- Home
- देश
-
नई दिल्ली| केंद्रीय युवा कार्य और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर आज नई दिल्ली में खेलो इंडिया पैरा गेम्स का औपचारिक उद्घाटन किया। यह खेल पहली बार आयोजित किये जा रहे हैं। आठ दिनों के इस आयोजन में 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों सहित सेना खेल नियंत्रण बोर्ड के 1,400 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे।
पैरा एथलीट निशानेबाजी, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, भारोत्तोलन सहित सात स्पर्धाओं में भाग लेंगे। इस खेलों का उद्देश्य महत्वाकांक्षी पैरा एथलीटों को पैरा खेलों में करियर बनाने और कौशल दिखाने का अवसर उपलब्ध कराना है।खेल मंत्रालय ने कहा कि खेलो इंडिया पैरा गेम्स में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को व्यापक चिकित्सा सुरक्षा मिलेगी। चिकित्सा सुरक्षा में आपातकालीन चिकित्सा सेवाएँ, मौके पर डॉक्टरों के दल और आवश्यक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुँच शामिल है। -
भोपाल| मध्य प्रदेश में भाजपा विधायक-दल की आज दोपहर बाद भोपाल में बैठक होगी। इस बैठक में भाजपा का विधायक दल आज अपना नेता चुनेगा। मालूम हो कि मध्य प्रदेश विधानसभा में भाजपा ने सबसे बड़े दल के रूप में अभी तक अपना नेता नहीं चुना है।
-
नई दिल्ली |प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कहा कि भारत के लिए यह सही समय है जब युवाओं को विकसित भारत बनाने के लिए इस अमृत काल का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। विकसित भारत 2047 - युवाओं की आवाज का विडियों कॉफ्रेंस के माध्यम से शुभारंभ करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत के इतिहास में यही वह अवधि है जब देश एक बडी छलांग लगाने जा रहा है। उन्होंने युवाओं से एक विकसित भारत बनाने की दिशा में काम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि युवाओं का लक्ष्य और संकल्प इस उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए होना चाहिए।
इस अभियान का उद्देश्य भारत को विकसित बनाने के लिए देश के युवाओं को एकजुट करना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति, संस्थान और संगठन को विकसित भारत की दिशा में कार्य करने का प्रण लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी पीढी तैयार करनी होगी जो आने वाले वर्षों में देश का नेतृत्व करने और उसे दिशा देने में सक्षम होगी। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि युवा शक्ति बदलाव की वाहक है और बदलाव की लाभार्थी भी है|श्री मोदी ने इस कार्यशाला के आयोजक सभी राज्यपालों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थानों की भूमिका व्यक्तियों को विकसित करना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि केवल व्यक्तियों के विकास से ही राष्ट्र निर्माण हो सकता है। - नयी दिल्ली। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 166 नए मामले सामने आए है और उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 895 हो गयी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 4,50,03,055 (4.50 करोड़) है और मृतकों की संख्या 5,33,306 (5.33 लाख) हो गयी है। आंकड़ों के अनुसार, इस बीमारी से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,44,68,854 (4.44 करोड़) हो गयी है और बीमारी से उबरने की राष्ट्रीय दर 98.81 प्रतिशत है। मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, देश में अभी तक कोविड-19 रोधी टीके की 220.67 करोड़ खुराक दी गयी हैं।
-
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में रविवार को कुछ सैन्य कर्मियों ने जलती स्कूल बस से 36 बच्चों और चार शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। खमरिया थाने के प्रभारी हरदयाल सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि आसपास मौजूद सेना के कुछ जवानों ने यह सुनिश्चित किया कि सभी 36 विद्यार्थी और चार शिक्षक जलती हुई बस से सुरक्षित उतर जाएं। उन्होंने कहा कि यह स्कूल पिकनिक के लिए डुमना नेचर पार्क जा रही थी। सिंह ने बताया, "आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। बच्चे पाटन थाना क्षेत्र के तहत आने वाले बेनाकी गांव के एकीकृत माध्यमिक स्कूल के हैं।"
- अयोध्या (उप्र)। सप्ताह भर चलने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर अयोध्या में अगले वर्ष 17 जनवरी को भगवान राम की एक झांकी निकाली जाएगी। इस झांकी में भगवान राम के जन्म से लेकर वनवास तक की तस्वीरें, लंका पर विजय और अयोध्या वापसी की झलक देखने को मिलेगी। यह शोभा यात्रा सप्ताह भर चलने वाले समारोह की औपचारिक शुरुआत है। इस झांकी को तैयार करने में जुटे मुख्य शिल्पकार रंजीत मंडल ने कहा,‘‘ इन प्रतिमाओं को तैयार करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। विभिन्न चरणों में राम की कुल 100 प्रतिमाएं प्रदर्शित की जाएंगी। इनमें से 60 प्रतिमाएं अभी तक तैयार की जा चुकी हैं।'' इस शोभा यात्रा के बाद राम लला की नई प्रतिमा नवनिर्मित राम मंदिर के पवित्र गर्भगृह में रखी जाएगी।मंदिर न्यास के न्यासी अनिल मिश्रा ने कहा,‘‘ राम लला का सिंहासन, संगमरमर के बने एक कमल पुष्प आसन पर स्थापित किया जाएगा जिसे गर्भगृह में स्थापित किया जा चुका है।'' उन्होंने कहा कि इस सिंहासन की ऊंचाई पर निर्णय इस प्रकार से किया जाएगा ताकि रामनवमी पर दोपहर 12 बजे सूर्य की किरणें सीधे भगवान के माथे पर पड़े और गर्भगृह प्रकाशमान हो। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम 22 जनवरी को प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और हजारों प्रतिनिधियों के इस समारोह में शामिल होने की संभावना है।
-
मुंबई. महिलाओं की प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में 1.30 करोड़ रुपये में बिकी वृंदा दिनेश ने कहा कि वह नीलामी के बाद इतनी अभिभूत और भावुक थीं कि अपनी मां को फोन करने का साहस नहीं जुटा पायीं। बाईस साल की वृंदा शनिवार को डब्ल्यूपीएल की नीलामी में दूसरी सबसे ज्यादा राशि में बिकने वाली ‘अनकैप्ड' (जिसने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला हो) भारतीय खिलाड़ी बन गयीं। काशवी गौतम को गुजरात जायंट्स ने दो करोड़ रुपये में खरीदा था। यूपी वारियर्स ने जब कर्नाटक की इस बल्लेबाज को खरीदा तो उन्होंने रायपुर से बेंगलुरु में अपनी मां को वीडियो कॉल नहीं की क्योंकि वह जानती थीं कि वो अपनी भावनाओं को काबू नहीं कर पायेंगी। वृंदा ने शनिवार को यूपी वारियर्स द्वारा करायी गयी बातचीत के दौरान कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उनकी (मां) आंखों में आंसू थे। मैंने वीडियो कॉल नहीं की थी क्योंकि मैं उनकी आंखों में आंसू नहीं देख सकती थी। मैंने सिर्फ उन्हें फोन किया। '' यह पूछने पर कि वह इस राशि का क्या करेंगी तो वृंदा ने पहले ही योजना बनायी हुई थी।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं जानती थी कि वे अभिभूत थे। वे मेरे लिये बहुत खुश थे। मैं उन्हें गौरवान्वित करना चाहती हूं। मैं अपने माता-पिता को वो कार दूंगी जिसका उन्होंने हमेशा सपना देखा। इस समय मेरा पहला लक्ष्य यही है और बाद में देखेंगे। '' वृंदा अभी महिलाओं की अंडर-23 टी20 ट्राफी की तैयारी के लिए रायपुर में हैं।
काफी ज्यादा राशि में बिकना अकसर खिलाड़ियों को दबाव में ला देता है जिससे उनका प्रदर्शन प्रभावित होता है तो इस पर वृंदा ने कहा, ‘‘इस राशि में बिकना मेरे हाथ में नहीं है। मुझे चुना गया है और मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहती हूं। मुझे नहीं लगता कि इस राशि से ज्यादा अंतर पड़ेगा क्योंकि आखिरकार मैं यहां खेलने के लिये हूं और खेल का लुत्फ उठाने के लिए। '' वृंदा ने कहा कि उनकी कई इच्छायें हैं जिसमें से एक कप्तान एलिसा हीली के साथ पारी का आगाज करना है।
उन्होंने कहा, ‘‘एलिसा हीली की कप्तानी में खेलना, तहलिया मैकग्रा, डैनी वाट और सोफी एक्लेस्टोन का टीम में होना शानदार है जो महिला क्रिकेट की महान खिलाड़ी हैं। मैंने हमेशा उनके साथ खेलने के बारे में सोचा था लेकिन कभी नहीं सोचा था कि यह मेरे साथ होगा। - नयी दिल्ली। विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (इंडिया) की राष्ट्रीय राजधानी में 19 दिसंबर को होने वाली अगली बैठक में एक ‘‘मुख्य सकारात्मक एजेंडा'' बनाना, सीटों के बंटवारे और संयुक्त रैलियां आयोजित करने के कार्यक्रम पर चर्चा हो सकती है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने रविवार को ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया' के नेताओं की चौथी बैठक मंगलवार, 19 दिसंबर 2023 को अपराह्न तीन बजे नयी दिल्ली में होगी।'' यह बैठक हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन की पृष्ठभूमि में होगी। राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कहना है कि लोगों ने ‘‘मोदी की गारंटियों'' में विश्वास जताया है और लोग 2024 में फिर से उनकी सरकार चुनेंगे।कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों का इरादा एकजुटता बनाये रखते हुए ‘‘मैं नहीं, हम'' नारे के साथ आगे बढ़ने का है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के समक्ष अब चुनौती अगले आम चुनाव में भाजपा का मुकाबला करने के लिए वैकल्पिक सकारात्मक एजेंडे के साथ सामने आने की है। उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव नतीजे उन मुद्दों की अस्वीकृति नहीं हैं, जो इस चुनाव प्रचार अभियान में उठाए गए थे।'' उन्होंने हालांकि स्वीकार किया कि पार्टी 2024 में भाजपा से मुकाबला करने के लिए लीक से हटकर सोचेगी। उन्होंने कहा कि ‘‘मैं नहीं, हम'' संभावित नारा है, जिस पर विपक्षी दल मोदी का मुकाबला करने के लिए काम करेंगे। पार्टी नेता ने कहा कि ‘इंडिया' गठबंधन के लिए मुख्य सकारात्मक एजेंडा तय करना विपक्षी दलों के लिए सबसे बड़ी चुनौती है, जिससे उन्हें भाजपा से मुकाबला करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान कांग्रेस ने 'बढ़ती' आर्थिक असमानता, सामाजिक ध्रुवीकरण, मूल्य वृद्धि और महंगाई के मुद्दों को उठाया था और इन मुद्दों के अगले लोकसभा चुनाव के दौरान भी छाये रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि ‘इंडिया' गठबंधन मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार के दस वर्षों के शासनकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डालेगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान अडाणी (उद्योगपति गौतम अडाणी) का मुद्दा भी उठाया जायेगा। सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान विपक्षी दल सीट बंटवारे, संयुक्त चुनावी रैलियां आयोजित करने की योजना बनायेंगे और उनके लिए एक साझा कार्यक्रम तैयार करेंगे। सूत्रों का कहना है कि ‘इंडिया' गठबंधन जाति आधारित गणना, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी और श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा के मुद्दों को आगे बढ़ा सकता है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रमुख ममता बनर्जी 17 से 19 दिसंबर तक राष्ट्रीय राजधानी में रहेंगी और बैठक में भाग लेने की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है।
- गुवाहाटी। अमस के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के कार्यकाल के दूसरे वर्ष पर आधारित दो पुस्तकों का विमोचन किया गया है जिनमें राज्य के शासन में रोज आने वाली चुनौतियों से लेकर अहम मुद्दों पर दिए गए उनके भाषण शामिल हैं। राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने शनिवार को ‘मुख्यमंत्री डायरी 2' और ‘मुख्यमंत्री वक्तृता संकलन 2' का विमोचन किया। पहली पुस्तक मुख्यमंत्री द्वारा लिखी गयी है जिसमें उनके दैनिक कार्यों की बारीकियों और पेचीदगियों का उल्लेख है। इसमें मुख्यमंत्री कार्यालय के कामकाज में आने वाली चुनौतियों, लिए गए फैसलों और समग्र गतिशीलता का वर्णन है। दूसरी पुस्तक उनके कार्यकाल के दूसरे वर्ष के दौरान विभिन्न अवसरों पर दिए गए चुनिंदा 65 भाषणों का संग्रह है। इस अवसर पर कटारिया ने कहा कि यह दोनों पुस्तकें भावी पीढ़ी के लिए एक महत्वपूर्ण रिकॉर्ड साबित होंगी। उन्होंने कहा कि किताब से पाठकों को सरकारी प्रशासन और मुख्यमंत्री कार्यालय के कामकाज के बारे में जानने का मौका मिलेगा। शर्मा ने उम्मीद जतायी कि ये पुस्तकें भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण संसाधन साबित होंगी।उन्होंने कहा कि डायरी के पहले भाग की बिक्री से होने वाली कमायी मुख्यमंत्री राहत कोष में दी जाएगी।
-
बरेली। जिले में बरेली-नैनीताल मार्ग पर टायर फटने से अनियंत्रित हुई एक कार डिवाइडर तोड़कर सड़क के दूसरी ओर डंपर से टकरा गई जिसके बाद उसमें आग लग गई। घटना में आठ लोगों की आग में झुलसकर मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शनिवार देर रात बरेली-नैनीताल मार्ग पर दुभौरा गांव के पास एक महंगी कार का टायर फट गया जिससे वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क की दूसरी तरफ पहुंच गई और वहां सामने से आ रहे एक डंपर से उसकी टक्कर हो गई। इससे कार में आग लग गई जिसमें झुलस कर कार में सवार आठ लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुशील चंद्रभान ने घटना में एक बच्चे समेत आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मरने वालों में मोहम्मद अय्यूब (36), बाबू मंसूरी (आठ), मोहम्मद आलिम (22), मोहम्मद आशिक (34), मोहम्मद आसिफ (22), मोहम्मद आरिफ (24), मोहम्मद शादाब (19) और कार चालक फुरकान (40) शामिल हैं। दुर्घटनाग्रस्त हुई कार बरेली के बहेड़ी स्थित रामलीला मोहल्ले में रहने वाले किराना व्यवसायी सुमित गुप्ता की है। गुप्ता ने बताया कि नारायण नगला गांव निवासी ग्राहक आसिफ अक्सर दुकान पर आता था। उसने अपने भतीजे की शादी में जाने के लिए शनिवार सुबह उसकी कार मांगी थी। पूर्व परिचित होने के कारण आसिफ के कहने पर उसने कार दे दी थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक डंपर से टकराने के बाद कार उसमें फंस गई और कुछ दूर तक डंपर के साथ करीब 25 मीटर तक घिसटती चली गई नतीजतन उसमें आग लग गई। इस दौरान उसका सेंट्रल लॉक भी फंस गया इसलिए उसमे बैठे लोग बाहर नहीं निकल सके और आग में बुरी तरह झुलस गए। उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त कार की रफ्तार बहुत तेज थी। उसकी गति का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क के दूसरी ओर चली गई और सामने से आ रहे एक डंपर से उसकी टक्कर हो गई। कर सवार अधिकतर लोग गर्म कपड़े पहने हुए थे इस वजह से लपटों ने उन्हें बुरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में आग लगने के बाद उसमें बैठे लोगों ने मदद मांगी लेकिन कार के दरवाजे नहीं खुलने से वे फंसे रह गए। कुछ राहगीर शीशे तोड़ने को आगे बढ़े लेकिन प्रचंड लपटों के कारण कोई कार के पास नहीं पहुंच सका। इस बीच डंपर में भी आग लग चुकी थी। कुछ लोग पास के पेट्रोल पंप से अग्निशमन यंत्र लेकर आए और आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने करीब 45 मिनट तक पानी की बौछार करने के बाद आग पर काबू पाया। तब तक कार सवार सभी लोगों की मौत हो चुकी थी। कार की हालत ऐसी थी कि शवों को निकालना मुश्किल हो गया था। रात करीब एक बजे कार से शवों को निकाला जा सका। अधिकतर शव बुरी तरह से झुलसे हुए थे। सूत्रों ने बताया कि मरने वाले सभी लोग बरेली के फॉहम लॉन में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। बरेली के मुख्य अग्निशमन अधिकारी चंद्र मोहन शर्मा ने बताया कि अभी हादसे की वजह बता पाना मुश्किल है। संभवत: कार का टायर फटने, चालक को नींद आ जाने या नशे में होने से वह अनियंत्रित हुई होगी, या फिर पेट्रोल का टैंक फटने से कार आग का गोला बनी होगी। फॉरेंसिक टीम की जांच के बाद स्थिति साफ हो पाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक जताया है। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए 'विकसित भारत@2047: वॉयस ऑफ यूथ' कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से रविवार को जारी एक बयान के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान मोदी देशभर के राजभवनों में आयोजित कार्यशालाओं में विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, संस्थानों के प्रमुखों और संकाय सदस्यों को भी संबोधित करेंगे, जो पहल की शुरुआत का प्रतीक होगा। पीएमओ ने कहा कि मोदी का दृष्टिकोण देश के लिए राष्ट्रीय योजनाओं के निर्माण और प्राथमिकताओं तथा लक्ष्यों को तय करने में युवा पीढ़ी को सक्रिय रूप से शामिल करना है। बयान में कहा गया है, "इस दृष्टिकोण के अनुरूप, 'विकसित भारत @2047: वॉइस ऑफ यूथ' पहल देश के युवाओं को विकसित भारत @2047 के दृष्टिकोण में विचारों का योगदान करने के लिए एक मंच प्रदान करेगी।" बयान में कहा गया है कि कार्यशालाएं 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाने के लिए युवाओं की राय जानने की प्रक्रिया शुरू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होंगी।
-
हैदराबाद. तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने रविवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) प्रमुख के.चंद्रशेखर राव (केसीआर) से मुलाकात की, जो कूल्हे की सर्जरी के बाद यहां एक निजी अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। रेड्डी ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने मुख्य सचिव और संबंधित अधिकारियों को राव के इलाज के लिए आवश्यक सहायता और सहयोग करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैंने उनके (राव के) तेजी से ठीक होने की कामना की और लोगों से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए तेलंगाना विधानसभा के सत्र में भाग लेने का अनुरोध किया। लोगों को सुशासन देने के लिए उनकी सलाह की आवश्यकता है।'' राव का यहां एक निजी सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल में बाईं ओर के कूल्हे की सर्जरी की गई है। अपने आवास पर आठ दिसंबर को गिरने से उन्हें चोट लग गई थी। अस्पताल के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री के छह से आठ सप्ताह में ठीक होने की उम्मीद है।
- मुंबई। महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के देवगढ़ में शनिवार दोपहर एक निजी संस्थान की चार छात्राएं समुद्र में डूब गईं, जबकि एक छात्र लापता है। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि ये छात्र पुणे के पास पिंपरी चिंचवड में प्रशिक्षण संस्थान ‘सैनिक अकादमी' के 35 छात्रों के एक समूह का हिस्सा थे। उन्होंने बताया कि समूह मुंबई से लगभग 500 किलोमीटर दूर दक्षिण में तटीय शहर में पिकनिक मनाने गया था। मृत छात्राओं की शिनाख्त प्रेरणा डोंगरे, अंकिता गालते, अनीशा पडवाल और पायल बंसोडे के रूप में हुई है। शवों को पास के एक ग्रामीण अस्पताल में रखा गया है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है और जांच जारी है। file photo
- नयी दिल्ली। सरकार ने इस सप्ताह संसद को बताया कि 17 सितंबर से आयुष्मान भव अभियान के तहत स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों पर 9.9 लाख से अधिक स्वास्थ्य मेले आयोजित किए गए, जिनमें 705.69 लाख लोग आये। सरकार के अनुसार, मुफ्त दवाएं प्राप्त करने वाले लोगों की संख्या 468.81 लाख है, जबकि 372.61 लाख लोगों को मुफ्त जांच सेवाएं प्राप्त हुईं। सात प्रकार की कुल 1377.06 लाख जांच की गई। स्वास्थ्य राज्य मंत्री भारती प्रवीण पवार ने एक लिखित उत्तर में कहा कि प्रसूति एवं स्त्री रोग, बाल चिकित्सा, सर्जरी, ईएनटी, नेत्र और मनोरोग आदि जैसी विशेषज्ञ सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में मेडिकल कॉलेज द्वारा साप्ताहिक स्वास्थ्य मेले भी आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से अब तक कुल 26,793 सीएचसी स्वास्थ्य मेले आयोजित किये गए। उन्होंने बताया कि साथ ही 110.64 लाख रोगियों का पंजीकरण किया गया और 34.59 लाख रोगियों को विशेष ओपीडी (बाह्य रोगी विभाग) में परामर्श दिया गया। उन्होंने बताया कि साथ ही, 26,675 बड़ी सर्जरी और 94,433 छोटी सर्जरी की गई। उन्होंने बताया कि इसके अलावा, आयुष्मान भव अभियान के दौरान 28 नवंबर तक 3.5 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जिनमें सबसे अधिक कार्ड उत्तर प्रदेश में बनाए गए, इसके बाद महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश का स्थान रहा। आयुष्मान भव अभियान 13 सितंबर को राष्ट्रपति द्वारा शुरू किया गया था।
- नयी दिल्ली। केंद्र सरकार ने कहा है कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत 2022-23 में 7.43 लाख से अधिक ‘फर्जी' रोजगार कार्ड खत्म कर दिए गए, जिनमें से 2.96 लाख से अधिक उत्तर प्रदेश में थे। लोकसभा में इस सप्ताह एक प्रश्न के लिखित उत्तर में ग्रामीण विकास राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने फर्जी रोजगार कार्ड से जुड़े आंकड़े साझा किए। इन आंकड़ों से पता चलता है कि 2022-23 में 7,43,457 फर्जी रोजगार कार्ड और 2021-22 में 3,06,944 फर्जी रोजगार कार्ड हटा दिए गए। उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक संख्या में रोजगार कार्ड हटाए गए। उत्तर प्रदेश में 2021-23 में 67,937 फर्जी रोजगार कार्ड खत्म किए गए और 2022-23 में यह संख्या बढ़कर 2,96,464 हो गई। मंत्री की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के मुताबिक, 2022-23 में 1,14,333 रोजगार कार्ड और 2021-22 में 50,817 रोजगार कार्ड हटाए जाने के साथ ओडिशा दूसरे स्थान पर रहा।
- प्रयागराज। एसटीएफ की जिला इकाई ने यहां नवाबगंज थाना क्षेत्र में दुर्लभ प्रजाति के कछुओं की तस्करी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 741 कछुए बरामद किए हैं। पुलिस उपाधीक्षक (एसटीएफ) नवेंदु कुमार ने बताया कि एसटीएफ और थाना नवाबगंज पुलिस की टीम ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार की रात घेराबंदी कर नवाबगंज टोल प्लाजा पर कछुआ की तस्करी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों की पहचान अमेठी जिले के रहने वाले शनि और सूरज, रायबरेली जिले के रहने वाले आदर्श सिंह के तौर पर की गयी है और इनके पास से दुर्लभ प्रजाति के 741 कछुए बरामद किये गये हैं। उन्होंने बताया कि पूछताछ में पता चला कि इन कछुओं के मांस और कैलिपी (झिल्ली) को सुखाकर शक्तिवर्धक दवा बनाई जाती है। कछुओं को धान और भूसी के बीच 27 बोरियों में छिपाया गया था। पूछताछ में इन तस्करों ने बताया कि इन कछुओं को इन्होंने अमेठी के जगदीशपुर में सलमान, अकबर और फूल मोहम्मद से प्राप्त किया था और इसे लेकर वे पश्चिम बंगाल जा रहे थे जहां स्थानीय तस्करों से संपर्क कर इन्हें ऊचें दामों पर बेच दिया जाता।
- कोट्टयम (केरल)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के प्रमुख के. सुरेंद्रन ने शनिवार को यहां कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनवरी में केरल का दौरा करेंगे और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी के अलावा, गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा और पार्टी के अन्य नेता भी आगामी लोकसभा चुनाव से पहले आगामी महीनों में केरल में राजग के विभिन्न प्रचार अभियान कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वह यहां भाजपा के नेतृत्व वाले राजग के राज्य नेतृत्व की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जनवरी में राज्यभर के सभी लोकसभा क्षेत्रों में पैदल मार्च निकालेंगे। सुरेंद्रन ने कहा, ‘‘केवल भाजपा के नेता ही नहीं, बल्कि राजग के सभी नेता प्रधानमंत्री के संदेश के साथ राज्यभर में ईसाई लोगों के घरों में जायेंगे।'' उन्होंने कहा कि वे इस अवसर का इस्तेमाल कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की कथित सांप्रदायिक तुष्टिकरण की नीति को उजागर करने के लिए करेंगे। सुरेंद्रन ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने जनवरी के पहले सप्ताह में केरल में राजग के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए सहमति दे दी है।'' राज्य में पिनराई विजयन के नेतृत्व वाली एलडीएफ सरकार की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि वह केंद्र की ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा' में सहयोग नहीं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वामपंथी सरकार इस बात पर अड़ी हुई है कि केंद्र के विकास कार्यक्रम इस राज्य के लोगों तक नहीं पहुंचें।
-
नयी दिल्ली. सरकार ने शनिवार को कहा कि ‘आधार' के लिए पात्र व्यक्ति उंगलियों के निशान उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में ‘आईरिस' स्कैन का उपयोग करके नामांकन कर सकता है। यह बयान इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर द्वारा केरल में एक महिला जोसीमोल पी जोस के नामांकन को सुनिश्चित करने के लिए आया है। महिला हाथ की उंगलियां नहीं होने के कारण आधार के लिए नामांकन नहीं कर सकी थी। बयान के अनुसार, भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) की एक टीम ने उसी दिन केरल के कोट्टायम जिले के कुमारकम में रहने वाली जोस से उसके घर पर मुलाकात की और उसका आधार नंबर तैयार किया। चंद्रशेखर ने कहा कि सभी आधार सेवा केंद्रों से कहा गया है कि वैकल्पिक बायोमेट्रिक्स लेकर धुंधली उंगलियों के निशान या इसी तरह की दिव्यांगता वाले अन्य लोगों को आधार जारी किया जाना चाहिए। बयान के अनुसार, “एक व्यक्ति जो आधार के लिए पात्र है, लेकिन उंगलियों के निशान देने में असमर्थ है, वह केवल आईरिस स्कैन का उपयोग करके नामांकन कर सकता है। इसी प्रकार, एक पात्र व्यक्ति जिसकी आंखों की पुतली किसी भी कारण से नहीं ली जा सकी है, वह केवल अपने फिंगरप्रिंट का उपयोग करके नामांकन कर सकता है।” इसमें कहा गया कि उंगली और आईरिस बायोमेट्रिक्स, दोनों ही देने में असमर्थ व्यक्ति का नाम, लिंग, पता, जन्मतिथि का उपलब्ध बायोमेट्रिक्स के साथ मिलान किया जाता है।
-
भुवनेश्वर. ‘जनता का लूटा हुआ धन वापस लौटाए जाने'' के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आश्वासन के एक दिन बाद आयकर विभाग ने ओडिशा में शराब बनाने वाली कंपनियों के एक समूह के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। आयकर अधिकारियों ने शुक्रवार तक करीब 225 करोड़ रुपए बरामद करने के बाद शनिवार को बोलांगीर जिले के सुदापारा इलाके में एक देशी शराब निर्माता के घर से नकदी से भरे 20 बैग जब्त किए। एक अधिकारी ने बताया कि सुदापारा से बरामद धनराशि की गिनती की जा रही है और अनुमान है कि यह राशि 50 करोड़ रुपये से अधिक है। आयकर विभाग के अधिकारी नकदी से भरे 156 बैग गिनती के लिए बोलांगीर स्थित एसबीआई (भारतीय स्टेट बैंक) की मुख्य शाखा में शुक्रवार को ले गए थे। आयकर विभाग के महानिदेशक संजय बहादुर पिछले तीन दिन से भुवनेश्वर में डेरा डाले हुए हैं। उन्होंने छापेमारी के बारे में और विवरण देने से इनकार कर दिया। उन्होंने शनिवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारे लोग इस पर काम कर रहे हैं।''
सूत्रों ने बताया कि 150 अधिकारी शराब बनाने वाली कंपनियों के समूह के खिलाफ छापेमारी कर रहे हैं। आयकर विभाग ने छापेमारी के दौरान विभिन्न स्थानों से बरामद डिजिटल दस्तावेजों के सत्यापन के काम में हैदराबाद के 20 अन्य अधिकारियों को भी लगाया है। उन्होंने बताया कि कि जब्त किए गए पैसे की गिनती संबलपुर और बोलांगीर स्थित दो एसबीआई शाखाओं में की जा रही थी। उन्होंने कहा कि नकदी की गिनती एक कठिन काम बन गयी है और अधिक संख्या में नोटों की गिनती के कारण मशीनों में खराबी आ गई है। उन्होंने बताया कि प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न बैंकों से नोट गिनने की मशीन लाई गई हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर छापेमारी संबंधी खबर साझा करते हुए लिखा था, ‘‘देशवासी इन नोटों के ढेर को देखें और फिर इनके नेताओं के ईमानदारी के 'भाषणों' को सुनें... जनता से जो लूटा है, उसकी पाई-पाई लौटानी पड़ेगी, यह मोदी की गारंटी है। -
हैदराबाद. तीसरी तेलंगाना विधानसभा का पहला सत्र शनिवार को यहां शुरू हुआ और नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई गई। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने सबसे पहले शपथ ग्रहण की और उनके बाद उपमुख्यमंत्री मल्लू बी. विक्रमार्क ने शपथ ली। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी ने अस्थायी अध्यक्ष के रूप में सदन की कार्यवाही की अध्यक्षता की। सत्र शुरू होने से पहले ओवैसी ने अस्थायी अध्यक्ष के तौर पर शपथ ली। उन्हें राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने शपथ दिलायी। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अस्थायी अध्यक्ष के तौर पर ओवैसी की नियुक्ति में विधानसभा नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए शपथ ग्रहण कार्यक्रम का बहिष्कार करने का फैसला किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी ने आरोप लगाया कि सदन में कई अन्य वरिष्ठ सदस्य होने के बावजूद ओवैसी को अस्थायी अध्यक्ष नियुक्त किया गया। रेड्डी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘विधानसभा में अस्थायी अध्यक्ष के तौर पर वरिष्ठ व्यक्ति को नियुक्त करने की परंपरा है। भाजपा, एआईएमआईएम और कांग्रेस के बीच सहमति के अनुसार अस्थायी अध्यक्ष के रूप में अकबरुद्दीन की नियुक्ति का विरोध करती है।'' उन्होंने कहा कि भाजपा ने पहले ही दावा किया है कि कांग्रेस और एआईएमआईएम के बीच मौन सहमति है।
उन्होंने कहा कि भाजपा अस्थायी अध्यक्ष के तौर पर किसी वरिष्ठ सदस्य की नियुक्ति के बाद अध्यक्ष का चुनाव कराना चाहती है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को राज्यपाल के समक्ष उठाएगी। रेड्डी ने कहा कि भाजपा विधायक नियमित अध्यक्ष के कार्यभार संभालने के बाद शपथ लेंगे। -
देहरादून. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि भारत 2025 के अंत तक 5,000 अरब अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने यहां उत्तराखंड वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण भारत पिछले एक दशक में हर मोर्चे पर तेजी से आगे बढ़ा है। शाह ने कहा, ''दुनिया आज भारत की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है। 2014 से 2023 के बीच भारत दुनिया की 11वीं अर्थव्यवस्था से उठकर पांचवीं (सबसे बड़ी) अर्थव्यवस्था बन गया है।'' उन्होंने कहा कि आजादी के 75 साल के दौरान देश ने पहले कभी इतनी बड़ी छलांग नहीं लगाई। उन्होंने इसका श्रेय मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और अपने लक्ष्य को वास्तविकता में बदलने की उनकी क्षमता को दिया। शाह ने कहा कि मोदी जलवायु परिवर्तन के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं, वह आतंकवाद मुक्त दुनिया के लिए अंतरराष्ट्रीय अभियान की अगुवाई करने के अलावा अपने मेक इन इंडिया कार्यक्रम के जरिये दुनिया की धीमी होती जीडीपी को गति देने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जी-20 दिल्ली घोषणापत्र कूटनीतिक मोर्चे पर भारत की बड़ी उपलब्धि है, जिसे दुनिया आने वाले दशकों तक याद रखेगी।
-
नयी दिल्ली. कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने राजस्थान के हालिया विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली हार की समीक्षा के लिए शनिवार को बैठक की और यह फैसला किया कि कमियों को दूर करके तथा एकजुट होकर अगले लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाना है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में समीक्षा बैठक बुलाई थी। इस बैठक में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। राजस्थान के साथ मिजोरम विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर समीक्षा बैठक हुई।
राजस्थान से संबंधित समीक्षा बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा तथा कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। बैठक के बाद रंधावा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘काफी लंबी चर्चा हुई है। हमारे कई उम्मीदवार बहुत कम वोटों से हारे। हमने नेतृत्व को बोल दिया है कि हम लोकसभा चुनाव की तैयारियां करेंगे। जहां जहां कमियां थीं, उनको हम दूर करके चुनाव ल़ड़ेंगे। एकजुट होकर लड़ेंगे।'' उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भी पूरी कांग्रेस एकजुट होकर लड़ी थी।
यह पूछे जाने पर क्या प्रभारी पद से उन्होंने इस्तीफे की पेशकश की तो रंधावा ने कहा, ‘‘उन्होंने (नेतृत्व) कहा कि दूसरे राज्यों की तुलना में राजस्थान में कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन किया है।'' रंधावा के मुताबिक, उन्होंने पहले ही कह दिया था कि वह विधानसभा चुनाव तक रहना चाहते थे।
कांग्रेस के मिजोरम प्रभारी भक्त चरण दास ने कहा, ‘‘हमने मिजोरम चुनाव के हर पहलू पर चर्चा की, जिसमें जमीनी स्तर और राज्य स्तर पर राज्य की संगठनात्मक संरचना के साथ-साथ चुनाव के दौरान हुए विभिन्न घटनाक्रम शामिल थे।'' उन्होंने कहा, ‘‘हमने अपनी भविष्य की योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया। इन सभी मामलों पर गहन चर्चा की गई। -
नयी दिल्ली. विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को महिलाओं को ‘विभाजनकारी राजनीति' से आगाह किया और कहा कि वे एक बड़ी ‘जाति' हैं, जो किसी भी चुनौती का मिलकर सामना कर सकती हैं। ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा' की महिला लाभार्थियों के साथ संवाद करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘सभी महिलाओं को एक साथ रहना चाहिए। आजकल, कुछ लोग महिलाओं के बीच दरार पैदा कर रहे हैं.सभी महिलाओं की एक जाति होती है, जो इतनी बड़ी है कि वे किसी भी चुनौती का सामना कर सकती हैं।'' बाद में एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि उन्होंने महिलाओं को विभाजनकारी राजनीति से सतर्क होने के लिए आगाह किया, ताकि उनके बीच दरार ना पैदा की जा सके। सत्तारूढ़ भाजपा ने कई कल्याणकारी योजनाओं के साथ महिला मतदाताओं को लुभाया है। कुछ सर्वेक्षणों से पता चला है कि महिलाओं ने कई विधानसभा चुनावों में पार्टी के लिए अधिक उत्साह से मतदान किया है। मोदी की इस टिप्पणी को कांग्रेस और अन्य दलों पर कटाक्ष के तौर पर देखा जा रहा है, जो जाति आधारित जनगणना पर जोर दे रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री पिछले कुछ दिनों से लगातार इस बात पर जोर दे रहे हैं कि गरीब, महिलाएं, युवा और किसान उनके लिए चार सबसे बड़ी जातियां हैं और इनकी प्रगति से भारत विकसित बनेगा। बिहार के दरभंगा की प्रियंका यादव के साथ बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री ने उक्त टिप्पणी की। प्रियंका ने कहा था कि कैसे केंद्र सरकार की कई कल्याणकारी योजनाओं ने उनके परिवार को कोविड-19 के प्रकोप के बाद वित्तीय संकट से उबरने में मदद की, क्योंकि उन्हें मुफ्त अनाज और नकद लाभ भी मिला। प्रधानमंत्री ने उनसे अपने गांव में सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूकता फैलाने का आग्रह किया। उन्होंने संतोष व्यक्त किया कि ‘मोदी की गारंटी' वाली गाड़ी देश के हर गांव तक पहुंच रही हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी कल्याणकारी योजना को सफल बनाने के लिए हर लाभार्थी तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम पहले कागजों और फीता काटने के समारोहों तक ही सीमित रहते थे। जम्मू-कश्मीर के शेखपुरा की दूध विक्रेता और विकसित भारत संकल्प यात्रा की लाभार्थी नाजिया नजीर ने कहा कि ‘जल जीवन मिशन' उनके गांव के लिए बेहद लाभकारी साबित हुआ है, क्योंकि पहले वहां पानी की समस्या थी, लेकिन आज नल से स्वच्छ और सुरक्षित पानी की आपूर्ति उनके घरों तक पहुंच रही है। मोदी ने जिन अन्य लाभार्थियों के साथ बातचीत की, उनमें एक किन्नर समुदाय की मोना भी शामिल थीं। वह रांची की रहने वाली थीं और ‘पीएम स्वनिधि योजना' के माध्यम से 10,000 रुपये का ऋण लेने के बाद अब चंडीगढ़ में एक चाय की दुकान की मालकिन हैं। प्रधानमंत्री ने जोर दिया कि किन्नर समुदाय को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास' की केंद्र सरकार की भावना को रेखांकित किया और कहा कि विकास समाज के हर तबके तक पहुंच रहा है।
- हैदराबाद। तेलंगाना में कांग्रेस की नई सरकार में शनिवार को मंत्रियों के विभागों की घोषणा कर दी गई। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने नगरपालिका प्रशासन, सामान्य प्रशासन, कानून एवं व्यवस्था और अन्य सभी गैर आवंटित विभागों को अपने पास रखा है। उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क को वित्त और योजना, ऊर्जा जैसे अहम विभाग आवंटित किए गए हैं।एन. उत्तम कुमार रेड्डी को सिंचाई और सीएडी, खाद्य तथा नागरिक आपूर्ति का प्रभार दिया गया जबकि दामोदर राजानरसिम्हा अब स्वास्थ्य, चिकित्सा एवं परिवार कल्याण, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री बनाए गए हैं। कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी को सड़क, भवन और सिनेमैटोग्राफी विभाग का प्रभार दिया गया है। डुडिला श्रीधर बाबू को सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार, उद्योग एवं वाणिज्य और विधायी मामलों का विभाग दिया गया है। पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी को राजस्व और आवास, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का प्रभार दिया गया जबकि पोन्नम प्रभाकर परिवहन, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग संभालेंगे। कोंडा सुरेखा को पर्यावरण और वन, बंदोबस्ती विभाग आवंटित किया गया। डी अनसुइया राज्य की पंचायत राज एवं ग्रामीण विकास (ग्रामीण जल आपूर्ति सहित) और महिला एवं बाल कल्याण मंत्री बनाई गई हैं। तुम्मला नागेश्वर राव कृषि को विपणन, सहकारी, हथकरघा और कपड़ा उद्योग मंत्री बनाया गया है, जबकि जुपल्ली कृष्ण राव को निषेध और आबकारी विभाग, पर्यटन, संस्कृति और पुरातत्व विभाग का प्रभार दिया गया है।
- भोपाल। मध्य प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री को लेकर जारी सस्पेंस सोमवार को खत्म होने की संभावना है। भाजपा के 163 नवनिर्वाचित विधायक केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में सोमवार को एक बैठक में अपने नेता का चयन करेंगे। पार्टी के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी। 17 नवंबर को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में, जिसके नतीजे पिछले रविवार को घोषित किए गए, भाजपा ने 230 सीटों में से 163 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस 66 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही। पार्टी ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश में अपने विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, अपने ओबीसी 'मोर्चा' प्रमुख के. लक्ष्मण और सचिव आशा लाकड़ा को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया। मध्य प्रदेश भाजपा मीडिया प्रकोष्ठ के प्रमुख आशीष अग्रवाल ने शनिवार को बताया, ''केंद्रीय पर्यवेक्षक सोमवार को पार्टी विधायकों की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।'' उन्होंने कहा कि बैठक का कार्यक्रम तय होने के बाद इसे मीडिया के साथ साझा किया जाएगा।पार्टी सूत्रों ने बताया कि बैठक सोमवार शाम पांच बजे या सात बजे के बीच किसी भी समय शुरू होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि बैठक पहले रविवार को होने वाली थी, लेकिन पर्यवेक्षकों के व्यस्त कार्यक्रम के कारण इसे सोमवार तक के लिए टाल दिया गया। सूत्रों ने बताया कि पर्यवेक्षकों के रविवार शाम या सोमवार सुबह मध्य प्रदेश पहुंचने की संभावना है।पिछले 19 साल में यह तीसरी बार है जब भाजपा मध्य प्रदेश में केंद्रीय पर्यवेक्षक भेज रही है।अगस्त 2004 में, जब उमा भारती ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था तो पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद महाजन और अरुण जेटली को राज्य में केंद्रीय पर्यवेक्षकों के रूप में भेजा गया था। नवंबर 2005 में, जब बाबूलाल गौर ने राज्य में शीर्ष पद से इस्तीफा दे दिया था तो विधायकों को नया मुख्यमंत्री चुनने में मदद करने के लिए राजनाथ सिंह को केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में भेजा गया था। उस वक्त शिवराज सिंह चौहान को विधायक दल का नेता चुना गया था।इस बार, भाजपा ने मौजूदा मुख्यमंत्री चौहान को मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में पेश किए बिना विधानसभा चुनाव लड़ा। ऐसा 20 साल बाद हुआ कि पार्टी ने मध्य प्रदेश में चुनाव से पहले अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम घोषित नहीं किया। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, इस बार भाजपा 15 महीने के अंतराल को छोड़कर भारत में भाजपा के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले चौहान की जगह किसी अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) नेता पर ध्यान केंद्रित कर सकती है। चौहान मप्र के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मुख्यमंत्री भी हैं। ऐसी स्थिति में लोधी समुदाय से आने वाले प्रह्लाद पटेल मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे हो सकते हैं । वह नरसिंहपुर विधानसभा सीट से चुने गए हैं और केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा दे चुके हैं। लोधी ओबीसी समुदाय का हिस्सा हैं। इस तथ्य को देखते हुए कि मध्य प्रदेश में ओबीसी की आबादी 48 प्रतिशत से अधिक है, भाजपा नेतृत्व 2003 के बाद से राज्य में शीर्ष पद के लिए ओबीसी नेताओं के साथ गया है। इससे पहले उसने उमा भारती को आगे बढ़ाया था जो कि एक लोधी हैं। एक साल बाद, पार्टी ने एक और ओबीसी, बाबूलाल गौर और फिर 2004 में चौहान पर अपना दांव लगाया । इस बीच, प्रह्लाद पटेल शुक्रवार को यहां थे और उन्होंने राज्य विधानसभा परिसर और मुख्यमंत्री निवास पहुंच कर चौहान से मुलाकात की। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, कैलाश विजयवर्गीय और भाजपा के राज्य प्रमुख वीडी शर्मा अन्य संभावित उम्मीदवारों में से हैं। नरेंद्र तोमर का नाम भी मुख्यमंत्री पद के लिए चर्चा में है जो दिमनी से चुने गए हैं और केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा दे चुके हैं। चारों बड़े दिग्गज पटेल, तोमर, विजयवर्गीय और वीडी शर्मा पहले ही नई दिल्ली में गृह मंत्री और भाजपा के मास्टर रणनीतिकार अमित शाह से मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष जे.पी.नड्डा से भी मुलाकात की। इन नेताओं ने सार्वजनिक रूप से इस बात से इनकार किया है कि वे मुख्यमंत्री बनने की होड़ में हैं। file photo




.jpg)

.jpg)

.jpg)




.jpg)

.jpg)








.jpg)


