- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने मंगलवार को अंतरिक्ष के सैन्यीकरण की होड़ को रेखांकित करते हुए अंतरिक्ष क्षेत्र में अत्याधुनिक तकनीक को शामिल करने पर विशेष जोर देने के साथ ही दोहरे उपयोग वाले मंच विकसित करने की वकालत की। जनरल चौहान ने भारतीय रक्षा अंतरिक्ष संगोष्ठी का उद्घाटन करते हुए कहा कि अंतरिक्ष के शस्त्रीकरण की दिशा में निरंतर होड़ से अंतरिक्ष में युद्ध की आशंका पैदा हो गई है। तीन दिवसीय इस कार्यक्रम का आयोजन भारतीय अंतरिक्ष संघ (आईएसपीए) ने किया है। उन्होंने कहा, "अंतरिक्ष एक ऐसा क्षेत्र है जो भूमि, समुद्र, वायु और यहां तक कि साइबर सहित अन्य क्षेत्रों की क्षमताओं को बढ़ा रहा है। अंतरिक्ष का सैन्य उपयोग अहम विमर्श है जिससे हम अलग-थलग नहीं रह सकते हैं।" सीडीएस ने रूस और चीन के उपग्रह-रोधी परीक्षणों का जिक्र किया एवं अंतरिक्ष क्षेत्र में आक्रामक और रक्षात्मक क्षमताओं के निर्माण के लिए भारत की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा और भविष्य की चुनौतियां को देखते हुए भारत को अपने प्रयासों को और व्यापक करने की जरूरत है। उन्होंने कहा, ‘‘... हम सब का मकसद अत्याधुनिक तकनीक को शामिल करने पर विशेष ध्यान देने के साथ ही दोहरे उपयोग वाले मंच विकसित करने की ओर होना चाहिए।
-
मुंबई. मुंबई के सायन इलाके में अवैध संबंध होने के संदेह में 69 वर्षीय एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर तेजाब फेंक दिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि सोमवार तड़के प्रतिक्षानगर इलाके में हुई इस घटना में 56 वर्षीय महिला मामूली रूप से घायल हो गई। अधिकारी ने बताया कि आरोपी पति को संदेह था कि उसकी पत्नी का किसी के साथ अवैध संबंध है जिसके बाद करीब रात के डेढ़ बजे दोनों के बीच बहस हुई। अधिकारी ने बताया कि बहस के दौरान गुस्से में आकर बुजुर्ग ने तेजाब की बोतल उठाकर महिला के चेहरे पर फेंक दिया और उसे घायल कर दिया। उन्होंने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
-
नयी दिल्ली. भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सभी बिजली उपभोक्ताओं को चौबीसों घंटे गुणवत्तापूर्ण, भरोसेमंद और सस्ती बिजली आपूर्ति जरूरी है। केंद्रीय बिजली मंत्री आर के सिंह ने मंगलवार को यह बात कही। सिंह ने इस बात पर बल दिया कि देश की कुल आर्थिक वृद्धि के लिए एक आधुनिक और व्यवहार्य बिजली क्षेत्र महत्वपूर्ण है। बिजली मंत्रालय ने बयान में कहा कि बिजली, नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री ने राज्यों तथा राज्य की बिजली इकाइयों के साथ समीक्षा योजना एवं निगरानी (आरपीएम) बैठक की अध्यक्षता की। सिंह ने कहा कि ज्यादातर बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) ने बिजली मंत्रालय की विभिन्न पहल मसलन पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस), अतिरिक्त विवेकपूर्ण नियम और विलंबित भुगतान अधिभार (एलपीएस) नियम, 2022 जैसे सुधार उपायों को लागू करना शुरू कर दिया है। बयान में कहा गया था कि विलंबित भुगतान अधिभार (एलपीएस) नियम, 2022 से डिस्कॉम के साथ बिजली उत्पादक कंपनियों (जेनको) को भी लाभ हुआ है। मंत्री ने बिजली वितरण इकाइयों के लिए की 11वीं एकीकृत रेटिंग-2022, डिस्कॉम की दूसरी उपभोक्ता सेवा रेटिंग-2022 और राज्य ऊर्जा दक्षता सूचकांक-2022 की भी शुरुआत की। उन्होंने कहा कि 24 बिजली वितरण कंपनियों की रेटिंग पिछले साल की तुलना में सुधरी है।
-
नयी दिल्ली। भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 7,830 नए मामले सामने आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,47,76,002 हो गई।
ये पिछले 223 दिन में भारत में दर्ज किए गए सर्वाधिक दैनिक मामले हैं। इससे पहले, देश में पिछले साल एक सितंबर को संक्रमण के सर्वाधिक 7,946 दैनिक मामले सामने आए थे। वहीं, देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 40,215 पर पहुंच गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में दो-दो तथा गुजरात, हरियाणा, तमिलनाडु व उत्तर प्रदेश में एक-एक मरीज की मौत के बाद देश में संक्रमण से जान गंवाने वालों की कुल संख्या बढ़कर 5,31,016 हो गई। साथ ही, संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से दम तोड़ने वाले मरीजों की सूची में पांच नाम और जोड़े हैं।
अद्यतन आंकड़ों के मुताबिक, देश में अभी 40,215 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 0.9 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.72 प्रतिशत है। अभी तक कुल 4,42,04,771 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, भारत में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220.66 करोड़ खुराक लगाई जा चुकी हैं।
गौरतलब है कि भारत में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। चार मई 2021 को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। पिछले साल 25 जनवरी को संक्रमण के कुल मामले चार करोड़ के पार चले गए थे। -
देहरादून। उत्तराखंड के सभी सरकारी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों सहित 115 उच्च शिक्षण संस्थानों को ई-ग्रंथालय पोर्टल से जोड दिया गया है जिससे छात्रों को केवल एक ‘क्लिक' पर लाखों किताबें उपलब्ध हो जाएंगी। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत की पहल पर शुरू ई-ग्रंथालय पोर्टल पर इन उच्च शिक्षण संस्थानों के 1,09,250 छात्र-छात्राओं एवं संकाय सदस्यों का पंजीकरण किया जा चुका है। रावत ने इसे डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में राज्य के लिये एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि उच्च शिक्षा ग्रहण करने वाले छात्र-छात्राओं को अब किताबों की कमी से नहीं जूझना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि छात्राओं को पोर्टल पर पाठ्यक्रम की किताबों के साथ-साथ विभिन्न विषयों के शोध पत्र भी ऑनलाइन उपलब्ध मिलेंगे। मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप उच्च शिक्षा में नवाचार, कौशल विकास, शोध एवं रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसी कड़ी में राज्य की उच्च शिक्षा का डिजिटलीकरण करते हुये सभी सरकारी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों को ई-ग्रंथालय पोर्टल से जोड़ा गया है। रावत ने बताया कि ई-ग्रंथालय से अब तक प्रदेश के 115 उच्च शिक्षण संस्थानों को जोड़ा जा चुका है और शीघ्र ही सभी उच्च शिक्षण संस्थानों को इससे जोड़ दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राओं को ई-ग्रंथालय से जुडने के बाद लिंक और पासवर्ड उपलब्ध कराया जायेगा ताकि वह कहीं से भी अपनी ज़रूरत और पसंद की किताबें पढ़ सकेंगे।
- भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य ‘मिलेट मिशन' योजना को दो साल के लिए सभी जिलों में लागू करने का निर्णय लिया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। अधिकारी ने कहा, ‘‘सरकार ने दो साल के लिए सभी जिलों में किसान कल्याण और कृषि विभाग के माध्यम से राज्य की मिलेट (ज्वार-बाजरा जैसे मोटे अनाज) मिशन योजना को लागू करने का फैसला किया है।'' उन्होंने कहा कि दो साल (2023-24 और 2024-25) के दौरान इस योजना पर कुल 23.25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मिशन के तहत किसानों को सहकारी समितियों और सरकारी संस्थानों के माध्यम से 80 प्रतिशत सब्सिडी पर मोटे अनाजों के गुणवत्ता प्रमाणित बीज दिए जाएंगे। अधिकारी ने कहा कि मिशन के क्रियान्वयन की निगरानी के लिए राज्य कृषि उत्पादन आयुक्त के तहत एक समिति गठित की जाएगी। उन्होंने कहा कि ज्वार-बाजरा की खेती, उनके प्रसंस्करण और विपणन को बढ़ावा देने के लिए इस योजना का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके अलावा अध्ययन यात्रा के माध्यम से किसानों को प्रशिक्षण दिया जायेगा तथा इसके प्रचार-प्रसार के लिये मेले, कार्यशाला, गोष्ठी, फूड फेस्टिवल एवं रोड शो आयोजित किये जायेंगे। अधिकारी ने कहा कि यह भी तय किया गया है कि किसी भी सरकारी कार्यक्रम में जहां दोपहर या रात का भोजन आयोजित किया जाता है, वहां मोटे अनाज से बने व्यंजन परोसे जाएंगे। छात्रावासों और मध्याह्न भोजन में भी सप्ताह में एक बार बाजरा से बने व्यंजन परोसे जाएंगे। अधिकारी ने कहा कि एक अन्य महत्वपूर्ण फैसले में, राज्य मंत्रिमंडल ने ट्रांसजेंडर को पिछड़ा वर्ग श्रेणी में शामिल करने को मंजूरी दी। इससे ट्रांसजेंडर लोगों को पिछड़ा वर्ग के सभी लाभ मिलेंगे।
- बेंगलुरु । भाजपा की कर्नाटक इकाई के वरिष्ठ नेता के.एस. ईश्वरप्पा ने मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा को पत्र लिखकर 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के निर्णय की जानकारी दी और कहा कि वह चुनावी राजनीति से ‘संन्यास' ले रहे हैं। कन्नड़ में लिखे अपने संक्षिप्त पत्र में पूर्व उपमुख्यमंत्री ईश्वरप्पा ने कहा कि यह निर्णय उन्होंने खुद लिया है। गौरतलब है कि ईश्वरप्पा अक्सर अपने बयानों और उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों के कारण विवादों में रहे हैं।भाजपा की कर्नाटक इकाई के पूर्व अध्यक्ष का यह फैसला ऐसे समय सामने आया है, जब पार्टी विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दे रही है। ईश्वरप्पा ने पिछले चार दशकों में राज्य में पार्टी को मजबूत करने में पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नड्डा को लिखे पत्र में ईश्वरप्पा ने कहा, ‘‘मैं स्वेच्छा से चुनावी राजनीति से संन्यास लेना चाहता हूं। अतः मेरा अनुरोध है कि इस बार होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए किसी भी निर्वाचन क्षेत्र के लिए मेरे नाम पर विचार न किया जाए।'' भ्रष्टाचार के आरोप में पिछले साल मंत्री पद से इस्तीफा देने वाले ईश्वरप्पा ने पार्टी के उन वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उनके 40 साल के राजनीतिक करियर में बूथ स्तर से लेकर उपमुख्यमंत्री तक उन्हें सम्मानजनक पद दिए। 74 वर्षीय कुरूबा नेता ईश्वरप्पा शिवमोगा सीट से पांच बार विधायक रहे हैं। कुरुबा समुदाय राज्य में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) श्रेणी के तहत आता है। इस तरह की अटकलें भी लगाई जा रही थीं कि केंद्रीय नेतृत्व ईश्वरप्पा का टिकट काट सकता है।ईश्वरप्पा जून में 75 साल के हो जाएंगे, जो भाजपा में नेताओं के लिए चुनाव लड़ने और आधिकारिक पदों पर आसीन होने की अनौपचारिक उम्र सीमा है। हालांकि, कभी-कभार इसके अपवाद भी रहे हैं। भाजपा ने अभी तक 224 सदस्यीय कर्नाटक विधानसभा के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची घोषित नहीं की है। एक साल पहले एक ठेकेदार संतोष पाटिल ने बेलगावी में ठेके देने में ईश्वरप्पा पर 40 फीसदी कमीशन की मांग करने का आरोप लगाते हुए उडुपी में एक होटल के कमरे में आत्महत्या कर ली थी। इस मामले के बाद ईश्वरप्पा को ग्रामीण एवं पंचायत राज मंत्री का पद छोड़ना पड़ा। बाद में पुलिस ने जांच में ईश्वरप्पा को क्लीन चिट दे दी जिसके बाद उन्होंने मंत्री पद की मांग की लेकिन पार्टी ने उनकी मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया। वह शुरू से ही आरएसएस से जुड़े रहे और शिवमोग्गा में नेशनल कॉमर्स कॉलेज के छात्र के रूप में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सक्रिय सदस्य थे। उन्होंने येदियुरप्पा और अन्य नेताओं के साथ राज्य में पार्टी को खड़ा करने के लिए कड़ी मेहनत की। येदियुरप्पा भी शिवमोग्गा जिले से ही आते हैं।
-
नयी दिल्ली। भारत की पहली ‘सेमी हाई स्पीड रीजनल' रेल सेवा को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने ‘रैपिडएक्स' नाम दिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ये ट्रेन ‘रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम' (आरआरटीएस) गलियारे पर चलेंगी, जिसे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में प्रमुख शहरी क्षेत्रों को जोड़ने के लिए कार्यान्वित किया जा रहा है। इस सेवा को ‘रैपिडएक्स' का नाम दिया गया है क्योंकि यह पढ़ने में सरल और विभिन्न भाषाओं में उच्चारण करने में आसान है। एनसीआरटीसी के अधिकारियों ने कहा, ‘‘गति और प्रगति को दर्शाने के अलावा, नाम में ‘एक्स' शब्द अगली पीढ़ी की तकनीक को दर्शाता है। यह युवाओं, आशावाद और ऊर्जा का भी प्रतिनिधित्व करता है।'' गौरतलब है कि दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस गलियारे पर रैपिडएक्स सेवा के जरिये दिल्ली से मेरठ के बीच यात्रा के समय में काफी कमी आएगी। इस गलियारे पर 17 किलोमीटर लंबे साहिबाबाद-दुहाई खंड पर 2023 में ट्रेन संचालन की उम्मीद है, जबकि एनसीआरटीसी का पूरे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कारिडोर को लोगों के लिए वर्ष 2025 तक खोलने का लक्ष्य है।
- गाजियाबाद (उप्र) । गाजियाबाद पुलिस ने मंगलवार को कथित अवैध संबंधों का वि रोध करने पर अपने पति की हत्या करवाने की आरोपी महिला और उसके आरोपी साथी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण क्षेत्र) रवि कुमार ने यहां बताया कि वेवसिटी थाना क्षेत्र में आरोपी रेशमा (37) और हापुड़ जिले के पिलखुआ निवासी आरोपी परवेज (22) को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी परवेज ने पूछताछ के दौरान जानकारी दी कि आरोपी रेशमा के पिलखुआ के रहने वाले आरोपी साजिद नामक व्यक्ति से ‘नाजायज' रिश्ते थे जिसका उसका पति मुईन विरोध करता था। पुलिस उपायुक्त ने आरोपी परवेज के हवाले से बताया कि विरोध की वजह से आरोपीरेशमा ने आरोपियों साजिद, फिरोज और परवेज के साथ मिलकर मुईन की हत्या की योजना बनाई। पुलिस उपायुक्त के मुताबिक आरोपी परवेज ने पूछताछ में बताया है कि गत नौ अप्रैल की रात मुईन जब अपनी दुकान बंद करके घर लौट रहा था तो रास्ते में ही उसने अपने आरोपी साथियों साजिद और फिरोज की मदद से उसे रोक लिया और गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि आरोपी साजिद ने मुईन के शव को शाहपुर बम्हेटा क्षेत्र में फेंक दिया जिसे सोमवार को बरामद किया गया। आरोपियों साजिद और फिरोज की तलाश की जा रही है।
- जयपुर। राजस्थान के सिरोही जिले के रेवदर थाना क्षेत्र में सोमवार रात को एक व्यक्ति ने अपने तीन वर्षीय मासूम बेटे के साथ घर में फांसी से लटकर कथित आत्महत्या कर ली। थानाधिकारी कपूराराम ने बताया कि शिव गार्डन कॉलोनी निवासी कानाराम कोली (23) ने अपने बेटे विक्रम कोली (3) के साथ घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि मंगलवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये।उन्होंने बताया कि इस संबंध में मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी चंपा देवी और ससुराल के अन्य लोगों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवायी है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में दर्ज शिकायत के आधार पर पत्नी और ससुराल पक्ष के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 306 (आत्महत्या के लिये उकसाना) के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। (सांकेतिक फोटो)
- नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए एक सौ नवासी उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इनमें 52 नए उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है। सूची में अन्य पिछड़ा वर्ग के 32, अनुसूचित जाति के 30 और अनुसूचित जनजाति वर्ग के 16 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। कल नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए, केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि केंद्रीय चुनाव समिति की सिफारिश के अनुसार उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है।उम्मीदवार सूची की घोषणा करते हुए भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई शिगगांव विधानसभा सीट से और राज्य में मंत्री शशिकला अन्नासाहेब जोले निप्पनी सीट से पार्टी की उम्मीदवार होंगी। वी सोमन्ना वरुणा और चामराजनगर विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ेंगे।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज वीडियो काफ्रेंस के माध्यम से राजस्थान की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ी रवाना करेंगे। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव और राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। यह रेलगाड़ी जयपुर से दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन तक जाएगी। ट्रेन की नियमित सेवा अजमेर और दिल्ली कैंट के बीच कल से शुरू होगी। यह जयपुर, अलवर और गुरूग्राम में रूकेगी।
नई वंदे भारत एक्सप्रेस अजमेर और दिल्ली कैंट की बीच की दूरी पांच घंटे 15 मिनट में तय करेगी, जबकि इसी मार्ग पर अब तक की सबसे तेज गति की शताब्दी एक्सप्रेस छह घंटे 15 मिनट का समय लेती है। - नयी दिल्ली। कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने मंगलवार को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में पंजीकृत छात्रों को रोजगारोन्मुख बनाने के लिए कौशल पाठ्यक्रम का डिजिटल संस्करण पेश किया। डिजिटल पाठ्यक्रम में वित्तीय और डिजिटल साक्षरता, विविधता और समावेश, करियर विकास, लक्ष्य निर्धारण और उद्यमिता के पाठ शामिल हैं। एक्सेंचर, सिस्को और जे पी मॉर्गन के साथ मिलकर क्वेस्ट अलायंस ने पाठ्यक्रम को डिजाइन किया है। यह पाठ्यक्रम उम्मीदवारों को बेहतर रोजगार के लिये काबिल बनाएगा। इस अवसर पर प्रधान ने रोजगार क्षमता बढ़ाने, देश के भविष्य को आकार देने और 21वीं सदी के कार्यबल को तैयार करने में कौशल के महत्व को बताया। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उद्योग जगत के दिग्गज कौशल परिवेश को मजबूत करने के साथ-साथ भविष्य के लिये तैयार कार्यबल बनाने तथा समाज के बड़े लाभ के लिये कृत्रिम मेधा, आईओटी (इंटरनेट ऑफ थिंग्स) जैसी नई तकनीकों का लाभ उठाने के तरीकों पर विचार करने के लिये एक साथ आए हैं।
-
नई दिल्ली। यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त भीड़ संभालने के लिए रेलवे इस गर्मी के मौसम में 217 विशेष ट्रेन चलाएगा। ये रेलगाड़ियां 4,010 फेरे लगाएंगी। यह जानकारी रेल मंत्रालय ने मंगलवार को दी। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि विशेष रेलगाड़ियों की योजना देशभर के प्रमुख स्थलों को रेल मार्गों से जोड़ने के लिए बनाई गई है। दक्षिण पश्चिम रेलवे और दक्षिण मध्य रेलवे ने सबसे अधिक क्रमशः 69 और 48 विशेष ट्रेन अधिसूचित की हैं, वहीं पश्चिम रेलवे और दक्षिण रेलवे ने ऐसी क्रमश: 40 और 20 विशेष ट्रेन को अधिसूचित किया है। पूर्व मध्य रेलवे और मध्य रेलवे जैसे जोन ने 10-10 विशेष ट्रेन को अधिसूचित किया है, जबकि उत्तर पश्चिम रेलवे ने 16 ट्रेन अधिसूचित की हैं। गर्मी के मौसम में आमतौर पर रेल यात्रियों की संख्या में वृद्धि देखी जाती है, और विशेष ट्रेन का उद्देश्य भीड़ को कम करना और यात्रा को सुगम बनाना होता है।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रभाव पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से हमारे किसान भाई-बहनों के चेहरे पर जो मुस्कान आई है, उससे बड़ी खुशी की बात क्या हो सकती है। एक ट्वीट में राज्यसभा सांसद श्री राम चंदर जांगड़ा ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के फायदों के बारे में बताया था।
राज्यसभा सांसद के ट्वीट का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा;“प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना ने हमारे किसान भाइयों-बहनों के चेहरे पर जो मुस्कान बिखेरी है, उससे बड़ी खुशी और क्या हो सकती है!” - नई दिल्ली। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सभी से, विशेषकर भारत के युवाओं से सीमावर्ती गांवों में जाने का आग्रह किया है।श्री मोदी ने कहा कि यह हमारे युवाओं को विभिन्न संस्कृतियों से परिचित कराएगा और उन्हें वहां रहने वालों के आतिथ्य का अनुभव करने का अवसर देगा।एक ट्वीट में अमृत महोत्सव के ट्वीटर हैंडल ने बताया कि ओडिशा के युवा वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत किबिथू और तूतिंग गांवों के दौरे पर हैं।वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम युवाओं को इस पूर्वोत्तर क्षेत्र की जीवन शैली, जनजातियों, लोक संगीत और हस्तशिल्प के बारे में जानने तथा इसके स्थानीय जायके और प्राकृतिक सुंदरता में खुद को तल्लीन करने का अवसर दे रहा है।अमृत महोत्सव के ट्वीट के जवाब में प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया;“एक यादगार अनुभव रहा होगा। मैं दूसरों से, विशेष रूप से भारत के युवाओं से सीमावर्ती गांवों का दौरा करने का आग्रह करूंगा। यह हमारे युवाओं को विभिन्न संस्कृतियों से परिचित कराएगा और उन्हें वहां रहने वालों के आतिथ्य का अनुभव करने का अवसर देगा।

-
नयी दिल्ली. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को कहा कि देश में दक्षिण पश्चिम मॉनसून के दौरान सामान्य बारिश होने की उम्मीद है। विभाग ने हालांकि कहा कि मॉनसून के दौरान अल नीनो की स्थिति बन सकती है, लेकिन सकारात्मक हिंद महासागर द्विध्रुव (आईओडी) और उत्तरी गोलार्द्ध पर कम बर्फ पड़ने से इन स्थितियों का मुकाबला करने में मदद मिल सकती है। यह पूर्वानुमान कृषि क्षेत्र के लिए राहत की खबर है। कृषि क्षेत्र फसलों की पैदावार के लिए मुख्य रूप से मॉनसून की बारिश पर ही निर्भर रहता है। आईएमडी के पूर्वानुमान से एक दिन पहले निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी ‘स्काईमेट वेदर'ने देश में मॉनसून के दौरान “सामान्य से कम” बारिश होने का अनुमान जताया था। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव एम रविचंद्रन ने बताया, “ भारत में दक्षिण पश्चिम मॉनसून (जून से सितंबर) के दौरान सामान्य बारिश हो सकती है। यह दीर्घावधि औसत का 96 फीसदी (इसमें पांच प्रतिशत ऊपर या नीचे हो सकता) है। दीर्घावधि औसत 87 सेमी है।” आईएमडी के महानिदेशक एम महापात्रा ने बताया कि बारिश के सामान्य और सामान्य से ज्यादा होने की 67 फीसदी संभावना है। उन्होंने बताया कि फरवरी मार्च 2023 के दौरान उत्तरी गोलार्द्ध और यूरेशिया में बर्फ से ढके क्षेत्र सामान्य से कम रहे हैं। उत्तरी गोलार्द्ध पर कम बर्फ का पड़ना समूचे भारत में दक्षिण पश्चिम मॉनसून की बारिश के लिए अनुकूल माना जाता है। महापात्रा ने कहा कि अगर अल नीनो की विकसित होती स्थितियों की वजह से किसी प्रकार का विपरीत प्रभाव पड़ा, तो सकारात्मक आईओडी और उत्तरी गोलार्द्ध में कम बर्फ पड़ने का अनुकूल प्रभाव इन स्थितियों का मुकाबला कर सकता है। भारत में 2019 से लगातार चार वर्षों से मॉनसून के दौरान सामान्य और सामान्य से अधिक बारिश हो रही है।
महापात्रा ने कहा कि उत्तर पश्चिम भारत, पश्चिम मध्य और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में दक्षिण पश्चिम मॉनसून के दौरान सामान्य और सामान्य से कम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है। उन्होंने कहा, “ प्रायद्वीपीय क्षेत्र, इससे सटे पूर्वी मध्य, पूर्वी, पूर्वोत्तर क्षेत्रों के कई हिस्सों में तथा उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य बारिश हो सकती है।” आईएमडी के प्रमुख ने कहा कि अल नीनो की स्थितियां मॉनसून के दौरान विकसित हो सकती हैं और मॉनसून के दूसरे चरण में इसका असर महसूस हो सकता है। उन्होंने कहा कि (1951-2022 के बीच) विगत में जितने साल भी अल नीनो सक्रिय रहा है, वे सभी वर्ष मॉनसून के लिहाज़ से बुरे नहीं थे और 40 प्रतिशत अल नीनो वर्षों के दौरान सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश हुई थी। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिकों ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के मौसम के दौरान सकारात्मक आईओडी की स्थिति विकसित होने की संभावना है। अल नीनो के कारण दक्षिण अमेरिका के पास प्रशांत महासागर की सतह के जल का ताप सामान्य से अधिक हो जाता है और इसे मॉनसून की हवाओं के कमजोर पड़ने और भारत में कम बारिश के साथ जोड़ा जाता है। आईओडी को अफ्रीका के निकट हिंद महासागर के पश्चिमी हिस्से और इंडोनेशिया के निकट हिंद महासागर के पूर्वी भाग के बीच समुद्र की सतह के तापमान में अंतर के रूप में परिभाषित किया जाता है। सकारात्मक आईओडी को भारतीय मॉनसून के लिये अच्छा माना जाता है। आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में 2019 में मॉनसून के दौरान 971.8 मिमी, 2020 में 961.4 मिमी, 2021 में 874.5 मिमी और 2022 में 924.8 मिमी बारिश हुई थी। -
मुजफ्फरनगर. उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के बड़ौत मार्ग पर एक वाहन (जीप) के पेड़ से टकरा जाने से तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गये। थाना प्रभारी बुढाना बृजेश शर्मा ने बताया कि मृतकों की पहचान वाजिस कुमार (60), पूनम (55) और विनीत कुमार के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि घायल व्यक्तियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसएचओ ने कहा कि हादसा उस समय हुआ जब ये लोग मेरठ से मुजफ्फरनगर अपने गांव लौट रहे थे।
- -
नयी दिल्ली. सरकार ने सोमवार को देश में जल विद्युत क्षेत्र में पंप भंडारण परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए अंतिम दिशानिर्देश जारी किए। गैर-प्रदूषणकारी और पर्यावरण के अधिक अनुकूल होने के कारण सरकार इन्हें बढ़ावा दे रही है। बिजली मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार हितधारकों से मिले सुझावों के आधार पर दिशानिर्देशों को अंतिम रूप दिया गया है। दिशानिर्देशों के अनुसार राज्य सरकारें प्रतिस्पर्धी बोली, शुल्क आधारित प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया और केंद्रीय लोक उपक्रमों तथा राज्य पीएसयू को नामांकन के आधार पर परियोजना स्थल आवंटित कर सकती हैं। मंत्रालय ने कहा कि इन परियोजनाओं की वितरण लागत बहुत कम होती है।
-
नयी दिल्ली. दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति और ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फॉलो करना शुरू कर दिया है। एक ट्विटर हैंडल ने सोमवार को यह जानकारी दी। मोदी के ट्विटर पर 8.77 करोड़ फॉलोवर हैं जिससे वह दुनिया के सबसे अधिक फॉलो किए जाने वाले वैश्विक नेताओं में से एक हैं। मस्क ट्विटर पर 193 लोगों को फॉलो करते हैं और खुद उन्हें 13.4 करोड़ से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
माइक्रोब्लॉगिंग मंच पर मस्क की गतिविधियों पर नजर रखने वाले ट्विटर अकाउंट एलन अलर्ट्स ने ट्वीट किया, ‘‘एलन मस्क अब नरेन्द्र मोदी को फॉलो कर रहे हैं।'' यह घटनाक्रम इन अटकलों के बीच हुआ है कि मस्क की टेस्ला फैक्टरी भारत आ रही है। मस्क अभी जिन नेताओं को फॉलो करते हैं उनमें बराक ओबामा, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुअल मैक्रों शामिल हैं। -
मथुरा . मथुरा जिले के सदर क्षेत्र में यमुना नदी पर बने गोकुल बैराज के निकट एक नाले में नौ वर्षीय अपहृत बालक का शव मिलने के अगले दिन सोमवार को पुलिस ने मामले का राजफाश करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि एक व्यापारी के यहां कार्यरत आरोपी मुनीम ने बच्चे के साथ दुष्कर्म करने के बाद भेद खुलने के डर से उसकी हत्या कर दी थी और शव नाले में फेंक दिया था। सदर थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) जसवीर सिंह ने बताया कि मृतक अरहान (नौ) के पिता अफजल मशीनरी पार्ट्स के व्यापारी हैं। उनके यहां आरोपी सैफ मुनीमी करता था और वह शनिवार की रात उनके पुत्र को नमाज पढ़वाने के बहाने रात साढ़े आठ बजे घर से ले गया था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के बाद उसने कुबूल किया है कि उसने दुष्कर्म करने के बाद भेद खुलने के डर से गला घोंटकर बालक की हत्या कर दी थी और उसका शव नाले में फेंक दिया था। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद उसे गिरफ्तार किया गया और उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं एवं यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक (नगर) मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हो गया है कि मृतक के साथ दुष्कर्म के बाद तार से गला घोंटकर उसकी हत्या की गई है। -
हमीरपुर. जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में एक वृद्ध की उसके पुत्र और पौत्र ने कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि सुमेरपुर थाना क्षेत्र के सिमनौडी गांव निवासी रामगुलाम प्रजापति (75) की उसके पुत्र आरोपी कामता एवं पौत्र आरोपी लल्लू ने कुल्हाडी से हमला कर कथित रूप से हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि रामगुलाम के दो पुत्र कामता एवं कालीचरण हैं। आरोपी कामता अपने पिता से अलग अपने परिवार के साथ रहता था, जबकि रामगुलाम छोटे पुत्र कालीचरण के साथ रहता था। उन्होंने बताया कि रामगुलाम की जमीन के बंटवारे को लेकर उसमें और आरोपी कामता में मनमुटाव रहता था | थाना प्रभारी निरीक्षक रामआसरे सरोज ने बताया कि आरोपी कामता और आरोपी लल्लू के खिलाफ हत्या समेत भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
-
नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा प्रदान किया है। दूसरी ओर, आयोग ने तृणमूल कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा वापस ले लिया है। निर्वाचन आयोग ने कल जारी अपने आदेश में कहा कि गुजरात में राज्य स्तरीय पार्टी के रूप की मान्यता के बाद आम आदमी पार्टी चार राज्यों - दिल्ली, पंजाब, गोवा और गुजरात में मान्यता प्राप्त राज्य स्तरीय पार्टी बन गई है। आयोग ने कहा कि पार्टी ने राष्ट्रीय पार्टी के रूप में मान्यता प्राप्त करने की शर्तों को पूरा किया है। आयोग ने मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश राज्यों में तृणमूल कांग्रेस की राज्य स्तरीय पार्टी का दर्जा वापस ले लिया है। आयोग ने पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की राज्य स्तरीय पार्टी का दर्जा भी वापस ले लिया है। आयोग ने गोवा, मणिपुर और मेघालय में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का राज्य स्तरीय पार्टी का दर्जा भी वापस लिया है।
आयोग ने त्रिपुरा में टिपरा मोथा पार्टी को जबकि मेघालय में वॉयस ऑफ द पीपल पार्टी को राज्य स्तरीय पार्टी के रूप में मान्यता दी है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को नागालैंड में राज्य स्तरीय पार्टी के रूप में मान्यता मिली है। भारत राष्ट्र समिति की आंध्र प्रदेश में राज्य स्तरीय पार्टी के रूप में मान्यता रद्द कर दी गई है। आयोग ने राष्ट्रीय लोकदल का राज्य स्तरीय पार्टी का दर्जा वापस ले लिया है। पुडुचेरी में पत्ताली मक्कल काची, पश्चिम बंगाल में रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी, मणिपुर में पीपुल्स डेमोक्रेटिक एलायंस और मिजोरम में मिजोरम पीपुल्स कॉन्फ्रेंस की राज्य स्तरीय पार्टी की मान्यता भी समाप्त कर दी गई है। -
नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज नमती मैदान जाएंगे और अरुणाचल प्रदेश में वालोंग युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। श्री शाह ने कल किबिथू में आईटीबीपी के जवानों के साथ विशेष बातचीत की। उन्होंने कहा कि भारत तिब्बत सीमा पुलिस-आईटीबीपी के जवान उन पहाड़ों की भावना का प्रतीक हैं जिनकी वे रक्षा करते हैं। गृहमंत्री ने कहा कि उनके पास हिमालय के चट्टान जैसी अटूट इच्छाशक्ति और इसके ऊबड़-खाबड़ इलाकों की तरह दृढ़ता है। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे कठिन इलाकों में देश की सीमाओं की रक्षा के लिए आईटीबीपी के जवानों की प्रतिबद्धता वास्तव में प्रेरणादायक है।
इससे पहले गृहमंत्री ने अंजॉ ज़िले के किबिथू गांव में 'वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम' का शुभारंभ किया। इस अवसर पर श्री शाह ने कहा कि यह कार्यक्रम देश के 19 जिलों, 46 ब्लॉकों और दो हजार नौ सौ 63 गांवों में लागू किया जाएगा। पहले चरण में चार हजार आठ सौ करोड रुपये के खर्च के साथ 11 जिले, 23 ब्लॉक और एक हजार चार सौ 51 गांव शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के अन्तर्गत, मोदी सरकार विकास के माध्यम से सीमावर्ती गांवों में अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सीमावर्ती गांवों को भौतिक और डिजिटल माध्यम से जोड़ेगी। -
नयी दिल्ली. कोविड-19 के मामले बढ़ने के बीच सोमवार को अस्पतालों की तैयारियों का जायजा लेने के लिए देशभर में सार्वजनिक एवं निजी इकाइयों ‘मॉक-ड्रिल' की गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने दिल्ली में राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में कोविड-19 संबंधी तैयारियों की समीक्षा के लिए वहां का दौरा किया। स्वास्थ्य मंत्रालय के अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, भारत में कोविड-19 के 5,880 नए मामले दर्ज किए गए हैं जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 35,199 हो गई है। वहीं, संक्रमण से 14 लोगों की मौत होने से मृतक संख्या बढ़कर 5,30,979 हो गई है। मांडविया ने आरएमएल अस्पताल में विभागाध्यक्षों और कर्मचारियों से बातचीत की। उन्होंने डॉक्टरों, नर्सों, सुरक्षा और स्वच्छता सेवाओं के प्रमुखों के साथ भी चर्चा की और उनके सुझाव सुने। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, "देश भर में एक बड़ी प्रतिक्रिया देखी गई जहां मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पतालों तथा सुविधाओं की तैयारियों और क्षमताओं की समीक्षा की।" सात अप्रैल को हुई समीक्षा बैठक में मांडविया ने राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों से अस्पतालों का दौरा करने और 10 एवं 11 अप्रैल को तैयारियों का निरीक्षण करने का अनुरोध किया था। राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों और प्रधान एवं अतिरिक्त मुख्य सचिवों के साथ ऑनलाइन बैठक में मांडविया ने इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारी (आईएलआई) और श्वसन संबंधी गंभीर संक्रमण (एसएआरआई) के बढ़ते मामलों की निगरानी करने, जांच और टीकाकरण बढ़ाने तथा अस्पतालों के बुनियादी ढांचे की तैयारी सुनिश्चित कर आपात ‘हॉटस्पॉट' की पहचान करने की आवश्यकता पर जोर दिया था। संक्रमण की पुष्टि वाले नमूनों का समग्र जीनोम अनुक्रमण बढ़ाने के अलावा उन्होंने कोविड-उपयुक्त व्यवहार का पालन करने के बारे जागरूकता पैदा करने पर जोर दिया था। बैठक के दौरान राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को सूचित किया गया था कि वर्तमान में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) वायरस के एक चिंताजनक स्वरूप (वीओआई), एक्सबीबी.1.5 और छह अन्य स्वरूपों (बीक्यू.1, बीए.2.75, सीएच.1.1, एक्सबीबी, एक्सबीएफ और एक्सबीबी.1.16) पर बारीकी से नजर रख रहा है। वायरस का चिंताजनक स्वरूप (वीओआई) उन स्वरूपों को कहा जाता है जिनमें परिवर्तन के शुरुआती वैज्ञानिक साक्ष्य मिले हैं और जो तेजी से प्रसारित हो रहे हैं। बैठक के दौरान यह भी उल्लेख किया गया था कि 23 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में जांच दर मौजूदा राष्ट्रीय औसत प्रति 10 लाख लोगों पर 100 जांच की तुलना में कम है। मांडविया ने कहा था कि वायरस के नए स्वरूपों के आने के बावजूद पांच नियमों ‘‘जांच - निगरानी - उपचार - टीकाकरण और कोविड-उपयुक्त व्यवहार के पालन'' की रणनीति कोविड-19 प्रबंधन के लिए आजमाई हुई रणनीति बनी हुई है। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से जांच की दर में तेजी लाने और परीक्षणों में आरटी-पीसीआर की भागीदारी बढ़ाने का अनुरोध भी किया गया था।
-






.jpg)
.jpg)


.jpg)


.jpg)
.jpg)











.jpg)
.jpg)