- Home
- खेल
- ब्यूनस आयर्स।अर्जेंटीना में फुटबॉल के दिवंगत सुपर स्टार डिएगो माराडोना के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सप्ताहांत में होने वाले समारोह की शुरुआत हुई। अर्जेंटीना ने माराडोना के शानदार खेल के दम पर 1978 और 1986 में फुटबॉल विश्व कप का खिताब जीता था। इस टीमों के पूर्व खिलाड़ियों के आलावा आयु-वर्ग की प्रतियोगिताओं में माराडोना के साथ खेलने वाले सदस्यों ने शनिवार को ब्यूनस आयर्स में उनकी याद में आयोजित एक मैच में हिस्सा लिया। दुनिया के सर्वकालिक महान फुटबॉल खिलाड़ियों में शामिल माराडोना के पहले पेशेवर क्लब (टीम) अर्जेंटीनोस जूनियर्स ने डिएगो अरमांडो माराडोना स्टेडियम में उनके जन्मदिन का जश्न मनाया। इस मैच के लिए प्रशंसकों को कोई टिकट लेने की जरूरत नहीं थी, उनके लिए इसे मुफ्त रखा गया था। इस मैच का आयोजन उसी मैदान पर हुआ जहां माराडोना ने 20 अक्टूबर 1976 को पदार्पण किया था। इसमें भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों की जर्सी पर 10 अंक छपा था। माराडोना 10 अंक वाली जर्सी पहनते थे। वह अगर जीवित होते तो शनिवार को अपना 61वां जन्मदिन मना रहे होते।
- नयी दिल्ली। तीन बार के इंडियन प्रीमियर लीग चैंपियन (आईपीएल) चेन्नई सुपरकिंग्स ने तोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा को उनकी एतिहासिक उपलब्धि के लिए रविवार को एक करोड़ रुपये का चैक देकर सम्मानित किया। ओलंपिक चैंपियन भाला फेंक खिलाड़ी चोपड़ा को चेन्नई सुपर किंग्स क्रिकेट लिमिटेड की ओर से यहां एक करोड़ रुपये का चैक सौंपा गया। यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार सीएसके ने चोपड़ा के सम्मान में उन्हें 8758 नंबर (तोक्यो में 87.58 मीटर के स्वर्ण पदक के प्रयास के आधार पर) की जर्सी भी सौंपी। चोपड़ा अभिनव बिंद्रा के बाद भारत के सिर्फ दूसरे व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता हैं। सीएसके के सीईओ केएस विश्वनाथन ने कहा, ‘‘शानदार उपलब्धि के लिए पूरे देश को नीरज पर गर्व है। ट्रैक एवं फील्ड में स्वर्ण पदक जीतने वाला पहला भारतीय बनकर उन्होंने मापदंड स्थापित किए हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘वह अगली पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं। 87.58 की संख्या हमेशा के लिए भारतीय खेलों के इतिहास में दर्ज हो गई है और नीरज को यह विशेष जर्सी सौंपना हमारे लिए सम्मान की बात है।'' पुरस्कार और विशेष जर्सी लेने के बाद 23 साल के चोपड़ा ने कहा कि पिछले दो महीने उनके लिए नई चीजों का अनुभव करने का मौका रहा। उन्होंने सीएसके प्रबंधन को धन्यवाद भी दिया। उन्होंने कहा, ‘‘आपके समर्थन और पुरस्कार के लिए धन्यवाद। काफी अच्छा लग रहा है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि स्वर्ण पदक जीतने के बाद मुझे इतना प्यार मिलेगा। इसकी उम्मीद नहीं थी और काफी अच्छा महसूस कर रहा हूं। उम्मीद करता हूं कि मैं और कड़ी मेहनत करूंगा और अच्छे नतीजे हासिल करूंगा।'' तोक्यो में सात अगस्त को 87.58 मीटर की दूरी तक भाला फेंककर चोपड़ा ओलंपिक खेलों की एथलेटिक्स स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने थे।
- नयी दिल्ली। फिट इंडिया अभियान के तहत जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रविवार को यहां आयोजित वार्षिक राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम ‘फिट इंडिया प्लॉग रन' में 500 से अधिक खिलाड़ियों और कोचों ने भाग लिया। इसके साथ ही ‘स्वच्छ भारत' के इस साल के अभियान का समापन भी हुआ, जो एक अक्टूबर से शुरू हुआ था।‘प्लॉगिंग' या ‘प्लॉग रन' एक अनूठी गतिविधि है जो फिटनेस और स्वच्छता को जोड़ती है । इसमें प्रतिभागी स्वच्छता और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए दौड़ने (जॉगिंग) के दौरान कूड़े को भी इकट्ठा करते हैं। कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर एकता की शपथ भी ली। इसे सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के रूप में मनाया जाता है। भारत को कूड़ा-मुक्त बनाने के अपने निरंतर अभियान के लिए जाने जाने वाले रिपुदमन बेवली ने इस मौके पर ‘फिट इंडिया प्लॉग रन' का नेतृत्व किया।
- म्यूनिख । रॉबर्ट लेवानदोवस्की के दो गोल की मदद से बायर्न म्यूनिख ने बुंदेसलीगा फुटबॉल टूर्नामेंट में यूनियन बर्लिन को 5-2 से हराया। बायर्न म्यूनिख की टीम ने इस तरह बोरुसिया मोनशेंग्लाबाख के खिलाफ 0-5 की हार से भी उबरने में सफल रही। लेवानदोवस्की ने 15वें मिनट में पेनल्टी पर गोल दागने के बाद 23वें मिनट में फ्री किक पर गोल करके बायर्न को 2-0 की बढ़त दिलाई। लेरॉय सेन (34वें मिनट), किंग्सले कोमान (60वें मिनट) और थॉमस म्यूलर (79वें मिनट) ने भी बायर्न की ओर से गोल दागे। यूनियन बर्लिन की ओर से निको गिबेलमैन (43वें मिनट) और जूलियन रायरसन (65वें मिनट) ने गोल किए। इस हार के साथ यूनियन बर्लिन का बुंदेसलीगा के लगातार 21 घरेलू मैचों में अजेय अभियान भी थम गया। बुंदेसलीगा के नौ मैचों में आठवीं जीत के साथ बायर्न की टीम ने अंक तालिका के शीर्ष पर बोरुसिया डोर्टमंड पर एक अंक की बढ़त बना ली है।
-
बेलग्रेड। पांच बार के एशियाई पदक विजेता शिव थापा (63.5 किग्रा) और पदार्पण कर रहे भारतीय मुक्केबाज सुमित (75 किग्रा) ने दूसरे दौर के मुकाबलों में शानदार जीत से शनिवार को यहां एआईबीए पुरूष विश्व चैम्पियनशिप के प्री क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। सुमित ने ताजिकिस्तान के अब्दुमलिक बोलताएव को 5-0 से परास्त किया। वहीं इस वैश्विक चैम्पियनशिप के पूर्व कांस्य पदक विजेता थापा ने भी सिएरा लियोन के जॉन ब्राउन पर राउंड 32 में सर्वसम्मत फैसले में जीत हासिल की। बोलताएव सटीक मुक्के जड़ने की काबिलियत में भारतीय मुक्केबाज के करीब भी नहीं दिख रहे थे।
सुमित को दूसरे राउंड में बोलताएव के सिर के पीछे हिट करने के लिये चेतावनी भी दी गयी लेकिन इसके बावजूद मैच में उनकी पकड़ ढीली नहीं हुई और वे सर्वसम्मत विजेता बने। सुमित का सामना अब सोमवार को प्री क्वार्टर फाइनल में क्यूबा के योनलिस हर्नांडिज से होगा।
थापा भारत के लिये दिन में रिंग में उतरने वाले अंतिम मुक्केबाज थे और वह मुकाबले में ब्राउन की तुलना में काफी बेहतरीन रहे। अनुभवी भारतीय मुक्केबाज ने सटीक मुक्कों से सभी तीनों राउंड में बाजी मारी। अब वह सोमवार को अंतिम 16 चरण में फ्रांस के लोयूनेस हामराओऊई के सामने होंगे। सचिन (80 किग्रा) को हालांकि अंतिम 32 के मुकाबले में अमेरिका के रॉबी गोंजालवेस के खिलाफ 1-4 से हार का सामना करना पड़ा। उन्हें पहले दौर में बाई मिली थी। गोंजालवेस ने लंबी रेज के मुक्कों से भारतीय मुक्केबाज के डिफेंस को तोड़कर आराम से अंक जुटाये। गोविंद साहनी (48 किग्रा) नाटकीय प्री क्वार्टरफाइनल में जार्जिया के साखिल अलखवेरदोवी से हार गये। अलखवेरदोवी की बायीं आंख के ऊपर एक कट लग गया था और वह खून निकलने के बावजूद खेलते रहे। साहनी ने पहला राउंड विभाजित अंक से जीत लिया था लेकिन अगले दो राउंड जार्जियाई मुक्केबाज के नाम रहे जिन्होंने 4-0 से मुकाबला जीता। साहनी का सिर ऊपर नहीं रखने के लिये अंतिम राउंड में एक अंक काट लिया गया। शुक्रवार को देर रात मुकाबले में निशांत देव (71 किग्रा) ने मॉरीशस के मर्वेन क्लेयर को 4-1 से हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में स्थान पक्का कर लिया। वह रविवार को अंतिम 16 में मेक्सिको के अल्वारेज वर्डे के सामने होंगे। निशांत के अलावा तीन और भारतीय मुक्केबाज रविवार को प्री क्वार्टर फाइनल में हिस्सा लेंगे।
एशियाई चैम्पियन संजीत (92 किग्रा) का सामना जार्जिया के जियोर्जी टचिग्लेड्जे से हाोगा जबकि आकाश कुमार (54 किग्रा) पुअर्तो रिको के कालेब टिराडो और नरेंदर (92 किग्रा से अधिक) ताजिकिस्तान के जाखोन कूरबोनोव के सामने होंगे। विश्व चैम्पियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता को 100,000 डॉलर की पुरस्कार राशि मिलेगी जबकि रजत और कांस्य पदक जीतने वालों को क्रमश: 50,000 डॉलर और 25,000 डॉलर दिये जायेंगे। -
अरानडेलोवाक (सर्बिया)। भारतीय ग्रैंडमास्टर पी इनियान शनिवार को यहां पांचवें रूजना जोरा शतरंज टूर्नामेंट में नौ दौर में सात अंक जुटाकर विजेता रहे। उन्होंने हाल में स्पेन में ए टूर्नामेंट खेला था जिससे वह एक ईएलओ अंक जुटाने में सफल रहे थे। उनकी मौजूदा फिडे रेटिंग 2556 अंक है। भारतीय ग्रैंडमास्टर ने पांच जीत दर्ज की और चार ड्रा खेले। उन्हें एक भी मैच में हार नहीं मिली। वह दूसरे स्थान पर रहे रूस के मास्टर मकारियान रूडिक से आधा अंक आगे रहे।
- दुबई। भारतीय गोल्फर अदिति अशोक दुबई मूनलाइट क्लासिक के आखिरी दौर में 69 के स्कोर के साथ संयुक्त 13वें स्थान पर रही । तोक्यो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रही अदिति ने लेडीज यूरोपीय टूर के इस टूर्नामेंट के पहले दो दिन 69 और 71 स्कोर किया । भारत की त्वेसा मलिक ने 70 . 71 . 71 स्कोर करके संयुक्त 19वां स्थान हासिल किया । वहीं दीक्षा डागर पहले दो दिन 72 . 71 स्कोर के बाद संयुक्त 24वें स्थान पर है । अदिति और दीक्षा ने पांच पांच बर्डी लगाये और दो दो बोगी किये। त्वेसा ने पांच बर्डी लगाये और चार बोगी किये । इंग्लैंड की ब्रोंटे लॉ ने आठ अंडर 64 के स्कोर के साथ जीत दर्ज की ।
- ट्यूनिस (ट्यूनीशिय)। जी साथियान और हरमीत देसाई की भारतीय टेबल टेनिस जोड़ी ने शनिवार को यहां डब्ल्यूटीटी कंटेडर ट्यूनिस टूर्नामेंट के फाइनल में इमैनुअल लेबेसन और एलेक्सांद्रे केसिन पर 3-1 की जीत से पुरूष युगल खिताब अपने नाम किया। साथियान और देसाई ने फ्रांसिसी जोड़ी को 11-9 4-11 11-9 11-6 से पराजित किया।भारतीय जोड़ी ने पहला गेम जीत लिया था लेकिन वे लय खो बैठे जिससे फ्रांस की जोड़ी ने बराबरी हासिल की।पर साथियान और देसाई ने वापसी करते हुए एक बार फिर बढ़त बना ली और इसके बाद उन्हें चौथा गेम और खिताब जीतने के लिये जरा भी पसीना नहीं बहाना पड़ा। अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस महासंघ (आईटीटीएफ) की व्यावसायिक कंपनी विश्व टेबल टेनिस (डब्ल्यूटीटी) ने ट्वीट किया, ‘‘साथियान ज्ञानशेखरन और हरमीत देसाई को डब्ल्यूटीटी ट्यूनिस में पुरूष युगल खिताब जीतने के लिये बधाई। '' भारतीय जोड़ी ने शुक्रवार को सेमीफाइनल में हंगरी के नानडोर एसेक्सी और एडम जुडी पर पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए जीत दर्ज की थी।
- दुबई । भारतीय फुटबॉल टीम एएफसी अंडर 23 एशिया कप क्वालीफायर में ‘ करो या मरो' के आखिरी लीग मैच में रविवार को किर्गीस्तान से खेलेगी तो उसकी नजरें मुख्य टूर्नामेंट में जगह बनाने पर लगी होंगी । भारत को न सिर्फ अपना मैच जीतना होगा बल्कि ग्रुप ई के बाकी मैचों में भी नतीजे अनुकूल आने की दुआ करनी होगी। भारत ने ओमान को 2 . 1 से हराया लेकिन मेजबान यूएई से पिछले मैच में हार गया । मुख्य कोच इगोर स्टिमक ने मैच से पहले कहा था ,‘‘ किर्गीस्तान के खिलाफ मैच को हम सामान्य मैच की तरह ही ले रहे हैं ।'' भारत के दो मैचों में तीन अंक है और किर्गीस्तान को हराकर उसकी एएफसी अंडर 23 एशियन कप में प्रवेश की संभावना प्रबल हो जायेगी जो अगले साल उजबेकिस्तान में होना है । स्टिमक ने कहा ,‘‘ खिलाड़ियों को एकाग्र होकर अनुशासित प्रदर्शन करना होगा । विरेाधी का सम्मान करें, लेकिन उनसे आतंकित होने की जरूरत नहीं है ।किर्गीस्तान जैसी आक्रामक टीम के खिलाफ गेंद पर नियंत्रण काफी जरूरी है ।'' किर्गीस्तान ने पहले मैच में यूएई को 2 . 1 से हराया और ओमान से 0 . 1 से हार गया ।
- पेरिस। भारत की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी वी सिंधू शनिवार को यहां महिला एकल सेमीफाइनल में जापान की सयाका तकाहाशी से तीन गेम तक चले संघर्षपूर्ण मैच में हारकर फ्रेंच ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर हो गयी। हैदराबाद की 26 वर्षीय खिलाड़ी पहला गेम जीतने का फायदा नहीं उठा पायी और विश्व में 15वें नंबर की तकाहाशी से 21-18, 16-21, 12-21 से हार गयी। सिंधू को इस तरह से 29 वर्षीय जापानी खिलाड़ी से आठ मुकाबलों में चौथी हार का सामना करना पड़ा। जूदा विश्व चैंपियन सिंधू पिछले सप्ताह ओडेन्से में डेनमार्क ओपन के क्वार्टर फाइनल में हार गयी थी।विश्व में सातवें नंबर की भारतीय खिलाड़ी ने सकारात्मक अंदाज में शुरुआत की। दोनों खिलाड़ी पहले गेम में एक समय 5-5 और फिर 9-9 से बराबरी पर थी। जापानी खिलाड़ी हालांकि ब्रेक के समय 11-10 से आगे थी। सिंधू ने ब्रेक के बाद वापसी की और 17-16 से आगे हो गयी। सिंधू के पास इसके बाद चार गेम प्वाइंट थे जिसमें उन्होंने दो गंवाये लेकिन तीसरे पर पहला गेम अपने नाम करने में सफल रही। दूसरे गेम में भी सिंधू ने शुरू में अपनी लय बनाये रखी थी। वह एक समय 5-2 से आगे थे लेकिन तकाहाशी ने जल्द ही स्कोर 6-6 से बराबरी पर ला दिया। सिंधू ने शानदार रक्षण दिखाया और कुछ करारे शॉट जमाकर 9-6 से बढ़त बनायी और ब्रेक तक खुद को आगे रखा। लेकिन ब्रेक के बाद सिंधू ने लगातार गलतियां की जिससे जापानी खिलाड़ी 13-12 से आगे हो गयी। तकाहाशी ने जल्द ही 18-14 से बढ़त बनायी और फिर मैच को निर्णायक गेम तक खींच दिया। तीसरे गेम में भी दोनों खिलाड़ियों ने शुरू में एक दूसरे को कड़ी चुनौती दी लेकिन खेल आगे बढ़ने के साथ तकाहाशी ने दबदबा बनाना शुरू कर दिया। वह ब्रेक तक 11-6 से आगे थी। उन्होंने यह बढ़त आखिर तक बनाये रखी और नौ मैच प्वाइंट हासिल किये। सिंधू इनमें से केवल एक का बचाव कर पायी।
- पोर्ट रॉयल (बरमूडा)। भारतीय गोल्फर अनिर्बान लाहिड़ी बटरफील्ड बरमूडा चैम्पियनशिप से बाहर हो गए लेकिन अर्जुन अटवाल ने दो दौर के बाद कट में प्रवेश कर लिया । डेनियल चोपड़ा भी कट में प्रवेश नहीं कर सके जबकि भारतीय मूल के अमेरिकी साहित थीगाला ने कट में जगह बनाई । अटवाल ने 70 . 72 का स्कोर किया जबकि लाहिड़ी तीन शॉट से चूक गए । चोपड़ा ने 73 . 70 स्कोर किया । कनाडा के टेलर पेंड्रिथ ने एकल बढत हासिल कर ली है ।
- ब्यूनस आयर्स। दुनिया के सबसे बेहतरीन फुटबॉल खिलाड़ियों में शामिल रहे डिएगो माराडोना के निधन के एक साल बाद उनके जीवन पर आधारित एक बायोपिक (जीवनी) श्रृंखला के शुरुआती भाग का अर्जेंटीना टीवी पर प्रसारण से पहले यहां के जूनियर्स स्टेडियम में प्रीमियर हुआ।यह वही स्टेडियम है , जहां एल डिएज (मैराडोना) ने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत 1970 के दशक के मध्य में की थी। ‘मैराडोना: ब्लेस्ड ड्रीम’ नाम की इस बायोपिक श्रृंखला का खुद मैराडोना ने 25 नवंबर 2020 को अपनी मृत्यु से पहले समर्थन किया था। अमेजन प्राइम वीडियो द्वारा निर्मित इस श्रृंखला का प्रसारण 240 से अधिक देशों में स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर पूरी तरह से उपलब्ध होगा।शनिवार को माराडोना की 61वीं जयंती है। उन्होंने 2019 में इस बायोपिक श्रृंखला के लिए अनुबंध पर हस्ताक्षर किया था। माराडोना का पिछले साल ब्यूनस आयर्स के बाहरी इलाके में एक ‘होम स्टे’ के दौरान हृदय गति रुकने से निधन हो गया था। इस मामले में सात स्वास्थ्य पेशेवरों पर कथित रूप से चिकित्सा लापरवाही बरतने के आरोप लगे थे। इस मामले की जांच जारी है।
- सिडनी। आस्ट्रेलिया की पुरुष फुटबॉल टीम 11 नवंबर को जब यहां विश्व कप क्वालीफायर में सऊदी अरब का सामना करेगी तो यह उसका अपने घरेलू मैदान पर ठीक 763 दिन बाद पहला मैच होगा।फुटबॉल आस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को पुष्टि की यह मैच वेस्टर्न सिडनी स्टेडियम में खेला जाएगा जिसमें स्टेडियम की क्षमता के 75 प्रतिशत दर्शकों के आने की अनुमति होगी।यह आस्ट्रेलिया का 10 अक्टूबर 2019 के बाद पहला घरेलू मैच होगा। उसने तब कैनबरा में नेपाल को हराया था। इसके बाद कोविड-19 महामारी के कारण टीम स्वदेश में मैच नहीं खेल पायी थी।आस्ट्रेलिया ने विश्व कप 2022 के क्वालीफायर में केवल नेपाल के खिलाफ ही एकमात्र मैच स्वदेश में खेला है। उसने 12 में से 11 मैच बाहर खेले हैं। उसे अभी छह मैच खेलने हैं जिनमें से चार मैच आस्ट्रेलिया में होंगे। आस्ट्रेलिया अभी ग्रुप बी में सऊदी अरब के बाद दूसरे स्थान पर है।
- रीगा (लाटविया)। भारतीय खिलाड़ियों को फिडे ग्रैंड स्विस शतरंज टूर्नामेंट के दूसरे दौर में मिश्रित सफलता मिली तथा के शशिकिरण और आर प्रज्ञानानंदा जहां जीत दर्ज करने में सफल रहे वहीं पी हरिकृष्णा को लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी। अनुभवी ग्रैंडमास्टर के शशिकिरण ने गुरुवार की देर रात पुरुष वर्ग के दूसरे दौर में उज्बेकिस्तान के शम्सुद्दीन वाखिदोव को हराया, जबकि किशोर खिलाड़ी आर प्रज्ञानानंदा ने हमवतन बी अधिबान पर 55 चाल में जीत हासिल की। शशिकिरण और प्रज्ञानानंदा दोनों के दो दौर के बाद समान 1.5 अंक हैं जबकि फ्रांस के प्रतिभाशाली अलीरेजा फिरोजा सहित तीन खिलाड़ी दो अंक के साथ शीर्ष पर हैं। हालांकि 10 भारतीयों में सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग के ग्रैंडमास्टर पी हरिकृष्णा को दूसरे दौर में रूस के अलेक्सी द्रीव से हार का सामना करना पड़ा। वह टूर्नामेंट के शुरू में भी व्लादीस्लाव कोवालेव से हार गये थे। निहाल सरीन ने शीर्ष बोर्ड पर विश्व के नंबर दो फैबियानो कारुआना को ड्रा पर रोका। उन्होंने पहले दौर में किरील जिर्योगीव पर जीत हासिल की थी। डी गुकेश के दो दौर के बाद 1.5 अंक हैं। उन्होंने दूसरे दौर में ईरान के परम मघसूदलू के साथ ड्रा खेलने से पहले शुरुआती दौर में एंटेनिया रोकोतोमाहारो को हराया था। महिला वर्ग में डी हरिका ने हमवतन दिव्या देशमुख से अंक बांटे। उन्होंने पहले दौर में नतालिया बुक्सा को हराया था। दूसरे दौर में जीत हासिल करने वाली भारतीय महिला पद्मिनी राउत थी। उन्होंने स्वीडन की अनुभवी पिया क्रैमलिंग को हराया। वह शुरुआती बाजी में चीन की झू जिनर से हार गयी थी। प्रज्ञानानंदा की बहन आर वैशाली दूसरे दौर में जॉर्जिया की नीनो बत्सियाशविली से हार गयी।
- बेंगलुरु। कर्नाटक के 17 साल के संभव आर ने 50 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में शानदार तैराकी के साथ सुर्खियां बटोरीं तो वहीं दिल्ली के कुशाग्र रावत ने गुरुवार को यहां 74 वीं सीनियर राष्ट्रीय तरणताल (नेशनल एक्वाटिक) चैंपियनशिप में नया रिकॉर्ड कायम करना जारी रखा। संभव ने 50 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में 23.65 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने मौजूदा मीट में सबसे कम समय निकाला। वह महाराष्ट्र के मिहिर अंब्रे से आगे रहे जिन्होंने 23.76 सेकेंड का समय लिया, जबकि उनके राज्य के हीर शाह ने 23.93 सेकेंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे। हाल ही में समाप्त हुई 47वीं जूनियर नेशनल एक्वाटिक चैंपियनशिप में चार स्वर्ण और एक कांस्य जीतने वाले संभव ने यहां अपने प्रदर्शन से सीनियर खिलाड़ियों को चौंका दिया। कुशाग्र ने पुरुषों के 1500 मीटर फ्रीस्टाइल में एक और राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने 2019 में कायम अपने राष्ट्रीय रिकार्ड 15:41.45 सेकेंड में सुधार करते हुए यहां 15: 38.13 सेकेंड का समय लिया। दिल्ली के इस 21 वर्षीय तैराक ने 400 मीटर और 800 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धाओं में भी नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। पुरुषों के लिए 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में दो बार के ओलंपियन साजन प्रकाश को कोई चुनौती नहीं मिली । उन्होंने पांच सेकेंड से अधिक के अंतर से स्वर्ण पदक जीता। केरल पुलिस का प्रतिनिधित्व करने वाले इस तैराक ने 1:58.74 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। इस स्पर्धा में गुजरात के आर्यन पांचाल ने 2:04.41 सेकेंड के समय के साथ रजत और असम के बिक्रम चांगमई ने 2:05.58 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता। श्रीहरि नटराज ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में 25.77 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता।
- नयी दिल्ली। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के कोषाध्यक्ष अरूण धूमल ने कहा है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की दो नई टीमों के लिए वैश्विक रूचि दर्शाती है कि यह सबसे बड़ा ‘मेक इन इंडिया' ब्रांड है और इसके पारिस्थितिकी तंत्र में अरबों डॉलर आने से खेल को दुनिया भर में फायदा होगा। सोमवार को दुबई में बोली प्रक्रिया पूरी होने के बाद निजी इक्विटी कंपनी सीवीसी कैपिटल्स पार्टनर्स ने अहमदाबाद फ्रेंचाइजी 5625 करोड़ रुपये में खरीदी जबकि आरपीएसजी वेंचर्स ने लखनऊ फ्रेंचाइजी के लिए 7090 करोड़ रुपये की बोली लगाई। दिग्गज फुटबॉल क्लब मैनचेस्टर यूनाईटेड के मालिकों ने भी आईपीएल का हिस्सा बनने का प्रयास किया लेकिन टीम खरीदने की दौड़ में पिछड़ गए। धूमल ने कहा, ‘‘हम सभी भारतीयों को गर्व होना चाहिए कि वर्षों में आईपीएल ने काफी प्रगति की है और कैसे यह वैश्विक खेल ब्रांड बन गया। मैनचेस्टर यूनाईटेड के मालिक और सीवीसी जैसों की आईपीएल पर नजर सब कुछ कहती है। यह सबसे बड़ा ‘मेक इन इंडिया' ब्रांड है जिसे देश ने तैयार किया है और हम सभी को इस पर गर्व होना चाहिए।'' धूमल आईपीएल संचालन परिषद के भी सदस्य हैं। इस लुभावनी लीग में 2022 से 10 टीमें हिस्सा लेंगी। यह पूछने पर कि क्या दो हजार करोड़ रुपये आधार मूल्य रखने के बाद बीसीसीआई ने इतनी ऊंची बोलियों की उम्मीद की थी तो धूमल ने कहा, ‘‘आंकड़ों को भूल जाइए, इसने दुनिया को दिखाया है कि हम इतने बड़े टूर्नामेंट का बेहद सफल आयोजन करने में सक्षम हैं। सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी इसका हिस्सा बनना चाहते हैं। इसने सभी प्रारूपों में क्रिकेट खेलने का तरीका भी बदल दिया है।'' उन्होंने कहा, ‘‘इसका आकलन हमें नहीं करना है। कीमत पर फैसला करने के लिए बाजार सर्वश्रेष्ठ स्थान है। हमने दुनिया के सामने संपत्ति रखी और लोगों ने इसकी कीमत आंकी। आप कह सकते हैं कि 2008 (पहले सत्र से पहले) में आंकड़े शानदार थे लेकिन देखिए कि इसने आठ फ्रेंचाइजी के साथ क्या किया है। '' वर्ष 2008 की विनिमय दर के अनुसार मुंबई इंडियन्स 450 करोड़ रुपये के साथ आठ टीमों में सबसे महंगी फ्रेंचाइजी थी। पिछले चक्र में 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक में बिके आईपीएल के मीडिया अधिकार एक बार फिर दोबारा जल्द ही बिक्री के लिए आएंगे और 2023-2027 चक्र के लिए 30 हजार करोड़ रुपये का आंकड़ा पार हो सकता है। आगामी भव्य नीलामी के संदर्भ में धूमल ने कहा कि प्रकिया सभी टीमों के लिए उचित होगी जिसमें नई टीमें भी शामिल हैं। फ्रेंचाइजियों के नीलामी से पहले चार खिलाड़ियों तक को रिटेन करने की उम्मीद है जबकि राइट टू मैच कार्ड नहीं होगा। धूमल ने कहा, ‘‘हम इस पर काम कर रहे हैं और हम सुनिश्चित करेंगे कि नई टीमों सहित सभी को अपनी टीम तैयार करने का उचित मौका मिले। टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए, यही कारण है कि लोग आईपीएल देखते हैं।
-
अबुधाबी। बायें हाथ के तेज गेंदबाजों रुबेन ट्रंपलमैन और जेन फ्राइलिंक की तूफानी गेंदबाजी से नामीबिया ने आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर 12 चरण के ग्रुप दो मैच में बुधवार को यहां स्कॉटलैंड को चार विकेट से हरा दिया। पहले ओवर में तीन विकेट चटकाने वाले ट्रंपलमैन (17 रन पर तीन विकेट) और फ्राइलिंक (10 रन देकर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने स्कॉटलैंड की टीम आठ विकेट पर 109 रन ही बना सकी। छठा मैच खेल रहे ट्रंपलमैन के करियर का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। स्कॉटलैंड की ओर से माइकल लीस्क 44 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। उनके अलावा क्रिस ग्रीव्स (25) और सलामी बल्लेबाज मैथ्यू क्रॉस (19) ही दोहरे अंक में पहुंच पाए। नामीबिया ने इसके जवाब में जेजे स्मिट (23 गेंद में नाबाद 32, दो छक्के और दो चौके) और सलामी बल्लेबाज क्रेग विलियम्स (23) की पारियों की बदौलत पांच गेंद शेष रहते छह विकेट पर 115 रन बनाकर जीत दर्ज की। नामीबिया को माइकल वान लिंगेन (18) और विलियम्स ने पहले विकेट के लिए 28 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दिलाई। वान लिंगेन ने जोश डेवी पर लगातार दो चौके जड़े लेकिन साफयान शरीफ ने उन्हें रिची बेरिंगटन के हाथों कैच करा दिया। नामीबिया ने पावर प्ले में एक विकेट पर 29 रन बनाए।
विलियम्स और जेम्स ग्रीन (09) ने इसके बाद पारी को आगे बढ़ाया। ग्रीन ने क्रिस ग्रीव्स पर चौका जड़ा जबकि विलियम्स ने मार्क वाट पर पारी का पहला छक्का मारकर नौवें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया। ग्रीव्स ने ग्रीन को मुन्से के हाथों कैच कराके नामीबिया को दूसरा झटका दिया।
लीस्क (12 रन पर दो विकेट) ने इसके बाद कप्तान गेरहार्ड इरासमस (04) को बोल्ड किया जबकि वाट ने विलियम्स को स्टंप कराके नामीबिया का स्कोर चार विकेट पर 67 रन किया। स्मिट और डेविड वाइसी (16) ने इसके बाद मोर्चा संभाला। नामीबिया को अंतिम छह ओवर में जीत के लिए 35 रन की जरूरत थी। स्मिट ने शरीफ पर चौका जड़ने के बाद ग्रीव्स की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया। वाइसी ने भी लीस्ट पर छक्का जड़ा लेकिन इसी गेंदबाज का शिकार बन गए। नामीबिया को अंतिम दो ओवर में सात रन की दरकार थी। स्मिट ने ब्रेडली व्हील पर चौका और फिर एक रन के साथ स्कोर बराबर किया लेकिन अगली गेंद पर फ्राइलिंक (02) पवेलियन लौट गए। स्मिट ने अंतिम ओवर की पहली गेंद पर शरीफ पर छक्का जड़कर टीम को जीत दिलाई। इससे पहले नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरासमस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और प्लेयर आफ द मैच ट्रंपलमैन ने पहले ओवर में ही तीन विकेट चटकाकर इस फैसला को सही साबित किया। जॉर्ज मुन्से (00) ट्रंपलमैन की मैच की पहली ही गेंद को विकेटों पर खेल गए जबकि तीसरी गेंद पर कैलम मैकलियोड (00) ने विकेटकीपर जेन ग्रीन के हाथों कैच थमाया। ट्रंपलमैन ने अगली गेंद पर बेहतरीन फॉर्म में चल रहे और कार्यवाहक कप्तान रिची बेरिंगटन (00) को पगबाधा करके स्कॉटलैंड का स्कोर तीन विकेट पर दो रन किया। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह सिर्फ दूसरा मौका है जब किसी गेंदबाज ने पहले ओवर में ही तीन विकेट चटकाए हैं। इससे पहले जून 2019 में श्रीलंका के एंजेलो मैथ्यूज ने वेस्टइंडीज के खिलाफ यह कारनामा किया था। क्रॉस ने पांचवें ओवर में ट्रंपलमैन पर पारी का पहला चौका जड़ा लेकिन अनुभवी डेविड वाइसी (22 रन पर एक विकेट) ने अगले ओवर में क्रेग वालेस (04) को पगबाधा कर दिया। स्कॉटलैंड की टीम पावर प्ले में चार विकेट पर 22 रन ही बना सकी।
लीस्क ने वाइसी पर दो चौकों के अलावा माइकल वान लिंगेन की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ 11वें ओवर में 14 रन जोड़े और टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया। फ्राइलिंक ने अगले ओवर में क्रॉस को बोल्ड करके स्कॉटलैंड को पांचवां झटका दिया। क्रॉस ने 33 गेंद की पारी में एक चौका मारा। लीस्क ने जेजे स्मिट (20 रन पर एक विकेट) पर अपना दूसरा छक्का मारा जबकि ग्रीव्स ने बर्नार्ड शोल्ट्ज और ट्रंपलमैन पर चौके जड़े। स्मिट ने लीस्क को बोल्ड करके स्कॉटलैंड को बड़ा झटका दिया। उन्होंने 27 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और दो छक्के मारे। स्कॉटलैंड के रनों का शतक 19वें ओवर में पूरा हुआ लेकिन इसी ओवर में फ्राइलिंक ने मार्क वाट (03) को आउट किया जबकि लीस्क अंतिम ओवर में रन आउट हुए। स्कॉटलैंड के नियमित कप्तान काइल कोएट्जर अंगुली में चोट के कारण इस मैच में नहीं खेल पाए जिसके बाद बेरिंगटन ने कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली। -
नयी दिल्ली। तोक्यो ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों में भारत के शानदार प्रदर्शन की झलक बुधवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की सिफारिशों के दौरान दिखी जब खेल रत्न पुरस्कार के लिए ओलंपिक चैंपियन भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा सहित 11 खिलाड़ियों के नाम की सिफारिश की गई। चयन समिति ने अर्जुन पुरस्कार के लिए भी 35 खिलाड़ियों को नामित किया। व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय खिलाड़ी 23 साल के चोपड़ा के अलावा रजत पदक विजेता पहलवान रवि दहिया और कांस्य पदक जीतने वाली महिला मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन के नाम की सिफारिश भी देश के सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न के लिए की गई। अनुभवी हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश, महिला टेस्ट क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज के अलावा दिग्गज फुटबॉलर सुनील छेत्री को भी इस सम्मान के लिए नामित किया गया। छेत्री इस पुरस्कार के लिए चुने जाने देश के पहले फुटबॉलर बनेंगे। तोक्यो पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ियों, निशानेबाज अवनि लेखरा और मनीष नरवाल, भाला फेंक खिलाड़ी सुमित अंतिल और बैडमिंटन खिलाड़ियों प्रमोद भगत और कृष्णा नागर को भी उनके प्रदर्शन का इनाम मिला। इन सभी को खेल रत्न पुरस्कारों की सूची में जगह मिली है जिसे स्वीकृति के लिए खेल मंत्रालय के पास भेजा जाएगा। मुक्केबाज लवलीना ने देश के सर्वोच्च खेल सम्मान के लिए सिफारिश किए जाने को अपने माता-पिता को समर्पित किया। लवलीना ने कहा, ‘‘यह एक खिलाड़ी के रूप में मेरे लिए सबसे गौरवपूर्ण दिन है कि मेरे नाम की सिफारिश खेल रत्न पुरस्कार के लिए की गई है। मैं माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, साइ, बीएफआई, कोच और मेरी यात्रा का हिस्सा बने प्रत्येक व्यक्ति को धन्यवाद देना चाहती हूं।'' उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस पुरस्कार को अपने माता-पिता को समर्पित करना चाहती हूं। मैं अपनी कड़ी मेहनत जारी रखूंगी और मेरा लक्ष्य देश के लिए और पदक जीतना है।'' भारत ने तोक्यो ओलंपिक के लिए अपना अब तक का सबसे बड़ा दल भेजा था। इन खेलों में भारत की ओर से 121 खिलाड़ियों ने चुनौती पेश की थी और देश ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य पदक सहित सात पदक जीते थे। इन ओलंपिक पदक विजेताओं में से तीन पहलवान बजरंग पूनिया, बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू और भारोत्तोलक मीराबाई चानू को पहले ही खेल रत्न मिल चुका है। पैरालंपिक में भारत ने पांच स्वर्ण, आठ रजत और छह कांस्य पदक सहित कुल 19 पदक जीते थे।
पिछले साल पांच खिलाड़ियों को खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया जबकि 2016 रियो खेलों के बाद चार खिलाड़ियों को इस पुरस्कार के लिए चुना गया था लेकिन तोक्यो ओलंपिक और पैरालंपिक में भारत के शानदार प्रदर्शन के बाद अभूतपूर्व संख्या में खिलाड़ियों के नाम की सिफारिश की गई। तोक्यो पैरालंपिक (24 अगस्त से पांच सितंबर) में हिस्सा लेने वाले पैरा खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी विचार करने के लिए राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की घोषणा में विलंब किया गया। समिति ने अर्जुन पुरस्कार के लिए 35 खिलाड़ियों को चुना जो पिछले साल पुरस्कार के लिए चुने गए खिलाड़ियों की संख्या से आठ अधिक है। क्रिकेटर शिखर धवन, पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल, पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी सुहास यथिराज और ऊंची कूद के निषाद कुमार अर्जुन पुरस्कार के लिए चुने गए खिलाड़ियों में शामिल हैं। यह पुरस्कार शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को दिए जाते हैं। धवन अर्जुन पुरस्कार के लिए चुने गए 57वें क्रिकेटर हैं।
ओलंपिक में एतिहासिक कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सभी सदस्यों को भी अर्जुन पुरस्कार दिया जाएगा बशर्ते उन्हें पहले यह पुरस्कार नहीं मिला हो। महिला हॉकी टीम की सदस्यों वंदना कटारिया और मोनिका, ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय तलवारबाज भवानी देवी, मुक्केबाज सिमरनजीत कौर, पहलवान दीपक पूनिया, पिस्टल निशानेबाज अभिषेक वर्मा, कबड्डी खिलाड़ी संदीप नरवाल, महिला टेनिस खिलाड़ी अंकिता रैना के नाम की सिफारिश भी अर्जुन पुरस्कार के लिए की गई। यहां मिली जानकारी के अनुसार एथलेटिक्स के कोच राधाकृष्ण नायर और टीपी ओसेफ तथा हॉकी कोच संदीप सांगवान द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चुने गए कोच की सूची में शामिल हैं। खेल रत्न पुरस्कार में 25 लाख रुपये की इनामी राशि और प्रशस्ति पत्र जबकि अर्जुन पुरस्कार विजेताओं को 15 लाख की इनामी राशि और प्रशस्ति पत्र मिलता है। वर्ष 2020 से पहले खेल रत्न पुरस्कार विजेता को साढ़े सात लाख रुपये जबकि अर्जुन पुरस्कार विजेता को पांच लाख रुपये दिए जाते थे। -
बेंगलुरू। भारत के शीर्ष तैराक श्रीहरि नटराज और दिल्ली के कुशाग्र रावत ने बुधवार को यहां 74वीं सीनियर राष्ट्रीय तैराकी चैम्पियनशिप में लगातार दूसरे दिन शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए राष्ट्रीय रिकार्ड बनाये। दूसरे दिन पंजाब की चाहत अरोड़ा तीसरी तैराक रहीं जिन्होंने यहां राष्ट्रीय रिकार्ड बनाया।
पुरूषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में नटराज ने फाइनल में 49.94 सेकेंड का समय निकाला और दिन में हीट के 50.17 सेकेंड के समय को बेहतर किया। इस तरह उन्होंने 2010 एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता तैराक वीरधवल खाडे के पुणे में 2012 में बनाये गये 50.53 सेकेंड के रिकार्ड को तोड़ा। उन्होंने मंगलवार को 100 मीटर बैकस्ट्रोक में अपना राष्ट्रीय रिकार्ड सुधारा था।
दिल्ली के तैराक रावत ने पुरूषों की 800 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में अपने 8:09.47 सेकेंड के समय को सुधारा। उन्होंने 2019 में 8:08.32 सेकेंड से राष्ट्रीय रिकार्ड बनाया था। महिलाओं के वर्ग में चाहत ने 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा की हीट में 33.62 सेकेंड के समय से तमिलनाडु की एवी जयावीना के 2018 में बनाये गये 33.81 सेकेंड के रिकार्ड को पीछे छोड़ा। - शारजाह। अनुभवी सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल का भारत के खिलाफ रविवार को होने वाले सुपर 12 मैच में खेलना संदिग्ध समझा जा रहा है क्योंकि टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के दौरान उनके पैर का अंगूठा चोटिल हो गया था। गुप्टिल के पैर के अंगूठे में हारिस रऊफ की गेंद लगी थी। पाकिस्तान ने मंगलवार की रात न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हराया था। न्यूजीलैंड के मुख्य कोच गैरी स्टीड ने कहा कि मैच के बाद गुप्टिल सहज महसूस नहीं कर रहे थे जिन्होंने 20 गेंद में 17 रन बनाये थे। स्टीड ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘मैच के बाद गुप्टिल थोड़े असहज दिख रहे थे और अगले 24 से 48 घंटे निर्णायक होंगे। '' उन्होंने कहा, ‘‘हम देखेंगे कि रात में उन्हें कितना आराम मिला। मैच समाप्त होने के बाद वह थोड़े परेशान दिख रहे थे और उनकी स्थिति कैसी रहती है, इसके लिये 24 से 48 घंटे लग सकते हैं। '' अगर भारत के खिलाफ मैच में गुप्टिल नहीं खेलते हैं तो यह न्यूजीलैंड की टीम के लिये करारा झटका होगा क्योंकि उनके तेज गेंदबाजी के अगुआ लॉकी फर्ग्यूसन पिंडली की मांसपेशियों की चोट के कारण पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले बाहर हो गये थे। न्यूजीलैंड ने फर्ग्यूसन की जगह एडम मिल्ने को शामिल किया था। पाकिस्तान की टीम सुपर 12 के ग्रुप दो के शुरूआती दो मैच जीतने के बाद अंक तालिका में शीर्ष पर काबिज है और स्टीड का मानना है कि अगर न्यूजीलैंड को सेमीफाइनल के लिये क्वालीफाई करना है तो भारत के खिलाफ रविवार को होने वाला मैच टीम के लिये काफी अहम होगा। कोच ने कहा, ‘‘आप देखोगे कि पाकिस्तान अब हमारे ग्रुप में शीर्ष वरीय के रूप में प्रबल दावेदार है और बाकी हम सब अगले स्थान के लिये लड़ रहे हैं जिससे भारत के खिलाफ मैच काफी अहम हो जायेगा। अगर हम भारत को हरा देते हैं तो हम निश्चित रूप से खुद को पटरी पर लेकर आ जाएंगे।
- मैड्रिड। अर्नाट डैनजुमा के इंजुरी टाइम में किये गये गोल की मदद से विल्लारीयाल ने स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लिगा में कैडिज के खिलाफ मैच 3-3 से ड्रा खेला। डैनजुमा ने बॉक्स के अंदर से शॉट जमाकर गोल दागा और इस तरह से विल्लारीयाल को लगातार तीसरे मैच में हार से बचाया। विल्लारीयाल ने अब तक केवल दो जीत दर्ज की हैं और वह 12वें स्थान पर है। कैडिज की तरफ से एंथनी लोजानो ने हैट्रिक जमायी। कैडिज इस तरह से पिछले छह मैचों में कोई मैच नहीं जीत पाया है। कैडिज ने इस सत्र में केवल एक जीत दर्ज की है और उस पर दूसरे डिवीजन में खिसकने का खतरा मंडरा रहा है। अन्य मैचों में एथलेटिक बिलबाओ ने इस्पेनयोल को 1-1 से ड्रा पर रोका जबकि अलावेस ने एल्ची को 1-0 से हराया।
-
शारजाह। तेज गेंदबाज हारिस राउफ के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की बदौलत पाकिस्तान ने आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर 12 चरण के ग्रुप दो मुकाबले में मंगलवार को यहां न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। न्यूजीलैंड के 135 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने आठ गेंद शेष रहते पांच विकेट पर 135 रन बनाकर जीत दर्ज की। सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान (33), अनुभवी शोएब मलिक (20 गेंद में नाबाद 26) और आसिफ अली (12 गेंद में नाबाद 27) ने टीम को लक्ष्य तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। मलिक और आसिफ ने विषम परिस्थितियों में 3.5 ओवर में 48 रन की अटूट साझेदारी की। आसिफ ने अपनी पारी में एक चौके और तीन छक्के जबकि मलिक ने दो चौके और एक छक्का मारा। राउफ (22 रन देकर चार) की तूफानी गेंदबाजी के सामने न्यूजीलैंड की टीम आठ विकेट पर 134 रन ही बना सकी। स्पिनरों इमाद वसीम (24 रन पर एक विकेट) और मोहम्मद हफीज (16 रन पर एक विकेट) तथा तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी (21 रन पर एक विकेट) ने भी राउफ का अच्छा साथ निभाया। न्यूजीलैंड ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और उसका कोई बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया। सलामी बल्लेबाज डेरिल मिशेल और डेवोन कॉनवे 27-27 रन बनाकर टीम के शीर्ष स्कोरर रहे जबकि कप्तान केन विलियमसन ने 25 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का करने उतरे पाकिस्तान की शुरुआत धीमी रही। टीम ने पावर प्ले में 30 रन बनाए और इस दौरान कप्तान बाबर आजम (09) का विकेट गंवाया जिन्हें टिम साउथी ने बोल्ड किया। भारत के खिलाफ पहले मैच में नाबाद अर्धशतक जड़ने वाले रिजवान एक बार फिर अच्छी लय में दिखे। उन्होंने ट्रेंट बोल्ट (29 रन पर एक विकेट) पर दो चौके जड़ने के अलावा साउथी (25 रन पर एक विकेट) की गेंद को भी बाउंड्री के दर्शन कराए। फखर जमां (11) को हालांकि बल्लेबाजी में परेशानी हो रही थी। उन्होंने ईश सोढ़ी (28 रन पर दो विकेट) पर छक्के के साथ दबाव कम करने का प्रयास किया लेकिन इसी लेग स्पिनर की गेंद पर पगबाधा हो गए। हफीज (11) ने पहली ही गेंद पर जेम्स नीशाम पर छक्के के साथ 10वें ओवर में टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया लेकिन बायें हाथ के स्पिनर मिशेल सेंटनर (33 रन पर एक विकेट) के अगले ओवर में कॉनवे ने उनका शानदार कैच लपका। सोढ़ी ने इसके बाद रिजवान को पगबाधा करके पाकिस्ता का स्कोर चार विकेट पर 69 रन किया।
बीच के ओवरों में पाकिस्तान के बल्लेबाजों को बाउंड्री लगाने के लिए जूझना पड़ा। इमाद वसीम (11) ने बोल्ट पर चौका जड़ा लेकिन अगली गेंद पर पगबाधा हो गए। पाकिस्तान को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 44 रन की जरूरत थी। अनुभवी मलिक एक छोर पर डटे हुए थे। आसिफ अली ने साउथी पर लगातार दो छक्कों के साथ रन और गेंद के बीच के अंतर को कम किया। मलिक ने 18वें ओवर में सेंटनर पर चौका और फिर छक्के सहित 15 रन जुटाकर मैच पाकिस्तान के पक्ष में मोड़ दिया। टीम को अंतिम दो ओवर में नौ रन की जरूरत थी आसिफ ने बोल्ट पर छक्का और फिर दो रन के साथ टीम को जीत दिला दी। इससे पूर्व पाकिस्तान ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद मार्टिन गुप्टिल (17) और पहली बार किसी भी प्रारूप में पारी का आगाज कर रहे मिशेल (27) ने न्यूजीलैंड को सतर्क शुरुआत दिलाई। गुप्टिल ने बायें हाथ के स्पिनर इमाद वसीम के लगातार ओवरों में चौके मारे। मिशेल ने हसन अली का स्वागत छक्के के साथ किया लेकिन राउफ ने गुप्टिल को बोल्ड कर दिया।
न्यूजीलैंड ने पावर प्ले में एक विकेट पर 42 रन बनाए।
मिशेल ने वसीम पर अपना दूसरा छक्का जड़ते हुए नौवें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया लेकिन अगली गेंद पर इसी शॉट को दोहराने की कोशिश में लांग आन पर फखर जमां को कैच दे बैठे। उन्होंने 20 गेंद का सामना करते हुए दो छक्के और एक चौका मारा। हफीज ने अगले ओवर में जेम्स नीशाम (01) को फखर के हाथों कैच कराके न्यूजीलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 56 रन किया। बीच के ओवरों में पाकिस्तानी गेंदबाजों के दबदबे के बीच विलियमसन ने हफीज की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का जड़कर रन गति में इजाफे का प्रयास किया। डेवोन कॉनवे ने भी लेग स्पिनर शादाब खान पर लगातार तीन चौके मारे। न्यूजीलैंड को अगले ओवर में बड़ा झटका लगा जब विलियमसन रन आउट हो गए। उन्होंने 26 गेंद की पारी में दो चौके और एक छक्का मारा। न्यूजीलैंड के 100 रन 15वें ओवर में पूरे हुए। राउफ ने गेंदबाजी में वापसी करते हुए कॉनवे (27) और ग्लेन फिलिप्स (13) को तीन गेंद के भीतर पवेलियन भेजकर न्यूजीलैंड की बड़े स्कोर तक पहुंचने की उम्मीदों को तोड़ा। कॉनवे ने 24 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके जड़े। शाहीन ने टिम सीफर्ट (08) को हफीज के हाथों कैच कराया जबकि राउफ ने अंतिम ओवर में मिशेल सेंटनर (06) को बोल्ड करके चौथा विकेट हासिल किया। न्यूजीलैंड की टीम अंतिम सात ओवर में 44 रन ही जोड़ सकी। न्यूजीलैंड को मैच शुरू होने से पहले ही झटका लगा जब फॉर्म में चल रहे तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्युसन दाएं पैर की पिंडली में ‘ग्रेड दो' की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए। - बेंगलुरू। दिग्गज भारतीय तैराक श्रीहरि नटराज ने मंगलवार को यहां 74वीं सीनियर राष्ट्रीय एक्वाटिक चैंपियनशिप में अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा जबकि दो अन्य राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बने। नटराज ने 100 मीटर बैकस्ट्रोक में 55.10 सेकेंड के समय के साथ 55.63 सेकेंड के अपने पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार किया। नटराज का इस स्पर्धा में निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 53.77 सेकेंड है जो उन्होंने इसी साल इटली में किया था और तोक्यो ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई किया था। उनका यह प्रदर्शन ‘सर्वश्रेष्ठ भारतीय प्रदर्शन' माना जाता है लेकिन राष्ट्रीय रिकॉर्ड नहीं। प्रदर्शन को तभी राष्ट्रीय रिकॉर्ड माना जाता है अगर यह राष्ट्रीय एक्वाटिक चैंपियनशिप में हासिल किया गया हो। कर्नाटक के शिवा एस ने 57.60 सेकेंड के साथ रजत जबकि गोवा के जेवियर माइकल डिसूजा ने 58.96 सेकेंड के साथ कांस्य पदक जीता। दिल्ली के कुशाग्र रावत ने 400 मीटर फ्रीस्टाइल पुरुष तैराकी में तीन मिनट 53.68 सेकेंड के साथ साजन प्रकाश के तीन मिनट 54.93 सेकेंड के प्रदर्शन को पीछे छोड़ते हुए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। इस बीच महिला 100 मीटर बैकस्ट्रोक में कर्नाटक की 14 साल की रिद्धिमा वीरेंद्रकुमार ने गुजरात की ओलंपिक माना पटेल को पछाड़कर स्वर्ण पदक जीता। रिद्धिमा ने एक मिनट 4.40 सेकेंड के समय के साथ सोने का तमगा अपने नाम किया। माना ने एक मिनट 5.31 सेकेंड के समय के साथ रजत पदक जीता। ओलंपियन साजन प्रकाश ने 50 मीटर बटरफ्लाई में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करते हुए 24.90 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। पुरुष चार गुणा 200 मीटर फ्रीस्टाइल में कर्नाटक की टीम ने रेलवे खेल संवर्धन बोर्ड के 2016 में बनाए राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ा। संभव आर, अनीश एस गौड़ा, तनीश जॉर्ज मैथ्यू और श्रीहरि की टीम ने सात मिनट 37.65 सेकेंड के समय के साथ सात मिनट 45.24 सेकेंड के पिछले रिकॉर्ड में सुधार किया।
- बेंगलुरु। भारत के चार घुड़सवारों ने यहां पहले चयन ट्रायल को जीतकर अगले साल होने वाले एशियाई खेलों के शो जंपिंग घुड़सवारी स्पर्धा के लिए मंगलवार को क्वालीफाई कर लिया। प्रणय खरे, केवन सेतलवाड़, जहान सेतलवाड़ और यशन खंबाटा के साथ पांच घोड़ो ने भी चीन के हांग्जो में 10 से 25 सितंबर तक होने वाले 2022 एशियाई खेलों का टिकट कटाया। इन घोड़ों के नाम वेनिला स्काई, अलास्डेयर, क्विंटस जेड, लोरेंजो और एल कैपिटन है। सीतलवाड़ बंधुओं, केवन और जहान ने इंडोनेशिया में 2018 एशियाई खेलों में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था। भारतीय घुड़सवारी संघ (ईएफआई) ने यहां जारी विज्ञप्ति में बताया, ‘‘ ट्रायल जीतने के बाद कुल चार घुड़सवार और पांच घोड़ों ने क्वालीफाई किया है।'' ईएफआई द्वारा आयोजित शो जंपिंग स्पर्धा 22 अक्टूबर को यहां शुरू हुआ था। यह मंगलवार को संपन्न हुआ। शो जंपिंग एशियाई खेलों के अलावा ओलंपिक का भी हिस्सा है। इसमें घोड़े और घुड़सवार को 65 गुणा 40 मीटर की मैदान में 1.40 मीटर और फिर 1.50 मीटर की बाधा पार करनी होती है।
- नयी दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के अगले कोच बनने जा रहे पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ ने मंगलवार को इस पद के लिये औपचारिक तौर पर आवेदन कर दिया है । राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के मौजूदा प्रमुख द्रविड़ के आवेदन करने से क्रिकेट सलाहकार समिति का काम आसान हो गया है क्योंकि उनके जैसे कद का कोई बड़ा नाम दौड़ में नहीं है । समझा जाता है कि वह बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली और सचिव जय शाह की पहली और एकमात्र पसंद हैं ।बीसीसीआई के एक सीनियर अधिकारी ने मंगलवार को बताया ,‘‘ राहुल ने औपचारिक तौर पर आवेदन कर दिया है चूंकि आज आवेदन की आखिरी तारीख थी । एनसीए से उनकी टीम गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे और क्षेत्ररक्षण कोच अभय शर्मा पहले ही आवेदन कर चुके हैं । उनका आवेदन औपचारिकता भर थी ।'' द्रविड़ ने हाल ही में दुबई में आईपीएल फाइनल के मौके पर बीसीसीआई के आला अधिकारियों से बात की । गांगुली और शाह ने उनसे एक बार फिर आईसीसी टी20 विश्व कप के बाद पद संभालने के लिये कहा । द्रविड़ के मार्गदर्शन में भारतीय क्रिकेट के नये दौर की शुरूआत न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू श्रृंखला से होगा जिसमें वह नये टी20 कप्तान के साथ प्रभार संभालेंगे । भारत के पूर्व महान बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण एक बार फिर एनसीए प्रमुख के पद की दौड़ में हैं ।सूत्रों से पता चला है कि लक्ष्मण अब आईपीएल टीम सनराइजर्स हैदराबाद के मेंटर नहीं रहेंगे । ऐसे में उनका चयन होने पर उन्हें कमेंट्री और कॉलम लिखने का अपना काम छोड़ना होगा । भारतीय क्रिकेट के हित में राष्ट्रीय कोच और एनसीए प्रमुख मिलकर काम करते हैं । द्रविड़ और लक्ष्मण दक्षिण क्षेत्र के लिये घरेलू क्रिकेट के बाद भारतीय टीम के लिये साथ खेले हैं और एक दूसरे के काफी करीब हैं । लक्ष्मण ने इस पद में रूचि नहीं दिखाई है लेकिन बीसीसीआई उनसे फिर संपर्क करेगा । उनके इनकार करने पर अनिल कुंबले का नाम भी दौड़ में है लेकिन देखना यह होगा कि बोर्ड उनसे संपर्क करता है या नहीं ।












.jpg)
.jpg)
.jpg)












