- Home
- देश
- नयी दिल्ली. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में समानता को बढ़ावा देने और आयुष्मान भारत योजना जैसी पहल के माध्यम से उन्हें किफायती और सुलभ बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। मांडविया ने इस बात पर जोर दिया कि भारत सरकार ने देश में स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों के लिए इलाज की लागत कम करने के साथ-साथ चिकित्सकों की संख्या भी तेजी से बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। मांडविया ने कहा, “पिछले नौ वर्षों में मेडिकल कॉलेजों की संख्या दोगुनी से अधिक हो गई है। इसी तरह, 10 साल से भी कम समय में एमबीबीएस, पीजी और नर्सिंग सीटों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है।” मांडविया ने लेडी हार्डिंग कृपलानी अस्पताल, न्यू हॉस्टल ब्लॉक, अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल रिसर्च (एबीवीआईएमएस) और डॉ. आरएमएल अस्पताल, स्पोर्ट्स इंज्यूरी सेंटर, वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज (वीएमएमसी) और सफदरजंग अस्पताल और अकादमिक ब्लॉक और न्यू हॉस्टल ब्लॉक, राजकुमारी अमृत कौर कॉलेज ऑफ नर्सिंग में दुर्घटना एवं आपातकालीन ब्लॉक का उद्घाटन करते हुए उक्त बातें कहीं। उन्होंने कहा, "हमारा लक्ष्य निवारक स्वास्थ्य देखभाल और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के बीच तालमेल के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में समग्र रूप से काम करना है।"
- आगरा. उत्तर प्रदेश के आगरा में रविवार की रात घने कोहरे का फायदा उठाते हुये बदमाशों ने भारतीय स्टेट बैंक का एटीम उखाड़ कर ले गये।पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शाखा प्रबंधक ने पुलिस को तहरीर दी है, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया है।आगरा के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रीतइंदर सिंह ने बताया कि चार-पांच लोग पिकअप वैन के साथ आए थे और एटीएम उखाडक़र ले गए। पुलिस आयुक्त ने बताया कि भारतीय स्टेट बैंक की कागारौल शाखा के प्रबंधक ने बताया कि एटीएम में करीब 30 लाख की नकदी थी। इस मामले में पुलिस आयुक्त डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने कर्तव्यों में लापरवाही बरतने पर कागारौल थाने के प्रभारी जसवीर सिंह सिरोही को पुलिस लाइंस में स्थानांतरित कर दिया है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज चेक कर रही है और आगे की कार्रवाई कर रही है।उन्होंने बताया कि निगरानी दल के अलावा आगरा पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) को भी बदमाशों का पता लगाने के लिए सक्रिय कर दिया गया है।
- ऋषिकेश. उत्तराखंड के ऋषिकेश के निकट चीला क्षेत्र में वन विभाग की एक गाड़ी सोमवार को एक पेड़ से टकरा गयी, जिससे उसमें सवार दो वन अधिकारियों समेत चार लोगों की मृत्यु हो गयी और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। लक्ष्मणझूला पुलिस थाने के प्रभारी रवि कुमार सैनी ने बताया कि दुर्घटना में एक महिला वन अधिकारी वाहन से निकलकर चीला नहर में गिरने से लापता हो गयी हैं । पुलिस ने बताया कि यह घटना चीला बिजलीघर के आगे उस वक्त हुई जब वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से भरी गाड़ी पेड़ से टकरा गयी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आठ व्यक्तियों को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश पहुंचाया। इनमें से चार को चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया जबकि चार अन्य घायल हो गए। मृतकों में चीला के वन रेंजर शैलेश घिल्डियाल, इको टूरिज्म रेंजर प्रमोद ध्यानी, सैफ अली खान और कुलराज सिंह शामिल हैं । घटना में डॉ राकेश नौटियाल, हिमांशु गोसाई, अमित सेमवाल और अंकुश घायल हो गए जिनका अस्पताल में उपचार किया जा रहा है । राजाजी पार्क की वन्यजीव प्रतिपालक आलोकी देवी लापता हैं जिनकी तलाश के लिए राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), फायर सर्विस, जल पुलिस तथा स्थानीय पुलिस की मदद से चीला नहर में राफ्टिंग के साथ तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ।
- ढाका.आम चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करने के एक दिन बाद प्रधानमंत्री शेख हसीना ने सोमवार को कहा कि भारत बांग्लादेश का एक ‘घनिष्ठ मित्र' है और दोनों पड़ोसियों ने द्विपक्षीय रूप से कई समस्याओं का समाधान किया है। हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग पार्टी ने लगातार चौथी बार आम चुनाव में जीत दर्ज की है।साल 2009 से रणनीतिक रूप से अहम दक्षिण एशियाई देश पर शासन कर रहीं 76 वर्षीय नेता ने रविवार को हुए एकतरफा चुनाव में कुल मिलाकर पांचवां कार्यकाल हासिल किया। हालांकि, चुनाव में कम वोट पड़े थे। हसीना ने कहा, “भारत बांग्लादेश का बहुत घनिष्ठ मित्र है। उसने 1971 में और 1975 में भी हमारा समर्थन किया। उसने मुझे और मेरी बहन तथा मेरे परिवार के अन्य सदस्यों को आश्रय दिया।” वह अपने परिवार के सदस्यों की हत्या के बाद छह साल तक भारत में निर्वासन में रहने के वक्त का उल्लेख कर रही थीं। अगस्त 1975 में, शेख मुजीबुर रहमान, उनकी पत्नी और उनके तीन बेटों की उनके घर में सैन्य अधिकारियों ने हत्या कर दी थी। उनकी बेटियां हसीना और रेहाना विदेश में होने के कारण बच गईं थी। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा, “हम भारत को अपना निकटवर्ती पड़ोसी मानते हैं। हमारे बीच कई समस्याएं थीं, लेकिन हमने इसे द्विपक्षीय तरीके से हल किया। इसलिए, मैं वास्तव में इसकी सराहना करती हूं कि भारत के साथ हमारे अद्भुत संबंध हैं।” उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों पक्ष बाकी मुद्दों को भी सुलझा लेंगे।हसीना ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के आधिकारिक निवास गणभवन में विदेशी मीडिया के साथ बातचीत में कहा, “मेरे हर देश के साथ अच्छे संबंध हैं, क्योंकि यही हमारा नीति-वाक्य है।” हसीना को भारत और चीन के प्रतिद्वंद्वी हितों पर कुशलतापूर्वक बातचीत करने का श्रेय दिया जाता है क्योंकि बांग्लादेश एशिया के दो बड़े देशों के बीच फंसा हुआ है। चुनाव से पहले उन्हें दोनों बड़े पड़ोसियों और रूस का समर्थन मिला। भारत ने बांग्लादेश के चुनावों को "आंतरिक मामला" बताया, जबकि अमेरिका सहित पश्चिम ने विश्वसनीय और समावेशी चुनावों का आह्वान किया। अमेरिका ने उन अधिकारियों और राजनीतिक नेताओं को वीजा देने से इनकार करने की धमकी दी, जिन्हें वह "लोकतांत्रिक चुनाव को कमजोर करने वाला" मानता है। हसीना ने हालांकि कहा कि उनकी सरकार की नीति "सभी के प्रति मित्रता और किसी के प्रति द्वेष नहीं" है। उन्होंने कहा कि उनके अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ भी अच्छे संबंध हैं। हसीना ने कहा कि वह बेहतर बांग्लादेश के अपने मिशन को आगे बढ़ाने के लिए सभी के साथ दोस्ती की कोशिश करती रहेंगी। चुनाव में जीत के बाद अपनी पहली प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा, "मैं हमारी (विकास) पहल को जारी रखने के लिए हर देश के साथ अच्छे संबंध चाहती हूं।" प्रधानमंत्री हसीना ने कहा कि अगले पांच वर्षों में उनकी सरकार का मुख्य ध्यान आर्थिक प्रगति पर होगा।उन्होंने कहा कि वह अपने लोगों के लिए काम करने की कोशिश करती हैं। उन्होंने कहा, "मातृ-स्नेह के साथ, मैं अपने लोगों की देखभाल करती हूं, जिन्होंने मुझे यह मौका दिया। बार-बार लोगों ने मुझे वोट दिया है और यही कारण है कि मैं यहां हूं।" भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और श्रीलंका की पूर्व प्रधानमंत्री सिरिमाओ भंडारनायके जैसे वैश्विक नेताओं से तुलना किए जाने पर, हसीना ने कहा, "वे बहुत महान महिलाएं हैं। मैं नहीं हूं। मैं बहुत सरल हूं, बस एक आम शख्स हूं।” उन्होंने कहा, “ जब आप देश चलाते हैं तो आपको खुद को पुरुष या महिला नहीं समझना चाहिए। लेकिन मैं एक मां हूं और लोगों को अपना बच्चा मानती हूं।” बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की बीमार और जेल में बंद नेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बहिष्कार के आह्वान के बीच रविवार को हुए चुनाव में 41.8 प्रतिशत मतदान हुआ। उन्होंने कहा कि "चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष था।"हसीना ने कहा, "अगर कोई पार्टी चुनाव में भाग नहीं लेती है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि वहां लोकतंत्र नहीं है।" उन्होंने कहा, "मैं प्रतिशोधी नहीं हूं (और) मैं बहुत उदार शख्स हूं।
- अहमदाबाद. नेशनल हाई-स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) ने सोमवार को कहा कि उसने गुजरात, महाराष्ट्र और दादरा व नगर हवेली में मुंबई-अहमदाबाद रेल कॉरिडोर (एमएचआरसी) के लिए भूमि अधिग्रहण का काम 100 प्रतिशत पूरा कर लिया। मुंबई-अहमदाबाद रेल कॉरिडोर को बुलेट ट्रेन परियोजना के रूप में भी जाना जाता है।रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 'एक्स' पर भूमि अधिग्रहण की जानकारी साझा करते हुए कहा कि परियोजना के लिए आवश्यक 1389.49 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण कर लिया गया है। मुंबई और अहमदाबाद के बीच उच्च गति वाली रेल लाइन का निर्माण किया जा रहा है।एनएचएसआरसीएल ने एक विज्ञप्ति में कहा कि परियोजना के लिए सभी अनुबंध गुजरात और महाराष्ट्र को दे दिए गए थे जबकि 120.4 किलोमीटर गार्डर बिछा दिए गए हैं और 271 किलोमीटर तक खंभे लगा दिए गए हैं। विज्ञप्ति के मुताबिक, ''एमएचआरसी गलियारा ट्रैक सिस्टम के लिए जापानी शिंकानसेन में उपयोग किए जाने वाले रीइन्फोर्स्ड कंक्रीट (आरसी) ट्रैक बेड को बिछाने का काम भी सूरत और आनंद में शुरू हो गया है। यह पहली बार है जब भारत में जे-स्लैब गिट्टी रहित ट्रैक प्रणाली का उपयोग किया जा रहा है।'' एनएचएसआरसीएल ने कहा कि सिर्फ 10 महीने में गुजरात के वलसाड जिले में जरोली गांव के समीप 12.6 मीटर व्यास और 350 मीटर लंबी पहली 'माउंटेन टनल' का निर्माण पूरा कर लिया गया है। विज्ञप्ति के मुताबिक, गुजरात के सूरत जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर 70 मीटर लंबा और 673 मीट्रिक टन वजन वाला पहला स्टील पुल बनाया गया है। साथ ही इस तरह के 28 में 16 पुलों का निर्माण विभिन्न चरणों में हैं। विज्ञप्ति के मुताबिक, एमएएचएसआर गलियारे पर 24 में से छह नदियों पर पुलों के निर्माण का काम पूरा हो चुका है, जिनमें पार (वलसाड जिला), पूर्णा (नवसारी जिला), मिंधोला (नवसारी जिला), अंबिका (नवसारी जिला), औरंगा (वलसाड जिला) और वेंगनिया (नवसारी जिला) शामिल हैं। विज्ञप्ति में कहा गया कि नर्मदा, ताप्ती, माही और साबरमती नदियों पर काम जारी है।विज्ञप्ति के मुताबिक, भारत की पहली सात किलोमीटर लंबी समुद्र के नीचे रेल सुरंग का काम शुरू हो गया है। यह सुरंग महाराष्ट्र में बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स और शिलफाटा के बीच 21 किमी लंबी सुरंग का हिस्सा है और मुंबई एचएसआर स्टेशन के निर्माण के लिए खुदाई का काम भी शुरू हो गया है। एनएचएसआरसीएल ने कहा कि गुजरात के वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, आनंद, वडोदरा, अहमदाबाद और साबरमती में एचएसआर स्टेशन निर्माण के विभिन्न चरणों में हैं। विज्ञप्ति के मुताबिक, 1.10 लाख करोड़ रुपये की इस परियोजना के 2022 तक पूरा होने की उम्मीद थी लेकिन भूमि अधिग्रहण को लेकर कई बाधाओं का सामना करना पड़ा। सरकार ने 2026 तक दक्षिण गुजरात के सूरत और बिलिमोरा के बीच बुलेट ट्रेन का पहला चरण शुरू करने का लक्ष्य रखा है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रख्यात साहित्यकार हरिराम द्विवेदी के निधन पर मंगलवार को शोक जताया और कहा कि कविता संग्रहों व अपनी विभिन्न रचनाओं के माध्यम से वे हमेशा हम सभी के जीवन में उपस्थित रहेंगे। हिंदी और भोजपुरी के प्रख्यात कवि, गीतकार और साहित्यकार पंडित हरिराम द्विवेदी ‘हरि भैया’ लंबे समय से बीमार थे। द्विवेदी (87) का सोमवार देर रात निधन हो गया। द्विवेदी के परिजनों ने यह जानकारी दी।
-
केंद्रपाड़ा/संबलपुर. ओडिशा के भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान में सर्दियों के मौसम में आने वाले प्रवासी पक्षियों की संख्या में इस बार मामूली वृद्धि दर्ज की गई है। यह जानकारी वन विभाग की ओर से पक्षियों की नवीनतम गणना की रिपोर्ट से मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल 1,39,959 पक्षियों की तुलना में इस साल आने वाले प्रवासी पक्षियों की संख्या बढ़कर 1,51,421 हो गई है। पिछले साल 144 प्रजाति के प्रवासी पक्षी राष्ट्रीय उद्यान आये थे, नवीनतम गणना में पक्षियों की 121 प्रजातियां देखी गईं है। राजनगर मैंग्रोव (वन्यजीव) वन प्रभाग के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ), सुदर्शन गोपीनाथ यादव ने कहा, "यह एक स्पष्ट संकेत है कि भितरकनिका अभी भी पक्षियों को आकर्षित करने के लिए एक अनुकूल स्थान है।" वार्षिक पक्षी गणना 6 जनवरी को की गई थी।
उन्होंने कहा कि इस साल प्रवासी पक्षियों की संख्या में वृद्धि राजस्व और वन विभागों द्वारा अवैध झींगा बाड़ों के बड़े हिस्से को हटाने के बाद खुली जगह की उपलब्धता के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तरी गोलार्ध और लद्दाख जैसे ठंडे स्थानों के पक्षी भितरकनिका आर्द्रभूमि को उसके अद्वितीय पारिस्थितिकी तंत्र के चलते पसंद करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में चिल्का और भितरकनिका आर्द्रभूमि शीतकालीन प्रवासी पक्षियों के पसंदीदा स्थान हैं। इस बीच, एक वन अधिकारी ने कहा कि संबलपुर जिले के हीराकुड जलाशय में प्रवासी पक्षियों की गणना की जा रही है। हर साल, कैस्पियन सागर, बैकाल झील, अराल सागर, मंगोलिया, मध्य और दक्षिण-पूर्व एशिया और हिमालय से हजारों की संख्या में पक्षी नवंबर से मार्च तक हीराकुड जलाशय आते हैं। पिछली सर्दियों में 108 प्रजातियों के 3.16 लाख से अधिक पक्षी जलाशय आए थे। -
नयी दिल्ली. लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार 2023 के लिए योजना की रूपरेखा में बदलाव किया गया है ताकि लक्षित लाभार्थियों और सरकार के प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के माध्यम से प्रशासनिक अधिकारियों के कार्य प्रदर्शन को चिह्नित किया जा सके। केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी बयान के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, 2014 के बाद से पुरस्कारों की पूर्ण अवधारणा और प्रारूप में क्रांतिकारी परिवर्तन आया है। मंत्रालय ने कहा कि योजना का उद्देश्य रचनात्मक प्रतिस्पर्धा, नवाचार, प्रतिकृति और सर्वोत्तम प्रथाओं के संस्थानीकरण को प्रोत्साहित करना है। बयान के अनुसार, ‘‘इस दृष्टिकोण के तहत, केवल मात्रात्मक लक्ष्यों को हासिल करने के अलावा सुशासन, गुणात्मक उपलब्धि और अंतिम छोर कनेक्टिविटी पर जोर दिया जाएगा।'' इसमें बताया गया कि लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार 2023 के लिए वेब-पोर्टल को प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग द्वारा सोमवार को जारी किया गया। विज्ञप्ति के अनुसार उचित पंजीकरण और आवेदन जमा करने के लिए ‘पीएम अवार्ड्स वेब पोर्टल' पर पंजीकरण शुरू हो गया है, जो सोमवार से 31 जनवरी तक चालू रहेगा।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार छोटे किसानों को मुसीबतों से बाहर निकालने के लिए निरंतर काम कर रही है और कृषि में सहकारिता को बढ़ावा देना इसी सोच का परिणाम है जबकि पूर्व की सरकारों में किसान के सशक्तीकरण की चर्चा सिर्फ पैदावार व उसकी उपज की बिक्री के इर्द-गिर्द ही सीमित रही। ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा' के लाभार्थियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संवाद करने के बाद उन्हें संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि ‘मोदी की गारंटी' वाली इस यात्रा का सबसे बड़ा मकसद है कि कोई भी हकदार सरकारी योजना के लाभ से छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘कई बार जागरूकता की कमी से या दूसरे कारणों से कुछ लोग सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। ऐसे लोगों तक पहुंचना हमारी सरकार अपना दायित्व समझती है। आज देश में ही नहीं बल्कि दुनिया में भी मोदी की गारंटी की बहूत चर्चा हो रही है।'' प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘पहले की सरकारों में देश में कृषि नीति का दायरा बहुत सीमित था और किसानों के सशक्तीकरण की चर्चा सिर्फ पैदावार और उसकी उपज की बिक्री के इर्दगिर्द ही सीमित रही जबकि किसान को अपने दैनिक जीवन में भांति-भांति की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसलिए हमारी सरकार ने किसान की हर मुश्किल को आसान करने के लिए चौतरफा प्रयास किए। पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से हर किसान को कम से कम 30,000 रुपये दिए जा चुके हैं।'' मोदी ने कहा कि उनके लिए गरीब, किसान, महिलाएं और युवा चार सबसे बड़ी जातियां हैं और जब ये सशक्त होंगी तो एक सशक्त भारत सुनिश्चित होगा। पिछले दिनों न्यूनतम समर्थन मूल्य पर तुअर की दाल की ऑनलाइन खरीद किए जाने की घोषणा का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी यह सुविधा तुअर या अरहर दाल के लिए दी गई है लेकिन आने वाले समय में दूसरे दालों के लिए भी इसका दायरा बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा प्रयास है दाल खरीदने के लिए जो पैसा हम विदेश भेजते हैं, वह देश के ही किसानों को मिल सके।'' उन्होंने बताया कि ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा' के दौरान दो करोड़ से ज्यादा गरीबों के स्वास्थ्य की जांच हुई है और इसी दौरान एक करोड़ लोगों की टीबी की बीमारी की भी जांच हुई है। उन्होंने कहा कि 22 लाख लोगों की सिकल सेल एनीमिया की जांच हुई है और ये सारे लोग गांव, गरीब, दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज के लोग हैं। ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा' के लाभार्थियों के साथ संवाद किया। इस दौरान लाभार्थियों ने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की सराहना की। पिछले साल 15 नवंबर को इस कार्यक्रम की शुरुआत के बाद से मोदी ने पूरे देश में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा' के लाभार्थियों के साथ नियमित रूप से संवाद किया है। यह यात्रा देश भर में सरकार की प्रमुख योजनाओं की शत प्रतिशत पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है। इसके तहत यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि केंद्र की योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से सभी लक्षित लाभार्थियों तक पहुंचे।
- नयी दिल्ली,। एक अध्ययन के अनुसार आंख की रेटिना में रक्त के प्रवाह में परिवर्तन से पता चल सकता है कि माइग्रेन के कुछ रोगियों को दृश्यता से संबंधित लक्षण क्यों अनुभव होते हैं। रेटिना अधिकांश कशेरुकी श्रेणी के और कुछ मोलस्का (स्थलीय अथवा जलीय) श्रेणी के प्राणियों की आंखों के ऊतकों की सबसे भीतरी, प्रकाश के प्रति संवेदनशील परत होती है। पत्रिका ‘हेडेक: द जर्नल ऑफ हेड एंड फेस पेन' में यह अध्ययन प्रकाशित हुआ है। अध्ययन के निष्कर्ष के अनुसार माइग्रेन के रोगियों में इस अवलोकन का उपयोग चिकित्सक इस स्थिति के नैदानिक उपचार में सहायता के लिए कर सकते हैं। माइग्रेन के रोगियों को अक्सर आंखों के आसपास दर्द, प्रकाश के प्रति संवेदनशीलता और दृश्यता संबंधी धुंधलापन जैसे लक्षणों का अनुभव होता है। इन लक्षणों के लिए क्या तंत्र जिम्मेदार है इसे अब तक अच्छी तरह से समझा नहीं गया है। अमेरिका में कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, लॉस एंजिलिस के अनुसंधानकर्ताओं ने माइग्रेन के लक्षण उभरने के दौरान और बीच में माइग्रेन के रोगियों की रेटिना रक्त वाहिकाओं में परिवर्तन को देखने के लिए एक ‘नॉन-इनवेसिव इमेजिंग' तकनीक का उपयोग किया जिसे ऑप्टिकल सुसंगत टोमोग्राफी एंजियोग्राफी या ओसीटीए के रूप में जाना जाता है। ये प्रयोग औरा (कुछ कुछ समय के अंतराल पर दिखने वाले) लक्षणों वाले 37 माइग्रेन रोगियों, गैर ‘औरा' लक्षणों वाले 30 माइग्रेन रोगियों और 20 स्वस्थ रोगियों पर किया गया था। अनुसंधानकर्ताओं ने पाया कि ‘औरा' लक्षणों वाले और गैर ‘औरा' लक्षणों वाले दोनों माइग्रेन रोगियों के लिए माइग्रेन के लक्षण उभरने के दौरान रेटिना में रक्त का प्रवाह कम हो जाता है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा' के लाभार्थियों के साथ संवाद किया। इस दौरान लाभार्थियों ने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की सराहना की। पिछले साल 15 नवंबर को इस कार्यक्रम की शुरुआत के बाद से मोदी ने पूरे देश में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा' के लाभार्थियों के साथ नियमित रूप से संवाद किया है। यह यात्रा देश भर में सरकार की प्रमुख योजनाओं की शत प्रतिशत पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है। इसके तहत यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि केंद्र की योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से सभी लक्षित लाभार्थियों तक पहुंचे। इस साल 5 जनवरी को अभियान ने उस वक्त एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की जब इसमें भाग लेने वाले लोगों की संख्या 10 करोड़ को पार कर गई।
-
सूरत (गुजरात)। देश में कपड़े का हब कहे जाने वाले गुजरात के सूरत शहर में तैयार की गयी एक विशेष साड़ी को 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए भेजा जाएगा। सूरत में कपड़ा उद्योग से जुड़े कारोबारी ललित शर्मा ने कहा कि इस साड़ी पर भगवान राम और अयोध्या मंदिर की तस्वीरें उकेरी गयी हैं और इसे भगवान राम की पत्नी सीता के लिए तैयार किया गया है और इसे रविवार को यहां एक मंदिर में अर्पित किया गया। शर्मा से विचार-विमर्श कर साड़ी तैयार करने वाले कपड़ा कारोबारी राकेश जैन ने कहा कि यह वस्त्र माता जानकी के लिए बनाया गया है और इसे उत्तर प्रदेश के अयोध्या शहर में मंदिर के लिए भेजा जाएगा। शर्मा ने साड़ी भेजने की किसी तारीख का उल्लेख नहीं किया लेकिन कहा कि यह 22 जनवरी से पहले अयोध्या पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘पूरी दुनिया में खुशी का माहौल है क्योंकि भगवान राम का कई वर्षों बाद अयोध्या मंदिर में अभिषेक किया जा रहा है। माता जानकी और भगवान हनुमान सबसे ज्यादा प्रसन्न हें।'' शर्मा ने कहा, ‘‘उनकी खुशी साझा करते हुए हमने एक विशेष साड़ी तैयार की है जिस पर भगवान राम और अयोध्या मंदिर की तस्वीरें उकेरी गयी हैं। यह साड़ी अयोध्या में राम मंदिर के लिए भेजी जाएगी।'' शर्मा ने कहा कि अगर उन्हें कोई अनुरोध मिलता है तो वे भगवान राम के उन सभी मंदिरों में निशुल्क यह साड़ी भेजेंगे जहां माता जानकी भी विराजमान हैं।
- नयी दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने गुजरात में 2002 के दंगों के दौरान बिलकिस बानो से सामूहिक दुष्कर्म और उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या के मामले में 11 दोषियों को सजा से छूट देने के राज्य सरकार के फैसले को सोमवार को यह कहकर रद्द कर दिया कि आदेश ‘‘घिसा पिटा’’ था और इसे बिना सोचे-समझे पारित किया गया था। न्यायमूर्ति बी वी नागरत्ना और न्यायमूर्ति उज्ज्वल भूइयां की पीठ ने दोषियों को दो सप्ताह के अंदर जेल अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश भी दिया।सजा में छूट को चुनौती देने वाली जनहित याचिकाओं को सुनवाई योग्य करार देते हुए पीठ ने कहा कि गुजरात सरकार सजा में छ्रट का आदेश देने के लिए उचित सरकार नहीं है।शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया कि एक राज्य जिसमें किसी अपराधी पर मुकदमा चलाया जाता है और सजा सुनाई जाती है, वही दोषियों की माफी याचिका पर निर्णय लेने में सक्षम होता है। दोषियों पर महाराष्ट्र द्वारा मुकदमा चलाया गया था।पीठ ने 100 पन्नों का फैसला सुनाते हुए कहा, ‘‘हमें अन्य मुद्दों को देखने की जरूरत नहीं है। कानून के शासन का उल्लंघन हुआ है क्योंकि गुजरात सरकार ने उन अधिकारों का इस्तेमाल किया जो उसके पास नहीं थे और उसने अपनी शक्ति का दुरुपयोग किया। उस आधार पर भी सजा से माफी के आदेश को रद्द किया जाना चाहिए।’’शीर्ष अदालत ने गुजरात सरकार से दोषियों की सजा माफी की याचिका पर विचार करने संबंधी एक अन्य पीठ के 13 मई, 2022 के आदेश को ‘अमान्य’ माना और कहा कि यह ‘अदालत को गुमराह’ करके और ‘तथ्यों को छिपाकर’ हासिल किया गया।पीठ ने कहा कि यह एक विशेष मामला है जहां इस अदालत के आदेश का इस्तेमाल सजा में छूट देकर कानून के शासन का उल्लंघन करने के लिए किया गया।शीर्ष अदालत ने कहा कि अधिकारों का दुरुपयोग कर कानून के शासन का उल्लंघन किया गया है और 13 मई, 2022 के आदेश का इस्तेमाल शक्तियों को हथियाने और कानून की प्रक्रिया का दुरुपयोग करने के लिए किया गया।पीठ ने कहा, ‘‘हम गुजरात सरकार द्वारा अधिकारों का दुरुपयोग करने के आधार पर सजा में छूट के आदेश को रद्द करते हैं।’’शीर्ष अदालत ने बानो द्वारा दायर याचिका सहित अन्य याचिकाओं पर 11 दिन की सुनवाई के बाद पिछले साल 12 अक्टूबर को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।शीर्ष अदालत ने फैसला सुरक्षित रखते हुए केंद्र और गुजरात सरकार को 16 अक्टूबर तक 11 दोषियों की सजा माफी से संबंधित मूल रिकॉर्ड जमा करने का निर्देश दिया था।पिछले साल सितंबर में मामले की सुनवाई करते हुए शीर्ष अदालत ने पूछा था कि क्या दोषियों के पास सजा से माफी मांगने का मौलिक अधिकार है।पहले की दलीलों के दौरान शीर्ष अदालत ने कहा था कि राज्य सरकारों को दोषियों को छूट देने में चयनात्मक रवैया नहीं अपनाना चाहिए और सुधार एवं समाज के साथ फिर से जुड़ने का अवसर हर कैदी को मिलना चाहिए।गुजरात सरकार द्वारा दोषियों को दी गई छूट को चुनौती देने वाली बानो द्वारा दायर याचिका के अलावा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता सुभाषिनी अली, स्वतंत्र पत्रकार रेवती लौल और लखनऊ विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति रूप रेखा वर्मा सहित कई अन्य ने जनहित याचिकाएं दायर कर इस राहत के खिलाफ चुनौती दी थी।तृणमूल कांग्रेस नेता महुआ मोइत्रा ने भी सजा में छूट और समय से पहले रिहाई के खिलाफ जनहित याचिका दायर की थी।घटना के वक्त बिनकिस बानो 21 साल की थीं और पांच माह की गर्भवती थीं। बानो से गोधरा ट्रेन में आग लगाए जाने की घटना के बाद भड़के दंगों के दौरान दुष्कर्म किया गया था। दंगों में मारे गए उनके परिवार के सात सदस्यों में उनकी तीन साल की बेटी भी शामिल थी। गुजरात सरकार ने सभी 11 दोषियों को 15 अगस्त 2022 को सजा में छूट दे दी थी और उन्हें रिहा कर दिया था।
-
चेन्नई. सुगंधित चमेली के फूल की कलियों के लिए लोकप्रिय मदुरै शहर इस बार पोंगल त्योहार के अवसर पर जल्लीकट्टू के पारंपरिक खेल के आयोजन के लिए पूरी तरह से तैयार है, जिसमें शक्तिशाली बैलों को वश में करने वाले निडर युवक अपनी-अपनी वीरता और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। मदुरै जिले के अवनियापुरम, पलामेडु और अलंगनल्लूर में होने वाले जल्लीकट्टू के भव्य आयोजनों के लिए सैकड़ों प्रशिक्षित एवं ताकतवर बैलों और इन बैलों को वश में करने का जुनून रखने वाले तथा अपनी निडर प्रवृत्ति के लिए पहचाने जाने वाले पुरुषों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। मदुरै में पोंगल उत्सव के दौरान जल्लीकट्टू के अखाड़े जीवंत हो उठते हैं।
जल्लीकट्टू के मद्देनजर व्यवस्थाओं की निगरानी करने वाली मदुरै की जिलाधिकारी एम एस संगीता ने कहा कि अवनियापुरम जल्लीकट्टू 15 जनवरी को पोंगल के दिन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 16 जनवरी को पलामेडु और 17 जनवरी को अलंगनल्लूर में इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। त्योहार की छुट्टियों के दौरान तीन दिवसीय यह कार्यक्रम पूरे राज्य का ध्यान आकर्षित करेगा। जल्लीकट्टू में भाग लेने वाले बैल और युवक दोनों ही आयोजन के लिए प्रशिक्षण के अलावा पौष्टिक आहार भी ले रहे हैं। जानवरों को तैराकी, पैदल चलने का प्रशिक्षण दिया गया है और उन्हें विजेता बनने के लिए उनकी ताकत और सहनशक्ति बढ़ाने के लिए स्वस्थ आहार दिया जाता है। मदुरै के एक बैल के मालिक पंडी ने कहा, ‘‘ हम हर साल राज्य के प्रमुख आयोजन, अलंगनल्लूर जल्लीकट्टू में भाग लेते रहे हैं तथा हमारे जानवरों को तैराकी, पैदल चलने के नियम पर रखा गया है और उन्हें विजेता बनाने के लिए उनकी ताकत एवं सहनशक्ति बढ़ाने के लिए स्वस्थ आहार प्रदान किया जाता है।'' बैलों को वादीवासल (प्रवेश बिंदु जहां जानवरों को अखाड़े में छोड़ा जाता है) से बाहर निकलते समय झपट्टा मारने के लिए भी प्रशिक्षित किया जाता है। एक अन्य बैल मालिक दुरई ने कहा, ‘‘हम युवाओं को बैलों का कूबड़ पकड़ने से रोकने के लिए बैलों को लंबे सींगों के साथ अपने सिर को जोर-जोर से हिलाने के लिए प्रशिक्षित करते हैं।'' जिला प्रशासन ने खेल के लिए बैलों और उन्हें काबू करने वाले युवकों के ऑनलाइन पंजीकरण की अनुमति दी है और फिटनेस प्रमाणपत्र जमा करना अनिवार्य कर दिया है। जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘खेल के आयोजन के दौरान जानवरों के प्रति क्रूरता को रोकने के नियमों को सख्ती से लागू किया जाएगा। साथ ही, यह सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त सावधानी बरती जाएगी कि कार्यक्रम के दौरान दर्शकों को चोट न लगे।''
-
नागपुर. नागपुर के रमन साइंस सेंटर को बम विस्फोट की धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। गणेशपेठ थाने के एक अधिकारी ने कहा कि धमकी भरा ईमेल शुक्रवार को प्राप्त हुआ था और बम निरोधक दस्ते व अन्य सुरक्षा इकाइयों को परिसर की गहन जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। उन्होंने कहा, “हमने आसपास के क्षेत्र में खोजबीन तेज कर दी है और गश्त के लिए अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया है।” रमन साइंस सेंटर का नाम नोबेल पुरस्कार विजेता भौतिक विज्ञानी चंद्रशेखर वेंकट रमन के नाम पर रखा गया है, यह मुंबई में नेहरू विज्ञान केंद्र से संबद्ध है। छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय, भायखला चिड़ियाघर और मुंबई के कई अन्य महत्वपूर्ण स्थलों को भी शुक्रवार को ऐसे बम धमकी वाले ईमेल मिले।
-
जयपुर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि तीन नए आपराधिक न्याय कानून ‘‘नागरिक पहले, गरिमा पहले और न्याय पहले'' की भावना के साथ बनाए गए हैं तथा पुलिस को अब ‘डंडे के बजाय डेटा' के साथ काम करने की जरूरत है। पुलिस महानिदेशकों (डीजीपी) और पुलिस महानिरीक्षकों (आईजीपी) के 58वें सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोदी ने पुलिस से महिलाओं की सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे ‘‘कभी भी और कहीं भी'' निडर होकर काम कर सकें।'' उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नए आपराधिक कानून ‘‘नागरिक पहले, गरिमा पहले और न्याय पहले' की भावना के साथ बनाए गए हैं और पुलिस को अब डंडे के साथ काम करने के बजाय डेटा के साथ काम करने की जरूरत है। भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम को क्रमशः भारतीय दंड संहिता-1860, दंड प्रक्रिया संहिता-1898 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 1872 के स्थान पर हाल में लाया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये नए कानून भारत की आपराधिक न्याय प्रणाली में व्यापक बदलाव हैं। मोदी ने कहा कि महिलाओं और लड़कियों को उनके अधिकारों और नए कानूनों के तहत उन्हें प्रदान की गई सुरक्षा के बारे में जागरूक करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। मोदी ने कहा कि भारतीय पुलिस को 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए खुद को एक आधुनिक और विश्व स्तरीय एजेंसी में तब्दील करना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने पुलिस प्रमुखों से लाए गए नए कानूनों के पीछे की भावना को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने के लिए कल्पनाशील तरीके से सोचने का आह्वान किया। मोदी ने नागरिकों के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत करने की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने प्राकृतिक आपदाओं और आपदा राहत पर अग्रिम जानकारी प्रसारित करने के लिए सोशल मीडिया का उपयोग करने का भी सुझाव दिया। प्रधानमंत्री ने नागरिक-पुलिस संपर्क को मजबूत करने के तरीके के रूप में विभिन्न खेल आयोजनों को आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने सरकारी अधिकारियों से स्थानीय आबादी के साथ बेहतर संपर्क स्थापित करने के लिए सीमावर्ती गांवों में रहने को कहा क्योंकि ये सीमावर्ती गांव भारत के ‘‘पहले गांव'' हैं। भारत के पहले सौर मिशन-आदित्य-एल1 की सफलता और भारतीय नौसेना द्वारा उत्तरी अरब सागर में अपहृत जहाज से 21 चालक दल के सदस्यों को तेजी से बचाने पर प्रकाश डालते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसी उपलब्धियां दिखाती हैं कि भारत दुनिया में एक प्रमुख शक्ति के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि आदित्य-एल1 मिशन की सफलता चंद्रयान-3 मिशन के समान है। उन्होंने भारतीय नौसेना के सफल ऑपरेशन पर भी गर्व जताया।
मोदी ने कहा कि वैश्विक स्तर पर मान बढ़ने और देश की बढ़ती राष्ट्रीय ताकत के अनुरूप, भारतीय पुलिस को 2047 तक विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए खुद को एक आधुनिक और विश्व स्तरीय पुलिस बल में तब्दील करना चाहिए। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि सम्मेलन में राष्ट्रीय सुरक्षा के महत्वपूर्ण घटकों पर विचार-विमर्श किया गया, जिसमें नए आपराधिक कानून, आतंकवाद विरोधी रणनीतियां, वामपंथी उग्रवाद, उभरते साइबर खतरे और दुनिया भर में कट्टरपंथ विरोधी पहल शामिल हैं। रविवार को संपन्न हुए तीन दिवसीय सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल और देश के शीर्ष पुलिस अधिकारी भी शामिल हुए। पूर्व के वर्षों की तरह सम्मेलन ‘हाइब्रिड मोड' में आयोजित किया गया जिसमें देश भर के विभिन्न स्थानों से विभिन्न रैंकों के 500 से अधिक पुलिस अधिकारी शामिल हुए।
-
चेन्नई. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) प्रमुख एस सोमनाथ ने रविवार को कहा कि चंद्रयान-3 मिशन की सफलता लोगों के दिलों से जुड़ी हुई है और चंद्रमा की सतह पर इसका सफलतापूर्वक उतरना भारतीयों के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि चंद्रमा पर उतरने वाला चौथा देश बनना और चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सबसे पहले पहुंचना कोई छोटी उपलब्धि नहीं है। सोमनाथ ने कहा, ‘‘चंद्रयान-3 ने युवाओं, बच्चों और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी का अध्ययन करने वाले लोगों के मन में एक भावनात्मक उत्साह पैदा किया। हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन के कारण पूरे देश को अपनी उपलब्धि दिखा सके।'' केंद्र ने पिछले साल 23 अगस्त को हासिल की गई इस उपलब्धि को ‘राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस' अधिसूचित किया है।
-
इंदौर . मूल्यवान धातु की अंतरराष्ट्रीय तस्करी के शातिर तरीके का खुलासा करते हुए सीमा शुल्क विभाग ने एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान के जरिये दुबई से इंदौर पहुंचे 38 वर्षीय पुरुष के कब्जे से 625 ग्राम सोना जब्त किया है। सीमा शुल्क विभाग के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि करीब 34 लाख रुपये के बाजार मूल्य का यह विदेशी सोना तस्कर अपने मलाशय में छिपाकर लाया था। उन्होंने बताया कि विभाग की हवाई यात्रियों पर नजर रखने वाली खुफिया इकाई ने मुखबिर की सूचना पर एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या आईएक्स 256 से शनिवार रात इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे 38 वर्षीय पुरुष की तलाशी ली। अधिकारी ने बताया कि तलाशी में पता चला कि भोपाल के रहने वाले इस शख्स ने अपने मलाशय में दो अंडाकार कैप्सूल छिपा रखे थे जिनमें कुल 625 ग्राम विदेशी सोने को पेस्ट के रूप में भरा गया था। अधिकारी ने बताया कि तस्कर से सोना जब्त करके सीमा शुल्क अधिनियम 1962 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है और आगामी कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारी के मुताबिक, शातिर तस्कर गिरोह रसायनों के इस्तेमाल से सोने को गलाकर पेस्ट में तब्दील कर देते हैं और इसे कैप्सूल में भरकर तस्करी की कोशिश की जाती है।
-
नयी दिल्ली. कांग्रेस ने रविवार को 539 लोकसभा क्षेत्रों के लिए संयोजकों की एक सूची जारी की जो अपने-अपने क्षेत्रों में राजनीतिक स्थिति का आकलन करेंगे और ‘इंडिया' गठबंधन में सीट-बंटवारे की बातचीत के लिए पार्टी नेतृत्व को एक फीडबैक देंगे। संयोजक नियुक्त करने की यह घोषणा ऐसे समय में हुयी है जब प्रमुख विपक्षी दल ने लोकसभा चुनाव के लिये तैयारी जोर शोर से शुरू कर दी है । कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी ने देश के 539 संसदीय क्षेत्रों के लिये संयोजकों की सूची जारी की है और बाकी चार क्षेत्र के लिये जल्द ही आने वाली है।'' उन्होंने लिखा, ‘‘हैं तैयार हम! बदलेगा भारत। जीतेगा इंडिया!''
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि पार्टी यह तय करेगी कि वह कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, लेकिन सभी 500 से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में पार्टी ने पर्यवेक्षकों को अंतिम रूप दे दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें प्रत्येक संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में पहुंच मिलेगी और अंततः जब ‘इंडिया गठबंधन' यहां है, तो जब हम प्रत्येक राज्य में बातचीत करेंगे तो सटीक संख्या सामने आ जाएगी।'' रमेश ने कहा, ‘‘लेकिन, हम हर जगह अपना प्रयास करने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि, आज हम सोच रहे हैं कि हमें ‘ए' सीट मिल रही है। मान लीजिए कि हमारे गठबंधन के साथी इस बात से सहमत नहीं हैं कि आप ‘सी' सीट लें। इसलिए, हम प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में पर्यवेक्षकों को तैनात कर रहे हैं ।'' देश के 539 निर्वाचन क्षेत्रों के संयोजकों की सूची के साथ पार्टी ने एक बयान में कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने आगामी आम चुनावों के लिए संसदीय क्षेत्र-वार संयोजकों की नियुक्ति के प्रस्ताव को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, पंजाब और दिल्ली में आम आदमी पार्टी के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर औपचारिक बातचीत सोमवार से शुरू होगी। उन्होंने बताया कि कुछ पार्टियों के साथ बातचीत की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सीट-बंटवारे पर कांग्रेस की पांच सदस्यीय समिति पहले ही राज्य कांग्रेस प्रमुखों के साथ परामर्श कर चुकी है और अपने निष्कर्ष पार्टी प्रमुख खरगे को सौंप चुकी है। इस समिति के संयोजक मुकुल वासनिक तथा वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत और भूपेश बघेल सदस्य हैं । इस बीच, कांग्रेस ने असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश चुनाव समिति का भी गठन किया है, जिसके अध्यक्ष भूपेन बोरा और उपाध्यक्ष देवब्रत सैकिया को बनाया गया है। इस समिति में कुल 38 सदस्य हैं जिसमें से चार अतिरिक्त पदेन सदस्य हैं । कांग्रेस ने त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस कमेटी में छह उपाध्यक्ष, सात महासचिव और 19 सचिव भी नियुक्त किए। पार्टी ने त्रिपुरा इकाई में एक कोषाध्यक्ष और 41 कार्यकारी सदस्यों की भी नियुक्ति की, जिसके अध्यक्ष आशीष साहा हैं। -
दोनों का पता लगा लिया गया
नागपुर. महाराष्ट्र के नागपुर में पतंग का पीछा करते-करते घर से 15 किलोमीटर दूर जंगल में भटक गये दो लड़कों का पता लगा लिया गया है और उन्हें उनके परिवार को सौंप दिया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। काटोल पुलिस थाने के अधिकारी ने कहा कि दोनों लड़कों की आयु 10 से 13 वर्ष के बीच है और वे नरखेड तहसील के तोलापार गांव के रहने वाले हैं। ये दोनों शनिवार शाम को पतंग का पीछा करते-करते जंगल में खो गए थे। उन्होंने कहा, ''सूचित किए जाने के बाद पुलिस के एक दल ने लड़कों की तलाश शुरू कर दी। दोनों उनके घर से लगभग 15 किलोमीटर दूर चिखली मैना गांव में मिले। उन्हें उनके परिवार को सौंप दिया गया है। -
कानपुर . कई गर्भवती महिलाओं ने 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर में प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर यहां एक सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों से ‘सिजेरियन सेक्शन' प्रसव कराने का अनुरोध किया है। कानपुर स्थित गणेश शंकर विद्यार्थी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज (जीएसवीएम) के स्त्री रोग विभाग के डॉक्टरों अनेक गर्भवती महिलाएं चाहती हैं कि 22 जनवरी को ही उनकी प्रसव प्रक्रिया पूरी हो, भले ही उनके प्रसव की तारीख 22 जनवरी से कुछ दिन पहले या बाद में क्यों ना हो। जीएसवीएम कॉलेज में प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की कार्यवाहक प्रभारी डॉक्टर सीमा द्विवेदी ने बताया कि उन्हें एक लेबर रूम में 12 से 14 प्रसव के लिए लिखित अनुरोध प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा, "22 जनवरी को 35 सिजेरियन ऑपरेशन की व्यवस्था की जा रही है।"
राम मंदिर का पहला चरण पूरा होने वाला है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 22 जनवरी को रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में हिस्सा लेंगे। डॉक्टर सीमा ने कहा कि गर्भवती महिलाएं अक्सर ज्योतिष से शुभ तारीख और समय का पता लगवाती हैं और उस दिन प्रसव का अनुरोध करती हैं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पूर्व में कई मौकों पर परिवार के सदस्यों की ओर से पुजारियों द्वारा दिए गए 'मुहूर्त' पर प्रसव कराने के आग्रह के बाद उन्होंने कई महिलाओं का निर्धारित समय पर प्रसव कराया था। डॉक्टर सीमा ने कहा, "यह चिंताजनक है कि कभी-कभी परिवार के सदस्य हमसे यह अपेक्षा भी करते हैं कि हम प्रसव कराने के लिए देर करके मां और बच्चे के लिए पैदा होने वाली जटिलताओं को नजरअंदाज कर दें।" उन्होंने कहा कि कई गर्भवती महिलाएं जिनके प्रसव की तारीख 22 जनवरी या उसके आसपास है, उन्होंने अपने बच्चों की डिलीवरी 22 जनवरी को ही कराने का अनुरोध किया है। डॉक्टर ने कहा, "महिलाओं का मानना है कि राम वीरता, अखंडता और आज्ञाकारिता के प्रतीक हैं इसलिए राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के दिन पैदा होने वाले शिशुओं में भी वही गुण होंगे।" कल्याणपुर निवासी 26 वर्षीय मालती देवी की डिलीवरी की तारीख 17 जनवरी है, मगर उन्होंने डॉक्टर से 22 जनवरी को ही प्रसव कराने का अनुरोध किया है। देवी ने कहा कि वह चाहती हैं कि उनके बच्चे का जन्म उसी दिन हो जिस दिन राम मंदिर में अभिषेक कार्यक्रम है। उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन पैदा होने से मेरा बच्चा बड़ा होकर सफलता और गौरव हासिल करेगा।" मनोवैज्ञानिक दिव्या गुप्ता ने ' को बताया कि लोगों का मानना है कि अगर किसी बच्चे का जन्म 'मुहूर्त' के अनुसार शुभ समय पर होता है, तो यह उसके व्यक्तित्व पर सकारात्मक प्रभाव डालता है। गुप्ता ने कहा, "कभी-कभी धर्म और आध्यात्मिकता व्यक्ति को जीवन के तनावों से निपटने और सकारात्मक दृष्टिकोण रखने की ताकत देते हैं। -
इंदौर . केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने मध्य भारत की पहली केंद्रीय औषधि परीक्षण प्रयोगशाला का रविवार को इंदौर में उद्घाटन करने के बाद कहा कि यह सुविधा खासकर मध्यप्रदेश में दवा उद्योग के विकास में सहायक साबित होगी। अधिकारियों ने बताया कि देश की इस आठवीं केंद्रीय औषधि परीक्षण प्रयोगशाला में हर साल दवाओं के 3,000 नमूने जांचने का लक्ष्य तय किया गया है। मांडविया ने केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) के 18.50 करोड़ रुपये की लागत से बने नवनिर्मित भवन में केंद्रीय औषधि परीक्षण प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। इस भवन में सीडीएससीओ का क्षेत्रीय कार्यालय भी चलेगा। मांडविया ने उद्घाटन समारोह में कहा,‘‘इन नयी सुविधाओं से मध्यप्रदेश की दवा इकाइयों को अपने उत्पादों की नियामकीय जांच के लिए दिल्ली का रुख नहीं करना पड़ेगा। सूबे के दवा उद्योग को इसका बड़ा फायदा मिलेगा।'' उन्होंने कहा कि इंदौर, देश में दवा उद्योग के नये गढ़ के रूप में विकसित हो रहा है और केंद्र सरकार ने शहर के लिए मेडिकल उपकरण पार्क मंजूर किया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने कहा कि इस पार्क में मेडिकल उपकरणों की नियामकीय जांच की सुविधा भी विकसित की जाएगी। मांडविया ने भोपाल के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में कुल 11.30 करोड़ रुपये की लागत वाली छह परियोजनाओं का ऑनलाइन माध्यम से लोकार्पण किया। इनमें एक अत्याधुनिक ड्रोन स्टेशन शामिल है। उन्होंने कहा,‘‘आने वाले दिनों में ड्रोन के जरिये दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों के लिए दवाओं और रक्त की आपूर्ति की जा सकेगी। अंग प्रत्यारोपण ऑपरेशन के लिए ड्रोन की मदद से अलग-अलग अंगों को भी एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल तक पहुंचाया जा सकेगा।'' कार्यक्रम में भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) डॉ. राजीव सिंह रघुवंशी और मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला भी मौजूद थे। इससे पहले, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मांडविया इंदौर के शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के अमृत महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि शहर में गंभीर रोगों के इलाज के लिए पहले से प्रस्तावित 50 बिस्तरों वाली चिकित्सा इकाई की क्षमता बढ़ाकर इसे 100 बिस्तरों तक पहुंचाया जाएगा। मांडविया ने कहा कि इस इकाई की स्थापना में करीब 100 करोड़ रुपये की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि शहर में कैंसर के इलाज के लिए नया अस्पताल खोलने पर भी विचार किया जाएगा।
वहीं, मांडविया ने उज्जैन में नीलकंठ वन, महाकाल लोक में देश की पहली स्वस्थ और स्वच्छ फूड स्ट्रीट, 'प्रसादम' का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह देश के प्रत्येक कोने से आम नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित स्थानीय और पारंपरिक भोजन से जोड़ेगा। एक बयान के मुताबिक, महाकालेश्वर मंदिर में प्रतिदिन आने वाले एक से डेढ़ लाख भक्तों के लिए "प्रसादम" सुविधाजनक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध भोजन विकल्प प्रदान करता है। इस फूड स्ट्रीट में कुल 939 वर्ग मीटर के क्षेत्र में 19 दुकानें लगाई गई हैं। -
श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में मार्तंड सूर्य मंदिर के परिसर में स्थित राम मंदिर में रविवार को अयोध्या से लाए गए एक ‘कलश' को स्थापित किया गया। चुनिंदा राम मंदिरों में भेजे गए कलशों में से एक इस ‘कलश' को उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु के भक्तों की उपस्थिति में स्थानीय लोगों द्वारा स्थापित किया गया। राम मंदिर में कलश स्थापित करने के बाद एक स्थानीय श्रद्धालु ने कहा, ‘‘हम इस सम्मान के लिए देश के लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। साथ ही प्रार्थना की कि कश्मीर में शांति और सद्भाव कायम रहे।'' कलश स्थापना के समय विशेष पूजा की गई और भक्तों ने मंदिर में दर्शन किए। आठवीं शताब्दी का मार्तंड मंदिर भारत के सबसे पुराने सूर्य मंदिरों में से एक है। -
नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सुकांत मजूमदार और शिवसेना के श्रीकांत एकनाथ शिंदे सहित पांच लोकसभा सदस्यों को इस साल संसद रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया है। इसके आयोजकों ने रविवार को यह घोषणा की। भाजपा के सुधीर गुप्ता, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अमोल रामसिंग कोल्हे और कांग्रेस के कुलदीप राय शर्मा को भी इस पुरस्कार के लिए चुना गया है। इन सांसदों को 17 फरवरी को राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित एक समारोह के दौरान पुरस्कृत किया जाएगा। संसद रत्न पुरस्कार प्रतिवर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सांसदों को, जबकि संसद महारत्न पुरस्कार लोकसभा के कार्यकाल के दौरान प्रदर्शन में निरंतरता के लिए पांच साल में एक बार प्रदान किए जाते हैं। चेन्नई स्थित गैर-लाभकारी धर्मार्थ न्यास ‘प्राइम प्वाइंट फाउंडेशन' ने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के कहने पर इस सम्मान की शुरुआत की थी, जिन्होंने 2010 में चेन्नई में पहले पुरस्कार समारोह का उद्घाटन किया था। ‘प्राइम प्वाइंट फाउंडेशन' के संस्थापक और अध्यक्ष के. श्रीनिवासन ने कहा कि ये पुरस्कार व्यापक प्रदर्शन पर आधारित हैं, जिसके लिए नामांकित व्यक्तियों का चयन कानून मंत्री और संसदीय मामलों के राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल एवं पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त टीएस कृष्णमूर्ति की अध्यक्षता वाली एक प्रतिष्ठित निर्णायक समिति ने किया। कामकाज के प्रदर्शन के आंकड़े लोकसभा और राज्यसभा की वेबसाइट तथा पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च से प्राप्त किया गया है। यह भारत में प्रदर्शन करने वाले सांसदों को सम्मानित करने के लिए किसी सामाजिक संगठन द्वारा दिया जाने वाला एकमात्र पुरस्कार है। संसद रत्न पुरस्कार समिति की अध्यक्ष और प्राइम प्वाइंट फाउंडेशन की न्यासी सचिव प्रियदर्शनी राहुल ने कहा कि एन. के. प्रेमचंद्रन (आरएसपी, केरल), अधीर रंजन चौधरी (कांग्रेस, पश्चिम बंगाल), विद्युत बरन महतो (भाजपा, झारखंड) और हीना विजयकुमार गावित (भाजपा, महाराष्ट्र) को 17वीं लोकसभा के लिए संसद महारत्न पुरस्कार के लिए चुना गया है। उन्होंने बताया, ‘‘पिछली 16वीं लोकसभा के संसद महारत्न पुरस्कार विजेताओं- सुप्रिया सुले (राकांपा, महाराष्ट्र), श्रीरंग अप्पा बर्णे (शिवसेना, महाराष्ट्र) और भर्तृहरि महताब (बीजू जनता दल, ओडिशा) के निरंतर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को मान्यता देते हुए जूरी समिति ने उन्हें 17वीं लोकसभा में भी उनके अनुकरणीय प्रदर्शन के लिए सम्मानित करने का निर्णय लिया है और इन तीनों सांसदों को संसद उत्कृष्ट मान रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।'' उन्होंने कहा कि सभी पुरस्कार विजेताओं का चयन उनके सदन में चर्चा शुरू करने, गैर-सरकारी विधेयक लाने और निचले सदन में उनके द्वारा उठाए गए सवालों के आधार पर जूरी समिति द्वारा पारदर्शी तरीके से किया गया है। संसदीय समितियों के महत्व को ध्यान में रखते हुए वर्तमान 17वीं लोकसभा से संसद महारत्न पुरस्कारों के लिए तीन स्थायी समितियों का भी चयन किया गया है।
-
नयी दिल्ली. देश में बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 756 नए मामले सामने आए और पांच संक्रमितों की मौत हो गई। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 4,049 हो गयी है। मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे के अद्यतन आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे के दौरान केरल और महाराष्ट्र में कोविड-19 के दो-दो मरीजों की मौत हुई जबकि जम्मू-कश्मीर में एक मरीज की मौत हुई। पिछले साल पांच दिसंबर तक दैनिक मामलों की संख्या घटकर दोहरे अंक तक पहुंच गई थी, लेकिन ठंड और वायरस के नए उपस्वरूप ‘जेएन.1' के कारण मामलों में तेजी आई है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, पांच दिसंबर के बाद एक दिन में कोविड-19 के सर्वाधिक नए मामलों की संख्या 31 दिसंबर 2023 को 841 दर्ज की गयी, जोकि मई 2021 में दर्ज सर्वाधिक मामलों का 0.2 प्रतिशत था। कोविड-19 के उपचाराधीन कुल 4,049 मरीजों में से 92 प्रतिशत मरीज घर पर ही रहकर अपना इलाज करवा रहे हैं। इस संबंध में एक आधिकारिक सूत्र ने कहा, ‘‘मौजूदा समय में उपलब्ध आंकड़ों से पता चलता है कि ‘जेएन.1' उपस्वरूप की वजह से न तो नए मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है और न ही अस्पताल में भर्ती होने वालों तथा मृत्यु दर में वृद्धि हो रही है। '' देश में कोरोना वायरस के डेल्टा स्वरूप के कारण अप्रैल-जून 2021 में महामारी की स्थिति बेहद भयावह हो गई थी और उस दौरान सात मई 2021 को देश में एक दिन में संक्रमण के 4,14,188 नए मामले सामने आए थे और 3,915 मरीजों की मौत हुई थी। वर्ष 2020 की शुरुआत से अब तक लगभग चार वर्ष में देश भर में कोरोना वायरस से लगभग साढ़े चार करोड़ से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं तथा इससे 5.3 लाख से अधिक लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, अब तक संक्रमण से उबरने वाले लोगों की संख्या 4.4 करोड़ से अधिक हो गई है और इस संक्रमण से ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.81 प्रतिशत है। मंत्रालय ने कहा कि देश में कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 220.67 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।

.jpeg)



.jpeg)
.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)















