- Home
- देश
-
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित तौर पर आईपीएल मैचों के अनाधिकृत प्रसारण और क्रिकेट तथा लोकसभा चुनावों को लेकर सट्टेबाजी सहित गतिविधियों में शामिल एक ऑनलाइन ऐप के कई परिसरों पर कल छापेमारी की।
मुंबई में कुछ लोगों और उनके स्थानों की भी तलाशी ली गई, जिन्होंने प्रचार के लिए टैलेंट मैनेजमेंट एजेंसियों के माध्यम से अभिनेताओं को दी गई राशि का शोधन करने में मदद की थी। ईडी के अनुसार, एजेंसी ने करीब आठ करोड़ रुपये की नकदी, बैंक खातों की जानकारी, डीमैट अकाउंट और लग्जरी घड़ियां जब्त की हैं। वहीं, कई अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल उपकरण भी बरामद किए गए हैं। इस मामले के संबंध में आईपीएल के आधिकारिक प्रसारणकर्ता वायकॉम 18 मीडिया ने मामला दर्ज कराया था।ß -
जयपुर। राजस्थान के अलवर जिले के अलवर सदर थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति और उसके बेटे की उनके रिश्तेदारों ने कथित तौर पर हत्या कर दी। अलवर पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा ने बताया कि मुख्य आरोपी दयाल सिंह ने बुधवार रात करीब एक बजे सूरज (50) और उसके बेटे रॉबिन (27) पर उनके घर के बाहर डंडे से हमला किया। सिर में चोट लगने के कारण दोनों की मौत हो गई। थानाधिकारी मोहन लाल ने बताया कि पीड़ित और आरोपी पड़ोसी व रिश्तेदार हैं। वे पंजाब के रहने वाले हैं। कुछ समय पहले रोबिन पंजाब से एक महिला के साथ प्रेम विवाह करके आया था जिसके कारण दोनों परिवारों में विवाद हो गया था। उन्होंने बताया कि बीती रात महिला के रिश्तेदार आरोपी दयाल सिंह ने पिता-पुत्र पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि दयाल सिंह को मुख्य आरोपी बताते हुए 10 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी दयाल सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
-
मथुरा (उप्र)। मथुरा जनपद में पुलिस एवं वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक कछुआ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ‘इण्डियन फ्लैपशैल' प्रजाति के 22 कछुए बरामद किये हैं। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि एक अन्य तस्कर फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि वन्यजीवों की तस्करी की रोकथाम तथा तस्करी में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाये गये अभियान के तहत कोसीकलां पुलिस ने वन विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए नन्दगांव रजवाह की पटरी से कछुआ तस्कर गिरोह की घेराबंदी कर आरोपी चांद खान को गिरफ्तार किया। पाण्डेय ने बताया कि आरोपी चांद खान के पास से ‘इण्डियन फ्लैपशैल' प्रजाति के 22 कछुए बरामद किये गए। उसके कब्जे से एक मोटर साइकिल व मोबाइल फोन भी मिला। उसके साथ मौजूद एक अन्य आरोपी तस्कर कन्नू भाग गया जिसकी तलाश की जा रही है। आरोपी चांद खान के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय है कि आरोपी चांद खान को वर्ष 2021 में भी कछुओं की तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
-
मुंबई। मुंबई के मलाड इलाके में एक व्यक्ति ने शिकायत की कि उसने ऑनलाइन ऑर्डर कर कोन आइस्क्रीम मंगाई थी, और उसे कोन के अंदर नाखून के साथ मांस का एक टुकड़ा मिला। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, संदेह है कि मांस का यह टुकड़ा मनुष्य की कटी उंगली है और इसे जांच के लिए भेजा गया है। उसने बताया कि यह घटना बुधवार को दोपहर में हुई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ''मलाड पश्चिम में रहने वाले 26 वर्षीय एमबीबीएस डॉक्टर ने 'यम्मो कंपनी' की बटरस्कॉच कोन आइसक्रीम के लिए ऑनलाइन ऑर्डर दिया था। जब वह दोपहर में खाना खाने के बाद आइसक्रीम खा रहे थे तो कोन में से आधे इंच का एक मांस का टुकड़ा निकला, जिसमें नाखून भी था।'' उसने बताया कि स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे व्यक्ति ने यह मुद्दा उठाते हुए आइसक्रीम कंपनी के इंस्टाग्राम पेज पर इसकी शिकायत दर्ज कराई। अधिकारी ने बताया कि शिकायत करने पर कंपनी ने कोई उचित जवाब नहीं दिया, जिसके बाद शिकायतकर्ता ने मांस के टुकड़े को बर्फ की थैली में रखा और मलाड पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने यम्मो आइसक्रीम कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारी ने कहा, ''संदेह है कि यह टुकड़ा मानव उंगली का हो सकता है। इसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है ताकि पता लगाया जा सके कि क्या यह मानव शरीर का हिस्सा है ?'' उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे की जांच की जा रही है।
-
नयी दिल्ली। राजनाथ सिंह ने गुरुवार को रक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद कहा कि नयी नरेन्द्र मोदी सरकार सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण और घरेलू रक्षा विनिर्माण को बढ़ावा देकर राष्ट्रीय सुरक्षा को और मजबूत बनाने की दिशा में अपना ध्यान केंद्रित करेगी। रक्षा मंत्री सिंह ने अगले पांच साल के लिए अपने दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए कहा कि सरकार 2028-29 तक रक्षा निर्यात को बढ़ाकर 50,000 करोड़ रुपये करने के लिए पूरा प्रयास करेगी, जो अभी 21,083 करोड़ रुपये है। उन्होंने लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए रक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद संवाददाताओं से कहा कि सशस्त्र बलों को अत्याधुनिक हथियारों और प्रणालियों से लैस किया जा रहा है और वे हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं। पूर्वी लद्दाख में चीन के साथ सीमा विवाद के बीच सिंह ने वीरता और प्रतिबद्धता के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सैन्य कर्मियों की सराहना की। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, हमारा लक्ष्य रक्षा विनिर्माण में आत्मनिर्भरता हासिल करने पर ध्यान केंद्रित करते हुए देश के सुरक्षा तंत्र को और मजबूत बनाना है।" सिंह ने संवाददाताओं से कहा, "सशस्त्र बलों का आधुनिकीकरण और सेवारत तथा सेवानिवृत्त दोनों सैनिकों का कल्याण हमारा मुख्य ध्यान बना रहेगा।" सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी और निर्मला सीतारमण सहित उन वरिष्ठ भाजपा नेताओं में से एक हैं, जिन्हें वही मंत्रालय दिए गए हैं जो पिछली सरकार में भी उनके पास थे। सिंह ने कहा कि सरकार भारत के रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देने पर भी ध्यान केंद्रित करेगी। उन्होंने कहा, "वित्त वर्ष 2023-24 में हमारा रक्षा निर्यात रिकॉर्ड 21,083 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। यह ऐतिहासिक है। हमारा लक्ष्य 2028-2029 तक 50,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के रक्षा उपकरणों का निर्यात होगा।" सिंह का, साउथ ब्लॉक स्थित रक्षा मंत्रालय कार्यालय में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, थलसेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, वायुसेना प्रमुख मार्शल वी आर चौधरी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी, रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने और डीआरडीओ के अध्यक्ष समीर वी कामत ने स्वागत किया। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद सिंह ने मंत्रालय की पहले 100 दिनों की कार्ययोजना पर एक बैठक की अध्यक्षता की।
-
नयी दिल्ली। इस साल जनवरी-मार्च के दौरान घर की कीमतों में वृद्धि के मामले में वैश्विक स्तर पर शीर्ष 44 शहरों में मुंबई तीसरे और दिल्ली पांचवें स्थान पर है। रियल एस्टेट परामर्श कंपनी नाइट फ्रैंक की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। नाइट फ्रैंक की पिछले साल समान अवधि की रिपोर्ट में मुंबई छठे और दिल्ली 17वें स्थान पर थी।
मनीला घरों की कीमतों के मामले में 26.2 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि के साथ पहले स्थान पर है, जबकि तोक्यो 12.5 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि के साथ दूसरे स्थान पर है। नाइट फ्रैंक ने अपनी रिपोर्ट ‘प्राइम ग्लोबल सिटीज इंडेक्स क्यू1, 2024' में कहा कि मुंबई में मार्च तिमाही में प्रमुख आवासीय खंडों की कीमतों में 11.5 प्रतिशत की सालाना वृद्धि हुई है। इस सूची में दिल्ली पिछले साल 17वें स्थान पर थी। इस साल जनवरी-मार्च तिमाही दिल्ली पांचवें स्थान पर है। हालांकि, बेंगलुरु की रैंकिंग में 2024 की पहली तिमाही में गिरावट रही और यह 17वें स्थान पर रहा। पिछले साल समान अवधि में बेंगलुरु 16वें स्थान पर था। जनवरी-मार्च में बेंगलुरु में घरों की कीमतों में 4.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। नाइट फ्रैंक ने कहा कि प्राइम ग्लोबल सिटीज इंडेक्स (पीजीसीआई) एक मूल्यांकन-आधारित सूचकांक है, जो अपने वैश्विक शोध नेटवर्क से आंकड़ों का उपयोग करके दुनियाभर के 44 शहरों में प्रमुख आवासीय कीमतों की चाल पर नज़र रखता है। नाइट फ्रैंक के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक शिशिर बैजल ने कहा कि आवासीय संपत्तियों के लिए मजबूत मांग का रुझान वैश्विक घटना रही है। उन्होंने कहा, ‘‘इन क्षेत्रों में अपने समकक्षों की तरह, प्राइम ग्लोबल सिटीज इंडेक्स पर मुंबई और नयी दिल्ली की बेहतर रैंकिंग बिक्री वृद्धि मात्रा में मजबूती से रेखांकित की गई थी। हमें उम्मीद है कि अगली कुछ तिमाहियों में बिक्री की गति स्थिर रहेगी क्योंकि आर्थिक स्थितियां मोटे तौर पर स्थिर रह सकती हैं। - इटानगर ।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता पेमा खांडू ने बृहस्पतिवार को लगातार तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। मुक्तो विधानसभा क्षेत्र से विधायक खांडू को राज्यपाल के टी परनाइक ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और कई अन्य नेताओं की मौजूदगी में शपथ दिलाई। खांडू के साथ 11 अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। भाजपा ने 60 सदस्यीय विधानसभा में 46 सीट पर जीत हासिल कर लगातार तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश की सत्ता में वापसी की है।
-
नई दिल्ली। अठारहवीं लोकसभा का पहला सत्र इस महीने की 24 तारीख से शुरू होगा। इस सत्र में नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई जायेगी और लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव किया जायेगा। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू संसद के दोनों सदनों को सम्बोधित करेंगी और उनके अभिभाषण पर चर्चा होगी। जबकि राज्यसभा का सत्र भी इस महीने की 27 तारीख को शुरू होगा। संसद सत्र अगले महीने की 3 तारीख को समाप्त होगा। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी।
श्री किरेन रिजिजू ने कहा देश की जनता निर्णय ले चुकी है और अब देश की सेवा के लिए कार्य करना हमारा कर्तव्य है। श्री रिजिजू ने कहा कि एक सौ चालीस करोड भारतीयों की आकांक्षाओं को पूरा करने और चर्चा के लिए संसद एक आदर्श मंच है। - भुवनेश्वर। ओडिशा की भाजपा सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर के सभी चार द्वारों को गुरुवार सुबह से फिर से खोलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी और 12वीं शताब्दी के इस मंदिर की तत्काल आवश्यकता के लिए एक निधि स्थापित की। यह जानकारी मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य सचिवालय ‘लोक सेवा भवन' में अपने मंत्रियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करने के बाद दी। माझी ने कहा, “ राज्य सरकार ने सभी मंत्रियों की मौजूदगी में कल सुबह पुरी जगन्नाथ मंदिर के सभी चार द्वार फिर से खोलने का फैसला किया है। श्रद्धालु चारों द्वारों से मंदिर में प्रवेश कर सकेंगे।” मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मंदिरों के द्वार खोलना भाजपा के चुनाव घोषणापत्र का एक वादा था और द्वार बंद होने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बीजू जनता दल (बीजद) नीत पूर्व सरकार ने कोविड-19 महामारी के बाद से मंदिर के चारों द्वार बंद कर रखे थे। श्रद्धालु केवल एक द्वार से ही प्रवेश कर सकते थे और सभी द्वार खोलने की मांग की जा रही थी। माझी ने कहा कि मंदिर के संरक्षण के लिए मंत्रिमंडल ने 500 करोड़ रुपये का एक कोष स्थापित करने का निर्णय लिया है। एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मंत्री बुधवार रात को पुरी के लिए रवाना होंगे और तीर्थ नगरी में रुकेंगे ताकि बृहस्पतिवार सुबह जब चारों द्वार खोले जाएं तो वे वहां मौजूद रह सकें। माझी ने कहा कि राज्य सरकार धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाकर 3100 रुपये प्रति क्विंटल करने के लिए भी कदम उठाएगी और संबंधित विभाग को इस संबंध में कदम उठाने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि धान के लिए एमएसपी बढ़ाकर 3100 रुपये प्रति क्विंटल करने के प्रस्ताव पर अमल के लिए बहुत जल्द एक समिति गठित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह काम सरकार के पहले 100 दिन के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।''नई सरकार 100 दिन के अंदर सुभद्रा योजना लागू करेगी, जिसके तहत महिलाओं को 50,000 रुपये का नकद ‘वाउचर' मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘विभागों को सुभद्रा योजना के कार्यान्वयन के लिए दिशानिर्देश और रूपरेखा तैयार करने को कहा गया है।'
- भुवनेश्वर। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने ओडिशा के मलकानगिरी जिले के जंगलों में एक माओवादी ठिकाने से आईईडी समेत विस्फोटक सामग्री और कई अन्य चीजें बरामद कीं। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को बीएसएफ की दूसरी बटालियन के जवानों ने तुलसी डोंगरी आरक्षित वन की तलहटी में बनी एक चट्टान के नीचे से यह सामान बरामद किया। उन्होंने कहा कि गश्त के दौरान जवानों ने स्टील के टिफिन में रखे गए लगभग 1.5 किलोग्राम वजनी एक आईआईडी, लगभग 300 ग्राम विस्फोटक पाउडर, एक सौर प्लेट और तार, आयरन-कटर तथा कुछ अन्य सामान बरामद किया। अधिकारियों ने बताया कि जवानों ने आईईडी को नष्ट कर दिया और सुरक्षाबलों तथा स्थानीय लोगों के लिए संभावित खतरे को बेअसर कर दिया गया। बीएसएफ को ओडिशा में नक्सल रोधी अभियानों के लिए छत्तीसगढ़ से लगती सीमाओं पर तैनात किया गया है।
- इंफाल। मणिपुर सरकार ने 11 बच्चों सहित म्यांमा के कम से कम 38 नागरिकों को तेंगनौपाल जिले के मोरेह में एकीकृत जांच चौकी के माध्यम से उनके देश वापस भेज दिया है। गृह विभाग की ओर से बुधवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई है। अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने वाले विदेशियों को मंगलवार को वापस भेज दिया गया।बयान में कहा गया, "उन्हें एकीकृत जांच चौकी (आईसीपी) के आव्रजन अधिकारियों द्वारा सुरक्षित रूप से म्यांमा के अधिकारियों को सौंप दिया गया है।" यह दो मई की निर्वासन प्रक्रिया का ही एक हिस्सा है। बयान के मुताबिक, आठ बच्चों सहित म्यांमा 38 नागरिकों को निर्वासित किया गया था और पड़ोसी देश के अधिकारियों को सुरक्षित रूप से सौंप दिया गया था। इसमें कहा गया है कि निर्वासन प्रक्रिया विदेश मंत्रालय और सुरक्षा बलों के समन्वय से की गई।
-
नई दिल्ली। समय से पहले आने के बाद अब देश में मॉनसून कमजोर पड़ने लगा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मॉनसून कुछ दिनों के लिए ठहर सकता है और संभावना है कि अगले 8-10 दिनों तक यह कमजोर रह सकता है, जिससे देश के उत्तर पश्चिम इलाकों में इसके आगमन में देरी हो सकती है।
बारिश नहीं होने से उत्तर और मध्य भारत में लू बढ़ सकती है। साथ ही इन इलाकों के किसान फिलहाल महत्त्वपूर्ण तिलहन, दलहन और अनाज की फसलों की बोआई न करें।देश के प्रख्यात मॉनसून विशेषज्ञ और पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के पूर्व सचिव माधवन राजीवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है, ‘नियमित के बाद मॉनसून के आने में देरी हो सकती है। अगले 8 से 10 दिनों में इसके मजबूत होने के आसार नहीं हैं, जिससे उत्तर भारत में इसके आगमन में देरी हो सकती है। नतीजतन, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे उत्तर भारत के राज्यों में अभी अधिक तापमान और भीषण गर्मी पड़ेगी।’मगर स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत का कहना है कि भले ही देश के दक्षिणी इलाकों में चक्रवातों की समाप्ति से मॉनसून कमजोर पड़ गया है, लेकिन 15-16 जून के बीच पूर्वी भारत में यह फिर से सक्रिय हो सकता है और 22 जून तक यह पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश तक सक्रिय हो जाएगा। उन्होंने कहा, ‘मॉनसून अभी अस्थायी तौर पर कमजोर हुआ है। ऐसा हर साल होता है।’कुछ साल पहले भारतीय मौसम विभाग ने साल 1971-2009 के हालिया आंकड़ों के आधार पर उत्तर और मध्य भारत में सामान्य मॉनसून की शुरुआत और वापसी की तारीखों में बदलाव किया था। पहले मॉनसून की शुरुआत की तारीखें साल 1961-2019 के आंकड़ों के आधार पर आधारित थी। अद्यतन तिथि के अनुसार अब मॉनसून 27 जून के आसपास राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दस्तक दे सकता है, जबकि पहले यह सामान्य तौर पर 23 जून को आता था।इसी तरह, तारीखों में बदलाव के बाद अब आगरा में इसके दस्तक देने की तिथि 30 जून हो गई है, जो पहले 23 जून थी। जयपुर में पहले अब 1 जुलाई से मॉनसून की बारिश शुरू होने की उम्मीद है, जो पहले 23 जून थी। भारत की अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए महत्त्वपूर्ण माने जाने वाली गर्मियों की बारिश आमतौर पर 1 जून के आसपास दक्षिण भारत से शुरू होती है और 8 जुलाई तक देश भर में फैल जाती है। इससे किसान चावल, कपास, सोयाबीन और गन्ना जैसी फसलों की बोआई करते हैं। पिछले साल यानी 2024 में देश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाली मुंबई में यानी दक्षिण भारत के राज्यों में मॉनसून समय से दो पहले प्रवेश कर गया था, लेकिन मध्य और उत्तर भारत में इसके प्रवेश में कुछ दिनों की देरी हुई थी। भारत की करीब 3.5 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था के लिए जीवन माने जाने वाले मॉनसून खेतों की सिंचाई और जलाशयों के लिए जरूरी करीब 70 फीसदी बारिश लाता है।सिंचाई की सुविधाओं के बिना धान, गेहूं और गन्ना उपजाने वाले दुनिया के लगभग रकबे को काफी हद तक वर्षा पर निर्भर रहना पड़ता है। यहां बारिश आमतौर पर मॉनसून के दौरान जून से सितंबर के बीच होती है।मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर भारत के राज्यों में अधिकतम तापमान 42 से 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है, जो सामान्य से करीब 3 से 5 डिग्री अधिक है। भारत सहित एशिया के कई देशों में असामान्य गर्मी पड़ रही है। इसका एक बड़ा कारण वैज्ञानिक इंसानों के कारण हो रहे जलवायु परिवर्तन को बता रहे हैं। -
नयी दिल्ली. निर्मला सीतारमण ने लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए वित्त मंत्रालय का कार्यभार बुधवार को संभाल लिया। वह जल्द ही वित्त वर्ष 2025 के लिए अंतिम बजट पेश करेंगी जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नीत तीसरी सरकार की प्राथमिकता तथा विकसित भारत की दिशा तय करेगा। नॉर्थ ब्लॉक स्थित कार्यालय में वित्त सचिव टी. वी. सोमनाथन और अन्य शीर्ष अधिकारियों ने सीतारमण का स्वागत किया। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी भी इस दौरान मौजूद थे। चौधरी ने मंगलवार की शाम को पदभार ग्रहण किया।
आधिकारिक बयान के अनुसार, कार्यभार संभालने के बाद वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों के मंत्री को विभिन्न विभागों के सचिवों द्वारा मौजूदा नीतिगत मुद्दों की जानकारी दी गई। सीतारमण ने कहा कि सरकार अपने नागरिकों के ‘‘जीवन की सुगमता'' सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस संबंध में आगे भी कदम उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि 2014 से किए गए सुधार जारी रहेंगे, जिससे भारत व्यापक आर्थिक स्थिरता तथा वृद्धि हासिल करेगा। उन्होंने वैश्विक चुनौतियों के बीच हाल के वर्षों में भारत की सराहनीय वृद्धि गाथा को रेखांकित किया और कहा कि आने वाले वर्षों के लिए आर्थिक दृष्टिकोण आशावादी है। उन्होंने विभागों से राजग सरकार के विकास एजेंडे को नए जोश के साथ आगे बढ़ाने तथा प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत' के सपने को साकार करने के लिए उत्तरदायी नीति निर्माण सुनिश्चित करने का आग्रह किया। सीतारमण ने कहा कि सरकार ‘ सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास' में विश्वास रखती है। उन्होंने मजबूत तथा जीवंत अर्थव्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उद्योग जगत के लोगों, नियामकों और नागरिकों सहित सभी हितधारकों से निरंतर समर्थन व सहयोग का आह्वान किया। सीतारमण लगातार सातवां बजट और लगातार छठा पूर्ण बजट पेश करके एक रिकॉर्ड बनाएंगी। वित्त वर्ष 2024-25 के लिए पूर्ण बजट अगले महीने, नवगठित 18वीं लोकसभा में पेश किए जाने की संभावना है। सीतारमण के नाम मोदी सरकार में लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए मंत्री के रूप में शामिल होने वाली पहली महिला बनने का रिकॉर्ड भी है। अपने राजनीतिक करियर में उन्होंने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं। 2017 में वह पहली महिला रक्षा मंत्री बनी। इससे पहले वह उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री थीं। अरुण जेटली (वित्त मंत्री 2014-19) के बीमार होने पर सीतारमण ने 2019 के आम चुनाव के बाद नव निर्वाचित मोदी सरकार में वित्त विभाग का प्रभार संभाला था। वह स्वतंत्र भारत में पहली पूर्णकालिक महिला वित्त मंत्री बनीं। इससे पहले, इंदिरा गांधी ने भारत की प्रधानमंत्री रहते हुए थोड़े समय के लिए अतिरिक्त विभाग के रूप में वित्त का कार्यभार संभाला था। सीतारमण का जन्म 18 अगस्त 1959 को मदुरै में रेलवे में कार्यरत नारायण सीतारमण और सावित्री के घर हुआ था। सीतारमण ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर और एम.फिल की है। राजनीति में आने से पहले सीतारमण ब्रिटेन में कॉरपोरेट जगत का हिस्सा थीं, जहां वह अपने पति परकाला प्रभाकर के साथ रह रही थीं। दोनों की मुलाकात जेएनयू में पढ़ाई के दौरान हुई और 1986 में दोनों ने शादी कर ली। उनकी एक बेटी परकाला वांगमयी है। सीतारमण ने हैदराबाद में सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी स्टडीज की उप निदेशक के रूप में कार्य किया। शहर में उन्होंने एक स्कूल भी शुरू किया। वह 2003 से 2005 तक राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य भी रहीं। -
अमरावती. तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर यह उनका चौथा कार्यकाल होगा।
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री मौजूद थे। जनसेना प्रमुख एवं अभिनेता पवन कल्याण, चंद्रबाबू नायडू के बेटे नारा लोकेश समेत अन्य ने मंत्री पद की शपथ ली। आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर ने नायडू और अन्य को शपथ दिलाई। शपथ लेने के बाद चंद्रबाबू नायडू को प्रधानमंत्री मोदी ने गले लगाया और उनकी पीठ थपथपाई।
बाद में, प्रधानमंत्री ने अभिनेता चिरंजीवी और पवन कल्याण का हाथ पकड़कर उनसे आत्मीयता से बात की और मंच पर तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री ओ पन्नीरसेल्वम, तमिल सुपरस्टार रजनीकांत और उनकी पत्नी लता के साथ भी बातचीत की। हाल में हुए चुनाव में नायडू ने अपनी कुप्पम सीट बरकरार रखी, जबकि पवन कल्याण और लोकेश ने पिथापुरम और मंगलगिरि विधानसभा क्षेत्रों से जीत हासिल की। केंद्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी तथा जे.पी. नड्डा और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी इस मौके पर मौजूद थे। पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश एन.वी. रमण और अभिनेता रजनीकांत तथा चिरंजीवी भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। नायडू और लोकेश के अलावा, तेदेपा विधायक के. अच्चेन्नायडू, पी. नारायण, कोल्लू रवींद्र, निम्मला राम नायडू, अनिता वंगालापुडी, अनम रामनारायण रेड्डी, कोलुसु पार्थसारथी, एनएमडी फारूक, पय्यावुला केशव, ए. सत्य प्रसाद, डोला श्री बाला वीरंजनेय स्वामी, गोट्टीपति रवि कुमार, जी संध्या रानी, बीसी जनार्दन रेड्डी, टीजी भारत, एस. सविता, वासमसेट्टी सुभाष, कोंडापल्ली श्रीनिवास और मंडीपल्ली राम प्रसाद रेड्डी ने भी शपथ ली। जनसेना पार्टी से नादेंदला मनोहर और कंदुला दुर्गेश जबकि भाजपा विधायक सत्य कुमार यादव ने मंत्री पद की शपथ ली। आंध्र प्रदेश विधानसभा की सदस्य संख्या (175) के अनुसार, मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित 26 मंत्री हो सकते हैं। मंगलवार को अलग-अलग बैठकों में तेलुगु देशम विधायक दल और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सहयोगियों ने नायडू को अपना नेता चुना था। आंध्र प्रदेश में राजग में तेदेपा, भाजपा और जनसेना शामिल हैं। आंध्र प्रदेश में हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में कुल 175 विधानसभा सीट में से राजग ने 164 सीट पर जीत दर्ज कर बहुमत हासिल किया। राजग ने आंध्र प्रदेश में लोकसभा की 25 सीट में से 21 पर जीत दर्ज की है। -
हरदोई . उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गंगा नदी से बालू भरकर ला रहा एक ट्रक बुधवार की सुबह अनियंत्रित होकर, सड़क के किनारे बनी झोपड़ी के बाहर सो रहे लोगों पर पलट गया, जिससे एक ही परिवार के चार बच्चों समेत आठ लोगों की दबकर मौत हो गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक केशव चंद्र गोस्वामी ने बताया कि मल्लावा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कानपुर-उन्नाव मार्ग पर बालू से भरा एक ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क के किनारे झोपड़ी के बाहर सो रहे एक ही परिवार के लोगों पर पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात में वह लोग सो रहे थे, तभी अचानक चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा ‘‘हम लोग दौड़कर अवधेश के घर पहुंचे और देखा कि पूरा परिवार ट्रक के नीचे दबा था। एक बच्ची घायल पड़ी थी।'' स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी बुलवाई। इसके बाद ट्रक को सीधा किया गया और बालू को हटवाया गया। पुलिस ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है तथा चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारी ने बताया कि हादसे में एक ही परिवार के चार बच्चे और दो महिलाओं समेत आठ लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से ट्रक और बालू को हटाया और उसके नीचे दबे शवों को बाहर निकाला। गोस्वामी ने बताया कि हादसे में अवधेश (40), सुधा (35), लाला (पांच), सुनैना (11), बुद्धू (चार), हीरो (25), करण (30) तथा बिहारी (दो) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि चार साल की एक बच्ची घायल हो गई, जिसका उपचार अस्पताल में किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्परता से राहत कार्य शुरू कराया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक केशव चंद गोस्वामी ने घटनास्थल का जायजा लिया और मृतकों के परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि मल्लावां कस्बे में देर रात बालू से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर झोपड़ी पर पलट गया जिसकी चपेट में आने से आठ लोगों की मौत हो गई जबकि एक बच्ची घायल हो गई है। ट्रक के चालक और सहायक को हिरासत में लिया गया और ट्रक पुलिस के कब्जे में है। पुलिस ने सभी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख व्यक्त किया हैं ।
-
सुपौल. बिहार के सुपौल जिला के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात बालू लदे एक ट्रक और एक ऑटोरिक्शा की टक्कर में चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। त्रिवेणीगंज अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) विपिन कुमार ने बताया कि मृतकों में ऑटोरिक्शा चालक सहित दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस हादसे में घायल एक पुरुष और एक महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
-
गोधरा. गुजरात के पंचमहल जिले के सिमालिया गांव में स्थित एक कुएं में गिरने से पांच साल की एक बच्ची समेत तीन लड़कियां डूब गईं। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार को हुई।
दमावव थाने के एक अधिकारी ने बताया कि जिले के घोघंबा तालुका के एक ही गांव में रहने वाली तीन लड़कियां जंगल में मवेशी चराने के लिए एक साथ गई थीं। पुलिस अधिकारी ने बताया, ''एक लड़की खेत में कुएं पर पीने पीने गयी थी कि तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह कुएं में गिर गई। दो अन्य लड़कियां उसे बचाने के लिए कुएं की ओर दौड़ीं लेकिन वे भी संतुलन खो बैठीं और कुएं में जा गिरी। नतीजतन, तीनों लड़कियां डूब गईं।'' इस बीच, जब नाबालिग लड़कियां देर शाम तक घर नहीं लौटीं तो उनके परिवार के सदस्यों ने उनकी तलाश शुरू की और बाद में उनके शवों को कुएं में पाया। अधिकारी ने बताया कि शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि बुधवार तड़के दमावव थाने में दुर्घटनावश मौत का मुकदमा दर्ज किया गया।
अधिकारी ने बताया कि मृत बच्चियों की पहचान कीर्ति (पांच), सरस्वती (10) और ललिता (12) के रूप में हुई है। -
चेन्नई. तमिलनाडु के थूथुकुडी लोकसभा क्षेत्र से निर्वाचित द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की सांसद कनिमोई को पार्टी के संसदीय दल की नेता चुना गया है। द्रमुक ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी। कनिमोई श्रीपेरुंबुदूर के सांसद टी आर बालू की जगह लेंगी। बालू लोकसभा में द्रमुक के नेता बने रहेंगे। द्रमुक के अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने सोमवार को यहां एक बयान में कहा कि चेन्नई मध्य निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले दयानिधि मारन लोकसभा में पार्टी के उपनेता होंगे। नीलगिरी निर्वाचन क्षेत्र से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री ए. राजा लोकसभा में सचेतक की भूमिका निभाएंगे जबकि तिरुचि एन शिवा को राज्यसभा में द्रमुक का नेता नियुक्त किया गया है। बयान के मुताबिक, द्रमुक व्यापार संघ यूनियन एलपीएफ के महासचिव एम. शनमुगम राज्यसभा में पार्टी के उपनेता होंगे, वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता पी विल्सन राज्यसभा में पार्टी के सचेतक होंगे। पार्टी ने बताया कि अरक्कोणम से सांसद एस जगतरक्षगणन दोनों सदनों में द्रमुक के कोषाध्यक्ष होंगे। -
नयी दिल्ली.देश में चुनाव सुधार की दिशा में काम करने वाली संस्था एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली नयी मंत्रिपरिषद के 71 सदस्यों में से 70 यानी 99 प्रतिशत करोड़पति हैं और उनकी औसत संपत्ति 107.94 करोड़ रुपये है। एडीआर ने कहा कि मंत्रियों में से छह ऐसे हैं जिनके पास 100 करोड़ रुपये से कहीं अधिक की संपत्ति है। मंत्रियों की ओर से अपनी संपत्ति की घोषणा के आधार पर एडीआर ने यह आकलन किया है। ग्रामीण विकास मंत्रालय संचार मंत्रालय में राज्य मंत्री डॉ चंद्रशेखर पेम्मासानी 5705.47 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति के साथ इस सूची में सबसे ऊपर हैं। उनकी संपत्ति में 5598.65 करोड़ रुपये की चल और 106.82 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। संचार मंत्री और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कुल 424.75 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है। उनकी संपत्ति के ब्योरे में चल संपत्ति में 62.57 करोड़ रुपये और अचल संपत्ति में 362.17 करोड़ रुपये शामिल हैं। भारी उद्योग मंत्री और जनता दल (सेक्युलर) के इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी के पास कुल 217.23 करोड़ रुपये की संपत्ति है। उनकी संपत्ति में 102.24 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 115.00 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। रेल मंत्री, सूचना एवं प्रसारण मंत्री और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कुल 144.12 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है, जिसमें 142.40 करोड़ रुपये चल संपत्ति और 1.72 करोड़ रुपये अचल संपत्ति शामिल है। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), योजना मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और संस्कृति मंत्रालय में राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के पास कुल 121.54 करोड़ रुपये की संपत्ति है। उनकी संपत्ति में चल संपत्ति में 39.31 करोड़ रुपये और अचल संपत्ति में 82.23 करोड़ रुपये शामिल हैं। महाराष्ट्र के उत्तर मुंबई से भाजपा के एक अन्य मंत्री और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने 110.95 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है। इसमें 89.87 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 21.09 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। नए मंत्रियों में से लगभग 99 प्रतिशत करोड़पति हैं। विश्लेषण किए गए 71 मंत्रियों में से 70 ने करोड़पति श्रेणी में संपत्ति घोषित की है। इन मंत्रियों के वित्तीय विवरण प्रदान करने वाली रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि उनके बीच औसत संपत्ति 107.94 करोड़ रुपये है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने 71 मंत्रियों के साथ रविवार को शपथ ली थी। इस बार भाजपा को भाजपा को अपने दम पर बहुमत नहीं मिला है। इसलिए मोदी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का नेतृत्व कर रहे हैं।
-
नयी दिल्ली. कई अवसरों पर विचार-विमर्श के बाद, केंद्रीय विधि मंत्रालय ने मंगलवार को राष्ट्रीय मुकदमा नीति पर एक दस्तावेज को अंतिम रूप दिया, जिसका उद्देश्य लंबित मामलों के शीघ्र समाधान पर जोर देना है। विधि मंत्री का कार्यभार संभालने के तुरंत बाद अर्जुन राम मेघवाल ने मंगलवार को राष्ट्रीय वाद नीति “दस्तावेज” पर हस्ताक्षर किए। राष्ट्रीय वाद नीति दस्तावेज को मंजूरी के लिए आने वाले दिनों में केंद्रीय मंत्रिमंडल के समक्ष रखा जाएगा। सूत्रों ने बताया कि यह नीति मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के 100 दिवसीय एजेंडे का हिस्सा है।
कार्यभार संभालने के तुरंत बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मेघवाल ने कहा कि मंत्रालय की प्रमुख प्राथमिकता सर्वोच्च न्यायालय, उच्च न्यायालयों, निचली अदालतों, न्यायाधिकरणों और उपभोक्ता अदालतों में लंबित मामलों में तेजी से न्याय दिलाना होगी। एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि दस्तावेज में लंबित मामलों से संबंधित मंत्री द्वारा उठाए गए मुद्दों को शामिल किया गया है। पदाधिकारी ने बताया, “यह पहली फाइल थी जिस पर वह हस्ताक्षर करना चाहते थे।” राष्ट्रीय वाद नीति का मसौदा कई वर्षों से तैयार किया जा रहा है तथा विभिन्न सरकारों द्वारा इसकी रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। मेघवाल ने कहा, “वाद से संबंधित सभी हितधारकों के लिए जीवनयापन में आसानी एक कारक है...वादियों, अधिवक्ताओं और अन्य सहित सभी हितधारक इसका हिस्सा हैं...मंत्रालय ने नीति दस्तावेज को अंतिम रूप दे दिया है।” संप्रग-दो में तत्कालीन कानून मंत्री एम. वीरप्पा मोइली ने राष्ट्रीय वाद नीति पेश की थी, लेकिन यह कभी आगे नहीं बढ़ सकी। एक आधिकारिक बयान में 23 जून, 2010 को कहा गया था कि केंद्र ने राष्ट्रीय विधिक मिशन के तहत भारत के विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों की संख्या कम करने के लिए एक राष्ट्रीय वाद नीति तैयार की है, ताकि लंबित मामलों की औसत अवधि 15 वर्ष से घटाकर 3 वर्ष की जा सके। मध्यस्थता के एक सवाल का जवाब देते हुए मेघवाल ने कहा कि सरकार भारत को मध्यस्थता का केंद्र बनाने की दिशा में काम कर रही है और योजनाओं को सक्षम बनाने के लिए कुछ कानूनों में बदलाव किया गया है। उन्होंने कहा, “विवादों (मध्यस्थता के तहत) का निस्तारण यहीं क्यों नहीं किया जा सकता। भारतीयों को मध्यस्थता के लिए सिंगापुर, दुबई या लंदन क्यों जाना चाहिए? -
ठाणे.खुद को एक राष्ट्रीयकृत बैंक की अधिकारी बताकर मुंबई महानगर क्षेत्र लौह एवं इस्पात बाजार समिति से 54 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने के आरोप में एक महिला के विरुद्ध नवी मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज किया है। मंगलवार को एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है।
कलंबोली स्थित समिति के एक पदाधिकारी की ओर से दर्ज करवाई गई शिकायत के अनुसार, जून 2022 में पनवेल में एक महिला ने खुद को एक राष्ट्रीयकृत बैंक की प्रबंधक बताकर समिति के सदस्यों और पदाधिकारियों से संपर्क किया। अधिकारी ने बताया कि महिला ने उनका विश्वास जीतते हुए फर्जी दस्तावेज के साथ कोटेशन प्रस्तुत करने के बाद उनसे उच्च ब्याज दर का वादा करते हुए समिति के धन को सावधि जमा में निवेश करने के लिए प्रलोभन दिया। उन्होंने बताया कि सदस्यों और पदाधिकारियों ने 54.28 करोड़ रुपये का निवेश किया, जिसके लिए आरोपी महिला ने फर्जी रसीदें जारी की। अधिकारी ने बताया कि जब समिति ने जमा की अवधि समाप्त होने पर धन वापसी और ब्याज की मांग की तो महिला टालमटोल करने लगी और धनराशि भी नहीं लौटाई। उन्होंने बताया कि आरोपी ने 24 मई 2024 को बैंक के कोषागार एवं निवेश विभाग की ओर से कथित तौर पर जारी एक फर्जी पत्र भी पेश किया, जिसमें धन और ब्याज राशि लौटाने के लिए और समय मांगा गया था। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने सोमवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी), 465 (जालसाजी) और अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया और जांच जारी है। -
नयी दिल्ली. भारत 2024 की जुलाई-सितंबर तिमाही के लिए अपने रोजगार परिदृश्य के मामले में वैश्विक स्तर पर छठे स्थान पर है। देश में 30 प्रतिशत कंपनियां अगले तीन महीनों में अपने कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की योजना बना रही हैं। कार्यबल समाधान कंपनी मैनपावरग्रुप के एक वैश्विक सर्वेक्षण में यह बात कही गई। ‘भारत के शुद्ध रोजगार परिदृश्य' (एनईओ) की गणना छंटनी की योजना बनाने वाले नियोक्ताओं की संख्या को नियुक्ति की योजना बनाने वाले नियोक्ताओं से घटाकर की गई। इससे सामने आया कि 30 प्रतिशत कंपनियां अगले तीन महीनों में अपने कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की योजना बना रही हैं। भारत अपने रोजगार परिदृश्य के लिए वैश्विक स्तर पर छठे स्थान पर है, जो वैश्विक औसत से आठ अंक ऊपर है। यह सर्वेक्षण 42 देशों में किया गया है। वैश्विक स्तर पर, कोस्टा रिका में जुलाई-सितंबर के लिए सबसे मजबूत 35 प्रतिशत नियुक्ति की उम्मीद है। इसके बाद स्विट्जरलैंड में 34 प्रतिशत, ग्वाटेमाला में 32 प्रतिशत, मेक्सिको में 32 प्रतिशत और दक्षिण अफ्रीका में 31 प्रतिशत कंपनियां अगले तीन महीनों में भर्तियां करने की योजना बना रही है। दूसरी ओर, अर्जेंटीना और रोमानिया में सबसे कम तीन प्रतिशत एनईओ दर्ज किया गया।
मैनपावरग्रुप रोजगार परिदृश्य सर्वेक्षण के नवीनतम संस्करण में भारत में 3,150 नियोक्ताओं से उनकी तीसरी तिमाही की नियुक्ति संबंधी मंशा के बारे में पूछा गया। मैनपावरग्रुप के भारत तथा पश्चिम एशिया के प्रबंध निदेशक संदीप गुलाटी ने कहा, ‘‘ वैश्विक मंदी का असर भारत के आईटी क्षेत्र पर काफी समय से पड़ रहा है। इस सर्वेक्षण में आंकड़े एकत्रित करते समय आम चुनाव के कारण देश में राजनीतिक अनिश्चितता का माहौल बना हुआ था और स्पष्ट रूप से नियोक्ता अपने अल्पकालिक संसाधन नियोजन में सावधानी बरत रहे थे।'' हालांकि, रियल एस्टेट क्षेत्र में निवेशकों की रुचि बढ़ी है और आवासीय क्षेत्र में 1.1 अरब अमेरिकी डॉलर का पूंजी प्रवाह हुआ है। कुल मिलाकर उत्तर भारत में नियुक्ति की संभावना सबसे अधिक 36 प्रतिशत रही। इसके बाद पश्चिम में 31 प्रतिशत, दक्षिण में 30 प्रतिशत और पूर्व में 21 प्रतिशत नियोक्ताओं ने भर्ती करने की इच्छा व्यक्त की। आम धारणा के विपरीत करीब 68 प्रतिशत नियोक्ता अगले दो साल में कृत्रिम मेधा (एआई) और मशीन लर्निंग को अपनाने के कारण कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की योजना बना रहे हैं। इसका नेतृत्व संचार सेवा क्षेत्र, वित्तीय और रियल एस्टेट, उद्योग व सामग्री तथा सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र करेंगे। - मुंबई। : लोक सभा चुनाव के खत्म होते ही सरकार कामकाज में सक्रिय हो गई। सरकार की प्राथमिकता किसानों के मुद्दों को हल करने की है। चुनाव के पहले और चुनावों के बीच में फसल खराब होने से किसानों को जो नुकसान हुआ है उसका मुआवजा जल्द दिया जाएगा। राज्य में बांस की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए विधानसभा चुनावों के पहले राज्य सरकार बांस नीति लागू करने की कवायद भी शुरू हो चुकी है। महाराष्ट्र में नवबंर-दिसंबर में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं।राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार बांस की खेती के प्रति सहानुभूति रखती है और यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी कि राज्य में बांस उद्योग फले-फूले। राज्य सरकार आचार संहिता हटते ही बांस नीति लाने के लिए प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के निर्देशानुसार हमने पूरे राज्य में बांस की खेती बढ़ाने के लिए कदम उठाए हैं और इस साल के अंत में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले एक नीति लाने के बारे में सोच रहे हैं। यह नीति रोजगार के अवसर पैदा करके बांस उद्योग को उद्योग का दर्जा देने में मदद करेगी।यह बांस उद्योग को मुख्यमंत्री रोजगार गारंटी योजना में लाने में भी मदद करेगी। सामंत ने कहा और कहा कि एक बार बांस उद्योग को ईजीएस में शामिल कर लिया जाए, तो लाभार्थी ग्रामीण क्षेत्रों में 50 फीसदी और शहरी क्षेत्रों में 25 फीसदी सब्सिडी के साथ 50 लाख रुपये का ऋण प्राप्त करने के पात्र होंगे।मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि एक किसान के बेटे के रूप में मैं किसानों के मुद्दों से निपटने के लिए हमेशा आगे रहता हूं। मैं गांव जाता हूं और खेती भी करता हूं। सरकार ने बांस की खेती के लिए सब्सिडी देने का फैसला किया है। प्रदेश में बारिश की अच्छी शुरुआत हुई है।मराठवाड़ा विदर्भ में सोयाबीन और कपास के किसानों को थोड़ी परेशानी हुई। मैंने इन सबके लिए प्रावधान किया था लेकिन आचार संहिता के कारण इसका वितरण नहीं कर सका। किसानों को मदद राशि जल्द मिलेगी। इस बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से चर्चा हुई है।असमय बारिश के कारण किसानों का आर्थिक नुकसान हुआ जिसका अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। खरीफ सीजन की शुरुआत हो चुकी है। खरीफ सीजन की फसलों की बुआई की तैयारी करनी है। जिसके लिए पैसे की जरूरत है। किसानों का कहना है कि प्रशासन जल्दी सर्वे कर सरकार को नुकसान की रिपोर्ट भेजें और किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा मिले। मुआवजा मिल जाए तो बुआई का काम आसान हो जाएगा ।
- भोपाल,। मध्य प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों को हवाई सेवा से जोड़ने के लिए प्रदेश के आठ शहरों भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रीवा, उज्जैन, ग्वालियर, सिंगरौली एवं खजुराहो के बीच पीएमश्री पर्यटन वायु सेवा गुरुवार से शुरू हो रही है। छह सीटों वाले दो विमानों के जरिये संचालित होने जा रही इस सेवा की शुरुआत मुख्यमंत्री मोहन यादव 13 जून को भोपाल हवाई अड्डे से करेंगे। पहली उड़ान भोपाल-जबलपुर-रीवा-सिंगरौली की होगी। ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए फ्लायओला वेबसाइट मुख्यमंत्री ने मंगलवार को डिजिटल ढंग से लॉन्च की।पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव तथा पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक शिव शेखर शुक्ला ने कहा, ‘प्रदेश सरकार प्रदेश के पर्यटन स्थलों के बीच संचार को बेहतर और सुगम बनाने के लिए निरंतर नवाचार कर रही है। पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा इसी कड़ी का हिस्सा है। यह पर्यटन के साथ-साथ उद्योग, व्यापार, स्वास्थ्य, शिक्षा आदि के प्रचार-प्रसार में भी मददगार साबित होगी।’इस विमान सेवा की ऑफलाइन बुकिंग के लिए इंदौर, भोपाल और जबलपुर हवाई अड्डों पर बुकिंग काउंटरों की स्थापना की जा चुकी है। उल्लेखनीय है कि 13 दिसंबर 2023 को कार्यभार संभालने वाले मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार आगामी 13 जून को छह महीने का कार्यकाल भी पूरा कर रही है।
-
कानपुर। उत्तर प्रदेश सरकार आईआईटी कानपुर में चिकित्सा शोध संस्थान के साथ ही सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना करेगी। प्रदेश सरकार ने वर्तमान सत्र के लिए तबादला नीति को मंजूरी दे दी है।मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में नए सत्र के लिए तबादला नीति सहित कुल 41 प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी है।
मंत्रिपरिषद के फैसलों की जानकारी देते हुए प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि लखीमपुर में नया हवाई अड्डा बनाने और सोनभद्र जिले के ओबरा में बन रहे दो ताप बिजली घरों की लागत बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गयी है।भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर में मेडिकल रिसर्च सेंटर बनाया जाएगा। इसके साथ ही यहां 500 बेड का सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है। इस परियोजना के लिए उत्तर प्रदेश सरकार 50 करोड़ रुपये का वित्तपोषण करेगी जोकि अगले पांच सालों तक 10 करोड़ रूपये प्रतिवर्ष के हिसाब से दी जाएगी।मंत्रिपरिषद ने ऊर्जा विभाग के हुडको से 1000 करोड़ रुपये ऋण लेने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। प्रदेश सरकार इस ऋण के लिए शासकीय गारंटी देगी। ओबरा में लग रहे दो ताप बिजलीघरों की लागत 11705 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 13005 करोड़ रुपये किए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गयी है। कानपुर देहात जिले के घाटमपुर में लग रही नेवेली व उत्तर प्रदेश विद्युत उत्पादन निगम की ताप बिजलीघर परियोजना की पुनरीक्षित लागत 19406.12 करोड़ रुपये को भी मंत्रिपरिषद ने अनुमोदित कर दिया है।मंत्रिपरिषद के अन्य फैसलों की जानकारी देते हुए प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने बताया कि बुंदेलखंड की 26 परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। बुंदेलखंड के ललितपुर, झांसी, महोबा और मिर्जापुर जिलों में जल शक्ति विभाग की परियोजनाओं को मंजूरी दी गयी है। इसके साथ प्रदेश के प्रयागराज में 2025 में होने जा रहे महाकुंभ की तैयारियों को लेकर भी कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी है।इस बार कुंभ मेला 3200 हेक्टेयर क्षेत्रफल की जगह 4000 हेक्टेयर में लगेगा साथ ही संगम पर घाटों का दायरा भी बढ़ाया जाएगा। कुंभ मेले के आयोजन के लिए वन विभाग से लकड़ी लेने के लिए 236 करोड़ रुपये दिए जाने के प्रस्ताव पर मुहर लगी है। नोएडा में जेवर एयरपोर्ट बनाने के लिए ली गई किसानों की जमीन का मुआवजा देने के लिए धनराशि को मंजूरी दी गयी है। एक अन्य फैसले में प्रदेश में दो निजी विश्वविद्यालय खोलने के प्रस्ताव को स्वीकृति मिली है। बरेली में फ्यूचर यूनिवर्सिटी और गाजियाबाद में एचआरआईटी यूनिवर्सिटी को मंजूरी दी गयी है। तबादला सत्र 2024-25 के लिए नई नीति को मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिल गयी है।







.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)















