दीवाली पूजन से 10 मिनट पहले चाचा-भतीजे की मौत
अलवर। राजस्थान में दीपावली पूजन से 10 मिनट पहले चाचा-भतीजे की मौत से परिवार सदमे में है। दोनों त्योहार की शॉपिंग करने के लिए बाजार गए थे। सोमवार शाम घर लौट रहे थे तभी पिकअप ने टक्कर मार दी। पिकअप दोनों की बाइक को 60 फीट दूर तक घसीट ले गया। मामला अलवर जिले थानागाजी के किशोरी का है। चाचा-भतीजा जोगियों की ढाणी के रहने वाले थे। हादसा उनके घर से 1 किलोमीटर पहले हुआ।
एएसआई रमेश चंद मीणा ने बताया कि रामकिशोर योगी (22) और अशोक योगी (32) दोनों रिश्ते में चाचा-भतीजा लगते हैं। रामकिशोर और अशोक दीपावली की खरीदारी करने किशोरी गांव गए थे। वे देरशाम करीब साढ़े 7 बजे गोलाकाबास अजबगढ़ रोड की तरफ आ रहे थे तो एक पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद सड़क खून से सन गई थी। रामकिशोर के शव के टुकड़े सड़क से चिपक गए थे। हादसे में रामकिशोर की मौके पर ही मौत हो गई। एएसआई रमेश चंद मीणा ने बताया कि घायल अशोक को थानागाजी हॉस्पिटल में भेजा गया। यहां से हालत गंभीर होने पर जयपुर रेफर किया गया। लेकिन, जयपुर पहुंचते ही अशोक ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने जुर्म दर्ज कर लिया है।
Leave A Comment