- Home
- देश
- भोपाल. मध्य प्रदेश सरकार ने कहा कि वर्ष 2028 में उज्जैन कुंभ मेले में लगभग 12 करोड़ लोगों के हिस्सा लेने की संभावना है, जिसके मद्देनजर क्षिप्रा नदी की सफाई और अपशिष्ट जल के प्रवाह को रोकने के लिए ‘स्टॉप डैम' (छोटे बांध) के निर्माण जैसे विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। उज्जैन में रविवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान मेला आयोजन के मद्देनजर निर्देश दिए गए। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, ऐसा अनुमान है कि लगभग 12 करोड़ श्रद्धालु वर्ष 2028 कुंभ मेले में हिस्सा लेंगे। कुंभ मेला 12 वर्षों में एक बार आयोजित किया जाता है।यादव ने अधिकारियों को क्षिप्रा नदी में अपशिष्ट प्रवाह को रोकने के लिए पड़ोसी शहर इंदौर और देवास में विभिन्न स्थानों पर छोटे बांध बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि नदी को प्रदूषण मुक्त बनाया जाए और इसका पानी 2028 से पहले पीने योग्य हो जाए।
- लखनऊ।.मशहूर शायर मुनव्वर राना का रविवार को निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे।राना की बेटी सोमैया राना ने बताया कि उनके पिता का रविवार देर रात लखनऊ स्थित संजय गांधी परास्नातक आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में निधन हो गया। वह पिछले काफी समय से गले के कैंसर से पीड़ित थे। उन्होंने बताया कि राना को सोमवार को उनकी वसीयत के मुताबिक लखनऊ में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।सोमैया ने बताया कि उनके परिवार में उनकी मां, चार बहनें और एक भाई हैं। हिंदुस्तान के सबसे मशहूर शायरों में शुमार किए जाने वाले मुनव्वर राना की नज्म ‘मां' का उर्दू साहित्य जगत में एक अलग स्थान है।
-
इंफ़ाल। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को मणिपुर से 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' शुरू की जिसके जरिये पार्टी का प्रयास होगा कि लोकसभा चुनाव में बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को विमर्श के केंद ्रबिंदु में लाए जाए। इंफाल के बोथल से बस के जरिये यात्रा शुरू करने से पहले राहुल गांधी ने कहा कि 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' निकाली जा रही है क्योंकि देशवासी भारी अन्याय का सामना कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी का लक्ष्य एक ऐसे भविष्य का दृष्टिकोण पेश करना है जो सद्भावना, समान भागीदारी और भाईचारे से भरा हो। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यात्रा शुरू करने से पहले खोंगजोम युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि भी अर्पित की। राहुल गांधी ने कहा, "2004 से राजनीति में हूं। पहली बार हिंदुस्तान के एक प्रदेश गया हूं जहां पूरी व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। जिसे आप मणिपुर कहते थे, वो अब रहा ही नहीं।" उन्होंने दावा किया, "देश के प्रधानमंत्री आज तक यहां लोगों के आंसू पोंछने, हाथ पकडऩे नहीं आए। कांग्रेस की यात्रा शुरू करने के लिए राज्य का चुनाव किए जाने का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा, "सवाल उठा था कि यात्रा शुरू कहां से होनी चाहिए? मैंने साफ कहा कि यह यात्रा मणिपुर से ही शुरू होनी चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' को हरी झंडी दिखाने से पहले उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने न्याय यात्रा के जरिये ऊंची उड़ान का हौसला बनाया है। खरगे ने कहा कि राहुल गांधी चार सिद्धांतों न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुत्व के लिए लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने इस यात्रा के लिए विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के अपने सहयोगी दलों के नेताओं को भी आमंत्रित किया है और उसे उम्मीद है कि विभिन्न राज्यों में इस गठबंधन से जुड़े दलों के प्रमुख नेता यात्रा का हिस्सा बनेंगे। कांग्रेस का कहना है कि लोकसभा चुनाव से पहले निकाली जा रही यह यात्रा 67 दिन में 15 राज्यों और 110 जिलों से होकर गुजरेगी । ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के दौरान लगभग 6,700 किलोमीटर की दूरी तय की जायेगी। यात्रा ज्यादातर बस से होगी, लेकिन कहीं-कहीं पदयात्रा भी होगी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सात सितंबर 2022 से 30 जनवरी 2023 तक कन्याकुमारी से कश्मीर तक ‘भारत जोड़ो यात्रा' निकाली थी। उनकी 136 दिन की इस पदयात्रा में 12 राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों के 75 जिलों और 76 लोकसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए 4,081 किलोमीटर की दूरी तय की गई थी।
-
नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने रविवार को मध्य दिल्ली के करोल बाग स्थित गुरु रविदास मंदिर में पार्टी की ओर से आयोजित ‘स्वच्छ तीर्थ' अभियान में हिस्सा लिया। नड्डा ने कहा कि भाजपा ने मकर संक्रांति से लेकर 22 जनवरी (अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा तक) तक पूरे देश में मंदिरों की साफ-सफाई का अभियान चलाने का फैसला किया है। दिल्ली के रविदास मंदिर में अभियान की शुरुआत करने के मौके पर संवाददाताओं से बातचीत में नड्डा ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देश पर भाजपा ने मकर संक्रांति तक देशभर में कई मंदिरों और पवित्र परिसरों में सफाई अभियान चलाने का फैसला किया है और हम (पार्टी नेता और कार्यकर्ता) इसमें श्रमदान करेंगे।'' उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘आज आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के आह्वान पर स्वच्छ तीर्थ अभियान में शामिल हुआ और नयी दिल्ली स्थित करोल बाग के ऐतिहासिक रविदास मंदिर में श्रमदान किया।'' नड्डा ने कहा, ‘‘इस पावन स्थल पर आकर गुरु रविदास जी के समाज कल्याण को समर्पित प्रेरक जीवन और संदेशों को आत्मार्पित करने का सौभाग्य प्राप्त कर धन्य अनुभूत कर रहा हूं।'' उन्होंने कहा, ‘‘इस अभियान के अंतर्गत हम सभी 14 से 22 जनवरी तक विभिन्न मंदिरों में श्रमदान कर रहे हैं, भजन-कीर्तन में शामिल हो रहे हैं और 22 जनवरी को अपने घरों में ‘श्रीराम ज्योति' प्रज्जवलित कर प्रभु श्रीराम की अराधना में संलग्न होंगे।
-
चेन्नई/दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि पोंगल ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत' की राष्ट्रीय भावना को प्रतिबिंबित करता है और यही भावनात्मक जुड़ाव काशी-तमिल संगमम् और सौराष्ट्र-तमिल संगमम् में भी देखने को मिला। केंद्रीय मंत्री एल.मुरुगन के राष्ट्रीय राजधानी स्थित आवास पर आयोजित पोंगल समारोह को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि तमिलनाडु के हर घर में उत्सव का उत्साह देखा जा रहा और सभी लोगों के जीवन में खुशी, समृद्धि और संतुष्टि की कामना की। प्रधानमंत्री ने ‘कोलम' (रंगोली) के साथ भारत की विविधता की समानता बताते हुए कहा कि जब देश का हर कोना एक-दूसरे के साथ भावनात्मक रूप से जुड़ता है, तो देश की ताकत एक नए रूप में दिखाई देती है। मोदी ने कहा, ‘‘पोंगल का त्योहार एक भारत श्रेष्ठ भारत की राष्ट्रीय भावना को दर्शाता है।'' उन्होंने कहा कि यह भी कहा कि काशी-तमिल संगमम् और सौराष्ट्र-तमिल संगमम् द्वारा शुरू की गई परंपरा में यही भावना देखी गई, जिसमें बड़ी संख्या में तमिल समुदाय के लोगों की उत्साही भागीदारी दर्ज की गई। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘एकता की यही भावना 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिये सबसे बड़ी ताकत है। मैंने लाल किले से जिस पंच प्रण का आह्वान किया था, उसका मुख्य तत्व देश की एकता को ऊर्जा देना और एकता को मजबूत करना है।'' प्रधानमंत्री ने संत कवि तिरुवल्लूर का उद्धृत करते हुए राष्ट्र निर्माण में शिक्षित नागरिकों, ईमानदार कारोबारियों और अच्छी फसल के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पोंगल के दौरान नयी फसल को भगवान को समर्पित किया जाता है और इस उत्सव के केंद्र में ‘अन्नदाता किसान' होते हैं। उन्होंने भारत के हर त्योहार के गांव, फसल और किसान से संबंध को रेखांकित किया।
मोटे अनाज और तमिल परंपराओं के बीच संबंध पर आधारित अपने एक भाषण को याद करते हुए, उन्होंने खुशी व्यक्त की कि ‘सुपरफूड श्री अन्न' (मोटे अनाज) के बारे में एक ‘नई जागरूकता' आई है और कई युवाओं ने मोटे अनाज पर स्टार्टअप उद्यम शुरू किया है। मोदी ने बताया कि मोटे अनाज की खेती करने वाले तीन करोड़ से अधिक किसान इसे (मोटे अनाज को)प्रोत्साहन देने से सीधे तौर पर लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने पोंगल के अवसर पर राष्ट्र की एकता को मजबूत करने के संकल्प के लिए ‘खुद को नए सिरे से समर्पित करने' के आह्वान के साथ अपने संबोधन का समापन किया। -
अहमदाबाद. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को उत्तरायण पर्व के अवसर पर गुजरात के अहमदाबाद स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और यहां अपने समर्थकों के साथ पतंग उड़ाई। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने मकर संक्रांति के अवसर पर राज्य में धार्मिक स्थलों की सफाई के एक सप्ताह तक चलने वाले अभियान की शुरुआत की। उन्होंने इस अभियान के तहत गांधीनगर के पास एक मंदिर के परिसर की सफाई की। नेताओं और अन्य प्रमुख हस्तियों ने अपने रिश्तेदारों तथा मित्रों के साथ पतंग उड़ाकर उत्तरायण त्योहार मनाया। शाह ने भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन किए और अपने परिवार के सदस्यों के साथ पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने वेजलपुर में पतंग उड़ाई। वह अहमदाबाद और गांधीनगर के दो विधानसभा क्षेत्रों में भी उत्तरायण समारोहों में हिस्सा लेंगे। शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर लिखा, ‘‘उत्तरायण के पावन पर्व पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। यह शुभ त्योहार आपके जीवन में सुख, समृद्धि और अच्छा स्वास्थ्य लाए।'' मुख्यमंत्री पटेल ने ‘एक्स' पर लिखा, ‘‘अयोध्या में भगवान श्री राम के भव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का शुभ कार्यक्रम 22 जनवरी को होगा जिसे लेकर माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र भाई मोदी ने देशवासियों से देश के सभी छोटे-बड़े पूजा स्थलों को स्वच्छ बनाने का अभियान चलाने का आह्वान किया है।'' उन्होंने कहा, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री के आह्वान के अनुसार हमें गुजरात के सभी धार्मिक स्थलों को साफ-सुथरा बनाना चाहिए। राज्य में 14 से 22 जनवरी तक सार्वजनिक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।'' पटेल ने कहा कि मकर संक्रांति पर उन्हें गांधीनगर के पास धोलेश्वर महादेव मंदिर परिसर के सफाई अभियान में भाग लेने का अवसर मिला।
-
बिजनौर (उप्र) . जिले के नगीना देहात थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने जमीन के लालच में पत्नी के साथ मिलकर अपनी मां की कुल्हाड़ी से वार कर कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने शनिवार को बताया कि आरोपी बेटे और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राम अर्ज ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम थाना नगीना देहात के गांव अजुपुरा रानी में घर के अंदर धारदार हथियार से वार कर फिरोजा (63) की हत्या कर दी गयी थी। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में, मृतका के बेटे आरोपी दानिश और उसकी पत्नी आरोपी उजमा ने हत्या का अपराध स्वीकार किया है। पुलिस ने बताया, आरोपी ‘‘फिरोजा अपने नाम की 25 बीघा जमीन अपनी बेटियों को देना चाह रही थी, इसलिए जमीन के लालच में आरोपी दानिश और आरोपी उजमा ने कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार कर फिरोजा की हत्या कर दी।'' पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।एएसपी ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। -
गंगटोक. सिक्किम के नामची जिले में एक वाहन के खाई में गिरने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना उस वक्त हुई, जब वाहन में सवार लोग शुक्रवार रात को यांगांग शहर से नीया गांव की ओर जा रहे थे। अधिकारी के मुताबिक, ''नीया गांव के पास जीरो दारा इलाके में वाहन सड़क से फिसलकर एक खाई में जा गिरा। वाहन में चार लोग सवार थे। उनमें से तीन लोगों की मौत हो गयी, जो यांगंग के स्थानीय निवासी थे। जबकि चौथा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसका उपचार एसटीएनएम अस्पताल में किया जा रहा है।'' अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान लकपा शेरपा (45), सोनम शेरपा (50) और पाल्डेन शेरपा (16) के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारण का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है।
-
*आई.टी.आई उत्तीर्ण इच्छुक अभ्यर्थी ले सकते हैं कैम्प में भाग*
रायपुर / शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था सड्डू, विधानसभा रोड में 15 जनवरी को सुबह 9 बजे से प्लेसमेन्ट कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। इस प्लेसमेंट कैम्प में निजी क्षेत्र के नियोजक जिंदल इस्पात मंदिर हसौद रायपुर, डाइकिन ए.सी. रायपुर, वोल्टस् ए.सी. रायपुर, टाटा लार्डस ए.सी. रायपुर, कल्पतरू पावर ट्रांसमिशन खोरपा रायपुर, रजत एक्यूपमेन्ट भनपुरी रायपुर आदि प्रतिष्ठान उक्त तिथि को उपस्थित रहेगें।
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सड्डू के प्राचार्य ने बताया कि कैम्प का उद्देश्य स्थानीय रोजगार को प्रोत्साहित करना है। इस प्लेसमेंट कैम्प में जिले के आई.टी.आई. उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थी भाग ले सकते है। इच्छुक उम्मीदवार समस्त आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि एवं समय में संस्था में उपस्थित हो सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी हेतु आई टी आई सड्डु, रायपुर मे कार्यालयीन समय पर संपर्क किया जा सकता है।
- नयी दिल्ली. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि उसने अभी तक देश में सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ एचपीवी टीकाकरण शुरू करने पर निर्णय नहीं लिया है। टीकाकरण अभियान संबंधी मीडिया रिपोर्ट को खारिज करते हुए मंत्रालय ने कहा कि वह देश में सर्वाइकल कैंसर के मामलों पर बारीकी से नजर रख रहा है और राज्यों और विभिन्न स्वास्थ्य विभागों के साथ नियमित संपर्क में है। सर्वाइकल कैसर महिलाओं को गर्भाशय में होता है। इसने कहा कि मीडिया रिपोर्ट में अटकलें लगाई गई हैं कि सरकार 9-14 आयु वर्ग की लड़कियों के लिए 2024 की दूसरी तिमाही में ‘ह्यूमैन पैपिलोमावायरस' (एचपीवी) टीकाकरण अभियान शुरू करेगी, जो ‘‘सच नहीं'' हैं। जून 2022 में, टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह (एनटीएजीआई) ने 9-14 आयु वर्ग की किशोरियों के लिए सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम के तहत एचपीवी टीके की एक खुराक देने की सिफारिश की थी।
- सुलतानपुर . कादीपुर कोतवाली क्षेत्र में सिलबट्टे से कुचलकर और चाकू गोदकर कथित तौर पर अपनी चाची की हत्या करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पीड़िता के पति अल्ताफ ने इस घटना के संबंध में अपने भतीजे आरोपी आरिफ के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि अल्ताफ की पत्नी सुफीना बानो (30) शुक्रवार दोपहर घर में अकेली थी और अल्ताफ किसी काम से बाहर गया था तभी पीड़िता पर चाकू से हमला कर और घर में रखे सिलबट्टे से कुचलकर उसकी हत्या कर दी गई। उसने बताया कि अल्ताफ जब घर लौटा तो उसने सुफीना को खून से लथपथ पाया और उसकी मौत हो चुकी थी।अल्ताफ ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी के प्रति आरोपी आरिफ की नीयत ठीक नहीं थी और जब अल्ताफ घर लौटा तो उसका आरोपी भतीजा चाकू लेकर घर से बाहर भाग रहा था। पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने बताया कि कादीपुर क्षेत्र में सफीना बानो की शुक्रवार को हत्या कर दी गई और मृतका के पति की शिकायत के आधार पर आरोपी आरिफ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया और मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
-
बीड . महाराष्ट्र के बीड जिले में एक ट्रक और चारपहिया वाहन की टक्कर होने से पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे अहमदपुर-अहमदनगर राजमार्ग पर बीड तालुका के ससेवाड़ी गांव में हुई। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘चारपहिया वाहन जिले के मांजरसुम्भा के रास्ते पटोदा जा रहा था, तभी पाइप लेकर विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद चारपहिया वाहन ट्रक में अटक गया और कुछ दूरी तक घिसटता चला गया।'' अधिकारी ने बताया कि चारपहिया वाहन में सवार तीन लोगों और ट्रक चालक गहिनीनाथ गरजे (31) की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक के अलावा अन्य मृतकों की पहचान प्रह्लाद घरत (63) उसके बेटे नितिन (41) और विनोद सनप (40) के रूप में की गई है।
-
हजारीबाग. झारखंड की पारंपरिक सोहराई और खोवर कला के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जस्टिन इमाम का शनिवार को यहां निधन हो गया। प्रसिद्ध पर्यावरणविद् और पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित बुलु इमाम के बड़े बेटे जस्टिन का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। 49 वर्षीय जस्टिन का हजारीबाग में उनके दीपुगढ़ा आवास पर शनिवार अपराह्न लगभग तीन बजे निधन हो गया। शोक संतप्त पिता ने कहा कि उनके बड़े बेटे का अंतिम संस्कार हजारीबाग कब्रिस्तान में हुआ।
जस्टिन ने सोहराई कला को भौगोलिक संकेत (जीआई) टैग दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।बुलु ने कहा, ‘‘जस्टिन के प्रयासों के कारण ही सोहराई और खोवर चित्रकला को नये संसद भवन की दीवारों में जगह मिली।'' जस्टिन ने आदिवासी कला और कलाकारों को बढ़ावा देने के लिए कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीते थे। - नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी के व्यापारी अयोध्या में रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह से पहले भगवान राम और मंदिर की प्रतिकृतियों वाले भगवा झंडों और पोस्टरों की बढ़ती मांग पूरी करने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। ‘फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन' के अध्यक्ष राकेश कुमार यादव ने शनिवार को बताया कि जैसे-जैसे अयोध्या 22 जनवरी के भव्य समारोहों के लिए तैयार हो रही है, 40,000 कर्मचारी और प्रिंटिंग प्रेस यहां भक्तों की मांग पूरी करने के लिए ओवरटाइम काम कर रहे हैं। यादव ने कहा, ‘‘जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों से प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को 'दीपावली' के रूप में मनाने के लिए अपने घरों में विशेष दीये, ‘श्रीराम ज्योति' जलाने की अपील की है, तो हमें इस आयोजन से संबंधित धार्मिक वस्तुओं की मांग में वृद्धि की उम्मीद थी। इसलिए, हमने तदनुसार अपनी तैयारी शुरू कर दी।'' उन्होंने यह भी कहा कि 15 जनवरी की शाम से बाजार सज जाएंगे और एक जुलूस निकाला जाएगा, जिसमें लगभग 700 व्यापारियों के भाग लेने की उम्मीद है। जैसे-जैसे प्राण-प्रतिष्ठा समारोह नजदीक आ रहा है, दिल्ली के सभी क्षेत्रों से भगवा झंडों की मांग बढ़ रही है तथा कार्यक्रम नियोजक और धार्मिक संस्थान बड़े पैमाने पर ऑर्डर दे रहे हैं। मालवीय नगर के एक दुकानदार अजय ने कहा कि कई धार्मिक संगठन और मंदिर प्रबंधन अधिकारी भीड़ के बीच वितरित करने के लिए इन भगवा झंडों को थोक में खरीद रहे हैं। अजय ने कहा, ‘‘लोग सिर्फ झंडे, टोपी या पोस्टर के लिए ही नहीं आ रहे हैं, बल्कि वे अपनी बाइक, कार और ऑटो को सजाने वाली वस्तुओं की भी तलाश कर रहे हैं।'' अजय ने कहा, ‘‘पहले मैं राजनीतिक दलों के लिए झंडे, पोस्टर और तिरंगे बनाता था। हालांकि, अब उच्च मांग के कारण हमने भगवा झंडे छापना शुरू कर दिया और अब हमारे पास दो से तीन लाख ऑर्डर हैं।" कड़कड़डूमा में एक प्रिंटिंग प्रेस के मालिक अनिल ने कहा, "झंडे, विशेष रूप से भगवान राम के नाम वाले झंडे, उच्च मांग में हैं।" अनिल ने कहा, "हम जानते थे कि लोग 'प्राण-प्रतिष्ठा समारोह' को लेकर उत्साहित होंगे, लेकिन हमने इस अवसर का जश्न मनाने के लिए दिल्ली के बाजारों में इस उच्च स्तर की मांग की उम्मीद नहीं की थी।" उन्होंने कहा कि जनता की मांग के अनुरूप सामग्रियों की आपूर्ति के लिए प्रिंटिंग प्रेस चौबीसों घंटे काम कर रही हैं और उनके अनुरोधों को समय पर पूरा करना हमारी चिंता है।
-
नई दिल्ली। देश के कई भागों में घने कोहरे के कारण कई रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं। उत्तर रेलवे ने बताया कि दिल्ली आने वाली 22 रेलगाड़ियां एक से छह घंटे तक की देरी से चल रही हैं। इनमें आजमगढ-दिल्ली कैफियत एक्सप्रेस, अमृतसर-नांदेड एक्सप्रेस, पुरी-नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, कानपुर-नई दिल्ली श्रम शक्ति एक्सप्रेस, सहरसा-नई दिल्ली वैशाली एक्सप्रेस, रीवा-आनंद विहार एक्सप्रेस, प्रयागराज-नई दिल्ली एक्सप्रेस और जम्मू तवी-अजमेर पूजा एक्सप्रेस शामिल हैं। रेलवे ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा है।
-
नई दिल्ली। 29 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सातवें परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के लिए अब तक 22.6 करोड़ से अधिक विद्यार्थी पंजीकरण करा चुके हैं जो एक रिकॉर्ड है। शिक्षा मंत्रालय ने पिछले महीने 12 दिसम्बर से इस वर्ष 12 जनवरी तक छठी से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के साथ अध्यापकों और अभिभावकों से भी इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए माय गव (My gov) पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए थे। मंत्रालय ने बताया कि माय गव (My gov) पोर्टल पर मिले प्रश्नों के आधार पर दो हजार पचास प्रतिभागी चुने जाएगें। इन प्रतिभागियों को एक विशेष किट प्रदान की जाएगी। इस किट में प्रधानमंत्री की पुस्तक - एग्जाम वॉरियर्स के हिंदी और अंग्रेजी संस्करण के साथ प्रमाण-पत्र दिया जाएगा।
इस वर्ष प्रधानमंत्री के साथ चार हजार से अधिक विद्यार्थी चर्चा करेंगे। ये कार्यक्रम दिल्ली के भारत मंडपम में होगा। परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में, श्री मोदी परीक्षा के तनाव से मुक्त होने और विद्यालय के बाद के जीवन पर देश-विदेश के छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों के साथ चर्चा करते हैं। यह कार्यक्रम युवाओं के लिए तनाव-मुक्त वातावरण तैयार करने के प्रयोजन से आयोजित किया जाता है। - आइजोल। मिजोरम विश्वविद्यालय के प्राणीशास्त्र विभाग के शोधकर्ताओं ने राज्य में ‘कोरल' सांप की नई प्रजाति का पता लगाया है। मिजोरम विश्वविद्यालय में प्राणीशास्त्र के प्रोफेसर एच टी लालरेमसांगा ने बताया कि ब्रिटिश भारत के डॉक्टर गोरे के नाम पर इसका नाम सिनोमिक्रूरस गोरेई रखा गया है। लालरेमसांगा ने बताया कि इस सांप को स्थानीय तौर पर 'रूलथिहना' के नाम से जाना जाता है, क्योंकि यह मिजोरम के गले के पारंपरिक हार ‘थिहना' से काफी मिलता-जुलता है। शोधकर्ताओं ने यह खोज मिजोरम में कोरल सांपों के कंकाल और डीएनए का अध्ययन करते समय की है।नई प्रजाति के बारे में 'रिअप्रेजल ऑफ द सिस्टमैटिक्स ऑफ टू सिम्पटरीक ऑफ टू कॉरल स्नेक' नामक एक अध्ययन में बताया गया, जो 10 जनवरी को ब्रिटिश विज्ञान पत्रिका ‘सिस्टमैटिक्स एंड बायोडायवर्सिटी (टेलर एंड फ्रांसिस ग्रुप)' में प्रकाशित हुआ था। लालरेमसंगा के अनुसार, दुनिया भर में सिनोमिक्रूरस कोरल सांपों की कुल नौ प्रजातियां खोजी गई हैं और इनमें से सिनोमिक्रूरस मैकलेलैंडी नामक केवल एक प्रजाति पूर्वोत्तर भारत में पाई जाती है।
- मुंबई,। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को मांग की कि अयोध्या में राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा कराई जाए क्योंकि यह ''राष्ट्र के गौरव और देश के स्वाभिमान" का मामला है। ठाकरे ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वह मुर्मू को नासिक स्थित कालाराम मंदिर में भी आमंत्रित करेंगे। अयोध्या में 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन ठाकरे कालाराम मंदिर में दर्शन करेंगे। ठाकरे ने पहले घोषणा की थी कि वह 22 जनवरी को अपनी पार्टी के नेताओं और पदाधिकारियों के साथ नासिक स्थित प्रतिष्ठित कालाराम मंदिर जाएंगे और गोदावरी नदी के तट पर 'महा आरती' करेंगे। इसके एक दिन बाद यानी 23 जनवरी को नासिक में पदाधिकारियों के एक सम्मेलन का भी आयोजन होगा जहां ठाकरे एक रैली को भी संबोधित करेंगे। ठाकरे ने कहा कि गुजरात में सोमनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार के बाद औपचारिक पुनरुद्धार समारोह देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने किया था। उन्होंने कहा,''यह (अयोध्या राम मंदिर) राष्ट्र के गौरव और देश के स्वाभिमान का मामला है तो प्राण-प्रतिष्ठा समारोह राष्ट्रपति मुर्मू द्वारा किया जाना चाहिए।'' राममंदिर ट्रस्ट के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भेंट की और उन्हें अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया। इस प्रतिनिधिमंडल में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नेता रामलाल और राममंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा शामिल थे। ठाकरे ने कहा कि 1992 में 'कार सेवा' का हिस्सा रहे शिवसैनिकों को भी नासिक में सम्मानित किया जाएगा।
- पुणे (महाराष्ट्र)। प्रख्यात शास्त्रीय गायिका डॉ. प्रभा अत्रे का यहां उनके आवास पर दिल का दौरा पड़ने से शनिवार को निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं। उनके करीबी सूत्रों ने यह जानकारी दी। हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत के किराना घराने का प्रतिनिधित्व करने वाली अत्रे को भारत सरकार ने तीनों पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया था। अत्रे को उनके आवास पर सोते समय दिल का दौरा पड़ा। उन्हें शहर के कोथरूड इलाके में एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें सुबह पांच बजकर 30 मिनट पर मृत घोषित कर दिया गया।'' सूत्र ने बताया कि चूंकि अत्रे के परिवार के कुछ लोग विदेश में रहते हैं इसलिए उनके यहां पहुंचने पर ही अत्रे का अंतिम संस्कार किया जाएगा। बहुमुखी प्रतिभा की धनी अत्रे का जन्म 13 सितंबर 1932 को हुआ था। शास्त्रीय गायिका होने के बावजूद वह एक उत्कृष्ट विद्वान, अनुसंधानकर्ता, संगीतकार और लेखिका भी थीं। विज्ञान और विधि में स्नातक प्राप्त अत्रे ने संगीत में डॉक्टरेट की उपाधि हासिल की थी। उन्हें जनवरी 2022 में देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। इससे पहले उन्हें 1990 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था और 2002 में पद्म भूषण प्रदान किया गया था।शास्त्रीय संगीत को जनसुलभ बनाने के लिये वह जीवन भर रूढियों से लड़ती रहीं और जटिलता को चुनौती देती रहीं , पद्मविभूषण प्रभा अत्रे चाहतीं तो बेहद सफल डॉक्टर बन सकती थीं लेकिन उन्होंने अपने दिल की सुनी और संगीत को चुना। किराना घराने की विश्व विख्यात हिन्दुस्तानी शास्त्रीय गायिका अत्रे को संगीत विरासत में नहीं मिला था । वह तो कानून और विज्ञान की मेधावी छात्रा थीं लेकिन एक मोड़ पर आकर उन्हें लगा कि मेंढकों को चीरने फाड़ने या काला कोट पहनकर अपराधियों को बचाने से स्वर की साधना करना बेहतर है । उनका सपना और खुद से वादा था कि अंतिम श्वास तक वह गाती रहेंगी और 92 वर्ष की उम्र में उन्हें मुंबई में आज गाना भी था लेकिन इस स्वरयोगिनी की स्वरसाधना पर विराम लग गया और सुबह पुणे में उनके निवास पर तड़के दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्होंने आखिरी सांस ली । अत्रे ने पुणे के फर्ग्युसन कॉलेज से विज्ञान में स्नातक किया और बाद में विधि कालेज से भी डिग्री ली । संगीत में उनके कदम अनायास पड़े । उन्होंने 2022 में देश का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण पाने के बाद कहा था ,‘‘ मैं कानून और विज्ञान पढ़ रही थी और सपने में भी नहीं सोचा था कि गायिका बनूंगी । मेरे माता पिता शिक्षाविद थे और मेरी मां की बीमारी से संगीत हमारे घर में आया । वह हारमोनियम सीखती थी और मैं उनके पास बैठती थी। उन्होंने तो संगीत छोड़ दिया लेकिन मुझसे नहीं छूटा ।'' उन्हें 1990 में पद्मश्री और 2002 में पद्मभूषण से नवाजा गया ।उन्होंने कहा था ,‘‘ मुझे लगता है कि गायिका बनना मेरे प्रारब्ध में था । लोगों को मेरा संगीत पसंद आने लगा और मुझे उसके लिये पारिश्रमिक भी मिलने लगा ।'' कानून और विज्ञान की छात्रा होने के कारण उन्होंने परंपरा के नाम पर अंधानुकरण नहीं किया और अपनी आंखें हमेशा खुली रखी । उन्होंने विदेश में भारतीय शास्त्रीय संगीत को लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाई और 1969 में पहला कार्यक्रम किया । अपने संगीत में लगातार नये प्रयोग करते रहने वाली अत्रे को ‘ख्याल', ‘तराना', ‘ठुमरी', ‘दादरा', ‘गजल', और ‘भजन' सभी विधाओं में महारत हासिल थी । उन्होंने ‘अपूर्व कल्याण', ‘मधुरकंस', ‘पटदीप', ‘मल्हार', ‘तिलंग' , ‘भैरव, भीमकली', ‘रवी भैरव' जैसे नये रागों की रचना भी की । युवावस्था में उन्होंने ‘संगीत शारदा', ‘संगीत विद्याहरण', ‘संगीत मृच्छकटिक' जैसे संगीतमय नाटकों में शीर्ष महिला किरदार भी निभाया । देश के शास्त्रीय संगीत कैलेंडर के महत्वपूर्ण महोत्सव पुणे के सवाई गंधर्व भीमसेन महोत्सव का समापन उन्हीं के गायन से होता था । पंडित भीमसेन जोशी ने अपने गुरु की स्मृति में यह कार्यक्रम शुरू किया और 2006 के बाद उन्होंने अत्रे को महोत्सव की समाप्ति का जिम्मा सौंपा । तभी से यह परंपरा चली आ रही थी । वह अपने कार्यक्रम में अपनी ही बंदिशें गाती थी । ‘जागूं मैं सारी रैना (राग मरू बिहाग), ‘तन मन धन ' (राग कलावती), ‘नंद नंदन'(राग किरवानी) जैसे उनके गीत बरसों तक संगीतप्रेमियों को लुभाते रहेंगे । एक महान गायिका होने के साथ वह चिंतक, शोधकर्ता, शिक्षाविद्, सुधारक, लेखिका, संगीतकार और गुरु भी थीं । उन्होंने हमेशा शास्त्रीय संगीत की पहुंच को विस्तार देने के लिये शिक्षा प्रणाली में बदलाव की पैरवी की । उनका कहना था ,‘‘ सभी को इसके लिये काम करना होगा , श्रोताओं से लेकर संगीतकारों और सरकार तक । हमारी शिक्षा प्रणाली को बदलना होगा और संगीत की शिक्षा अनिवार्य करनी होगी । श्रोताओं को भी शास्त्रीय संगीत समझने के लिये मेहनत करनी होगी।' अत्रे ने ‘स्वरमयी गुरुकुल' की भी स्थापना की जिसमें दुनिया भर के छात्रों को दोनों परंपराओं ‘गुरु शिष्य' और संस्थागत शिक्षा दी जाती थी । उनका मानना था कि इन दोनों के बीच अंतर को मिटाने की जरूरत है । मौजूदा दौर के गायकों से उन्हें कोई गिला नहीं था । वह फिल्मी संगीत से लेकर गजल और फ्यूजन सभी कुछ चाव से सुनती थीं । अपने संगीतमय सफर में शिखर तक पहुंचने के बावजूद उनकी साधना में कहीं कोई कमी नहीं आई थी ।उनका कहना था ,‘‘ एक साधक के तौर पर मैं कभी संतुष्ट नहीं हो सकती क्योंकि सीखने का कोई अंत नहीं है । मैं आखिरी सांस तक गाना चाहती हूं और संगीत के अन्य पहलुओं पर भी काम करना चाहती हूं । मैं शास्त्रीय संगीत को आम जनता तक ले जाना चाहती हूं ताकि वे इसे आसानी से सीख सकें क्योंकि ऐसा नहीं हुआ तो शास्त्रीय संगीत बचेगा नहीं ।'
- नोएडा (उप्र) । उत्तर प्रदेश में गौतम बुद्ध नगर जिले के खोदना खुर्द गांव में बिजली चोरी रोकने गए नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) के अधिकारियों के साथ चार लोगों ने कथित रूप से मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज ने बताया कि एनपीसीएल में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता रुपेश मिश्रा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वह और उनके सहकर्मी बिजली चोरी रोकने के लिए दो गाड़ियों में सवार होकर खोदना खुर्द गांव गए थे लेकिन वे बिजली चोरी रोकने की कार्रवाई शुरू कर जैसे ही केबल काटने लगे, तभी रामवीर, पवन, प्रवीण तथा बिंद्रा उर्फ लंगड़ा नाम के आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने दर्ज शिकायत के अनुसार बताया कि आरोपियों ने बिजली विभाग के अधिकारियों की कार का शीशा भी तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
-
नई दिल्ली। दिल्ली में ठंड से बचने के लिए अंगीठी जलाकर सोने के दो अलग-अलग मामलों में 6 लोगों की मौत हो गई है । प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 एक घटना आउटर नॉर्थ दिल्ली के खेड़ा में घटी है, जबकि दूसरी घटना सेंट्रल दिल्ली के इंद्रपुरी थाना इलाके में हुई है। आउटर नॉर्थ दिल्ली के खेड़ा इलाके में घर में 4 लोगों की लाश मिली है। एक ही परिवार के पति-पत्नी और दो बच्चों की लाश बरामद की गई है।
शुरूआती जांच में सामने आया है कि दरवाजा अंदर से बंद था। , कमरे में अंगीठी जली हुई थी. । सर्दी से बचने के लिए अंगीठी जलाई गई थी। . धुआं से सफोकेशन हुआ और दम घुटने से सभी की मौत हो गई. । दोनों बच्चों में एक की उम्र 7 साल और एक की 8 साल थी.।वहीं इंद्रपुरी में ठंड से बचने के लिए अंगीठी जलाकर सो रहे दो लोगों की मौत हो गई है। दोनों की मौत दम घुटने से हुई है। एक की उम्र 56 साल और एक की उम्र 22 साल बताई जा रही है। हालांकि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है.। (सांकेतिक फोटो) - नई दिल्ली । महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ कांग्रेस में शुमार मिलिंद देवड़ा ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है ।. उन्होंने रविवार सुबह ही यह ऐलान कियामिलिंद देवड़ा ने अपने इस्तीफे का ऐलान करते हुए रविवार सुबह एक्स पर लिखा कि पार्टी के साथ उनके परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता ख़त्म हो गया । दरअसल मिलिंद के पिता दिवंगत मुरली देवड़ा भी ताजिंदगी कांग्रेसी रहे. । पार्टी ने उन्हें केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री भी बनाया था. । कांग्रेस ने फिर दक्षिण मुंबई की उनकी परंपरागत सीट पर ही उनके बेटे को मिलिंद टिकट दिया, जहां से जीतकर मिलिंद केंद्र की मनमोहन सिंह सरकार में मंत्री भी बनें । ऐसे में सवाल उठता है कि कांग्रेस के साथ आखिर इस 55 साल पुराने रिश्ते को तोड़ने की वजह क्या रही?दरअसल मिलिंद देवड़ा की दक्षिण मुंबई संसदीय सीट इस बार I.N.D.I.A गठबंधन की सहयोगी शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) को दिए जाने की अटकलें लग रही हैं. । मिलिंद ने वर्ष 2004 और 2009 में इस सीट पर जीत दर्ज की थी । ऐसे में अपनी यह परंपरागत सीट उद्धव ठाकरे खेमे को दिए जाने से मिलिंद नाराज थे. ।प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस छोड़ने का ऐलान करने से पहले पार्टी महासचिव जयराम रमेश से संपर्क भी किया था ।
-
नई दिल्ली। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को कहा कि सरकार के सामने फिलहाल गेहूं, चावल और चीनी के निर्यात पर लगी पाबंदियां हटाने का कोई भी प्रस्ताव नहीं है.।गोयल ने कहा कि भारत का गेहूं और चीनी के आयात का भी कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा, ‘गेहूं, चावल और चीनी पर निर्यात प्रतिबंध हटाने का फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं है. इसके साथ ही भारत गेहूं और चीनी का आयात नहीं करेगा.।’
भारत ने घरेलू स्तर पर बढ़ती कीमतों पर काबू पाने के लिए मई, 2022 में गेहूं के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बाद जुलाई, 2023 से गैर-बासमती चावल के निर्यात पर भी प्रतिबंध लगा हुआ है। सरकार ने अक्टूबर, 2023 में चीनी के निर्यात पर भी रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया था.। उन्होंने यह भी कहा कि गेहूं और चीनी के आयात की ‘‘न तो कोई योजना है और न ही इसकी कोई जरूरत है.’।’उन्होंने कहा कि भारत गैर-बासमती चावल के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने के बावजूद अपने मित्र देशों को उनकी खाद्य सुरक्षा जरूरतों के लिए चावल उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने बताया कि भारत ने इंडोनेशिया, सेनेगल और गाम्बिया जैसे देशों को चावल उपलब्ध कराया है।आगे उन्होंने कहा कि इन वस्तुओं के निर्यात पर पाबंदी हटते ही इनकी खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हित का भी ध्यान रख रही है,।तभी सरकारी स्तर पर प्याज की भरपूर खरीदारी की जा रही है।. सरकार अहमदनगर, नासिक, होशंगाबाद, सोलापुर व पुणे जैसी जगहों से 19-23 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से प्याज की खरीदारी कर रही है.।गौरतलब है कि प्याज की कीमतों में इजाफे के बाद कुछ महीनों पहले ही इसके निर्यात पर पूरी तरह से प्रतिबंध लग गया था और ऐसा ही चीनी के साथ भी हुआ था। गेहूं के निर्यात पर एक साल से भी ज्यादा समय से प्रतिबंध लगा हुआ है.।उच्चतम स्तर पर महंगाईउल्लेखनीय है कि दिसंबर 2023 में खुरा महंगाई दर 5.69 प्रतिशत के साथ चार माह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है. खाद्य वस्तुओं की महंगाई दर दिसंबर में 9.53 प्रतिशत हो गई थी जो 2022 दिसंबर में 4.19 प्रतिशत थी.। -
अगरतला. शांति काली आश्रम मिशन त्रिपुरा में 108 मंदिरों का निर्माण करेगा। मिशन के एक पदाधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। शांति काली आश्रम मिशन, आदिवासियों के बीच काम करने वाली एक प्रसिद्ध धार्मिक संस्था है और मिशन की आठ शाखाएं हैं, जिन्हें गुमती जिले के सरबोंग आश्रम से चलाया जाता है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) द्वारा विवेकानंद मैदान में आयोजित एक रैली के दौरान शांति काली आश्रम मिशन के प्रमुख चित्त महाराज ने कहा, ''गुरुदेव शांति काली ने मुझसे एक मंदिर बनाने के लिए कहा था और मैंने हिंदू आस्था में विश्वास रखने वाले लोगों की मदद से इस कार्य को पूर्ण किया। मैं अपने गुरुदेव के आध्यात्मिक मूल्य को फैलाने के लिए राज्य में 108 मंदिरों के निर्माण का वादा करता हूं।'' रैली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य, पार्टी महासचिव अमित रक्षित और पापिया दत्ता शामिल हुए। रैली का उद्देश्य लोगों को उत्तर प्रदेश के अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के महत्व को समझाना था। त्रिपुरा में उग्रवाद के खिलाफ आवाज उठाने वाले गुरुदेव शांति काली की आदिवासियों के बीच हिंदू धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए अगस्त 2000 में पश्चिमी त्रिपुरा के जिरानिया में प्रतिबंधित नेशनल लिबरेशन फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (एनएलएफटी) के उग्रवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। चित्त महाराज ने लोगों से 22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर मिट्टी के दीपक जलाने का आग्रह किया।
-
अयोध्या। दूरदर्शन राम मंदिर परिसर सहित अयोध्या के विभिन्न स्थानों पर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के सीधे प्रसारण के लिए लगभग 40 कैमरे लगाएगा और कार्यक्रम अत्याधुनिक 4के प्रौद्योगिकी में प्रसारित किया जाएगा। यह जानकारी एक शीर्ष अधिकारी ने दी। मुख्य मंदिर परिसर के अलावा, राष्ट्रीय प्रसारक सरयू घाट के पास राम की पैड़ी, कुबेर टीला में जटायु प्रतिमा और अन्य स्थानों से विभिन्न चैनलों पर सीधा प्रसारण करेगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव अपूर्व चंद्रा ने यहां कहा, ‘‘जी20 की तरह...जब हमने 4के प्रसारण किया था, इस बार भी, दूरदर्शन इसे 4के (प्रसारण प्रौद्योगिकी) में करेगा... पूरा सीधा प्रसारण होगा और कवरेज विभिन्न भाषाओं तथा विभिन्न चैनलों पर प्रसारित की जाएगी। वहीं, निजी चैनलों को भी दूरदर्शन के जरिए फीड मिलेगा।'' 4के प्रौद्योगिकी अत्यधिक पिक्सेल प्रदान करती है जिसके परिणामस्वरूप दर्शकों के लिए दृश्य गुणवत्ता में वृद्धि होती है। अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होगी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य गणमान्य लोग शामिल होंगे। राम मंदिर ट्रस्ट द्वारा 7,000 से अधिक अतिथियों को आमंत्रित किया गया है, जिनमें विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां और देश भर से बड़ी संख्या में साधु-संत शामिल हैं। भव्य समारोह से पहले, उत्तर प्रदेश सरकार और अयोध्या प्रशासन ने सभी तैयारियां कर ली हैं और पवित्र नगरी को इस बड़े दिन के लिए सजाया जा रहा है। चंद्रा और दूरदर्शन की पूरी टीम ने, जो प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन यहां होगी, कवरेज की तैयारियों का जायजा लेने के लिए इस सप्ताह की शुरुआत में अयोध्या का दौरा किया। उन्होंने कहा, "22 जनवरी के 'प्राण प्रतिष्ठा' समारोह के लिए हमें यहां काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। दूरदर्शन ने इसके लिए सभी तैयारियां कर ली हैं। दूरदर्शन के लगभग 250 कर्मचारी (उस दिन) मौजूद रहेंगे।" चंद्रा ने कहा, "अयोध्या में राम की पैड़ी, मंदिर परिसर जैसे स्थानों पर, जहां भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम होंगे, लगभग 40 कैमरे लगाए जाएंगे। उनका एक कार्यक्रम जटायु (प्रतिमा) के पास भी है।" श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट समारोह के लिए तैयारी कर रहा है और कार्यकर्ता मंदिर परिसर में समारोह संबंधी कार्यों को पूरा करने के लिए दिन-रात लगे हैं। समारोह के दिन अयोध्या शहर में कड़ी सुरक्षा रहेगी। मंदिर परिसर 23 जनवरी से लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने पूर्व में कहा था कि मंदिर में 'प्राण प्रतिष्ठा' 22 जनवरी को दोपहर 12:20 बजे होगी। राय ने दिसंबर के अंत में कहा था कि अयोध्या में कुबेर टीला पर जटायु की एक प्रतिमा स्थापित की गई है।
उन्होंने कहा, "कुबेर टीला पर मौजूद एक प्राचीन शिव मंदिर का भी पुनरुद्धार किया गया है। ट्रस्ट ने हाल ही में नए मंदिर और जटायु की विशाल प्रतिमा की तस्वीरें तथा वीडियो साझा किए थे। राम की पैड़ी पर शाम को एक विशेष लेजर शो नियमित रूप से किया जाता है। इस दौरान पुराने मंदिरों और इमारतों पर 3डी प्रौद्योगिकी के जरिए महाकाव्य रामायण से भगवान राम और अन्य की कहानी बताई जाती है।

.jpeg)
.jpg)




.jpeg)

.jpeg)
.jpeg)


.jpeg)
.jpeg)



.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)






