कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीता उदय की मौत हृदय एवं फेफड़ों के काम बंद करने से हुई
भोपाल/श्योपुर। मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान (केएनपी) में एक दिन पहले दक्षिण अफ्रीकी चीता 'उदय' की मौत शुरूआती जांच के अनुसार हृदय एवं फेफड़ों के काम बंद करने के कारण हुई। वन विभाग के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। मध्य प्रदेश के प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) जे एस चौहान ने बताया, ‘‘नर चीता ‘उदय' का पोस्टमॉर्टम करने वाले पशु चिकित्सकों की शुरूआती जांच के अनुसार उसकी मौत हृदय एवं फेफड़ों के काम बंद करने के कारण हुई।'' उन्होंने कहा कि पूरी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका से मध्य प्रदेश के केएनपी में स्थानांतरित किए गए 12 चीतों में से 'उदय' नाम के एक चीते की रविवार को मौत हो गई थी, उसकी उम्र छह साल थी। गौरतलब है कि केएनपी में करीब एक महीने में इस तरह की यह दूसरी घटना हुई। इससे पहले नामीबिया से केएनपी में लाये गये आठ चीतों में से ‘साशा' नाम के चीते की 27 मार्च को गुर्दे की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। इस प्रकार नामीबिया एवं दक्षिण अफ्रीका से केएनपी में लाये गये कुल 20 चीतों की संख्या अब घट कर 18 हो गई है। हालांकि, सियाया नाम के एक अन्य चीता ने हाल ही में केएनपी में चार शावकों को जन्म दिया।








.jpg)
.jpg)
Leave A Comment