ब्रेकिंग न्यूज़

टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का  सड़क दुर्घटना में निधन

नई दिल्ली।  टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का आज एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। साइरस 2012 से 2016 तक टाटा संस के चेयरमैन रहे थे। घटनास्थल पर 54 साल के मिस्त्री की गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त पाई गई। कार में एयरबैग भी खुले हुए पाए गए। गाड़ी में चार लोग सवार थे। इस एक्सीडेंट में मिस्त्री समेत दो लोगों की मौत हुई है। दुर्घटना के बाद मिस्त्री को अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

 यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब मिस्त्री की कार मुंबई से सटे पालघर जिले में एक डिवाइडर से टकरा गई। उस समय मिस्त्री मर्सिडीज कार में अहमदाबाद से मुंबई लौट रहे थे। 

 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी साइरस मिस्त्री के असमय निधन पर शोक व्यक्त किया है।

बिजनेस की दुनिया में भले ही साइरस किसी परिचय के मोहताज ना हो लेकिन आम लोगों के बीच साइरस मिस्त्री उस समय चर्चा में आए जब वह टाटा संस के चेयरमैन बने थे।  साइरस मिस्त्री टाटा संस के छठे अध्यक्ष थे। उन्होंने 2012 में रतन टाटा के बाद पदभार संभाला था। हालांकि, मिस्त्री को 24 अक्टूबर 2016 को टाटा संस के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया था। इसके बाद 6 फरवरी, 2017 को होल्डिंग कंपनी के बोर्ड में निदेशक के रूप में भी हटा दिया गया था। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था। साइरस मिस्त्री मशहूर बिजनसमैन पलोनजी के बेटे थे। पलोनजी की कंपनी शापूरजी पलोनजी ग्रुप टाटा समूह में सबसे बड़ी हिस्सेदार है।

 टाटा संस का चेयरमैन बनने से पहले साइरस मिस्त्री अपने परिवार के कंस्ट्रक्शन बिजनेस को संभाल रहे थे। साइरस ने लंदन के प्रतिष्ठित इंपीरियल कॉलेज से सिविल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की थी। वे  फोब्र्स गोकक, यूनाइटेड मोटर्स (इंडिया) और शापूरजी पल्लोनजी एंड कंपनी जैसी कई अन्य कंपनियों के निदेशक भी रहे।  टाटा के साथ मिस्त्री परिवार का जुड़ाव 1930 में तब शुरू हुआ जब शापूरजी पल्लोनजी मिस्त्री ने टाटा संस में एफई दिनशॉ एस्टेट से 12.5 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी। मिस्त्री ने बाद में टाटा परिवार से अधिक हिस्सेदारी हासिल कर ली। इसके बाद शपूरजी पलोनजी ग्रुप की हिस्सेदारी लगभग 16.5 प्रतिशत हो गई। मिस्त्री ने टाटा कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बनाए रखने के लिए 90 के दशक में टाटा संस के राइट्स इश्यू में 60 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया था।

 साइरस मिस्त्री की मां भारतीय मूल की आयरिश नागरिक थी। साइरस मिस्त्री के पास आयरिश पासपोर्ट था। साइरस मिस्त्री की बहनों में से एक ने रतन टाटा के सौतेले भाई और टाटा समूह के एक प्रमुख कार्यकारी नोएल टाटा से शादी की। 1992 में साइरस मिस्त्री ने भारत के सबसे प्रमुख वकीलों में से एक इकबाल छागला की बेटी से शादी की।  

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english