शाहरुख खान की 'पठान' जापान में एक सितंबर को होगी प्रदर्शित
मुंबई। अभिनेता शाहरुख खान की चर्चित फिल्म 'पठान' एक सितंबर को जापान में प्रदर्शित होगी। फिल्म के निर्माताओं ने बुधवार को यह घोषणा की। भारत में इस साल 25 जनवरी को सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई एक्शन फिल्म 'पठान' का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद ने किया है। फिल्म में शाहरुख के अलावा जॉन अब्राहम और दीपिका पादुकोण भी अहम भूमिका में हैं। फिल्म का निर्माण यशराज फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। यह फिल्म पहले ही वैश्विक स्तर पर बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी है। यशराज फिल्म्स की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक फिल्म का 'सबटाइटिल' संस्करण एक सितंबर, 2023 को जापान में प्रदर्शन के लिए तैयार है। पिछले महीने, 'पठान' रूस और आर्मेनिया, अजरबैजान, बेलारूस, जॉर्जिया, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान और उज़्बेकिस्तान सहित स्वतंत्र राज्यों के राष्ट्रमंडल (सीआईएस) में 3000 से अधिक स्क्रीन पर प्रदर्शित हुई थी।
Leave A Comment