राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा: धार्मिक उत्साह से सराबोर हुआ अरूणाचल प्रदेश
ईटानगर। अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मौके पर अरूणाचल प्रदेश भी सोमवार को धार्मिक उत्साह के रंग से सराबोर रहा और पूर्वोत्तरी राज्य के विभिन्न हिस्सों में विशेष पूजा अर्चना की गईं और रैलियां निकाली गईं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि राज्य की राजधानी में इस ऐतिहासिक अवसर का गवाह बनने के लिए व्यापारियों ने बाजारों को स्वैच्छिक रूप से बंद रखा था। प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर बड़ी संख्या में निजी स्कूलों ने भी आज छुट्टी की घोषणा की थी। राजधानी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) रोहित राजबीर सिंह ने ‘ बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा, "उन मंदिरों में कड़ी सुरक्षा की गई जहां भगवान राम के भक्त बड़ी संख्या में पूजा करने के लिए आते हैं।" अयोध्या से समारोह का सीधा प्रसारण करने के लिए राज्य भर में विभिन्न स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाई गईं, और इन स्थानों पर भाजपा के वरिष्ठ नेता, मंत्री और विधायक पहुंचे। केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्री किरेन रीजीजू ने निर्जुली में पूर्वोत्तर क्षेत्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी संस्थान (एनईआरआईएसटी) परिसर में, मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने निचली दिबांग घाटी में, उपमुख्यमंत्री मंत्री चौना मीन ने नामसाई में और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बियुराम वाहगे ने यहां पार्टी कार्यालय में ऐतिहासिक कार्यक्रम देखा। सामाजिक संगठन ‘सद्भाव अरूणाचल' के अध्यक्ष टी निग्लर ने राज्य की राजधानी के 18 मंदिरों को पांच-पांच किलोग्राम मिठाई वितरित की। गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) ने रविवार शाम तक ईटानगर के लोगों को 10,800 राम ज्योति (मिट्टी के दीए) वितरित कर दिए थे। खांडू ने इस अवसर पर लोगों को बधाई दी।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर लिखा, “ अयोध्या धाम में नवनिर्मित राम मंदिर में राम लला के विराजमान होने के अवसर पर आप सभी को शुभकामनाएं। प्रभु श्री राम सभी को सुख-समृद्धि प्रदान करें और विश्व का कल्याण करें। जय श्री राम।”








.jpg)

Leave A Comment