महाराष्ट्र -हरियाणा में 21 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीख की घोषणा कर दी है। दोनों ही राज्यों में 21 अक्टूबर को एक ही चरण में मतदान होगा। वहीं मतगणना 24 अक्टूबर को होगी। आज नई दिल्ली में चुनाव की तारीखों की घोषणा करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि दोनों राज्यों में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। अब दोनों राज्यों में कोई नई घोषणाएं नहीं की जा सकेंगी। उन्होंने बताया कि इन राज्यों में चुनाव प्रक्रिया 27 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी। अलग-अलग राज्यों की 64 विधानसभा सीटों और बिहार की समस्तीपुर लोकसभा सीट पर उपचुनाव भी 21 अक्टूबर को होगा। चुनाव की अधिसूचना 27 सितंबर को जारी की जाएगी और नामांकन पत्र चार अक्टूबर तक दाखिल किए जा सकेंगे। पांच अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि सात अक्टूबर होगी।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि पर्यावरण पर प्लास्टिक के दुष्प्रभाव को ध्यान में रखते हुए उन्होंने राजनीतिक दलों से कहा कि वे अपने प्रचार अभियान के दौरान प्लास्टिक का इस्तेमाल करने से परहेज़ करें। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी न देने पर कैंडिडेट्स का पर्चा रद्द होगा। आयोग ने कैंडिडेट्स के लिए खर्च की सीमा 28 लाख रुपये निर्धारित की है। चुनावी खर्च की निगरानी के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। चुनाव में हिस्सा ले रहे उम्मीदवारों को अपने हथियार जमा कराने होंगे।
महाराष्ट्र विधानसभा की दो सौ अ_ासी और हरियाणा की 90 सीटों पर मतदान होगा। हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल दो नवम्बर को और महाराष्ट्र का नौ नवम्बर को समाप्त हो रहा है।
महाराष्ट्र में आठ करोड़ नौ लाख मतदाता हैं जबकि हरियाणा में एक करोड़ 82 लाख मतदाता हैं। श्री अरोड़ा ने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। महाराष्ट्र में मतदान की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए 1.8 लाख ईवीएम का इस्तेमाल होगा, जबकि हरियाणा में 1.3 लाख ईवीएम का इस्तेमाल होगा। फिलहाल दोनों ही राज्यों में भाजपा सत्ता में है, ऐसे में उसके लिए दोनों राज्यों में अपनी सत्ता को बचाए रखने की चुनौती होगी। महाराष्ट्र में भाजपा- शिवसेना के साथ गठबंधन सरकार चला रही है, जबकि हरियाणा में वह बहुमत के साथ शासन में है।
Leave A Comment