ब्रेकिंग न्यूज़

पाँच दिन पाँच महापर्वो में तीसरा पर्व "दीपावली पूजन

   दीवाली पर माँ लक्ष्मी, सरस्वती एवं गणेशजी की पूजा की जाती है। इन दिन इन तीनों देवी-देवताओं की विशेष पूजा-अर्चना कर उनसे सुख-समृद्धि, बुद्धि तथा घर में शांति, तरक्की का वरदान माँगा जाता है। दीवाली पर देवी-देवताओं की पूजा में कुछ विशेष बातों का ध्यान रखा जाता है जो निम्न प्रकार हैं-

 
                                 पूजन सामग्री
 
        दीवाली पूजा के सामान की लगभग सभी चीजें घर में ही मिल जाती हैं। कुछ अतिरिक्त चीजों को बाहर से लाया जा सकता है। ये वस्तुएं हैं- लक्ष्मी, सरस्वती व गणेश जी का चित्र या प्रतिमा, रोली, कुमकुम, चावल, पान, सुपारी, लौंग, इलायची, धूप, कपूर, अगरबत्तियां, मिट्टी तथा तांबे के दीपक, रुई, कलावा (मौलि), नारियल, शहद, दही, गंगाजल, गुड़, धनिया, फल, फूल, जौ, गेहूँ, दूर्वा, चंदन, सिंदूर, घृत, पंचामृत, दूध, मेवे, खील, बताशे, गंगाजल, यज्ञोपवीत (जनेऊ), श्वेत वस्त्र, इत्र, चौकी, कलश, कमल गट्टे की माला, शंख, आसन, थाली, चांदी का सिक्का, देवताओं के प्रसाद हेतु मिष्ठान्न (बिना वर्क का)
 
                                 पूजन विधि
 
        दीवाली की पूजा में सबसे पहले एक चौकी पर सफेद वस्त्र बिछा कर उस पर माँ लक्ष्मी, सरस्वती व गणेश जी का चित्र या प्रतिमा को विराजमान करें। इसके बाद हाथ में पूजा के जलपात्र से थोड़ा-सा जल लेकर उसे प्रतिमा के ऊपर निम्न मंत्र पढ़ते हुए छिड़कें। बाद में इसी तरह से स्वयं को तथा अपने पूजा के आसन को भी इसी तरह जल छिड़ककर पवित्र कर लें।
 
        ॐ अपवित्र: पवित्रो वा  सर्वावस्थां गतोपि वा। 
        य: स्मरेत् पुण्डरीकाक्षं स: वाह्याभंतर: शुचि:॥
 
         इसके बाद माँ पृथ्वी को प्रणाम करके निम्न मंत्र बोलें तथा उनसे क्षमा प्रार्थना करते हुए अपने आसन पर विराजमान हों।
 
         पृथ्विति मंत्रस्य मेरुपृष्ठः ग ऋषिः सुतलं 
         छन्दः कूर्मोदेवता आसने विनियोगः॥
         ॐ पृथ्वी त्वया धृता लोका देवि त्वं विष्णुना धृता। 
         त्वं च धारय माँ देवि पवित्रं कुरु चासनम्‌॥ 
         पृथिव्यै नमः आधारशक्तये नमः
 
        इसके बाद "ॐ केशवाय नमः, ॐ नारायणाय नमः, ॐ माधवाय नमः" कहते हुए गंगाजल का आचमन करें 
 
                                 ध्यान व संकल्प
 
         इस पूरी प्रक्रिया के बाद मन को शांत कर आँखें बंद करें तथा माँ को मन ही मन प्रणाम करें। इसके बाद हाथ में जल लेकर पूजा का संकल्प करें। संकल्प के लिए हाथ में अक्षत (चावल), पुष्प और जल ले लीजिए। साथ में एक रूपए (या यथासंभव धन) का सिक्का भी ले लें। इन सब को हाथ में लेकर संकल्प करें, कि मैं अमुक व्यक्ति अमुक स्थान व समय पर माँ लक्ष्मी, सरस्वती तथा गणेशजी की पूजा करने जा रहा हूं, जिससे मुझे शास्त्रोक्त फल प्राप्त हों।  इसके बाद सबसे पहले भगवान गणेशजी व गौरी का पूजन कीजिए। तत्पश्चात कलश पूजन करें, फिर नवग्रहों का पूजन कीजिए। हाथ में अक्षत और पुष्प ले लीजिए, और नवग्रह स्तोत्र बोलिए। इसके बाद भगवती षोडश मातृकाओं का पूजन किया जाता है। इन सभी के पूजन के बाद 16 मातृकाओं को गंध, अक्षत व पुष्प प्रदान करते हुए पूजन करें। पूरी प्रक्रिया मौलि लेकर गणपति, माता लक्ष्मी व सरस्वती को अर्पण कर और स्वयं के हाथ पर भी बंधवा लें। अब सभी देवी-देवताओं के तिलक लगाकर स्वयं को भी तिलक लगवाएं। इसके बाद माँ महालक्ष्मी की पूजा आरंभ करें।
          माँ को रिझाने के लिए करें श्रीसूक्त, लक्ष्मीसूक्त व कनकधारा स्रोत का पाठ सबसे पहले भगवान गणेशजी, लक्ष्मीजी का पूजन करें। उनकी प्रतिमा के आगे 7, 11 अथवा 21 दीपक जलाएं तथा माँ को श्रृंगार सामग्री अर्पण करें। माँ को भोग लगा कर उनकी आरती करें। श्रीसूक्त, लक्ष्मीसूक्त व कनकधारा स्रोत का पाठ करें। इस तरह से आपकी पूजा पूर्ण होती है।
 
                                  क्षमा-प्रार्थना
 
         पूजा पूर्ण होने के बाद माँ से जाने-अनजाने हुए सभी भूलों के लिए क्षमा-प्रार्थना करें। उन्हें कहें- माँ न मैं आह्वान करना जानता हूँ, न विसर्जन करना। पूजा-कर्म भी मैं नहीं जानता। हे परमेश्वरि! मुझे क्षमा करो। मन्त्र, क्रिया और भक्ति से रहित जो कुछ पूजा मैंने की है, हे देवि! वह मेरी पूजा सम्पूर्ण हो। यथा-सम्भव प्राप्त उपचार-वस्तुओं से मैंने जो यह पूजन किया है, उससे आप भगवती श्रीलक्ष्मी प्रसन्न हों। (सभी आध्यात्मिक जानकारियों के लिये हमारे फेसबुक पेज श्रीजी की चरण सेवा के साथ जुड़े रहें।)
 
                         दीपावली की लक्ष्मीजी की  कथा
 
          हमारी लोक संस्कृति में दीपावली त्योहार और माता लक्ष्मी की बड़ी सौंधी सी कथा प्रचलित है। एक बार कार्तिक मास की अमावस को लक्ष्मीजी भ्रमण पर निकलीं। चारों ओर अंधकार व्याप्त था। वे रास्ता भूल गईं। उन्होंने निश्चय किया कि रात्रि वे मृत्युलोक में गुजार लेंगी और सूर्योदय के पश्चात बैकुंठधाम लौट जाएंगी, किंतु उन्होंने पाया कि सभी लोग अपने-अपने घरों में द्वार बंद कर सो रहे हैं।
          तभी अंधकार के उस साम्राज्य में उन्हें एक द्वार खुला दिखा जिसमें एक दीपक की लौ टिमटिमा रही थी। वे उस प्रकाश की ओर चल दीं। वहां उन्होंने एक वृद्ध महिला को चरखा चलाते देखा। रात्रि विश्राम की अनुमति माँग कर वे उस बुढ़िया की कुटिया में रुकीं। 
          वृद्ध महिला लक्ष्मीदेवी को बिस्तर प्रदान कर पुन: अपने कार्य में व्यस्त हो गई। चरखा चलाते-चलाते वृद्धा की आंख लग गई। दूसरे दिन उठने पर उसने पाया कि अतिथि महिला जा चुकी है किंतु कुटिया के स्थान पर महल खड़ा था। चारों ओर धन-धान्य, रत्न-जेवरात बिखरे हुए थे।
          कथा की फलश्रुति यह है कि माँ लक्ष्मीदेवी जैसी उस वृद्धा पर प्रसन्न हुईं वैसी सब पर हों। और तभी से कार्तिक अमावस की रात को दीप जलाने की प्रथा चल पड़ी। लोग द्वार खोलकर लक्ष्मीदेवी के आगमन की प्रतीक्षा करने लगे।
          किंतु मानव समाज यह तथ्य नहीं समझ सका कि मात्र दीप जलाने और द्वार खोलने से महालक्ष्मी घर में प्रवेश नहीं करेंगी। बल्कि सारी रात परिश्रम करने वाली वृद्धा की तरह कर्म करने पर और अंधेरी राहों पर भटक जाने वाले पथिकों के लिए दीपकों का प्रकाश फैलाने पर घरों में लक्ष्मी विश्राम करेंगी। ध्यान दिया जाए कि वे विश्राम करेंगी, निवास नहीं। क्योंकि लक्ष्मी का दूसरा नाम ही चंचला है। अर्थात् अस्थिर रहना उनकी प्रकृति है।
          इस दीपोत्सव पर कामना करें कि राष्ट्रीय एकता का स्वर्णदीप युगों-युगों तक अखंड बना रहे। हम ग्रहण कर सकें नन्हे-से दीप की कोमल-सी बाती का गहरा-सा संदेश कि बस अंधकार को पराजित करना है और नैतिकता के सौम्य उजास से भर उठना है।
 
         न  क्रोधो  न  च  मात्सर्य न लोभो  ना शुभामति:
         भवन्ति कृत पुण्यानां भक्तानां सूक्त जापिनाम्॥
 
        अर्थात् लक्ष्मी सूक्त का पाठ करने वाले की क्रोध, मत्सर, लोभ व अन्य अशुभ कर्मों में वृत्ति नहीं रहती। वे सत्कर्मों की ओर प्रेरित होते हैं।
 
                         गणेश जी की आरती
 
        जय   गणेश   जय   गणेश  जय  गणेश  देवा,
        माता  जाकी    पार्वती,   पिता   महादेवा॥१॥
        एक     दंत      दयावंत     चार      भुजाधारी।
        माथे  पर  तिलक  सोहे, मुसे  की सवारी॥२॥
        पान   चढ़े    फूल    चढ़े    और    चढ़े   मेवा।
        लड्डुवन  का  भोग  लगे, संत  करे सेवा॥३॥
        अंधन  को   आंख  देत, कोढ़ियन  को काया।
        बांझन  को  पुत्र  देत,  निर्धन  को   माया॥४॥
        सुर  श्याम  शरण  आये   सफल कीजे  सेवा।
        जय गणेश देवा, जय  गणेश जय  गणेश॥५॥
                      ----------:::×:::---------- 
 
                         लक्ष्मीजी की आरती
 
        ॐ जय लक्ष्मी माता मैया जय लक्ष्मी माता।
        तुमको   निसदिन   सेवत,   हर  विष्णु  विधाता॥ॐ॥
        उमा,    रमा,    ब्रम्हाणी,    तुम    जग    की    माता।
        सूर्य   चद्रंमा   ध्यावत,    नारद    ऋषि    गाता॥ॐ॥
        दुर्गारूप      निरंजन,      सुख       संपत्ति      दाता।
        जो कोई तुमको ध्याता, ऋद्धि सिद्धी धन पाता॥ॐ॥
        तुम   ही   पाताल   निवासनी,   तुम   ही   शुभदाता।
        कर्मप्रभाव   प्रकाशनी,  क्षभवनिधि   की  त्राता॥ॐ॥
        जिस  घर  तुम  रहती  हो,  ताँहि में हैं सद्गुण आता।
        सब   सभंव    हो   जाता,  मन   नहीं   घबराता॥ॐ॥
        तुम    बिन   यज्ञ   ना   होता,   वस्त्र   न  कोई पाता।
        खान   पान   का   वैभव,   सब    तुमसे   आता॥ॐ॥
        शुभ      गुण     मंदिर,     सुंदर    क्षीरनिधि    जाता।
        रत्न    चतुर्दश   तुम   बिन,   कोई   नहीं   पाता॥ॐ॥
        महालक्ष्मी   जी   की   आरती,   जो   कोई नर गाता।
        उर    आंनद     समाता,    पाप     उतर    जाता॥ॐ॥
                          ----------:::×:::----------

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english