तेज गुस्सा, डर या सदमे से भी अस्थायी रूप से कमजोर हो सकता है दिल: विशेषज्ञ
नयी दिल्ली। अत्यधिक दुख ही एकमात्र ऐसी भावना नहीं है, जो दिल को प्रभावित कर सकती है। बहुत अधिक गुस्सा, डर या सदमा भी अस्थायी रूप से हृदय की रक्त प्रवाह क्षमता को कमजोर कर सकता है, जिससे 'टाकोत्सुबो कार्डियोमायोपैथी' या 'ब्रोकन हार्ट सिंड्रोम' नामक दुर्लभ स्थिति पैदा हो सकती है। विशेषज्ञों ने यह जानकारी दी। यह स्थिति आमतौर पर किसी तीव्र भावनात्मक या शारीरिक घटना के बाद तनाव पैदा करने वाले हार्मोन के स्तर में अचानक वृद्धि से जुड़ी होती है। किसी प्रियजन की मृत्यु, रिश्ते का टूटना या अत्यधिक गुस्सा भी इस दिक्कत को बढ़ावा दे सकता है। यह भावनात्मक तनाव और हृदय स्वास्थ्य के बीच जटिल संबंध को दर्शाता है।
दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के हृदय रोग विभाग के प्रमुख डॉ. राजीव नारंग ने कहा, ''अत्यधिक गुस्से सहित भावनाओं का अचानक और तीव्र आवेग 'एड्रेनालिन' के स्तर में तेज वृद्धि कर सकता है और अस्थायी रूप से हृदय की मांसपेशियों के सामान्य रूप से सिकुड़ने की क्षमता को प्रभावित कर सकता है। इसके लिए हमेशा दुख या शोक ही जिम्मेदार नहीं होता।'' उन्होंने बताया कि इस स्थिति के लक्षण अचानक दिल का दौरा पड़ने जैसे हो सकते हैं और मरीज को अचानक सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ, पसीना आने या दिल की धड़कन तेज होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। हालांकि, डॉक्टरों को 'टाकोत्सुबो कार्डियोमायोपैथी' से पीड़ित मरीजों में अक्सर हृदय की धमनियों में ऐसी कोई बड़ी रुकावट नहीं मिलती, जो इन लक्षणों की वजह स्पष्ट कर सके।
नारंग ने कहा, ''टाकोत्सुबो से पीड़ित मरीज की स्थिति सामान्य दिल के दौरे जैसी लग सकती है। तत्काल हृदय संबंधी जांच किए बिना यह नहीं मान लेना चाहिए कि लक्षण तनाव के कारण हैं, क्योंकि इनके लक्षण और शुरुआती ईसीजी में होने वाले बदलाव दिल के दौरे से काफी हद तक मिलते-जुलते हो सकते हैं।'' उन्होंने बताया कि शुरुआती चरण में मरीजों को गंभीर जटिलताएं हो सकती हैं और उन्हें 'कोरोनरी केयर यूनिट' में कड़ी निगरानी की जरूरत पड़ सकती है। नारंग ने कहा कि हालांकि, ज्यादातर मरीजों में अगले कुछ दिनों या हफ्तों में हृदय की कार्यक्षमता सामान्य हो जाती है। उन्होंने कहा कि सामान्य दिल का दौरा पड़ने वाले मरीजों की तुलना में इस स्थिति में दीर्घकालिक स्वास्थ्य परिणाम आम तौर पर बेहतर होते हैं।




.jpg)



.jpeg)
.jpg)
Leave A Comment