- Home
- देश
- हरिद्वार (उत्तराखंड). अयोध्या मे बन रहे रामजन्म भूमि मंदिर में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा और उसके लोकार्पण की अभी कोई तिथि तय नहीं हुई है, लेकिन उम्मीद है कि इस साल 31 दिसंबर से अगले वर्ष के शुरू में 15 जनवरी के बीच किसी शुभ दिन ऐसा किया जा सकता है। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महामंत्री चंपत राय ने यह जानकारी दी। यहां विश्व हिंदू परिषद मार्गदर्शक मंडल की बृहस्पतिवार से शुरू हो रही बैठक में हिस्सा लेने आए राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महामंत्री चंपत राय ने कहा कि अभी अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर के लोकार्पण की तारीखें केवल मीडिया में ही चर्चा में हैं और इस बारे में अभी न्यास में कोई बात नहीं हुई है। उन्होंने अयोध्या में हो रहे राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण की प्रगति को उत्साहवर्धक बताया और कहा कि इस साल के अंत तक मंदिर के भूतल का कार्य पूरा हो जायेगा। राय ने उम्मीद जताई कि इसके बाद 31 दिसंबर से 15 जनवरी के बीच किसी ‘शुभ दिन' भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा मंदिर में हो जाएगी। हांलांकि, उन्होंने कहा, ‘‘अभी मंदिर ट्रस्ट में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की तारीख पर कोई चर्चा नहीं हुई है। संतों से विचार विमर्श कर प्राण प्रतिष्ठा तथा मंदिर के लोकार्पण का कार्यक्रम तय किया जाएगा।'' उन्होंने बताया कि मंदिर पूरब से पश्चिम तक 380 फुट लंबा, दक्षिण से उत्तर की ओर 250 फुट चौड़ा है जबकि जमीन से शिखर तक मंदिर की ऊंचाई 161 फुट है। केवल ग्रेनाइट से बन रहे मंदिर के चबूतरे की ऊंचाई 16 फुट रखी गयी है जबकि मंदिर में तीनों मंजिलों में कुल 392 खंभे लगे हैं। राय ने कहा कि मंदिर निर्माण में कहीं भी लोहे और कंक्रीट का उपयोग नहीं किया गया है तथा केवल पत्थरों का प्रयोग किया जा रहा है जिन्हें तांबे की पत्तियों से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंदिर जब बन कर तैयार होगा तो देखने वालों के लिए अद्धभुत और आश्चर्जनक होगा।
-
देहरादून. दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल अगले दो हफ्तों में 200 स्थानों पर 4जी सेवाओं की पेशकश करना शुरू कर देगी। वैष्णव ने यहां संवाददाताओं के साथ बातचीत में कहा कि देश में ही निर्मित 4जी दूरसंचार उपकरणों को बीएसएनएल ने चंडीगढ़ और देहरादून के बीच 200 स्थानों पर लगाया है। उन्होंने कहा, "अधिक-से-अधिक अगले दो हफ्तों में बीएसएनएल की 4जी सेवा शुरू हो जाएगी।" इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस साल नवंबर-दिसंबर तक बीएसएनएल के 4जी नेटवर्क को उन्नत कर 5जी में बदल दिया जाएगा। बीएसएनएल ने 4जी नेटवर्क की स्थापना के लिए टीसीएस और आईटीआई को 19,000 करोड़ रुपये से अधिक का अग्रिम ऑर्डर दिया हुआ है। इन उपकरणों को देश भर में 1.23 लाख से अधिक जगहों पर लगाया जाएगा। वैष्णव ने कहा, "बीएसएनएल जिस रफ्तार से नेटवर्क लगाएगा, उसे देखकर आप चकित हो जाएंगे। तीन महीने तक परीक्षण चलने के बाद हम एक दिन में 200 जगहों पर नेटवर्क लगाने लगेंगे। शुरू में यह नेटवर्क 4जी के तौर पर काम करेगा और नवंबर-दिसंबर तक थोड़े-बहुत सॉफ्टवेयर अपडेट के साथ इसे 5जी में तब्दील कर दिया जाएगा।"
-
नोएडा . उत्तर प्रदेश सरकार की मुफ्त ‘मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग' पहल में सिविल सेवा की तैयारी कर रहे 13 उम्मीदवारों ने प्रतिष्ठित परीक्षा पास कर ली है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह पहली बार है कि अभ्युदय केंद्रों के उम्मीदवारों ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित सिविल सेवाओं में जगह बनाई है। उन्होंने कहा कि पूर्व में 132 उम्मीदवार प्रशासन, पुलिस और इंजीनियरिंग कॉलेजों सहित विभिन्न राज्य स्तरीय सेवाओं में उत्तीर्ण हुए थे। ‘मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग' पहल के तहत यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा 2022 पास करने वाले इन 13 लोगों में चार महिलाएं और नौ पुरुष हैं। सफल उम्मीदवारों में से एक चंद्रकांत बागोरिया शीर्ष प्रदर्शन करने वालों में शामिल हैं, जिन्होंने अखिल भारतीय 75वीं रैंक हासिल की। यूपीएससी परिणाम सूची के अनुसार, विश्वजीत सौर्यन को एआईआर-126, मानसी को 178, आयुषी प्रधान को 334, आदित्य प्रताप सिंह को 341, कृतिका मिश्रा को 401, ईशान अग्रवाल को 409, नयन गौतम को 437, श्रीकेश कुमार राय को 457 अंक मिले। वहीं, आलोक कुमार वर्मा (692), निधि सिंह (748), क्षितिज कुमार (907), और रिंकू सिंह राही (921) का नाम भी इस सूची में शामिल है। उत्तर प्रदेश समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने कहा कि यूपीएससी, राज्य सेवाओं, रक्षा सेवाओं के साथ-साथ मेडिकल और इंजीनियरिंग के छात्रों के लिए मुफ्त कोचिंग की सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से अभ्युदय पहल फरवरी 2021 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शुरू की गई थी। उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने फोन पर बताया कि अभ्युदय कोचिंग केंद्रों में यूपीएससी 2022 की तैयारी कर रहे करीब 25 प्रतिशत उम्मीदवारों ने सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है, जिसके परिणाम मंगलवार को घोषित किए गए। मंत्री ने इस सफलता के लिए उम्मीदवारों की कड़ी मेहनत को श्रेय दिया और यह भी कहा कि आईएएस (भारतीय प्रशासनिक सेवा) अधिकारियों, आईपीएस (भारतीय पुलिस सेवा) अधिकारियों और अन्य अनुभवी व्यक्तियों के व्याख्यानों और सत्रों ने इस पहल में मदद की।
- नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में दुनिया के देशों में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। पार्टी ने कहा कि आज दुनिया के देशों में भारत और मोदी को जो सम्मान मिल रहा है वह 'अविस्मरणीय' है। भाजपा मुख्यालय में यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए इलेक्ट्रानिक्स एवं आईटी राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर ने मोदी की तीन देशों की यात्रा का जिक्र करते हुए विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को गालियां देना विपक्ष के नेताओं का एकमात्र एजेंडा बन गया है।" प्रधानमंत्री अपने पांच दिवसीय विदेश दौरे के बाद बुधवार रात स्वदेश लौट रहे हैं। उन्होंने इस दौरान जापान, पापुआ न्यू गिनी और आस्ट्रेलिया का दौरा किया तथा तीन महत्वपूर्ण वैश्विक सम्मेलनों में हिस्सा लिया। चंद्रशेखर ने कहा, "इन पांचों दिनों में जापान, पापुआ न्यू गिनी और आस्ट्रेलिया के अखबारों के पहले पन्ने पर प्रधानमंत्री की बैठकों और उनकी अन्य गतिविधियों से जुड़ी खबरें छायी रहीं।" भाजपा नेता ने कहा, "दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका के राष्ट्रपति प्रधानमंत्री मोदी से आटोग्राफ मांगते हैं। पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री स्वागत करने के बाद आदर भाव से मोदी के पैर छूते हैं। आस्ट्रेलिया के उनके समकक्ष मोदी को बॉस कहते हैं।" उन्होंने कहा कि ये इतिहास की सामान्य घटनाएं नहीं हैं, बल्कि ऐसे क्षण विरले देखने को मिलते हैं।राज्यमंत्री ने कहा कि यह सब इसलिए देखने को मिल रहा है क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले नौ साल में बहुत काम किए हैं, जिससे विश्व पटल पर देश की छवि ऐसी बन गई है कि दुनिया के देश अब भारत को सम्मान की दृष्टि से देखते हैं। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय राजनेता हैं जिनकी ग्लोबल लीडर अप्रूवल रेटिंग्स 77 फीसदी है।
- श्रीनगर। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को कहा कि श्रीनगर में जी20 समूह की बैठक आयोजित करने का महत्व यह है कि यह शहर पारंपरिक विरासत और अत्याधुनिक तकनीक के साथ आधुनिक बुनियादी ढांचे का एक अनोखा मिश्रण है। सिंह ने यहां एसकेआईसीसी में जी20 देशों के पर्यटन से जुड़े कार्यकारी समूह की तीसरी बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में राज्य मंत्री सिंह ने कहा कि जहां तक अर्थव्यवस्था, पर्यावरण और समाज के प्रति दायित्व का संबंध है, भारत वैश्विक जिम्मेदारी साझा करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, ‘‘आज जब हम श्रीनगर के दर्शनीय स्थल पर मिलते हैं, तो हमें अपने भीतर यह गहरा एहसास होता है कि हम सभी वैश्विक दुनिया का हिस्सा हैं और नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री काल में भारत इसे लेकर बहुत सतर्क है। '' सिंह ने कहा कि भारत की चुनौतियां, चिंताएं और मानक वैश्विक हैं और इसका विकास भी वैश्विक होना चाहिए।उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए मोदी जलवायु चुनौतियों को लेकर चिंतित हैं। हम 2070 तक शुद्ध शून्य कॉर्बन उत्सर्जन का लक्ष्य हासिल करने को लेकर भी प्रतिबद्ध हैं।'' केंद्रीय मंत्री ने कहा कि श्रीनगर में जी20 कार्यक्रम आयोजित करने का महत्व यह है कि यह शहर हमारी पारंपरिक विरासत और अत्याधुनिक तकनीक के साथ सबसे आधुनिक बुनियादी ढांचे का एक अनोखा मिश्रण है। सिंह ने कहा, ‘‘कश्मीर का श्रीनगर शहर फारसी और संस्कृत दोनों ही भाषाओं को सीखने की शुरुआती जगहों में से एक रहा है। यह कालीन, कढ़ाई और शॉल से लेकर कारीगरी और शिल्प कौशल के लिए भी बेहद लोकप्रिय है। दूसरी ओर, हमारे पास सबसे उन्नत अवसंरचनात्मक परियोजनाएं हैं। हमारे पास दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल है, जो एफिल टॉवर से 35 मीटर ऊंचा है। यह चिनाब नदी पर स्थित है, जो भारत की सबसे बड़ी नदियों में से एक है। '' सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में एशिया की ऐसी सबसे लंबी सड़क वाली सुरंग भी है, जिसमें दोनों ओर वाहनों के आवागमन की सुविधा है। इसे श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी सुरंग के रूप में जाना जाता है। केंद्रीय मंत्री ने जी20 समूह की भारत की अध्यक्षता का जिक्र करते हुए कहा कि जहां तक अर्थव्यवस्था, पर्यावरण और समाज के प्रति दायित्व का संबंध है, भारत वैश्विक जिम्मेदारी साझा करने के लिए तैयार है। भाषा रवि कांत पारुल
- भुवनेश्वर । कला एवं सांस्कृतिक विरासत के लिए भारतीय राष्ट्रीय न्यास (इनटैक) के अनुसार ओडिशा के पुरी जिले के पिपली ब्लॉक में बौद्ध धर्म के देवता अवलोकितेश्वर पद्मपाणि की एक प्राचीन प्रतिमा मिली है, जिसके पीछे शिलालेख हैं। इनटैक की ओडिशा इकाई के एक सदस्य अनिल धीर ने बताया कि लगभग 10 इंच ऊंची मूर्ति बागेश्वरपुर गांव के रसमेश्वर शिव मंदिर के गर्भगृह से मिली है। उन्होंने बताया कि मंदिर के पुजारी ने इसे वर्षों तक देवताओं के सिंहासन पर रखा और मूर्ति की ‘ध्यानी महादेव' के रूप में पूजा की जाती थी। बौद्ध धर्म में, अवलोकितेश्वर एक बोधिसत्व है जिसमें सभी बुद्धों की करुणा समाहित है। उनके 108 अवतार हैं, जिनमें से सबसे लोकप्रिय पद्मपाणि है। उन्होंने बताया कि इनटैक ने ओडिशा राज्य संग्रहालय से शिलालेख की एक प्रतिकृति लेकर उसे ललितगिरि संग्रहालय में रखने को कहा है।
- नयी दिल्ली। गो फर्स्ट के निलंबित निदेशक मंडल ने विमान पट्टे पर देने वाली वाली चार कंपनियों के खिलाफ मंगलवार को उच्चतम न्यायालय के समक्ष कैविएट दाखिल किया। कैविएट याचिका दाखिल करने का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि उनकी बातों को सुने बिना उनके खिलाफ कोई आदेश पारित नहीं किया जाए। उच्चतम न्यायालय की वेबसाइट पर उपलब्ध सूचना के अनुसार निलंबित निदेशक मंडल के चेयरमैन वरुण बेरी ने चार कैविएट आवेदन दाखिल किये हैं। पट्टे पर विमान देने वाली कंपनियों में...एसएमबीसी एविएशन कैपिटल लि., जीवाई एविएशन, एसएफवी एयरक्राफ्ट होल्डिंग्स और इंजन लीजिंग फाइनेंस बी वी (ईएलएफसी)। इन कंपनियों के संकट में फंसी कंपनी के पास करीब 22 विमान हैं। राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिकरण के सोमवार को जारी आदेश के खिलाफ कैविएट दाखिल किये गये हैं। इसमें राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) की दिल्ली पीठ के 10 मई को पारित आदेश को बरकरार रखा गया है। एनसीएलटी की प्रधान पीठ ने गो फर्स्ट की स्वैच्छिक ऋण शोधन समाधान कार्यवाही शुरू करने की अपील को स्वीकार कर लिया है। न्यायाधिकरण ने मामले में अंतरिम समाधान पेशेवर भी नियुक्त किया। बेरी वाडिया समूह की दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली इकाई ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज के कार्यकारी उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक भी हैं। विमान पट्टे पर देने वाली कंपनियां गो फर्स्ट के खिलाफ ऋण शोधन कार्यवाही शुरू करने का विरोध कर रही हैं और अपने उन विमानों को वापस लेने की मांग कर रही हैं जिनके पट्टे 10 मई से पहले समाप्त कर दिये गये थे। अपीलीय न्यायाधिकरण ने ऋण शोधन कार्यवाही का विरोध कर रही कंपनियों से विमानों को अधिकार में लेने और अन्य संबंधित दावों के संदर्भ में राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण के पास जाने को कहा है। गो फर्स्ट तीन मई से उड़ानों का परिचालन नहीं कर रही है।
-
नई दिल्ली। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एन.डी.ए. ने 28 मई को उन्नीस राजनीतिक दलों के नए संसद भवन के उद्घाटन का बहिष्कार करने के निर्णय की एक स्वर में निंदा की है। एनडीए ने आरोप लगाया कि यह कृत्य अपमानजनक ही नहीं देश के लोकतांत्रिक चरित्र और संवैधानिक मूल्यों का अनादर है। एनडीए ने कहा कि इस संस्था के प्रति इस तरह का निन्दनीय असम्मान न केवल बौद्धिक दिवालियापन है बल्कि लोकतंत्र की अवमानना है। एन.डी.ए. ने विपक्षी दलों पर पिछले नौ वर्ष में संसदीय प्रणाली के प्रति बार-बार असम्मान प्रदर्शित करने और संसदीय कर्तव्यों के प्रति लापरवाह रवैया बरतने का आरोप लगाया।
वक्तव्य में कहा गया है कि विपक्षी पार्टियों द्वारा संसदीय शालीनता और संवैधानिक मूल्यों के बारे में उपदेश देना हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की अध्यक्षता में माल एवं सेवा कर पर विशेष सत्र का बहिष्कार किया और जब उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया तो समारोह में शामिल तक नहीं हुए। विपक्षी पार्टियों ने श्री रामनाथ कोविंद के राष्ट्रपति चुने जाने पर उनसे शिष्टाचार भेंट भी देर से की। एनडीए ने आरोप लगाया कि वर्तमान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रति भी विपक्षी दलों ने जो अनादर दिखाया उससे राजनीतिक विमर्श निम्नतर स्तर पर पहुंच गया। उनकी उम्मीदवारी का प्रबल विरोध उनका अपमान ही नहीं अनुसूचित जाति-जनजाति का भी अनादर है।एन.डी.ए. ने अपने बयान में आरोप लगाया गया कि विपक्षी दलों द्वारा अर्ध-राजशाही सरकारों और परिवार संचालित पार्टियों को प्राथमिकता देना जीवंत लोकतंत्र के प्रति उनकी घृणा दिखाता है। - नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों जापान, पापुआ न्यू गिनी और ऑस्ट्रेलिया की सफल यात्रा के बाद स्वदेश लौट आए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, मीनाक्षी लेखी, संसद सदस्य, विधायक, पार्टी के सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता तथा लोगों ने दिल्ली के पालम हवाई अड्डे पर श्री मोदी का स्वागत किया।भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने श्री मोदी का अभिनंदन करते हुए कहा कि दुनिया प्रधानमंत्री के शासन मॉडल की सराहना करती है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने जिन देशों की यात्रा की वहां के नेताओं ने उन्हें जो प्यार और सम्मान दिया वह उनके नेतृत्व में सभी के अपार विश्वास को दर्शाता है। श्री नड्डा ने कहा कि पापुआ न्यू गिनी में जिस तरह से प्रधानमंत्री का स्वागत किया गया, उसे देखकर भारत के लोगों को गर्व होता है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों को दुनिया में आगे बढ़ाने में मोदी का बहुत बड़ा योगदान है। श्री नड्डा ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक स्तर पर भारत का कद बढ़ाया है।विदेश मंत्री डॉक्टर एस. जयशंकर ने कहा कि पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री श्री मोदी को विश्व गुरु मानते हैं और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री उन्हें बॉस कहते हैं। विदेश मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के कारण आज दुनिया नया भारत देख रही है।श्री मोदी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जब वह देश की संस्कृति के बारे में बात करते हैं, तो वह दुनिया की आंखों में देखते हैं। उन्होंने कहा कि यह विश्वास इसलिए आया है क्योंकि भारत के लोगों ने देश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जो लोग यहां आए हैं, वे प्रधानमंत्री मोदी से नहीं बल्कि भारत से प्यार करने वाले लोग हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान उन्हें जो भी समय मिला, उन्होंने उसका उपयोग राष्ट्र की भलाई और राष्ट्र के लिए श्रेष्ठ निर्णय लेने के लिए किया। श्री मोदी ने कहा कि वे जितने भी नेताओं से मिले और जिन लोगों से बात की, वे मंत्रमुग्ध हुए और उन्होंने भारत की अध्यक्षता में जी-20 के महत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सभी भारतीयों के लिए बड़े गर्व की बात है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन देशों के नेताओं ने पूछा कि संकट के समय मोदी दुनिया को वैक्सीन क्यों दे रहे हैं। उन्होंने उन्हें याद दिलाया कि भारत बुद्ध और गांधी की भूमि है। श्री मोदी ने कहा कि हम अपने शत्रुओं की भी परवाह करते हैं, हम करुणा से प्रेरित लोग हैं और हम केवल इसी तरह आगे बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि आज दुनिया जानना चाहती है कि भारत क्या सोच रहा है।प्रधानमंत्री ने लोगों से कहा कि जब हम भारत की संस्कृति और महान परंपराओं के बारे में बात करें तो कभी भी दासता की मानसिकता में न रहें और हिम्मत से बात करें। उन्होंने कहा कि विश्व भारत के बारे में जानने के लिए उत्सुक है और वे उनसे इस बात पर सहमत है जब हम कहते हैं कि हमारे तीर्थ स्थानों पर हमला स्वीकार्य नहीं है।श्री मोदी ने कहा कि सिडनी में भारतीय मूल के लोगों के कार्यक्रम में केवल ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ही शामिल नहीं हुए बल्कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री, विपक्षी और सत्तारूढ दल के सांसदों ने भी इसमें हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की ताकत है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सभी लोगों ने भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में भाग लिया।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देहरादून से दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को बृहस्पतिवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह उत्तराखंड में शुरू होने वाली पहली वंदे भारत ट्रेन है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक बयान में बुधवार को यह जानकारी दी गई। उसके मुताबिक प्रधानमंत्री इस अवसर पर नए विद्युतीकृत रेल खंडों को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। पीएमओ ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी 25 मई को सुबह 11 बजे वीडियो कांफ्रेंस के जरिए देहरादून से दिल्ली के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।'' पीएमओ के मुताबिक यह उत्तराखंड में शुरू होने वाली पहली वंदे भारत ट्रेन होगी जो विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ, राज्य की यात्रा करने वाले पर्यटकों के लिए आरामदायक यात्रा के एक नए युग की शुरुआत करेगी। इस वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का निर्माण स्वदेश में किया गया है और यह ‘कवच' तकनीक सहित उन्नत सुरक्षा सुविधाओं से लैस है। पीएमओ ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन के स्वच्छ साधन प्रदान करने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप भारतीय रेलवे देश में रेल मार्गों का सौ प्रतिशत विद्युतीकृत करने की कोशिश में है। इस दिशा में आगे बढ़ते हुए प्रधानमंत्री उत्तराखंड में नए विद्युतीकृत रेल लाइन खंडों को देश को समर्पित करेंगे। पीएमओ ने कहा कि इसके साथ ही उत्तराखंड में पूरे रेल मार्ग का 100 प्रतिशत विद्युतीकृत पूरा हो जाएगा। उसने कहा, विद्युतीकृत खंडों पर बिजली द्वारा चलाई जाने वाली ट्रेनों के परिणामस्वरूप ट्रेनों की गति में वृद्धि होगी और ढुलाई क्षमता भी बढ़ेगी।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 'खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स' के तीसरे संस्करण का बृहस्पतिवार को उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम 25 मई से तीन जून तक उत्तर प्रदेश में आयोजित होगा। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
पीएमओ ने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 मई को शाम सात बजे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022 का उद्घाटन करेंगे।'' पीएमओ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश में खेलों की संस्कृति विकसित करने और युवाओं को खेलों में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करने पर बहुत अधिक ध्यान दिया है। उसके मुताबिक उभरते खिलाड़ियों का समर्थन करने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं शुरू की गई हैं और देश में खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के प्रयास किए गए हैं। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन इस दिशा में एक और कदम है। इस वर्ष ‘खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स' का तीसरा संस्करण उत्तर प्रदेश में 25 मई से 3 जून तक आयोजित किया जाएगा। ये प्रतियोगिताएं वाराणसी, गोरखपुर, लखनऊ और गौतम बुद्ध नगर में आयोजित की जाएंगी। इन खेलों में 200 से अधिक विश्वविद्यालयों के 4750 से अधिक एथलीट भाग लेंगे, जो 21 खेलों में प्रतिस्पर्धा करेंगे। खेलों का समापन समारोह तीन जून को वाराणसी में होगा। खेलों के शुभंकर का नाम जीतू है, जो उत्तर प्रदेश के राज्य पशु स्वैम्प डियर (बारहसिंघा) का प्रतिनिधित्व करता है। ‘खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स' का पहला संस्करण ओडिशा में और दूसरा संस्करण कर्नाटक में हुआ था।
- -
औरंगाबाद. महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में बुधवार को समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर एक दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गयी। ये सभी अंतिम संस्कार से लौट रहे थे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक, गुजरात में सूरत के रहने वाले पांच लोग अपने एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए तेलंगाना गए थे। वे एक कार में सवार होकर वापस आ रहे थे और इसी दौरान उनका वाहन एक्सप्रेस-वे पर करमाड के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। करमाड पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि बुधवार तड़के करीब तीन बजे हुई इस दुर्घटना में कार डिवाइडर से टकरा गई थी। उन्होंने बताया कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान संजय गौड़ (43), कृष्ण गौड़ (44), श्रीनिवास गौड़ (38) और सुरेश गौड़ (41) के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि कार में सवार पांचवां व्यक्ति हादसे में बच गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने हाल में बताया था कि दिसंबर 2022 में शुरू होने के बाद से इस साल अप्रैल के अंत तक मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटनाओं में कुल 39 लोगों की जान जा चुकी है और 143 घायल हो चुके हैं।
-
नयी दिल्ली. उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बुधवार को कहा कि भारत अभूतपूर्व विकास पथ पर आगे बढ़ रहा है और 2047 तक यह ‘विश्व गुरु' बन जाएगा। भारत 2047 में अपनी स्वतंत्रता की 100वीं वर्षगांठ मना रहा होगा। धनखड़ ने जोर देकर कहा कि देश की आर्थिक प्रगति और उसकी सुरक्षा आपस में गहराई से जुड़ी हुई हैं और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) जैसे बल भारत के ‘समग्र विकास' के संरक्षक हैं। उपराष्ट्रपति यहां बीएसएफ के वार्षिक ‘रुस्तमजी स्मृति व्याख्यान' को संबोधित कर रहे थे।
यह व्याख्यान बीएसएफ के पहले प्रमुख के.एफ. रुस्तमजी की याद में आयोजित किया जाता है, जो 1965-74 के दौरान 3.25 लाख की क्षमता वाले बल के महानिदेशक थे। वर्ष 1965 में गठित बीएसएफ पर पाकिस्तान और बांग्लादेश से सटी सीमाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी है। धनखड़ ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा देश की प्रगतिशील समृद्धि की ‘आधारशिला' है और जो विकास पहले होना चाहिए था, वह अब हो रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘आप देखिए हमारे पास किस तरह का सड़क ढांचा है, किस तरह की तकनीकी भागीदारी हो रही है, किस तरह के हथियार उपलब्ध कराए जा रहे हैं और किस तरह की सुविधाएं मानव संसाधन के लिए बनाई जा रही हैं... यह कोई बाध्यता नहीं, हमारा कर्तव्य है (बीएसएफ जैसे सुरक्षा बलों के लिए)।'' धनखड़ ने कहा कि वह इस बात से ‘संतुष्ट' हैं कि इन मुद्दों पर ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत ‘अभूतपूर्व प्रगति' की तरह बढ़ रहा है और यह सतत वृद्धि उच्च-स्तर पर जाएगी और 2047 तक भारत ‘विश्व गुरु' होगा। उपराष्ट्रपति ने कहा, ‘‘लगभग एक दशक पहले हम 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था थे, हालांकि, सितंबर 2022 में हम ब्रिटेन को पछाड़कर पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गए और इस दशक के अंत तक हम तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे।
- -
नयी दिल्ली. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को कहा कि सरकार माल को एक से दूसरी जगह पहुंचाने पर आने वाली लॉजिस्टिक लागत को सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के 14-16 प्रतिशत के मौजूदा स्तर से घटाकर अगले तीन साल में नौ प्रतिशत पर लाने की कोशिश में लगी है। गडकरी ने उद्योग मंडल भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि लॉजिस्टिक लागत को जीडीपी के इकाई अंक में लाने का सीधा असर निर्यात में बढ़ोतरी के रूप में देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा, ‘‘तमाम आकलनों में यह पाया गया है कि भारत में लॉजिस्टिक लागत दहाई अंक में है। सरकार ने राष्ट्रीय लॉजिस्टिक नीति और पीएम गति शक्ति पहल शुरू की है। इससे उद्योगों की प्रतिस्पर्द्धात्मकता को बढ़ावा मिलेगा और लॉजिस्टिक लागत में कमी आएगी।'' कुछ महीने पहले वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने कहा था कि लॉजिस्टिक लागत का प्रारूप तय करने के लिए एक कार्यबल गठित किया जाएगा। इसके सदस्यों में नीति आयोग, सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय और एनसीएईआर के प्रतिनिधियों के अलावा अकादमिक विशेषज्ञ एवं हितधारक भी शामिल होंगे। इसके साथ ही गडकरी ने कहा कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के पास रोपवे एवं फ्यूनिक्लर रेलवे (बिजली के तार से जुड़ी रेल) की करीब 260 परियोजनाओं के प्रस्ताव आए हुए हैं। इन परियोजनाओं की कुल लागत 1.3 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि उनके मंत्रालय ने देशभर में 500 बस डिपो की स्थापना के लिए जमीनें चिह्नित की हैं और इनके विकास के लिए उद्योगपतियों से निवेश का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि भारत को करीब दो लाख इलेक्ट्रिक बसों की जरूरत है।
-
जम्मू. जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में बुधवार को सुबह बिजली परियोजना के कर्मियों को ले जा रहे एक वाहन के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार छह लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतकों में झारखंड के दो कर्मचारी शामिल हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा दच्चन इलाके में डांगदुरु बिजली परियोजना स्थल के पास सुबह 8 बजकर 35 मिनट के आसपास हुआ। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने इस पर शोक व्यक्त किया है। अधिकारियों के अनुसार, हादसे के बाद से मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और घायलों के इलाज का खर्च उठाने की मांग को लेकर सैकड़ों कर्मचारी परियोजना स्थल पर प्रदर्शन कर रहे हैं। किश्तवाड़ के उपायुक्त देवांश यादव के मुताबिक, यह हादसा क्षेत्र में भारी बारिश के बीच हुआ।
किश्तवाड़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खलील अहमद पोसवाल ने बताया, “हादसे में सात लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।” उन्होंने बताया कि बचावकर्मी और स्थानीय लोग घायलों को तत्काल पास के एक अस्पताल ले गए।
पुलिस के अनुसार, एक तीव्र मोड़ से गुजरते समय चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और यह कई सौ फुट नीचे गहरी खाई में जा गिरा। अधिकारियों ने बताया कि खाई में गिरने के कारण वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार छह लोगों की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले कर्मचारियों की पहचान झारखंड के इटवा सिंह और राहुल कुमार, कश्तीगढ़ के सुदेश सिंह, डांगदुरु के अख्तर हुसैन, बंजवार के अब्दुल रशीद, डोडा के मुबाशिर अहमद और करूर के करण कुमार के रूप में की गई है। वहीं, घायलों में बिहार के रवि गिरी, रामबन के मोहम्मद गरीब और किश्तवाड़ के वरुण शर्मा शामिल हैं। तीनों को किश्तवाड़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे में हुई जनहानि पर दुख जताते हुए कहा, “मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मैंने जिला प्रशासन को प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है।” वहीं, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने इस हादसे को ‘दुर्भाग्यपूर्ण' करार देते हुए प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने ट्वीट किया, “किश्तवाड़ के उपायुक्त डॉ. देवांश यादव से डांगदुरु परियोजना स्थल पर हुई सड़क दुर्घटना के बारे में बात की... घायलों को आवश्यकता के अनुसार जिला अस्पताल किश्तवाड़ या जीएमसी डोडा में स्थानांतरित किया जा रहा है। जरूरत के हिसाब से हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी।” डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (डीपीएपी) के प्रमुख गुलाम नबी आजाद, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती, जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी (जेकेएपी) के अध्यक्ष अल्ताफ बुखारी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष रविंद्र रैना और नेशनल कॉन्फ्रेंस एवं पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के नेताओं ने भी हादसे पर दुख जताया। डीपीएपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री जी एम सरूरी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े उपाय करने की मांग की। सरूरी ने कहा, “मैं एक बार फिर उम्मीद करता हूं कि अधिकारी पर्याप्त सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करेंगे, क्योंकि ऐसी दुर्घटनाएं लगभग हर दूसरे दिन होती हैं। दुर्गम पहाड़ी इलाकों में यातायात की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने पर फौरन ध्यान देने की जरूरत है। - रांची। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड के देवघर जिले में बुधवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की। राष्ट्रपति ने 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक, देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विशेष पूजा की। पुजारियों के एक दल ने मंदिर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूजा में राष्ट्रपति की मदद की। देवघर के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि राष्ट्रपति के मंदिर आने के मद्देनजर बुधवार को सुबह छह बजे से साढ़े दस बजे तक मंदिर में श्रद्धालुओं का प्रवेश वर्जित था। मंदिर के अधिकारियों ने बताया कि मुर्मू ने पुजारियों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर में विशेष पूजा की। इससे पहले झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने देवघर हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति की अगवानी की। राष्ट्रपति राज्य के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। यह राष्ट्रपति पद संभालने के बाद झारखंड का उनका दूसरा दौरा होगा। मुर्मू वर्ष 2015 से 2021 तक झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर देवघर, रांची और खूंटी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रांची के पुलिस अधीक्षक (नगर) सुभांशु जैन ने कहा कि शहर में 3,000 पुलिस कांस्टेबल और 900 अधिकारियों को तैनात किया गया है।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को नव-निर्मित संसद भवन राष्ट्र को समर्पित करते समय लोकसभा अध्यक्ष के आसन के निकट ऐतिहासिक स्वर्ण राजदंड-सेंगोल को प्रतिष्ठापित करेंगे। इस राजदंड का उपयोग 14 अगस्त 1947 को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने ब्रिटेन से भारतीयों को सत्ता स्थानांतरण के समय किया था। सेंगोल एक तमिल शब्द है जिसका अर्थ प्रचुर धन है और यह राजदंड वास्तविक और नैतिक नियमों का प्रतीक है। पांच फुट का सेंगोल भारतीय कला का उत्कृष्ट नमूना है। इसे प्रयागराज के संग्रहालय से लाया गया है।केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए पवित्र सेंगोल के इतिहास को स्पष्ट करते हुए बताया कि सेंगोल ने देश के इतिहास में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है और यह सत्ता हस्तांतरण का प्रतीक बन गया है।
श्री शाह ने कहा कि देश की सांस्कृतिक विरासत, इतिहास, परम्परा को न्यू इंडिया के साथ जोडने का यह एक अद्वितीय क्षण है। उन्होंने कहा कि नया संसद भवन प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता का उदाहरण है। उन्होंने बताया कि संसद के लोकार्पण के दिन श्री मोदी उन लगभग साठ हजार कर्मियों को सम्मानित करेंगे जिन्होंने रिकॉर्ड समय में नए संसद भवन को बनाया है।मीडिया के एक प्रश्न के उत्तर में श्री शाह ने कहा कि सरकार ने नए ससंद भवन के लोकार्पण के लिए सभी राजनीतिक दलों को आमंत्रित किया है। गृहमंत्री ने ऐतिहासिक सेंगोल की वेबसाइट का शुभारंभ भी किया। इसमें सेंगोल के बारे में विस्तृत जानकारी है। केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और केन्द्रीय संस्कृति मंत्री किशन रेड्डी भी इस अवसर पर उपस्थित थे। -
नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आज प्रवासन, गतिशीलता भागीदारी और हरित हाइड्रोजन कार्यबल से संबंधित समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के बीच सिडनी में हुई द्विपक्षीय बैठक के बाद इन सहमति पत्रों का आदान-प्रदान हुआ। बैठक में व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन, खनिज, शिक्षा, प्रवासन, गतिशीलता और जन संपर्क सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने हिंद-प्रशांत सहित जी-20 की अध्यक्षता के अंतर्गत भारत की पहलों, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद सुधार और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया।
बैठक के बाद एक संयुक्त प्रेस बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध परस्पर विश्वास पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि श्री अल्बनीज के साथ दोनों देशों के बीच खनन और महत्वपूर्ण खनिजों में नीतिगत सहयोग मजबूत करने पर सकारात्मक बातचीत की। श्री मोदी ने कहा कि बातचीत में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापक नीतिगत भागीदारी को नई उंचाइयों पर ले जाने पर विचार-विमर्श हुआ। श्री मोदी ने इस वर्ष क्रिकेट विश्व कप के लिए प्रधानमंत्री अल्बनीज और ऑस्ट्रेलिया के सभी क्रिकेट प्रेमियों को भारत आने का निमंत्रण दिया। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने श्री अल्बनीज के साथ पिछले दिनों ऑस्ट्रेलिया में मंदिरों पर हुए हमले और अलगाववादी गतिविधियों के बारे में भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि वे दोनों देशों के बीच दोस्ताना और मजबूत संबंधों को नुक्सान पहुंचाने वाले किसी तत्व को स्वीकार नहीं करेंगे। श्री मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री अल्बनीज ने उन्हें एक बार फिर भरोसा दिलाया है कि वे भविष्य में ऐसे तत्वों के खिलाफ कडी कार्यवाही करेंगे।ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों ने इस वर्ष भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक आर्थिक समझौते को जल्दी पूरा करने की साझी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने बेंगलुरू में ऑस्ट्रेलिया के नए वाणिज्य दूतावास खोलने की भी घोषणा की और कहा कि इससे ऑस्ट्रेलिया के व्यापार को भारत के डिजिटल और नवाचार पारिस्थितिकी प्रणाली के साथ जोडने में मदद मिलेगी। बाद में प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के गवर्नर जनरल डेविड हर्ली के साथ भी बैठक की और जनसंपर्क तथा दीर्घकालीन द्विपक्षीय भागीदारी मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया। श्री मोदी ने विपक्ष के नेता पीटर डटन के साथ बैठक की और उन्हें दोनों देशों के बीच मजबूत भागीदारी से अवगत कराया। श्री मोदी ने जनसंपर्क और क्षेत्रीय घटनाक्रम सहित आपसी संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर भी बातचीत की। इससे पहले, श्री मोदी को औपचारिक गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया गया। श्री मोदी तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में ऑस्ट्रेलिया में हैं। ऑस्ट्रेलिया की उनकी यात्रा से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती मिलेगी। श्री मोदी की यात्रा ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री की इस वर्ष मार्च में हुई यात्रा के दो महीने बाद हो रही है। भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच पहली वार्षिक शिखर बैठक नई दिल्ली में दस मार्च को श्री अल्बनीज की यात्रा के दौरान हुई थी। प्रधानमंत्री पिछली बार नवम्बर 2014 में ऑस्ट्रेलिया गए थे। - मुंबई। मुंबई पुलिस को उसके आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर ‘‘मुंबई विस्फोट'' की धमकी मिलने के बाद महाराष्ट्र के नांदेड़ से मंगलवार को 19 वर्षीय ‘‘स्कूली छात्र'' को हिरासत में लिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि एक अज्ञात व्यक्ति ने ट्वीट किया, ‘‘मैं बहुत जल्द मुंबई में विस्फोट करने जा रहा हूं।'' उन्होंने कहा कि धमकी देने वाले की लोकेशन मुंबई से करीब 625 किलोमीटर दूर मराठवाड़ा क्षेत्र के नांदेड़ शहर में मिली, जिसके बाद संदिग्ध छात्र को हिरासत में लिया गया। देर रात जारी बयान में पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार संदिग्ध 19 वर्षीय स्कूली छात्र है।बयान में आगे कहा गया कि मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) की नांदेड़ इकाई की मदद से संदिग्ध को हिरासत में लिया। उसे मुंबई ले जाया जा रहा है।(सांकेतिक फोटो)
- भुवनेश्वर। ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) ने मंगलवार को कहा कि वह राज्य में जल्द चुनाव का सामना करने के लिए तैयार है। बीजद उपाध्यक्ष देवी प्रसाद मिश्रा ने कहा कि पार्टी को लोगों का भारी समर्थन प्राप्त है और वह मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नेतृत्व में कभी भी चुनाव लड़ने को तैयार है। उन्होंने इस मुद्दे पर एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, ‘‘मैंने इसके बारे में सुना है और लोग इस पर चर्चा कर रहे हैं। यह एक काल्पनिक सवाल है। अगर अन्य हितधारक और भारत निर्वाचन आयोग ओडिशा में समय से पहले चुनाव कराने के लिए तैयार हैं, तो बीजद इसके लिए तैयार है। हमें लोगों के बीच जबरदस्त समर्थन प्राप्त है।'' केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल पहले ही समय से पहले चुनाव की बात कर चुके हैं। मिश्रा ने इस पर कहा कि बीजद इसके लिए हमेशा तैयार है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सरत पटनायक ने कहा कि अगर सत्ता पक्ष समय से पहले विधानसभा भंग कर देता है और चुनाव जल्दी हो जाते हैं तो उनकी पार्टी इसके लिए तैयार है। नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली सरकार का कार्यकाल 24 जून, 2024 को समाप्त होने वाला है। हालांकि, कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री इस साल दिसंबर में पांच अन्य राज्यों के साथ चुनाव कराने के लिए विधानसभा को भंग कर सकते हैं। जिन राज्यों में दिसंबर में चुनाव होने की संभावना है उनमें मिजोरम, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना हैं।
- शिलांग। मेघालय में विपक्षी 'वॉयस ऑफ द पीपल्स पार्टी' (वीपीपी) के प्रमुख अर्देंट बसैयावमोइत ने राज्य सरकार पर 1972 की आरक्षण नीति की समीक्षा करने का दबाव बनाने के लिए मंगलवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की और दावा किया कि यह नीति 'अनुचित और पुरानी' है। राज्य सरकार द्वारा 1972 से ही गारो और खासी समुदाय के लिए 40-40 फीसदी नौकरियां आरक्षित हैं जबकि पांच फीसदी नौकरियां राज्य में रहने वाली अन्य जनजातियों के लिए और शेष 15 फीसदी नौकरियां सामान्य वर्ग के लिए हैं। राज्य में 60 सदस्यीय विधानसभा में चार विधायकों वाली वीपीपी इस नीति की समीक्षा की मांग कर रही है। वीपीपी का कहना है कि यह नीति खासी जनजाति के लिए अनुचित है जिसकी आबादी पिछले कुछ वर्षों में गारो जनजाति से अधिक हो गई है। तीन बार विधायक रह चूके बसैयावमोइत ने कहा, "मैं यह मांग करते हुए भूख हड़ताल कर रहा हूं कि राज्य सरकार राज्य में आदिवासियों के लिए 1972 की नौकरी आरक्षण नीति की समीक्षा करे। मैं अनिश्चितकालिन भूख हड़ताल के अपने फैसले पर अडिग हूं।" वह यहां राज्य सचिवालय के सामने अनशन पर बैठे हैं।
- श्रीनगर। केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी ने मंगलवार को कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए औपचारिक नीतियां बनाने की जरूरत है। रेड्डी ने यहां जी-20 पर्यटन कार्य समूह की तीसरी बैठक के दौरान ‘फिल्म पर्यटन के जरिए अतुल्य भारत का प्रचार' विषय पर एक कार्यक्रम को संबोधित किया। रेड्डी ने कहा, ‘‘पर्यटन में खासकर कमजोर समुदायों के बीच रोजगार पैदा करने की सबसे बड़ी क्षमता है।''उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माण का यात्रा स्थलों पर स्थायी प्रभाव पड़ सकता है क्योंकि सिनेमाई प्रदर्शन एक जगह को एक पर्यटन स्थल में बदल देता है। मंत्री ने फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के औपचारिक नीतियां बनाने पर जोर दिया। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत में सदियों पुरानी फिल्म विरासत के साथ प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जिसमें गुरु दत्त और सत्यजीत रे जैसे कलाकार शामिल हैं, जिन्हें उनकी कला के लिए स्वीकार किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य फिल्म पर्यटन क्षेत्र के दायरे को और बढ़ाना और अतुल्य भारत के सभी पहलुओं को उजागर करना था। सूचना और प्रसारण सचिव अपूर्वा चंद्रा ने कहा कि भारत के फिल्म क्षेत्र के पास अपनी कुशल जनशक्ति, दृश्य प्रभाव और साउंड इफेक्ट के साथ दुनिया को देने के लिए बहुत कुछ है।-----
- लखनऊ।उत्तर प्रदेश पुलिस ने केंद्र सरकार के ‘जल जीवन मिशन' में इस्तेमाल होने वाले पाइप की चोरी करने के मामले में कानपुर देहात जिले से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक 27 अप्रैल को चित्रकूट में पुलिस की एक टीम ने दो व्यक्तियों गुरमीत सिंह और नियाज अहमद को गिरफ्तार किया था, जो ‘जल जीवन मिशन' में इस्तेमाल होने वाले लोहे के पाइप की चोरी करने में शामिल थे और उनके पास से एक ट्रक में करीब 50 डीआई पाइप बरामद किए थे। गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए पाइप को कानपुर देहात जिले की एक फैक्टरी में बेचा जाता है। इसके बाद, 22 मई (सोमवार) को जब पुलिस टीम ने कानपुर देहात में एक कंपनी (रानिया औद्योगिक क्षेत्र में स्थित डिलाइट एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड) पर छापा मारा, तो उन्हें अलग-अलग लंबाई और व्यास के कई डीआई पाइप मिले। पुलिस ने कहा कि फैक्टरी के कर्मचारी और अधिकारी उन पाइपों के संबंध में कोई भी बिल या कागज पेश नहीं कर सकें। बयान में कहा गया है कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बृजकिशोर गुप्ता (कंपनी के मालिक) और कर्मचारी श्रीगोपाल उर्फ अमन राजपूत के रूप में हुई है। पुलिस के बयान के अनुसार, ‘‘‘जल जीवन मिशन' में उपयोग के लिए अधिकांश डीआई पाइप बुंदेलखंड के विभिन्न हिस्सों में राजमार्ग के किनारे बिना निगरानी के पड़े हुए हैं। इन पाइपों को चोर रात में ट्रकों पर लादते और कानपुर देहात में रनिया औद्योगिक क्षेत्र में स्थित डिलाइट एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड नामक फैक्टरी में ले जाते थे। बयान में कहा गया है, ‘‘फैक्टरी चोरों से लगभग 30 रुपये प्रति किलो कबाड़ की दर से इन नए पाइपों को खरीदती और पाइपों के उस हिस्से को काट देती जिस पर ‘जल जीवन मिशन लिखा' हुआ होता था। इसके बाद इन पाइपों पर अपनी कंपनी का नाम लिखकर उन्हें लगभग 110 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचा जाता था।'' पुलिस ने फैक्टरी के उस हिस्से को सील कर दिया हैं जहां ये पाइप रखे हुए थे।---
- अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में ड्रोन का इस्तेमाल कर पाकिस्तान से कथित तौर पर दो पिस्तौल और एक किलोग्राम से अधिक हेरोइन की तस्करी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। नशा रोधी विशेष कार्य बल के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान लखविंदर सिंह उर्फ लक्खा के रूप में हुई है, जो अजनाला कस्बे के एक सीमावर्ती गांव का निवासी है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी के पास से दो पिस्तौल और 1.6 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है।उन्होंने बताया कि पुलिस पहली बार एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार करने में सफल रही जो पाकिस्तान से ड्रग्स की तस्करी करने के लिए सीमा के इस तरफ से ड्रोन का संचालन कर रहा था। पुलिस ने बताया कि जब्त की गई हेरोइन, तस्करी की पहली खेप नहीं है। सिंह ने इससे पहले भी ड्रोन का इस्तेमाल कर पाकिस्तान से कई ऐसी तस्करी की थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके द्वारा प्राप्त खेप की संख्या के बारे में पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सिंह 2021 में लुधियाना जिला अदालत परिसर विस्फोट मामले में भी वांछित था।
- श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर विकास और शांति की असीम संभावनाओं के एक नए युग का गवाह बन रहा है तथा यह सीमा पार से समर्थित आतंकी तंत्र को अलग-थलग करने के सरकार के निरंतर प्रयासों के बाद हुआ है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को श्रीनगर में जी20 की बैठक में यह बात कही। जी20 पर्यटन कार्य समूह की बैठक के दूसरे दिन विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए सिन्हा ने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का मुद्दा उठाया और क्षेत्र में सरकार द्वारा किए गए विकास प्रयासों के साथ ही फिल्म उद्योग के लिये जम्मू कश्मीर को खोलने व बढ़ते विदेशी निवेश पर भी बात की। सिन्हा ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना कहा, लगभग सभी धार्मिक संप्रदायों के शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के लिए पहचान पाने वाले जम्मू-कश्मीर को “हमारे पड़ोसी देश द्वारा सरकार प्रायोजित आतंकवाद को झेलना पड़ा”।उपराज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई विकासात्मक योजनाओं और केंद्र शासित प्रदेश के प्रभावी प्रशासन से आतंकवाद के तंत्र को अब अलग-थलग कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अन्याय, शोषण और भेदभाव को पूरी तरह खत्म कर दिया है जिसका समाज के कई वर्गों ने सात दशक तक सामना किया। सिन्हा ने पर्यटन पर जी-20 की तीसरी बैठक के आयोजन स्थल एसकेआईसीसी में अपने संबोधन के दौरान कहा, “जम्मू कश्मीर एक नए युग का गवाह बन रहा है जिसने विकास और शांति की असीम संभावनाएं खोली हैं। अब विदेशी निवेश भी जम्मू-कश्मीर में आ रहे हैं, लोग एक स्वर्णिम सबेरे की उम्मीद कर रहे हैं।” बैठक कड़ी सुरक्षा के बीच हो रही है और सुरक्षा बलों ने यह सुनिश्चित किया है कि आतंकी समूहों के नापाक मंसूबे नाकाम हों। कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाली दो सड़कों को सील कर दिया गया है। जगह-जगह जांच चौकियां स्थापित की गई हैं और सुरक्षाकर्मी लोगों और वाहनों की भी जांच कर रहे हैं। सिन्हा ने कहा कि जम्मू कश्मीर कुछ उपलब्धियों के मामले में भारत के विकसित क्षेत्रों में शामिल है और ‘‘हम आर्थिक तथा सामाजिक दोनों रूप से लोगों की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध हैं।'' उन्होंने कहा कि अब जम्मू कश्मीर में विदेशी निवेश भी आ रहा है जो आर्थिक उन्नति का संकेत है जिसकी ओर लोग उत्सुकता से देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह कदम भारत के उस संकल्प को दिखाता है कि जम्मू कश्मीर को भी लोकतंत्र की विशेषताओं का लाभ उठाना चाहिए जैसे कि बाकी के राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों को मिलता है। उपराज्यपाल ने कहा कि जमीनी लोकतंत्र मजबूत हुआ है, नए उद्योग आ रहे हैं, तेजी से कृषि विकास हमारे गांवों को समृद्ध बना रहा है, बुनियादी ढांचा विकास तेजी से हो रहा है। पर्यटन में वृद्धि का जिक्र करते हुए सिन्हा ने कहा कि पिछले साल रिकॉर्ड 1.8 करोड़ से अधिक पर्यटक केंद्र शासित प्रदेश आए थे। पिछले साल जम्मू कश्मीर के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में पर्यटन का योगदान सात प्रतिशत से अधिक रहा।----

.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)

.jpg)












.jpg)






.jpg)
.jpg)