अब रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में होगी गोमूत्र खरीदी
-शुक्रवार को चिन्हांकित गोठानों में नेपियर घास लगाने चलेगा अभियान
राजनांदगांव। अब जिले के सभी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में गोमूत्र की खरीदी की जोगी। इसके लिए आवश्यक तैयारी शुरू करने कहा गया है। साथ ही शुक्रवार को चिन्हांकित गोठानों में नेपियर घास लगाने अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर ने कृषि, उद्यानिकी, पशु चिकित्सा, मत्स्य विभाग के अधिकारियों की बैठक में कहा कि किसानों के लिए सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध रहे। सभी स्वावलंबी गोठानों में ट्रैविस लगाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर डोमन सिंह ने कलेक्ट्रेट के शक्ति कक्ष में कृषि, उद्यानिकी, पशु चिकित्सा, मत्स्य एवं अन्य संबंधित विभागों की बैठक लेकर शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना की समीक्षा की। कलेक्टर ने जिले के सभी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क रीपा में गोमूत्र खरीदी करने के निर्देश दिए। जिससे जैविक कीटनाशक ब्रम्हास्त्र अधिक से अधिक बनाया जा सके। कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा परंपरागत जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए गोबर खरीदी एवं गोमूत्र की खरीदी की जा रही है। गोबर से वर्मी कंपोस्ट एवं गोमूत्र से जैविक कीटनाशक ब्रम्हास्त्र बनाया जा रहा है। उन्होंने सभी गोठानों में नियमित गोबर खरीदी के साथ गोबर की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। गोठानों में खरीदा गया गोबर बारिश के पानी से बहना नहीं चाहिए। गोठानों में वर्मी कंपोस्ट बनाने तथा उत्पादित वर्मी कंपोस्ट के उठाव में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिन किसानों ने वर्मी कम्पोस्ट खरीदने के लिए पर्ची कटा लिया है, उनसे संपर्क कर वर्मी कंपोस्ट का उठाव किया जाए। उन्होंने गोठानों में निर्मित वर्मी खाद उठाव में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। जिन गोठानों में वर्मी कंपोस्ट का उत्पादन कम हो रहा है, वहां नियमित मॉनिटरिंग कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
Leave A Comment