बिहार के लोगों का प्रत्येक वोट मोदी सरकार की घुसपैठ विरोधी नीति में विश्वास का प्रतीक : शाह
नयी दिल्ली/ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार विधानसभा चुनाव में राजग के प्रदर्शन को ‘‘ऐतिहासिक'' बताते हुए शुक्रवार को कहा कि लोगों ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘विकास-केंद्रित' राजनीति में अपना भरोसा जताया है। बिहार विधानसभा चुनाव में शुक्रवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 243 में से लगभग 202 सीट पर जीत हासिल कर प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने की ओर अग्रसर है जबकि लगभग 95 प्रतिशत स्ट्राइक रेट के साथ भाजपा राज्य की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरती दिख रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि बिहार में राजग को मिला भारी जनादेश विकास, महिला सुरक्षा, सुशासन और गरीबों के कल्याण के लिए उसके कार्यों पर जनता की मुहर है। शाह ने ‘एक्स' पर पोस्ट में कहा, बिहारवासियों का एक-एक वोट भारत की सुरक्षा और संसाधनों से खेलने वाले घुसपैठियों और उनके हितैषियों के खिलाफ मोदी सरकार की नीति में विश्वास का प्रतीक है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बिहार विधानसभा चुनाव में राजग की जीत को ‘ऐतिहासिक' बताया और कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘डबल इंजन' सरकार की विकासोन्मुखी एवं कल्याणकारी नीतियों के प्रति विश्वास की मुहर है।
बिहार के लिए भाजपा के चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि राजग को ‘निर्णायक और अभूतपूर्व' जनादेश देकर, बिहार के लोगों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि विकास, सुशासन और स्थिरता उनकी प्राथमिकताएं हैं। प्रधान ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, राजग के लिए यह शानदार जनादेश प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री कुमार के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की कल्याणकारी नीतियों के लिए लोगों द्वारा एक मजबूत समर्थन है। भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि लोगों ने जाति और समुदाय से ऊपर उठकर विकास एवं सुशासन के लिए वोट दिया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों से कहा, यह वोट आशा और विश्वास का है। लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और (बिहार के) विकास की उनकी गारंटी में विश्वास दिखाया है।
मोदी की वीडियो क्लिप को साझा करते हुए भाजपा सांसद एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने ‘एक्स' पर भोजपुरी में लिखा, ‘‘बिहार में बंपर जीत हो गईल, जोड़ी मोदी-नीतीश जी के हिट हो गईल''।



.jpeg)
.jpeg)

.jpg)



Leave A Comment