राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड के देवघर में बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की
रांची। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड के देवघर जिले में बुधवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की। राष्ट्रपति ने 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक, देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विशेष पूजा की। पुजारियों के एक दल ने मंदिर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूजा में राष्ट्रपति की मदद की। देवघर के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि राष्ट्रपति के मंदिर आने के मद्देनजर बुधवार को सुबह छह बजे से साढ़े दस बजे तक मंदिर में श्रद्धालुओं का प्रवेश वर्जित था। मंदिर के अधिकारियों ने बताया कि मुर्मू ने पुजारियों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर में विशेष पूजा की। इससे पहले झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने देवघर हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति की अगवानी की। राष्ट्रपति राज्य के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। यह राष्ट्रपति पद संभालने के बाद झारखंड का उनका दूसरा दौरा होगा। मुर्मू वर्ष 2015 से 2021 तक झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर देवघर, रांची और खूंटी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रांची के पुलिस अधीक्षक (नगर) सुभांशु जैन ने कहा कि शहर में 3,000 पुलिस कांस्टेबल और 900 अधिकारियों को तैनात किया गया है।




.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)
.jpg)
Leave A Comment