प्रधानमंत्री मोदी ने भारत में क्षय रोग के मामलों में कमी की सराहना की
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2015 से भारत में क्षय रोग के मामलों में वैश्विक दर से दोगुनी रफ्तार से आई कमी की बृहस्पतिवार को सराहना की। उन्होंने इसका श्रेय उपचार के विस्तार को दिया। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की वैश्विक तपेदिक रिपोर्ट 2025 के अनुसार, भारत में टीबी के मामले, जो प्रत्येक वर्ष सामने आने वाले नए मामलों को दर्शाता है, में 21 प्रतिशत की कमी आई है। वर्ष 2015 में यह संख्या प्रति लाख जनसंख्या पर 237 थी, जो वर्ष 2024 में घटकर प्रति लाख जनसंख्या पर 187 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि यह कमी वैश्विक स्तर पर देखी गई 12 प्रतिशत की गिरावट की गति से लगभग दोगुनी है। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘टीबी के खिलाफ भारत की लड़ाई उल्लेखनीय गति प्राप्त कर रही है।
डब्ल्यूएचओ की नवीनतम वैश्विक तपेदिक रिपोर्ट 2025 में बताया गया है कि भारत में 2015 से टीबी के मामलों में सराहनीय कमी दर्ज की गई है और यह गिरावट की वैश्विक दर से लगभग दोगुनी है।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में क्षय रोग (टीबी) के मामलों में आई गिरावट दुनिया में कहीं भी देखी गई सबसे तीव्र गिरावटों में से एक है। मोदी ने कहा, ‘‘उपचार सेवा का विस्तार, ‘बीमारी पता चलने के बाद मरीज के लापता' होने के मामलों में कमी और उपचार की सफलता में निरंतर वृद्धि भी उतनी ही उत्साहजनक है। मैं उन सभी को बधाई देता हूं जिन्होंने इस सफलता को प्राप्त करने के लिए काम किया है। हम एक स्वस्थ और फिट भारत सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।''









Leave A Comment