पंजाब, हरियाणा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया लोहड़ी का त्योहार
चंडीगढ़। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में सोमवार को हर्षोल्लास के साथ लोहड़ी का त्योहार मनाया गया। इस उत्सव पर लकड़ी और गाय के गोबर के उपलों का उपयोग कर आग जलाई जाती है और लोग प्रसिद्ध त्योहारी गीतों की धुन पर नृत्य करते हैं। कई पुरुषों और महिलाओं ने पारंपरिक पोशाक में ‘भांगड़ा' और ‘गिद्दा' नृत्य किया और लोक गीत गाए। कई लोग त्योहार मनाने के लिए ‘ढोल' की थाप पर नृत्य करते दिखे। गुड़, मूंगफली और मक्के का लावा (लोहड़ी से जुड़े तीन खाद्य पदार्थ) लोगों के बीच वितरित किए गए।
पंजाब में लोहड़ी का विशेष महत्व है जहां परिवार नवविवाहितों और नवजात शिशुओं के लिए पहली लोहड़ी मनाते हैं। दिन के दौरान आसमान विभिन्न आकृतियों की रंगीन पतंगों से अटा पड़ा था और लुधियाना, पटियाला तथा अमृतसर सहित कई स्थानों पर बच्चे और युवा प्रतियोगिताओं में शामिल हुए। पतंग के शौकीनों को ‘तुक्कल', ‘परी', ‘छज्ज' और ‘मछली' जैसी कई तरह की पतंगें उड़ाते देखा गया।
लोहड़ी और मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर नागरिकों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि ये त्योहार एकजुट करने वाली शक्ति के रूप में काम करते हैं जो सभी को एक साथ लाते हैं। राज्यपाल ने एक बयान में कहा, ‘‘मकर संक्रांति न केवल हरियाणा के लिए, बल्कि तेलुगु समुदायों के लिए भी एक महत्वपूर्ण त्योहार है। इसे तिल और गुड़ के साथ मनाया जाता है, जो क्रमशः प्रेम और मिठास का प्रतीक है।'' पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। मान ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आप सभी को लोहड़ी की शुभकामनाएं। यह त्योहार आपके जीवन में ढेर सारी खुशियां, अच्छा स्वास्थ्य और समृद्धि लाए।'' सैनी ने कहा, ‘‘हर्ष और उल्लास के प्रतीक सांस्कृतिक पर्व लोहड़ी की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।''

.jpg)








Leave A Comment