पीएम मोदी ने कहा - विश्व को विश्वास है कि भारत, कम लागत, गुणवत्ता और स्थायी विकल्प से वैश्विक चुनौतियों का समाधान प्रदान कर सकता है
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि विश्व को विश्वास है कि भारत, कम लागत, गुणवत्ता और स्थायी विकल्प से वैश्विक चुनौतियों का समाधान प्रदान कर सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चंद्रयान मिशन ने विश्व के समक्ष कई गुना उम्मीद बढ़ा दी है। श्री मोदी ने स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन में युवा नवप्रवर्तकों की समस्या-समाधान क्षमताओं और जटिल चुनौतियों से निपटने की सरलता को उल्लेखनीय बताते हुए उनकी सराहना की। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि हैकाथॉन के दौरान नवप्रवर्तकों के नवाचार, राष्ट्र के विकास विशेष रूप से रेल क्षेत्र में सहयोग प्रदान करेंगे।
श्री मोदी ने कहा कि सरकार बड़े पैमाने पर रेल क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित कर रही है और भारतीय रेल परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। केंद्र सरकार इस पर हजारों करोड़ रूपए खर्च कर रही है और उसका ध्यान लोजिस्टिक पर भी केंद्रित है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं शताब्दी का भारत जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान, और जय अनुसंधान के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है। भारत इस समय बदलाव की स्थिति में है, जहां प्रत्येक प्रयास आगामी हजारों वर्षों में भारत की आधारशिला को मजबूत बनाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का समय आ गया है और उसके पास आज विशाल प्रतिभा, निर्णायक और सशक्त सरकार तथा तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। उन्होंने युवकों से आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य के साथ भारत को विकसित बनाने के लिए मिलकर काम करने की अपील की। श्री मोदी ने इस टीम में बांग्लादेश के विद्यार्थियों को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत में अध्ययन का कार्यक्रम उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए हमारे देश में आने वाले विदेशी विद्यार्थियों के लिए शुरू किया गया है।
इस वर्ष स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन का ग्रैंड फिनाले 19 दिसंबर से 23 दिसंबर तक आयोजित किया जा रहा है। 44,000 टीम से 50,000 से अधिक विचार प्राप्त हुए हैं जो स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के पहले संस्करण की तुलना में लगभग सात गुना अधिक है। देश भर के 48 नोडल केंद्रों पर 12,000 से अधिक प्रतिभागी और 2,500 से अधिक मेंटोर ग्रैंड फिनाले में भाग ले रहे हैं। अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, स्मार्ट शिक्षा, आपदा प्रबंधन, रोबोटिक्स और ड्रोन, विरासत तथा संस्कृति सहित विभिन्न विषयों पर समाधान प्रदान करने के लिए इस वर्ष ग्रैंड फिनाले में 1,282 टीमों का चयन किया गया है।








.jpg)

Leave A Comment