- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. उत्तर पश्चिमी दिल्ली के केशवपुरम इलाके में 12वीं कक्षा की एक छात्रा ने एक झपटमार को पीछा करके पकड़ लिया जो उसका मोबाइल फोन कथित तौर पर लेकर भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि सोमवार को ट्यूशन पढ़ने जा रही छात्रा से मोटरसाइकिल सवार झपटमार मोबाइल छीनकर भाग रहा था। पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने शोर मचाया और झपटमार का पीछा किया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घबराहट में झपटमार अपनी मोटरसाइकिल से गिर गया और राहगीरों की मदद से उसे पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है और उसके खिलाफ एक मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार लड़की का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि यह घटना तब घटी जब छात्रा सोमवार अपराह्न करीब पौने तीन बजे ट्यूशन जा रही थी। छात्रा फोन पर बात कर रही थी तभी आरोपी ने उसके हाथ से फोन छीन लिया। - पटना. बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली नई राजग सरकार 10 फरवरी को विश्वासमत हासिल करेगी। संसदीय कार्य विभाग द्वारा मंगलवार को जारी एक अधिसूचना में कहा गया है कि सरकार बजट सत्र के पहले दिन विधानमंडल के दोनों सदनों में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर के पारंपरिक संबोधन के बाद विश्वास मत हासिल करेगी। जदयू अध्यक्ष कुमार ने नाटकीय उलटफेर के बाद रविवार को रिकॉर्ड नौवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी । उन्होंने विपक्षी ‘इंडिया' गठबंधन ने नाता तोड़कर अपने पुराने सहयोगी भाजपा के साथ नई सरकार बनाई जिससे उन्होंने दो साल पहले नाता तोड़ा था। अधिसूचना में कहा गया है कि आगामी सत्र में कुल 12 कार्य दिवस होंगे और राज्य का बजट 12 फरवरी को पेश किया जाएगा। बिहार विधानमंडल के इस सत्र के हंगामेदार रहने की उम्मीद है क्योंकि राजग के बढ़ते दबाव के बीच राजद विधायक अवध बिहारी चौधरी ने अभी तक विधानसभा के अध्यक्ष का पद नहीं छोड़ा है, जिनके खिलाफ भाजपा ने अविश्वास प्रस्ताव लाया है। ऐसी चर्चा है कि पिछली राजग सरकार की तरह विधानसभा अध्यक्ष का पद भाजपा अपने पास ही रखेगी।सूत्रों ने बताया कि इस पद के लिए भाजपा में जिन नामों पर विचार किया जा रहा है उनमें नंद किशोर यादव और अमरेंद्र प्रताप सिंह भी शामिल हैं।
- नयी दिल्ली. सरकार आने वाले महीनों में 14 और हवाई अड्डों पर डिजि यात्रा सुविधा शुरू करेगी। साथ ही विदेशी नागरिकों के लिए भी यह सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। अधिकारियों ने यह बात कही। वर्तमान में, डिजि यात्रा घरेलू यात्रियों के लिए 13 हवाई अड्डों पर उपलब्ध है।नागर विमानन मंत्रालय डिजि यात्रा मंच के जरिये यात्रियों के लिये डिजिटल सुविधा शुरू की है। इसके तहत चेहरे की पहचान प्रौद्योगिकी (एफआरटी) के आधार पर हवाई अड्डों के विभिन्न जांच बिंदुओं पर यात्रियों की संपर्क रहित, निर्बाध आवाजाही प्रदान की जाती है। अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि अब इस पहल को चेन्नई, भुवनेश्वर और कोयम्बटूर समेत 14 हवाई अड्डों पर पेश करने की योजना है। अन्य हवाई अड्डे डाबोलिम, मोपा गोवा, इंदौर, बागडोगरा, चंडीगढ़, रांची, नागपुर, पटना, रायपुर, श्रीनगर और विशाखापत्तनम हैं। इसके अलावा डिजि यात्रा सुविधा 2025 में 11 और हवाई अड्डों पर शुरू की जाएगी।अधिकारियों ने कहा कि इसके अलावा, सरकार का इरादा ई-पासपोर्ट आधारित नामांकन शुरू करने का है, जिससे विदेशी नागरिकों को डिजि यात्रा सुविधा का लाभ उठाने की भी अनुमति मिलेगी। अधिकारियों ने उपलब्ध आंकड़ों का हवाला देते हुए यह भी कहा कि दिसंबर, 2022 से नवंबर, 2023 की अवधि के दौरान डिजि यात्रा ऐप उपयोगकर्ताओं की कुल संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। एक विश्लेषण के अनुसार, ऐप ने प्रवेश द्वार और बोर्डिंग गेट पर यात्रियों के लिए प्रसंस्करण समय को कम करने में भी मदद की है। डिजि यात्रा दिसंबर, 2022 में शुरू की गई थी.
- नयी दिल्ली. महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि सरकार ने नियोक्ताओं को पंजीकृत सड़क निर्माण महिला मजदूरों को दो बच्चों तक 26 सप्ताह का सवैतनिक मातृत्व अवकाश देने को कहा है। ईरानी ने कहा कि नियोक्ता दो से अधिक बच्चों और गोद लेने या किसी दूसरी महिला के गर्भ में भ्रूण विकसित करने के लिए अपने अंडाणु का इस्तेमाल करने वाली माताओं (कमीशनिंग मदर) को 12 सप्ताह का सवैतनिक मातृत्व अवकाश दे सकते हैं। ईरानी ने कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी पर एक परामर्श जारी कर यह घोषणा की। श्रम मंत्रालय और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने इस पर एक संयुक्त परामर्श जारी किया है। उन्होंने कहा, ‘‘देशभर में महिला निर्माण मजदूरों के लिए मेरे हाथ में जो परामर्श है उसमें उन्हें नियोक्ताओं द्वारा 26 सप्ताह का मातृत्व अवकाश देने का प्रावधान है। यह एक क्रांतिकारी कदम है। यह केवल कागजी कदम नहीं है बल्कि अधिकारी महिलाओं को ऐसी सुविधाएं देने के बारे में सक्रियता से विचार करें।'' बच्चे के जन्म के अलावा इस परामर्श में गर्भपात पर भी ध्यान दिया गया है। इसमें कहा गया है कि अगर निर्माण क्षेत्र में किसी महिला का गर्भपात होता है तो वह गर्भपात वाले दिन से छह सप्ताह के लिए मातृत्व अवकाश के बराबर सवैतनिक अवकाश की हकदार है। ईरानी ने कहा, ‘‘परामर्श के अनुसार, महिला निर्माण मजदूरों का वेतन उन्हें ऑनलाइन माध्यम से दिया जाए ताकि उनके सुपरवाइजर द्वारा उनसे धोखाधड़ी करने की गुंजाइश न हो।'' इस परामर्श में नियोक्ताओं द्वारा रात की पाली के दौरान महिला मजदूरों के लिए सुरक्षित और उनके अनुकूल माहौल देने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है। साथ ही उन्हें खासतौर से रात के समय घर से लेने और घर छोड़ने की सुविधा देने पर भी जोर दिया गया है।
-
नई दिल्ली। भारत सरकार ने, भारत के राष्ट्रपति की मंजूरी से, संविधान के अनुच्छेद 280(1) के अनुसरण में सोलहवें वित्त आयोग का गठन किया है।
नीति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष और कोलंबिया विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. अरविंद पनगढ़िया इसके अध्यक्ष होंगे। श्री ऋत्विक रंजनम पांडे को आयोग का सचिव नियुक्त किया गया है। आज जारी अधिसूचना में सोलहवें वित्त आयोग के संदर्भ की विस्तृत शर्तें भी बताई गई हैं। राष्ट्रपति की मंजूरी से निम्नलिखित लोगों को आयोग के सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया है।1. श्री अजय नारायण झा, पूर्व सदस्य, 15वां वित्त आयोग एवं पूर्व सचिव, व्यय-पूर्णकालिक सदस्य2. श्रीमती एनी जॉर्ज मैथ्यू, पूर्व विशेष सचिव, व्यय-पूर्णकालिक सदस्य3. डॉ. निरंजन राजाध्यक्ष, कार्यकारी निदेशक, अर्थ ग्लोबल-पूर्णकालिक सदस्य4. डॉ. सौम्य कांति घोष, भारतीय स्टेट बैंक समूह के मुख्य आर्थिक सलाहकार-पूर्णकालिक सदस्यसोलहवां वित्त आयोग निम्नलिखित मामलों पर सिफारिशें करेगा, अर्थात्: -(i) संघ और राज्यों के बीच करों की शुद्ध आय का वितरण, जो संविधान के अध्याय I, भाग XII के तहत उनके बीच विभाजित किया जाना है, या किया जा सकता है और राज्यों के बीच ऐसे संबंधित शेयरों का आवंटन आय;(ii) वे सिद्धांत जो अनुच्छेद 275 के तहत भारत की संचित निधि से राज्यों के राजस्व की सहायता अनुदान और राज्यों को उनके राजस्व की सहायता अनुदान के माध्यम से भुगतान की जाने वाली राशि को नियंत्रित करना चाहिए। उस अनुच्छेद के खंड (1) के प्रावधानों में निर्दिष्ट उद्देश्यों के अलावा अन्य उद्देश्यों के लिए संविधान का; और(iii) राज्य के वित्त आयोग द्वारा की गई सिफारिशों के आधार पर राज्य में पंचायतों और नगर पालिकाओं के संसाधनों के पूरक के लिए राज्य की समेकित निधि को बढ़ाने के लिए आवश्यक उपाय।सोलहवां वित्त आयोग आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 (2005 का 53) के तहत गठित निधियों के संदर्भ में, आपदा प्रबंधन पहल के वित्तपोषण पर वर्तमान व्यवस्था की समीक्षा कर सकता है और उस पर उचित सिफारिशें कर सकता है। सोलहवें वित्त आयोग से अनुरोध किया गया है कि वह 1 अप्रैल, 2026 से शुरू होने वाली पांच साल की अवधि को कवर करते हुए अपनी रिपोर्ट 31 अक्टूबर , 2025 तक उपलब्ध कराए । -
नई दिल्ली। केरल में स्थानीय भाजपा नेता रंजीत श्रीनिवासन की हत्या मामले में प्रतिबंधित पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) और इसकी राजनीतिक शाखा सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) के 15 सदस्यों को कल मौत की सजा सुनाई गई।
मावेलिक्कारा की अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वी जी श्रीदेवी ने पाया कि इन 15 दोषियों में से आठ भारतीय जनता पार्टी नेता के घर में घुसे जबकि चार गार्ड के रूप में घर के बाहर खड़े थे और तीन साजिश में शामिल थे।19 दिसंबर 2021 को भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के राज्य सचिव रंजीत श्रीनिवासन की अलप्पुझा शहर के वेल्लाकिनार स्थित उनके घर पर उनकी पत्नी, मां और बेटी के सामने धारदार हथियारों से बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। -
नई दिल्ली। संस्कृति मंत्रालय ने घोषण की है कि भारत वर्ष 2024-25 दौर के लिए यूनेस्को विश्व विरासत सूची में 'मराठा मिलिट्री लैंडस्केप' को नामांकित कर रहा है। इस नामांकन में कुल 12 घटक शामिल हैं। सुवर्णदुर्ग किला ऐतिहासिक 'मराठा मिलिट्री लैंडस्केप' का एक हिस्सा है।
संस्कृति मंत्रालय ने अपने आधिकारिक वक्तव्य में कहा कि 'मराठा मिलिट्री लैंडस्केप' मराठा शासकों द्वारा परिकल्पित असाधारण किलेबंदी और सैन्य प्रणाली का प्रतिनिधित्व करता है, जो भारत के जीवंत इतिहास को प्रदर्शित करता है। इस नामांकन के बारह घटक हैं - महाराष्ट्र में सालहेर किला, शिवनेरी किला, लोहागढ़, खंडेरी किला, रायगढ़, राजगढ़, प्रतापगढ़, सुवर्णदुर्ग, पन्हाला किला, विजय दुर्ग और सिंधुदुर्ग, और तमिलनाडु में जिंजी किला।मंत्रालय ने बताया कि ये बारह घटक प्राचीन भारत में मराठा शासन की रणनीतिक सैन्य शक्तियों को दर्शाते हैं। ये सभी किलें 17वीं और 19वीं शताब्दी के बीच विकसित हुए और ये सभी मराठा शासकों की असाधारण किलेबंदी और सैन्य प्रणाली के प्रतीक हैं। महाराष्ट्र में 390 से अधिक किले हैं, जिनमें से केवल 12 किले भारत के 'मराठा मिलिट्री लैंडस्केप' के अंतर्गत चुने गए हैं, और इनमें से आठ किले भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा संरक्षित हैं। -
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने आगामी कुछ दिनों में पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में व्यापक वर्षा और बर्फबारी की अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने कहा कि ये स्थिति आज जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में मौजूद रहेगी और अगले 5 दिनों तक जारी रहेंगी।
दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज वर्षा के साथ-साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज और ठंडी हवाओं का अनुमान व्यक्त किया गया है।अगले 6 दिनों तक पश्चिम बंगाल और उत्तर पूर्व भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की भी संभावना है। साथ ही अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और पश्चिम बंगाल में ओलावृष्टि हो सकती है। आज सुबह पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार और ओडिशा के कुछ हिस्सों में घना और कहीं बहुत घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने कहा कि अगले 2 दिन में उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ जाएगा। अगले 4 दिनों के दौरान देश के किसी भी हिस्से में शीतलहर की उम्मीद नहीं है। -
नयी दिल्ली. रेलवे बोर्ड के पूर्व प्रमुख अनिल कुमार लाहोटी को भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। ट्राई में शीर्ष पद करीब चार महीने से खाली है। पूर्व चेयरमैन पी.डी. वाघेला का कार्यकाल चार महीने पहले समाप्त हो गया था। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, ‘‘ मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने रेल मंत्रालय के रेलवे बोर्ड के पूर्व चेयरमैन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिल कुमार लाहोटी को ट्राई के चेयरमैन के रूप में नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। कार्यभार संभालने की तारीख से तीन साल की अवधि के लिए या उनके 65 वर्ष के होने तक या अगले आदेश वह तक इस पद पर बने रहेंगे, जो भी इसमें से पहले हो।'' इस बीच उद्योग जगत ने नए ट्राई प्रमुख की नियुक्ति का स्वागत किया और आशा व्यक्त की कि यह भारत के गतिशील दूरसंचार क्षेत्र के विकास तथा उन्नति का दौर लाएगा। उद्योग संगठन सीओएआई के महानिदेशक एस. पी. कोचर ने कहा, ‘‘ हमें उम्मीद है कि भारत के गतिशील दूरसंचार क्षेत्र की वृद्धि तथा उन्नति को नई गति मिलेगी और उनके समृद्ध अनुभव तथा मार्गदर्शन से गहरा लाभ होगा।
-
नयी दिल्ली. योग गुरु रामदेव की आदमकद मोम की प्रतिमा का मंगलवार को दिल्ली में मैडम तुसाद न्यूयॉर्क में अनावरण किया गया। इस अवसर पर स्वामी रामदेव स्वयं भी उपस्थित रहें और उन्होंने कुछ 'आसन' भी किए।
मर्लिन एंटरटेनमेंट्स ने एक बयान में कहा कि प्रशंसकों के लिए मोम की प्रतिमा उपलब्ध होगी।
उसने कहा,''मोम की प्रतिमा का अनावरण दर्शकों के लिए एक उपहार और योगी के प्रति कृतज्ञता ज्ञापन है जो लाखों लोगों को प्रेरित कर रहे हैं।'' मैडम तुसाद न्यूयॉर्क के प्रवक्ता टियागो मोगोडोरो ने कहा कि स्वामी रामदेव की प्रतिमा "आध्यात्मिक ज्ञान और स्वास्थ्य के सामंजस्यपूर्ण मिश्रण का प्रतिनिधित्व करता है जिसके कारण दुनिया भर में उन्हें प्रशंसा और सम्मान मिलता है।" बयान में उनके हवाले से कहा गया, "हम योग और स्वास्थ्य चर्या में उनके योगदान का सम्मान करते हुए बहुत गर्व महसूस करते हैं। (हम) यह आशा करते हुए कि उनकी उपस्थिति हमारे दर्शकों को आत्म-सुधार और समग्र स्वास्थ्य चर्या को अपनाने के लिए प्रेरित करेगी। -
रांची. झारखंड के गोड्डा जिले में एक सरकारी स्कूल के एक शिक्षक ने ‘प्रेम प्रसंग' को लेकर अपने दो सहकर्मियों की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी और बाद में खुद को भी गोली मारकर बुरी तरह घायल कर लिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना रांची से करीब 300 किलोमीटर दूर पोरइयाहाट के चतरा अपग्रेडेड स्कूल में पूर्वाह्न करीब 11 बजे घटी। गोड्डा के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने बताया, ‘‘दो शिक्षकों के शव स्कूल के एक कमरे में खून से लथपथ मिले जिनमें एक महिला थी। वहीं आरोपी शिक्षक भी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने गोली चलने की आवाज सुनी तो वे वहां पहुंचे और कमरे को अंदर से बंद पाया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। मीणा ने कहा, ‘‘पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ दिया लेकिन तब तक दोनों शिक्षकों की मौत हो चुकी थी जिनके सिर में गोली लगी थी। आरोपी शिक्षक ने अपने सिर के दाईं ओर गोली मारकर खुदकुशी की कोशिश की।'' अधिकारी ने कहा, ‘‘प्रथमदृष्टया, यह प्रेम प्रसंग का मामला लगता है। ग्रामीणों और विद्यार्थियों के अनुसार दोनों पुरुष शिक्षकों के कथित रूप से महिला शिक्षक से प्रेम संबंध थे।'' एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि मृतकों की पहचान पोरइयाहाट निवासी सुजाता मिश्रा (35) और उत्तर प्रदेश के चंदौली के निवासी आदर्श सिंह (40) के रूप में की गई है, वहीं घायल आरोपी शिक्षक की पहचान पोरइयाहाट मेन बाजार निवासी रवि रंजन (42) के रूप में की गई है। उन्होंने कहा कि आरोपी शिक्षक ने सिंह पर तीन गोलियां चलाईं और सुजाता मिश्रा पर एक गोली चलाई।
मीणा ने बताया कि मौके से दो देसी तमंचे बरामद किए गए हैं लेकिन गोली चलाने में इनमें से एक का ही इस्तेमाल किया गया। घायल आरोपी शिक्षक को गंभीर हालत में गोड्डा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। -
बालेश्वर. ओडिशा के बालेश्वर जिले में मंगलवार को बस चला रहे एक चालक की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गयी। लेकिन उसने अपनी मौत से पहले बस को समय रहते रोक दिया और इस तरह 60 से अधिक यात्रियों की जान बचा दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि यह घटना बालेश्वर जिले के पातापुर छक में तड़के हुई।
प्राथमिक सूचना का हवाला देते हुए पुलिस ने बताया कि पश्चिम बंगाल से पर्यटकों को लेकर यह बस बालेश्वर जिले के पंचलिंगेश्वर मंदिर जा रही थी। उसी बीच उसके चालक को दिल का दौरा पड़ा। उसने बताया कि जैसे ही चालक को दर्द महसूस हुआ, उसने बस सड़क किनारे खड़ी कर दी और वह बेहोश हो गया।
पुलिस के मुताबिक चालक शेख अख्तर की इस हालत से घबराये यात्रियों ने स्थानीय पुलिस को बुलाया जो उन्हें नजदीकी नीलगिरि उपसंभागीय अस्पताल ले गयी।वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इससे पूर्व, अमित दास नामक एक यात्री ने बताया कि चालक की अचानक तबीयत खराब हो गयी और उन्होंने बस रोक दी। अमित के अनुसार बस को सड़क के किनारे खड़ी करने के तुरंत बाद चालक बेहोश हो गया। स्थानीय लोग और पुलिस उन्हें अस्पताल ले गये जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यात्रियों एवं स्थानीय लोगों ने चालक की सूझबूझ की प्रशंसा की। -
नई दिल्ली। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने मंगलवार को नई दिल्ली में राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की बैठक के दौरान भारत में पहली बार हिम तेंदुए की जनसंख्या आकलन जारी किया। भारत में हिम तेंदुओं की स्थिति पर अपनी तरह का पहला वैज्ञानिक अभ्यास है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में 718 हिम तेंदुए मौजूद हैं, जिनमें सबसे अधिक 477 लद्दाख में हैं, इसके बाद उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और जम्मू-कश्मीर हैं।
-
नई दिल्ली। संसद का बजट सत्र कल से शुरू होगा। सत्र की शुरुआत संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन से होगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन गुरुवार को को अंतरिम बजट पेश करेंगी। यह सत्र अगले महीने की 9 तारीख तक चलेगा।
इस बीच, सत्र से पहले, सरकार ने दोनों सदनों के सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए आज एक सर्वदलीय बैठक बुलाई। बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि सरकार नियमानुसार सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्षी दलों से दोनों सदनों में कामकाज के सुचारू संचालन के लिए सरकार से सहयोग करने और तख्तियां नहीं लाने का आग्रह किया।श्री जोशी ने कहा कि सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा के पीठासीन अधिकारियों से संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान निलंबित किए गए सांसदों का निलंबन रद्द करने का अनुरोध किया है। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि उन्होंने बैठक के दौरान संघीय ढांचे पर कथित हमले से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस और कई विपक्षी दल आगामी सत्र के दौरान देश में बेरोजगारी, महंगाई और बढ़ते कर्ज का मुद्दा उठाएंगे।केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, पीयूष गोयल और अर्जुन राम मेघवाल, कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी और के सुरेश, तृणमूल कांग्रेस नेता सुदीप बंद्योपाध्याय और सुखेंदु शेखर रे, जनता दल यूनाइटेड नेता राम नाथ ठाकुर, डीएमके नेता टीआर बालू, मार्क्सवादी कम्युनिष्ट पार्टी नेता पीआर नटराजन तथा शिवसेना नेता राहुल शेवाले बैठक में शामिल हुए। - नयी दिल्ली। भारत की 41 प्रतिशत आबादी अब भी खाना पकाने के ईंधन के तौर पर लकड़ी, गाय के गोबर से बने उपले या अन्य जैव ईंधन का इस्तेमाल करती है और इससे हर साल कुल मिलाकर पर्यावरण में 34 करोड़ टन कार्बन डाइऑक्साइड का उत्सर्जन होता है, जो भारत के ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन का तकरीबन 13 फीसदी है। एक नयी रिपोर्ट में यह कहा गया है। स्वतंत्र विचारक समूह (थिंक टैंक) विज्ञान व पर्यावरण केंद्र (सीएसई) की रिपोर्ट ‘‘भारत का ई-कुकिंग की ओर परिवर्तन'' में यह भी कहा गया है कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से भारत में एलपीजी गैस तक पहुंच के विस्तार में तेजी आयी लेकिन इससे यह सुनिश्चित नहीं हुआ कि लाभार्थी घरों में खाना पकाने में स्वच्छ ईंधन का इस्तेमाल ही जारी रहे। दुनिया की करीब एक तिहाई आबादी (जिसमें भारत के 50 करोड़ लोग शामिल हैं) के पास अब भी खाना पकाने के स्वच्छ ईंधन तक पहुंच नहीं है। इससे अर्थव्यवस्था, जन स्वास्थ्य और पर्यावरण को बेहिसाब नुकसान पहुंचता है।रिपोर्ट में पूर्व में किए गए अनुसंधान के हवाले से कहा गया है कि अनुमानित रूप से हर साल किसी बंद जगह के भीतर या घरों में वायु प्रदूषण के कारण दुनियाभर में 30 लाख लोगों (जिसमें भारत के छह लाख लोग शामिल हैं) की समय से पहले मौत हो जाती है। इनमें से ज्यादातर मौत खाना पकाने में लकड़ी के इस्तेमाल के कारण होती है। इसमें कहा गया है कि पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय यह दावा करता है कि देश में घरों तक एलपीजी ‘कवरेज' 99.8 फीसदी है जबकि 2019-21 में किए राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण से पता चलता है कि 41 प्रतिशत आबादी अब भी खाना पकाने में जैव ईंधन का इस्तेमाल करती है। रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘सीएसई की अपनी गणना से पता चला है कि यह 41 प्रतिशत की आबादी जब लकड़ी, उपले या अन्य जैव ईंधन का इस्तेमाल कर खाना पकाती है तो हर साल पर्यावरण में करीब 34 लाख टन कार्बन डाइऑक्साइड का उत्सर्जन करती है जो भारत के राष्ट्रीय हरित गैस उत्सर्जन का करीब 13 फीसदी है।'' प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना मई 2016 में शुरू की गयी थी और मार्च 2023 के अंत तक भारत में 10 करोड़ से अधिक घरों को एलपीजी सिलेंडर प्राप्त हुए थे। सीएसई ने कहा कि इस योजना के तहत जिन घरों को नए एलपीजी सिलेंडर मिले, उनमें से 50 फीसदी से अधिक घरों ने एक बार भी इसे दोबारा नहीं भरवाया। रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘ऐसा सिलेंडर भरवाने की ऊंची कीमत, सांस्कृतिक या व्यावहारिक मान्यताओं और लाभार्थियों के इलाके में एलपीजी सिलेंडर वितरण नेटवर्क की कमी के कारण हुआ।------
- नयी दिल्ली। आईपी विश्वविद्यालय एक फरवरी से 31 मार्च तक सभी पाठ्यक्रमों/ कार्यक्रमों के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू करेगा। विश्वविद्यालय ने एक एक आधिकारिक बयान जारी कर यह जानकारी दी। विश्वविद्याल ने अगले अकादमिक सत्र 2024-25 के वास्ते स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचएडी कार्यक्रमों के लिए तीन अलग-अलग प्रवेश पुस्तिका जारी की। कुलपति महेश वर्मा ने मीडिया से कहा, ‘‘ विश्वविद्यालय के पुराने कार्यक्रमों के वास्ते ऑनलाइन आवेदन पोर्टल एक फरवरी को खुलेगा जबकि नये कार्यक्रमों के लिए यह सात फरवरी से शुरू किया जाएगा।'' उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने शिक्षण के दायरे का विस्तार करते हुए दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षण केंद्र की भी स्थापना की है। वर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय ने पीएचडी में प्रवेश के लिए अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के वास्ते भी द्वार खोल दिये हैं। विश्वविद्यालय ने अपने सभी पाठ्यक्रमों के वास्ते एनईपी अपनायी है और विद्यार्थियों को विभिन्न प्रवेश/निकास का लाभ मिलेगा। वर्मा ने कहा, ‘‘ विश्वविद्यालय लड़कियों एवं खेलकूद के लिए पृथक आरक्षण शुरू करने की भी योजना बना रहा है।''
- चिरांग (असम),। असम में रहने वाले 61 वर्षीय आदिवासी किसान सरबेश्वर बासुमतारी का एक दिहाड़ी मजदूर से पद्मश्री जीतने तक का सफर मुश्किलों और बेहद उतार-चढ़ाव वाला रहा। पद्मश्री देश का चौथा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है, जिसके लिए बासुमतारी को नामित किया गया है।चिरांग जिले के दूर-दराज में स्थित पनबारी गांव में रहने वाले बासुमतारी मिश्रित एकीकृत खेती में सभी के लिए एक प्रेरणास्त्रोत के रूप में उभरे हैं। एकीकृत खेती का मतलब एक ही खेत में सभी प्रकार की खेती से है, जिसमें फलों व सब्जियों की खेती, मुर्गीपालन और दूसरी चीजों की खेती की जाती है। बोडो समुदाय से ताल्लुक रखने वाले बासुमतारी को 'चिरांग का कृषि चिराग' नाम से भी जाना जाता है।बासुमतारी ने कहा, ''गरीबी रेखा से नीचे के एक परिवार का सदस्य होने के नाते मैंने केवल प्राथमिक स्तर तक ही पढ़ाई की और उच्च शिक्षा की कमी की वजह से कृषि क्षेत्र में मुझे अपने अपने सफर के दौरान कई समस्याओं का सामना करना पड़ा।'' उन्होंने कहा, ''उस दौरान मुझे बोडोलैंड क्षेत्र में उग्रवाद की समस्याओं के साथ-साथ भारी आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा।'' बासुमतारी ने कहा, ''जिन बाधाओं को मुझे पार करना था उसमें कृषि में निवेश के लिए पर्याप्त धन की कमी, उचित सुविधाओं की कमी और वैज्ञानिक तरीकों के ज्ञान की कमी शामिल थी क्योंकि चिरांग एक पिछड़ा क्षेत्र था।'' इच्छाशक्ति, ध्यान केंद्रित करने और कड़ी मेहनत से उन्होंने इन चुनौतियों पर काबू पा लिया। पद्मश्री के लिए नामित किसान ने कहा कि जिला और राज्य स्तर पर अधिकारियों के निरंतर समर्थन और सहयोग से उन्हें अपने कृषि कार्य में मदद मिली। उन्होंने कहा, ''वर्ष 1995 से मैंने बेरोजगार युवाओं को कृषि में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया। मैंने उनकी रुचि बढ़ाने के लिए उदाहरण पेश करने की कोशिश की।'' बासुमतारी ने कहा, ''यह पुरस्कार जीतना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। यह अभी भी मेरे लिए एक सपना है। अब मेरी इच्छा युवा पीढ़ी को कृषि, नर्सरी या बागवानी क्षेत्र से जुड़ने के लिए प्रेरित करने की है।'' बासुमतारी ने कहा कि अगर लोग मन लगाकर और दृढ़ संकल्प के साथ किसी काम पर लगे रहें तो सफलता जरूर मिलेगी। बासुमतारी को वर्ष 2022-23 के लिए असम सरकार के तीसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार 'असम गौरव' से भी सम्मानित किया गया था।
- नयी दिल्ली। अमेरिका ने 2023 में रिकॉर्ड 14 लाख भारतीयों को वीजा जारी किए और आगंतुक वीजा प्राप्त करने के प्रतीक्षा समय में 75 प्रतिशत की कमी दर्ज की गयी। अमेरिकी दूतावास ने सोमवार को यह जानकारी दी। अमेरिकी दूतावास के मुताबिक, 2022 की तुलना में भारतीयों द्वारा वीजा आवेदन में 60 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी। दूतावास ने एक बयान में बताया कि प्रक्रिया में सुधार और कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने से आगंतुक वीजा प्राप्त करने के प्रतीक्षा समय औसतन एक हजार दिन से घटकर केवल 250 दिन रह गये हैं, जो अन्य सभी श्रेणियों में सबसे कम प्रतीक्षा समय है। दूतावास के मुताबिक, ''वर्ष 2023 में भारत में अमेरिकी दूतावास और वाणिज्य दूतावासों ने रिकॉर्ड तोड़ 14 लाख वीजा जारी किये। वहीं आगंतुक वीजा प्राप्त करने के लिए प्रतीक्षा समय में 75 प्रतिशत की कमी दर्ज की गयी। सभी वीजा वर्गों में मांग बहुत ज्यादा देखी गय। 2022 की तुलना में वीजा आवेदनों की संख्या में 60 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी। अमेरिका में वीजा के लिए आवेदन करने वाले दुनिया भर के हर 10 में से एक नागरिक भारतीय होता है।'' बयान के मुताबिक, आगुंतक वीजा (बी1/बी2) अमेरिकी मिशन के इतिहास में सात लाख से अधिक आवेदनों की संख्या के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
- नयी दिल्ली। राज्यसभा में 15 राज्यों की 56 सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव 27 फरवरी को होगा। निर्वाचन आयोग ने सोमवार को यह जानकारी दी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित 56 निवर्तमान सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है। जिन केंद्रीय मंत्रियों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है उनमें रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया शामिल हैं। अधिसूचना जारी होने के साथ ही आठ फरवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।आयोग ने कहा कि 50 सदस्य दो अप्रैल को सेवानिवृत्त होंगे जबकि छह सदस्य 3 अप्रैल को सेवानिवृत्त होंगे।अप्रैल में सेवानिवृत्त होने वाले अन्य नेताओं में ओडिशा से बीजू जनता दल (बीजद) के सदस्य प्रशांत नंदा और अमर पटनायक, उत्तराखंड से भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी और मत्स्य पालन मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला और गुजरात से कांग्रेस सदस्य नारनभाई राठवा और अमी याग्निक शामिल हैं। विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन, एमएसएमई मंत्री नारायण राणे, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, कांग्रेस सदस्य कुमार केतकर, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की सदस्य वंदना चव्हाण और शिवसेना (यूबीटी) सदस्य अनिल देसाई महाराष्ट्र से सेवानिवृत्त हो रहे हैं। सबसे अधिक दस सीट उत्तर प्रदेश से खाली हो रही है। इसके बाद महाराष्ट्र और बिहार से (छह-छह), मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल से (पांच-पांच), कर्नाटक और गुजरात से (चार-चार), ओडिशा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश से तीन, राजस्थान से दो और उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और छत्तीसगढ़ से (एक-एक) सीट खाली होंगे। राज्यसभा में फिर से नामांकन के लिए भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा को अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश के बाहर एक सीट तलाशनी होगी क्योंकि वहां कांग्रेस सत्ता में है। कांग्रेस कर्नाटक और तेलंगाना से संसद के ऊपरी सदन में अपने उम्मीदवारों को भेजने की उम्मीद कर सकती है। इन राज्यों में वह पिछले साल सत्ता में आई थी। कर्नाटक में राज्यसभा के चार और तेलंगाना में तीन सदस्य सेवानिवृत्त हो रहे हैं। महाराष्ट्र में राकांपा और शिवसेना में फूट के कारण राज्यसभा चुनाव राज्यसभा चुनाव पर सबकी निगाहें टिकी रहेंगी। कर्नाटक में भाजपा के राजीव चंद्रशेखर, कांग्रेस के एल हनुमनथैया, जी सी चंद्रशेखर और सैयद नासिर हुसैन का कार्यकाल पूरा हो रहा है। तेलंगाना से भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के जोगिनीपल्ली संतोष कुमार, रविचंद्र वद्दीराजू और बी लिंगैया यादव सेवानिवृत्त हो रहे सदस्य हैं। तेलंगाना में सत्तारूढ़ कांग्रेस राज्य से राज्यसभा में अपने कम से कम दो उम्मीदवारों को भेजने की उम्मीद कर सकती है। पश्चिम बंगाल से तृणमूल कांग्रेस के अबीर रंजन बिस्वास, सुभाशीष चक्रवर्ती, मोहम्मद नदीमुल हक और शांतनु सेन तथा कांग्रेस सदस्य अभिषेक मनु सिंघवी का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। बिहार में राष्ट्रीय जनता दल के मनोज कुमार झा और अहमद अशफाक करीम, जनता दल यूनाइटेड के अनिल प्रसाद हेगड़े और बशिष्ठ नारायण सिंह, भाजपा सदस्य सुशील कुमार मोदी और कांग्रेस सदस्य अखिलेश प्रसाद सिंह का राज्यसभा में कार्यकाल पूरा हो रहा है। उत्तर प्रदेश से भाजपा सदस्य अनिल अग्रवाल, अशोक बाजपेयी, अनिल जैन, कांता कर्दम, सकलदीप राजभर, जीवीएल नरसिम्हा राव, विजय पाल सिंह तोमर, सुधांशु त्रिवेदी और हरनाथ सिंह यादव तथा समाजवादी पार्टी सदस्य जया बच्चन सेवानिवृत्त हो रहे हैं। आंध्र प्रदेश से तेदेपा सदस्य कनकमेदला रवींद्र कुमार, भाजपा सदस्य सी एम रमेश और वाईएसआरसीपी सदस्य प्रभाकर रेड्डी वेमिरेड्डी राज्यसभा से सेवानिवृत्त हो रहे हैं। भाजपा सदस्य सरोज पांडे छत्तीसगढ़ और डीपी वत्स क्रमश: छत्तीसगढ़ और हरियाणा से सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इसके अलावा चार मनोनीत सदस्य जुलाई में सेवानिवृत्त हो रहे हैं जबकि दो मनोनीत सीट खाली हैं।जुलाई में सेवानिवृत्त होने वाले मनोनीत सदस्यों में महेश जेठमलानी, सोनल मानसिंह, राम शकल और राकेश सिन्हा शामिल हैं। file photo
- अयोध्या (उप्र)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिये उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को हर स्तर पर नियंत्रित रखने के निर्देश देते हुए सोमवार को कहा कि इसके लिये अयोध्या के सभी प्रमुख रास्तों पर बेहतर भीड़ प्रबंधन नजर आना चाहिये। अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री योगी ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर स्थित कंट्रोल रूम में प्रदेश, जोन और जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि श्रीरामलला के दर्शन के लिए देशभर से अयोध्या आ रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन के लिए राज्य सरकार तत्पर है। उन्होंने कहा कि चूंकि मौसम खुलने लगा है और ठंड में भी कमी हो रही है, लिहाजा अयोध्या आने वाले पर्यटकों और रामभक्तों की संख्या में बढ़ोत्तरी होगी। ऐसे में सभी श्रद्धालुओं को सुगमता पूर्वक भगवान रामलला के दर्शन हों इसका विशेष ध्यान रखा जाए। आदित्यनाथ ने निर्देशित करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की भीड़ को हर स्तर पर नियंत्रित रखा जाए। नगर के सभी प्रमुख पथों पर बेहतर ट्रैफिक और क्राउड मैनेजमेंट दिखाई देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने खासतौर पर निर्देश देते हुए कहा कि आने वाले दिनों में देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य अयोध्या आने वाले हैं। ऐसे में दूसरे प्रदेशों के विशिष्ट अतिथियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किये जाएं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि कि कोई भी श्रद्धालु, चाहे वह आम नागरिक हो या विशिष्ट अतिथि उसे दर्शन में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। अयोध्या में रुकने वाले श्रद्धालुओं को होटल, होम स्टे, और टेंट सिटी में व्यवस्था हर हाल में कराई जाए। आदित्यनाथ ने अयोध्या में चल रही विकास परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने इससे पूर्व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के पुजारी महंत सतेंद्र दास, महासचिव चंपत राय, डॉ अनिल मिश्र, गोपाल राव तथा अन्य लोगों से मुलाकात की और उनसे श्रीराम जन्मभूमि आने वाले दर्शनार्थियों को सुगम दर्शन कराने के लिए विचार-विमर्श किया।
- नयी दिल्ली। सोमालिया के पूर्वी तटीय क्षेत्र में तैनात एक भारतीय नौसैनिक युद्धपोत ने ईरान के झंडे वाले एक जहाज और उसके चालक दल के 17 सदस्यों को सुरक्षित रिहा कराया जिसका कुछ समुद्री लुटेरों ने अपहरण कर लिया था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय नौसेना ने कल रात जहाज से मिली अपहरण की सूचना पर फौरन कार्रवाई की।नौसेना के प्रवक्ता कमांडर विवेक मधवाल ने कहा, ‘‘सोमलिया के पूर्वी तटों और अदन की खाड़ी में जलदस्यु रोधी अभियानों के लिए तैनात आईएनएस सुमित्रा ने ईरान के ध्वजवाहक मछली पकड़ने वाले जहाज ईमान के अपहरण के संबंध में सूचना पर कार्रवाई की। जहाज पर जलदस्यु चढ़ गए थे और चालक दल को बंधक बना लिया गया था।'' उन्होंने बताया कि आईएनएस सुमित्रा ने जहाज को रोका और समुद्री लुटेरों को चालक दल तथा जलपोत की सुरक्षित रिहाई के लिए बाध्य करने के वास्ते स्थापित मानक चालक प्रक्रियाओं (एसओपी) के अनुरूप काम किया। मधवाल ने बताया कि जहाज पर चालक दल के सभी 17 सदस्यों और नौका को सफलतापूर्वक मुक्त कराया गया।प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हिंद महासागर क्षेत्र में जलदस्यु रोधी और समुद्री सुरक्षा अभियानों में भारतीय नौसैनिक युद्धपोतों की तैनाती समुद्र में सभी जहाजों और नाविकों की सुरक्षा के प्रति भारतीय नौसेना के दृढ़संकल्प को दर्शाती है।'' इससे दो दिन पहले भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस विशाखापत्तनम ने एक वाणिज्यिक तेल टैंकर जहाज पर लगी आग को बुझा दिया था जिस पर भारतीय चालक दल के 22 सदस्य सवार थे। इस पर अदन की खाड़ी में एक मिसाइल से हमला किया गया था।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि वह बिस्तर पर जाने के 30 सेकंड के भीतर सो जाते हैं। उन्होंने छात्रों को ‘स्क्रीन टाइम' के प्रति आगाह किया, जिससे नींद में खलल पड़ती है। भारत मंडपम में ‘परीक्षा पे चर्चा' के सातवें संस्करण के दौरान छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों के साथ बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘स्क्रीन टाइम' नींद के समय को खा जाता है। उन्होंने कहा, ‘‘संतुलित जीवनशैली बनाए रखने के लिए हर चीज की अधिकता से बचना चाहिए। स्वस्थ दिमाग के लिए एक स्वस्थ शरीर महत्वपूर्ण है और इसके लिए कुछ दिनचर्या, सूरज की रोशनी में समय बिताना और नियमित और पूरी नींद लेना आवश्यक है।'' उन्होंने कहा, ‘‘स्क्रीन टाइम जैसी आदतें आवश्यक नींद के समय को खा रही हैं, जिसे आधुनिक स्वास्थ्य विज्ञान द्वारा बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है।'' ‘स्क्रीन टाइम' शब्द आम तौर पर उस समय को संदर्भित करता है, जो कोई व्यक्ति मोबाइल और टेलीविजन के स्क्रीन का उपयोग करके बिताता है। मोदी ने कहा, ‘‘मैंने बिस्तर पर जाने के 30 सेकंड के भीतर गहरी नींद में जाने की दिनचर्या बनाए रखी है। जागते समय पूरी तरह जागना और सोते समय गहरी नींद लेना एक संतुलन है, जिसे हासिल किया जा सकता है।'' परीक्षा की तैयारी और स्वस्थ जीवनशैली के बीच संतुलन बनाने का मुद्दा उठाते हुए राजस्थान के सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र धीरज सुभाष, कारगिल के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय की नजमा खातून, अभिषेक कुमार तिवारी और अरुणाचल प्रदेश के सरकारी उच्चतर माध्यमिक के शिक्षक टोबी लाहमे ने प्रधानमंत्री से व्यायाम के साथ पढ़ाई के प्रबंधन के बारे में पूछा। मोदी ने संतुलित आहार की आवश्यकता पर बल दिया और फिटनेस के लिए नियमित व्यायाम और शारीरिक गतिविधियों के महत्व पर भी जोर दिया। शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘परीक्षा पे चर्चा' में पिछले छह वर्षों से छात्र, अभिभावक और शिक्षक शामिल होते रहे हैं। कोरोना महामारी के कारण चौथा संस्करण ऑनलाइन आयोजित किया गया था, जबकि पांचवां और छठा संस्करण टाउन-हॉल प्रारूप में संपन्न हुआ था। पिछले वर्ष के संस्करण में कुल 31.24 लाख छात्रों, 5.60 लाख शिक्षकों और 1.95 लाख अभिभावकों ने भाग लिया था। इस साल, ‘माइ गोव पोर्टल' पर करीब 2.26 करोड़ पंजीकरण हुए हैं, जो छात्रों के बीच इस कार्यक्रम को लेकर व्यापक उत्साह को दर्शाता है।
-
पटना। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ गठबंधन कर सरकार बनाने के एक दिन बाद विधानसभा अध्यक्ष पद और अन्य विधायकों को मंत्रिपरिषद में शामिल करने के लिए जोरदार गोलबंदी शुरू हो गई है। कुमार ने विभागों के बंटवारे के लिए अपने नये मंत्रिमंडल की सोमवार को बुलाई गयी बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के बाद विभागों के बंटवारे को लेकर राजग के घटक दलों के नेता चुप्पी साधे रहे। सूत्रों के मुताबिक कैबिनेट सचिवालय सोमवार शाम तक विभागों के बंटवारे से संबंधित अधिसूचना जारी कर सकता है। कैबिनेट बैठक में रविवार को शपथ लेने वाले सभी आठ मंत्री शामिल हुए।
नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा विजय कुमार सिन्हा के अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रेम कुमार, जनता दल यूनाइटेड (जद-यू) के विजेंद्र यादव, श्रवण कुमार और विजय कुमार चौधरी, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के संतोष कुमार सुमन और निर्दलीय विधायक सुमित कुमार सिंह ने मंत्री के तौर पर रविवार को शपथ ली थी। रिकॉर्ड नौवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद कुमार ने कहा था कि अब राजग को छोड़ने का कोई सवाल ही नहीं है। जद (यू) के शीर्ष नेता ने कहा था, ‘‘मैं पहले भी उनके (राजग) साथ था। हम अलग-अलग रास्तों पर चले गए, लेकिन अब हम साथ हैं और रहेंगे। मैं जहां (राजग) था, वहां वापस आ गया और अब कहीं और जाने का सवाल ही नहीं उठता।'' इस बीच, भाजपा ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का प्रतिनिधित्व करने वाले अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी के खिलाफ विधानसभा सचिव को अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस सौंपा है। नोटिस में भाजपा नेताओं ने वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष में विश्वास की कमी व्यक्त की है क्योंकि नयी सरकार सत्ता में आ गई है। प्रस्ताव पर भाजपा के साथ-साथ जद (यू) के विधायकों ने भी हस्ताक्षर किये।बिहार विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए जिन नामों की चर्चा चल रही है उनमें भाजपा के वरिष्ठ नेता नंद किशोर यादव और अमरेंद्र प्रताप सिंह का नाम भी शामिल है। भाजपा नेताओं ने सोमवार को संकेत दिया कि अन्य जातियों, अल्पसंख्यक समूहों और महिला विधायकों को जगह देने के लिए एक या दो दिन में आगे भी कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा। जद(यू) के एक नेता ने नाम नहीं उजागर किए जाने की शर्त पर बताया, ‘‘नीतीश कुमार मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले संभावित चेहरों में भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन, नितिन नवीन, रामप्रीत पासवान, जनक राम, श्रेयशी सिंह और जदयू नेता सुनील कुमार सिंह, मदन सहनी, लेसी सिंह, शीला मंडल, जयंत राज अशोक चौधरी और संजय झा के नाम की चर्चा है। - हैदराबाद। तेलंगाना के नलगोंडा जिले में एक ही परिवार के दो बच्चों समेत पांच लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रुप से घायल है। हादसे के शिकार लोग जिस कार से यात्रा कर रहे थे उसमें तेज गति से आ रहे एक वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह दुर्घटना उस समय हुई जब परिवार के सभी सदस्य पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश की यात्रा के बाद रविवार देर रात एक कार में अपने गांव लौट रहे थे। जिले के मिर्यालगुडा के पास राजमार्ग पर विपरीत दिशा से आ रहे वाहन ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक महिला बुरी तरह घायल है। पुलिस ने बताया कि उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने जानकारी दी कि वाहन चालक को पकड़ लिया गया है।
-
नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को बीटिंग रिट्रीट समारोह के दौरान रायसीना हिल्स पर सामूहिक बैंड के ‘शंखनाद' से लेकर नौसेना के मधुर ‘मिशन चंद्रयान' की धुनें गूंजती रहीं। विजय चौक पर आयोजित यह भव्य कार्यक्रम गणतंत्र दिवस समारोह के समापन का प्रतीक है।
इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति और सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य केंद्रीय मंत्री शामिल हुए। प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान, तीनों सेनाओं के प्रमुख - जनरल मनोज पांडे, एयर चीफ मार्शल वी.आर. चौधरी और एडमिरल आर. हरि कुमार - भारत के प्रधान न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ और वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। आम जनता भी इस शानदार समारोह को देखने पहुंची। समारोह शाम करीब सवा पांच बजे शुरू हुआ।
राष्ट्रपति मुर्मू पारंपरिक ‘बग्गी' में सवार होकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं। इससे समारोह का पुराने दौर का आकर्षण लौट आया, जिसकी शुरुआत 1950 के दशक में हुई थी। इस शानदार समारोह की शुरुआत सामूहिक बैंड के ‘शंखनाद' से हुई, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। रायसीना हिल्स सैन्य और अर्धसैनिक बैंड द्वारा बजाई गई मनमोहक और थिरकाने वाली भारतीय धुनों की ध्वनि से गूंज उठा। इसके बाद पाइप एंड ड्रम बैंड द्वारा ‘वीर भारत', ‘केसरिया बाना' और ‘देशों का सरताज भारत' जैसे धुनें बजाई गईं। उन्होंने ‘चक्रव्यूह' और ‘वसुधैव कुटुम्बकम' से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सीएपीएफ बैंड ने अन्य धुनों के बीच ‘भारत के जवान' और ‘विजय भारत' भी बजाया। युवा और बुजुर्गों समेत तमाम दर्शकों ने बैंड के प्रस्तुति पर खुशी मनाई और समारोह के अंत में कई लोगों ने ‘भारत माता की जय' के नारे भी लगाए। इसके बाद भारतीय वायु सेना के बैंड ने ‘स्वदेशी', ‘रेजॉइस इन रायसीना' और ‘टाइगर हिल' जैसी धुनों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कुछ सदस्यों ने रोशनी से सजे वाद्य उपकरण ले रखे थे जो कभी-कभी तिरंगे की थीम में चमकते थे।
‘रघुपति राघव राजा राम' की धुन ने दर्शकों को प्रभावित किया। इसके बाद दर्शकों को भारतीय नौसेना बैंड द्वारा बजाई गई ‘आईएनएस विक्रांत', ‘एकला चलो रे', ‘समुद्र दर्शक', ‘मिशन चंद्रयान', ‘जय भारती' और ‘हम तैयार हैं' जैसी शानदार धुनें सुनाई गईं। एक बांसुरीवादक के नेतृत्व में ‘अग्रणी भारत' की धुन दिल को छू लेने वाली थी। यह कार्यक्रम ‘सारे जहां से अच्छा' की बेहद लोकप्रिय धुन के साथ संपन्न हुआ। शाम को रायसीना हिल्स परिसर जीवंत रंगों की रोशनी से चकाचौंध नजर आया।
-





.jpg)
.jpg)







.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)




