करिश्मा कपूर के बच्चे दिवंगत पिता की संपत्ति में हिस्सेदारी के लिए अदालत पहुंचे
नयी दिल्ली. अभिनेत्री करिश्मा कपूर के दोनों बच्चों ने अपने दिवंगत पिता संजय कपूर की करीब 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति में हिस्सेदारी के लिए मंगलवार को दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया। इस अर्जी पर 10 सितंबर को सुनवाई होने की संभावना है। इसमें संजय कपूर की 21 मार्च की वसीयत को चुनौती दी गई है जिसमें कथित तौर पर उनकी सारी निजी संपत्ति उनकी सौतेली मां प्रिया कपूर के नाम की गई है। अर्जी में दावा किया गया है कि न तो संजय कपूर ने कभी वसीयत के बारे में उल्लेख किया और न ही उनकी सौतेली मां प्रिया कपूर या किसी अन्य व्यक्ति ने कभी इस बारे में कोई जिक्र किया। बेटी समायरा कपूर ने अपनी मां करिश्मा के माध्यम से अर्जी दायर की है और उन्हें अपना ‘जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी' नियुक्त किया है, जबकि नाबालिग बेटे का प्रतिनिधित्व भी मां ने कानूनी अभिभावक के रूप में किया है। करिश्मा और संजय ने 2003 में शादी की थी लेकिन 2016 में उनका तलाक हो गया था।
इसमें आरोप लगाया गया है कि प्रिया का आचरण यह दर्शाता है कि ‘‘कथित वसीयत निसंदेह उनके द्वारा तैयार की गई है।" अर्जी में दावा किया गया, "याचिकाकर्ताओं के पिता द्वारा कथित रूप से निष्पादित की गई वसीयत कानूनी और वैध दस्तावेज नहीं है। यह जाली और मनगढ़ंत है। यही कारण है कि न तो कथित वसीयत की मूल प्रति वादी को दिखाई गई और न ही कथित वसीयत की कोई प्रति प्रदान की गई।" अर्जी में उनके दिवंगत पिता की संपत्ति के बंटवारे, खातों के प्रतिपादन और स्थायी रोक का अनुरोध किया गया है। इसमें कहा गया है, "याचिकाकर्ताओं को अपने पिता के निधन के समय उनकी व्यक्तिगत संपत्ति और चल संपत्ति के बारे में पूरी जानकारी नहीं थी।" अर्जी में प्रिया को संजय की मृत्यु के समय उनकी संपूर्ण व्यक्तिगत संपत्ति और चल संपत्ति का खुलासा करने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया। कारोबारी संजय कपूर की 12 जून को लंदन में एक पोलो मैच के दौरान मृत्यु हो गई, जब गले में कथित तौर पर मधुमक्खी अटक जाने के बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ा। खबरों के अनुसार, संजय की मां रानी कपूर ने हाल में ब्रिटेन के अधिकारियों को पत्र लिखकर उनकी मौत की परिस्थितियों की जांच की मांग की, और हत्या, साजिश और वित्तीय धोखाधड़ी की आशंका जताई है।
Leave A Comment