विख्यात फिल्म निर्माता के. विश्वनाथ का निधन, प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त किया
हैदराबाद । महान फिल्म निर्माता और दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित के. विश्वनाथ का हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे 92 वर्ष के थे।
कलातपस्वी के नाम से लोकप्रिय विश्वनाथ का जन्म 1930 में आंध्र प्रदेश में हुआ था। उन्होंने 1965 से तेलुगु, तमिल और हिंदी में 50 फिल्में बनाईं और एक प्रसिद्ध फिल्म निर्माता के रूप में लोकप्रिय हुए।
2016 में विश्वनाथ को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार दिया गया। ध्वनि कलाकार के रूप में अपने फिल्मी करियर की शुरुआत करते हुए उन्होंने शंकरभरणम, सागर संगमम, स्वाति मुत्यम सप्तपदी, कामचोर, संजोग और जाग उठा इंसान जैसी पुरस्कृत फिल्मों का निर्देशन किया। उन्हें 1992 में पद्म श्री, पांच राष्ट्रीय पुरस्कार और 20 नंदी पुरस्कार के अलावा लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार सहित 10 फिल्मफेयर ट्राफी भी मिलीं।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी ने विश्वनाथ के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित फिल्म निर्माता-निर्देशक के. विश्वनाथ के निधन पर शोक व्यक्त किया है। एक ट्वीट में श्री मोदी ने कहा कि विश्वनाथ सिनेमा जगत के दिग्गज व्यक्तित्व थे जिन्होंने एक रचनात्मक और बहुमुखी निर्देशक के रूप में अपनी पहचान बनाई। श्री मोदी ने कहा कि उनकी फिल्में कई दशकों तक दर्शकों को रोमांचित करती रहीं। प्रख्यात फिल्म निर्माता और दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित के. विश्वनाथ का हैदराबाद के एक निजी अस्प्ताल में निधन हो गया। वे 92 वर्ष के थे। उनके परिवारजनों के अनुसार विश्वनाथ पिछले कुछ समय से वृद्धा अवस्था संबंधी रोगों से पीडित थे।
Leave A Comment