ऊटी साहित्यिक महोत्सव में भाग लेंगे आमिर खान और जावेद अख्तर
नयी दिल्ली. ऊटी साहित्य महोत्सव के सातवें संस्करण में अभिनेता आमिर खान, अभिनेत्री कल्कि कोचलिन, लेखक-गीतकार जावेद अख्तर, लेखिका सुधा मूर्ति के साथ कई नामी हस्तियां शिरकत करेंगी। दो दिवसीय ऊटी साहित्य महोत्सव छह अक्टूबर से शुरू होगा। इसका आयोजन लगभग एक सदी पुराने नीलगिरि पुस्तकालय में किया जाएगा। ऊटी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए और इसके साहित्य, संस्कृति, इतिहास और विरासत की समृद्ध छवि का जश्न मनाते हुए इस वर्ष साहित्य महोत्सव में नीलगिरि के जीवमंडल और विविध समुदायों के पारिस्थितिक महत्व पर प्रकाश डाला जाएगा। इस अवसर पर तमिलनाडु के अग्रणी लेखकों में से एक पेरुमल मुरुगन को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। आयोजकों ने एक बयान में कहा,'' पिछले वर्षों में ऊटी साहित्य महोत्सव तमिलनाडु के साहित्य को प्रस्तुत, संरक्षित और प्रोत्साहित करने के एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में उभरा है...। यह संस्करण भी आमिर खान, जावेद अख्तर, कल्कि कोचलिन, मंसूर खान, सुधा मूर्ति समेत अनेक प्रतिष्ठित वक्ताओं के संवाद, संबोधन और चर्चा का गवाह बनेगा।'' ऊटी साहित्यिक महोत्सव का समापन 7 अक्टूबर को होगा।
Leave A Comment