सरकार ने वर्ष 2031-32 तक परमाणु ऊर्जा क्षमता 22,480 मेगावाट करने की दिशा में कदम उठाए-जितेन्द्र सिंह
नई दिल्ली। केंद्रीय परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्यमंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा है कि सरकार ने वर्ष 2031-32 तक परमाणु ऊर्जा क्षमता मौजूदा 7,480 मेगावाट से बढ़ाकर 22,480 मेगावाट तक करने के लिए कदम उठाए हैं। लोकसभा में बुधवार को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में डॉ. सिंह ने कहा कि वर्ष 2022-23 में परमाणु ऊर्जा संयंत्रों से बिजली उत्पादन बढ़कर प्रतिवर्ष 4,69,820 यूनिट हो गया है जबकि 2013-14 में ये 3,53,340 यूनिट था। उन्होंने कहा कि देश में फिलहाल 23 परमाणु ऊर्जा संयंत्र काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गुजरात, राजस्थान, तमिलनाडु, हरियाणा, कर्नाटक और मध्यप्रदेश में 8,000 मेगावाट की कुल क्षमता के दस रिएक्टर का निर्माण कार्य जारी है। इसके अतिरिक्त सरकार ने 10 अन्य रिएक्टरों के संबंध में परियोजना पूर्व मंजूरी दे दी है।
यह सभी 2031-32 तक पूर्ण हो जाएंगे। डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में परमाणु ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से भारत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2070 तक शून्य कार्बन उत्सर्जन से जुड़ी अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को प्राप्त करने में परमाणु ऊर्जा क्षमता का विस्तार मदद करेगा।
लोकसभा में एक अन्य जवाब में, डॉ0 सिंह ने कहा कि उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग के स्टार्टअप इंडिया पोर्टल के अनुसार देश में अंतरिक्ष से जुड़े स्टार्टअप की संख्या वर्ष 2023 में बढ़कर 189 हो गई है जबकि वर्ष 2014 में यह केवल एक थी। उन्होंने कहा कि भारतीय अंतरिक्ष स्टार्टअप में इस वर्ष 1,240 लाख डॉलर से अधिक की वृद्धि हुई है।








.jpg)

Leave A Comment