प्रधानमंत्री के प्रस्तावित वाराणसी दौरे से पहले विशाल महिला सम्मेलन की तैयारियां तेज
वाराणसी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 28 अप्रैल को वाराणसी के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर तैयारियां तेज कर दी गयी हैं। वाराणसी, मोदी का संसदीय क्षेत्र है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि पार्टी की जिला और शहर इकाइयों ने प्रस्तावित महिला सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए बूथ-स्तर पर जनसंपर्क अभियान की योजना बनायी है। पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री 28 अप्रैल की दोपहर वाराणसी पहुंचेंगे, जहां वह 'बनारस लोकोमोटिव वर्क्स' में करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के बाद विशाल महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि रात्रि विश्राम के बाद मोदी 29 अप्रैल की सुबह 'सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ हायर तिब्बतन स्टडीज' के रिनपोछे सांगपा अस्पताल व मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे और बाद में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने के लिए हरदोई रवाना हो जाएंगे। पटेल ने महिलाओं से बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह सम्मेलन पूरे देश में महिला सशक्तिकरण का एक मजबूत संदेश देगा। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में 50 हजार से ज्यादा महिलाओं की भीड़ जुटाने के लिये जिले के सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों में वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पटेल ने बताया कि मंडल स्तर पर बैठकें पूरी हो चुकी हैं और अब महिला मोर्चा की टीमें बूथ स्तर पर घर-घर जाकर महिलाओं को सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित करेंगी।










Leave A Comment