- Home
- देश
-
बोटाड. गुजरात के बोटाड जिले में एक व्यक्ति, उसकी दो बेटियों और एक बेटे ने रविवार को कथित तौर पर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। रेलवे सुरक्षा बल के उपनिरीक्षक वी.एस. गोले ने बताया कि यह घटना शाम साढ़े छह बजे निंगाला और आलमपुर रेलवे स्टेशनों के बीच हुई। उन्होंने कहा, "चारों ने भावनगर से गांधीधाम जाते समय एक यात्री ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। उस व्यक्ति, उसकी दो बेटियों और एक बेटे के शव पटरियों के किनारे पाए गए।" पुलिस के अनुसार व्यक्ति की पहचान मंगाभाई विजुडा (42) के रूप में हुई है, जो एक रिश्तेदार के साथ झगड़े के बाद हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार होने के बाद जमानत पर बाहर था। विजुड़ा की बेटियों की पहचान सोनम (17) और रेखा (21) तथा बेटे की जिग्नेश (19) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वे जिले के गढ़डा तालुका के नाना सखपर गांव के रहने वाले थे। अधिकारी ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और इस बात की जांच की जा रही है कि आखिरकार उन्होंने यह चरम कदम क्यों उठाया।
-
अयोध्या. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को विभिन्न तीर्थ यात्राओं का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे देश में प्राचीन काल से ही तीर्थयात्रा का अपना महत्व और गौरवशाली इतिहास रहा है। शनिवार को पुनर्विकसित अयोध्या स्टेशन का उद्घाटन और एक अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करने तथा 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद यहां एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि अयोध्या में चल रहे निर्माण कार्यों से यहां आने वाले हर राम भक्त के लिए अयोध्या धाम की यात्रा और भगवान का दर्शन आसान हो जाएगा। विभिन्न 'यात्राओं' का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, ''साथियों, हमारे देश में प्राचीन काल से ही तीर्थ यात्राओं का अपना महत्व रहा है, अपना गौरवशाली इतिहास रहा है। बद्री विशाल से सेतुबंध रामेश्वरम तक 'यात्रा', गंगोत्री से गंगासागर तक 'यात्रा' , द्वारकाधीश से जगन्नाथपुरी तक 'यात्रा', 12 ज्योतिर्लिंगों की 'यात्रा', चार धाम की 'यात्रा', कैलाश मानसरोवर 'यात्रा', कांवड़ 'यात्रा', शक्तिपीठों की 'यात्रा', पंढरपुर 'यात्रा', आज भी भारत के कोने-कोने में कोई ना कोई यात्रा निकलती रहती है, लोग आस्था के साथ उनसे जुड़ते रहते हैं।" प्रधानमंत्री ने कहा, ''तमिलनाडु में भी कई यात्राएं प्रसिद्ध हैं। शिव स्थल पाद यात्तिरै, मुरुगनुक्कु कावडी यात्तिरै, वैष्णव तिरुप-पदि यात्तिरै, अम्मन तिरुत्तल यात्तिरै, केरल में सबरीमला यात्रा हो, आंध्र-तेलंगाना में मेदाराम में सम्मक्का और सरक्का की यात्रा हो, नागोबा यात्रा, इनमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं।'' मोदी ने कहा, ‘‘यहां बहुत कम लोगों को पता होगा कि केरल में भगवान राम और उनके भाइयों भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न के धाम की भी यात्रा होती है। ये यात्रा नालंबलम यात्रा के नाम से जानी जाती है।'' उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा देश में कितनी ही परिक्रमाएं भी होती रहती हैं। गोवर्धन परिक्रमा, पंचकोसी परिक्रमा, चौरासी कोसी परिक्रमा, ऐसी यात्राओं और परिक्रमाओं से हर भक्त का ईश्वर के प्रति जुड़ाव और मजबूत होता है।
प्रधानमंत्री ने कहा, बौद्ध धर्म में भगवान बुद्ध से जुड़े स्थलों गया, लुंबिनी, कपिलवस्तु, सारनाथ, कुशीनगर की यात्राएं होती हैं। राजगीर बिहार में बौद्ध अनुयायियों की परिक्रमा होती है।'' उन्होंने कहा कि ''जैन धर्म में पावागढ़, सम्मेद शिखरजी, पालीताना, कैलाश की यात्रा हो, सिखों के लिए पंच तख्त यात्रा और गुरु धाम यात्रा हो, पूर्वोत्तर में परशुराम कुंड की विशाल यात्रा हो, इनमें शामिल होने के लिए श्रद्धालु पूरी आस्था से जुटते हैं।'' मोदी ने कहा कि ''देश भर सदियों से हो रही इन यात्राओं के लिए वैसे ही समुचित इंतजाम भी किए जाते हैं। अब अयोध्या में हो रहे ये निर्माण कार्य, यहां आने वाले हर रामभक्त के लिए अयोध्या धाम की यात्रा को, भगवान के दर्शन को और आसान बनाएंगे।'' इसके पहले उन्होंने यह भी कहा कि ''विकास और विरासत को जोड़ने में वंदे भारत एक्सप्रेस बहुत बड़ी भूमिका निभा रही है। देश की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन, काशी के लिए चली थी। आज देश के 34 मार्गों पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चल रही हैं।
मोदी ने कहा कि ''काशी, वैष्णो देवी के लिए कटरा, उज्जैन, पुष्कर, तिरुपति, शिरडी, अमृतसर, मदुरै, आस्था के ऐसे हर बड़े केंद्रों को वंदे भारत जोड़ रही है। इसी कड़ी में आज अयोध्या को भी वंदे भारत ट्रेन का उपहार मिला है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ''आज अयोध्या धाम जंक्शन - आनंद विहार वंदे भारत शुरू की गई है। इसके अलावा आज कटरा से दिल्ली, अमृतसर से दिल्ली, कोयंबटूर-बेंगलुरु, मैंगलुरु - मडगांव, जालना- मुंबई इन शहरों के बीच भी वंदे भारत की नई सेवाएं शुरू हुई हैं।'' उन्होंने कहा कि ''वंदे भारत में गति भी है, वंदे भारत में आधुनिकता भी है और वंदे भारत में आत्मनिर्भर भारत का गर्व भी है। बहुत ही कम समय में वंदे भारत से डेढ़ करोड़ से अधिक यात्री सफर कर चुके हैं। विशेष तौर पर युवा पीढ़ी को ये ट्रेन बहुत पसंद आ रही है।
-
भोपाल. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को मंत्रियों को विभागों का वितरण कर दिया तथा गृह विभाग अपने पास रखा, जबकि उपमुख्यमंत्री एम जगदीश देवड़ा को वित्त तथा दूसरे उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल को लोक स्वास्थ्य विभाग सौंपा। मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों की कुल संख्या 31 है। मध्य प्रदेश मंत्रिमंडल में अधिकतम 35 मंत्री हो सकते हैं। सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने गजट अधिूचना में कहा कि यादव ने जीएडी, जनसंपर्क, जेल, खनन, विमानन, औद्योगिक नीतियां और निवेश संवर्धन के अलावा वे सभी विभाग अपने पास रखे हैं, जो विशेष रूप से किसी मंत्री को नहीं सौंपे गए हैं। पिछले महीने हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिली जीत के बाद यादव को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया गया। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान का स्थान लिया है। उपमुख्यमंत्री देवड़ा को वित्त के अलावा वाणिज्यिक कर विभाग भी दिया गया है। देवड़ा पिछली चौहान सरकार में भी वित्त मंत्री थे। दूसरे उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल को लोक स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग आवंटित किया गया है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग दिया गया है, जबकि वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय को शहरी विकास एवं आवास तथा संसदीय कार्य विभाग दिया गया है। विजय शाह जनजातीय कार्य और भोपाल गैस त्रासदी विभाग संभालेंगे। जबलपुर के पूर्व सांसद राकेश सिंह लोक निर्माण विभाग संभालेंगे, जबकि एक अन्य पूर्व सांसद राव उदय प्रताप सिंह को परिवहन और स्कूल शिक्षा विभाग सौंपा गया है। संपतिया उइके को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग आवंटित किया गया, जबकि करण सिंह वर्मा को राजस्व, तुलसीराम सिलावट को जल संसाधन, ऐदल सिंह कंसाना को किसान कल्याण एवं कृषि विकास और निर्मला भूरिया को महिला एवं बाल विकास विभाग दिया गया है। वहीं, गोविंद को राजपूत खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, विश्वास सारंग को खेल, युवा मामले और सहकारिता, नारायण सिंह कुशवाहा को सामाजिक न्याय, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण, नागर सिंह चौहान को वन, पर्यावरण और अनुसूचित जाति कल्याण, प्रद्युम्न सिंह तोमर को ऊर्जा, राकेश शुक्ला को नवीकरणीय ऊर्जा, चैतन्य कश्यप को सूक्ष्म, लघु और मध्यम उपक्रम तथा इंदर सिंह परमार को उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा विभाग दिया गया है। स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्रियों में, कृष्णा गौर को ओबीसी और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी को संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग, दिलीप जयसवाल को कुटीर एवं ग्रामोद्योग, गौतम टेटवाल को कौशल विकास एवं रोजगार, लाखन सिंह पटेल को पशुपालन एवं डेयरी और नारायण सिंह पवार को मछुआ कल्याण एवं मत्स्य पालन विभाग दिया गया है। राज्यों के मंत्रियों में, नरेंद्र शिवाजी पटेल को लोक स्वास्थ्य विभाग, प्रतिमा बागरी को शहरी विकास एवं आवास, दिलीप अहिरवार को वन एवं पर्यावरण तथा राधा सिंह को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग आवंटित किए गए हैं। -
मथुरा (उप्र) .उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को कहा कि उनके राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) जल्द लागू की जाएगी। धामी ने यहां साध्वी ऋतंभरा के 'संन्यास' के 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में वात्सल्य ग्राम, वृन्दावन में आयोजित षष्ठी पूर्ति महोत्सव में कहा कि विधेयक मंजूरी के लिए जल्द ही विधानसभा में पेश किया जाएगा। यूसीसी सभी धर्मों के लोगों के लिए व्यक्तिगत कानूनों की एक आम संहिता है।
धामी ने कहा कि जिन लोगों ने राम भक्तों पर गोलियां चलवाईं, वे न तो राम मंदिर का निर्माण करा सके और न ही अनुच्छेद 370 या रूढ़िवादी ‘तीन तलाक' की प्रथा को खत्म कर सके। धामी ने कहा कि अयोध्या में राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण की प्रतिबद्धता 22 जनवरी को पूरी होगी, जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘प्राण प्रतिष्ठा' समारोह में भाग लेंगे। साध्वी ऋतंभरा को ‘वात्सल्य' (स्नेह) और मातृत्व का प्रतीक बताते हुए, धामी ने उनकी लंबी उम्र की कामना की और कार्यक्रम में उपस्थित संतों का आशीर्वाद मांगा। धामी ने कहा, ''मैं राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान दिए गए उनके व्याख्यानों से प्रेरित हुआ। उन्होंने कहा कि साध्वी ऋतंभरा के स्नेह और आशीर्वाद ने उन्हें और अधिक ताकत के साथ लोगों की सेवा करने के लिए प्रेरित किया। -
अयोध्या. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से मंदिरों के शहर अयोध्या के लिए पहली उड़ान भरते समय इंडिगो विमान के पायलट आशुतोष शेखर ने शनिवार को इसकी सार्वजनिक घोषणा प्रणाली के माध्यम से ‘‘जय श्री राम'' का जयकारा लगाया। यात्रियों को संबोधित करते हुये शेखर (43) ने कहा कि वह खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि उनकी कंपनी ने अयोध्या के लिये पहली उड़ान भरने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को इससे पहले अयोध्या में हवाई अड्डे का उद्घाटन किया । विमान में सवार यात्रियों के साथ शेखर ने अपने सह-पायलट निखिल बख्शी और केबिन प्रभारी कीर्ति का परिचय करवाया । शेखर जब यात्रियों को संबोधित कर रहे थे उस वक्त उनकी पत्नी श्वेता रंजन ने इस पल को अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया । श्वेता ने कहा, ‘‘यह जीवन भर का अनुभव था।''
उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली से अयोध्या के बीच पूरे एक घंटे की यात्रा के दौरान यात्रियों ने मंत्रोच्चार किया, हनुमान चालीसा का पाठ किया और भजन गाया। केबिन का पूरा वातावरण आध्यात्मिक हो गया था ।'' यात्रियों के बारे में बाचतीत करते हुये श्वेता ने कहा कि वे केसरिया रंग के कपड़े पहने थे और उनमें से कई लोगों ने केसरिया रंग की पगड़ी भी बांधी थी । उन्होंने बताया, ‘‘वे गंगाजल, अगरबत्तियां, फूल और मिठाइयां ले जा रहे थे। उनमें से कुछ ने ‘जय श्री राम', ‘ओम' लिखे या ‘स्वास्तिक' के चित्र वाले भगवा झंडे भी ले रखे थे।'' श्वेता ने बताया कि अयोध्या से वापस लौटते समय भी विमान में इसी तरह का माहौल व्याप्त था । केंद्रीय मंत्री वी के सिंह वापसी के दौरान यात्रा करने वालों में शामिल थे। विमान ने अपराह्न 2:40 बजे दिल्ली से उड़ान भरी और शाम चार बजे अयोध्या में उतरा और वापसी में यह शाम 4:40 बजे रवाना हुआ और शाम 5:55 बजे दिल्ली पहुंचा । इससे एक दिन पहले, शेखर के पिता मुक्तेश्वर सिंह (75) ने कहा था कि यह उनके परिवार के लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि हवाई अड्डे का प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन किये जाने के बाद उनका बेटा पहला वाणिज्यिक यात्री विमान लेकर यहां आने वाला है । शेखर की मां मधुरानी सिंह (68) ने कहा, ‘‘भगवान राम हमारे प्रति दयालु रहे हैं।''
उन्होंने कहा, ‘‘जिस दिन से उसने विमानन क्षेत्र में प्रवेश किया, मेरा सपना था कि बेटे को अयोध्या तक विमान उड़ाते हुए देखूं। यह 12 साल बाद सच हुआ है। एक सपने को पूरा होते देखने से ज्यादा खुशी की बात क्या हो सकती है।'' मुक्तेश्वर सिंह ने कहा, यह एक ‘दिव्य क्षण' है।
उन्होंने कहा कि उनके परिवार का अयोध्या से जुड़ाव चार पीढ़ियों से है, जब उनके परदादा श्री राम वल्लभ कुंज जानकी घाट का अनुयायी बनने के लिए शहर आए थे। परिवार के सदस्यों ने बताया कि शेखर यहां के गुरु श्री राम शंकर दास जी वेदांती के शिष्य हैं।
मुक्तेश्वर सिंह ने बताया, यह पूरे परिवार के लिए एक बहुत ही भावुक क्षण है। मेरा मानना है कि वह हमारे गुरुओं के आशीर्वाद के कारण विमानन क्षेत्र में आया। आज, प्रधानमंत्री द्वारा हवाई अड्डे का उद्घाटन करने के बाद वह अयोध्या के लिये पहली उड़ान भर रहा है। यह परिवार के लिए बहुत गर्व की बात है।” शेखर की पत्नी श्वेता ने कहा, ‘‘मेरे दोनों बच्चे बहुत खुश हैं। हमारा मानना है कि हमारी खुशी और समृद्धि भगवान राम की जन्मभूमि के साथ हमारे दिव्य जुड़ाव की कृपा से है। -
भुवनेश्वर. ग्रामीण स्तर पर जगन्नाथ संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए, ओडिशा सरकार 17 जनवरी को पुरी में श्री जगन्नाथ हेरिटेज कॉरिडोर परियोजना के उद्घाटन समारोह के लिए राज्यभर के सभी घरों से साबुत सुपारी और एक मुट्ठी चावल इकट्ठा करेगी। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल ने शनिवार को यह निर्णय लिया।
पंचायती राज एवं पेयजल मंत्री प्रदीप कुमार अमात ने बताया कि यह कार्यक्रम पांच जनवरी, 2024 से सभी पंचायतों में चलाया जायेगा। उन्होंने बताया कि यह परियोजना वैश्विक स्तर पर समृद्ध जगन्नाथ संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की एक पहल है। उन्होंने कहा, ‘‘समारोह में भाग लेने के लिए ब्लॉक मुख्यालय से पुरी तक लोगों को एकत्र करने की परिकल्पना की गई है और इस उद्देश्य के लिए 20 करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे।'' मुख्य सचिव प्रदीप कुमार जेना ने कहा कि परियोजना के उद्घाटन का सीधा प्रसारण करने के लिए सभी पंचायतों और ब्लॉक में एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। जेना ने कहा कि सरकार ने पहले 4,000 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी थी, जिसे अब बढ़ाकर 4,214 करोड़ रुपये कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल ने 13 प्रस्तावों को मंजूरी देते हुए एओएनओ योजना के तहत सभी पंचायतों में विभिन्न योजनाओं के बारे में जागरूकता गतिविधियों के लिए 203.82 करोड़ रुपये आवंटित करने का भी निर्णय लिया है। -
नयी दिल्ली. भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने श्रीलंका में भारतीय मूल के तमिलों के 200 वर्ष पूरे होने की स्मृति में शनिवार को यहां एक डाक टिकट जारी किया। पार्टी की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने एक बयान में कहा कि यह डाक टिकट यहां भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में श्रीलंका की पूर्वी प्रांत सरकार के गवर्नर सेंथिल थोडमन ने प्राप्त किया। अन्नामलाई ने कहा, "हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्वास्थ्य मंत्री के रूप में श्रीलंका में भारतीय मूल के तमिलों के लिए काम करने के अपने अनुभव को साझा किया और अतीत में उनके सामने आने वाली कठिनाइयों को स्वीकार किया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ने कहा कि इस अवसर नड्डा ने समुदाय की "पीड़ा" को पहचानने की आवश्यकता और श्रीलंका में रहने वाले "भारतीय मूल के तमिल भाई-बहनों" को समर्थन देने की भारत की प्रतिबद्धता के बारे में भी विस्तार से बताया। अन्नामलाई ने कहा कि इस अवसर पर डाक विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।
-
मेहसाणा। जम्मू जाने वाली एक एक्सप्रेस ट्रेन में बम होने की कथित तौर पर झूठी सूचना मिलने के बाद उसे शनिवार को मेहसाणा स्टेशन पर रोक दिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, एक व्यक्ति ने अहमदाबाद में ट्रेन छूट जाने पर यह फर्जी सूचना दी थी।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने अहमदाबाद-जम्मू तवी एक्सप्रेस ट्रेन में बम होने की झूठी सूचना देने के आरोप में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया, जो मानसिक रूप से बीमार पाया गया। पश्चिम रेलवे के पुलिस अधीक्षक बलराम मीणा ने बताया कि यात्री अमित सिंह की ट्रेन छूट गई थी, जिसके बाद उसने अहमदाबाद शहर के पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन करके दावा किया कि अहमदाबाद-जम्मू तवी एक्सप्रेस ट्रेन में बम है। उन्होंने बताया कि ट्रेन पूर्वाह्न करीब 11.20 बजे अहमदाबाद स्टेशन से रवाना हुई थी।
अधिकारी ने बताया कि ट्रेन को अपराह्न करीब 12.30 बजे मेहसाणा स्टेशन पर रोका गया और बम निरोधक दस्ते व खोजी कुत्तों की मदद से करीब डेढ़ घंटे तक गहन जांच की गई। उन्होंने बताया कि ट्रेन में एक लावारिस बैग के अलावा कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला, जिसमें आरोपी व्यक्ति का फोन नंबर और पता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बैग को अहमदाबाद में ट्रेन में रखा था, लेकिन समय पर ट्रेन में नहीं चढ़ सका। अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने दूसरी ट्रेन पकड़ ली थी, लेकिन उसे उंझा रेलवे स्टेशन पर हिरासत में ले लिया गया। राजस्थान का रहने वाला सिंह अहमदाबाद में रहता है और बेरोजगार है। अधिकारी ने बताया कि वह पिछले तीन-चार महीने से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। -
चुराचांदपुर। मणिपुर के मोरेह में शनिवार अपराह्न करीब तीन बजकर 50 मिनट पर अज्ञात बंदूकधारियों और पुलिस कमांडो के बीच भारी गोलीबारी की सूचना प्राप्त हुई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अज्ञात बंदूकधारियों ने पुलिस कमांडो को ले जा रहे वाहनों को उस समय निशाना बनाया, जब वे मोरेह से 'की लोकेशन प्वाइंट' (केएलपी) की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस के एक अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, ''इंफाल-मोरेह मार्ग पर एम चाहनौ गांव को पार करते समय हुए हमले में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।'' अधिकारी ने बताया कि घायल पुलिसकर्मी का पांच असम राइफल्स शिविर में इलाज किया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, न्यू मोरेह के प्रवेश द्वार और एम चाहनौ गांव के पास अंधाधुंध गोलीबारी जारी है। सूत्रों ने बताया कि मोरेह में दो घरों में आग भी लगा दी गई।
-
बरेली (उप्र)। बरेली जिले की फरीदपुर तहसील में कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने कथित तौर पर पारिवारिक कलह के चलते जहर खाकर आत्महत्या कर ली। यह जानकारी पुलिस ने शनिवार को दी। बरेली के पुलिस अधीक्षक (देहात) मुकेश चन्द्र मिश्रा ने बताया कि फर्रखपुर निवासी कृति अग्निहोत्री (28) ने प्रथम दृष्टया पारिवारिक क्लेश के चलते शुक्रवार रात जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि कृति अग्निहोत्री फरीदपुर तहसील में लिपिक के पद पर कार्यरत थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शनिवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस महिला कर्मी की मौत के कारण की पुलिस जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि कृति अग्निहोत्री का विवाह तीन साल पहले हुआ था और उसका दो वर्ष का एक बेटा है। कृति अग्निहोत्री के भाई ने बताया की जहर खाने का कारण परिवार में किसी को पता नहीं है। कृति अग्निहोत्री फरीदपुर में अपने मायके में ही रहती थी।
-
मोतिहारी (बिहार) । कबाड़ घोषित विमान को लखनऊ से असम ले जा रहा ट्रक बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में एक पुल के नीचे फंस गया, जिसकी वजह से सड़क पर भारी जाम लग गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक घटना शुक्रवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे मोतिहारी के पिपरा कोठी के समीप हुई।
मोतिहारी (सदर) के सहायक पुलिस अधीक्षक राज ने बताया, ‘‘ एक ट्रक पर लखनऊ से असम ले जाया जा रहा कबाड़ घोषित विमान मोतिहारी में पिपरा कोठी पुल के नीचे फंस गया, जिसकी वजह से सड़क पर भारी जाम लग गया। विमान का अगला हिस्सा पुल के नीचे से गुजर गया था, लेकिन इसका पिछला हिस्सा फंस गया। पिपराकोठी पुलिस, अन्य ट्रक चालकों और स्थानीय लोगों की सहायता से हम कुछ घंटों के बाद विमान को पुल के नीचे से निकालने में सफल रहे, जिसके बाद मार्ग पर यातायात बहाल हो गया।'' अधिकारी ने बताया, ‘‘ ट्रक चालक पुल की ऊंचाई का अंदाजा लगाने में विफल रहा, जिसकी वजह से ट्रक फंस गया।'' घटना का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें पैदल चलने वाले और बाइक सवार लोग पुल के नीचे फंसे ट्रक की वजह से सड़क बंद होने पर वैकल्पिक मार्ग तलाशने का प्रयास करते दिखाई दिए। नवंबर 2022 में भी इसी तरह की एक घटना सामने आई थी, जिसमें एक विमान को ले जा रहा ट्रक आंध्र प्रदेश के बापटला जिले में एक पुल के नीचे फंस गया था। विमान को कोच्चि से हैदराबाद ले जा रहा ट्रक पुल के नीचे फंस गया, जिसकी वजह से कुछ घंटों तक यातायात बाधित रहा। - अयोध्या (उप्र),। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को अपने अयोध्या दौरे में लता मंगेशकर चौक के करीब स्थित एक मोहल्ले में उज्ज्वला योजना की 10 करोड़वीं लाभार्थी मीरा से उनके घर मुलाकात की और चाय पी। प्रधानमंत्री मोदी ने अयोध्या में रैली को संबोधित करते हुए स्वयं इस बात का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, ''आज मुझे उज्ज्वला गैस कनेक्शन की 10 करोड़वीं लाभार्थी के घर जाकर चाय पीने का अवसर मिला।'' उन्होंने एक मई 2016 को बलिया से उज्ज्वला योजना शुरुआत करने की याद दिलाते हुए कहा कि तब (विपक्ष द्वारा) इसका उपहास उड़ाया जाता था लेकिन उज्ज्वला योजना ने करोड़ों माताओं, बहनों का जीवन बदल दिया है। बाद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच पर अपने संदेश में कहा कि "भगवान श्री राम की नगरी में बहन मीरा मांझी के घर जाने का अनुभव अविस्मरणीय बन गया है!" शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री ने उज्ज्वला योजना की लाभार्थी के आवास पर चाय पी और उनसे संक्षिप्त बातचीत की। मोदी का यह कार्यक्रम पहले से निर्धारित नहीं था। ऐसे में प्रधानमंत्री के मीरा के घर अचानक पहुंचने पर पूरी बस्ती के लोग हैरान रह गए। उनके पहुंचने पर पूरा क्षेत्र मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठा। इस दौरान मोदी ने मीरा के हाथों की बनी चाय पी और कहा कि ''चाय अच्छी है, मगर थोड़ी मीठी हो गयी है।'' बयान में कहा गया कि इसके साथ ही मोदी ने परिवार व पूरी बस्ती का हाल-चाल जाना। मोदी लाभार्थी मीरा के परिवार वालों से भी मिले। इस दौरान मोदी ने योजना के लाभ के बारे में जानकारी ली। इस पर मीरा ने मोदी से कहा कि ‘‘मुझे नि:शुल्क गैस और आवास मिल गया है। वह बोलीं, ''पहले मेरा कच्चा घर था पर अब पक्का हो चुका है। आपके घर आने से बहुत खुशी हुई है। इस मौके पर मोदी ने एक बच्चे को ऑटोग्राफ भी दिया। इसमें उन्होंने वंदे मातरम लिखा और स्थानीय बच्चों संग तस्वीर भी खिंचवाई। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अयोध्या में उज्ज्वला योजना की 10 करोड़वीं लाभार्थी बहन मीरा जी के घर पर उनके परिवार वालों से ‘चाय पे चर्चा' हुई। इस दौरान यह जानकर मन को बहुत संतोष हुआ कि कैसे सरकारी योजनाओं से पूरे परिवार का जीवन आसान हुआ है।'' इस बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने मीरा को मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत लाभ मुहैया कराने का निर्णय लिया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव को मीरा को यथाशीघ्र आयुष्मान कार्ड जारी करना सुनिश्चित करने को कहा है।
- अयोध्या (उप्र) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से आग्रह किया है कि वे अयोध्या के नवनिर्मित मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन, 22 जनवरी को, देश में दीपावली मनाएं और राम ज्योति प्रज्ज्वलित करें। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर पूरा देश जगमगाना चाहिए।अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन और 15700 करोड़ रुपये की लागत की कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में अयोध्या, उत्तर प्रदेश के समग्र विकास का मार्गदर्शन करेगा। श्री मोदी ने कहा कि हमारी सरकार अयोध्या के विकास पर ध्यान केंद्रित कर रही है क्योंकि आने वाले दिनों में लाखों लोग यहां आयेंगे। धार्मिक स्थलों को विकसित करने के अपनी सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि विकास और संस्कृति के संगम से 21वीं शताब्दी में देश आगे बढ़ेगा।इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुनर्निर्मित अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया और छह वंदे भारत तथा हाल ही में शुरू की गई दो अमृत भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ियों को रवाना किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि नमो भारत, अमृत भारत और वंदे भारत रेलगाड़ियों की त्रिशक्ति देश में रेलवे के संपूर्ण परिदृश्य को बदल देगी।इससे पहले प्रधानमंत्री ने आज सुबह हवाई अड्डे से अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन तक रोड शो किया। महिलाओं, संतों और बुजुर्गों सहित हजारों लोगों ने उनका स्वागत किया और पूरे रास्ते उन पर फूल बरसाए।अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करने से पहले प्रधानमंत्री अयोध्या शहर में लता मंगेशकर चौक गये। यहां वीणा की एक विशाल प्रतिमा है और राम की पैड़ी के बिल्कुल निकट यह मुख्य चौराहा है।केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
- अयोध्या,। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शनिवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई अयोध्या-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस में स्कूली बच्चों और शिक्षकों समेत लगभग 1,200 यात्री सवार थे। इस मौके को यादगार बनाने के लिये उत्तर रेलवे ने इन यात्रियों के लिये निःशुल्क पास जारी किये थे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी । यह ट्रेन उन दो अमृत भारत और छह वंदे भारत ट्रेनों में शामिल है, जिन्हें प्रधानमंत्री ने अपराह्न 12:15 बजे अयोध्या धाम जंक्शन से हरी झंडी दिखा कर रवाना किया । इनमें से अधिकतर को प्रधानमंत्री ने डिजिटल माध्यम से हरी झंडी दिखायी। इससे पहले दिन में, मोदी ने अयोध्या के पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया था, जिसपर कुल 241 करोड़ रुपये की लागत आई है। अयोध्या-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन में सवार अधिकतर छात्रों ने कहा कि वह यहां गोरखपुर से आये हैं, ताकि इस ट्रेन के उद्घाटन का गवाह बन सकें । एक उत्साही छात्र ने कहा, ‘‘हम आज सुबह तीन बजे जग गया, और गोरखपुर से पांच बजे एक ट्रेन में सवार होकर अयोध्या पहुंचा और अब हम सब वापस गोरखपुर की यात्रा कर रहे हैं ।'' एक अन्य छात्र ने कहा, ‘‘यह एक नई ट्रेन है, इसलिए सब कुछ साफ-सुथरा है, और मैंने शौचालय में एक मोबाइल-होल्डर और पैर से संचालित होने वाला पानी का नल देखा।'' छात्र ने कहा कि जिस ट्रेन से वे सुबह अयोध्या आए थे, उसकी तुलना में इसमें झटके कम लगे हैं ।ट्रेन में स्कूली बच्चों के अलावा रेलवे कर्मचारी, पत्रकार और सुरक्षाकर्मी भी सवार थे.दूसरा अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन मालदा शहर और सर एम विश्वेश्वरैया टर्मिनस (बेंगलुरु) के बीच चलेगी । जिन वंदे भारत ट्रेन को प्रधानमंत्री ने हरी झंडी दिखायी उनमें श्री माता वैष्णो देवी कटरा -नयी दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृतसर- दिल्ली, कोयंबटूर- बेंगलुरु छावनी, जालना-मुंबई, अयोध्या- आनंद विहार तथा मंगलुरु-मडगांव के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शामिल है। इस बीच, मडगांव से प्राप्त खबरों में कहा गया है कि वंदे भारत एक्सप्रेस जब शनिवार को मंगलुरु से मडगांव स्टेशन पहुंची, तो स्थानीय लोगों ने उसका भव्य स्वागत किया । आठ डिब्बों वाली यह ट्रेन साढ़े चार घंटे की यात्रा पूरी कर शाम करीब 4:15 बजे अपने गंतव्य तक पहुंची। रेलवे सूत्रों ने बताया कि यात्रियों के पहले जत्थे में स्कूली बच्चे भी शामिल थे।राज्यसभा सदस्य सदानंद शेट तनावडे ने इस अवसर पर कहा कि मंगलुरु और मडगांव स्टेशनों के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरूआत से कर्नाटक और गोवा के बीच रेल संपर्क के क्षेत्र में एक नये अध्याय की शुरूआत है। इंडियन रेलवे ने कहा है कि अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन 130 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार से चल सकती है । अयोध्या-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन आधिकारिक रूप से एक जनवरी से सप्ताह में दो बार चलेगी। इस ट्रेन में शयनयान और द्वितीय श्रेणी के कोच हैं। यह ट्रेन सोमवार और बृहस्पतिवार को चलेगी।
- सबरीमला। केरल के सबरीमला में स्थित भगवान अयप्पा मंदिर को मकरविलक्कू तीर्थयात्रा के लिए शनिवार की शाम को खोला गया। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। मंदिर के मुख्य पुजारी पी एन महेश नंबूदरी ने तंत्री (प्रधान पुजारी) कंडारारू महेश मोहनारारू की उपस्थिति में पहाड़ी मंदिर के गर्भगृह को खोला। मंदिर में 41 दिवसीय मंडला पूजा सत्र के बाद 27 दिसंबर की देर रात कपाट बंद कर दिए गए थे।मंदिर का प्रबंधन करने वाली शीर्ष संस्था त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) ने कहा कि 15 जनवरी को मकरविलक्कु उत्सव से पहले 13 और 14 जनवरी को क्रमश: ‘प्रसाद शुद्ध क्रिया' और ‘बिंबा शुद्ध क्रिया' समेत विभिन्न अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। मकरविलक्कू के दिन श्रद्धालु सन्निधानम (मंदिर परिसर) में ‘तिरूवभरणम' (पवित्र आभूषण) का स्वागत और भगवान अयप्पा की मूर्ति को सजाते हुए ‘दीपआराधना' देखने का मौका मिलेगा । मकरविलक्कू दर्शन के बाद, तीर्थयात्रियों के लिए मंदिर 20 जनवरी तक खुला रहेगा।इस बीच, मकरविलक्कू उत्सव के दौरान तीर्थयात्रियों के लिए सुरक्षा और उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस के पांचवें जत्थे ने सन्निधानम में मोर्चा संभाल लिया है। पुलिसकर्मियों के इस बैच में वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं, जिनमें पलक्कड़ जिला पुलिस अधीक्षक आर आनंद, विशेष अधिकारी के रूप में और पुलिस उपाधीक्षक डीवाईएसपी श्रीकांत सहायक विशेष अधिकारी के रूप में तैनात हैं।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल रविवार को आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में देशवासियों के साथ अपने विचार साझा करेंगे। यह इस कार्यक्रम की 108वीं कड़ी होगी और इसका प्रसारण आकाशवाणी तथा दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क पर सुबह 11 बजे से किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री कार्यालय, सूचना और प्रसारण मंत्रालय तथा डीडी-न्यूज के यूट्यूब चैनलों पर भी उपलब्ध होगा।
- नोएडा (उप्र)। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक शहर गौतमबुद्ध नगर के लोगों ने नौ माह के अंदर जमकर जाम छलकाया। आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, एक अप्रैल से 29 दिसंबर तक यहां के लोग 1,308.59 करोड़ रुपये की शराब गटक गए जबकि पिछले साल इतने दिनों में यह आंकड़ा 1,125.12 करोड़ रुपये का था।इस साल शराब की बिक्री में करीब 16.30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।आबकारी विभाग के अधिकारियों का अनुमान है कि नव वर्ष के मौके पर भी यहां पर शराब की बिक्री जबरदस्त होगी। अधिकारियों के अनुसार, नव वर्ष के अवसर पर करीब 12 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री होने की संभावना है। पिछली बार नव वर्ष के स्वागत में यहां के लोगों ने नौ करोड़ रुपये से ज्यादा की शराब पी थी।जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में शराब की 439 दुकान हैं जिनमें देसी मदिरा, अंग्रेजी मदिरा और बीयर की दुकान शामिल है। उन्होंने बताया कि आबकारी विभाग शराब की तस्करी रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इस वर्ष सैकड़ों शराब तस्करों को गिरफ्तार कर करोड़ों रुपये की तस्करी की हजारों लीटर शराब बरामद की गई है।
-
जयपुर. राजस्थान पुलिस ने प्रदेश में सक्रिय अपराधियों तथा असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के लिए बुधवार से चलाये गये तीन दिवसीय विशेष अभियान के तहत शुरुआती दो दिन में कुल 6,568 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने बताया कि अभियान के दूसरे दिन 8,900 पुलिसकर्मियों की 2,353 टीम ने अपराधियों के 7,912 ठिकानों पर दबिश देकर समग्र रूप से 3,696 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मिश्रा ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध दिनेश एमएन की निगरानी में प्रदेश में यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि सभी रेंज के आईजी ने समस्त कार्रवाई की निगरानी की एवं स्थानीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में क्षेत्र में जाकर पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने दो दिनों में कुल 6,568 बदमाशों को गिरफ्तार कर कुल 79 मुकदमे दर्ज किए हैं। बृहस्पतिवार की कार्रवाई में 50 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध) दिनेश एमएन ने बताया कि दूसरे दिन अजमेर रेंज में समग्र रूप से 466, कोटा रेंज में 540, सीकर रेंज में 142, जोधपुर रेंज में 97, बीकानेर रेंज में 302, जयपुर रेंज में 387, पाली रेंज मे 222, भरतपुर रेंज में 303, बांसवाड़ा रेंज में 229, उदयपुर रेंज में 748, जयपुर आयुक्तालय में 212 और जोधपुर आयुक्तालय में समग्र रूप से 48 आपराधिक तत्वों की गिरफ्तारी की गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तर की इस कार्रवाई में सक्रिय आपराधिक गिरोह के सदस्य तथा सोशल मीडिया पर उनके समर्थकों के विरुद्ध कार्रवाई में 94 को गिरफ्तार किया गया व 400 हिस्ट्रीशीटर/कुख्यात और इनामी अपराधी, पांच साल में सशस्त्र अधिनियम /एनडीपीएस अधिनियम की घटनाओं में संलिप्त 637 अपराधी, पांच साल में गोलीबारी की घटनाओं में दर्ज प्रकरणों में वांछित 21 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त, भू-माफिया, शराब माफिया और संपत्ति अपराध से संबंधित मामलों में 93 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि निवारक कार्रवाई के तहत 1,289 लोगों को हिरासत में लिया गया।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को अयोध्या का दौरा करेंगे और इस दौरान वहां के पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे, दो नई अमृत भारत व छह नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे और नवनिर्मित अयोध्या हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बृहस्पतिवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हवाई अड्डे का नाम महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अयोध्याधाम रखा जाएगा। महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना की थी। उनके बहुत सारे अनुयायी हैं जिनमें विशेष रूप से दलित समुदाय के हैं। पीएमओ ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 30 दिसम्बर को उत्तर प्रदेश के अयोध्या का दौरा करेंगे वह पूर्वाह्न करीब 11.15 बजे पुनर्विकसित अयोध्या रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे, नई अमृत भारत ट्रेनों और वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। वह कई अन्य रेल परियोजनाओं को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। दोपहर करीब सवा बारह बजे प्रधानमंत्री नवनिर्मित अयोध्या हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे।'' इसके बाद प्रधानमंत्री एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे जहां वह राज्य में 15,700 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें अयोध्या और उसके आसपास के क्षेत्रों के विकास के लिए लगभग 11,100 करोड़ रुपये की परियोजनाएं और पूरे उत्तर प्रदेश में अन्य परियोजनाओं से संबंधित लगभग 4600 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं। पीएमओ ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण है कि अयोध्या में आधुनिक विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे का विकास हो, संपर्क में सुधार हो और शहर के समृद्ध इतिहास और विरासत के अनुरूप यहां नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हो।'' इसी को ध्यान में रखते हुए शहर में एक नया हवाई अड्डा, पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन, नई सड़कें और अन्य नागरिक बुनियादी ढांचे का उद्घाटन किया जा रहा है। पीएमओ ने कहा कि इसके अलावा कई नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी जो अयोध्या और उसके आसपास नागरिक सुविधाओं के सौंदर्यीकरण और सुधार में योगदान देंगी। बयान में बताया गया कि अयोध्या के अत्याधुनिक हवाई अड्डे का पहला चरण 1,450 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है। हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल 6500 वर्गमीटर होगा, जो सालाना लगभग 10 लाख यात्रियों की सेवा करने के लिए तैयार रहेगा। टर्मिनल भवन का अग्रभाग अयोध्या के आगामी श्रीराम मंदिर की मंदिर वास्तुकला को दर्शाता है। टर्मिनल भवन के अंदरूनी हिस्सों को भगवान श्रीराम के जीवन को दर्शाते हुए स्थानीय कला, चित्रों और भित्ति चित्रों से सजाया गया है। अयोध्या हवाई अड्डे का टर्मिनल भवन विभिन्न सुविधाओं से लैस है जिनमें इंसुलेटेड रूफिंग सिस्टम, एलईडी लाइटिंग, वर्षा जल संचयन, फव्वारे के साथ भूनिर्माण, जल उपचार संयंत्र, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, सौर ऊर्जा संयंत्र शामिल हैं। पीएमओ ने कहा कि हवाई अड्डे से क्षेत्र में संपर्क में सुधार होगा, जिससे पर्यटन, व्यावसायिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। पुनर्विकसित अयोध्या रेलवे स्टेशन का पहला चरण 240 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है। अयोध्या धाम जंक्शन रेलवे स्टेशन के रूप में जाना जाने वाला तीन मंजिला आधुनिक रेलवे स्टेशन लिफ्ट, एस्केलेटर, फूड प्लाजा, पूजा की जरूरतों के लिए दुकानें, क्लॉक रूम, चाइल्ड केयर रूम, वेटिंग हॉल जैसी सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस है। बयान के अनुसार स्टेशन भवन 'सभी के लिए सुलभ' और 'आईजीबीसी प्रमाणित ग्रीन स्टेशन भवन' होगा।प्रधानमंत्री देश में सुपरफास्ट यात्री ट्रेनों की नई श्रेणी ‘अमृत भारत एक्सप्रेस' को हरी झंडी दिखाएंगे। अमृत भारत ट्रेन एक एलएचबी पुश पुल ट्रेन है जिसमें गैर वातानुकूलित कोच हैं। इस ट्रेन में बेहतर त्वरण के लिए दोनों छोर पर लोको हैं। यह रेल यात्रियों के लिए सुंदर और आकर्षक डिजाइन वाली सीटें, बेहतर सामान रैक, उपयुक्त मोबाइल धारक के साथ मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, एलईडी लाइट, सीसीटीवी, सार्वजनिक सूचना प्रणाली जैसी बेहतर सुविधाएं प्रदान करता है। प्रधानमंत्री दो नई अमृत भारत ट्रेनों दरभंगा-अयोध्या-आनंद विहार टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस और मालदा टाउन-सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनस (बेंगलुरु) अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री छह नई वंदे भारत ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें श्री माता वैष्णो देवी कटरा-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृतसर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस, कोयम्बटूर-बैंगलोर कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस, मैंगलोर-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस, जालना-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस और अयोध्या-आनंद विहार टर्मिनल वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। प्रधानमंत्री क्षेत्र में रेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 2300 करोड़ रुपये की तीन रेल परियोजनाओं को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन परियोजनाओं में रूमा चकेरी-चंदेरी तीसरी लाइन परियोजना शामिल है। श्रीराम मंदिर तक पहुंच बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री अयोध्या में चार नवविकसित, चौड़ी और सौंदर्यीकृत सड़कों का उद्घाटन करेंगे। इनके नाम क्रमश: रामपथ, भक्तिपथ, धर्मपथ और श्रीराम जन्मभूमि पथ हैं। प्रधानमंत्री कई परियोजनाओं का उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करेंगे जो नागरिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी और अयोध्या और उसके आसपास के सार्वजनिक स्थानों का सौंदर्यीकरण करेंगी। इस दौरान प्रधानमंत्री अयोध्या के लिए कुछ नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे और उत्तर प्रदेश में अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। - नयी दिल्ली । अयोध्या का नया रेलवे स्टेशन मंदिरों की नागर शैली के ‘शिखर’ की तर्ज पर गुंबद और भगवान राम के प्रतीक चिह्न धनुष-बाण से सुसज्जित है जिसका उद्घाटन शनिवार को किया जाना है।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या शहर की अपनी यात्रा के दौरान पुनर्विकसित अयोध्या जंक्शन स्टेशन का उद्घाटन करेंगे।स्थानीय सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि अयोध्या रेलवे जंक्शन का नाम बदलकर अयोध्या धाम जंक्शन कर दिया गया है।नया भवन पुराने स्टेशन भवन के बगल में स्थित है। अयोध्या जिले में दो मुख्य रेलवे स्टेशन... अयोध्या शहर में स्थित अयोध्या जंक्शन और फैजाबाद शहर में अयोध्या कैंट (जो पहले फैजाबाद जंक्शन) हैं।करीब दो साल पहले शुरू हुआ काम रेल मंत्रालय के तहत केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम राइट्स (रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनॉमिक सर्विस) लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। राइट्स के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पुनर्विकास कार्य में कई आधुनिक सुविधाओं को शामिल किया गया है, जिसमें एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं शामिल हैं., लेकिन इसका आर्किटेक्चर पारंपरिक डिजाइन पर आधारित है।इमारत के अग्रभाग में एक ठोस स्तंभ है, जिमें बलुआ पत्थर की परत है और इसके किनारे के छोर पर ऊंचे गोल खंभे हैं। इनमें पारंपरिक लुक देने के लिए बुलआ पत्थर की परत है। स्टेशन के शीर्ष पर एक संरचना है जिसका डिजाइन शाही मुकुट जैसा है, जबकि इसके ठीक नीचे एक दीवार पर धनुष का चित्रण किया गया है। यह भगवान राम के साथ अयोध्या के जुड़ाव को दर्शाता है। तीन मंजिलों वाली इमारत में दो शिखर हैं, जो रेलवे ट्रैक के सामने वाली संरचना के प्रत्येक कोने पर है, जबकि इसके अग्रभाग पर दो छत्री शैली की संरचनाएं हैं।स्टेशन में विशाल रेस्टिंग रूम, क्लॉक रूम, शौचालय, लिफ्ट, एक्सेलेटर और नवीनकम साइनेज भी हैं। इसमें एक पर्यटक सूचना काउंटर भी होगा। इसके मुख्य केंद्रीय हॉल के फर्श पर पत्थर की जड़ाई का काम किया गया है और इसकी ऊंची छत के हिस्सों पर पॉलीकार्बोनेट शीट है, जो इसे नीला रंग देती है।अयोध्या स्टेशन की नई इमारत गोल खंबों सहित 144 मीट लंबी और 44 मीटर चौड़ी है। यह 11.7 मीटर ऊंची है और रेन हार्वेस्टिंग सुविधा के साथ एक हरित इमारत है। सूर्यास्त के बाद स्टेशन की पुरानी और नई इमारतें गुलाबी रंग की चमकतार छटा से चमकेंगी।
- अयोध्या। प्राण प्रतिष्ठा व राम मंदिर उद्घाटन से पहले ही अयोध्या नए साल की छुट्टियां मनाने के लिए पर्यटकों का पसंदीदा स्थान बन गया है। उत्तर प्रदेश के धार्मिक पर्यटन स्थलों अयोध्या, वाराणसी और मथुरा में लाखों की भीड़ अभी से उमड़ने लगी हैं और नए साल की पूर्व संध्या पर तो इन शहरों में किसी होटल या गेस्ट हाउस में ठहरने की जगह नहीं बची है। नए साल के स्वागत को अयोध्या में उमड़ने वाली भीड़ के चलते यहां कारोबार बंपर बढ़ा है। दुकानों से लेकर रेस्तरां, सरयू के घाटों और पंडों के पास भारी भीड़ नजर आ रही है।पर्टयकों व श्रद्धालुओं के आने मामले में अयोध्या रिकॉर्ड बना रही है जहां पिछले साल के मुकाबले अब तक तीन गुने से ज्यादा लोगों की आमद हो चुकी है। हालात यह है कि अयोध्या में अभी से लेकर तीन जनवरी तक के लिए होटल, गेस्ट हाउस तो दूर होम स्टे तक में जगह नहीं बची है।विभिन्न मंदिरों व मठों में रुकने के लिए बने कमरे फुल हैं और आगे एक हफ्ते तक जगह मिलनी मुश्किल है। अयोध्या आने वाले पर्यटकों की बड़ी तादाद लखनऊ में रुक रही है जिसके चलते यहां भी कमरों को लेकर मारा-मारी है। इस बार अयोध्या से लेकर वाराणसी तक आने वाले सबसे ज्यादा पर्यटक दक्षिण के राज्यों तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र, तेलंगाना और केरल से हैं। लखनऊ में रुक कर अयोध्या जाने वाले पर्यटकों के लिए गाड़ियों का टोटा हो गया है। टैक्सी के किराये बढ़ गए हैं और मिलना मुश्किल हो रहा है। वाराणसी में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बनने और बीते एक साल में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के साथ कई अन्य सुविधाएं विकसित होने के बाद पर्यटक अब इधर बड़ी तादाद में आ रहे हैं।वैसे तो हर साल दिसंबर के आखिरी हफ्ते से लेकर जनवरी की शुरुआती दिनों में मथुरा और वाराणसी में लोगों की भीड़ जमा होती है पर इस साल अयोध्या ने सबको पीछे कर दिया है। मथुरा और वाराणसी में भी पहले के सालों के मुकाबले पर्यटक बढ़े हैं। क्रिसमस के मौके पर मथुरा-वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शन करने पांच लाख से ज्यादा लोग पहुंचे थे। मथुरा में हर साल के मुकाबले लोग ज्यादा रहे हैं और जनवरी के पहले सप्ताह तक कमरे फुल हो चुके हैं। दक्षिण से आने वाले पर्यटक व श्रद्धालु अयोध्या, प्रयागराज व वाराणसी का सर्किट घूमने के लिए ले रहे हैं और टैक्सी की मांग खासी हो गयी है।
- इंदौर (मध्यप्रदेश)। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर के देवी अहिल्याबाई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अब कागजी वीजा के साथ-साथ ई-वीजा भी स्वीकार किया जाएगा। सरकार ने मध्य भारत के इस व्यस्त हवाई अड्डे पर ई-वीजा स्वीकार किए जाने की यात्रियों की चार साल पुरानी मांग मंजूर कर लिया है।इंदौर के लोकसभा सांसद शंकर लालवानी ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे यह सूचित करते हुए प्रसन्नता है कि देवी अहिल्याबाई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ई-वीजा स्वीकार किए जाने को मंजूरी मिल गई है।’’उन्होंने बताया कि पहले स्थानीय हवाई अड्डे पर ई-वीजा को स्वीकार किये जाने की व्यवस्था नहीं होने से विदेश से आने वाले यात्रियों को हवाई अड्डे से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाती थी।लालवानी ने यह भी बताया कि यहां हवाई अड्डे पर प्रवेश के समय यात्रियों को आने वाले दिनों में ‘‘डिजी यात्रा’’ की सुविधा मिलेगी जिससे उन्हें विमान में सवार होने में कम वक्त लगेगा।‘‘डिजी यात्रा’’ सुविधा चेहरा पहचानने की तकनीक (एफआरटी) के जरिए हवाई अड्डों के अलग-अलग जांच बिंदुओं पर यात्रियों की संपर्करहित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करती है। इंदौर से पहली सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान 15 जुलाई 2019 को दुबई के लिए शुरू हुई थी। तब से यात्रियों द्वारा मांग की जा रही थी कि इंदौर के हवाई अड्डे पर कागजी वीजा के साथ ही ई-वीजा को भी स्वीकार किया जाए।
-
नई दिल्ली। सरकार ने लद्दाख के लिए 29 सड़क परियोजनाएं मंजूर की हैं। एक हजार एक सौ सत्तर करोड़ रुपये से अधिक लागत की इन परियोजनाओं से सड़कों और राजमार्गों का विकास होगा। केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि इसके अलावा लगभग 182 करोड़ रुपये केन्द्रीय सड़क और बुनियादी ढांचा निधि योजना के तहत आठ पुलों के लिए आवंटित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इनसे लद्दाख में दूर-दराज के गांवों के साथ बेहतर सम्पर्क स्थापित होगा।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा आर्थिक गतिविधियां, विशेष रूप से कृषि और पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी, जिससे केन्द्र शासित प्रदेश का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। - -नयी दिल्ली। जनता दल (यूनाइटेड) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की शुक्रवार को हुई बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पार्टी का अध्यक्ष चुन लिया गया। जद(यू) के वरिष्ठ नेता के सी त्यागी ने कहा कि राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया और नीतीश कुमार को अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव रखा।बैठक के बाद विजय कुमार चौधरी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि ललन सिंह ने बैठक में पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए नीतीश कुमार के नाम का प्रस्ताव रखा है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अभी राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी। यदि उसमें इस प्रस्ताव को स्वीकार किया जाता है तो स्वाभाविक रूप से वह (नीतीश कुमार) अध्यक्ष होंगे।ललन सिंह ने इस्तीफा क्यों दिया? इस सवाल पर चौधरी ने कहा कि ललन बाबू ने बैठक में खुद कहा कि पहले भी उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद स्वीकार किया था।ललन को अब चुनाव लड़ना हैअब उन्हें चुनाव लड़ने के लिए लगातार बाहर रहना है। इसलिए उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि वो इस्तीफा स्वीकार करें।इसके बाद इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया। नीतीश और ललन के बीच नाराजगी के सवाल पर चौधरी ने कहा कि ये तो आप नया शब्द ला रहे हैं। इस शब्द का तो कहीं कोई जिक्र ही नहीं है। चौधरी ने भाजपा के साथ फिर जाने के सवाल पर कहा कि इस बात का वर्तमान घटनाक्रम से कोई जुड़ाव नहीं है।
-
नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो अगले पांच वर्ष में महत्वपूर्ण स्थानिक खुफिया जानकारी एकत्र करने के लिए पचास उपग्रह प्रक्षेपित करेगा। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-बॉम्बे द्वारा आयोजित वार्षिक टेक-फेस्ट में इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ ने कहा कि विभिन्न कक्षाओं में उपग्रहों के कई स्तर स्थापित किये जायेंगे, जो हजारों किलोमीटर के दायरे से विभिन्न गतिविधियों का पता लगाने में सक्षम होंगे।
श्री सोमनाथ ने कहा कि भारत को एक मज़बूत राष्ट्र बनाने की परिकल्पना पूरी करने में उपग्रहों का वर्तमान बेड़ा पर्याप्त नहीं है और इसमें दस गुना बढ़ोत्तरी करनी होगी। उन्होंने कहा कि विभिन्न बदलावों का पता लगाने में उपग्रहों की क्षमता में भी सुधार करना महत्वपूर्ण कदम होगा, जिससे आवश्यक जानकारी जुटाई जा सके।















.jpg)


.jpeg)
.jpeg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)



