2026 में खूब घूमने का प्लान है? देख लें कब-कब पड़ रही हैं लंबी छुट्टियां
2026 को अगर आप सच में घूमने-फिरने का साल बनाना चाहते हैं, तो उसकी शुरुआत सही प्लानिंग से करनी होगी। सिर्फ छुट्टियों का इंतजार करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि यह समझना जरूरी है कि कब थोड़ी सी छुट्टी लेकर लंबा ब्रेक बनाया जा सकता है। अच्छी बात यह है कि 2026 में कई ऐसे मौके मिल रहे हैं, जहां एक-दो दिन की छुट्टी लेकर आप तीन से पांच दिन तक का ट्रेवल प्लान कर सकते हैं। आगे 2026 के कुछ लंबे वीकेंड्स को बताया गया है, आप चाहें तो उसी हिसाब से अपनी ट्रैवल प्लानिंग कर सकते है, जिससे आप अपनी इस साल को अच्छे से एंजॉय कर पाएंगे।
जनवरी: साल की शानदार शुरुआत
जनवरी 2026 में ही आपको ट्रिप प्लान करने के कई अच्छे मौके मिल सकते हैं। साल की शुरुआत न्यू ईयर से होती है, जहां 1 जनवरी की छुट्टी के साथ 2 जनवरी की छुट्टी लेकर और फिर शनिवार-रविवार जोड़कर चार दिन का ब्रेक बनता है। इसके बाद मकर संक्रांति के आसपास 14 जनवरी की छुट्टी है। अगर 15 और 16 जनवरी को छुट्टी ली जाए, तो शनिवार और रविवार मिलाकर आराम से घूमने का बढ़िया मौका बन सकता है। महीने के अंत में 23 जनवरी की छुट्टी लेकर 26 जनवरी तक लगातार चार दिन मिल जाते हैं, क्योंकि बीच में शनिवार-रविवार और गणतंत्र दिवस है।
मार्च में भी मिल सकते हैं कई ब्रेक
मार्च में होली की छुट्टी 4 तारीख को है। अगर 5 और 6 मार्च को छुट्टी ली जाए, तो शनिवार-रविवार के साथ चार दिन का लंबा वीकेंड मिल सकता है। इसी महीने 19 मार्च को उगादी है। 20 मार्च की छुट्टी लेकर शनिवार और रविवार जोड़ने पर यह भी एक अच्छा छोटा ट्रिप प्लान करने का मौका बन सकता है।
अप्रैल में भी मिल सकता है घूमने का मौका
अप्रैल में 3 तारीख को गुड फ्राइडे है। इसके बाद शनिवार और रविवार हैं। यह तीन दिन का ब्रेक उन लोगों के लिए सही है, जो ज्यादा लंबी यात्रा नहीं करना चाहते और पास की जगहों पर घूमना चाहते हैं। आप चाहें तो 2 अप्रैल या 6 अप्रैल की छुट्टी लेकर इस ब्रेक को और भी लंबा कर सकते हैं।
मई में भी कर सकते हैं एंजॉय
मई की शुरुआत में 1 मई को लेबर डे है। अगर 30 अप्रैल को छुट्टी ली जाए, तो शनिवार-रविवार के साथ चार दिन का ब्रेक बन जाता है। यह समय छोटी ट्रिप या परिवार के साथ आराम करने के लिए सही है।
जून में ले वेकेशन का मजा
जून में स्कूल की छुट्टियां ऑलरेडी रहती हैं। ऐसे में आप अपनी ऑफिस की छुट्टियां देखकर आराम से ट्रिप प्लान कर सकते हैं। जून में 26 तारीख को मुहर्रम है। अगर 25 जून को छुट्टी ली जाए, तो शनिवार-रविवार के साथ चार दिन का ब्रेक मिल जाता है। यह समय उन जगहों के लिए अच्छा है, जहां गर्मी कम होती है।
अगस्त में भी है खूब छुट्टियां
अगस्त में 15 अगस्त की छुट्टी है। अगर 14 अगस्त को छुट्टी ली जाए, तो रविवार के साथ तीन दिन का ब्रेक बनता है। इसके अलावा 28 अगस्त को रक्षाबंधन है। अगर 31 अगस्त की छुट्टी ली जाए, तो शनिवार-रविवार के साथ यह भी एक अच्छा लंबा वीकेंड बन जाता है।
सितंबर है त्योहारों के बीच आराम का समय
सितंबर में 4 तारीख को जन्माष्टमी है। अगर 3 सितंबर को छुट्टी ली जाए, तो शनिवार-रविवार के साथ चार दिन का ब्रेक मिल सकता है। इसके अलावा 11 सितंबर की छुट्टी लेकर 14 सितंबर गणेश चतुर्थी तक भी अच्छा ब्रेक बनाया जा सकता है।
अक्टूबर में भी लें छुट्टियों का मजा
अक्टूबर में 2 अक्टूबर को गांधी जयंती है। अगर 1 अक्टूबर को छुट्टी ली जाए, तो शनिवार-रविवार के साथ चार दिन का ब्रेक बनता है। इसके बाद 16 अक्टूबर की छुट्टी लेकर 19 अक्टूबर दशहरा तक लगातार चार दिन का ब्रेक मिल सकता हैं।
नवंबर में है दीवाली की धूम
नवंबर में 9 तारीख को दिवाली है। अगर 6 नवंबर की छुट्टी ली जाए, तो शनिवार-रविवार के साथ यह भी एक बढ़िया लंबा वीकेंड बन जाता है, जिसे आप परिवार के साथ एंजॉय कर सकते हैं।
दिसंबर में साल का सुकून भरा अंत
दिसंबर में 25 तारीख को क्रिसमस है। अगर 24 दिसंबर की छुट्टी ली जाए, तो शनिवार-रविवार के साथ चार दिन का आरामदायक ब्रेक मिलता है। यह साल को अच्छे नोट पर खत्म करने का सही समय है।

.jpg)


.jpg)
.jpg)



Leave A Comment