की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता की धारा 304-ए (लापरवाही से मौत) के तहत 20 वर्षीय व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
- नयी दिल्ली । सीबीआई ने भारतीय गैस प्राधिकार लिमिटेड (गेल) के पूर्व निदेशक ई.एस. रंगनाथन के खिलाफ 2017-22 के दौरान आय के ज्ञात स्रोत से 4.82 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित करने के आरोप में एक नया मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गेल के तत्कालीन निदेशक (विपणन) रंगनाथन को पिछले साल जनवरी में महारत्न पीएसयू द्वारा विपणन किए गए पेट्रोकेमिकल उत्पादों को खरीदने वाली निजी कंपनियों को छूट देने के लिए 50 लाख रुपये से अधिक की कथित रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया गया था। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रंगनाथन के नोएडा आवास पर तलाशी ली थी जहां से उसे 1.29 करोड़ रुपये नकद और संपत्ति के विवरण वाले दस्तावेज बरामद हुए थे। इनकी एजेंसी ने जांच की थी। रंगनाथन 1985 में गेल में शामिल हुए और कार्यकारी निदेशक के रूप में गेल में लौटने से पहले 2016-20 तक इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) में प्रबंध निदेशक के रूप में भी काम किया। बाद में उन्हें निदेशक (विपणन) के पद पर पदोन्नत किया गया। जब उन्हें गिरफ्तार किया गया तब वह इसी पद पर थे। बाद में उन्हें सेवा से निलंबित कर दिया गया।संपत्तियों की जांच के बाद सीबीआई ने एक प्राथमिकी दर्ज की जिसमें आरोप लगाया गया कि रंगनाथन ने “आईजीएल और गेल (इंडिया) लिमिटेड में अपनी तैनाती के दौरान जानबूझकर खुद को अवैध रूप से समृद्ध किया और भ्रष्ट और अवैध तरीकों से अपने व अपनी पत्नी वी.एन. मीनाक्षी के नाम पर संपत्ति (चल और अचल दोनों) अर्जित की”। मीनाक्षी गृहिणी हैं। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया कि एजेंसी ने एक जनवरी, 2017 से 17 जनवरी, 2022 को उनकी गिरफ्तारी की तारीख तक पूर्व निदेशक के आय और व्यय विवरण का विश्लेषण किया, जिसमें पता चला कि उन्होंने 4.82 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की थी, जो उनकी वैध संपत्ति से 88 प्रतिशत अधिक थी। इस आय का उनके द्वारा संतोषजनक लेखा-जोखा नहीं दिया जा सका। अधिकारियों ने कहा कि सीबीआई ने रंगनाथन और उनकी पत्नी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया।
-
नयी दिल्ली. कांग्रेस ने सोमवार को पार्टी की ओडिशा इकाई के नये पदाधिकारियों की नियुक्ति की, जिनमें पांच वरिष्ठ उपाध्यक्ष, 12 उपाध्यक्ष, 39 महासचिव और 61 सचिव शामिल हैं। नये पदाधिकारी कांग्रेस की ओडिशा इकाई के प्रमुख शरत पटनायक के अधीन काम करेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष ने ओडिशा इकाई के लिए 67-सदस्यीय कार्यकारिणी समिति का भी गठन किया। राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए ये नियुक्तियां की गई हैं।
कांग्रेस पार्टी की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष ने तत्काल प्रभाव से ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों की नियुक्ति और कार्यकारिणी समिति तथा मीडिया विभाग के गठन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। नियुक्त किये गये कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्षों में गणेश्वर बेहरा, तारा प्रसाद बाहिनीपति, देबाशीष पटनायक, शिवानंद रे और सरस्वती हेम्ब्रम शामिल हैं। कांग्रेस के नवनियुक्त उपाध्यक्षों में ममता मढ़ी, अधिराज मोहन पाणिग्रही, राजेंद्र छत्रिया, विभूति मिश्रा, सीएस राजन एक्का, जानकी बल्लभ पटनायक, किशोर जेना, प्रतिमा मलिक, शुभेंदु मोहंती, विश्व भूषण दास, रजत कुमार चौधरी और नकुल नाइक शामिल हैं। पार्टी ने संतोष सिंह सलूजा को प्रदेश कांग्रेस का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। -
नोएडा (उप्र) . नोएडा में पत्नी से अवैध संबंधों के चलते एक व्यक्ति ने अपने बड़े भाई की कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) हरिश चंदर ने बताया कि सेक्टर 14- ए के पास सोमवार सुबह सेक्टर -27 में रहने वाले धर्मा धामी (45) का शव मिला और उसे पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को शक हुआ और जब उसने उसके छोटे भाई आरोपी किशन धामी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि उसके बड़े भाई का उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध था। चंदर के अनुसार इसी कारण आरोपी किशन ने अपने बड़े भाई की हत्या कर शव को सेक्टर 14 के पास फेंक दिया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। डीसीपी ने बताया कि एक घंटे के अंदर हत्या का खुलासा करने वाली टीम को पुलिस आयुक्त ने इनाम देने की घोषणा की है।


.jpg)




















.jpg)


.jpg)
.jpg)