हेमा मालिनी के अलावा राकेश बेदी, विंदू दारा सिंह भी अयोध्या में करेंगे परफॉर्म
अयोध्या। अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन को लेकर जोरशोर से तैयारियां की जा रही हैं। 22 जनवरी को राम लला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में तमाम बॉलीवुड हस्तियां भी शामिल होंगे। इससे पहले 16 जनवरी से ही आयोजन की शुरुआत हो चुकी है। दिग्गज एक्ट्रेस हेमा मालिनी अयोध्या पहुंचेंगी और अपनी टीम के साथ रामलीला पर बेस्ड एक नृत्य नाटिका प्रस्तुत करेंगी। अब एक्टर राकेश बेदी और विंदू दारा सिंह भी 'रामलीला' परफॉर्म करने वाले हैं। विंदू को भगवान शिव के अवतार में देखा जाएगा। एक्टर राकेश बेदी और विंदू दारा सिंह अयोध्या में 'रामलीला' का मंचन करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। उन्हें राम लला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले परफॉर्म करने के लिए आमंत्रण भेजा गया है। विंदू दारा सिंह ने बताया कि वो भगवान शिव का अवतार निभाएंगे। मालूम हो कि अयोध्या में 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा समारोह होगा।
विंदू दारा सिंह ने कहा, 'मुझे अयोध्या में 'रामलीला' करने के लिए आमंत्रित किया गया है। मैं भगवान शिव की भूमिका निभा रहा हूं। अयोध्या दुनिया का टॉप तीर्थ स्थल बन जाएगा। ऐसा कहा जाता है कि कलयुग के भीतर भी सतयुग आ रहा है, ऐसा हो रहा है। ये हमारे राम जी हैं। मोदी जी और योगी जी इतना काम कर रहे हैं और देश की सेवा कर रहे हैं।'
रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तर प्रदेश सरकार ने अयोध्या में 'रामलीला' के 18 रूपों का प्रदर्शन करने का फैसला किया है। इसके लिए नेपाल, कंबोडिया, सिंगापुर, थाईलैंड और इंडोनेशिया के ट्रूप्स को भी आमंत्रण भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में 7 हजार से ज्यादा लोग सम्मिलित हो सकते हैं। इनमें बॉलीवुड हस्तियां, क्रिकेटर्स और बिजनेसमैन भी शामिल हैं।
हेमा मालिनी अयोध्या पहुंच चुकी हैं। वो पहली बार वहां गई हैं। उन्होंने सबसे पहले राम लला के दर्शन किए। वो भी प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम से पहले परफॉर्म करने वाली हैं।
Leave A Comment