ब्रेकिंग न्यूज़

भाजपा में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता आरपीएन सिंह

नयी दिल्ली।पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आरपीएन सिंह मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। करीब 32 साल तक कांग्रेस में रहे और विधायक से लेकर सांसद और केंद्रीय मंत्री तक का सफर तय करने वाले सिंह ने आज ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा सौंपा। भाजपा में शामिल होने को उन्होंने एक नयी शुरुआत करार दिया और कहा कि पहले जो कांग्रेस थी, अब वह नहीं रही और ना ही उसकी सोच रही। सिंह ने भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री व उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा तथा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इससे पहले, सिंह ने भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा और केंद्रीय मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की।
सिंह के साथ ही कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रवक्ता शशि वालिया और सचिव राजेंद्र अवाना ने भी भाजपा का दामन थामा। भाजपा में पूर्व केंद्रीय मंत्री का स्वागत करते हुए प्रधान ने कहा कि विधायक, सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में और कांग्रेस में सांगठनिक स्तर पर प्रमुख जिम्मेदारी निभाने वाले सिंह का भाजपा में आना शुभ संकेत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए सिंह ने कहा पहले जो सपने में सोचा जाता था, उसे जमीन पर अब उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं 32 सालों तक एक पार्टी में रहा और ईमानदारी और मेहनत से अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह किया। लेकिन अब वह वैसी रह नहीं गई जो थी...ना ही वह सोच रह गई है, जब मैंने वहां शुरुआत की थी।'' पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की मंत्रिपरिषद के सदस्य रहे आरपीएन सिंह के कांग्रेस छोड़ने की अटकलें पिछले कुछ समय से लगाई जा रही थी। वह कांग्रेस में अलग-थलग महसूस कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘देर आए, दुरुस्त आए।''
भाजपा ने शामिल होने से पहले ही सिंह ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने के लिए तत्पर हूं।'' वह अब तक कांग्रेस में राष्ट्रीय प्रवक्ता और झारखंड के प्रभारी की जिम्मेदारी निभा रहे थे। कांग्रेस द्वारा उत्तर प्रदेश के लिए जारी की गई स्टार प्रचारकों की सूची में भी उनका नाम था। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जारी प्रचार अभियान के बीच आरपीएन सिंह का भाजपा में शामिल होना कांग्रेस को बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है। सिंह से पहले उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के बड़े ब्राह्मण चेहरे और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद भाजपा का दामन थाम चुके हैं। वह वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री हैं। कुशीनगर जिले के पडरौना राजघराने से ताल्लुक रखने वाले आरपीएन सिंह का पूरा नाम कुंवर रतनजीत प्रताप नारायण सिंह है। उन्होंने पडरौना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर वर्ष 1996, 2002 और वर्ष 2007 में जीत दर्ज की थी। इसके बाद वह कुशीनगर से 2009 के लोकसभा चुनाव में जीतकर वह सांसद बने और मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार में गृह राज्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाली। हालांकि, इसके बाद के चुनावों में उन्हें लगातार हार का ही सामना करना पड़ा।
भाजपा में शामिल होने से पहले सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे त्यागपत्र की प्रति ट्विटर पर साझा की और कहा, ‘‘आज, जब पूरा राष्ट्र गणतन्त्र दिवस का उत्सव मना रहा है, मैं अपने राजनीतिक जीवन में नया अध्याय आरंभ कर रहा हूं। जय हिंद।'' उन्होंने इस्तीफे में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देते हुए कहा है, ‘‘मैं राष्ट्र, लोगों और पार्टी की सेवा करने का अवसर प्रदान करने के लिए आपका (सोनिया) धन्यवाद करता हूं।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english