ब्रेकिंग न्यूज़

भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी, उनके नेतृत्व की सराहना की

नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्रियों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर उन्हें बधाई दी और उनके नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वह अपने अथक परिश्रम, लगन और दूरदर्शिता से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लेकर आए हैं और उन्होंने दुनिया में भारत का मान बढ़ाया है। प्रधानमंत्री मंगलवार को 74 साल के हो गए।
 भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के पहले 100 दिनों की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, लोगों खासकर दलितों, युवाओं और महिलाओं के जीवन को बेहतर बनाने के लिए काम कर रहे हैं। भाजपा, प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को सेवा दिवस और आज से दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाती है। नड्डा ने इस अवसर पर पार्टी मुख्यालय में एक रक्तदान शिविर की शुरुआत की और सरकार के 100 दिनों पर आयोजित एक प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। उन्होंने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने समर्पण के साथ गांव, गरीब, वंचित, पीड़ित, युवा, महिला और किसान की चिंता की है और उनके जवन में सुधार लाने का प्रयास किया है।'' प्रधानमंत्री को एक ‘महान शख्सियत' बताते हुए नड्डा ने कहा कि उन्होंने अपना जीवन देश और मानवता की सेवा में खपा दिया है। नड्डा ने मोदी सरकार की विभिन्न उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान भारत योजना, तीन करोड़ पीएम आवास योजना, एकीकृत पेंशन योजना और 12 नए स्मार्ट सिटी योजना को मंजूरी दिए जाने सहित कुछ अन्य योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सभी विभाग और केंद्रीय मंत्री देश की जनता के सामने रिपोर्ट कार्ड पेश कर उन्हें मोदी सरकार के पहले 100 दिनों में किए गए कार्यों से अवगत कराएंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत ही नहीं पूरे विश्व ने उनके दूरदर्शी एवं सशक्त नेतृत्व को देखा और अनुभव किया है। उन्होंने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने पूरी तत्परता, तन्मयता और तपस्वी भाव के साथ देश का नेतृत्व किया है और आज भी कर रहे हैं। गरीब कल्याण से लेकर समाज के हर व्यक्ति के कल्याण की उन्होंने चिंता की है और उसके लिए पूरे मनोयोग से काम किया है।'' उन्होंने कहा कि आज भारत उनके नेतृत्व में ‘विकसित' बनने के विराट लक्ष्य को प्राप्त करने के लिये, एक सक्षम और सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘पिछले दस वर्षों में भारत ने जो कदम आगे बढ़ाये हैं, आज उनकी मज़बूती के बल पर भारत नई बुलंदियों को छूने का आकांक्षी है। यह हौसला और विश्वास प्रधानमंत्री के अथक परिश्रम और उनके प्रयासों का सुपरिणाम है।'' केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और कहा कि वे अपने अथक परिश्रम, लगन और दूरदर्शिता से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लेकर आए हैं और उन्होंने दुनिया में भारत का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने दशकों के सार्वजनिक जीवन में राष्ट्र के लिए त्याग और समर्पण के नए मानक तय किए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि देश को मोदी के रूप में एक ऐसा निर्णायक नेता मिला है, जिसने वंचित वर्ग के जीवन में बदलाव लाने का काम किया है। शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर हैशटैग ‘हैप्पी बर्थडे मोदीजी' के साथ लिखा, ‘‘लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदीजी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई, जो अपने अथक परिश्रम, लगन और दूरदृष्टि से देशवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए हैं और उन्होंने देशवासियों का आत्मगौरव बढ़ाने के साथ-साथ भारत का मान भी बढ़ाया है। मैं ईश्वर से आपके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की प्रार्थना करता हूं।'' शाह लंबे समय से मोदी के राजनीतिक सहयोगी रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश में ‘राष्ट्र प्रथम' के विचार को पुनर्स्थापित करने की दिशा में काम किया है। शाह ने कहा कि मोदी जी ने ‘नए भारत' के दृष्टिकोण के साथ विरासत से लेकर विज्ञान तक को जोड़ा है और अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति व जनकल्याण के संकल्प से असंभव लगने वाले अनेक कार्यों को संभव बनाकर गरीबों के कल्याण के नए कीर्तिमान रचे हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने प्रधानमंत्री के बेहतर स्वास्थ्य और दीर्घायु होने के साथ ही उनके नेतृत्व में देश से भय, भूख, आतंक और भ्रष्टाचार के पूरी तरह समाप्त होने तथा उसके पुन: विश्व गुरू का स्थान प्राप्त करने की कामना की। उन्होंने कहा, ‘‘140 करोड़ भारतीयों को अपना परिवार मानते हुए गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति के सशक्तिकरण को समर्पित विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता, तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री बने नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर उन्हें अनंत शुभकामनाएं।'' केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ऐसे समय में हमारा नेतृत्व कर रहे हैं जब प्रमुख वैश्विक अर्थव्यवस्थाएं घटती वृद्धि और अन्य चुनौतियों का सामना कर रही हैं। भारत, अपने मजबूत आर्थिक बुनियादी ढांचे के साथ, दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है।'' उन्होंने कहा, ‘‘मैं प्रार्थना करती हूं कि उन्हें अच्छा स्वास्थ्य और दीर्घायु प्राप्त हो और वे हमें इसी प्रकार नेतृत्व प्रदान करते रहें।'' विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर उनके दीर्घ, स्वस्थ और सुखी जीवन की कामना करता हूं। हमारे राष्ट्र को विकसित भारत की ओर ले जाने में आपका नेतृत्व हम सभी को प्रेरित करता है। हमारी विदेश नीति उस सोच को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।'' केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि उन्होंने सदैव जन-जन के कल्याण को अपने जीवन का ध्येय मानकर, हर व्यक्ति को सक्षम और समृद्ध बनाने की दिशा में दृढ़ता से कार्य किया है। उन्होंने कहा, ‘‘ये आपका ही दूरदर्शी नेतृत्व है जिसके चलते भारत की अर्थव्यस्था निरंतर मजबूत हो रही है। आज कोई भी राष्ट्र हो, उसमें भारत के साथ व्यापार करने का विश्वास जगा है। विकसित भारत के निर्माण के लिए आपसे मिला मार्गदर्शन अमूल्य है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि 2047 तक आपके संकल्पित इस लक्ष्य को हम सभी अवश्य पूरा करेंगे।'' वर्ष 1950 में 17 सितंबर के दिन नरेन्द्र दामोदर दास मोदी का जन्म हुआ। उन्हें 26 मई 2014 को भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने देश के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ दिलायी। पांच बरस बाद 2019 में भाजपा ने नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक बार फिर चुनाव जीता और उन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत की। इस साल नौ जून को उन्होंने लगातार तीसरे कार्यकाल के लिये प्रधानमंत्री पद की शपथ ली, जिसके बाद मोदी पंडित जवाहर लाल नेहरू के बाद लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनने वाले पहले व्यक्ति हो गए हैं। मोदी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने आजाद भारत में जन्म लिया।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english