महाभारत के 'शकुनी मामा' गूफी पेंटल का निधन, इंडियन आर्मी छोड़ एक्टिंग में बनाई थी पहचान
मुंबई। टीवी इंडस्ट्री के दिग्गज एक्टर गूफी पेंटल ने भी सबको अलविदा कह दिया है। बीय आर चोपड़ा के महाभारत सीरियल में शकुनी मामा का किरदार निभाकर घर-घर में मशहूर हुए गूफी पेंटल ने 79 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि उनके परिवार द्वारा ही की गई है। एक्टर की मौत की खबर ने एक बार फिर टीवी और बॉलीवुड इंडस्ट्री को सदमे में डाल दिया। जहां एक तरफ गूफी पेंटल का परिवार गम के आंसू में डूबा हुआ है, तो फैंस भी सोशल मीडिया पर अपना दुख व्यक्त कर रहे हैं।
गूफी पेंटल काफी समय से बीमार थे, जिस वजह से उन्हें बीते दिनों अस्पताल में भी भर्ती करवाया गया था। यहां पर एक्टर की हालत नाजुक बनी हुई थी, लेकिन उनके ठीक होने की दुआ हजारों फैंस कर रहे थे। दूसरी तरफ डॉक्टर्स की टीम भी उन्हें ठीक करने में लगी हुई थी, लेकिन वह बच नहीं पाए। गूफी पेंटल ने मुंबई के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली।
महाभारत से मिली असली पहचान
कम ही लोग जानते हैं कि गूफी पेंटल एक्टर बनने से पहले सेना में थे। अभिनेता ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि जब भारत और चीन का युद्ध चल रहा था, उन दिनों वह इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे। युद्ध की स्थिति में आर्मी में सीधा भर्ती की जा रही थी और उनके कॉलेज में भी आर्मी के जवानों के लिए भर्ती शुरू हुई, जिसके जरिए ही उन्होंने भारतीय सेना में कदम रखा। हालांकि, एक्टर के भाई अमरजीत पेंटल फिल्मी दुनिया में थे। इसी वजह से वह आर्मी छोड़ मुंबई आ गए। यहां पर आकर उन्होंने सीआईडी, अकबर बीरबल, राधा कृष्णा जैसे कई शोज किए, लेकिन उन्हें असली पहचान बीआर चोपड़ा की महाभारत से मिली।
Leave A Comment