- Home
- देश
-
शिमला. हिमाचल प्रदेश के शिमला में सोमवार को बंदरों के हमले से बचने के प्रयास में घर की तीसरी मंजिल से गिरकर एक युवती की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक हिमानी शर्मा (19) कपड़े सुखाने के लिए अपने घर की तीसरी मंजिल पर गई थी और अचानक गुर्राते बंदरों के समूह ने उस पर हमला कर दिया। खुद को बंदरों से बचाने के प्रयास में संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गयी। पुलिस ने कहा कि हिमानी को आईजीएमसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह घटना शिमला शहर के बाहरी इलाके ढांडा में हुई। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आम लोगों पर बंदरों के बढ़ते हमलों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस मामले को वन्यजीव अधिकारियों के समक्ष उठाया गया है और उन्हें सभी संवेदनशील बिंदुओं पर कर्मचारियों को तैनात करने के लिए कहा गया है।
- जयपुर. राजस्थान के बाड़मेर जिले में सोमवार को दो ट्रकों के बीच टक्कर के बाद आग लग जाने से तीन लोग जिंदा जल गए जबकि एक अन्य गंभीर रूप से झुलस गया। पुलिस ने बताया कि यह हादसा गुडामालानी थाना क्षेत्र के अलुपुरा गांव में उस वक्त हुआ जब दो ट्रक आपस में टकरा गए और आग लग गई। दोनों ट्रकों में चार लोग सवार थे। हेड कांस्टेबल सुल्तान सिंह ने कहा, "दो ट्रकों की भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में आग लग जाने से तीन लोगों को जिंदा जलकर मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति झुलस गया। उसे उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया।" उन्होंने कहा कि आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं, जिसके बाद सड़क पर यातायात बहाल हो सका। उन्होंने बताया कि दो मृतकों की पहचान प्रदीप और मोहम्मद आस के रूप में हुई है जबकि एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
-
कौशांबी(उप्र). जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में सोमवार शाम ट्रक ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी,जिससे बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शाम करीब पांच बजे हुए हादसे में एक महिला व दो बच्चों सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। थानाध्यक्ष विनोद कुमार मौर्य ने बताया कि थाना क्षेत्र के सिहोरी गांव निवासी शिवकुमार (40), पत्नी अनीता व तीन बच्चों और एक भतीजी के साथ मोटरसाइकिल से मां शीतला कड़ा धाम से दर्शन करके अपने गांव लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित कसिया गांव के सामने एक ट्रक ने मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दी, जिससे शिवकुमार उसकी बेटी सुहानी (5) तथा भतीजी अंजलि (14) की मौके पर ही मौत हो गई। मौर्य ने बताया कि हादसे में शिवकुमार की पत्नी अनीता, उसकी छह साल की बेटी और छह माह का बेटा घायल हो गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम हेतु भेजे गए हैं और घायलों को इलाज हेतु जिला अस्पताल, कौशांबी में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उसे पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
- नयी दिल्ली । सीबीआई ने भारतीय गैस प्राधिकार लिमिटेड (गेल) के पूर्व निदेशक ई.एस. रंगनाथन के खिलाफ 2017-22 के दौरान आय के ज्ञात स्रोत से 4.82 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित करने के आरोप में एक नया मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गेल के तत्कालीन निदेशक (विपणन) रंगनाथन को पिछले साल जनवरी में महारत्न पीएसयू द्वारा विपणन किए गए पेट्रोकेमिकल उत्पादों को खरीदने वाली निजी कंपनियों को छूट देने के लिए 50 लाख रुपये से अधिक की कथित रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया गया था। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रंगनाथन के नोएडा आवास पर तलाशी ली थी जहां से उसे 1.29 करोड़ रुपये नकद और संपत्ति के विवरण वाले दस्तावेज बरामद हुए थे। इनकी एजेंसी ने जांच की थी। रंगनाथन 1985 में गेल में शामिल हुए और कार्यकारी निदेशक के रूप में गेल में लौटने से पहले 2016-20 तक इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) में प्रबंध निदेशक के रूप में भी काम किया। बाद में उन्हें निदेशक (विपणन) के पद पर पदोन्नत किया गया। जब उन्हें गिरफ्तार किया गया तब वह इसी पद पर थे। बाद में उन्हें सेवा से निलंबित कर दिया गया।संपत्तियों की जांच के बाद सीबीआई ने एक प्राथमिकी दर्ज की जिसमें आरोप लगाया गया कि रंगनाथन ने “आईजीएल और गेल (इंडिया) लिमिटेड में अपनी तैनाती के दौरान जानबूझकर खुद को अवैध रूप से समृद्ध किया और भ्रष्ट और अवैध तरीकों से अपने व अपनी पत्नी वी.एन. मीनाक्षी के नाम पर संपत्ति (चल और अचल दोनों) अर्जित की”। मीनाक्षी गृहिणी हैं। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया कि एजेंसी ने एक जनवरी, 2017 से 17 जनवरी, 2022 को उनकी गिरफ्तारी की तारीख तक पूर्व निदेशक के आय और व्यय विवरण का विश्लेषण किया, जिसमें पता चला कि उन्होंने 4.82 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की थी, जो उनकी वैध संपत्ति से 88 प्रतिशत अधिक थी। इस आय का उनके द्वारा संतोषजनक लेखा-जोखा नहीं दिया जा सका। अधिकारियों ने कहा कि सीबीआई ने रंगनाथन और उनकी पत्नी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया।
- नयी दिल्ली । आकाशवाणी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात' कार्यक्रम को प्रेरणा का एक विश्वसनीय स्रोत तथा कृषि और उद्यमिता विकास के लिए व्यापक जागरूकता के माध्यम के रूप में माना जाता है। आईसीएआर-मैनेज के एक ताजा अध्ययन में यह जानकारी दी गई है। अक्टूबर, 2014 में शुरू हुए ‘मन की बात' कार्यक्रम के 99 एपिसोड में प्रधानमंत्री ने कई विषयों पर बात की है। कई एपिसोड में कृषि मुद्दों का भी जिक्र किया गया है। एक सरकारी बयान में कहा गया है कि मन की बात के किसानों और अन्य अंशधारकों के बीच प्रभाव और सीखने के माहौल का आकलन करने के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और राष्ट्रीय कृषि विस्तार प्रबंधन संस्थान (मैनेज) द्वारा एक अध्ययन किया गया था।इस अध्ययन के निष्कर्षों के अनुसार, प्राकृतिक खेती, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, और एकीकृत कृषि प्रणाली (विविधीकरण) को अपनाने की इच्छा मन की बात के एपिसोड में शामिल छोटे किसानों का सबसे पसंदीदा विषय थे। अध्ययन में कहा गया है, ‘‘मन की बात को कृषि और उद्यमशीलता के विकास के लिए प्रेरणा का एक विश्वसनीय स्रोत और बड़े पैमाने पर जागरूकता का माध्यम माना जाता है।'' मोटे अनाज के किसानों के साथ एक अन्य आकलन से पता चला है कि कृषि विज्ञान केंद्र के पेशेवरों द्वारा मन की बात और अनुवर्ती कार्रवाई के माध्यम से दिए गए संदेश ने मोटे अनाज की उन्नत किस्मों को अपनाने की प्रक्रिया और उत्पादन प्रणाली पर किसानों की धारणा को मजबूत किया है। कृषि मंत्रालय ने कहा कि इसके अलावा, मन की बात कार्यक्रम ने कृषि-स्टार्टअप को किसानों को लाभान्वित करने वाले नवीन समाधानों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया। इसी तरह, कार्यक्रम के दायरे में लिये गए कृषि-ड्रोन पर किए गए अध्ययन ने संकेत दिया कि अधिकांश किसानों (अनुकूल दृष्टिकोण वाले) ने ड्रोन को कृषि कार्यों के लिए एक उपयोगी तकनीक के रूप में माना। इसमें आगे कहा गया है, ‘‘हालांकि, उनमें से काफी लोगों ने इस तकनीक को समझने में जटिलता के संबंध में अपनी चिंता भी व्यक्त की है।'' इसके अलावा, अध्ययन में कहा गया है कि रेडियो कार्यक्रम किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) पर कृषि-व्यवसाय को आसान बनाने, उच्च मूल्य वाली फसलों के आदानों की आसान उपलब्धता और सामूहिक कार्रवाई के लिए एक अनुकूल वातावरण भी बना सकता है जो किसानों की खेती की लागत को कम कर सकता है। एफपीओ किसानों ने कहा कि मन की बात के से वे कृषि-व्यवसाय को बढ़ावा देने वाली सरकार की विभिन्न नीतियों और योजनाओं से भी अवगत हुए। बयान में कहा गया है कि मधुमक्खी पालन पर अध्ययन से पता चला है कि मन की बात कार्यक्रम के बाद इस क्षेत्र के मौजूदा संसाधन जुटाए गए हैं।
- भोपाल/श्योपुर। मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान (केएनपी) में एक दिन पहले दक्षिण अफ्रीकी चीता 'उदय' की मौत शुरूआती जांच के अनुसार हृदय एवं फेफड़ों के काम बंद करने के कारण हुई। वन विभाग के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। मध्य प्रदेश के प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) जे एस चौहान ने बताया, ‘‘नर चीता ‘उदय' का पोस्टमॉर्टम करने वाले पशु चिकित्सकों की शुरूआती जांच के अनुसार उसकी मौत हृदय एवं फेफड़ों के काम बंद करने के कारण हुई।'' उन्होंने कहा कि पूरी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका से मध्य प्रदेश के केएनपी में स्थानांतरित किए गए 12 चीतों में से 'उदय' नाम के एक चीते की रविवार को मौत हो गई थी, उसकी उम्र छह साल थी। गौरतलब है कि केएनपी में करीब एक महीने में इस तरह की यह दूसरी घटना हुई। इससे पहले नामीबिया से केएनपी में लाये गये आठ चीतों में से ‘साशा' नाम के चीते की 27 मार्च को गुर्दे की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। इस प्रकार नामीबिया एवं दक्षिण अफ्रीका से केएनपी में लाये गये कुल 20 चीतों की संख्या अब घट कर 18 हो गई है। हालांकि, सियाया नाम के एक अन्य चीता ने हाल ही में केएनपी में चार शावकों को जन्म दिया।
- नयी दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुजरात में नागरिक शिकायत निवारण पहल के 20 साल पूरे होने के मौके पर 27 अप्रैल को डिजिटल माध्यम से आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। गुजरात का मुख्यमंत्री रहते मोदी ने इस योजना की शुरुआत की थी। राज्य सरकार के सूत्रों ने बताया कि नागरिकों को प्रौद्योगिकी का उपयोग कर के अपनी शिकायतों की स्थिति का पता लगाने की सुविधा देने वाली इस योजना का नाम ‘स्वागत' (प्रौद्योगिकी के अनुप्रयोग द्वारा शिकायत पर राज्यव्यापी ध्यान) है। इसे मोदी ने 24 अप्रैल 2003 को पहली बार जिला और राज्य स्तर पर लॉन्च किया था और बाद में इसे गांव और तालुका स्तर पर ले जाया गया था। उन्होंने बताया कि मोदी इस कवायद के कुछ लाभार्थियों से भी बातचीत कर सकते हैं।सूत्रों ने कहा कि पिछले दो दशकों में ‘स्वागत' पहल गुजरात में सुशासन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण रही है। इसकी 99.91 प्रतिशत की सफलता दर रही है। इसके जरिए 5,63,806 शिकायतों में से 5,63,314 शिकायतों का समाधान किया गया है। यह कार्यक्रम नागरिकों को मुख्यमंत्री के साथ सीधे जुड़ने का अवसर देता है।
- तिरुवनंतपुरम। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केरल की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दूसरे दिन मंगलवार को यहां राज्य की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।मोदी ने सुबह 11 बजकर 10 मिनट पर तिरूवनंतपुरम सेंट्रल रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक से वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने से पहले, उन्होंने ट्रेन की एक कोच के अंदर स्कूली बच्चों के एक समूह के साथ बातचीत की।केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री पिनरई विजयन और कांग्रेस सांसद शशि थरूर भी ट्रेन के अंदर छात्रों के साथ बातचीत करते हुए मोदी के साथ मौजूद थे।बच्चों ने इस दौरान मोदी को उनके द्वारा बनाई गई प्रधानमंत्री और वंदे भारत एक्सप्रेस की पेंटिंग भी दिखाईं।मोदी जब ट्रेन को हरी झंडी दिखा रहे थे, उस समय विपरीत दिशा के प्लेटफॉर्म पर भी बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।वंदे भारत एक्सप्रेस राज्य की राजधानी को केरल के उत्तरी कासरगोड जिले से जोड़ेगी। इसे कई लोगों द्वारा राज्य की वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार के महत्वाकांक्षी सेमी-हाई स्पीड रेल कॉरिडोर, सिल्वरलाइन के विकल्प के रूप में पेश किया गया है।वंदे भारत एक्सप्रेस 11 जिलों क्रमश: तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, कोट्टायम, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, पठानमथिट्टा, मलप्पुरम, कोझिकोड, कन्नूर और कासरगोड स्थानों को कवर करेगी।इससे पहले, प्रधानमंत्री सुबह कोच्चि से यहां पहुंचे। तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर पहुंचने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।हवाई अड्डे से रेलवे स्टेशन तक की यात्रा के दौरान राज्य की पूरी राजधानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी और सैकड़ों पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इस दौरान कड़े यातायात प्रतिबंध लगाए गए थे।हवाई अड्डे से रेलवे स्टेशन तक की उनकी पूरी छह किलोमीटर की यात्रा एक रोड शो की तरह थी, जिसमें प्रधानमंत्री अपने वाहन के फुटबोर्ड पर खड़े थे और सड़क के किनारे लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन कर रहे थे।प्रधानमंत्री यहां 3200 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। वह कोच्चि वाटर मेट्रो भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। कोच्चि शहर के साथ निर्बाध संपर्क के लिए बैटरी चालित इलेक्ट्रिक हाइब्रिड नौकाओं के माध्यम से कोच्चि के आसपास के 10 द्वीपों को जोड़ने वाली यह अपनी तरह की अनूठी परियोजना है।डिंडीगुल-पलानी-पलक्कड़ खंड का रेल विद्युतीकरण किया गया है। प्रधानमंत्री इसे भी देश को समर्पित करेंगे।आयोजन के दौरान प्रधानमंत्री विभिन्न रेल परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। वे तिरुवनंतपुरम, कोझिकोड, वर्कला, शिवगिरी रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास और निमोन व कोचुवेली सहित तिरुवनंतपुरम क्षेत्र के व्यापक विकास और तिरुवनंतपुरम-शोरानूर खंड की सेक्शनल गति में वृद्धि की परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। प्रधानमंत्री तिरुवनंतपुरम में डिजिटल साइंस पार्क की आधारशिला भी रखेंगे। डिजिटल साइंस पार्क की परिकल्पना शिक्षाविदों के सहयोग से उद्योग और व्यावसायिक इकाइयों द्वारा डिजिटल उत्पादों और सेवाओं को विकसित करने के लिए एक प्रमुख शोध सुविधा के रूप में की गई है।
- संयुक्त राष्ट्र । भारत के इस महीने के अंत तक दुनिया की सबसे अधिक आबादी वाले देश के रूप में चीन को पीछे छोड़ने का अनुमान है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, भारत की आबादी 1.425 अरब पहुंचने की संभावना हैसंयुक्त राष्ट्र के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि भारत की आबादी के 2064 के बाद स्थिर होने का अनुमान है और सदी के अंत तक यह करीब 1.5 अरब होगी।संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक एवं सामाजिक मामलों के विभाग के जनसंख्या मंडल के निदेशक जॉन विलमथ ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘भारत के अप्रैल 2023 के दौरान दुनिया की सबसे अधिक आबादी वाले देश के रूप में चीन को पीछे छोड़ने का अनुमान है। चीन की आबादी 2022 में अपने चरम, 1.4 अरब पर पहुंच गयी थी तथा इसके बाद उसमें गिरावट आनी शुरू हुई।’’विलमथ ने कहा कि अनुमानों से पता चलता है कि चीन की आबादी इस सदी के अंत तक एक अरब से नीचे जा सकती है।उन्होंने कहा, ‘‘इसके विपरीत भारत में कई दशकों तक आबादी बढ़ने की संभावना है।’’संयुक्त राष्ट्र के सोमवार को जारी ताजा आकलन और वैश्विक आबादी के अनुमान के मुताबिक, भारत इस महीने के अंत तक चीन को दुनिया की सबसे ज्यादा आबादी वाले देश के रूप में पीछे छोड़ देगा जब उसकी आबादी के 1.425 अरब पर पहुंचने की संभावना है।जनसंख्या मामलों की वरिष्ठ अधिकारी सारा हर्टोग ने कहा कि ऐसा अनुमान है कि भारत की आबादी में 2064 के आसपास वृद्धि रुक सकती है तथा इसके बाद वह स्थिर हो सकती है।बहरहाल, उन्होंने इस अनुमान के संबंध में थोड़ी अनिश्चितता होने को लेकर आगाह किया।विलमथ ने कहा कि भारत और चीन में जनसंख्या के रुझान में मुख्य कारक प्रजनन स्तर होता है।उन्होंने कहा, ‘‘2022 में चीन में दुनिया का सबसे कम प्रजनन स्तर था, जो एक जीवनकाल में औसतन प्रति महिला पर 1.2 जन्म था। भारत में मौजूदा प्रजनन दर प्रति महिला 2.0 जन्म है।’’उन्होंने कहा कि 2023 और 2050 के बीच 65 साल या उससे अधिक आयु के लोगों की संख्या चीन में लगभग दोगुनी रहने की संभावना है और भारत में दोगुनी से ज्यादा तक बढ़ने की संभावना है।इस बीच, अनुमान के मुताबिक चीन में आने वाले वर्षों में 25 से 64 वर्ष की आयु के लोगों की संख्या में वृद्धि होगी।
-
नई दिल्ली। उत्तराखंड में केदारनाथ धाम के कपाट आज से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये गए हैं। इससे पहले बाबा केदारनाथ की पंचमुखी विग्रह डोली कल मंदिर पहुंची। इस विशेष अवसर पर भगवान शिव के निवास स्थान को 20 कुंतल फूलों से सजाया गया है। मंदिर का पूर्वी द्वार पहले खोला गया और बाद में पश्चिम द्वार के कपाट खोले गए। बाबा केदारनाथ के दर्शनों के लिए श्रद्धालु बडी संख्या में पहुंचे हैं और भगवान शिव को पुष्प अर्पित कर रहे हैं।
चारधाम यात्रा 22 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुलने के साथ ही शुरू हो गई थी। -
रीवा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि पिछली सरकारों ने गांवों की उपेक्षा की क्योंकि वे वोट बैंक नहीं थे। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर रीवा में एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार ने स्थिति को बदल दिया है और पंचायतों को भरपूर अनुदान दिया है। मोदी ने कहा, ‘‘ पहले की सरकारें गांवों के लिए पैसा खर्च करने में हिचकिचाती थीं क्योंकि वे वोट बैंक नहीं थे, इसलिए उनकी उपेक्षा की गई। कई राजनीतिक दल गांव के लोगों को बांट कर अपनी दुकान चला रहे थे।'' उन्होंने कहा कि भाजपा ने गांवों के साथ हुए इस अन्याय को खत्म किया है और उनके विकास के लिए खजाना खोला है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने जनधन योजना के तहत गांवों में 40 करोड़ से अधिक लोगों के बैंक खाते खोले हैं। इस कार्यक्रम में मोदी ने मध्य प्रदेश में विभिन्न रेल परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समुद्र आधारित अंत: वायुमंडलीय इंटरसेप्टर मिसाइल का पहला उड़ान परीक्षण सफल होने पर सोमवार को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) और भारतीय नौसेना को बधाई दी। ओडिशा के तट से डीआरडीओ और भारतीय नौसेना ने शुक्रवार को इस मिसाइल का सफल परीक्षण किया।
नौसेना की ओर से इस सफलता को लेकर किए गए एक ट्वीट के जवाब में प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हमारी रक्षा क्षमताओं को और मजबूत करने के लिए हमारे वैज्ञानिकों को उनके निरंतर धैर्य और दृढ़ संकल्प के लिए बधाई।'' रक्षा मंत्रालय के मुताबिक डीआरडीओ और भारतीय नौसेना ने 21 अप्रैल, 2023 को बंगाल की खाड़ी में ओडिशा के तट पर समुद्र आधारित एंडो-ऐटमौस्फेयरिक बैलिस्टिक मिसाइल रक्षा (बीएमडी) इंटरसेप्टर की पहली उड़ान परीक्षण का सफलतापूर्वक संचालन किया। मंत्रालय ने कहा कि परीक्षण का उद्देश्य दुश्मन के बैलिस्टिक मिसाइल खतरे के प्रभाव को लक्षित करना और नष्ट करना था। यह भारतीय नौसेना को बीएमडी क्षमताओं वाले देशों के विशिष्ट समूह में स्थान दिला सकता है। इससे पहले, डीआरडीओ ने सतह आधारित बीएमडी प्रणाली की क्षमता का सफलतापूर्वक प्रदर्शन किया था और इस तरह दुश्मन की तरफ से आने वाली बैलिस्टिक मिसाइल के खतरों को बेअसर करने की क्षमता हासिल की थी। -
कोच्चि (केरल) . प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सोमवार को यहां पहुंचने के बाद उनका जोरदार स्वागत किया गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों सहित हजारों की संख्या में लोग आईएनएस गरुड़ नौसैनिक हवाई अड्डे से एक कार्यक्रम स्थल तक उनके रोड शो के लगभग दो किलोमीटर लंबे मार्ग के दोनों ओर कतारों में खड़े थे। मोदी शाम पांच बजे के बाद नौसेना वायु स्टेशन पर उतरे और शाम करीब पांच बजकर 40 मिनट पर वहां से अपना रोड शो शुरू किया। केरल की पारंपरिक पोशाक पहने मोदी ने शुरू में पैदल रोड शो किया और सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। राज्य के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे लोग मोदी के स्वागत के लिए घंटों पहले से ही सड़क के दोनों ओर कतार में खड़े थे जिन्होंने प्रधानमंत्री पर फूल बरसाए।
-
नयी दिल्ली. नोएडा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र पंकज सिंह को भारतीय साइकिलिंग महासंघ (सीएफआई) की नैनीताल में आम सभा की वार्षिक बैठक (एजीएम) में निर्विरोध महासंघ का अध्यक्ष चुना गया। मनिंदर पाल सिंह रविवार को लगातार दूसरी बार महासचिव चुने गए जबकि केरल के सुदेश कुमार को कोषाध्यक्ष चुना गया। सीएफआई से मान्यता प्राप्त 26 राज्यों और बोर्डों ने एजीएम में भाग लिया।
उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, गुजरात, केरल, तेलंगाना के दो सदस्य कार्यकारी परिषद में चुने गए जबकि चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, बिहार, तमिलनाडु, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश और अंडमान एवं निकोबार से एक-एक सदस्य को परिषद में जगह मिली। पंकज सिंह ने समर्थन के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि न केवल साइकिलिस्टों बल्कि भारत के खिलाड़ियों को भी सर्वश्रेष्ठ सुविधाएं मिले और जमीनी स्तर के कार्यक्रम पर ध्यान दिया जाएगा।'' पंकज ने कहा, ‘‘मुझे अपनी ओर से और काम करना है। साइकिलिंग सबसे लोकप्रिय खेल है लेकिन हमें इसे एलीट वर्ग के स्तर पर विकसित करना होगा। हमें जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों पर ध्यान केंद्रित करना होगा, जहां से हम सर्वश्रेष्ठ प्रतिभा प्राप्त कर सकते हैं। हमें सतर्कता के साथ उन्हें निखारना होगा और हम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत सकते हैं।
-
नयी दिल्ली. भारत ने हिंसाग्रस्त सूडान से अपने नागरिकों को निकालने के लिए सोमवार को ‘‘आपरेशन कावेरी'' शुरू किया। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि भारतीय जहाज और विमान भारतीयों को स्वदेश लाने के लिये तैयार हैं।
जयशंकर ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘ सूडान में फंसे हमारे नागरिकों को वापस लाने के लिए आपरेशन कावेरी शुरू हो गया है। करीब 500 भारतीय सूडान के बंदरगाह पहुंच गए हैं। कई और रास्ते में हैं। '' विदेश मंत्री ने कहा, ‘‘ हमारे जहाज और विमान उन्हें (नागरिकों) घर वापस लाने के लिए तैयार हैं। सूडान में हमारे बंधुओं को सभी प्रकार की सहायता प्रदान करने को प्रतिबद्ध ।'' ज्ञात हो कि रविवार को भारत ने कहा था कि हिंसा प्रभावित सूडान में फंसे भारतीयों को इस अफ्रीकी देश से सुरक्षित रूप से निकालने की अपनी आकस्मिक योजना के तहत जेद्दा में दो सी-130जे सैन्य परिवहन विमान उड़ान भरने के लिए तैयार रखे गए हैं। साथ ही, भारतीय नौसेना के एक जहाज को क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बंदरगाह पर रखा गया है। शुक्रवार को एक उच्च स्तरीय बैठक में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूडान से 3000 से अधिक भारतीयों को सुरक्षित रूप से निकालने की आकस्मिक योजनाओं की तैयारी के लिए निर्देश दिये थे। ज्ञात हो कि सूडान में, वहां की सेना और एक अर्द्धसैनिक समूह के बीच पिछले 10 दिनों से जारी भीषण लड़ाई में 400 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। - भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बैरसिया इलाके में सोमवार को तेज रफ्तार एक ट्रक ने ऑटोरिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे ऑटोरिक्शा में सवार तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी। बैरसिया पुलिस थाने के निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी ने बताया कि यह घटना भोपाल जिला मुख्यालय से करीब 46 किलोमीटर दूर विदिशा रोड पर कुल्होर चौराहे के पास हुई।उन्होंने कहा, ‘‘इस हादसे में ऑटोरिक्शा सवार पवन जाटव (23) और मोहन जाटव (28) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि हबीब खान (61) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों का इलाज किया जा रहा है।’’त्रिपाठी ने बताया, ‘‘तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटोरिक्शा को पीछे से टक्कर मारी। ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। ट्रक चालक पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास जारी है।’’
- कन्नूर (केरल)। जेमिनी सर्कस’ के संस्थापक और भारतीय सर्कस के दिग्गज जेमिनी शंकरन का निधन हो गया है। वह 99 वर्ष के थे।शंकरन के पारिवारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि वह बढ़ती उम्र संबंधी बीमारियों के कारण पिछले कुछ दिन से यहां निकट स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती थे और उनका रविवार रात को निधन हो गया।केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया और भारतीय सर्कस को दुनियाभर में लोकप्रिय बनाने में उनकी अहम भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने (शंकर ने) भारतीय सर्कस के आधुनिकीकरण में एक बड़ी भूमिका निभाई और विदेशी कलाकारों एवं उनके करतबों को इसमें शामिल किया।’’मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगतिशील दृष्टिकोण रखने वाले शंकरन के साथ उनके घनिष्ठ संबंध थे।शंकरन के विभिन्न प्रधानमंत्रियों, राष्ट्रपतियों और अन्य प्रमुख हस्तियों के साथ भी अच्छे संबंध थे। विजयन ने कहा कि शंकरन का निधन देश में सर्कस की कला के लिए एक बड़ी क्षति है।शंकरन का जन्म 1924 में हुआ था। उन्होंने प्रसिद्ध सर्कस कलाकार कीलेरी कुन्हिकन्नन से तीन साल तक प्रशिक्षण लिया और बाद में सेना में शामिल हो गए। वह द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सेवानिवृत्त हो गए थे।देश भर के विभिन्न सर्कस समूहों के साथ काम करने के बाद, उन्होंने 1951 में विजया सर्कस कंपनी खरीदी और इसका नाम बदलकर जेमिनी सर्कस कर दिया। बाद में उन्होंने अपनी दूसरी कंपनी जंबो सर्कस शुरू की।केंद्र सरकार ने देश में सर्कस के क्षेत्र में शंकरन के समग्र योगदान को देखते हुए उन्हें ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार से सम्मानित किया था।शंकरन के परिवार में दो बेटे और एक बेटी है। उनके पार्थिव शरीर को उनके आवास पर रखा जाएगा, ताकि लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे सकें। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को पय्याम्बलम समुद्रतट पर किया जाएगा।
- उत्तरकाशी (उत्तराखंड) । यमुनोत्री धाम के दर्शन के लिये गए एक और श्रद्धालु की रविवार को दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गयी । शनिवार को धाम का कपाट खुलने के बाद से दो दिनों में यह दूसरी मौत है। एक अधिकारी ने इसकी जनकारी दी। स्वास्थ्य केंद्र बड़कोट में तैनात डा रितिका चौहान ने बताया कि यमुनोत्री मंदिर के दर्शन कर लौटते समय दिनेश पारिदार (40) की तबियत बिगड़ गयी । उन्हें एम्बुलेंस की मदद से स्वास्थ्य केंद्र बड़कोट लाया गया जहां पहुंचने से पहले उनकी मौत हो चुकी थी।पारिदार मध्यप्रदेश के खरगोन जिले की पधानिया तहसील का रहने वाला था ।इससे पहले, शनिवार को गुजरात के सूरत के कौशम्भा के रहने वाले कनक सिंह (62) की मां यमुना के दर्शन के लिए जाते समय रास्ते में दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गयी थी ।उत्तराखंड में पिछले साल चार धाम यात्रा पर आए कई श्रद्धालुओं की ह्रदयाघात या अन्य कारणों से मौत हो गयी थी जिसके बाद सरकार ने 55 वर्ष से अधिक उम्र तथा किसी भी बीमारी से पीड़ित श्रद्धालुओं को यात्रा पर जाने से पहले अपने स्वास्थ्य की जांच जरूर करवाने की सलाह जारी की है । file photo
- नयी दिल्ली ।कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लुटियंस दिल्ली में स्थित अपना सरकारी आवास शनिवार को खाली कर दिया और कहा कि उन्होंने ‘‘सच बोलने की कीमत’’ चुकाई। साथ ही, उन्होंने लोगों के मुद्दे उठाना जारी रखने का वादा किया।वह 12 तुगलक लेन स्थित सरकारी बंगला खाली करने के बाद अपनी मां सोनिया गांधी के आवास पर कुछ समय के लिए रहने चले गए। मानहानि के एक मामले में दोषसिद्धि के बाद लोकसभा की सदस्यता गंवाने के बाद उन्हें 22 अप्रैल तक यह बंगला खाली करने को कहा गया था।राहुल ने कहा, ‘‘मैंने सच बोलने की कीमत चुकाई, मैं कोई भी कीमत चुकाने को तैयार हूं।’’ उन्होंने कहा कि वह महंगाई और भ्रष्टाचार का मुद्दा दोगुनी ताकत से उठाना जारी रखेंगे।शनिवार सुबह, 12 तुगलक लेन स्थित बंगला से राहुल अपने सभी सामान लेकर चले गए। वहां वह करीब दो दशक से रह रहे थे।राहुल, उनकी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी वाद्रा आज सुबह बंगला पर आये। राहुल ने खाली किये गये आवास की चाभियां केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को सौंप दी।राहुल ने सीपीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से हाथ भी मिलाया और उनका शुक्रिया अदा किया।बंगला खाली कर जाते समय उन्होंने कहा, ‘‘यदि यह मुझसे छीन लिया गया है, तो भी मुझे कोई दिक्कत नहीं है। यह घर मुझे भारत के लोगों ने दिया था। मैं 10 जनपथ पर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष (सोनिया गांधी) के साथ कुछ समय तक रहूंगा और फिर कुछ और उपाय करूंगा।’’यह कहने पर कि वह बंगला खाली करने के लिए कुछ और वक्त देने का अनुरोध कर सकते थे, राहुल ने कहा, ‘‘मैं इस आवास में नहीं रहना चाहता।’’कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि उनके भाई बहुत बहादुर हैं और किसी से नहीं डरते तथा वह अपना संघर्ष जारी रखेंगे।’’उन्होंने कहा कि यह सब कुछ इसलिए हो रहा है, क्योंकि उन्होंने (राहुल ने) इस सरकार के बारे में सच बोला है।कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘हम कांग्रेस पार्टी हैं!जिसका पूरा घर ही हिन्दुस्तान हो और जिसके घर में हिन्दुस्तान बसा हो, उसका ‘घर’ एक षड्यंत्र के तहत छीनकर तानाशाह सरकार इतरा रही है। राहुल गांधी जी के पास अब आधिकारिक घर नहीं रहा, पर उनके मन में सच की लड़ाई लड़ने का जो जज़्बा है, वे उसे कभी खाली नहीं करवा पाएंगे।’’कांग्रेस ने कहा कि सरकार राहुल को एक आवास से निकाल सकती है, लेकिन वह करोड़ों भारतीयों के दिलों में बसते हैं।पार्टी ने सोशल मीडिया पर ‘मेरा घर आपका घर’ अभियान भी शुरू किया और पार्टी के नेताओं ने राहुल को अपने घर में आकर रहने के लिए आमंत्रित किया।कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कहा,‘‘यह देश राहुल गांधी जी का घर है। राहुल, जो लोगों के दिलों में बसते हैं।’’पार्टी ने ‘मेरा घर आपका घर’ हैशटैग का उपयोग करते हुए कहा,‘‘राहुल, जिनका रिश्ता जनता से अटूट है। कोई उनमें अपना बेटा देखता है, कोई भाई, कोई अपना नेता… राहुल सबके हैं और सब राहुल के। यही कारण है, आज देश कह रहा है- राहुल जी, मेरा घर-आपका घर।’’अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘वे आपको एक आवास से निकाल सकते हैं, लेकिन आपके लिए हमारे घरों और दिलों में हमेशा जगह रहेगी, राहुल जी। हम जानते हैं कि इस तरह की चीजें आपको लोगों की आवाज उठाने और सच बोलने से डिगा नहीं पाएंगी।’’कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि राहुल गांधी ने कभी पद की चिंता नहीं की, ना ही कभी सरकारी आवास की चिंता की। खेड़ा ने कहा, ‘‘उन्होंने (राहुल ने) कभी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।’’उन्होंने कांग्रेस के पूर्व नेता गुलाम नबी आजाद पर भी तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी ‘‘गुलाम’’ नहीं हैं। उल्लेखनीय है कि राज्यसभा में विपक्ष के नेता के तौर पर आवंटित किये गये आधिकारिक आवास में आजाद का रहना जारी है।कांग्रेस की एक और प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा,‘‘घर महज चार दीवारों और सीमेंट की एक छत से नहीं बनता। घर एक एहसास है-सुकून का, शांति का, प्यार का। और जब करोड़ों लोग आपके लिये अपने दिल और घरों के दरवाज़े खोल दें, तो फिर बात ही क्या है!’’उन्होंने ट्विटर पर कहा, ‘‘राहुल जी ने आज अपना सरकारी आवास ख़ाली कर दिया – उनका लक्ष्य और मंज़िल एक घर से बहुत आगे, बहुत ऊपर है। सच के इस सत्याग्रही को ना कोई डरा सकता है, ना कोई चुप करा सकता है, क्योंकि वह हर क़ीमत चुकाने के लिये तैयार हैं। ‘मेरा घर, आपका घर’ आपके लिए इस देश के प्यार का एक छोटा सा प्रमाण है राहुल जी।’’पार्टी के सांसद शशि थरूर ने कहा, ‘‘लोकसभा सचिवालय के आदेश के चलते आज राहुल गांधी ने तुगलक लेन स्थित अपना आवास खाली कर दिया। अदालत ने अपील करने के लिए उन्हें 30 दिनों का समय दिया है और उच्च न्यायालय या उच्चतम न्यायालय अब भी उनकी संसद सदस्यता बहाल कर सकता है, लेकिन बंगला खाली करने के उनके कदम ने नियमों का उनके द्वारा सम्मान किये जाने को प्रदर्शित किया है।’’कर्नाटक के कोलार में, राहुल द्वारा 2019 में की गई ‘मोदी उपनाम’ संबंधी टिप्पणियों को लेकर मानहानि के एक मामले में सूरत की एक अदालत ने उन्हें दोषी करार दिया था और दो साल की कैद की सजा सुनाई थी, जिसके बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संसद की सदस्यता से अयोग्य हो गये थे।उन्होंने मजिस्ट्रेट अदालत के आदेश के खिलाफ सत्र अदालत का रुख किया था, लेकिन उनकी याचिका खारिज कर दी गई। उनकी दोषसिद्धि और अयोग्यता पर राहत मिलने से सरकारी बंगला में उनके लिए रहने का मार्ग प्रशस्त हो सकता था। यह आवास उन्हें वायनाड सांसद के तौर पर आवंटित किया गया था। राहुल, सत्र अदालत के आदेश के खिलाफ अब गुजरात उच्च न्यायालय का रुख करेंगे।
- पुणे (महाराष्ट्र) ।महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक ट्रक ने एक बस को टक्कर मार दी जिससे चार लोगों की मौत हो गयी और 18 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह हादसा मुंबई-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक मंदिर के समीप शनिवार देर रात करीब दो बजे हुआ।पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सातारा से ठाणे के डोम्बिवली जा रही निजी यात्री बस जब स्वामीनारायण मंदिर के समीप पहुंची तो पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि हादसे में बस में सवार तीन यात्रियों और ट्रक चालक की मौत हो गयी जबकि 18 यात्री घायल हो गए। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि ट्रक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया था जिसके कारण ट्रक बस से टकरा गया।हादसे की सूचना मिलने के बाद चिकित्सा आपात सेवा का दल घटनास्थल पर पहुंचा।अधिकारियों ने बताया कि 13 घायल यात्रियों को पुणे के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।पुणे जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आयुष प्रसाद ने बताया कि वाहन चालकों में थकान एक प्रमुख समस्या है जिससे निपटने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, ‘‘यह जरूरी है कि सभी नागरिक रात के समय वाहन चलाते समय आवश्यक एहतियात बरते। यात्रा शुरू करने से पहले पर्याप्त आराम करें, नियमित विराम लें और सड़क पर अन्य चालकों का भी ध्यान रखें।’’
-
नई दिल्ली। केन्द्रीय संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज अरूणाचल प्रदेश में 254 4जी मोबाइल टावर राष्ट्र को समर्पित किए। वर्चुअल माध्यम से हुए इस कार्यक्रम में विधि और न्याय मंत्री किरेन रिजिजू और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू भी उपस्थित थे। इस अवसर पर श्री वैष्णव ने कहा कि संचार का महत्व केवल संपर्क के लिए नहीं है बल्कि अनेक अवसरों के दरवाजे भी खोलता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के प्रत्येक गांव को 4-जी कनेक्टिविटी से जोड़ने का लक्ष्य तय किया है। ये 254 टावर 336 गांव को डिजिटल सम्पर्क से जोडेंगे। इनमें से कई क्षेत्रों में स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद से संचार सुविधाओं का अभाव था। करीब 70 हजार उपभोक्ताओं को इस सेवा का लाभ मिलेगा। केन्द्र सरकार ने अरूणाचल प्रदेश के तीन हजार सात सौ इक्कीस से अधिक गांवों में 4जी मोबाइल टावर स्थापित करने की मंजूरी दी है।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मोबाइल टावर की शुरूआत करने के बाद नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पूर्वोत्तर के विकास पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विशेष जोर रहता है और राज्य के सीमावर्ती गांवों के नजदीक 4-जी टावर की शुरूआत इसी दिशा में एक कदम है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर में वर्ष 2014 में 19 हजार सात सौ बेस केन्द्र थे जो अब बढकर 93 हजार हो गये हैं। पूर्वोत्तर क्षेत्र में 5-जी सेवाओं को शुरू करने के बारे में श्री वैष्णव ने बताया कि अब तक तीन हजार चार सौ सैंतीस 5-जी बेस केन्द्र स्थापित किये जा चुके हैं।इस अवसर पर अरूणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार की सहायता से पिछले नौ वर्षों में समूचे पूर्वोत्तर में प्रत्येक क्षेत्र में भारी परिवर्तन हुए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास सुनिश्चित करने के लिए संचार की प्रमुख भूमिका है और राज्य में 4-जी मोबाइल टावर शुरू होना ऐतिहासिक है।संचार मंत्रालय की एक विज्ञप्ति में बताया गया कि केन्द्र सरकार ने अरूणाचल प्रदेश के तीन हजार सात सौ इक्कीस गांव में दो हजार छह सौ पांच 4जी मोबाइल टावर स्थापित करने की मंजूरी दी है। इन टावरों के लिये 2 हजार 675 करोड रूपये की राशि मंजूर की गई है। मंत्रालय ने बताया है कि अरूणाचल प्रदेश में कई योजनाओं और पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए समग्र दूरसंचार विकास जैसी परियोजनाओं के माध्यम से तीव्र गति नेटवर्क लगाया जा रहा है। सरकार देशभर में डिजिटल और मोबाइल समावेशिता सुनिश्चित करने के लिए कार्य कर रही है ताकि प्रत्येक व्यक्ति को मोबाइल और डिजिटल सेवाओं का लाभ पहुंचाकर उन्हें सशक्त बनाया जा सके। - नयी दिल्ली ।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के किसान मोर्चा के नेता सुरेंद्र मटियाला की द्वारका के बिंदापुर इलाके में हत्या के संबंध में दो नाबालिग समेत छह लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान हरियाणा के बहादुरगढ़ निवासी सचिन (25), दिल्ली की पालम कॉलोनी निवासी अरुण चंद (19) और दीपक बेरवा (19), हरियाणा के झज्जर निवासी योगेश कुमार (30) के रूप में हुई है। दो लड़के 16 से 17 साल की उम्र के हैं।पुलिस उपायुक्त (द्वारका) एम हर्षवर्धन ने बताया कि आरोपी योगेश उन दो हमलावरों में से एक है, जिन्होंने मटियाला की हत्या की थी। आरोपी योगेश को बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया।डीसीपी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार चार संदिग्धों के बारे में पता लगाया, जो घटना के समय घटनास्थल पर मौजूद थे। इनमें से दो ने मटियाला पर गोलियां चलाईं। उन्होंने बताया कि दो में से एक मोटरसाइकिल द्वारका से चोरी हुई थी, जिस दिन मटियाला की हत्या हुई थी।डीसीपी हर्षवर्धन ने कहा कि फरार आरोपी कपिल सांगवान इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता है।डीसीपी ने कहा कि आरोपी सांगवान और आरोपी रोहित ने इस हत्या की साजिश रची थी। उन्होंने कहा कि आरोपी रोहित ने अपने भाई आरोपी सोहित, आरोपी कुमार और अन्य को साजिश में शामिल किया तथा इसमें राजस्थान के दो अपराधियों को भी शामिल किया। पुलिस के अनुसार, मटियाला की हत्या आरोपी सांगवान द्वारा क्षेत्र में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने और अपने घटते दबदबे को कायम करने के लिए हताशा में उठाया गया कदम प्रतीत होता है।
- नोएडा (उप्र) । नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय एक बच्चे की उसके स्कूल के अध्यापक ने कथित रुप से इतना पीटा कि उसके कान का पर्दा फट गया। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शंकर दयाल गुप्ता ने आज रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका 14 वर्षीय बेटा आयुष चिपयाना बुजुर्ग के पंचशील कॉलोनी में स्थित इंडियन चिल्ड्रन एकेडमी में कक्षा दसवीं का छात्र है।शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 19 अप्रैल को उनका बच्चा आयुष कक्षा से पानी पीने के लिए गया था, उसी समय अंग्रेजी के आरोपी अध्यापक कमलेश झा द्वारा उनके बच्चे को पानी पीते समय कान एवं बाल पकड़कर पिटाई की गई। पुलिस के अनुसार बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डाक्टरों ने कहा कि बच्चे के कान का पर्दा फट गया है। सिंह ने बताया कि इस मामले की शिकायत जब गुप्ता ने स्कूल के प्रबंधक मुकेश शर्मा से की तो उन्होंने भी गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देकर उन्हें भगा दिया।थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अध्यापक आरोपी कमलेश झा और स्कूल के प्रबंधक आरोपी मुकेश शर्मा खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और वह मामले की जांच कर रही है। (सांकेतिक फोटो)
-
कोलकाता. पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में मोबाइल फोन चोरी कर भाग रहे एक झपटमार को पकड़ने के लिए एक महिला चलती ट्रेन से कूद गयी जिससे वह घायल हो गयी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उसने बताया कि कैनिंग उपजिला अस्पताल में अपनी ड्यूटी पूरी कर बृहस्पतिवार शाम को एक नर्स ट्रेन से अपने घर के लिए निकली। जब वह माटला हॉल्ट स्टेशन के पास कैनिंग-सियालदह ट्रेन में सवार हुई, तब एक चोर ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और ट्रेन से कूद गया। उसे पकड़ने के लिए नर्स भी कूद गयी लेकिन वह जख्मी हो गयी। पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और उसने नर्स को कैनिंग उपजिला अस्पताल पहुंचाया। जीआरपी और रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है। जीआरपी सोनारपुर के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ यह घटना कल शाम घटी। उसे (नर्स को) अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है। अबतक इस वारदात के सिलसिले में किसी की गिरफ्तारी नहीं की गयी है। हम मोबाइल फोन बरामद करने के लिए कदम उठा रहे हैं।
-
भुवनेश्वर. प्रख्यात अर्थशास्त्री और बीजू जनता दल (बीजद) के वरिष्ठ नेता त्रिलोचन कानूनगो का शुक्रवार को उम्र संबंधी बीमारियों के कारण निधन हो गया। उनके परिवार ने यह जानकारी दी। वह 82 वर्ष के थे और उनके परिवार में पत्नी, बेटा और तीन बेटियां हैं।
तीन बार के विधायक और एक बार सांसद रहे कानूनगो का 30 मार्च से यहां एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनके छोटे भाई पंचानन कानूनगो कांग्रेस नेता हैं।
त्रिलोचन कानूनगो कटक नगरपालिका और राज्य वित्त आयोग के पूर्व अध्यक्ष थे।
कटक जिले के बदामुलेई गांव में 24 नवंबर 1940 को जन्मे कानूनगो पिछले कुछ वर्ष से कटक शहर के शेख बाजार इलाके में रह रहे थे। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और अन्य ने कानूनगो के निधन पर शोक जताया है। पटनायक ने कहा कि कानूनगो का अंतिम संस्कार शुक्रवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘मुझे वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद त्रिलोचन कानूनगो के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। जन सेवा में उनके काम को हमेशा याद किया जाएगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।'


.jpeg)

.jpg)


.jpg)











.jpg)






.jpg)
.jpg)