सर्दियों में क्यों बढ़ जाती है डैंड्रफ की समस्या? डॉक्टर से जानें 5 कारण
सर्दियां शुरू होते ही कई लोगों के सिर में डैंड्रफ की समस्या बढ़ जाती है। कुछ लोग इसे रूसी भी कहते हैं। ऐसे लोग सर्दियों में सिर खुजलाते रहते हैं और उनके कंधे पर सफेद पपड़ी दिखाई देने लगती है। कई लोग लगातार खुजली होने या डैंड्रफ से छुटकारा पाने के लिए बार-बार शैंपू बदलते हैं, बालों में तेल लगाते हैं या घरेलू नुस्खे आजमाने लगते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि गर्मियों के मुकाबले सर्दियों में डैंड्रफ की समस्या ज्यादा क्यों बढ़ जाती है?
1. ठंडी और सूखी हवा का होना
सर्दियों में तापमान कम होने के साथ हवा में नमी भी कम हो जाती है। इसका असर सिर्फ स्किन पर ही नहीं पड़ता, बल्कि सिर के स्कैल्प पर भी पड़ता है। हवा में नमी कम होने से स्कैल्प की नेचुरल नमी कम होने लगती है और स्किन रूखी हो सकती है। इससे सिर में सफेद पपड़ी निकलने लगती है। जिन लोगों की स्किन पहले से ड्राई या सेंसिटिव होती है, उन्हें यह परेशानी ज्यादा महसूस हो सकती है। कई बार स्कैल्प में खुजली और खिंचाव भी होने लगता है। यही वजह है कि सर्दियों में बालों में डैंड्रफ की समस्या ज्यादा नजर आने लगती है।
2. हीटर और कमरे के जरूरत से ज्यादा गर्म होना
सर्दियों में ठंड से बचने के लिए लोग घर और ऑफिस में हीटर का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि इससे शरीर को गर्माहट मिलती है, लेकिन लगातार गर्म और सूखी हवा के कारण हवा में नमी कम होने लगती है। इसका असर स्कैल्प के मॉइस्चर बैलेंस पर भी पड़ता है। स्कैल्प की त्वचा ज्यादा ड्राई होने लगती है, जिससे खुजली, जलन और फ्लेकिंग की परेशानी बढ़ सकती है। जो लोग दिनभर हीटर वाले कमरे में रहते हैं, उन्हें अपने सिर के स्कैल्प पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत होती है।
3. गर्म पानी से बाल धोने की आदत
अक्सर लोग ठंड के मौसम में गर्म पानी से नहाने और बाल धोने लगते हैं, लेकिन बहुत ज्यादा गर्म पानी स्कैल्प के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इससे स्किन में मौजूद नेचुरल ऑयल कम हो सकता है। यह नेचुरल ऑयल स्कैल्प को नमी बनाए रखने में मदद करता है। जब प्राकृतिक तेल कम होने लगता है, तो स्कैल्प रूखा हो सकता है और सफेद पपड़ी बनने लगती है। इसलिए सर्दियों में भी बालों को बहुत गर्म पानी से धोने से बचना चाहिए। इसके बजाय गुनगुने पानी का इस्तेमाल करना बेहतर है।
4. स्कैल्प पर मौजूद यीस्ट होना
डैंड्रफ बढ़ने के पीछे एक और महत्वपूर्ण वजह यीस्ट हो सकती है। इसे मैलासेजिया (Malassezia) कहा जाता है। यह एक तरह का फंगस है, जो आमतौर पर ज्यादातर लोगों के स्कैल्प पर मौजूद रहता है। इससे लोगों को कोई परेशानी नहीं होती, लेकिन कुछ लोगों में यह स्कैल्प पर मौजूद नेचुरल ऑयल सीबम का इस्तेमाल करके बढ़ सकता है। ऐसे में सेंसिटिव लोगों के स्कैल्प पर मैलासेजिया के कारण स्किन में सूजन हो सकती है। इससे स्कैल्प पर सफेद या पीले रंग की पपड़ी बनने लगती है। ऐसे में डॉक्टर को दिखाना चाहिए और इलाज करना चाहिए।
5. बालों की सही देखभाल न करना
सर्दियों में कई लोग ठंड लगने के डर से बाल कम धोते हैं। कुछ लोग स्कैल्प को मॉइस्चराइज रखने के लिए जरूरत से ज्यादा तेल लगाने लगते हैं। वहीं, कई बार हेयर जेल, सीरम और दूसरे हेयर केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल भी बढ़ जाता है। बाल कम धोने से स्कैल्प पर अतिरिक्त तेल, डेड स्किन सेल्स और हेयर प्रोडक्ट्स जमा हो सकते हैं। इससे डैंड्रफ ज्यादा दिखाई देने लगता है। जिन लोगों की स्कैल्प ऑयली है, उन्हें बालों की सफाई का ध्यान रखना चाहिए।
सर्दियों में डैंड्रफ से बचने के तरीके
- डैंड्रफ को कंट्रोल करने के लिए बार-बार शैंपू बदलने या घरेलू नुस्खे आजमाने की जरूरत नहीं है। रोजाना की कुछ आदतों में बदलाव करके डैंड्रफ से बचा जा सकता है।
-बाल धोने के लिए बहुत गर्म पानी का इस्तेमाल करने के बजाय गुनगुना पानी लें।
-ठंड के कारण बाल धोना बंद न करें। अगर स्कैल्प ऑयली है, तो बालों को रेगुलर धोते रहें।
-डैंड्रफ की समस्या होने पर डॉक्टर की सलाह पर एंटी-डैंड्रफ शैंपू का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन खुद से किसी भी तरह का एंटी-डैंड्रफ शैंपू न लें।
-एंटी-डैंड्रफ शैंपू को सिर्फ बालों पर लगाने के बजाय स्कैल्प तक पहुंचाएं। कुछ मेडिकेटेड शैंपू को धोने से पहले कुछ मिनट तक स्कैल्प पर रखना जरूरी होता है।
-कुछ लोग सर्दियों में बालों में काफी तेल लगा लेते हैं। इससे डैंड्रफ बढ़ सकता है।







.jpg)

Leave A Comment