ब्रेकिंग न्यूज़

 श्रीराधाकृष्ण के रूपध्यान की सरलता और भगवान के प्रति मन के आकर्षण के विज्ञान पर जगदगुरु श्री कृपालु जी महाराज द्वारा समाधान!!
जगदगुरु कृपालु भक्तियोग तत्वदर्शन - भाग 242

साधक का प्रश्न ::: शयन करने वाले भगवान् (विष्णु) का ध्यान करने लगते हैं तो मन स्थिर नहीं होता है। तो कैसे स्वरूप का ध्यान करें? हम कन्फ्यूज्ड होते हैं, कैसे ध्यान करना चाहिये?

जगदगुरुत्तम श्री कृपालु जी महाराज द्वारा उत्तर ::: हाँ हाँ भगवान् हृदय में भी रहते हैं। 'पुरुशयते' 'पुर' माने शरीर में, अन्त:करण में; 'शयते' माने सोने वाले। और क्षीरसागर में भी सोते हैं, सर्वत्र व्याप्त भी हैं और गोलोक में भी रहते हैं। तो हमको निराकार का ध्यान नहीं करना है। सगुण साकार का ध्यान करना है, राधाकृष्ण का। उनकी लीलायें हुई हैं। उन लीलाओं में हमारा मन जल्दी लगेगा। और जो पुरुष है अन्तःकरण में, परमात्मा रूप में, वो तो निराकार है उसका रूप नहीं हो सकता। ध्यान नहीं कर सकते हम। वो बड़े-बड़े योगी लोग नहीं कर पाते।

तो, हमको तो राधाकृष्ण का ध्यान करना चाहिये जो यहाँ ब्रज में अवतार लेकर आये थे। वही अन्दर वाले पुरुष यहाँ अवतार लेकर आये थे। उनका ध्यान करना है। भगवान् के तीन स्वरूप हैं; एक ब्रह्म, एक परमात्मा, एक भगवान्। तो ब्रह्म तो सर्वव्यापी, उसका ध्यान नहीं हो पाता जीव के लिये, और परमात्मा पुरुष है जो अन्दर रहता है, हमारे आइडियाज नोट करता है, सबके अन्तःकरण में रहता है। उसका भी रूपध्यान हम नहीं कर पाते क्योंकि वो निराकार है और महाविष्णु साकार हैं, लेकिन उनकी लीला नहीं है कोई। इसलिये राधाकृष्ण का रूपध्यान हमारे मन को जल्दी खींचेगा, जल्दी हमारे मन का अटैचमेन्ट होगा। भगवान् के सभी रूप हैं, लेकिन जिसमें हमारे मन का लगाव जल्दी हो जाय, वो हमारे लिये अच्छा है। अब मत्स्य अवतार भी है, कच्छप अवतार भी है, नरसिंह अवतार भी है। हमारा मन उसमें नहीं लगेगा क्योंकि हमारे लिये आकर्षक स्वरूप नहीं है उनका।

तो राधाकृष्ण के स्वरूप में, उनकी लीलाओं में जल्दी मन लग जायेगा। फिर चाहे हृदय में ध्यान करो, चाहे भौंहों के बीच में ध्यान करो, चाहे सामने ध्यान करो, कहीं करो, सब ठीक है। राधाकृष्ण का ध्यान। चाहे बालकृष्ण का करो, चाहे किशोर कृष्ण का करो, जो रूप पसन्द हो बदलते रहो। वो (भगवान) सब हैं।

त्वं स्त्री त्वं पुमानसि त्वं कुमार उत वा कुमारी।
त्वं जीर्णो दण्डेन वञ्चसि त्वं जातो भवसि विश्वतोमुखः।।
(श्वेताश्वतरोपनिषद 4-3)

वेद कहता है भगवान् पुरुष भी हैं, स्त्री भी हैं, कुमार भी हैं, कुमारी भी हैं और बूढ़े बनकर डण्डा लेकर भी चलते हैं। सब प्रकार की उनकी लीलायें हैं। तुमको जो पसंद हो।

और जिसका हृदय जितना गन्दा होता है उतना ही उसको सत्संग से दूरी आती जाती है। जैसे ये चुम्बक है, बीच में रखा है और चारों ओर सुईयाँ हैं। कोई सुई प्योर लोहे की है, किसी में टेन पर्सेन्ट मिलावट, किसी में ट्वन्टी पर्सेन्ट, किसी में फिफ्टी पर्सेन्ट तो चुम्बक जो क्लीन है शुद्ध लोहे की है उसको जल्दी खींच लेगा। जिसमें टेन पर्सेन्ट है वो बाद में खिंचेगा और जितनी अधिक मिलावट है उतनी ही देर में खिंचेगा। ऐसे ही भगवान् और महापुरुष से जो जीव खिंचते हैं, आकर्षण होता है, वो उनके अन्तःकरण की शुद्धि पर डिपैण्ड करता है। जिसका जितना अन्तःकरण शुद्ध है वो उतना जल्दी खिंच जायेगा और जितने पाप हैं, गन्दगी है अन्तःकरण में, उतनी ही देर में खिंचेगा।

०० प्रवचनकर्ता ::: जगदगुरुत्तम श्री कृपालु जी महाराज
०० सन्दर्भ ::: जगदगुरु श्री कृपालु जी महाराज साहित्य
०० सर्वाधिकार सुरक्षित ::: राधा गोविन्द समिति, नई दिल्ली के आधीन।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english